Author: NewseDay

  • संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने के लिए निर्णय

    संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने के लिए निर्णय

    लखनऊ
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में जनपद भदोही का नाम परिवर्तित कर ‘संत रविदासनगर भदोही’ किए जाने का निर्णय लिया गया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से यह फैसला किया गया है। हाल में मुख्यमंत्री ने भदोही में जनपद का नाम संत रविदासनगर जी के नाम पर रखने का एलान किया था, जिसे कैबिनेट के माध्यम से अमली जामा पहनाया गया है।

    वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि भारतीय संत परंपरा के प्रमुख संत एवं समाज सुधारक गुरु रविदास जी की स्मृति और सम्मान में जनपद का नाम बदलकर संत रविदासनगर भदोही रखा जाएगा। सरकार का मानना है कि इस नाम परिवर्तन से जिले की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं ऐतिहासिक पहचान को अभिव्यक्ति मिलेगी। पहले भी जनपद भदोही का नाम संत रविदासनगर भदोही किए जाने का प्रयास किया गया था, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार ने इसे बदल दिया था। नए नाम में संत रविदास जी का नाम भी रहेगा और भदोही की पहचान भी बरकरार रहेगी।

    राजस्व संहिता के तहत निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप है निर्णय
    वित्त मंत्री ने कहा कि नाम परिवर्तन की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के तहत निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप है। इस धारा के अंतर्गत राज्य सरकार को अधिसूचना जारी कर राजस्व क्षेत्रों की सीमाओं में परिवर्तन करने और उनका नामकरण करने का अधिकार प्राप्त है। इसके साथ ही प्रस्ताव भारत सरकार के 11 सितंबर 1953 के परिपत्र में उल्लिखित प्रावधानों के अनुरूप भी है। कैबिनेट के इस निर्णय के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत जनपद के नाम परिवर्तन की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

  • टोरंटो में गूंजेगी सिद्धू मूसेवाला की आवाज, ‘Sign to God’ होलोग्राम टूर से दुनिया भर में दिखेगा जलवा

    टोरंटो में गूंजेगी सिद्धू मूसेवाला की आवाज, ‘Sign to God’ होलोग्राम टूर से दुनिया भर में दिखेगा जलवा

    मानसा.

    हत्या के चार साल बाद पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला आज, शुक्रवार, एक बार फिर मंच पर नजर आने वाले हैं। होलोग्राम तकनीक के माध्यम से सिद्धू मूसेवाला वर्ल्ड टूर करने वाले पहले पंजाबी व भारतीय कलाकार बनने वाले हैं।

    तकरीबन 10 महीनों के इंतजार के बाद मूसेवाला का "साइन टू गॉड वर्ल्ड टूर" टोरंटो से शुरू होगा। मूसेवाला के फैंस के लिए इस शो के अलावा एक और खुशखबरी है। उनके लोकप्रीत गीत 295 को यू-ट्यूब पर 1.28 करोड़ से अधिक लाइक्स मिल गए हैं और वे सबसे अधिक पसंद किया जाने वाला गीत बन गया है। उनके पिता बलकौर सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया है कि इस शो के उद्घाटन पर उनके इसी प्रसिद्ध ट्रैक 295 का वीडियो जारी किया जाएगा। ये गीत वर्ष 2021 में रिलीज हुआ था। 

    सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि देंगे फैंस
    इस टूर और पहले शो की शुरुआत खास रहने वाली है। मूसवाला के फैंस शो में स्क्रीन पर नजर आएंगे। मूसेवाला की टीम ने कुछ समय पहले फैंस से अपील की थी कि वे गीत 295 को गाते हुए या उसे बैकग्राउंड में लेकर अपनी वीडियोज बनाएं और उन्हें भेजें। टीम उनमें से वीडियोज का चयन करेंगी और क्लिप्स को शो के दौरान चलाया भी जाएगा। 

    स्कोटिया बैंक एरिना में होना है शो
    टूर का पहला शो आज टोरंटो के स्कोटियाबैंक एरिना में आयोजित किया जा रहा है। यह दौरा होलोग्राम तकनीक, मूसेवाला की मूल आवाज, सिनेमैटिक विजुअल्स और स्टेज इफेक्ट्स का उपयोग करके मंच पर उनकी उपस्थिति को फिर से जीवित करेगा।  

    जाने क्या है होलाग्राम तकनकी
    होलोग्राम तकनीक एक ऐसी 3D (थ्री-डायमेंशनल) प्रोजेक्शन तकनीक है, जो लाइट और लेजर की मदद से हवा में तैरती हुई सजीव और त्रिविमीय (3D) छवि बनाती है। इसमें किसी वस्तु या व्यक्ति से निकलने वाले रोशनी को रिकॉर्ड करके बाद में इस तरह पेश किया जाता है कि देखने वाले को वह बिल्कुल वास्तविक और जीवित अवस्था में प्रतीत होता है।

    छोटा शुभदीप भी दिखेगा शो में
    मिली जानकारी के अनुसार सिद्धू मेसवाला का पूरा परिवार पहले 10  शो में शामिल रहेंगे। बलकौर सिंह व सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर के अलावा उनके छोटे भाई शुभदीप भी शो में शामिल होंगे। ये शो तकरीबन 100 मिनट का रहने वाला है। इस शो में मूसेवाला की होलोग्राम परफॉर्मेंस करीब 20 से 25 मिनट की होने वाली है। 
    पाकिस्तान में भी जाएंगे सिद्धू
    इस टूर के दौरान मूसेवाला से जुड़े आर्टिस्ट भी आ सकते हैं। आने वाले दिनों में ये शो कनाडा के बाद अमेरिका, यूके, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और भारत सहित कई देशों को कवर करेगा। सिद्धू मूसेवाला ने मरने से पहले वादा किया था कि वे पाकिस्तान में अपने फैंस से मिलने जाएंगे। उनकी हत्या के बाद उनका ये वादा पूरा नहीं हुआ, लेकिन इस शो के माध्यम से वे पाकिस्तान भी टूर करने वाले हैं।

  • तनुश्री दत्ता का नाना पाटेकर पर फिर बयान, बोलीं- ‘मेरे लिए उनका निधन ईवल डेड जैसा’

    तनुश्री दत्ता का नाना पाटेकर पर फिर बयान, बोलीं- ‘मेरे लिए उनका निधन ईवल डेड जैसा’

    मशहूर एक्टर नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे. लेकिन अब भी उनका और तनुश्री दत्ता का सालों पुराना विवाद थमा नहीं है. नाना के निधन के बाद भी तनुश्री उन्हें लेकर अपने बयान पर कायम हैं. एक्ट्रेस ने उनपर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. सालों केस चला. लेकिन सबूतों के अभाव के कारण केस क्लोज हो गया था. नाना की मौत को तनुश्री ने ईवल डेड बताया है.

    मुझे बहुत परेशान किया गया- बोलीं तनुश्री
    बीती रात वो लखनऊ में एक इवेंट में शामिल हुई थीं. वहां मीडिया से बात करते हुए तनुश्री ने बताया क्यों वो नाना के निधन पर इस तरह की बयानबाजी कर रही हैं. एक्ट्रेस ने साफ कहा कि वो आज भी नाना के खिलाफ अपने आरोपों पर कायम हैं.

    तनुश्री कहती हैं- जो सच है वो सच है. वो 10 जन्म भी ले लें तब भी मैं यही कहूंगी. कोर्ट में मेरी प्राइम विटनेस का एफिडेविट सब्मिट है. लेकिन जिस दिन उस एफिडेविट की पेशी होने वाली थी, जिस दिन हम केस जीतने वाले थे, उसी दिन उस केस को बंद करवा दिया गया था. वो बहुत अहंकारी आदमी था. ईश्वर ने ही उसके प्राण हरे हैं. क्योंकि ये रुक नहीं रहा था.

    ''ये शैतान रुक नहीं रहा था. मुझे परेशान किए ही जा रहा था. एक चीज बंद होती फिर कुछ और शुरू हो जाता था. उनके षडयंत्र की वजह से मैं बीमार हो गई थी. मुझे एंग्जाइटी हो गई थी. एक औरत के पीछे अगर इतने सारे लोगों को आप लगा दोगे, तो क्या होगा. वो गैंगस्टर मान्या सुर्वे की फैमिली से था.''

    '5 साल देखे बुरे दिन'
    तनुश्री ने बताया कि नाना की वजह से वो कई दुखों से गुजरी हैं. उनके 5 साल परेशानी में बीते थे. एक्ट्रेस कहती हैं- ये चीज मेरे लिए तो ईवल डेड ही है. मैं जिस चीज से गुजरी हूं पिछले 5 साल..मीटू मूवमेंट के बाद, मैं इतना परेशान हुई हूं, आप मेरे नजरिए से देखें, जो विक्टिम रहा है, वो परेशान है. मुझ पर केस चल रहा है. सोचिए मुझे कितना परेशान किया गया होगा. मेरे केस को वापस लेने को कहा गया. लेकिन मैंने इसे वापस नहीं लिया. मुझे लालच दिया गया तब भी मैंने केस वापस नहीं लिया.

    ''ऐसी परेशानी मेरे साथ शुरू हुई जहां मेरी गाड़ी के ब्रेक्स काटे गए. एक्सीडेंट हुआ मेरा. मुझे फूड पॉइजनिंग हुई. मैं जिस चीज से गुजरी हूं मुझे पता है. मेरे लिए तो ये किसी शैतान के मरने जैसा है. मेरे पक्ष से कोई देखे. जो इन चीजों से नहीं गुजरा है, उसे लगेगा कि ये ऐसे क्यों बात कर रही है. हर इंसान की अलग परिस्थिति होती है. जिनका उनके साथ अनुभव अच्छा है वो नहीं समझेंगे.''
     

  • CG में पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव, 18 IPS अधिकारियों की नई पोस्टिंग; अमन और अजय कुमार को जिम्मेदारी

    CG में पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव, 18 IPS अधिकारियों की नई पोस्टिंग; अमन और अजय कुमार को जिम्मेदारी

    रायपुर.

    छत्तीसगढ़ में बड़ी प्रशासनिक फेरबदल की गई है। 18 IPS का तबादला किया गया है, जिसका आदेश भी जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के मुताबिक, सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) नारायणपुर बनाए गए हैं।

    देखें पूरी लिस्ट-

    • झा अमनकुमार रमनकुमार (भापुसे–2021)- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, (ऑप्स) जिला–बीजापुर से पुलिस अधीक्षक (एसआईए), पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर
    • अजय कुमार (भापुसे–2021)- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, (ऑप्स) जिला–नारायणपुर से पुलिस अधीक्षक (एसआईबी), पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर
    • आकाश श्रीमाल (भापुसे–2021)- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, (ऑप्स) जिला भानूप्रतापपुर, जिला–कांकेर से सहायक पुलिस महानिरीक्षक (अ.अ.वि.), पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर
    • अक्षय प्रमोद सबद्रा (भापुसे–2021)- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, (ऑप्स) जिला–नारायणपुर से सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना/प्रबंध), पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर
    • आकाश कुमार शुक्ला (भापुसे–2021)- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, (ऑप्स) एसटीएफ, बघेरा, जिला–दुर्ग से सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एस.एन.टी.एफ.), पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर
    • रोहित कुमार शाह (भापुसे–2021)- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, (ऑप्स) जिला–सुकमा से सेनानी, 15वीं वाहिनी छ.स.बल, बीजापुर
    • रविन्द्र कुमार मीणा (भापुसे–2021)- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, (ऑप्स) जिला–बीजापुर से पुलिस अधीक्षक (चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध), पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर
    • धोत्रे सुमीतकुमार दत्ताहारी (भापुसे–2021)- नगर पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर, जिला–बस्तर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), जिला–कांकेर
    • ईशु अग्रवाल (भापुसे-2022)- सहायक पुलिस आयुक्त, आजाद चौक, रायपुर नगरीय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), जिला नारायणपुर
    • मयंक मिश्रा (भापुसे-2022)- नगर पुलिस अधीक्षक, रायगढ़, जिला रायगढ़ से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), जिला सुकमा
    • वैशाली जैन (भापुसे-2022)- नगर पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव, जिला राजनांदगांव से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), जिला जगदलपुर
    • विमल कुमार पाठक (भापुसे-2022)- नगर पुलिस अधीक्षक, दर्री, जिला कोरबा से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), जिला नारायणपुर
    • हर्षित मेहर (भापुसे-2022)- नगर पुलिस अधीक्षक, दुर्ग, जिला दुर्ग से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), जिला कोंडागांव
    • राहुल बंसल (भापुसे-2022)- नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर, जिला सरगुजा से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), जिला बीजापुर
    • अंशिका जैन (भापुसे-2022)- प्रशिक्षु, जिला बिलासपुर से नगर पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर, जिला जगदलपुर
    • साकोर मानसी नानाभाउ (भापुसे-2023)- प्रशिक्षु, जिला रायपुर से सहायक पुलिस आयुक्त, आजाद चौक, रायपुर नगरीय
    • आदित्य कुमार (भापुसे-2024)- प्रशिक्षु, जिला राजनांदगांव से नगर पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव, जिला राजनांदगांव
    • प्रतीक बंसोड़े (भापुसे-2024)- प्रशिक्षु, जिला कांकेर से नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर, जिला सरगुजा
  • आगर में लगेगा ₹3,800 करोड़ का फूड प्लांट, CM मोहन यादव ने किया रोजगार बढ़ाने का ऐलान

    आगर में लगेगा ₹3,800 करोड़ का फूड प्लांट, CM मोहन यादव ने किया रोजगार बढ़ाने का ऐलान

    आगर में 3800 करोड़ की मैक्‍केन फूड परियोजना होगी शुरू : मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव

    2 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
    पशुपालन, किसानों की आय बढ़ाने का महत्‍वपूर्ण साधन है
    मुख्‍यमंत्री ने आगर के बलराम कृषि महोत्‍सव में किसानों से किया वर्चुअली संवाद

    भोपाल 

    मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियों कॉन्‍फ्रेसिंग से आगर में शुक्रवार को आयोजित बलराम कृषि महोत्‍सव में सहभागिता करते हुए किसानों से सीधा संवाद किया। उन्‍होंने कृषक कल्‍याण वर्ष के तहत् आयोजित कार्यक्रमों में किसानों से कृषि गतिविधियों, शासन की किसान हितैषी योजनाओं से मिल रहे लाभ, कृषि के क्षेत्र में नवाचार तथा किसानों की आवश्‍यकताओं के संबंध में संवाद किया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगर में 3800 करोड़ की मैक्‍केन फूड परियोजना शुरू हो रही है, इसमें 2 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने का महत्‍वपूर्ण साधन है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगर-मालवा जिले के लालूखेड़ी में आलू प्रसंस्‍करण का 200 करोड़ का उद्योग स्‍थापित हो रहा है, लालूखेड़ी के साथ ही अब आगर-मालवा जिले के किसान भी आलू उगाऐंगे।

    मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगर एवं सुसनेर का संतरा देश भर में भेजा जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि जिले के पशुपालक गौपालन के लिये भी विशेष रूप से जाने जाते है। जैविक दूध प्रदेश में कही मिलता है तो आगर में ही मिलता है। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश का दूध उत्‍पादन भी बढ़ेगा, सांची का दुग्‍ध ब्राण्‍ड भी बढ़ रहा है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आगर जिला सौर उर्जा एवं विण्‍ड एनर्जी के लिये भी अपनी अलग पहचान रखता है। प्रदेश में पर्याप्‍त बिजली, सिंचाई के लिये पानी उपलब्ध है और पांच लाख किलोमीटर की सड़कों का जाल भी है। उन्‍होंने ने कहा कि वर्ष 2027 तक गेहूं 2700 से के भाव में खरीदेंगे।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगर जिला गौ-सेवा के लिये भी विशेष पहचान रखता है। गौ-अभयारण्य सालरिया एवं जिले की अन्‍य गौशालाओं में 20 हजार से अधिक गौवंश की समुचित देखभाल की जा रही है। सरकार प्रति गौवंश 40 रूपए प्रतिदिन की दर से गौवंश की देखभाल के लिये गौशालाओं को राशि प्रदान कर रही है।

    मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौपालन को बढ़ावा देने के लिये गौपालन पुरस्‍कार योजना के तहत् अच्‍छे पशुपालकों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें प्रत्‍येक विकास खण्‍ड से प्रथम पुरस्‍कार प्राप्‍त करने वाले पशुपालक को एक लाख रूपए, द्वितीय पुरस्‍कार के लिये 50 हजार एवं तृतीय पुरस्‍कार के रूप में 25 हजार रूपए की राशि पशुपालक को प्रदान की जाएगी।

    मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने बिनायगा बड़ौद के प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसान राधेश्‍याम परिहार, आखाखेड़ी तनोडिया के प्राकृतिक अरहर खेती करने वाले किसान रोहित शर्मा एवं अन्‍य उपस्थित प्रगतिशील कृषकों से वर्चुअली संवाद कर उनके द्वारा की जा रही प्राकृतिक, जैविक एवं उन्‍नत कृषि के बारे में जानकारी ली तथा इससे होने वाले लाभ के बारे में भी चर्चा की।

    सांसद रोड़मल नागर ने कहा कि मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने खेती को उद्यम बनाकर किसानों के लिये लाभ का धन्‍धा बना दिया है। आज उच्‍च शिक्षा प्राप्‍त करने के बाद भी किसान पुत्र कृषि की ओर आकर्षित हो रहे है। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्‍यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, अपेक्‍स बैंक के प्रशासक महेन्‍द्र सिंह यादव और विधायक मधु गेहलोत ने भी संबोधित किया।

    प्रगतिशील किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और भूतपूर्व सैनिकों का किया सम्‍मान

    कार्यक्रम मे उत्‍कृष्‍ट एवं प्रगतिशील किसानों, किसान परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं और भूतपूर्व सैनिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्‍मानित किया गया। कार्यक्रम को कपिल यारदे, कप्‍तान सिंह यादव ने भी सम्‍बोधित किया। कार्यक्रम स्‍थल पर विभिन्‍न विभागों द्वारा लगाई गई, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्‍स्‍य विभाग एवं आधुनिक कृषि यंत्रों सहित अन्‍य विभागों की प्रदर्शनियों लगायी गई।

     

  • टीसीएस, अडानी समूह और नांदी फाउंडेशन के सहयोग से युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण

    टीसीएस, अडानी समूह और नांदी फाउंडेशन के सहयोग से युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण

    युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप मिलेगा प्रशिक्षण, रोजगार के खुलेंगे नए अवसर

    कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की बड़ी पहल, चार संस्थाओं के साथ एमओयू

    टीसीएस, अडानी समूह और नांदी फाउंडेशन के सहयोग से युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण

    आईटीआई और पॉलिटेक्निक में शुरू होंगे नए पाठ्यक्रम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग पर विशेष जोर

    पॉलिटेक्निक संस्थानों की गुणवत्ता सुधारने के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया से कराया गया थर्ड पार्टी मूल्यांकन

    रायपुर, 
     छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल शैक्षणिक योग्यता तक सीमित न रखते हुए उन्हें आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी कौशल से सशक्त बनाना है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में एवं कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं प्रशिक्षण संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू), तकनीकी शिक्षा में नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत तथा प्रशिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

    चार संस्थाओं के साथ एमओयू से युवाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण

                दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला 2026 के समापन अवसर पर कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से चार संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) की पहल की गई। इन समझौतों के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सुविधा होगी।

              टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के सहयोग से इंजीनियरिंग महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कंपनी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के अंतर्गत निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और उद्योगों में उपयोग होने वाले व्यावहारिक कौशल की जानकारी प्राप्त होगी।

             इसी प्रकार अडानी समूह के सहयोग से आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस पहल से विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता विकसित करने के साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

              विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और रोजगार क्षमता में वृद्धि के लिए नांदी फाउंडेशन के सहयोग से सॉफ्ट स्किल, अंग्रेजी संवाद कौशल, साक्षात्कार की तैयारी एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पिछले वर्ष इस संस्था के माध्यम से छह हजार से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया गया था। इस वर्ष भी आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं कौशल विकास से जुड़े विद्यार्थियों को लगभग 48 से 50 घंटे का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

               इसके अतिरिक्त जंगल सफारी में विभिन्न ट्रेडों से संबंधित कौशल प्रशिक्षण के लिए भी संस्थाओं के साथ एमओयू की पहल की जा रही है। इससे युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे।

    पॉलिटेक्निक संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने विशेष पहल

               प्रदेश के पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में शिक्षा एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के माध्यम से थर्ड पार्टी मूल्यांकन कराया गया है। इस मूल्यांकन में संस्थानों के शैक्षणिक स्तर, प्रशिक्षण व्यवस्था, उपलब्ध अधोसंरचना और अन्य आवश्यक सुविधाओं का आकलन किया गया है। मूल्यांकन की रिपोर्ट का रोजगार मेला के समापन समारोह में मुख्यमंत्री साय, मंत्री तकनीकी शिक्षा साहेब, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा  सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने विमोचन किया। इसमें संस्थानों की गुणवत्ता सुधारने तथा प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं। इन सुझावों के आधार पर पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों के विकास और आधुनिकीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा।

    आईटीआई और पॉलिटेक्निक में शुरू होंगे आधुनिक तकनीक आधारित रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम

              राज्य सरकार ने तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने पर विशेष जोर दे रही है। इसी क्रम में आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में पुराने एवं अप्रासंगिक पाठ्यक्रमों की समीक्षा कर नए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जा रहे हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और आधुनिक तकनीक से संबंधित पाठ्यक्रमों को शामिल किया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नई तकनीकों की जानकारी और व्यावहारिक दक्षता प्राप्त होगी। इससे वे बदलते औद्योगिक परिवेश में रोजगार की नई संभावनाओं का लाभ उठा सकेंगे।

    डिजिटल रोजगार पोर्टल को स्किल मार्केट के रूप में विकसित करने की तैयारी

               कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा डिजिटल रोजगार पोर्टल को भविष्य में स्किल मार्केट के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इस पोर्टल पर उद्योगों की आवश्यकताओं, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्त पदों और रोजगार के इच्छुक युवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।

    छत्तीसगढ़ के युवाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

              इस व्यवस्था के माध्यम से युवा अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं उद्योग एवं नियोजक संस्थाएं अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का चयन कर सकेंगी। इससे रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी होगी। राज्य सरकार की इस पहल से प्रदेश में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय, आधुनिक पाठ्यक्रम, डिजिटल रोजगार सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के माध्यम से छत्तीसगढ़ के युवाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

  • UP में पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी की राह आसान, पुलिस समेत 4 विभागों में 20% कोटा

    UP में पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी की राह आसान, पुलिस समेत 4 विभागों में 20% कोटा

    पूर्व अग्निवीर युवाओं के लिए योगी सरकार ने आसान की सरकारी नौकरी की राह
     
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भर्ती नियमावली में संशोधन को मंजूरी
     
    पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभाग की भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण
     
    अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष की गई, युवाओं को मिलेगी तीन वर्ष की छूट
     
    लिखित और शारीरिक परीक्षा से छूट, केवल मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा
     
    लखनऊ

    सेना में देश की सेवा कर चुके पूर्व अग्निवीर युवाओं के लिए योगी सरकार ने सरकारी नौकरी की राह और आसान कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में पूर्व अग्निवीरों की भर्ती संबंधी नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई। इसके तहत पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभाग की भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। सरकार ने अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट देने के साथ ही लिखित और शारीरिक परीक्षा से भी छूट देने का निर्णय लिया है। पूर्व अग्निवीरों को केवल मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। इस व्यवस्था से सैन्य सेवा पूरी करने के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
     
    कैबिनेट बैठक के बाद परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि वर्ष 2022 में अग्निवीर योजना के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने पूर्व अग्निवीरों की नियुक्ति से संबंधित नियमावली में संशोधन किया है।
     
    चार विभागों की भर्तियों में 20 प्रतिशत आरक्षण
    प्रदेश के पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभाग में पूर्व अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। अभ्यर्थियों को उनकी मूल श्रेणी के अनुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा। इससे सैन्य सेवा पूरी करने वाले युवाओं को प्रदेश की सरकारी सेवाओं में नियुक्ति के बेहतर अवसर मिलेंगे।
     
    28 वर्ष तक की आयु में कर सकेंगे आवेदन
    पूर्व अग्निवीरों के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। तीन वर्ष की इस छूट से सैन्य सेवा के बाद सरकारी नौकरी के इच्छुक युवाओं को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
     
    केवल मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा
    पूर्व अग्निवीरों को इन विभागों में भर्ती के लिए लिखित और शारीरिक परीक्षा नहीं देनी होगी। उन्हें केवल मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया में यह महत्वपूर्ण रियायत होगी।
     
    सैन्य सेवा के बाद प्रदेश की सेवा का अवसर
    अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के लिए सेवा अवधि पूरी होने के बाद रोजगार एक महत्वपूर्ण विषय है। योगी सरकार ने भर्ती नियमों में संशोधन कर ऐसे युवाओं के लिए प्रदेश की सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ने की व्यवस्था को और सुगम बनाया है। इससे सैन्य प्रशिक्षण और अनुशासन का अनुभव रखने वाले युवाओं को देश की सेवा के बाद उत्तर प्रदेश में भी अपनी सेवाएं देने का अवसर मिलेगा।

  • छत्तीसगढ़ में 26वीं राज्य स्तरीय जूडो चैंपियनशिप शुरू, सब-जूनियर और कैडेट खिलाड़ी दिखाएंगे दम

    छत्तीसगढ़ में 26वीं राज्य स्तरीय जूडो चैंपियनशिप शुरू, सब-जूनियर और कैडेट खिलाड़ी दिखाएंगे दम

    जूडो सिखाता है साहस, आत्मसंयम और अनुशासन का पाठ: राज्यपाल रमेन डेका

    राज्यपाल ने किया 26वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं कैडेट जूडो चौम्पियनशिप का शुभारंभ

    रायपुर, 
    राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि जूडो केवल एक खेल नहीं, बल्कि साहस, आत्मसंयम, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। यह विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और संतुलन के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है। विशेषकर बालिकाओं के लिए जूडो आत्मरक्षा और मानसिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। राज्यपाल डेका आज सरकंडा स्थित खेल परिसर में 26वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं कैडेट जूडो चौम्पियनशिप-2026 का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बालक-बालिका खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के तत्वाधान में बिलासपुर जूडो संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य भर के 16 जिलो से 240 खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भाग ले रहे है।

    सीखकर आगे बढ़ना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान

             राज्यपाल डेका ने कहा कि खेल हमें प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करना, जीत में विनम्र रहना और हार से सीखकर आगे बढ़ना सिखाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं सहित एशियाई खेलों और ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीखकर आगे बढ़ना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।

    खिलाड़ियों की उपलब्धियां अन्य युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत

          राज्यपाल ने कोंडागांव जिले की जूडो खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि योगिता मंडावी को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। हेमवती नाग ने खेलो इंडिया नेशनल गेम्स और ओपन नेशनल प्रतियोगिता में पदक हासिल किए हैं। वहीं रंजीता कोरेटी ने ताइवान में आयोजित एशियन कैडेट जूडो चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां अन्य युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

    जूडो में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया

            समारोह में राज्यपाल डेका ने जूडो में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले हेमवती नाग, अभिषेक जायसवाल, कुमारी शारदा गोस्वामी और योगिता मंडावी को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास निरंतर जारी रखने की अपेक्षा की

            राज्यपाल डेका ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास निरंतर जारी रखने की अपेक्षा की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ  उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

           कार्यक्रम में कलेक्टर बिलासपुर संजय अग्रवाल, छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, महासचिव शम्भू सोनी, बिलासपुर जिला जूडो संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला,  सहित खेल संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

  • ज्वार (मालदांडी) का 4073 व ज्वार (हाईब्रिड) का 4023 रुपये प्रति कुंतल न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित

    ज्वार (मालदांडी) का 4073 व ज्वार (हाईब्रिड) का 4023 रुपये प्रति कुंतल न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित

    31 दिसंबर तक होगी मक्का, बाजरा व ज्वार की खरीद 

    33 जनपदों में बाजरा,  25 जनपदों में मक्का और 11 जनपदों में होगी ज्वार की खरीद

    बाजरा का 2.20 लाख, ज्वार 50 हजार और 15 हजार मीट्रिक टन मक्का क्रय का लक्ष्य प्रस्तावित  

    ज्वार (मालदांडी) का 4073 व ज्वार (हाईब्रिड) का 4023 रुपये प्रति कुंतल न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित 

    बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2900 रुपये,  मक्का का 2410 रुपये प्रति कुंतल तय 

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निर्देश- 48 घंटे के भीतर किसानों को किया जाए भुगतान

    लखनऊ,
     खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 'श्रीअन्न'  (मोटे अनाज) की खरीद 31 दिसंबर तक चलेगी। खाद्य व रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के मुताबिक 'मोटे अनाज' में शामिल ज्वार (मालदांडी) का 4073, ज्वार (हाईब्रिड) का 4023 रुपये, बाजरा का 2900 और मक्का का 2410 रुपये प्रति कुंतल न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है। 

    किसानों को 48 घंटे में भुगतान का निर्देश
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 48 घंटे में किसानों को भुगतान कराने का निर्देश दिया है। किसानों के आधार लिंक्ड बैंक खाते में सीधे भुगतान किया जाएगा। किसान अपनी किसी भी समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 से मदद ले सकते हैं। इसके अलावा वे जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक से भी संपर्क साध सकते हैं। बिचौलियों को रोकने व पारदर्शिता बरतते हुए क्रय केंद्रों पर मोटे अनाज की खरीद ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) डिवाइस के माध्यम से पहले की भांति किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन के जरिए ही होगी। 

    मक्का खरीद के लिए 25 जनपद प्रस्तावित  
    मक्का खरीद 25 जनपदों में होगी। यह जनपद बुलंदशहर, बदायूं, हरदोई, उन्नाव, मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बहराइच, गोंडा, देवरिया, बलिया, जौनपुर, मीरजापुर, सोनभद्र एवं ललितपुर हैं। 

    बाजरा खरीद वाले 33 जनपद निर्धारित 
    बुलंदशहर, रामपुर, संभल, अमरोहा, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, मीरजापुर, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, जालौन, चित्रकूट एवं हमीरपुर (कुल 33 जनपदों) में की जायेगी।

    इन 13 जिलों में होगी ज्वार की खरीद 
    बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, कानपुर नगर-देहात, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, मीरजापुर, जालौन, झांसी, फिरोजाबाद में ज्वार की खरीद होगी।

    कुल क्रय केंद्र
    बाजरा- 300 क्रय केंद्र 
    ज्वार-80 क्रय केंद्र
    मक्का- 75 क्रय केंद्र

    खरीद का लक्ष्य
    बाजरा खरीद-2.20 लाख मीट्रिक टन 
    ज्वार खरीद-50 हजार मीट्रिक टन 
    मक्का खरीद- 15 हजार मीट्रिक टन।

  • अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में बड़ा बदलाव, नवेद खान की जगह नफीस अहमद अंसारी बने प्रॉक्टर; छात्रसंघ चुनाव पर हलचल

    अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में बड़ा बदलाव, नवेद खान की जगह नफीस अहमद अंसारी बने प्रॉक्टर; छात्रसंघ चुनाव पर हलचल

     अलीगढ़
    अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के कैंपस से इस वक्त की सबसे बड़ी और धमाकेदार खबर आ रही है! छात्रों के ज़बरदस्त आंदोलन और प्रदर्शन के आगे आखिरकार यूनिवर्सिटी प्रशासन को झुकना ही पड़ा. AMU में लंबे समय से ठप पड़े छात्रसंघ (AMUSU) चुनावों को कराने की मांग प्रशासन ने मंजूर कर ली है. यानी पूरे 8 साल के लंबे इंतजार के बाद कैंपस में एक बार फिर छात्र राजनीति और लोकतंत्र की वापसी होने जा रही है। 

    इतना ही नहीं, छात्रों के बढ़ते आक्रोश और सुरक्षा व्यवस्था के सवालों के बीच वीसी प्रो. नईमा खातून ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा एक्शन लेते हुए प्रॉक्टर को भी पद से हटा दिया है। 

    प्रो. नवेद खान की छुट्टी, प्रो. नफीस अहमद बने नए प्रॉक्टर
    कैंपस में जारी तनाव और छात्रों के प्रदर्शन के बीच वीसी प्रो. नईमा खातून ने प्रशासनिक फेरबदल का चाबुक चलाया. यूनिवर्सिटी द्वारा जारी ऑफिस मेमो के मुताबिक, राजनीति विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर मोहम्मद नफीस अहमद अंसारी को AMU का नया प्रॉक्टर नियुक्त किया गया है। 

    उन्होंने प्रो. मोहम्मद नवेद खान की जगह ली है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से दो साल या अगले आदेश तक के लिए की गई है। 

    8 साल का लंबा सूखा खत्म, जगी चुनाव की उम्मीद
    AMU में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से माहौल गर्म था. छात्रों का आरोप था कि लंबे समय से चुनाव न होने की वजह से उनकी आवाज़ को दबाया जा रहा था. उग्र प्रदर्शन और दबाव के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग स्वीकार कर ली है। 

    नए प्रॉक्टर प्रो. नफीस अंसारी के सामने अब कैंपस में शांति बनाए रखने के साथ-साथ 8 साल बाद पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने की कड़ी चुनौती होगी। 

    AMU में 8 साल से क्यों ठप थे चुनाव?
    AMU में अंतिम बार छात्रसंघ (AMUSU) चुनाव वर्ष 2018-19 सत्र के लिए आयोजित किए गए थे. इसके बाद से चुनाव पूरी तरह से बंद थे. 2019 में सीएए (CAA) विरोधी प्रदर्शनों और 2020 में कोविड महामारी के कारण कैंपस की गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुईं. बाद में सुरक्षा कारणों, प्रशासनिक हीलाहवाली और वित्तीय अनुशासन का हवाला देकर चुनाव लगातार टाल दिए गए। 

    छात्रों का तर्क था कि बिना छात्रसंघ के उनकी आवाज दब रही है और हॉस्टल व फीस संबंधी समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही. इसी को लेकर छात्रों ने 'AMUSU पुनर्बहाली आंदोलन' शुरू किया. पिछले कई हफ्तों से छात्र वीसी दफ्तर के बाहर धरना, तालाबंदी और उग्र प्रदर्शन कर रहे थे. उनकी मुख्य मांगें तत्काल छात्रसंघ चुनाव कराने की तारीखों की घोषणा, पुलिस हस्तक्षेप पर रोक और प्रॉक्टर को हटाना थीं, जिन्हें प्रशासन ने स्वीकार कर लिया।