Author: NewseDay

  • बुध का चित्रा नक्षत्र में प्रवेश, इन 3 राशियों को 1 अक्टूबर तक रहना होगा सावधान

    बुध का चित्रा नक्षत्र में प्रवेश, इन 3 राशियों को 1 अक्टूबर तक रहना होगा सावधान

    वैदिक ज्योतिष में बुध देव को बुद्धि, तर्क, वाणी, व्यापार और संचार का कारक माना जाता है. वहीं, मंगल के स्वामित्व वाला चित्रा नक्षत्र ऊर्जा, कला, तीक्ष्णता और त्वरित फैसलों का प्रतीक है. आज ग्रहों के राजकुमार बुध मंगल के नक्षत्र चित्रा में प्रवेश करने जा रहे हैं और वे 1 अक्टूबर की सुबह तक इसी नक्षत्र में विराजमान रहेंगे.

    बुध और मंगल के बीच सम संबंध होने के बावजूद, बुध (शांत बुद्धि) का मंगल (आक्रामक ऊर्जा) के नक्षत्र में जाना कई बार विचारों में उथल-पुथल, जल्दबाज़ी में गलत फैसले और वाणी में कटुता पैदा कर सकता है. आज से 1 अक्टूबर के दौरान बुध का यह नक्षत्र परिवर्तन जहां कुछ राशियों के लिए शुभ रहेगा, वहीं 3 राशियों के जातकों को विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी. आइए जानते हैं कि किन राशियों को इस दौरान संभलकर चलने की सलाह दी जाती है.

    मेष राशि (Aries)
    अशुभ प्रभाव: बुध का यह गोचर आपके छठे (रोग, ऋण व शत्रु) और सातवें (साझेदारी व दांपत्य) भाव को प्रभावित करेगा.

    रखें ये सावधानियां: व्यापारिक साझेदार (Business Partner) या जीवनसाथी के साथ संवादहीनता के कारण मतभेद हो सकते हैं. जल्दबाजी में कोई भी नया अनुबंध (Contract) साइन न करें. अपनी सेहत का ध्यान रखें और काम के तनाव को खुद पर हावी न होने दें.

    वृश्चिक राशि (Scorpio)
    अशुभ प्रभाव: आपकी राशि के स्वामी मंगल के ही नक्षत्र में बुध का जाना आपके खर्चों और मानसिक तनाव को बढ़ा सकता है.

    रखें ये सावधानियां: आर्थिक मामलों में विशेष सावधानी बरतें; बिना सोचे-समझे किया गया बड़ा निवेश नुकसान पहुंचा सकता है. गुप्त शत्रु आपके खिलाफ साजिश रच सकते हैं, इसलिए अपनी गुप्त बातें किसी से साझा न करें. वाणी पर नियंत्रण रखें, अन्यथा बनते हुए काम बिगड़ सकते हैं.

    मीन राशि (Pisces)
    अशुभ प्रभाव: बुध आपके सातवें और आठवें (अष्टम – रुकावटें व अचानक उतार-चढ़ाव) भाव के स्वामी होकर चित्रा नक्षत्र से गुजरेंगे.

    रखें ये सावधानियां: कार्यक्षेत्र में वरिष्ठों या सहकर्मियों के साथ बातचीत करते समय संयम बनाए रखें. इस दौरान पैसों के लेन-देन में लापरवाही न बरतें. अचानक कुछ अप्रत्याशित खर्चे सामने आ सकते हैं, जिससे आपका बजट बिगड़ सकता है. वाहन चलाते समय सावधानी रखें.

    बुध के अशुभ प्रभाव से बचने के उपाय
    – प्रतिदिन या विशेषकर बुधवार के दिन भगवान श्री गणेश को दूर्वा (दूब घास) अर्पित करें और गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें.

    – इस अवधि के दौरान बहसबाजी से दूर रहें और कोई भी बड़ा निर्णय सोच-समझकर लें.

    – बुधवार के दिन किसी जरूरतमंद को हरी मूंग की दाल, हरे वस्त्र या पालक का दान करें.

  • बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत तेज, सर्दियों से पहले होगा काम पूरा

    बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत तेज, सर्दियों से पहले होगा काम पूरा

    चंडीगढ़.

    शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि बारिश में बदहाल हुई सड़काें की हालत अब सुधरने लगी है। नगर निगम ने शहर के कई हिस्सों में सड़क निर्माण और री-कारपेटिंग का काम तेज कर दिया है। सर्दियों से पहले सड़कों को चकाचक करने का टारगेट है।

    सेक्टर-9 में भी सड़क निर्माण का काम शुरू हो चुका है। यहां सड़क को केवल ऊपर से नई लेयर डालकर तैयार नहीं किया जा रहा, बल्कि कई जगह पुरानी सड़क की परतों को हटाकर सड़क को काफी नीचे तक खोदा जा रहा है। सेक्टर-9 में सड़क की ऊंचाई वर्षों से लगातार बिटुमन की लेयर चढ़ाए जाने के कारण आसपास के घरों की सतह से भी ऊपर हो गई थी। इसका असर बरसात के दौरान देखने को मिला। कई जगह घरों से निकलने वाला बरसाती पानी सड़क की ऊंचाई अधिक होने के कारण आसानी से बाहर नहीं निकल पा रहा था। अब निगम ने पुरानी लेयर को हटाकर सड़क का लेवल नीचे करने के बाद नई सड़क बनाने का काम शुरू किया है।

    400 किलोमीटर सड़कें दुरुस्त करने का लक्ष्य
    नगर निगम ने सर्दियों की शुरुआत से पहले करीब 400 किलोमीटर सड़कों का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए अलग-अलग हिस्सों के टेंडर जारी कर ठेकेदारों को काम सौंपा जा चुका है। इंजीनियरिंग विभाग की टीमें मौके पर जाकर काम की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। अधिकारियों का फोकस काम की गुणवत्ता के साथ निर्माण की रफ्तार बढ़ाने पर है, ताकि निर्धारित समय में अधिक से अधिक सड़कों को दुरुस्त किया जा सके।

    डेढ़ साल से बदहाल थीं शहर की सड़कें
    चंडीगढ़ की सड़कें पिछले करीब एक से डेढ़ साल से लगातार सवालों के घेरे में रही हैं। शहर की कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर सड़क की खराब हालत के कारण हादसे भी हुए। नियोजित और आधुनिक शहर के रूप में पहचान रखने वाले चंडीगढ़ की सड़कों की बदहाली शहरवासियों के लिए बड़ा मुद्दा बन गई थी। अब बारिश के लंबे दौर के बाद जिस तरह से सड़क निर्माण का काम दोबारा शुरू हुआ है, उससे शहरवासियों को सड़कों की हालत सुधरने की उम्मीद जगी है। निगम की ओर से काम में तेजी लाई गई तो आने वाले महीनों में शहर की सड़कों की तस्वीर बदल सकती है।

  • ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 45वें दिन भी ₹13.75 करोड़ की कमाई

    ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 45वें दिन भी ₹13.75 करोड़ की कमाई

    नीम करोली बाबा वाली फिल्म हनुमान अंश हर दिन रिकॉर्ड बना रही है. बॉक्स ऑफिस पर छह हफ्ते बीत जाने के बावजूद, इसकी कमाई हर दिन और बड़ी होती जा रही है. अभी तक इसके सामने जो फिल्म लगी है, उसका भी सफर लगभग खत्म सा हो चला है. मगर हनुमान अंश रुकने का नाम नहीं ले रही, और इतिहास बनाए जा रही है.

    इस हफ्ते भी हनुमान अंश का दबदबा नजर आया. नई फिल्मों के बावजूद, इसने थिएटर में ज्यादा स्क्रीन्स पर अपना कब्जा जमाया हुआ था. दूसरी तरफ वाइब और दायरा, जो दो नई फिल्में तीन दिन पहले रिलीज हुई हैं उन्हें कम स्क्रीन्स के साथ काम चलाना पड़ रहा है. हालांकि इसके बावजूद, वो फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर टिकती हुई नजर आई हैं.

    हनुमान अंश के नाम एक और रिकॉर्ड
    सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, हनुमान अंश अपने 45वें दिन भी डबल डिजिट में कमाई करके गई. संडे को इसने 13.75 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड तोड़ नेट कलेक्शन किया, और अपनी कुल नेट कमाई 271.88 करोड़ रुपये तक पहुंचाई. वहीं, वर्ल्डवाइड फिल्म की कमाई 347 करोड़ के आसपास पहुंच चुकी है. आज ये ऑफिशियली 350 करोड़ के क्लब में एंट्री मार लेगी. देशभर में हनुमान अंश के करीब 7628 शोज लगे थे, जहां 40% की एवरेज ऑक्यूपेंसी नेट की गई. लोग अब भी नीम करोली बाबा की फिल्म देखना ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

    वाइब-दायरा भी जुटा रही ऑडियंस
    वहीं दूसरी ओर, दायरा और वाइब जिन्होंने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की थी अब वो भी अपनी रफ्तार पकड़ते नजर आ रहे हैं. सबसे पहले कुणाल खेमू की फिल्म वाइब की बात करें, तो उनकी ये कॉमेडी फिल्म ने संडे को अच्छा जंप देखा और 3 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करने में कामयाब हुई. शनिवार के मुकाबले, रविवार को इसके शोज कम थे. मगर तब भी ऑडियंस इसे देखने पहुंची. पहला वीकेंड खत्म होने तक, फिल्म कुल 7.45 करोड़ रुपये कमा चुकी है. कुणाल की फिल्म ने हनुमान अंश जैसी ब्लॉकबस्टर के सामने टिकने का काम किया है.

    दूसरी तरफ करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म दायरा भी अपना दम दिखा रही है. इसे बाकी दोनों फिल्मों के मुकाबले कम शोज मिल रहे हैं, लेकिन तब भी फिल्म ने अपने तीसरे दिन 1.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. पहले वीकेंड तक करीना की फिल्म कुल 4.50 करोड़ रुपये कमा पाई. वाइब और दायरा के शोज की अगर बात करें, तो दोनों मिलकर भी हनुमान अंश के आधे शोज की बराबरी पर नहीं हैं. अगर आने वाले दिनों में इन दो नई फिल्मों को और शोज मिलते हैं, तो इनकी कमाई में भी अच्छा जंप देखने मिल सकता है.

  • CG में फिर बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली का खतरा

    CG में फिर बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली का खतरा

    रायपुर.

    छत्तीसगढ़ में आज से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मानसून की रफ्तार फिर बढ़ सकती है. कुछ इलाकों में भारी वर्षा के आसार है. मौसम विभाग ने उत्तरी अंडमान सागर पर बने लो प्रेशर एरिया को डिप्रेशन में परिवर्तित होने की संभावना जताई है.

    इसी नए सिस्टम के प्रभाव से बारिश की संभावना बन रही है. प्रदेश में अबतक मौसमी सब-डिविज़नल वर्षा सामान्य रही है, जिसमें 6 प्रतिशत का अंतर है. राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावनाएं बन रही है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है. 

    प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज?
    मौसम विभाग ने सोमवार को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बादल गरजने-चमकने के साथ बिजली गिरने के आसार हैं. दो दिन बाद भी इसी तरह का मौसम बने रहने के अनुमान है. मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है. 23 सितंबर की सुबह तक इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तटों के पास पहुंचने की संभावना है.

    बिलासपुर में 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज
    प्रदेश में रविवार को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई. इस दौरान बिलासपुर में सबसे ज्यादा 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान और पेंड्रा रोड में 20.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. छिंदगढ़ में सबसे ज्यादा 7 मिमी बारिश दर्ज की गई. तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 मिमी, नांगर और सुकमा में 5-5 मिमी, जबकि जगदलपुर, मालखरौदा, ओरछा, पेण्ड्रा रोड और कुसमी में 4-4 मिमी बारिश हुई. वहीं कई अन्य इलाकों में 1 से 3 मिमी तक बारिश दर्ज की गई.

  • भारत ने जापान को किया चार बार ऑलआउट, एशियन गेम्स में 49-24 से दर्ज की जीत

    भारत ने जापान को किया चार बार ऑलआउट, एशियन गेम्स में 49-24 से दर्ज की जीत

    नई दिल्‍ली
     भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने सोमवार को एशियन गेम्‍स 2026 में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। सुनील कुमार के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम ने मेजबान जापान को 25 अंक के अंतर से मात दी। भारत ने मुकाबला 49-24 के स्‍कोर से अपने नाम किया।

    टोकाई सिटीजन्‍स जिम्‍नेशियम में ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत ने शुरुआत से दबदबा बनाए रखा। आशु मलिक ने सुपर रेड के जरिये तीन अंक बटोरे और भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। उन्‍हें प्रो कबड्डी लीग के स्‍टार रेडर्स अर्जुन देशवाल, देवांक दलाल और अयान लोहचाब का भरपूर समर्थन मिला।

    पहले हाफ में भारत का दबदबा
    भारतीय टीम ने पहले हाफ में जापान को तीन बार ऑलआउट किया, जिससे उसे 6 अंक मिले। इसके अलावा भारत ने 25 अंक अपने खिलाड़‍ियों के दम पर हासिल किए। जापान की टीम भारत के सामने जोर लगाने में नाकाम रही। उसने छूने के पांच और बोनस के चार अंक हासिल किए। ब्रेक के समय भारत ने 22 अंक की बढ़त बनाते हुए स्‍कोर 31-9 रखा।

    जापान की वापसी
    ब्रेक के बाद जापान ने ज्‍यादा अनुशासन दिखाया और मुकाबला कड़ा बनाते हुए 18-15 का स्‍कोर कर कर दिया। इस तरह ब्रेक के बाद भारत की बढ़त केवल 12 अंक की रह गई। भारतीय टीम ने एक बार फिर मैच में वापसी करके जापान को चौथी बार ऑलआउट कर दिया। यहां से जापान की वापसी की उम्‍मीदें पूरी तरह खत्‍म हो गई।

    भारत के रेडर्स ने पहले ही अपना दबदबा कायम रखा और जापानी रक्षा की धज्जियां उड़ा दीं। बहरहाल, भारत की पुरुष टीम ने खिताब की तरफ कदम बढ़ा लिए हैं और उसकी कोशिश एशियन गेम्‍स में 9वां गोल्‍ड मेडल जीतने की होगी। पता हो कि भारत ने पिछले 9 एशियन गेम्‍स में से 8 बार गोल्‍ड मेडल जीता है।

  • Jamui Viral Video: सड़क पर नाबालिग लड़का-लड़की को रोका, लड़की से अभद्रता का आरोप; पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की

    Jamui Viral Video: सड़क पर नाबालिग लड़का-लड़की को रोका, लड़की से अभद्रता का आरोप; पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की

    जमुई
    बिहार के जमुई जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बाइक से जा रहे नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया. इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया. आरोपियों ने लड़की को बैड टच भी किया. पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी है। 

    पुलिस ने क्या कहा?
    घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में कुछ लोग सड़क पर बाइक सवार नाबालिग लड़के और लड़की को रोकते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर जमुई पुलिस सक्रिय हुई. जमुई के एसपी ने वायरल वीडियो और घटना की पुष्टि की है। 

    पुलिस के मुताबिक दोनों पीड़ित नाबालिग हैं. पुलिस ने उनसे बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली है. उनके बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि घटना में करीब 6 से 7 लोग शामिल हो सकते हैं. पुलिस इन लोगों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है. मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। 

    वायरल VIDEO के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
    पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और पूरा घटनाक्रम किस तरह हुआ. अधिकारियों के मुताबिक, घटना की वजह और आरोपियों से जुड़ी अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है। 

    फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नाबालिगों से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस पूरे घटनाक्रम की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है। 

    घटना पर बीजेपी और JDU ने क्या कहा?
    जमुई में लड़का-लड़की के साथ भीड़ की तरफ से किए गए बर्ताव को लेकर जेडीयू की भी प्रतिक्रिया आई है. जेडीयू प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार है. यहां मॉब जस्टिस नहीं चल सकता. जिन लोगों ने ऐसा काम किया है, उनके ऊपर पुलिस एक्शन लेगी. वहीं बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि यह घटना शर्मनाक है. इसके दोषियों की पहचान पुलिस कर रही है. जो भी दोषी होंगे उनपर एक्शन होगा। 

  • त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों को राहत, MP के 30 स्टेशनों से मिलेंगी स्पेशल ट्रेनें

    त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों को राहत, MP के 30 स्टेशनों से मिलेंगी स्पेशल ट्रेनें

    भोपाल
     दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मध्यप्रदेश से अलग-अलग राज्यों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी की है। इन ट्रेनों के जरिए मध्यप्रदेश के करीब 30 स्टेशन देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़ेंगे।त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इन सेवाओं से यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेंगे। मध्यप्रदेश से चलने या गुजरने वाली इन स्पेशल ट्रेनों से राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा और दिल्ली तक कनेक्टिविटी मिलेगी।

     आगामी त्योहारी सीजन के चलते अभी से ज्यादातर ट्रेनों के टिकट बुक हो चुके हैं. ट्रेनों में वेटिंग दिखा रहा है. रेलवे यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है. इस बीच मध्य प्रदेश के भोपाल रेल मंडल से 10 राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है. दीवाली और छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया है. मध्य प्रदेश से करीब 30 स्टेशन स्पेशल ट्रेनों से जुड़ेंगे. भोपाल मंडल से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों तक कनेक्टिविटी मिलेगी. भोपाल मंडल के यात्रियों के लिए सुल्तानपुर-वाराणसी से मुंबई जाने का अतिरिक्त विकल्प होगा। 

    त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों की भीड़ को कम करने की कवायद शुरू कर दी गई है. सुल्तानपुर-वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. बीना, रानी कमलापति और इटारसी होकर दोनों स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. दोनों दिशाओं में स्पेशल ट्रेनों के 4-4 फेरे होंगे. भोपाल मंडल के तीन स्टेशनों को मुंबई के लिए 16 अतिरिक्त एकतरफा फेरे मिलेंगे। 

    कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा
    बताते चलें कि रेलवे ने त्योहारों को देखते हुए कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा कर दी है. प्रयागराज और साबरमती के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को लेकर बदलाव किया गया है. गांधीनगर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म से जुड़ी बाधाओं के चलते प्रयागराज और गांधीनगर द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के टर्मिनल में बदलाव किया गया है. अब 04111/04112 के बदले यह सेवा 04179/04180 नंबर से प्रयागराज और साबरमती के बीच चलेगी. 04179 नंबर ट्रेन प्रयागराज से शाम चार बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3:40 बजे साबरमती पहुंचेगी. वहीं 04180 नंबर ट्रेन साबरमती से शाम 5:45 बजे रवाना होगी। 

    भोपाल मंडल के यात्रियों को खास फायदा
    भोपाल मंडल के यात्रियों के लिए सुल्तानपुर और वाराणसी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें महत्वपूर्ण रहेंगी। दोनों ट्रेनें बीना, रानी कमलापति और इटारसी होकर चलेंगी।दोनों दिशाओं में इन ट्रेनों के 4-4 फेरे निर्धारित हैं। इस तरह बीना, रानी कमलापति और इटारसी से मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेंगे।

    अजमेर-रांची पूजा स्पेशल
    ट्रेन नंबर 09619/09620 अजमेर-रांची-अजमेर साप्ताहिक पूजा स्पेशल के दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे होंगे।

    अजमेर से रांची ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार चलेगी। वहीं रांची से अजमेर ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार चलेगी।मध्यप्रदेश में इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव रुठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी, ब्यौहारी और सिंगरौली होंगे।

    जोधपुर-चेन्नई पूजा स्पेशल
    ट्रेन नंबर 04815/04816 जोधपुर-चेन्नई बीच पूजा स्पेशल के दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे होंगे।जोधपुर से चेन्नई बीच ट्रेन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार चलेगी। वहीं चेन्नई बीच से जोधपुर ट्रेन 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार चलेगी।मध्यप्रदेश में ट्रेन रुठियाई, गुना, बीना, भोपाल और इटारसी स्टेशनों पर रुकेगी।

    रानी कमलापति-गया पितृपक्ष स्पेशल
    पितृपक्ष में गया जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन नंबर 01661/01662 रानी कमलापति-गया स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।रानी कमलापति से गया के लिए इसके फेरे 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को होंगे। वापसी में गया से रानी कमलापति के लिए ट्रेन 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को चलेगी।इस ट्रेन का ठहराव नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना समेत कई स्टेशनों पर रहेगा।

    पुणे-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन
    ट्रेन नंबर 01415/01416 पुणे-गोरखपुर स्पेशल भी त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देगी।पुणे से गोरखपुर ट्रेन 9 अक्टूबर से 21 नवंबर तक और गोरखपुर से पुणे ट्रेन 10 अक्टूबर से 22 नवंबर तक चलेगी।मध्यप्रदेश में इसके प्रमुख ठहराव खंडवा, इटारसी, भोपाल और बीना हैं।

    मुंबई CSMT-गोरखपुर स्पेशल के 43 फेरे
    ट्रेन नंबर 01079/01080 मुंबई सीएसएमटी-गोरखपुर स्पेशल के दोनों दिशाओं में बड़ी संख्या में फेरे निर्धारित किए गए हैं।मुंबई से गोरखपुर ट्रेन 9 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चलेगी, जबकि गोरखपुर से मुंबई सेवा 11 अक्टूबर से 22 नवंबर तक रहेगी।यह ट्रेन खंडवा, इटारसी, भोपाल और बीना होते हुए चलेगी। पुणे-गोरखपुर और मुंबई-गोरखपुर सेवाओं को मिलाकर कुल 87 अतिरिक्त फेरे उपलब्ध होंगे।

    रानी कमलापति-रीवा पूजा स्पेशल
    ट्रेन नंबर 02191/02192 रानी कमलापति-रीवा पूजा स्पेशल के दोनों दिशाओं में 4-4 फेरे होंगे।रीवा से रानी कमलापति के लिए ट्रेन 17 और 24 अक्टूबर तथा 7 और 14 नवंबर को चलेगी। वापसी में रानी कमलापति से रीवा की सेवा भी इन्हीं तारीखों पर रहेगी।इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना होंगे।

    रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल
    विंध्य क्षेत्र को मालवा और इंदौर क्षेत्र से जोड़ने के लिए ट्रेन नंबर 01710/01709 रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल चलाई जाएगी।रीवा से डॉ. अंबेडकर नगर ट्रेन 10 अक्टूबर से 14 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और वापसी में 11 अक्टूबर से 15 नवंबर तक प्रत्येक रविवार चलेगी।इसके ठहराव में सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, देवास और इंदौर शामिल हैं।

    सुल्तानपुर-मुंबई फेस्टिवल स्पेशल
    ट्रेन नंबर 04212/04211 सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस फेस्टिवल स्पेशल के दोनों दिशाओं में 4-4 फेरे होंगे।सुल्तानपुर से मुंबई सेवा 21 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। वापसी में लोकमान्य तिलक टर्मिनस से सुल्तानपुर ट्रेन 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार चलेगी।मध्यप्रदेश में इसके प्रमुख ठहराव बीना, रानी कमलापति और इटारसी होंगे।

    वाराणसी-मुंबई फेस्टिवल स्पेशल
    ट्रेन नंबर 04226/04225 वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस फेस्टिवल स्पेशल के भी दोनों दिशाओं में 4-4 फेरे होंगे।वाराणसी से मुंबई ट्रेन 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और मुंबई से वाराणसी ट्रेन 23 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार चलेगी।इस ट्रेन का मध्यप्रदेश में बीना, रानी कमलापति और इटारसी समेत कई स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

    दिल्ली-अशोकनगर धार्मिक आयोजन स्पेशल
    ट्रेन नंबर 04004/04003 दिल्ली-अशोकनगर स्पेशल ट्रेन धार्मिक आयोजन के मद्देनजर चलाई गई है।इस सेवा का मध्यप्रदेश में प्रमुख ठहराव गुना और अशोकनगर रहेगा। दिल्ली से अशोकनगर सेवा 17 सितंबर को चली थी, जबकि अशोकनगर से दिल्ली की वापसी सेवा 21 सितंबर को निर्धारित है।

    MP के 30 स्टेशन होंगे कनेक्ट
    घोषित स्पेशल ट्रेनों के ठहराव को मिलाकर मध्यप्रदेश के करीब 30 अलग-अलग स्टेशन इस त्योहारी रेल नेटवर्क में शामिल होते हैं।इनमें भोपाल, रानी कमलापति, बीना, इटारसी, नर्मदापुरम, खंडवा, गुना, रुठियाई, सागर, दमोह, विदिशा, कटनी, मैहर, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, गाडरवारा, सिहोरा रोड, ब्यौहारी, सिंगरौली, अशोकनगर, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, देवास, इंदौर और डॉ. अंबेडकर नगर शामिल हैं।

    10 राज्यों और दिल्ली तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी
    इन स्पेशल ट्रेनों के जरिए मध्यप्रदेश से यात्रियों को राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और हरियाणा समेत कई राज्यों तक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेंगे। एक प्रमुख रूट दिल्ली से भी मध्यप्रदेश को जोड़ता है।त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच इन स्पेशल सेवाओं से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

     

  • JPSC परीक्षा घोटाले में 28 गिरफ्तार, 265 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ; सरकार ने दिया हलफनामा

    JPSC परीक्षा घोटाले में 28 गिरफ्तार, 265 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ; सरकार ने दिया हलफनामा

    रांची
    11वीं से 13वीं झारखंड संयुक्त प्रशासनिक सेवा परीक्षा (JPSC) में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. इस मामले में सरकार ने झारखंड हाईकोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है. सरकार ने कहा है कि जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं, जिनसे परीक्षा प्रणाली के दूषित होने की बात सामने आती है. सरकार का कहना है कि पैसे लेकर बेची गई परीक्षा के आधार पर नियुक्त लोगों को पद पर नहीं रखा जा सकता.

    धोखाधड़ी से संबंधित कानूनी सिद्धांत
    सरकार ने कहा है कि सफल अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र मिल जाने के बाद भी पद पर बने रहने का पक्का अधिकार नहीं मिल जाता. परीक्षा के विज्ञापन के नियम 16(6) के अनुसार परीक्षा में सफल होना या नियुक्ति पत्र प्राप्त करना किसी अभ्यर्थी को पद पर बने रहने का पूरा अधिकार नहीं देता. हलफनामे में सरकार ने धोखाधड़ी से संबंधित कानूनी सिद्धांत का भी उल्लेख किया है. सरकार ने कहा कि अगर धोखाधड़ी साबित होती है, तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाती है, जिसका मतलब है कि गंभीर गड़बड़ी या धोखाधड़ी पाए जाने पर नियुक्तियों को रद्द किया जा सकता है. सरकार ने कहा कि प्रशासनिक सेवा राज्य की रीढ़ है. 79 याचिकाकर्ताओं के निजी हितों की तुलना में राज्य की प्रशासनिक सेवाओं की पवित्रता/ईमानदारी और लाखों ईमानदार अभ्यर्थियों के अधिकार ज्यादा महत्वपूर्ण हैं.

    जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियुक्ति रद्द
    इसी कानूनी आधार पर, सरकार ने उन नियुक्तियों को रद्द करने का फैसला किया है जिनके खिलाफ याचिका दायर की गई है. यह हलफनामा 11वीं से 13वीं झारखंड संयुक्त प्रशासनिक सेवा परीक्षा की नियुक्तियों को रद्द करने के खिलाफ दायर याचिका के जवाब में दिया गया है. सरकार ने याचिकाकर्ताओं के दावों को खारिज करते हुए जांच में सामने आए तथ्यों को आधार बनाया है.

    28 गिरफ्तार, 265 सफल अभ्यर्थियों को नोटिस
    जेएसएससी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी की सीआईडी जांच जारी है. सीआईडी ने अब तक 28 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं परीक्षा में सफल 265 अभ्यर्थियों से पूछताछ की जा रही है. यह गिरफ्तारियां और नोटिस दिखाते हैं कि परीक्षा में कितनी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई थी, और यह भी बताते हैं कि जांच कितनी गहराई से चल रही है. जांच में परीक्षा संचालन करने वाली कंपनी आईसीएन के संचालक से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं. सीआईडी के अनुसार, कुछ अभ्यर्थियों को कोलकाता, बिहार और नेपाल ले जाकर उत्तर रटवाये गए थे. ऐसे 28 अभ्यर्थियों में से 10 का चयन हुआ है. अब चयनित अभ्यर्थियों की भूमिका और परीक्षा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी की जांच की जा रही है.

    सरकार का तर्क
    सरकार ने हाईकोर्ट में कहा है कि परीक्षा में सफल होना या नियुक्ति पत्र मिलना अपने आप में पद पर बने रहने का पक्का अधिकार नहीं देता. यदि पूरी परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ी या धोखाधड़ी साबित होती है, तो ऐसी प्रक्रिया के आधार पर हुई नियुक्तियों को बनाए रखना संभव नहीं है.

  • भीड़ में यात्रियों को बनाती थीं निशाना, पटना जंक्शन से 8 महिला चोर गिरफ्तार

    भीड़ में यात्रियों को बनाती थीं निशाना, पटना जंक्शन से 8 महिला चोर गिरफ्तार

    पटना
    पटना जंक्शन पर यात्रियों के मोबाइल, बैग और आभूषण पर हाथ साफ करने वाले महिला गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और GRP की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है।

    टीम ने पटना जंक्शन से आठ महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी का एक स्मार्ट मोबाइल फोन, चांदी की चेन, हनुमान जी के दो लॉकेट, दुर्गा जी का एक लॉकेट और चांदी की तीन बिछिया बरामद की गई हैं।

    गिरफ्तार आरोपितों में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के कुन्दु थाना क्षेत्र स्थित कुन्दु गांव की पूजा देवी, किरण देवी, शीला देवी, रागणी देवी, चिडई देवी, अंजोरी देवी और शिवाणी कुमारी शामिल हैं।

    आठवीं आरोपित जमुना देवी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के काली टोला थाना क्षेत्र स्थित बलरामपुर पटरी की रहने वाली है।

    भीड़ और गेट पर धक्का-मुक्की का उठाती थीं फायदा
    पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपित महिलाएं संगठित तरीके से ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सक्रिय थीं। भीड़भाड़ वाले कोच, ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान गेट पर होने वाली धक्का-मुक्की और सोए हुए यात्रियों को निशाना बनाया जाता था।

    यात्रियों की असावधानी का फायदा उठाकर मोबाइल, बैग, लगेज, लैपटॉप, चेन, लॉकेट और अन्य कीमती सामान चोरी करने के बाद मौका मिलते ही ट्रेन से उतरकर फरार हो जाती थीं।

    प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुट ओवरब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया और चार्जिंग प्वाइंट भी इनके निशाने पर रहते थे। चार्जिंग में लगे मोबाइल और यात्रियों की जेब से सामान उड़ाने का भी आरोप है।

    महिला को देख नहीं बरतें लापरवाही
    आरपीएफ पटना पोस्ट के इंस्पेक्टर साकेत कुमार ने बताया कि यात्रियों को किसी व्यक्ति की वेशभूषा, व्यवहार या लिंग देखकर सुरक्षा के प्रति लापरवाह नहीं होना चाहिए।

    अपराधी किसी भी उम्र, लिंग या वेशभूषा में हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसका मतलब किसी महिला या पुरुष यात्री पर संदेह करना नहीं, बल्कि अपनी संपत्ति और व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना है।

    आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि मोबाइल को ट्रेन के दरवाजे या खिड़की के पास असावधानी से इस्तेमाल न करें।

    गले की चेन और अन्य आभूषणों को सुरक्षित रखें। अपरिचित व्यक्ति को मोबाइल, पर्स या अन्य कीमती सामान न सौंपें। सोते समय सामान को सुरक्षित रखें और समय-समय पर उसकी जांच करते रहें। किसी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को सूचना दें।

  • Bigg Boss 20 के 15 दिन पूरे, सलमान-काजी ने संभाली शो की कमान

    Bigg Boss 20 के 15 दिन पूरे, सलमान-काजी ने संभाली शो की कमान

    अगर आपको लग रहा है कि 'बिग बॉस 20' के घर में कोई माइंड गेम्स या मास्टरप्लांस चल रहे हैं, तो जरा अपना वहम दूर कर लीजिए. सच तो यह है कि इस बार शो की नैया सिर्फ दो ही पतवारों के सहारे तैर रही है. एक तरफ 'दबंग' सलमान खान का रौब और दूसरी तरफ काजी तौकीर का अनफिल्टर्ड स्वैग. बाकी कंटेस्टेंट्स? अरे साहब, वो तो ऐसा लगता है जैसे बिग बॉस हाउस में सिर्फ फ्री का राशन खत्म करने और एसी की हवा खाने आए हैं.

    बिग बॉस 20 के 15 दिनों का कच्चा-चिट्ठा
    प्रीमियर डे पर लगा शॉक
    शो की प्रीमियर नाइट पर जब एक-एक करके कंटेस्टेंट्स के चेहरे सामने आए, तो टीवी के सामने बैठी जनता ने अपना सिर पकड़ लिया था. हर किसी के जहन में बस एक ही सवाल चल रहा था कि क्या सच में बिग बॉस की टीम ने नींद में कास्टिंग की थी? शो की कास्टिंग देखकर लग ही नहीं रहा था कि यह देश के सबसे बड़े रियलिटी शो का नया सीजन है. लगने लगा था कि इन अनजाने और बेदम चेहरों के साथ 3-4 महीने गुजारना तो दूर, 15 दिन काटना भी पहाड़ चढ़ने जैसा होगा.

    वीकेंड का वार ने बचाई लाज
    लेकिन कहते हैं न, जब सब तरफ अंधेरा हो, तो सलमान खान ही उजाला लाते हैं. असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब 'सिंघम' स्टाइल में सलमान खान की एंट्री हुई. पिछले कुछ सालों से हेटर्स ताने मार रहे थे कि सलमान अब थक गए हैं, उनकी एनर्जी बुझ चुकी है. पर इस वीकेंड का वार में जो हुआ, उसने पूरे देश के रोंगटे खड़े कर दिए.

    ट्रोल्स की बकवास से गुस्से में तिलमिलाए सलमान ने ऑन-कैमरा अपनी टी-शर्ट उतारकर फेंक दी, अपना मेकअप साफ़ कर दिया और ट्रोलर्स की आंखों में आंखें डालकर ऐसी चुनौती दी कि पूरा सोशल मीडिया थर्रा उठा. TRP का जो ग्राफ नीचे गिर रहा था, वो सलमान के इस दबंग तेवर से सीधे आसमान छूने लगा. वीकेंड का वार सिर्फ एपिसोड नहीं, बल्कि एक ब्लॉकबस्टर थ्रिलर बन गया.

    काजी तौकीर घर के इकलौते 'शो-स्टॉपर'
    अगर सलमान खान वीकेंड पर आकर शो में ऑक्सीजन देने का काम कर रहे हैं, तो हफ्तेभर बाकी 5 दिन घर के अंदर सांसें फूंकने का काम सिर्फ काजी तौकीर कर रहे हैं. उनका 'आई-डोंट-केयर' वाला रॉकस्टार एटीट्यूड, बिना किसी डर के पंगे लेना और अरिश्फा के साथ फादर-डॉटर वाला रिश्ता दर्शकों को स्क्रीन से चिपकाए रखता है. घर के अंदर चल रही किसी भी साजिश या गुटबाजी से बेफिक्र, काजी अकेले ही बाकी सारे कंटेस्टेंट्स पर भारी पड़ रहे हैं. अरिश्फा भी पूरी जी-जान लगाकर शो को एंटरटेनिंग बनाने की कोशिश कर रही हैं.

    बाकी कंटेस्टेंट्स का 'ड्रामा मीटर'
    ईशा रिखी, रीति तिवारी और अमन… इन्हें देखकर तो बिग बॉस भी सोच में पड़ जाते होंगे कि ये घर में हैं या नहीं. इनका शो में होना या न होना एक बराबर है.

    माही विज VS आम्रपाली: घर की असली चटपटी आंटी-स्टाइल गॉसिप यहीं से निकलती है. दोनों की छोटी-छोटी बात पर नोक-झोक और 'कैट फाइट' ही घर में थोड़ा-बहुत ड्रामा जिंदा रखे हुए है.

    लव का इरिटेशन-फैक्टर: लव जब-जब स्क्रीन पर आती हैं या चिल्लाना शुरू करती हैं, दर्शक सीधे म्यूट का बटन खोजते हैं. उनका गुस्सा एंटरटेनिंग कम और माइग्रेन का दर्द ज्यादा देता है.

    15 दिनों का फाइनल वर्डिक्ट
    कुल मिलाकर बात यह है कि बिग बॉस 20 की पूरी साख इस वक्त सलमान खान की कड़क होस्टिंग और काजी तौकीर के 'वन-मैन शो' के दम पर टिकी हुई है. TRP का बोझ भी अकेले सलमान खान के कंधों पर है और घर के अंदर काजी तौकीर ही इस शो की डूबती नैया को बचाए हुए हैं.

    अब देखना बड़ा दिलचस्प होगा कि क्या काजी का अकेला कंधा पूरे सीजन की TRP खींच पाएगा? या फिर सलमान खान को हर हफ्ते आकर किसी न किसी की क्लास लगानी पड़ेगी? ड्रामा अभी बाकी है और गॉसिप्स का बाजार गर्म है, तो देखते रहिए बिग बॉस….