Category: राज्य

  • रांची की विशेष अदालतों में हाई-प्रोफाइल मामलों पर हुई सुनवाई, कई याचिकाओं पर आदेश

    रांची की विशेष अदालतों में हाई-प्रोफाइल मामलों पर हुई सुनवाई, कई याचिकाओं पर आदेश

    रांची
    झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीआईडी और एनआईए की विशेष अदालतों में शनिवार को कई हाई-प्रोफाइल मामलों में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। 

    जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी, जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक और पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड से जुड़ी याचिकाओं पर अदालती आदेश सामने आए हैं।

    रोशन केरकेट्टा व अन्य की जमानत पर सुनवाई 2 सितंबर को
    सीआईडी कोर्ट में जेपीएससी (JPSC) परीक्षा गड़बड़ी मामले में धोखाधड़ी कर परीक्षा पास करने के आरोपी रोशन केरकेट्टा, मनोज कुमार और एजेंट उमाकांत उरांव ने एक साथ जमानत याचिका दाखिल की है। 

    एपीपी के अनुरोध पर अदालत ने सुनवाई की अगली तिथि 2 सितंबर निर्धारित की है। तीनों को 5 अगस्त को सीआईडी और लखनऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया था।

    वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी लालू कुमार यादव की अग्रिम जमानत याचिका पर 7 सितंबर को सुनवाई होगी।

    टीडीपीएल कर्मी अभय तिवारी की याचिका पर होगी सुनवाई
    जेएसएससी-सीजीएल (JSSC-CGL) परीक्षा-2024 पेपर लीक मामले में टीडीपीएल के पूर्व अधिकारी अभय कुमार तिवारी की जमानत याचिका पर सीआईडी कोर्ट में 2 सितंबर को सुनवाई होगी। 

    अभय तिवारी 20 अगस्त से न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि उनकी पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी भी जेल में हैं। 18 दिसंबर 2024 को रातू थाना में दर्ज इस केस की जांच 1 जनवरी 2025 से सीआईडी कर रही है।

    पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड: एनआईए कोर्ट ने खारिज की जमानत
    एनआईए (NIA) की विशेष अदालत ने पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड के आरोपित प्रफुल्ल कुमार महतो और बलराम साहू उर्फ डेविड की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। 

    एनआईए के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत ने बहस पूरी होने के बाद फैसला सुनाया। उल्लेखनीय है कि 9 जुलाई 2008 को बुंडू स्थित एसएस हाईस्कूल में कार्यक्रम के दौरान तत्कालीन विधायक रमेश सिंह मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

    एनआईए के अनुसार, प्रफुल्ल पर साजिश में शामिल होने, हथियार उपलब्ध कराने और नक्सलियों को पनाह देने का आरोप है।

     

  • 223 SC छात्रावासों की होगी मरम्मत और सुविधाओं का विस्तार, योगी सरकार ने मंजूर किए 12.45 करोड़

    223 SC छात्रावासों की होगी मरम्मत और सुविधाओं का विस्तार, योगी सरकार ने मंजूर किए 12.45 करोड़

    अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के 223 छात्रावासों का होगा कायाकल्प, योगी सरकार ने मंजूर किए 12.45 करोड़

    रखरखाव व मरम्मत के लिए स्वीकृत की धनराशि, विद्यार्थियों को मिलेगा सुरक्षित और बेहतर आवासीय वातावरण: राज्यमंत्री असीम अरुण
        
    पेयजल, बिजली, शौचालय, रंग-रोगन, सुरक्षा व सफाई आदि सुविधाओं पर होगा फोकस

    गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे होंगे कार्य, पढ़ाई के अनुकूल बनेगा छात्रावासों का माहौल

    लखनऊ, 
     अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के सभी 223 राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों के रखरखाव, मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 12.45 करोड़ रुपये की बजट स्वीकृति प्रदान की गई है। सरकार की इस पहल से छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और अध्ययन के अनुकूल वातावरण मिलने की उम्मीद है।

    क्षमता के अनुसार होगा धनराशि का आवंटन

    छात्रावासों में विद्यार्थियों की क्षमता के आधार पर रखरखाव और मरम्मत के लिए धनराशि जारी की जाएगी। इसके तहत 50 विद्यार्थियों की क्षमता वाले छात्रावासों को प्रति छात्रावास पांच लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छात्रावासों की जरूरत के अनुसार आवश्यक सुधार कार्य कराए जा सकेंगे।

    बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान

    स्वीकृत बजट से छात्रावासों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने, विद्युत उपकरणों की मरम्मत एवं सुधार, शौचालयों की मरम्मत, रंग-रोगन तथा सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े जरूरी कार्य कराए जाएंगे। इन सुविधाओं के मजबूत होने से विद्यार्थियों को बेहतर दैनिक सुविधाएं मिलेंगी और पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा। योगी सरकार की प्राथमिकता अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सम्मानजनक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। छात्रावासों में सुविधाओं का सुधार इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। 

    रखरखाव और मरम्मत के कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर

    समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छात्रावासों में रखरखाव और मरम्मत के सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के केंद्र हैं। बजट स्वीकृति से सभी 223 छात्रावासों की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार होगा।

  • PU Election की जंग डिजिटल हुई, नेता-खिलाड़ी और गायकों के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रचार तेज

    PU Election की जंग डिजिटल हुई, नेता-खिलाड़ी और गायकों के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रचार तेज

    चंडीगढ़.

    पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) छात्रसंघ चुनाव के लिए शनिवार को प्रचार का आखिरी दिन रहा। कैंपस में कई दिनों से चल रहा चुनावी शोर थम गया, लेकिन इंटरनेट मीडिया पर कैंपेनिंग जारी है। अब सोमवार को मतदान होगा।

    मतदान के बाद आने वाले परिणाम ही तय करेंगे कि इस बार पीयू छात्रसंघ की कमान किस संगठन और किस उम्मीदवार के हाथ में जाएगी। क्योंकि यह चुनाव पंजाब विधानसभा चुनाव की जमीन तय करने में अहम माना जाता है। इसलिए पंजाब-हरियाणा के नेताओं समेत इंटरनेशनल खिलाड़ियों और मशहूर गायकों ने भी अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा। हरियाणा से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर पीयू में पहुंचे। मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, गजेंद्र फोगाट और 2012 लंदन ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाले इंटरनेशनल खिलाड़ी योगेश्वर दत्त इंटरनेट मीडिया के जरिये कैंपेनिंग में जुटे हैं।

    मतदान प्रतिशत बढ़ाना संगठनों के लिए बड़ी चुनौती
    इस बार 16,448 छात्र मतदान के लिए पात्र हैं। पिछले वर्ष यह संख्या 16,124 थी। पिछले चुनाव में करीब 59 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाना सभी छात्र संगठनों के लिए बड़ी चुनौती है। रक्षाबंधन के कारण घर गए छात्रों की वापसी और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को होने वाले मतदान के बीच यह देखना अहम होगा कि कितने छात्र समय पर कैंपस पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। इस बार मतदान के अगले दिन छुट्टी भी नहीं है।

    140 सुरक्षाकर्मी और 450 पुलिस जवान संभालेंगे मोर्चा
    चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कैंपस में 140 विश्वविद्यालय सुरक्षा कर्मियों के साथ 450 चंडीगढ़ पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर कैमरों से निगरानी की जाएगी और अतिरिक्त सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। कैंपस में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।

  • 2027 की तैयारी में JDU ने कसी कमर, मेरठ में दिखा पार्टी का शक्ति प्रदर्शन

    2027 की तैयारी में JDU ने कसी कमर, मेरठ में दिखा पार्टी का शक्ति प्रदर्शन

    मेरठ

     जनता दल यूनाइटेड (JDU) उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक विस्तार एवं आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर आज मेरठ जनपद के खंडोली गांव में मेरठ मंडल सम्मेलन एवं स्वागत-अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री, JDU विधायक दल के नेता एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी  श्रवण कुमार जी तथा जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष  अनूप सिंह पटेल जी का पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

    इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा प्रदेश अध्यक्ष  प्रशांत कुमार सिंह जी का भी स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किए गए तथा भगवान राम के साथ बोधि वृक्ष के नीचे ध्यान मुद्रा में विराजमान भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम का संचालन जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश के मेरठ जिला अध्यक्ष चौधरी रियाजुद्दीन एडवोकेट जी ने किया। सम्मेलन में मेरठ मंडल प्रभारी  कुशवाहा जी, प्रदेश सचिव एवं सहारनपुर मंडल प्रभारी  कपिल देव जैन जी, युवा प्रदेश अध्यक्ष  प्रशांत कुमार सिंह जी, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी जयवीर सिंह जी सहित विभिन्न जनपदों के जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    “जिला अध्यक्षों के हाथ मजबूत करें और संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाएं” — श्रवण कुमार

    कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए JDU के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री  श्रवण कुमार जी ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने-अपने जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ मजबूती से खड़े हों तथा पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएं।

    उन्होंने कहा कि बिहार में माननीय मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय, सुशासन, विकास एवं सामाजिक सुधार के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। बिहार सरकार द्वारा लिए गए जनहितकारी एवं सामाजिक सुधार से जुड़े निर्णयों को जनता तक पहुंचाना JDU कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

     श्रवण कुमार जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनता दल यूनाइटेड लगातार अपने संगठन का विस्तार कर रही है। यदि पार्टी नेतृत्व द्वारा निर्णय लिया जाता है तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर JDU अपने प्रत्याशी मैदान में उतार सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की घोषणा का इंतजार किए बिना अभी से संगठन निर्माण में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

    “एक बूथ–10 यूथ” से मजबूत होगा संगठन — अनूप सिंह पटेल

    JDU उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष  अनूप सिंह पटेल जी ने जिला अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अभी से प्रारंभ करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में “एक बूथ–10 यूथ” अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए और प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार की जाए।

    प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिला अध्यक्ष अपने-अपने जनपदों में संगठन का विस्तार करते हुए विधानसभा, मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर तक सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां प्रदान करें। संगठन को मजबूत, अनुशासित एवं सक्रिय बनाकर JDU को उत्तर प्रदेश में एक प्रभावी राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।

    मेरठ में संगठन विस्तार का जिला अध्यक्ष ने दिया भरोसा

    मेरठ जिला अध्यक्ष चौधरी रियाजुद्दीन एडवोकेट जी ने प्रदेश नेतृत्व को आश्वस्त किया कि मेरठ जनपद में JDU के संगठन को गांव-गांव एवं बूथ-बूथ तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज किया जाएगा तथा संभावित विधानसभा क्षेत्रों, सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं संगठनात्मक तैयारियों का विस्तृत विवरण प्रदेश नेतृत्व को उपलब्ध कराया जाएगा।

    उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन एवं एकजुटता के साथ पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

    सहारनपुर टीम की भी रही सक्रिय सहभागिता

    मेरठ के खंडोली में आयोजित सम्मेलन में JDU जिला सहारनपुर के जिला अध्यक्ष  अहसान अली जी के नेतृत्व में सहारनपुर की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता की।

    इस अवसर पर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, जिला सहारनपुर के अध्यक्ष चौधरी मेहरबान जी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सहारनपुर टीम की सक्रिय भागीदारी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक समन्वय एवं विस्तार की दिशा में पार्टी की बढ़ती सक्रियता का संदेश दिया।

    2027 के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प

    सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के समर्थन में उत्साहपूर्वक नारे लगाए तथा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।

    मेरठ मंडल सम्मेलन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जनता दल यूनाइटेड की संगठनात्मक सक्रियता, विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की गंभीरता एवं रणनीतिक दिशा को स्पष्ट रूप से सामने रखा।

     

     

  • सीएम ने कहा- दंगों की बादशाह है सपा, कर्फ्यू उसकी पहचान और सरकारी खजाने में लूट-खसोट उसकी आदत

    सीएम ने कहा- दंगों की बादशाह है सपा, कर्फ्यू उसकी पहचान और सरकारी खजाने में लूट-खसोट उसकी आदत

    सपा के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक है जेपीएनआईसी: सीएम योगी

    जयप्रकाश नारायण के नाम का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता, जनता के पैसे पर डकैती की छूट नहीं: मुख्यमंत्री

    रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ सीएम योगी ने किया वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण, पुष्पांजलि भी अर्पित की

    जाति के नाम पर समाज को बांट रही सपा, हम बटेंगे नहीं, तो कटेंगे भी नहीं: सीएम योगी

    सीएम ने कहा- दंगों की बादशाह है सपा, कर्फ्यू उसकी पहचान और सरकारी खजाने में लूट-खसोट उसकी आदत

    लखनऊ, गोरखपुर व बदायूं में वीरांगनाओं के नाम पर गठित की गईं तीन महिला पीएसी बटालियन

    लखनऊ

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में बना जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) समाजवादी पार्टी के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक है। सपा ने इसे अपनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का अड्डा जैसा बना दिया था। एक महापुरुष के नाम का इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। प्रदेश सरकार अपराध व अपराधियों के साथ-साथ बेईमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। 

    मुख्यमंत्री रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरा जीवन समर्पित करने वाले जयप्रकाश नारायण के नाम पर सपा शासनकाल में शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट की लागत 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन 864 करोड़ खर्च करने के बावजूद यह अधूरा रहा। जिस काम को 18 महीने में पूरा होना था, वह दो साल बाद भी अधूरा था। सेंटर पर सपा का कब्जा रखने के लिए एक कमेटी गठित की गई, जिसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, अखिलेश के निजी सचिव और सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी शामिल थे।

    जनता के पैसे पर डकैती की छूट नहीं
    सीएम योगी ने कहा कि जेपीएनआईसी पर खर्च हुए 864 करोड़ रुपये सैफई सिंडिकेट के नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता के हैं। जनता के पैसे पर किसी राजनीतिक दल को डकैती डालने की छूट नहीं दी जा सकती। सरकार ने कमेटी भंग कर इस सेंटर को वापस लिया है। अब लखनऊ विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में इसे संचालित कर जयप्रकाश नारायण की स्मृति को जीवंत किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के खजाने से खर्च धनराशि की वसूली का प्रयास किया जाएगा। सरकार ने जिन लोगों के हाथ से खजाना छीन लिया, वे अब अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।

    दंगा-कर्फ्यू, जातीय राजनीति सपा की पहचान
    मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीए के नाम पर समाज को बांटने वाली सपा के लोगों ने कभी महापुरुषों का सम्मान तक नहीं किया। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर सपा नेताओं के मुंह से श्रद्धांजलि का एक शब्द नहीं निकला, एक ट्वीट तक नहीं किया। सपा दंगों की बादशाह है। कर्फ्यू उसकी पहचान और सरकारी खजाने में लूट-खसोट उसकी आदत रही है। खाली जमीनों पर सपाई गुंडों का कब्जा और महिलाओं- बेटियों में भय का माहौल पिछली सरकार की सबसे बड़ी पहचान रहा है।

    मिशन शक्ति से महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन
    मुख्यमंत्री ने कहा कि आज डबल इंजन की भाजपा सरकार मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में शुरू हुआ मिशन शक्ति महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान और स्वावलंबन से जुड़ा अभियान है। जब बेटी को सुरक्षा मिलती है तो उसमें संरक्षण का भाव पैदा होता है। सम्मान मिलने पर वह अपने जीवन की दिशा स्वयं तय करती है और जब उसे स्वावलंबन के अवसर मिलते हैं तो वह अपनी गति को प्रगति में बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ती। आज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में दिखाई दे रहा बदलाव इसी सशक्तीकरण का परिणाम है। हम बीमारू छवि से निकल कर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बने हैं।

    प्रेरित करेगी वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा
    सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित है, जिसका लोकार्पण मोदी जी ने किया। यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं देश की अखंडता, अंत्योदय और सुशासन की प्रेरणा देती हैं। इसी तरह वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा भारतीय नारी की गरिमा, शौर्य और तेजस्विता का प्रतीक बनकर देशवासियों को प्रेरित करेगी। 

    पीएसी में तीन महिला बटालियन गठित
    सीएम ने कहा कि अच्छी सरकार ही अच्छा कार्य करती है। सपा सरकार के समय दंगाइयों की काल बनी पीएसी को समाप्त करने की चेष्टा की गई। भाजपा सरकार ने पीएसी की सभी 54 कंपनियों को पुनर्गठित किया। साथ ही तय किया कि पीएसी में बेटियां भी नेतृत्व की भूमिका निभाएंगी। इसी क्रम में प्रदेश में वीरांगनाओं ऊदा देवी, झलकारी बाई व अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला बटालियन गठित की गई हैं। इनमें एक लखनऊ, दूसरी गोरखपुर और तीसरी बदायूं में निर्माण के अंतिम चरण में है।

    50 हजार बेटियों को मिलेगी स्कूटी
    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी प्रदान की जाएंगी। 27, 28 और 29 अगस्त को हर बेटी, बहन व माता को परिवहन निगम व सिटी बस सेवा में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। अब 60 वर्ष से अधिक उम्र की प्रत्येक महिला को निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू कर दी गई है।

    वीरांगना ने हिला दी थी ब्रिटिश हुकूमत की चूलें
    मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन देश की स्वतंत्रता और नारी शक्ति के अदम्य साहस का प्रतीक है। मात्र 26 वर्ष की उम्र में अवंतीबाई लोधी ने प्रथम स्वातंत्र्य समर में नेतृत्व करते हुए अंग्रेजों की चूलें हिला दी थीं। बैरकपुर में मंगल पांडे ने जो चिंगारी प्रज्वलित की, उसे झांसी में रानी लक्ष्मीबाई ने आगे बढ़ाया। मेरठ में धनसिंह गुर्जर कोतवाल के नेतृत्व में यह संघर्ष और विस्तृत हुआ। झांसी व ग्वालियर के बीच वीरांगना अवंतीबाई लोधी ने इसी संघर्ष का नेतृत्व किया। उनका जीवन हमें एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। अगर हम बटेंगे नहीं, तो कटेंगे भी नहीं।

    अवंतीबाई से कल्याण सिंह तक महापुरुषों का सम्मान
    सीएम योगी ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी के सम्मान में तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ ने विधान भवन के सामने उनकी अश्वारोही प्रतिमा स्थापित कराई थी। अलीगढ़ में उनके नाम पर स्टेडियम का निर्माण भी कराया जा रहा है। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान लखनऊ में तिरंगा फहराने वाले अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के सम्मान में उन्नाव के पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किया गया है। बुलंदशहर में कल्याण सिंह की स्मृति में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया है। लखनऊ के कैंसर संस्थान का नाम भी बाबूजी के नाम पर रखा गया और वहां उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित कराई गई है।

    महापुरुषों के प्रति श्रद्धा-सम्मान की भावना जीवंत रहे
    मुख्यमंत्री ने क्षत्रिय लोधी महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के आयोजकों का आभार जताते हुए समाज की एकता और महापुरुषों के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी, अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी और श्रद्धेय बाबूजी कल्याण सिंह ने समाज की एकता को मजबूती देने के साथ राष्ट्र को भी सशक्त बनाने का कार्य किया। इन महापुरुषों के प्रति श्रद्धा व सम्मान की भावना आने वाली पीढ़ियों में भी जीवंत रहे, इसके लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

    कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, लोधी महासभा के प्रतिनिधि, विधायक और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

  • बिहारशरीफ में महोगनी के पौधे को रक्षा सूत्र, मंत्री श्रवण कुमार ने लिया संरक्षण का संकल्प

    बिहारशरीफ में महोगनी के पौधे को रक्षा सूत्र, मंत्री श्रवण कुमार ने लिया संरक्षण का संकल्प

    पर्यावरण की रक्षा करना हमारा सर्वोच्च कर्तव्य : मंत्री श्रवण कुमार
     
    ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री  श्रवण कुमार ने पौधा संरक्षण का लिया संकल्प

    बिहारशरीफ में महोगनी के पौधे को बांधी राखी

    पटना
    ग्रामीण विकास विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि जिस तरह से बहन-भाई की रक्षा की कामना करती है। वैसे ही हमें पेड़-पौधों की रक्षा का संकल्प लेना होगा। यही असली रक्षाबंधन है। 
          नालंदा जिला के बिहारशरीफ के कारगिल पार्क में शुक्रवार को महोगनी के पौधे को रक्षा सूत्र बांधकर माननीय मंत्री ने इसके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण ही जीवन है, एक पेड़ एक जिंदगी है। यह हमें ऑक्सीजन, छाया, फल देता है। इसकी रक्षा करना हमारा धर्म है। हरित बिहार की सोच हम सभी को रखनी चाहिए। पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर उन्होंने प्रण लिया कि जब तक वह पौधा एक विशाल पेड़ नहीं बन जाता,तब तक उसकी पूरी देखभाल करेंगे। 

    पेड़ युक्त बिहार निर्माण का आग्रह
    मंत्री ने रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ प्रकृति से भी अपना रिश्ता जोड़ने का आग्रह किया। कहा कि एक पौधा लगाएं और उसे भाई की तरह पालें। आज समाज को प्लास्टिक मुक्त और नशा मुक्त समाज के साथ-साथ पेड़ मुक्त नहीं, पेड़ युक्त बिहार बनाना है। कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज और आम जनता को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है ताकि लोग पेड़ों की कटाई रोककर हरियाली को बढ़ावा। जलवायु परिवर्तन को रोकना बहुत जरूरी है। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए हमें मां, पिता, बच्चों के जन्मदिन पर एक-एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसका संरक्षण भी करना चाहिए।
    राज्य का हरित आवरण बढ़कर 19 प्रतिशत हुआ
    मंत्री श्री कुमार ने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने जब बिहार की बागडोर संभाली थी तब यहां हरियाली मात्र 7 प्रतिशत थी, जो आज बढ़कर 19 प्रतिशत हो गई है। हमें अपने हरियाली परत को देश की औसत परत 33 प्रतिशत के बराबर पहुंचाना है। इसमें सभी बिहारवासियों का सहयोग बहुत जरूरी है। इस अवसर पर प्रदेश सचिव गुलरेज अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष धनंजय प्र कुशवाहा, जिला प्रवक्ता डॉ धनंजय कुमार, देव मुन्ना मांझी, ध्रुव प्रसाद, प्रो आनंद वर्मा, संजय प्रसाद कुशवाहा, पुरुषोत्तम कुमार समेत कई वन विभाग के अधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

  • वार्ड आरक्षण से बदली रणनीति, अलवर में पूर्व पार्षदों ने पत्नी-बहन को उतारा चुनावी मैदान में

    वार्ड आरक्षण से बदली रणनीति, अलवर में पूर्व पार्षदों ने पत्नी-बहन को उतारा चुनावी मैदान में

    अलवर
    नगर निगम चुनाव में नामांकन के साथ ही सियासी तस्वीर तेजी से साफ होने लगी है। वार्ड आरक्षण के कारण बदले समीकरण के चलते कई पूर्व और निवर्तमान पार्षदों को अपनी रणनीति बदलनी पड़ी है। किसी ने पत्नी, बहन, पुत्रवधू और किसी ने नजदीकी रिश्तेदारों को चुनाव मैदान में उतारा है। इस बार चुनावी मैदान में सिर्फ पार्टी और प्रत्याशियों की ताकत ही नहीं, बल्कि परिवार की राजनीतिक पकड़ और रिश्तों का समीकरण भी खासा नजर आ रहा है। कुछ पूर्व और निवर्तमान पार्षदों ने खुद के साथ-साथ अपनी पत्नी, बहन और अन्य परिजनों को चुनावी मैदान में उतारकर सियासी रणनीति को नया रंग दिया है।

    हालांकि इसका एक कारण यह भी है कि अलवर में मेयर सीट अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व है। ऐसे में परिवार की महिलाओं को मैदान में उतारा जा रहा है। किसी ने कांग्रेस, तो किसी ने भाजपा से टिकट की दावेदारी की है। हालांकि अभी राजनीतिक दलों ने टिकट फाइनल नहीं किए हैं।

    ‘परिवार की सियासत’ भी बड़ा चुनावी फैक्टर
    इस बार निकाय चुनाव में ‘परिवार की सियासत’ भी बड़ा चुनावी फैक्टर बनने जा रही है। कहीं पति-पत्नी आमने-सामने की बजाय अलग-अलग वार्डों में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, तो कहीं वार्ड आरक्षण ने नेताओं को पत्नी या बहन के सहारे चुनावी मैदान में उतरने का मौका दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि परिवार के नाम और राजनीतिक अनुभव का यह दांव मतदाताओं के बीच कितना असर छोड़ता है और किन परिवारों की सियासी पकड़ चुनाव परिणाम में कायम रहती है।

    जानें किसने किसको चुनाव में उतारा
    पार्षद अजय पूनिया ने वार्ड 49 से नामांकन दाखिल किया है। अपनी बहन बिमला देवी को वार्ड 17 से चुनावी मैदान में उतारा है। अजय पूनिया तीन बार निर्दलीय व एक बार भाजपा के टिकट से पार्षद बने हैं। इस बार भी बहन-भाई ने भाजपा से टिकट मांगा है।

    कांग्रेस के शहर ब्लॉक अध्यक्ष रमन सैनी ने अपनी पत्नी और निवर्तमान पार्षद पिंकी सैनी का वार्ड 27 से कांग्रेस के टिकट पर नामांकन दाखिल किया है। पिंकी के सामने अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन बचाने की चुनौती होगी।

    पूर्व पार्षद धर्मेंद्र मीणा ने पत्नी शकुंतला मीणा को चुनावी मैदान में उतारा है। शकुंतला मीणा वार्ड 25 से चुनाव लड़ रही हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकीं। इस बार उन्होंने कांग्रेस से टिकट की मांग की है।

    पूर्व पार्षद सीताराम चौधरी और निवर्तमान पार्षद सुमन चौधरी भी अलग-अलग वार्डों से चुनावी मैदान में हैं। दोनों पति-पत्नी हैं। सीताराम चौधरी ने वार्ड 28, जबकि सुमन चौधरी ने वार्ड 23 से नामांकन कराया है। दोनों ने ही भाजपा से टिकट मांगा है। निवर्तमान पार्षद एवं भाजपा के श्री शिवाजी मंडल अध्यक्ष सतीश यादव का वार्ड 61 इस बार महिला के लिए आरक्षित हो गया। उन्होंने पत्नी सुनीता यादव का भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया है।

    अलवर
    नगर निगम चुनाव में नामांकन के साथ ही सियासी तस्वीर तेजी से साफ होने लगी है। वार्ड आरक्षण के कारण बदले समीकरण के चलते कई पूर्व और निवर्तमान पार्षदों को अपनी रणनीति बदलनी पड़ी है। किसी ने पत्नी, बहन, पुत्रवधू और किसी ने नजदीकी रिश्तेदारों को चुनाव मैदान में उतारा है। इस बार चुनावी मैदान में सिर्फ पार्टी और प्रत्याशियों की ताकत ही नहीं, बल्कि परिवार की राजनीतिक पकड़ और रिश्तों का समीकरण भी खासा नजर आ रहा है। कुछ पूर्व और निवर्तमान पार्षदों ने खुद के साथ-साथ अपनी पत्नी, बहन और अन्य परिजनों को चुनावी मैदान में उतारकर सियासी रणनीति को नया रंग दिया है।

    हालांकि इसका एक कारण यह भी है कि अलवर में मेयर सीट अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व है। ऐसे में परिवार की महिलाओं को मैदान में उतारा जा रहा है। किसी ने कांग्रेस, तो किसी ने भाजपा से टिकट की दावेदारी की है। हालांकि अभी राजनीतिक दलों ने टिकट फाइनल नहीं किए हैं।

    ‘परिवार की सियासत’ भी बड़ा चुनावी फैक्टर
    इस बार निकाय चुनाव में ‘परिवार की सियासत’ भी बड़ा चुनावी फैक्टर बनने जा रही है। कहीं पति-पत्नी आमने-सामने की बजाय अलग-अलग वार्डों में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, तो कहीं वार्ड आरक्षण ने नेताओं को पत्नी या बहन के सहारे चुनावी मैदान में उतरने का मौका दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि परिवार के नाम और राजनीतिक अनुभव का यह दांव मतदाताओं के बीच कितना असर छोड़ता है और किन परिवारों की सियासी पकड़ चुनाव परिणाम में कायम रहती है।

    जानें किसने किसको चुनाव में उतारा
    पार्षद अजय पूनिया ने वार्ड 49 से नामांकन दाखिल किया है। अपनी बहन बिमला देवी को वार्ड 17 से चुनावी मैदान में उतारा है। अजय पूनिया तीन बार निर्दलीय व एक बार भाजपा के टिकट से पार्षद बने हैं। इस बार भी बहन-भाई ने भाजपा से टिकट मांगा है।

    कांग्रेस के शहर ब्लॉक अध्यक्ष रमन सैनी ने अपनी पत्नी और निवर्तमान पार्षद पिंकी सैनी का वार्ड 27 से कांग्रेस के टिकट पर नामांकन दाखिल किया है। पिंकी के सामने अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन बचाने की चुनौती होगी।

    पूर्व पार्षद धर्मेंद्र मीणा ने पत्नी शकुंतला मीणा को चुनावी मैदान में उतारा है। शकुंतला मीणा वार्ड 25 से चुनाव लड़ रही हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकीं। इस बार उन्होंने कांग्रेस से टिकट की मांग की है।

    पूर्व पार्षद सीताराम चौधरी और निवर्तमान पार्षद सुमन चौधरी भी अलग-अलग वार्डों से चुनावी मैदान में हैं। दोनों पति-पत्नी हैं। सीताराम चौधरी ने वार्ड 28, जबकि सुमन चौधरी ने वार्ड 23 से नामांकन कराया है। दोनों ने ही भाजपा से टिकट मांगा है। निवर्तमान पार्षद एवं भाजपा के श्री शिवाजी मंडल अध्यक्ष सतीश यादव का वार्ड 61 इस बार महिला के लिए आरक्षित हो गया। उन्होंने पत्नी सुनीता यादव का भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया है।

  • 5 साल MBBS, एक साल तैयारी… फिर परीक्षा में बिजली ने बिगाड़ा खेल, जयपुर सेंटर पर अभ्यर्थियों का हंगामा

    5 साल MBBS, एक साल तैयारी… फिर परीक्षा में बिजली ने बिगाड़ा खेल, जयपुर सेंटर पर अभ्यर्थियों का हंगामा

    जयपुर 
    राजस्थान की राजधानी जयपुर में NEET-PG 2026 की परीक्षा के दौरान सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन (iDZ) सेंटर पर अचानक बिजली चली गई। परीक्षा चल रही थी, तभी लाइट चली जाने से सेंटर पर अफरा-तफरी मच गई। परीक्षा कंप्यूटर पर हो रही थी, इसलिए बिजली जाते ही परीक्षा का काम भी रुक गया। इससे वहां परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी परेशान हो गए और उनकी नाराजगी बढ़ने लगी। कुछ ही देर में अभ्यर्थियों ने सेंटर पर हंगामा शुरू कर दिया।

    एक घंटे में दो-तीन बार आई दिक्कतों से भड़के अभ्यर्थी
    अभ्यर्थियों का कहना है कि पेपर शुरू होने के एक घंटे के अंदर ही तीन से चार बार उनको दिक्कतों की सामना करना पड़ा। एक अभ्यर्थी ने बताया कि पहली बार लाइट गई तो समझ आता है। कुछ देर बाद सिस्टम दोबारा चालू हुआ। इसके बाद उन्होंने करीब दो सवाल ही किए थे कि फिर से बिजली चली गई। काफी देर इंतजार करने के बाद सिस्टम को दोबारा रीस्टार्ट किया गया, लेकिन वह फिर बंद हो गया। ऐसा उन्होंने कई बार किया। अभ्यर्थी के अनुसार, करीब एक घंटे में चार बार सिस्टम बंद हुआ। चौथी बार भी सिस्टम बंद होने के बाद अभ्यर्थियों को कोई साफ जवाब नहीं मिल रहा था।

    अभ्यर्थी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “क्या हम ये डिजर्व करते हैं? 5 साल MBBS करने के बाद एक साल PG की तैयारी की और ये देखने के लिए?”

    जानकारी के अनुसार एग्जाम सेंटर के दो ब्लॉकों में 2500 से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए आए थे।

    जयपुर में 8 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी
    NEET-PG 2026 के लिए जयपुर में बड़े स्तर पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। शहर में इसके लिए कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 8,370 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तय किया गया था। ऐसे में सीतापुरा सेंटर पर परीक्षा के बीच आई बाधा ने वहां मौजूद परीक्षार्थियों की परेशानी बढ़ा दी।

    पावर कट के बाद अब सीतापुरा सेंटर पर परीक्षा व्यवस्था को फिर से सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर पैदा हुई स्थिति को संभालने की कोशिश जारी है। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद है।

  • परिवार पहचान पत्र की गलत आय जानकारी पर सरकार सख्त, नायब सैनी चलाएंगे सुधार अभियान

    परिवार पहचान पत्र की गलत आय जानकारी पर सरकार सख्त, नायब सैनी चलाएंगे सुधार अभियान

    चंडीगढ़.

    हरियाणा सरकार परिवार पहचान पत्र (फैमिली आइडी) में आय संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर इस अभियान के तहत आय से जुड़ी त्रुटियों और विसंगतियों का सत्यापन ग्राम सभाओं के माध्यम से किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र परिवार केवल आय संबंधी गलती के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

    पीपीपी कोआर्डिनेट डा. सतीश खोला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ग्राम सभाओं की भूमिका को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। ग्राम सभाओं में निर्धारित कोरम पूरा कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्राप्त जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर आय संबंधी शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का पहला चरण दो अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी जिलों में प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हरियाणा के मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों, अतिरिक्त उपायुक्तों और जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

    डा. खोला ने कहा कि फैमिली आइडी में आय का सही और अद्यतन विवरण सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने आय संबंधी शिकायत वाले परिवारों से संबंधित ग्राम सभा में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

  • CM योगी बोले- यूपी बना देश का ग्रोथ इंजन, लखनऊ में विकास परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

    CM योगी बोले- यूपी बना देश का ग्रोथ इंजन, लखनऊ में विकास परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

    लखनऊ 
    यूपी की राजधानी लखनऊ में आज सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ छावनी को 'मॉडल छावनी' के रूप में विकसित करने के लिए 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के भूमिपूजन एवं शिलान्यास किए। इसको लेकर लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों को साकार कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि यूपी में विकास तेजी से हो रहा है और देश में ग्रोथ इंजन यूपी है।

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों के अंदर पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में यूपी ने अपनी एक नई यात्रा- सुरक्षा, सुशासन की तय की है। जब हम प्रदेश की राजधानी लखनऊ को देखते हैं, आज से 20 वर्ष पहले लखनऊ रेलवे स्टेशन पर एक बोर्ड पर लिखा होता था मुस्कुराईए आप लखनऊ में हैं। तब लखनऊ के जाम, लखनऊ की संकरी गलियां और लखनऊ के अंदर गंदगी को देखकर लोगों को मुस्कुराने की बजाय रोने के लिए मजबूर होना पड़ता था। आज मैं कह सकता हूं लखनऊ ने अपनी पुरानी विरासत के साथ ही आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी एक पहचान को बनाया है। वे गलियां है लेकिन साथ में स्मार्ट रोड, सीएम ग्रिड की रोड भी लखनऊ के अंदर मौजूद हैं। लखनऊ की संकरी गलियां भी हैं तो किसान पथ जैसा लखनऊ का एक आउटर रिंग रोड भी है।

    सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ के अंदर उदादेवी पासी और महाराजा बिजली पासी की स्मारक की धरोहर है तो दूसरी ओर भारत की रक्षा और आत्मनिर्भरता के दृश्य से बरह्मोस मिसाइलों का भी केंद्र लखनऊ बना है। छावनी परिषद में वेस्ट मैनेजमेंट की एआई बेस्ड तैयार हो रहा है। सीएम योगी ने कहा कि इस साल के अंत तक गोमती नदी को पूरी तरह से स्वच्छ बनाया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद यूपी में तेजी से विकास हुआ है। लखनऊ स्मार्ट सिटी के रूप में उभरा है और अब यूपी देश का ग्रोथ इंजन है। भाजपा सरकार में तेजी से विकास हो रहा है। लखनऊ आधुनिक मिसाइलों का केंद्र बन चुका है। गोमती नदी को साफ कराएंगे, लखनऊ अब पूरी तरह बदल गया।

    सीएम योगी ने लखनऊ छावनी को आदर्श छावनी परिषद के रूप में विकसित करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में 24 घंटे जुटे सैनिकों और उनके परिवारों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी सरकार की जिम्मेदारी है। छावनी परिषदों में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।