Category: राज्य

  • परिवार पहचान पत्र की गलत आय जानकारी पर सरकार सख्त, नायब सैनी चलाएंगे सुधार अभियान

    परिवार पहचान पत्र की गलत आय जानकारी पर सरकार सख्त, नायब सैनी चलाएंगे सुधार अभियान

    चंडीगढ़.

    हरियाणा सरकार परिवार पहचान पत्र (फैमिली आइडी) में आय संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर इस अभियान के तहत आय से जुड़ी त्रुटियों और विसंगतियों का सत्यापन ग्राम सभाओं के माध्यम से किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र परिवार केवल आय संबंधी गलती के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

    पीपीपी कोआर्डिनेट डा. सतीश खोला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ग्राम सभाओं की भूमिका को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। ग्राम सभाओं में निर्धारित कोरम पूरा कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्राप्त जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर आय संबंधी शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का पहला चरण दो अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी जिलों में प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हरियाणा के मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों, अतिरिक्त उपायुक्तों और जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

    डा. खोला ने कहा कि फैमिली आइडी में आय का सही और अद्यतन विवरण सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने आय संबंधी शिकायत वाले परिवारों से संबंधित ग्राम सभा में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

  • CM योगी बोले- यूपी बना देश का ग्रोथ इंजन, लखनऊ में विकास परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

    CM योगी बोले- यूपी बना देश का ग्रोथ इंजन, लखनऊ में विकास परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

    लखनऊ 
    यूपी की राजधानी लखनऊ में आज सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ छावनी को 'मॉडल छावनी' के रूप में विकसित करने के लिए 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के भूमिपूजन एवं शिलान्यास किए। इसको लेकर लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों को साकार कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि यूपी में विकास तेजी से हो रहा है और देश में ग्रोथ इंजन यूपी है।

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों के अंदर पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में यूपी ने अपनी एक नई यात्रा- सुरक्षा, सुशासन की तय की है। जब हम प्रदेश की राजधानी लखनऊ को देखते हैं, आज से 20 वर्ष पहले लखनऊ रेलवे स्टेशन पर एक बोर्ड पर लिखा होता था मुस्कुराईए आप लखनऊ में हैं। तब लखनऊ के जाम, लखनऊ की संकरी गलियां और लखनऊ के अंदर गंदगी को देखकर लोगों को मुस्कुराने की बजाय रोने के लिए मजबूर होना पड़ता था। आज मैं कह सकता हूं लखनऊ ने अपनी पुरानी विरासत के साथ ही आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी एक पहचान को बनाया है। वे गलियां है लेकिन साथ में स्मार्ट रोड, सीएम ग्रिड की रोड भी लखनऊ के अंदर मौजूद हैं। लखनऊ की संकरी गलियां भी हैं तो किसान पथ जैसा लखनऊ का एक आउटर रिंग रोड भी है।

    सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ के अंदर उदादेवी पासी और महाराजा बिजली पासी की स्मारक की धरोहर है तो दूसरी ओर भारत की रक्षा और आत्मनिर्भरता के दृश्य से बरह्मोस मिसाइलों का भी केंद्र लखनऊ बना है। छावनी परिषद में वेस्ट मैनेजमेंट की एआई बेस्ड तैयार हो रहा है। सीएम योगी ने कहा कि इस साल के अंत तक गोमती नदी को पूरी तरह से स्वच्छ बनाया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद यूपी में तेजी से विकास हुआ है। लखनऊ स्मार्ट सिटी के रूप में उभरा है और अब यूपी देश का ग्रोथ इंजन है। भाजपा सरकार में तेजी से विकास हो रहा है। लखनऊ आधुनिक मिसाइलों का केंद्र बन चुका है। गोमती नदी को साफ कराएंगे, लखनऊ अब पूरी तरह बदल गया।

    सीएम योगी ने लखनऊ छावनी को आदर्श छावनी परिषद के रूप में विकसित करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में 24 घंटे जुटे सैनिकों और उनके परिवारों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी सरकार की जिम्मेदारी है। छावनी परिषदों में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

  • मेयर से लेकर सत्ता पक्ष BJP तक निशाने पर, कांग्रेस ने चंडीगढ़ में खोला मोर्चा

    मेयर से लेकर सत्ता पक्ष BJP तक निशाने पर, कांग्रेस ने चंडीगढ़ में खोला मोर्चा

    चंडीगढ़.

    बिना चर्चा 227 करोड़ के एजेंडे पास होने, सीवर पाइप लाइन बिछाने में बगैर काम भुगतान समेत कई आरोपों को लेकर कांग्रेस ने सत्ता पक्ष भाजपा, मेयर और अफसरों के खिलाफ मोर्चा खोला है। चंडीगढ़ नगर निगम में घोटाले, करप्शन और कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं।

    कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर रविवार को सेक्टर-27/C की मार्केट में प्रदर्शन किया। उनके हाथों में पोस्टर थे, जिनके जरिय खरीद-फरोख्त से मेयर बनने के आरोप लगाए गए। वहीं, यह भी लिखा था कि चंदा चोर, घोटाले करने वाले और नगर निगम को लूटने वाले भाजपा के दफ्तर कमलम् में मिलेंगे। उन्हाेंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर स्ट्रीट वेंडर्स को शिफ्ट करने की कार्यवाही में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अतिक्रमण हटाने में भी मनमानी की जा रही है। रसूखदारों पर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति या दिखावा किया जा रहा है।

  • बिहार के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मंत्री श्रवण कुमार

    बिहार के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मंत्री श्रवण कुमार

    खिलाड़ियों को हर उचित अवसर उपलब्ध करा रही बिहार सरकार : मंत्रीश्रवण कुमार

    – ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने श्रेष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया सम्मानित  

    पटना
    बिहार सरकार हर खेल के खिलाड़ियों को हर तरह से उचित अवसर उपलब्ध करा रही है। इसी का नतीजा है कि आज हर खेल विद्याओं में खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। वेट लिफ्टिंग जैसे खेलों में भी बिहार के खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। ये बातें ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कही। वे सोमवार को नालंदा जिला के बिहारशरीफ में नाला रोड में मौजूद एक सामुदायिक भवन में आयोजित वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर रहे थे।
           इस प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप का आयोजन बिहारशरीफ जैसे शहर में होना बड़ी बात है। राजधानी से इतर तरह के आयोजनों से ग्रामीण इलाकों के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने में काफी मदद मिलती है। इस मौके पर माननीय मंत्री बतौर मुख्य अतिथि पुरस्कार भी वितरण किया। इस मौके पर स्थानीय सांसद कौशलेंद्र कुमार भी मौजूद थे। इस चैंपियनशिप का आयोजन कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट भूपेन्द्र प्रताप सिंह की देख-रेख में विश्वजित सिंह और धनंज्य कुमार ने किया। इसमें 100 पुरुष एवं 10 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जदयू के वरिष्ट नेता उपेन्द्र सिंह, अमित कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय शंकर प्रसाद एवं योग गुरु रामजी यादव समेत अन्य उपस्थित थे।
         इस चैंपियनशिप में पुरुष एवं महिला विजेता इस प्रकार रहे। पुरुष वर्ग के विजेता आदित्य कुमार रहे। ये 59 किलो वजन वर्ग में शामिल हुए और इन्होंने 200 किलो वजन उठाकर जीत हासिल की। ये नालंदा में नूरसराय के निवासी हैं। इसके अलावा 83 किलो वजन श्रेणी में रौशन कुमार ने जीत दर्ज की। इन्होंने 137.5 किलो वजन उठाया। ये बिहारशरीफ के रहने वाले हैं। वहीं, महिला वर्ग श्रेणी की दोनों वर्गों में नूरसराय के गोडीहा ग्राम निवासी दिव्यानी सिंह ने जीत हासिल की। मंत्री महोदय ने सभी विजेताओं को ट्रॉफी, सर्टिफिकेट और 5-5 हजार रुपये कैश देकर सम्मानित किया।

  • नीतीश के सिपहसालार, सम्राट सरकार में भी मजबूत पकड़! सत्ता परिवर्तन के बाद भी बरकरार श्रवण कुमार का कद

    नीतीश के सिपहसालार, सम्राट सरकार में भी मजबूत पकड़! सत्ता परिवर्तन के बाद भी बरकरार श्रवण कुमार का कद

    सत्ता बदली, समीकरण बदले… नहीं बदला श्रवण कुमार का कद!

    नीतीश के भरोसेमंद सिपहसालार से सम्राट कैबिनेट तक… बिहार के ग्रामीण विकास और सूचना प्रसारण मंत्री श्रवण कुमार 

    तीन दशक से नालंदा की सियासत पर पकड़, 1995 से लगातार विधानसभा में मौजूदगी; शांत स्वभाव, संगठन में मजबूत पकड़ और नीतीश कुमार के करीबी नेताओं में शुमार

    पटना
     बिहार की राजनीति में कुछ चेहरे ऐसे हैं, जो सत्ता के बदलते समीकरणों के बीच भी अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखते हैं। जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार उन्हीं नेताओं में शामिल हैं। पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में श्रवण कुमार ने एक बार फिर मंत्री पद की शपथ लेकर यह साबित किया कि बिहार की सियासत में उनका कद और संगठन में उनकी उपयोगिता आज भी बरकरार है।

    68 वर्षीय श्रवण कुमार की पहचान सिर्फ एक मंत्री या विधायक के तौर पर नहीं, बल्कि जेडीयू के उन वरिष्ठ नेताओं में होती है, जिन्होंने पार्टी के शुरुआती दौर से लेकर मौजूदा राजनीतिक दौर तक नेतृत्व के साथ कदम से कदम मिलाकर सफर तय किया है। खास बात यह है कि वह 1995 से लगातार नालंदा विधानसभा सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं। तीन दशक से अधिक लंबे इस राजनीतिक सफर ने उन्हें बिहार की राजनीति के अनुभवी चेहरों की कतार में खड़ा कर दिया है।

    नीतीश कुमार के भरोसेमंद नेताओं में शामिल

    श्रवण कुमार को पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेहद करीबी और भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है। नालंदा से आने वाले श्रवण कुमार का राजनीतिक रिश्ता सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है। पार्टी संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

    हाल ही में नीतीश कुमार ने उन्हें जेडीयू विधायक दल का नेता भी बनाया। यह जिम्मेदारी इस बात का संकेत मानी गई कि पार्टी के भीतर उनके अनुभव, संतुलित कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा कायम है।

    श्रवण कुमार की खासियत यह भी मानी जाती है कि वे तेज-तर्रार बयानबाजी के बजाय शांत और संयमित राजनीतिक शैली के लिए जाने जाते हैं। लंबे राजनीतिक जीवन के बावजूद उनका नाम बड़े विवादों से दूर रहा है। यही वजह है कि पार्टी के भीतर उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखा जाता है, जो कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी संतुलन बनाए रखने में सक्षम हैं।

    जेपी आंदोलन से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

    श्रवण कुमार का राजनीति से जुड़ाव छात्र जीवन से ही हो गया था। वह जेपी आंदोलन से प्रभावित होकर सक्रिय राजनीति में आए। इसके बाद 1994 में जब नीतीश कुमार और उनके साथियों ने समता पार्टी का गठन किया, तब से श्रवण कुमार उनके साथ खड़े रहे।

    1995 का विधानसभा चुनाव उनके राजनीतिक जीवन का निर्णायक पड़ाव बना। उन्होंने समता पार्टी के टिकट पर नालंदा से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उस चुनाव में समता पार्टी के केवल सात उम्मीदवार विधानसभा पहुंच सके थे और श्रवण कुमार उनमें से एक थे।

    इसके बाद नालंदा उनकी राजनीतिक कर्मभूमि बन गया।

    1995 से लगातार जीत का सिलसिला

    1995 के बाद 2000 में भी श्रवण कुमार ने समता पार्टी के टिकट पर नालंदा से जीत दर्ज की। बाद में समता पार्टी का जनता दल यूनाइटेड में विलय हुआ और श्रवण कुमार जेडीयू के साथ लगातार आगे बढ़ते रहे।

    इसके बाद हुए विधानसभा चुनावों में उन्होंने नालंदा सीट पर अपनी पकड़ कायम रखी। 1995 से लगातार विधानसभा पहुंचना उनके राजनीतिक प्रभाव और क्षेत्र में संगठनात्मक पकड़ का बड़ा प्रमाण माना जाता है।

    बिहार की राजनीति में जहां कई बड़े नेताओं के राजनीतिक गढ़ समय के साथ कमजोर हुए, वहीं श्रवण कुमार ने नालंदा में अपनी पकड़ बरकरार रखी।

    सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां

    श्रवण कुमार के राजनीतिक अनुभव का एक बड़ा हिस्सा सरकार में अलग-अलग महत्वपूर्ण विभागों को संभालने से भी जुड़ा रहा है।

    नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में वह ग्रामीण विकास मंत्री, परिवहन मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह बिहार विधानसभा में जेडीयू के मुख्य सचेतक की भूमिका भी निभा चुके हैं।

    विभिन्न विभागों में काम करने का यह लंबा अनुभव उन्हें सिर्फ राजनीतिक तौर पर ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी अनुभवी बनाता है।

    अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में उनकी वापसी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि उन्हें कौन सा विभाग सौंपा जाएगा? उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि सरकार में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है।

    नालंदा से निकलकर बिहार की राजनीति में बड़ा चेहरा

    श्रवण कुमार की राजनीति को समझने के लिए नालंदा को समझना भी जरूरी है। यह वही क्षेत्र है जिसे लंबे समय से नीतीश कुमार की राजनीतिक जमीन माना जाता रहा है। ऐसे में नालंदा से लगातार चुनाव जीतते हुए श्रवण कुमार का पार्टी में मजबूत होना उनके राजनीतिक कौशल और संगठनात्मक पकड़ को दर्शाता है।

    उन्होंने स्थानीय राजनीति से लेकर सरकार और विधानसभा तक कई स्तरों पर काम किया है। यही वजह है कि जेडीयू के भीतर उनकी भूमिका सिर्फ एक विधायक तक सीमित नहीं रही।

    वह पार्टी के उन नेताओं में हैं, जिनके पास जमीनी राजनीति, संगठन और सरकार—तीनों का लंबा अनुभव है।

    शांत चेहरा, लेकिन संगठन में मजबूत पकड़

    बिहार की राजनीति अक्सर तीखे बयानों, राजनीतिक हमलों और बदलते गठबंधनों के लिए जानी जाती है। इसके बीच श्रवण कुमार की पहचान अपेक्षाकृत शांत और संयमित नेता की रही है।

    वह सार्वजनिक मंचों पर अपनी बात रखते समय शब्दों का चयन सावधानी से करने के लिए जाने जाते हैं। यही उनकी राजनीतिक शैली की सबसे बड़ी खासियत मानी जाती है।

    तीन दशक से अधिक समय तक सक्रिय राजनीति में बने रहना और लगातार विधानसभा चुनाव जीतना बताता है कि उनकी राजनीतिक ताकत केवल किसी एक सत्ता समीकरण पर निर्भर नहीं रही। संगठन में उनकी स्वीकार्यता और क्षेत्र में उनकी पकड़ ने उन्हें लगातार प्रासंगिक बनाए रखा।

    सम्राट चौधरी कैबिनेट में नई भूमिका

    अब एक बार फिर मंत्री पद की शपथ लेने के साथ श्रवण कुमार के राजनीतिक सफर में एक नया अध्याय जुड़ गया है।

    सम्राट चौधरी सरकार में उनकी मौजूदगी को जेडीयू और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी के पुराने दौर से लेकर मौजूदा सत्ता समीकरण तक का अनुभव रखने वाले श्रवण कुमार के पास सरकार और संगठन दोनों की कार्यप्रणाली की गहरी समझ है।

    उनके समर्थकों में मंत्री बनने को लेकर खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि लंबे अनुभव और साफ-सुथरी छवि वाले श्रवण कुमार को सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से पार्टी और सरकार दोनों को लाभ होगा।

    तीन दशक की सियासत, लगातार जीत और नेतृत्व का भरोसा

    श्रवण कुमार की कहानी बिहार की उस राजनीति की कहानी भी है, जहां लंबे समय तक संगठन के साथ बने रहना, क्षेत्र में पकड़ कायम रखना और बदलते राजनीतिक दौर में अपनी उपयोगिता साबित करना आसान नहीं होता।

    1995 में समता पार्टी के टिकट पर पहली बार विधानसभा पहुंचने वाले श्रवण कुमार आज तीन दशक से अधिक समय बाद भी सत्ता और संगठन के केंद्र में हैं।

    नालंदा से लगातार चुनावी जीत, नीतीश कुमार का भरोसा, सरकार में अहम विभागों का अनुभव और जेडीयू संगठन में मजबूत पकड़—इन तमाम वजहों से श्रवण कुमार आज बिहार की राजनीति के उन अनुभवी चेहरों में शामिल हैं, जिनकी भूमिका सिर्फ एक मंत्री तक सीमित नहीं मानी जाती।

    अब सम्राट चौधरी सरकार में उनकी नई जिम्मेदारी क्या होगी और आने वाले दिनों में बिहार की सत्ता की राजनीति में उनका प्रभाव किस रूप में दिखाई देगा—इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

  • जनता को मुख्यमंत्री का आश्वासन, बोले- परेशान होने की जरूरत नहीं, हर समस्या सुलझेगी

    जनता को मुख्यमंत्री का आश्वासन, बोले- परेशान होने की जरूरत नहीं, हर समस्या सुलझेगी

    परेशान मत हों, हर समस्या का कराएंगे प्रभावी समाधान : मुख्यमंत्री

    गोरखपुर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं

    अधिकारियों से बोले सीएम योगी, शीघ्रता और पारदर्शिता से हो जनता की शिकायतों का निस्तारण

    गोरखपुर
    गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनसेवा के नियमित अनुष्ठान ‘जनता दर्शन’ का क्रम जारी रखा। रविवार को भी उन्होंने करीब दो सौ लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आत्मीय भरोसा दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि परेशान मत हों, हर शिकायत का प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का समाधान शीघ्रता और पारदर्शिता से किया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

    रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, हर व्यक्ति को न्याय दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी सहायता की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। 

    जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दिया। 

    भोलू को दुलारकर बोले सीएम, कैसा हमेशा गुस्से में रहता है
    गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान रविवार सुबह जनता दर्शन लगाकर जनसेवा करने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पारंपरिक दिनचर्या के अनुसार मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा भी की। मंदिर की गोशाला में रूठे से नजर आ रहे भोलू नाम के एक नंदी को सीएम योगी ने स्नेहिल भाव से खास तौर पर दुलारा। उन्होंने हाथ मे गुड़-रोटी लेकर भोलू को पुकारा और बोले, कैसा हमेशा गुस्से में रहता है। गोसेवा के दौरान मुख्यमंत्री ने भोलू सहित अन्य गोवंश और गायों को रोटी-गुड़ खिलाया।

  • ‘आदर्श’ बनकर विकास व जन-सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र होगी लखनऊ की छावनी परिषदः सीएम योगी

    ‘आदर्श’ बनकर विकास व जन-सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र होगी लखनऊ की छावनी परिषदः सीएम योगी

    इस वर्ष के अंत तक स्वच्छ हो जाएगी गोमती नदी: मुख्यमंत्री 

    रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री ने लखनऊ छावनी को मॉडल छावनी के रूप में विकसित करने के लिए 101 करोड़ की 12 विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास व भूमि पूजन

    उत्तर प्रदेश ने 9 वर्ष में तय की सुरक्षा, सुशासन की नई यात्राः मुख्यमंत्री

    सीएम ने सुनाई लखनऊ के बदलाव की कहानी, कहा- सांसद राजनाथ सिंह के नेतृत्व में साकार हुए अटल जी के सपने 

    ‘आदर्श’ बनकर विकास व जन-सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र होगी लखनऊ की छावनी परिषदः सीएम योगी 

    लखनऊ
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम इस वर्ष के अंत तक गोमती नदी को स्वच्छ बनाने में सफल होंगे। सेना की मध्य कमान ने गोमती नदी की अविरलता व स्वच्छता के लिए प्रदेश सरकार को पूरा सहयोग दिया है, जिससे यह कार्यक्रम युद्ध स्तर पर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री व रक्षा मंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने 9 वर्ष में सुरक्षा, सुशासन की नई यात्रा तय की है। 20 वर्ष पहले राजधानी में रेलवे स्टेशन पर एक बोर्ड लिखा होता था कि ‘मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं’, लेकिन ट्रैफिक जाम, संकरी गलियों व गंदगी को देखकर मुस्कुराने के बजाय लोग रोने को मजबूर होते थे। किंतु अब लखनऊ ने पुरानी विरासत के साथ आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान बनाई है।

    मुख्यमंत्री ने रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ 101 करोड़ की 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व भूमि पूजन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य लखनऊ छावनी को मॉडल छावनी के रूप में विकसित करना है। एआई बेस्ड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के अलावा यहां स्कूल में अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था भी प्रारंभ होने जा रही है। सीएम ने विश्वास जताया कि लखनऊ की छावनी परिषद ‘आदर्श’ बनकर विकास व जन-सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। ‘ईज ऑफ लिविंग’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में अग्रसर होगी। सीएम ने कहा कि यह छावनी परिषद अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी, जिससे सैन्यकर्मियों, पूर्व सैन्यकर्मियों व सिविलियन को यहां हर महत्वपूर्ण सेवा मिलेगी। बदलते हुए परिवेश में लखनऊ में इन सुविधाओं की आवश्यकता थी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी व रक्षा मंत्रालय की तरफ से ये प्राप्त हो रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने सुनाई लखनऊ के बदलाव की कहानी 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह जी के नेतृत्व में अटल जी के सपनों को साकार किया गया है। लखनऊ में संकरी गलियां हैं तो सीएम ग्रिड की स्मार्ट रोड भी है। किसान पथ जैसा आउटर रिंग रोड भी है। यहां ऊदा देवी पासी व महाराजा बिजली पासी के स्मारकों की धरोहर है तो दूसरी ओर लखनऊ भारत की रक्षा आवश्यकता व आत्मनिर्भरता की दृष्टि से ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों का केंद्र भी बना है। यहां हस्तशिल्पियों की चिकनकारी की अद्भुत कला है तो यूनेस्को ने ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ के रूप में मान्यता देकर लखनऊ को नई ऊंचाई तक पहुंचाया है। 

    9 वर्ष में यूपी को नई दिशा देने का प्रयास 
    सीएम ने कहा कि 2017 के पहले जिस प्रदेश के सामने पहचान का संकट, अभाव, अराजकता, अव्यवस्था, उपद्रव था, आज वह प्रदेश इन सबसे उबर चुका है। हमने 9 वर्ष में उत्तर प्रदेश को नई दिशा देने का प्रयास किया है। अब यूपी भारत की अर्थव्यवस्था का ब्रेकथ्रू बनकर ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। भारत की आत्मनिर्भरता के लिए यूपी में छह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर भी स्थापित हो रहे हैं। 

    इन्फ्रास्ट्रक्चर भी बना यूपी की पहचान
    मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए भी जाना जा रहा है। देश में जितने भी एक्सप्रेसवे हैं, इनमें 60 फीसदी यूपी के पास हैं। यहां रेलवे का सबसे बड़ा नेटवर्क, सर्वाधिक मेट्रो भी हैं। सीएम ने भारत सरकार से मेट्रो के द्वितीय चरण की स्वीकृति दिलाने के लिए रक्षा मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह कार्य भी बहुत जल्द आगे बढ़ने जा रहा है। देश की पहली रैपिड रेल, पहला वाटर-वे और सबसे बड़ा एयरकनेक्टिविटी नेटवर्क यूपी के पास है। यहां 17 घरेलू व 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट क्रियाशील हैं। यूपी से देश-दुनिया के सभी क्षेत्रों में एयर कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध है। 

    सैन्य बलों में यूपी की लीडिंग पोजिशन
    सीएम ने कहा कि सैन्य बलों की सेवाओं में यूपी हमेशा लीडिंग पोजिशन में रहा है। देश में सैनिक स्कूलों की परंपरा की शुरुआत डॉ. संपूर्णानंद ने यूपी से की थी। यूपी में बने कई सैनिक स्कूल युवाओं को तैयार कर रहे हैं, जो वर्तमान के साथ ही भविष्य के भारत की सुरक्षा आवश्यकताओं की पूर्ति में योगदान देंगे। हमारी सेना के अधिकारी व जवान 24 घंटे अनवरत भारत की रक्षा करते हैं। पहले उनकी सुविधा के लिए फंड की कमी आड़े आती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है।

    इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, संजय सेठ, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (मध्य कमान) लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, भारतीय रक्षा संपदा सेवा की महानिदेशक शोभा गुप्ता आदि की मौजूदगी रही।

  • 100 दिनों के कामों को जनता तक पहुंचाने पर जोर, मंत्री श्रवण कुमार ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की

    100 दिनों के कामों को जनता तक पहुंचाने पर जोर, मंत्री श्रवण कुमार ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की

    सरकार के 100 दिनों के कार्यों का हो अधिक प्रचार-प्रसार : मंत्री श्रवण कुमार

    आईपीआरडी के माननीय मंत्री श्रवण कुमार ने विभाग के कामकाज की समीक्षा की

    पटना
    ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) के मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने विभाग के कामकाज की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार के 100 दिनों में किए गए कार्यों और शुभारंभ हुई जनहित योजनाओं का अधिकतम प्रचार किया जाए, ताकि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचे। समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि समाचार पत्रों, टीवी, रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार, विभागों तथा जिला स्तर पर हुए सकारात्मक कार्यों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने नकारात्मक खबरों के त्वरित आधिकारिक खंडन पर भी जोर दिया, ताकि गलत जानकारी या अफवाहें न फैले।
          श्री कुमार ने विभाग को मीडिया संबंधी कार्यों को और सुचारू व मजबूत बनाने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया में बढ़ती रुचि को देखते हुए उन्होंने सरकार और आमजन के बीच विश्वास व सकारात्मक रवैया अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यों का फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम आदि प्लेटफॉर्म्स पर उत्तम गुणवत्ता के साथ नियमित प्रचार हो और इसकी नियमित समीक्षा भी की जाए। कार्यालय में कार्य समन्वय और पारदर्शिता के साथ किया जाए। बैठक में विभाग के सचिव श्री नवीन कुमार, निदेशक अनिल कुमार, संयुक्त सचिव राजीव कुमार सिंह सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • नालंदा में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने 119 लाभुकों को दिया योजनाओं का लाभ

    नालंदा में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने 119 लाभुकों को दिया योजनाओं का लाभ

    नालंदा में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने 119 लाभुकों को दिया योजनाओं का लाभ
    – 5 लाख रुपये से अधिक का सौंपा चेक
    पटना

    ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता माननीय श्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड में 119 लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस मौके पर उन्होंने पांच लाख रुपये से अधिक राशि के चेक लाभुकों को सौंपे।

    माननीय मंत्री ने शौचालय निर्माण के लिए जीविका दीदियों को आर्थिक सहयोग दिया। कुल 29 जीविका दीदियों को 10-10 हजार रुपये की सहयोग राशि का चेक प्रदान किया है। मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना के अंतर्गत दो लाभुकों को 20-20 हजार रुपये का चेक सौंपा। इसके अलावा 54 लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा का वितरण किया, जिससे उन्हें भूमि संबंधी अधिकार मिल सकेंगे।
    अग्निकांड से फसल क्षति झेलने वाले किसानों को भी माननीय मंत्री ने सहायता राशि देकर राहत पहुंचाई है। कुल 34 लाभुकों को फसल क्षति के मुआवजे के रूप में 1,90,524 रुपये का चेक माननीय मंत्री ने वितरित किया।

  • गंगा से जुड़ेगा रोजगार का नया सफर, बिहार के 70 वाटर टूरिज्म हब देंगे 10 हजार लोगों को काम

    गंगा से जुड़ेगा रोजगार का नया सफर, बिहार के 70 वाटर टूरिज्म हब देंगे 10 हजार लोगों को काम

    पटना.

    राज्य की झील, तालाब, डैम और नदियां पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेंगी। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने राज्य में वाटर टूरिज्म को बड़े स्तर पर विकसित करने का मास्टरप्लान तैयार किया है।

    इसके तहत बिहार के 276 जल स्रोतों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। पहले चरण में 70 से अधिक जल स्रोतों पर पर्यटकीय सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। इनमें पटना की गंगा नदी के साथ बेगूसराय की कांवर झील, गया की फल्गु नदी, नालंदा के घोड़ाकटोरा, नवादा के ककोलत समेत कई जल स्रोतों को विकसित किया जाएगा।

    नद‍ियों में भी होग बोट‍िंग और वाटर स्‍पोर्ट्स की सुविधाएं –
    गंडक, कोसी, सोन और पुनपुन जैसी नदियों में भी बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स की सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए जल स्रोतों पर फ्लोटिंग जेटी बनाई जाएगी। पर्यटक स्पीड बोट और क्रूज की सवारी कर सकेंगे। वहीं, प्रकृति प्रेमियों के लिए बर्ड वाचिंग और रिवर सफारी जैसे अनुभव भी उपलब्ध होंगे। विभाग की योजना के अनुसार हर महीने करीब 12 लाख पर्यटकों को आकर्षित करने का लक्ष्य है। पीपीपी मोड पर तालाबों और डैम को विकसित किया जाएगा।

    शिकारा से जेट स्की तक, पसंद के हिसाब से चुन सकेंगे बोट
    वाटर टूरिज्म को हर वर्ग के लोगों के लिए आकर्षक बनाने की तैयारी है। यहां स्पीड बोट, जेट स्की, शिकारा, हाउस बोट, पैडल बोट, मोटर बोट, कयाक, कैनो, राफ्ट और रोइंग बोट जैसी करीब 10 तरह की बोट उपलब्ध कराने की योजना है। विभाग के अनुसार, इससे दस हजार से अधिक लोगों को रोजगार भी मिलेगा। बोट चलाने वालों, लाइफगार्ड, टूर गाइड, सुरक्षा कर्मियों से लेकर होटल, रिसार्ट, रेस्तरां और स्थानीय परिवहन से जुड़े लोगों को काम के अवसर मिलेंगे। छोटे दुकानदारों, स्थानीय खान-पान और हस्तशिल्प कारोबार को भी नया बाजार मिलेगा।