Author: NewseDay

  • हार के बाद सुनील गावस्कर का बड़ा बयान, बोले- टी20 क्रिकेट में बदलनी होगी सोच

    हार के बाद सुनील गावस्कर का बड़ा बयान, बोले- टी20 क्रिकेट में बदलनी होगी सोच

    नई दिल्ली
    अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप के मैच से सबक लेकर अपने अहं का त्याग करना चाहिए और अति आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरकर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर भेजने के बजाय परिस्थितियों के अनुसार खेलना चाहिए। भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजों की नाकामी के कारण सुपर आठ के महत्वपूर्ण मुकाबले में 76 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

    सुनील गावस्कर ने जि स्टार से कहा, ''भारतीय बल्लेबाजों को ब्रेविस और मिलर की साझेदारी से सीख लेकर इस तरह का दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत थी। भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा नहीं किया। वे अति आत्मविश्वास के साथ उतरे, हर गेंद पर बल्ला चलाया और विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका खेल के हर विभाग में भारत से अव्वल साबित हुआ।''

    दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 20 रन था लेकिन इसके बाद मिलर और ब्रेविस ने 97 रन की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका सात विकेट पर 187 रन बनाने में सफल रहा। इसके जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर आउट हो गई।

    गावस्कर ने कहा, ''भारत ने दक्षिण अफ्रीका से कोई सबक नहीं लिया। भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर उतर कर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। टी20 क्रिकेट ऐसे नहीं खेला जाता।'' उन्होंने कहा, ''आपको विपक्षी टीम से सीख लेनी चाहिए थी। अगर उन्होंने इस तरह की मुश्किल पिच पर अच्छा स्कोर किया है तो आपको अपना अहं त्यागकर उनकी पारी का विश्लेषण करना चाहिए था और परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करनी चाहिए थी।''

    भारत ने पावर प्ले के अंदर अपने शीर्ष तीन बल्लेबाजों ईशान किशन (00), अभिषेक शर्मा (15) और तिलक वर्मा (01) के विकेट गंवा दिये थे। गावस्कर ने कहा, ''तिलक वर्मा बेहद चतुर बल्लेबाज है लेकिन इस मैच में उनके खेलने के तरीके से मैं निराश था। तिलक को क्रीज पर कुछ समय बिताना चाहिए था। उन्हें साझेदारी निभाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था।'' भारत का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से होगा और गावस्कर ने कहा कि वह अक्षर पटेल को अंतिम एकादश में देखना चाहते हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया।

    गावस्कर ने कहा, ''जिम्बाब्वे की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की कमी है और इसलिए मैं चाहूंगा कि अक्षर पटेल की अंतिम एकादश में वापसी हो। आप उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह टीम में शामिल कर सकते हैं। लेकिन अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की और ऐसे में वॉशिंगटन को बाहर बैठना पड़ेगा।''

     

  • मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी पर सवाल उठाए, ममता बनर्जी को INDIA का चेहरा घोषित किया

    मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी पर सवाल उठाए, ममता बनर्जी को INDIA का चेहरा घोषित किया

    नई दिल्ली

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने एक बार फिर पार्टी पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने रायबरेली सांसद राहुल गांधी को विपक्षी गठबंधन INDIA का नेतृत्व किसी अन्य नेता को देने की सलाह दी है। इसके लिए उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के नाम का सुझाव दिया है। हालांकि, कांग्रेस ने एक बार फिर अय्यर के बयान से दूरी बनाई है।

    एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अय्यर ने INDIA नेतृत्व का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'ममता बनर्जी इस गठबंधन की नेता हैं। उनके साथ दो चार लोग और भी हैं, जो इस पद को हासिल कर सकते हैं।' उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि इस पद पर बने रहने की कोशिश करने के बजाए, जो छोटी पार्टियों की है। फिर चाहे स्टालिन हों, ममता दीदी हों, अखिलेश हों, तेजस्वी हों या कोई और। राहुल गांधी को उन्हें संभालने देना चाहिए।
    कांग्रेस ने क्या कहा

    चैनल से बातचीत में कांग्रेस के पश्चिम बंगाल महासचिव सुमन रॉय चौधरी ने कहा, 'हम शुरुआत से ही एक चीज साफ कर देना चाहते हैं कि लंबे समय से मणिशंकर अय्यर कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों से नहीं जुड़े हैं। बंगाल की अब 5 राज्यसभा सीटें खाली हैं। क्या मणिशंकर के बयान की यही वजह है? हमें हैरानी होती है।'

    उन्होंने कहा, 'मणिशंकर जी क्या आप जानते हैं कि ममता बनर्जी पर्दे के पीछे से भाजपा की कठपुतली की तरह काम करती हैं, जिसके खिलाफ INDIA गठबंधन लड़ रहा है। मुझे नहीं लगता कि पार्टी से दूर रहने के बाद आप कांग्रेस पार्टी के लिए कोई फैसला ले सकते हैं।'
    राहुल गांधी पर दूसरी बार उठाया सवाल

    अय्यर ने बुधवार को कहा कि वह ''गांधीवादी'', ''नेहरूवादी" और "राजीववादी" हैं लेकिन "राहुलवादी" नहीं हैं क्योंकि राहुल गांधी उनसे उम्र में बहुत छोटे हैं और राजनीतिक जीवन में भी उनसे बहुत दूर हैं।

    अय्यर ने कहा कि उन्होंने खुद को 'इंदिरावादी' नहीं कहा क्योंकि वह इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल की घोषणा करके "हमारे लोकतंत्र को तानाशाही में बदलने" के कदम से "पूरी तरह असहमत" थे, भले ही यह आपातकाल केवल 18 महीनों के लिए ही क्यों न रहा हो।

    हाल ही में राहुल गांधी पर की गई उनकी टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर अय्यर ने पीटीआई-भाषा से कहा, ''कोई मुझसे 'राहुलियन' (राहुलवादी) होने की उम्मीद कैसे कर सकता है, जब वह मुझसे लगभग 30 साल छोटे हैं और मुझे उसके साथ काम करने का मौका नहीं मिला है?"
    पहले भी केरल में कर दी थी कांग्रेस की हार की भविष्यवाणी

    अय्यर ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा उस वक्त खोला, जब उन्होंने बीते रविवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की तारीफ की और उनके फिर से मुख्यमंत्री बनने की संभावना जताई, जिसके बाद कांग्रेस ने उनकी टिप्पणी को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी से उनका कोई संबंध नहीं है।

  • कानून के साए में खूनखराबा: थाने से कुछ दूरी पर युवक की गोली मारकर हत्या

    कानून के साए में खूनखराबा: थाने से कुछ दूरी पर युवक की गोली मारकर हत्या

    बोकारो

    झारखंड के बोकारो से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

    नशे में धुत आरोपी ने युवक को मारी गाली
    मामला जिले के रेलवे स्टेशन के आटो स्टैंड के पास का है। बताया जा रहा है कि यहां तीस वर्षीय सचिन यादव नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कहा जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक छोटी सी बात पर आरोपी की बहस मृतक सचिन से हुई थी। इसी को लेकर नशे में धुत आरोपी ने सचिन को गाली मार दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ मौके से भाग गया।

    हैरानी की बात ये है कि जीआरपी थाना से महज पांच सौ गज दूर यह घटना हुई। आनन-फानन में घायल सचिन को अस्पताल ले जाया गया जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

     

  • लोगों को बचाते गवाई खुद की जान, राजकीय सम्मान के साथ पीएसआई का अंतिम संस्कार

    लोगों को बचाते गवाई खुद की जान, राजकीय सम्मान के साथ पीएसआई का अंतिम संस्कार

    फरीदाबाद.

    थाना मुजेसर क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 24 स्थित एक केमिकल वर्कशॉप में भीषण आग व केमिकल विस्फोट के दौरान जान माल के बचाव राहत कार्य में बहादुरी व साहस से ड्यूटी निभाते हुए पीएसआई रवि कुमार कश्यप शहीद हो गये। वह मूल रूप से जिला कैथल के गांव क्योड़क के रहने वाले थे और उनकी तैनाती मुजेसर थाना में थी।

    मुजेसर स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलने पर पीएसआई रवि कुमार कश्यप बिना देरी किये मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए बचाव राहत कार्य शुरू करवाया। इसी दौरान अचानक आग ने विस्फोट का रूप ले लिया, जिससे कई लोग झुलस गए। लोगों को बचाने के प्रयास में पीएसआई रवि कुमार भी गंभीर रूप से झुलस गए। जिनका सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में इलाज चल रहा था, जहां 21 फरवरी को उपचार के दौरान उनका देहांत हो गया। रविवार को शहीद पीएसआई रवि कुमार का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव क्योड़क में राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

  • दिन-रत गरजेंगे टैंक !, Operation Sindoor के बाद दूसरा सबसे बड़ा युद्धाभ्यास

    दिन-रत गरजेंगे टैंक !, Operation Sindoor के बाद दूसरा सबसे बड़ा युद्धाभ्यास

    बीकानेर/जैसलमेर.

    राजस्थान की पश्चिमी सीमा पर भारतीय सेना की 'पश्चिमी कमान' (Western Command) अपनी मारक क्षमता का लोहा मनवा रही है। दो सप्ताह तक चलने वाले इस उच्च तीव्रता वाले युद्ध अभ्यास 'खड़ग शक्ति 2026' में सेना की प्रसिद्ध 'खड़ग कोर' (स्ट्राइक कोर) अपनी पूर्ण युद्धक क्षमता के साथ भाग ले रही है।

    आज सोमवार 23 फरवरी को जब महाजन रेंज में तोपें गरजेंगी और टैंक आग उगलेंगे, तो यह साफ़ हो जाएगा कि भारतीय सेना अब पारंपरिक युद्ध के बजाय 'टेक्नोलॉजी ड्रिवन' ऑपरेशंस पर फोकस कर रही है।

    ऑपरेशन सिंदूर के बाद नया इतिहास
    सैन्य विशेषज्ञों के अनुसार, यह युद्धाभ्यास 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पश्चिमी कमान का पहला पूर्ण-स्तरीय कॉम्बैट ड्रिल है। यह केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि भारतीय सेना के बदलते हुए 'वॉरफेयर डॉक्ट्रिन' (युद्ध सिद्धांत) का प्रदर्शन है। अब सेना भारी सैनिकों की तैनाती के बजाय कम समय में, सटीक मारक क्षमता और आधुनिक उपकरणों के जरिए दुश्मन को खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है।

    नाइट फायरिंग: रात के अंधेरे में भी नहीं बचेगा दुश्मन
    'खड़ग शक्ति' का एक प्रमुख हिस्सा 'नाइट कॉम्बैट' है। सोमवार की रात को सेना की बख्तरबंद (Armoured) और मशीनीकृत (Mechanized) इकाइयां अंधेरे में काल्पनिक ठिकानों पर सटीक गोलाबारी का अभ्यास करेंगी। वहीं थर्मल इमेजर और नाइट विजन उपकरणों से लैस टी-90 जैसे भीष्म टैंक रात के सन्नाटे को अपनी गूँज से भर देंगे।

    हेलीबोर्न ऑपरेशंस और एयर सपोर्ट
    अभ्यास के दौरान थल सेना और वायु सेना के बीच जबरदस्त समन्वय देखने को मिलेगा। हमलावर हेलीकॉप्टर दिन के उजाले में 'हेलीबोर्न ऑपरेशंस' को अंजाम देंगे, जिसमें सैनिकों को दुश्मन के पीछे के ठिकानों पर उतारा जाएगा। इसी तरह से तोपखाना (Artillery) और बख्तरबंद रेजिमेंट के साथ मिलकर ये हेलीकॉप्टर सघन हमले का भी प्रदर्शन करेंगे।

    उच्च सैन्य नेतृत्व की निगरानी
    इस युद्धाभ्यास की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि थल सेनाध्यक्ष और आर्मी कमांडर सहित कई उच्च सैन्य अधिकारी खुद महाजन फायरिंग रेंज पहुँचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। पश्चिमी सीमा पर संभावित खतरों और पाकिस्तान के साथ लगने वाले बॉर्डर के पास इस तरह का युद्धाभ्यास भारत की सामरिक तैयारियों का सीधा संदेश है।

  • ‘होली में निरस्त नहीं होगा ड्राई डे’, मुख्यमंत्री साय का गुरु घासीदास की जन्मस्थली से ऐलान

    ‘होली में निरस्त नहीं होगा ड्राई डे’, मुख्यमंत्री साय का गुरु घासीदास की जन्मस्थली से ऐलान

    बलौदा बाजार.

    छत्तीसगढ़ के पवित्र धार्मिक स्थल गुरु घासीदास की जन्मस्थली गिरौदपुरी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि होली में ड्राई डे निरस्त नहीं किया जाएगा. अपने निर्धारित नियमों के अनुसार ड्राई डे लागू रहेगा. गिरौदपुरी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुगद्दी में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया, और प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की.

    इस दौरान उन्होंने गिरौदपुरी मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें अपने हाथों से प्रसाद भी खिलाया. मुख्यमंत्री के आगमन से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत में होली पर्व को लेकर ड्राई डे के सवाल पर स्पष्ट कहा कि होली में ड्राई डे निरस्त नहीं किया जाएगा. अपने निर्धारित नियमों के अनुसार ड्राई डे लागू रहेगा. गिरौदपुरी मेले में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है, वहीं मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया.

  • मां-बेटे की जोड़ी ने शूटिंग में जमाई धाक, सिडनी में चला हरियाणा का सिक्का

    मां-बेटे की जोड़ी ने शूटिंग में जमाई धाक, सिडनी में चला हरियाणा का सिक्का

    भिवानी.

    हरियाणवी हुनर विदेशों में खुद को साबित कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग में एक साथ उतरने वाली हरियाणवी मां और बेटे की यह जोड़ी प्रदेश और देश का नाम विदेशी धरती पर चमका रही है। सिडनी इंटरनेशनल शूटिंग सेंटर में 20 से 22 फरवरी तक हुए सिडनी कप प्रथम में हरियाणवी मां सुनैना सांगवान और बेटे सामर्थ्य सांगवान ने टाप टेन में जगह बनाकर शूटिंग प्रेमियों के दिलों में जगह बनाई है।

    शहर की इंदिरा कालोनी निवासी सुनैना सांगवान ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग–2 व्यक्तिगत स्पर्धा में 534 अंक अर्जित कर 11 प्रतिभागियों के बीच 9वां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी छह सीरीज में 88, 89, 88, 93, 89 और 87 अंक हासिल किए। वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग के क्वालिफिकेशन राउंड में सुनैना सांगवान के बेटे सामर्थ्य सांगवान ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 541 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में 10वां स्थान हासिल किया। कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। निशानेबाजी सिखाने मां अपने बेटे के साथ जाते-जाते खुद भी कब निशानेबाज बन गई उनको पता ही नहीं चला। सामर्थ्य सांगवान पूर्व सांसद जंगबीर सिंह की बहन के पोते हैं। सामर्थ्य के दादा सज्जन सांगवान बताते हैं कि इंजीनियर बेटे प्रवीण सांगवान वर्ष 2016 में नौकरी के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया चले गए थे।

    सुनैना सांगवान बेटे के साथ आती थी। उन्होंने खुद भी शूटिंग का अभ्यास शुरू कर दिया। अब वह निशानेबाजी में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। दोनों मां बेटा अंतरराष्ट्रीय स्तर स्टीक निशाना लगा कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। 
    – प्रदीप बेनीवाल कोच एवं निदेशक, लक्ष्य स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी

        बहू और पोते की उपलब्धि ने मेरा सीना चौड़ा किया है। मुझे उन पर गर्व है। दोनों की इस उपलब्धि पर परिवार में भी खुशी का माहौल है। 
    – सज्जन सांगवान, दादा

        हरियाणवी चाहे दुनिया में कहीं भी हों, अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा ही लेते हैं। मां-बेटे का अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में खेलना ही अपने आप में बेमिसाल है। सुनैना और उनके बेटे सामर्थ्य ने यह साबित किया है कि उनका निशाना चिड़िया की आंख है। आने वाले समय में मां-बेटा की यह जोड़ी कमाल जरूर करेगी।
    – एडवोकेट राजनारायण पंघाल, खेल प्रेरक

  • पंजाब में शराब नीति पर बड़ा फैसला आज: कैबिनेट मीटिंग में नई एक्साइज पॉलिसी को हरी झंडी संभव

    पंजाब में शराब नीति पर बड़ा फैसला आज: कैबिनेट मीटिंग में नई एक्साइज पॉलिसी को हरी झंडी संभव

    लुधियाना 
    पंजाब कैबिनेट आज (23 फरवरी) अपनी मीटिंग में नई एक्साइज पॉलिसी 2026-27 को मंजूरी देगी। इसमें पिछली पॉलिसी में ज़रूरी बदलाव किए जाएंगे, लेकिन बड़े लेवल पर नहीं।

    इस साल एक्साइज पॉलिसी का फोकस रेवेन्यू बढ़ाने, गैर-कानूनी धंधे पर नकेल कसने और सिस्टम को और ट्रांसपेरेंट बनाने पर है। सूत्रों के मुताबिक, नई पॉलिसी में विदेशी शराब की कीमत में थोड़ी बढ़ोतरी शामिल होगी। रेवेन्यू का टारगेट भी ₹12,000 करोड़ से ज़्यादा रखा गया है। पिछले फाइनेंशियल ईयर में राज्य ने ₹11,000 करोड़ से ज़्यादा का रेवेन्यू कमाया था।

    एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट पिछले कई महीनों से रिव्यू मीटिंग कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, IMFL का कोटा भी बढ़ाया जाएगा ताकि सप्लाई मार्केट की डिमांड के हिसाब से हो। गैर-कानूनी शराब नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई, ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम को मजबूत करना और फील्ड सर्विलांस बढ़ाना भी पॉलिसी के अहम हिस्से होंगे।

    लाइसेंसिंग प्रोसेस को पूरी तरह से डिजिटल और ट्रांसपेरेंट बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। रिटेल और होलसेल लाइसेंस के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन सिस्टम को और मजबूत किया जाएगा, जिससे इंसानी दखल कम होगा।

    नई पॉलिसी में लाइसेंस फीस स्ट्रक्चर में बदलाव, एप्लीकेंट की फाइनेंशियल कैपेसिटी और टैक्स रिकॉर्ड का सख्त वेरिफिकेशन और नियमों का पालन करना ज़रूरी होगा। सरकार का मकसद सिर्फ एलिजिबल और नियमों का पालन करने वाले बिजनेस को ही मार्केट में आने देना है।

  • दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत, पंजाब के फाजिल्का में ब्रेक फेल होने से टकराई कार

    दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत, पंजाब के फाजिल्का में ब्रेक फेल होने से टकराई कार

    अबोहर.

    अबोहर के हनुमानगढ़ रोड पर स्थित ओवर ब्रिज से उतरते समय एक कार रोटरी चौक पर टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार पांच लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने बाद में दम तोड़ दिया। हादसा रविवार रात करीब 1:00 बजे हुआ। हादसे का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

    मृतकों में दो सगे भाई वह एक उनका दोस्त गांव बलुवाना के निवासी हैं। जबकि दो लोग जो घायल हुए हैं वह भी बल्लूआना के निवासी ही है, जिन्हें रेफर कर दिया गया है। जैसे ही हादसे का पता चला परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा उधर पुलिस ने शवों को हॉस्टल की मोर्चरी में रखवा कर जांच शुरू कर दी है। यह युवक कीनू के बाग के ठेके लेते थे। वह रात को काम से वापस अपने गांव बालूआना जा रहे थे की हनुमानगढ़ रोड स्थित ओवर ब्रिज रोटरी चौक पर कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उन्हें कार से निकाल कर सरकारी अस्पताल पहुंचाया वह पुलिस को सूचना दी।

     

  • रायपुर में छाए रहेंगे बादल, छत्तीसगढ़ में बारिश और बिजली गिरने के आसार

    रायपुर में छाए रहेंगे बादल, छत्तीसगढ़ में बारिश और बिजली गिरने के आसार

    रायपुर.

    छत्तीसगढ़ में आज बादल बरसने के आसार हैं. लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है. इन मौसम तंत्र के प्रभाव से दो दिन के बाद रात में फिर ठंड बढ़ सकती है. लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर सकता है. सोमवार को प्रदेश के बस्तर संभाग में बारिश हो सकती है. साथ ही बादल गरजने के साथ बिजली गिर सकती है.

    वहीं राजधानी में बादल छाए रहने की उम्मीद जताई गई है. प्रदेश में रविवार को मौसम शुष्क रहा. सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 35 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. इस दौरान कहीं बारिश की गतिविधि दर्ज नहीं हुई.

    मौसम का लेटेस्ट अपडेट
    मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इसके लगातार पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और उसके बाद यह मुड़कर उत्तर पूर्व दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के तरफ अगले 48 घंटे में जाने की संभावना है. एक द्रोणिका, दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थत चिन्हित निम्न दाब के क्षेत्र से दक्षिण मध्य महाराष्ट्र तक, 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है.

    उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में 23 फरवरी को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है. वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बस्तर संभाग के जिले संभावित है. प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि होने के साथ कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान में भी कोई विशेष बदलाव नहीं होने के आसार हैं. 24 फरवरी से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों तक गिरावट होने का दौर शुरू हो सकता है. न्यूनतम तापमान में गिरावट 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक हो सकती है.

    रायपुर में कैसा रहेगा मौसम ?
    राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं. अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.