Author: NewseDay

  • LIC Housing Finance Loan Case: 4 कंपनियों का बड़ा प्रस्ताव, सुभाष चंद्रा मामले में 10% ब्याज के साथ चुकाएंगी बकाया

    LIC Housing Finance Loan Case: 4 कंपनियों का बड़ा प्रस्ताव, सुभाष चंद्रा मामले में 10% ब्याज के साथ चुकाएंगी बकाया

     नई दिल्ली
    एस्सेल ग्रुप (Essel Group) के चेयरमैन सुभाष चंद्रा (Subhash Chandra) की पर्सनल गारंटी से जुड़े एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लोन (LIC Housing Finance Loan) मामले में सेटलमेंट का एक नया प्रस्ताव सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, कर्ज लेने वाली चार कंपनियों ने एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड को 100 फीसदी बकाया मूलधन और उस पर 10 फीसदी ब्याज के साथ भुगतान करने का प्रस्ताव दिया है। 

    इस मामले में यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब इससे पहले ₹22,006 करोड़ के क्लेम के मामले में एनसीएलटी से 99.97 फीसदी हेयरकट मिलने को सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर भारी-भरकम व्यक्तिगत कर्ज माफी बताए जाने को लेकर सुभाष चंद्रा ने आपत्ति जताई थी. उनका कहना था कि इस मामले को भारी-भरकम व्यक्तिगत कर्ज माफी के तौर पर पेश नहीं किया जाना चाहिए. चंद्रा के मुताबिक, उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर किसी लेंडर्स से पैसे नहीं लिए थे. उनका कहना था कि वह सिर्फ एस्सेल ग्रुप से जुड़ी कर्ज लेने वाली कंपनियों के लिए पर्सनल गारंटर थे। 

    किन कंपनियों ने लिया था कर्ज?

    यह मामला उन कंपनियों के कर्ज से जुड़ा है, जिनके लिए सुभाष चंद्रा पर्सनल गारंटर थे. वसंत सागर प्रॉपर्टीज लिमिटेड और पैन इंडिया इन्फ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड से कुल ₹500 करोड़ का कर्ज लिया था. वहीं, डिजिटल सब्सक्राइबर मैनेजमेंट एंड कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और स्प्रिट इन्फ्रापावर प्रोजेक्ट ने ₹480 करोड़ का लोन लिया था। 

    क्या है नया सेटलमेंट प्रस्ताव?
    सूत्रों के मुताबिक, इन चारों कंपनियों ने एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस को सेटलमेंट प्रस्ताव सौंपे हैं. प्रस्ताव में 100 फीसदी मूलधन 10 फीसदी ब्याज के साथ भुगतान करने की बात कही गई है. ये वही कंपनियां हैं, जिनके कर्ज के संबंध में सुभाष चंद्रा ने पर्सनल गारंटर की भूमिका निभाई थी. एनसीएलटी से 99.97 फीसदी हेयरकट मिलने के मामले में सुभाष चंद्रा ने यह भी कहा था कि ₹22,006 करोड़ का आंकड़ा कार्यवाही में दाखिल किए गए क्लेम को दर्शाता है। 

    उनके मुताबिक, इस राशि को उनका व्यक्तिगत बकाया कर्ज नहीं माना जाना चाहिए. सुभाष चंद्रा ने कहा था कि ₹21,696 करोड़ के क्लेम मंजूर किए गए थे, जबकि सेटलमेंट प्लान का विरोध करने वाले लेंडर्स के कुल क्लेम करीब 3,992 करोड़ रुपये थे. इसमें से 620 करोड़ रुपये के क्लेम पहले ही निपटाए जा चुके थे, जिससे लगभग 3,372 करोड़ रुपये की राशि बची थी। 

    लेंडर्स से बातचीत भी जारी
    सुभाष चंद्रा ने आगे कहा था कि कर्ज लेने वाली कंपनियों ने आपत्ति जताने वाले कई लेंडर्स को करीब ₹1,113 करोड़ का भुगतान करने की पेशकश की थी. उन्होंने यह भी कहा था कि इन लेंडर्स के साथ बातचीत जारी है. फिलहाल एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस के सामने रखे गए नए सेटलमेंट प्रस्ताव में चारों कंपनियों की ओर से 100 फीसदी मूलधन और 10 फीसदी ब्याज के साथ भुगतान की पेशकश की गई है. अब आगे की तस्वीर इन सेटलमेंट प्रस्तावों पर होने वाली प्रगति और आपत्ति जताने वाले लेंडर्स के साथ चल रही बातचीत के नतीजों से साफ होगी। 

  • लखनऊ एयरपोर्ट को बड़ा तोहफा! रियाद के लिए बढ़ेंगी फ्लाइटें, दिसंबर से शुरू होगी लो-बजट सेवा

    लखनऊ एयरपोर्ट को बड़ा तोहफा! रियाद के लिए बढ़ेंगी फ्लाइटें, दिसंबर से शुरू होगी लो-बजट सेवा

    लखनऊ
    यूपी से अरब देशों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ेगी। दिसंबर अंत तक रियाद के लिए लखनऊ से सीधी तीन फ्लाइटें हो जाएंगी। दुबई सरकार की एयरलाइंस फ्लाई दुबई अपनी लो बजट ‘फ्लाई डील’ लेकर आ रही है। यह फ्लाइट दिसम्बर से शुरू होगी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार इस बीच लखनऊ से रियाद जाने वाले यात्रियों का दबाव बढ़ा है। इसी को देखते हुए कनेक्टिविटी बढ़ रही है। अक्तूबर से एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस भी रियाद के लिए नई फ्लाइटें शुरू करने जा रही है जो सप्ताह में तीन दिन दोनों एयरपोर्ट के बीच संचालित होगी।

    फ्लाई डील के सूत्रों ने बताया कि उनकी फ्लाइट दिसम्बर से शुरू होगी और किराया अपेक्षाकृत कम होगा। मौजूदा समय लखनऊ-रियाद के बीच फ्लाइनास की फ्लाइट संचालित हो रही है। फ्लाइटों के विंटर शेड्यूल के लिए कुछ दिन पहले विभिन्न एयरलाइंस ने सर्वे कराया था।

    रियाद-लखनऊ के बीच 350 यात्री रोज कर रहे यात्रा
    सूत्र ने बताया कि लखनऊ से रोजाना करीब 350 यात्री औसतन रियाद और वहां से लखनऊ के लिए यात्रा कर रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली-मुम्बई हो कर जाने वाली कनेक्टिंग उड़ानों से करीब 200 से 250 यात्री आ-जा रहे हैं। ऐसे में यदि सीधी फ्लाइट मिलेगी तो यात्रियों के लिए आसानी होगी।

    अब घरेलू फ्लाइटें भी बढ़ेंगी
    एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार सर्दियों की समय सारिणी में कुछ घरेलू फ्लाइटें बढ़ने की उम्मीद है। पुणे और बेंगलुरू के फेरे बढ़ने के अलावा कुछ अन्य रूटों के लिए भी यात्रियों के दबाव को देखते हुए सर्वे हुआ है। लखनऊ एयरपोर्ट पर रनवे मेंटेनेंस की वजह से कुछ समय पूर्व फ्लाइटों में कटौती हुई थी। उसके बाद फ्लाइटों की संख्या 125 से 80 -85 के बीच आ गई थी। अब यह संख्या फिर से बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

    लखनऊ आ रही फ्लाइट में लगा झटका, अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
    वहीं, पटना से लखनऊ आ रही फ्लाइट आसमान में किसी चीज से टकराई और तेज झटका लगा। बुधवार की शाम लखनऊ आई इंडिगो के विमान का उतरने के बाद जांच में नोज क्षतिग्रस्त मिला। हादसे में विमान में सवार 170 यात्री बाल-बाल बच गए।

    टक्कर बादलों के बीच बर्फ के टुकड़ों से हुई या चिड़िया से, इसकी जांच शुरू हो गई है। विमान की नोज यानी अगला हिस्सा आगे से पिचक गया है। ऐसा लग रहा है मानो किसी बड़ी चीज से टक्कर हुई हो। इंडिगो ने तुरंत इसकी सूचना डीजीसीए को देते हुए विमान को ग्राउंड कर दिया। इस विमान को यहां से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरनी थी। एयरलाइंस ने यात्रियों को फ्लाइट निरस्त होने की सूचना देते हुए दूसरी उड़ान से जाने या रिफंड कराने का विकल्प दिया।

    सूत्रों के अनुसार इंडिगो की उड़ान (6ई-925) पटना से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार पायलट ने एटीसी को बताया कि नीचे उतरते हुए करीब 17 हजार फुट की ऊंचाई पर बादलों के बीच कुछ हुआ। विमान को झटका लगने की भी बात सामने आ रही है। कुछ क्रू सदस्यों ने बिजली गिरने की बात कही है।

  • नशामुक्त समाज का संकल्प, NSS स्वयंसेवकों ने ली नशा न करने और दूसरों को जागरूक करने की शपथ

    नशामुक्त समाज का संकल्प, NSS स्वयंसेवकों ने ली नशा न करने और दूसरों को जागरूक करने की शपथ

    N.S.S. स्वयंसेवकों ने नशे के विरुद्ध ली शपथ नशा न करेंगे ना करने के लिए प्रेरित करेंगे

    (माधव महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा 300 छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया, नशामुक्त जीवन की ली शपथ)

    ग्वालियर 
     भारत सरकार के राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़, भोपाल के निर्देशानुसार माधव महाविद्यालय, ग्वालियर के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयसेवकों ने हेल्थ वॉक रन स्टेप अप, स्टे एडिक्शन फी' कार्यक्रम आयोजित किया। 'मेरी सेहत, मेरा गर्व आधारित थीम पर वॉक रन में स्वयंसेवकों ने आमजन को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ अशुल श्रीवास्तव सदस्य हिन्दी सलाहाकार समिति युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं प्राचार्य डॉ शिव कुमार शर्मा माधव महाविद्यालय ने नशा मुक्त विकसित भारत सौ सप्ताह की शपथ दिलाई एवं डॉ हरीशकर कसाना समन्वयक एन एस. एस जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर, डॉ. मनोज अवस्थी जिला संगठक एन एस एस ग्वालियर, धर्मेन्द्र वर्मा एस.डी.आर.एफ कमांडेंट एवं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ सजय कुमार पाण्डेय एन. एस. एस. माधव महाविद्यालय, ग्वालियर ने रैली को हरी झण्डी दिखाई।

    मुख्य अतिथि डॉ. अशुल श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों व उपस्थित लोगों को नशामुक्त विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता का सदेश दिया गया। हेल्थ वॉक / रन की शुरूआत महादजी नगर से केदारपुर तक तय कर सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र का आधारस्तम्भ होती है। देश का युवा यदि स्वस्थ, जागरूक और अनुशासित रहेगा तो भारत विकास के नए शिखर छू सकता है। उन्होंने कह कि मेरी सेहत, मेरा गर्व केवल एक विचार नहीं, बल्कि स्वस्थ और नशामुक्त जीवन की दिशा में सामूहिक सकल्प है।

    कार्यक्रम में एन.एस.एस. अधिकारी डॉ. हिंदू सिंह धाकड़, डॉ नरेन्द्र कुमार वर्मा, डॉ अर्चना सिह, डॉ. विनोद सिंह कुशवाह, डॉ गिरजा नरवरिया, डॉ दीक्षा त्यागी, डॉ एचएल. पटेल के साथ बड़ी संख्या में एन.एस.एस. स्वयंसेवक उपस्थित थे।

  • विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की हो चुकी सीधी भर्ती: सीएम

    विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की हो चुकी सीधी भर्ती: सीएम

    2017 से पहले भर्तियों में प्रतिभा से अधिक सिफारिश-पहुंच की होती थी चर्चा: मुख्यमंत्री

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर किया पोस्ट- गुरुवार को 470 खिलाड़ियों को प्रदान किए जाएंगे नियुक्ति-पत्र 

    विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की हो चुकी सीधी भर्ती: सीएम

    उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी बढ़ रही आगे: मुख्यमंत्री

    लखनऊ,
     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद आई सकारात्मक खेल संस्कृति से युवाओं व नागरिकों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मैदान में मेधा, उपलब्धि पर सम्मान और प्रतिभा को राष्ट्र सेवा का अवसर, यही 'नए उत्तर प्रदेश' की नई खेल संस्कृति है। मुख्यमंत्री ने 2017 के पहले खिलाड़ियों की अनदेखी व 2017 के बाद नई खेल नीति की भी चर्चा की। 

    गुरुवार को 470 खिलाड़ियों को दिए जाएंगे नियुक्ति-पत्र 
    मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा कि इसी संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए आज उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के अंतर्गत चयनित 43 उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस), 295 आरक्षी (नागरिक पुलिस) एवं 132 आरक्षी (पीएसी) सहित कुल 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

    2017 से पहले उपेक्षित था खेल कोटा
    मुख्यमंत्री ने लिखा कि आज खिलाड़ियों के लिए खुल रहे सरकारी सेवा के द्वार उस बदलाव की तस्वीर भी हैं, जो उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2017 के बाद देखी है। इससे पहले खेल कोटा उपेक्षित था और भर्तियों में प्रतिभा से अधिक सिफारिश व पहुंच की चर्चा होती थी।

    डबल इंजन सरकार ने खिलाड़ियों को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ा
    मुख्यमंत्री ने बताया कि डबल इंजन सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोजगार व सुरक्षित भविष्य से जोड़ा है। इसी का परिणाम है कि विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस में 866 अन्य खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

    मुख्यमंत्री ने सभी चयनित खिलाड़ियों को उनके स्वर्णिम भविष्य हेतु अनंत शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

  • पंजाब-CBI विवाद में सुप्रीम कोर्ट का रुख आज साफ होगा, मान सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी

    पंजाब-CBI विवाद में सुप्रीम कोर्ट का रुख आज साफ होगा, मान सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी

    चंडीगढ़ 
    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ऑफिस से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में सुप्रीम कोर्ट आज गुरुवार को पंजाब सरकार की याचिका पर सुनवाई करेगा। पंजाब सरकार ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें CBI को केस दर्ज कर आरोपों की जांच कर रही है। 

    हाईकोर्ट के इसी आदेश के बाद सीबीआई ने मंगलवार शाम 5 बजे CM भगवंत मान के चंडीगढ़ कैंप ऑफिस, सीएम के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन के घर समेत पंजाब में 8 जगहों पर रेड की। टीमों ने लैपटॉप, मोबाइल और दस्तावेज जब्त किए। कार्रवाई रात 11 बजे तक चली।

    इसके बाद घुम्मन समेत 6 लोगों को समन जारी किया गया। उन्हें चंडीगढ़ में CBI ऑफिस में पेश होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। बता दें कि ED ने CM ऑफिस में ट्रांसफर-पोस्टिंग और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। ED ने CM के OSD राजबीर सिंह घुम्मन को मुख्य आरोपी बताया था, लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज नहीं की।

    पंजाब सरकार ने CBI जांच रोकने की मांग की
    पंजाब सरकार ने 6 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में SLP दाखिल की थी। सरकार की ओर से वरिष्ठ वकील विकास सिंह ने तत्काल सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि मामला राज्य के अधिकार क्षेत्र और संघीय ढांचे से जुड़ा है। उन्होंने चुनाव से पहले इस तरह की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। सुप्रीम कोर्ट ने उसी दिन तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए बुधवार या गुरुवार को मामले को लेने की बात कही थी।

    हाईकोर्ट ने CBI को FIR और जांच के आदेश दिए
    पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने 5 अक्टूबर को ED की ओर से पंजाब पुलिस को भेजी गई जानकारी पर CBI जांच का आदेश दिया था। कोर्ट ने CBI को केस दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने और दो महीने में स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा। साथ ही पंजाब सरकार और पुलिस को जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। कोर्ट ने यह भी कहा कि ED के आरोपों की जांच के दौरान ही उनकी पुष्टि या खंडन होगा।

    ED ने ट्रांसफर-पोस्टिंग और टेंडर में दखल के आरोप लगाए
    ED ने जुलाई-अगस्त में पंजाब DGP को भेजी चिट्ठियों में CM के OSD राजबीर सिंह घुम्मन और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की थी। ED के आरोपों में सरकारी अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग, सरकारी टेंडर, नीतिगत फैसलों, गोपनीय दस्तावेजों और अन्य सरकारी मंजूरियों में कथित प्रभाव का जिक्र था। एजेंसी ने नितिन गोहल को कथित बिचौलिया बताया था।

    CBI ने 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया
    हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने CM के OSD राजबीर सिंह घुम्मन समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। इनमें नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और RS नागरा के नाम शामिल हैं। इसके बाद मंगलवार को CBI ने इनसे जुड़े 8 ठिकानों पर तलाशी ली।

     

    पंजाब CM ऑफिस से जुड़ा कथित करप्शन का पूरा मामला

        ED ने DGP को 3 चिट्ठियां भेजीं: जुलाई-अगस्त 2026 में ED ने पंजाब DGP गौरव यादव को 3 चिटि्ठयां भेजकर CM ऑफिस से जुड़े कथित भ्रष्टाचार पर FIR की मांग की। जिसमें ट्रांसफर-पोस्टिंग, नीतिगत फैसलों, टेंडर, CLU और अन्य सरकारी मंजूरियों में कथित दखल के आरोप लगे।
        CM के OSD का नाम सामने आया: ED के मुताबिक नितिन गोहल, राजबीर सिंह घुम्मन और अन्य लोगों की भूमिका सामने आई। एजेंसी ने गोहल को सरकारी काम कराने के इच्छुक लोगों और CM के OSD घुम्मन के बीच कथित बिचौलिया बताया।
        सबूत के तौर पर चैट का दावा: ED ने वॉट्सएप चैट और दूसरे डिजिटल सबूत मिलने का दावा किया। इनमें ट्रांसफर-पोस्टिंग, पॉलिसी फैसलों, टेंडर और सरकारी दस्तावेजों तक कथित पहुंच से जुड़ी बातचीत का जिक्र है।
        तलाशी में कैश और डिजिटल सामग्री: ED की जांच के दौरान नितिन गोहल समेत कुछ लोगों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी में दस्तावेज और डिजिटल सामग्री मिलने की बात सामने आई। ED ने गोहल से 20.98 लाख रुपए नकद बरामद होने का भी दावा किया है।
        जमीन और रियल एस्टेट एंगल: मामला GMADA की जमीन, CLU, प्रॉपर्टी लेन-देन और रियल एस्टेट से जुड़े कथित अनियमितताओं की मनी लॉन्ड्रिंग जांच से निकला। ED ने सरकारी मंजूरियों और जमीन से जुड़े मामलों में कथित प्रभाव का आरोप लगाया।
        हाईकोर्ट ने CBI को सौंपी जांच: 5 अक्टूबर को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा कि ED की ओर से दी गई डिटेल्स अपराध की ओर इशारा करती है। कोर्ट ने CBI को FIR दर्ज कर जांच करने और दो महीने में स्टेटस रिपोर्ट देने का आदेश दिया।

  • विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक निभाए अपनी भागीदारी : मुख्यमंत्री साय

    विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक निभाए अपनी भागीदारी : मुख्यमंत्री साय

    रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    प्रधानमंत्री मोदी का जीवन राष्ट्र सेवा, दृढ़ संकल्प और जनकल्याण की प्रेरक गाथा – मुख्यमंत्री साय

    विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक निभाए अपनी भागीदारी : मुख्यमंत्री साय

    ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो में जीवंत हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणादायी जीवन यात्रा

    ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय

    छत्तीसगढ़ में रेल, जनजातीय विकास और निवेश के क्षेत्र में खुल रहे नई प्रगति के द्वार

    रायपुर

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में शामिल हुए। समारोह में आयोजित ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संघर्ष से सेवा और सेवा से राष्ट्र निर्माण तक की प्रेरणादायी जीवन यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन देश के सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव का साक्षी है। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं। लगभग 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यह यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर वे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व में शासन की योजनाओं का केंद्र गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग बने हैं तथा विकास की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हुई है।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस संकल्प को साकार करना केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित भारत के निर्माण के साथ हमें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी पूरी शक्ति और संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान को 13 अलग-अलग बिंदुओं के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।

    *प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा*

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जानने का अवसर मिला। उनका जीवन विशेष रूप से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।

    उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर अपने परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और सेवा भाव के माध्यम से देश का नेतृत्व करने तक की प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा युवाओं को यह संदेश देती है कि संकल्प मजबूत हो और उद्देश्य जनसेवा का हो तो बड़ी से बड़ी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।

    *प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बस्तर में शांति और विकास का नया अध्याय*

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के अदम्य साहस तथा स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिली है।

    उन्होंने कहा कि दशकों तक हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर में आज परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। जिन क्षेत्रों में कभी विकास पहुंचना कठिन था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं। बस्तर में शांति, विकास और जनविश्वास का नया दौर प्रारंभ हुआ है। केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 को देश के प्रभावी रूप से नक्सलवाद मुक्त होने की उपलब्धि रेखांकित की थी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प है कि बस्तर का प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और वहां के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर प्राप्त हों।

    *किसानों की समृद्धि हमारी प्राथमिकता*

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।  केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसान हित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

    *महतारी वंदन से मजबूत हुआ महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन*

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तिकरण को राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बनाया है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

    उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक  20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। यह राशि महिलाओं के हाथों में आर्थिक सामर्थ्य देने के साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी को भी मजबूत कर रही है।

    *छत्तीसगढ़ की रेल कनेक्टिविटी को मिल रहा अभूतपूर्व विस्तार*

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 51 हजार करोड़ रुपए के कार्य चल रहे हैं।

    उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। नई रेल परियोजनाओं और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बेहतर रेल नेटवर्क से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी।

    *जनजातीय गांवों में मजबूत हो रही बुनियादी सुविधाएं*

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उनकी संस्कृति का संरक्षण और उनके क्षेत्रों का समग्र विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं में रहा है।

    उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में विकास की पहुंच बढ़ने से वहां रहने वाले परिवार तेजी से शासन की योजनाओं और सुविधाओं से जुड़ रहे हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज हमारी संस्कृति और परंपराओं का गौरव है। सरकार का प्रयास है कि विकास की यात्रा में जनजातीय अंचल न केवल सहभागी बनें, बल्कि प्रदेश की प्रगति के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे आएं।

    *वैश्विक निवेश के मानचित्र पर उभर रहा छत्तीसगढ़*

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत के प्रति बढ़े विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। हमारी सरकार ने नई औद्योगिक विकास नीति, पारदर्शी प्रशासन और निवेश-अनुकूल वातावरण के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं।

    उन्होंने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंगापुर के उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों में व्यापक उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि राज्य की नवीन औद्योगिक विकास नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण से प्रभावित होकर 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और छत्तीसगढ़ को आधुनिक उद्योग, तकनीक एवं नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।

    उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। हमारा लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जो समृद्ध भी हो, आत्मनिर्भर भी हो और देश की विकास यात्रा में अग्रणी योगदान भी दे।

    सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 का निर्माण केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय लक्ष्य है।

    उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए देश की आर्थिक प्रगति और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

    कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने देश की सेवा को सर्वोपरि रखते हुए अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है।

    उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से लेकर विकसित भारत-2047 के संकल्प तक प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सामने ऐसे लक्ष्य रखे हैं, जिन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा और राष्ट्र समर्पण की महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

    इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

  • काशी पहुंचे CM योगी और हिमंता बिस्वा सरमा, बाबा विश्वनाथ का विधिवत किया दर्शन-पूजन

    काशी पहुंचे CM योगी और हिमंता बिस्वा सरमा, बाबा विश्वनाथ का विधिवत किया दर्शन-पूजन

    मुख्यमंत्री योगी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता ने काशी कोतवाल और बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन-पूजन

    वाराणसी
     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। दोनों मुख्यमंत्री ने बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ का पूजन-अर्चन कर राष्ट्र के सुख, समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। 

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और  असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा  सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आरती की । इसके बाद दोनों मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और गर्भगृह में जाकर  जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्य़ाण की कामना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काल भैरव मंदिर में मौजूद बच्चों को स्नेह के साथ चॉकलेट दी।

  • मां रूपी सोरेन को अंतिम विदाई, मोरहाबादी आवास से पैतृक गांव नेमरा रवाना हुआ पार्थिव शरीर

    मां रूपी सोरेन को अंतिम विदाई, मोरहाबादी आवास से पैतृक गांव नेमरा रवाना हुआ पार्थिव शरीर

     रांची
    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन के बाद आज उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। उनका पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। यहां परिवार के सदस्यों, झामुमो नेताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला जारी था। इस बीच, रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए रांची से उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ रवाना हो गया है। नेमरा में आज उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

    रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए मोरहाबादी स्थित गुरुजी आवास पर नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बेरमो विधायक अनूप सिंह और पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भी रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन किए। रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए धनबाद सांसद ढुल्लू महतो भी रांची के मोरहाबादी स्थित उनके आवास पहुंचे हैं.

    बसंत सोरेन के झारखंड आने पर संशय
    रूपी सोरेन के छोटे बेटे और दुमका विधायक बसंत सोरेन उनके अंतिम दर्शन के लिए रांची पहुंचेंगे या नहीं, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

    झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि बसंत सोरेन इस समय सिंगापुर में इलाज करा रहे हैं। उनके रांची आने को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं है। इससे पहले उनके सुबह करीब नौ बजे तक रांची पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी।

    बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दी श्रद्धांजलि
    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने शोक जताया है। दोनों ने रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

    सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी श्रीमती रूपी सोरेन के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

    पीएम मोदी ने भी दी श्रद्धांजलि
    रूपी सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शोक जताया है। उन्होंने संताली भाषा में पोस्ट कर रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि रूपी सोरेन के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने जनजातीय समुदायों के सशक्तीकरण के लिए लगातार काम किया।

    प्रधानमंत्री मोदी ने शोक की इस घड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
     रूपी सोरेन जी के निधन से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने सदैव जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण के लिए कार्य किए। शोक की इस घड़ी में हेमंत सोरेन जी, कल्पना जी और उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।

    रूपी सोरेन का बुधवार रात करीब आठ बजे रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हुआ था। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें 18 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    पहले बाबा का साथ छूटा, अब मां भी चली गईं..
    रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भावुक पोस्ट साझा कर अपनी मां को याद किया। उन्होंने लिखा, “बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं। आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं।” इसके बाद हेमंत सोरेन ने सिर्फ “मां….” लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

     

  • ‘हर गांव की खेल प्रतिभा पहुंचे मैदान तक’, बस्तर ओलंपिक 2026 को लेकर मंत्री केदार कश्यप का बड़ा संदेश

    ‘हर गांव की खेल प्रतिभा पहुंचे मैदान तक’, बस्तर ओलंपिक 2026 को लेकर मंत्री केदार कश्यप का बड़ा संदेश

    रायपुर : बस्तर ओलंपिक 2026 वन मंत्री केदार कश्यप ने कराया पंजीयन, अधिकाधिक भागीदारी पर दिया जोर

    हर गांव की खेल प्रतिभा पहुंचे मैदान तक- वन मंत्री केदार कश्यप

    रायपुर,

    जगदलपुर के धरमपुरा स्थित खेल परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर ओलंपिक 2026 के लिए स्वयं अपना पंजीयन कराया और बस्तर ओलंपिक के शुभंकर के साथ अपनी तस्वीर खिंचवाई। उन्होंने इस आयोजन को बस्तर की खेल प्रतिभाओं के लिए एक बहुत बड़ा और सुनहरा मंच बताया।

    दोगुने पंजीयन का लक्ष्य

    इस अवसर पर वन मंत्री ने युवाओं, महिलाओं और सभी खेल प्रेमियों से बढ़-चढ़कर पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में 3 लाख 91 हजार 289 खिलाड़ियों ने इसमें पंजीयन कराया था, और इस बार इसका दोगुना पंजीयन करने का लक्ष्य रखा गया है।

    गांव-गांव की प्रतिभाओं को अवसर

    वन मंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक सुदूर अंचल की छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बड़ा मंच प्रदान करने का एक बेहतरीन माध्यम है।

    नये बस्तर की पहचान

    जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ने की अपील करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नये बस्तर की एक नई पहचान उसके प्रतिभाशाली युवाओं के दम पर बनेगी। इस कार्यक्रम के दौरान चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

  • कबीरधाम में गूंजा सेवा का संदेश, भव्य सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

    कबीरधाम में गूंजा सेवा का संदेश, भव्य सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

    रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हुए शामिल

    पंडरिया विधायक  भावना बोहरा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष  मोना सेन सहित जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता

    हजारों नागरिकों ने सेवा, संकल्प और जनभागीदारी के साथ दिया विकसित भारत-2047 का संदेश

    रायपुर, 

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कबीरधाम जिले में भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती मोना सेन सहित जनप्रतिनिधियों और हजारों नागरिकों ने यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

         सेवा ज्योति यात्रा से पूर्व शासकीय पीजी कॉलेज के डोम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन को उपस्थित नागरिकों ने सुना। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए सेवा ज्योति चौक पहुंची। यात्रा में सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने भाग लेकर सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश दिया।

    *संकल्प मजबूत हो तो लक्ष्य कितना भी बड़ा हो, मंजिल हासिल की जा सकती है — उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा*

          उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और आज 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के मुखिया के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इन 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, संकल्प और देश को आगे ले जाने की यात्रा रही है।

         शर्मा ने कहा कि संकल्प लेना बड़ी बात है, लेकिन उसे धरातल पर उतारना उससे भी बड़ी बात है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का संकल्प देश के सामने रखा है। वर्ष 2047 में जब भारत विकसित राष्ट्र बने, तब हमारा छत्तीसगढ़ विकसित छत्तीसगढ़, कबीरधाम विकसित कबीरधाम और कवर्धा विकसित कवर्धा बने, यह हम सभी का संकल्प होना चाहिए।

          उन्होंने कहा कि लक्ष्य बड़ा हो सकता है और रास्ता कठिन हो सकता है, लेकिन संकल्प मजबूत हो तो मंजिल हासिल की जा सकती है। सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि जिले के विकास, सेवा और जनभागीदारी का संकल्प है। जब संकल्प बड़ा हो, नीयत स्पष्ट हो और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति साथ हो तो लक्ष्य कितना भी बड़ा क्यों न हो, “हम जरूर करबो।”

    *हिंसा की जगह विकास, भय की जगह विश्वास और बंदूक की जगह शिक्षा व रोजगार पहुंचे — शर्मा*

          उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। आतंकवाद के विरुद्ध सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने भारत के सामर्थ्य का संदेश दिया है। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को समाप्त करने तथा अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा जैसी घटनाएं देश के सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण रही हैं।

         उन्होंने छत्तीसगढ़ के संदर्भ में कहा कि हमारा संकल्प स्पष्ट है कि हिंसा की जगह विकास पहुंचे, भय की जगह विश्वास पहुंचे और बंदूक की जगह शिक्षा, रोजगार और अवसर पहुंचे। यही विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा है। विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है। कवर्धा, कबीरधाम और छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

    *सेवा को उत्सव और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाएं — विधायक श्रीमती भावना बोहरा*

          पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के प्रतीक हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “सेवा को उत्सव बनाइए और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाइए”, यही इस अभियान की मूल भावना है।

          श्रीमती बोहरा ने कहा कि सेवा सेतु, स्वच्छता अभियान, रंगोली सहित विभिन्न गतिविधियों में जिले के नागरिक उत्साह से भाग ले रहे हैं। विकसित भारत-2047 के संकल्प में कवर्धा और छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नागरिकों से इस संकल्प में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

    *जनसेवा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी — श्रीमती मोना सेन*

           फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती मोना सेन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक सुविधाएं पहुंचा रही है। आवास, राशन, शौचालय, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं से बड़ी संख्या में परिवार लाभान्वित हुए हैं।

          उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा योजनाएं बनाना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण उनका लाभ सही हितग्राही और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों का आयोजन नहीं, बल्कि समाज से जुड़ना, जरूरतमंदों तक पहुंचना और जनसेवा को मजबूत करना है।

         जिला अध्यक्ष राजेंद्र चन्द्रवंशी ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने “हम करेंगे — वी विल डू इट” के संकल्प के साथ विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।

          इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जयंती पटेल, मोतीराम चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, राज्य पुलिस प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुषमा गणपत बघेल, उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती नंदनी साहू, जनपद अध्यक्ष बोडला श्रीमती बालका रामकिंकर वर्मा, उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।