Category: राज्य

  • कमजोर मानसून के बीच राजस्थान में फिर बरसेंगे बदरा, कोटा में भारी बारिश की चेतावनी; पश्चिमी हिस्से रहेंगे सूखे

    कमजोर मानसून के बीच राजस्थान में फिर बरसेंगे बदरा, कोटा में भारी बारिश की चेतावनी; पश्चिमी हिस्से रहेंगे सूखे

    जयपुर
    राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से कमजोर मानसून के बीच मौसम विभाग ने सितंबर के शुरुआती सप्ताह में बारिश का नया दौर शुरू होने का पूर्वानुमान जारी किया है। 2 और 3 सितंबर से भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इसके बाद 4 से 7 सितंबर तक प्रदेश के पांच संभागों में बारिश का दायरा और व्यापक हो जाएगा। इस दौरान कोटा संभाग में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।

    मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 2 सितंबर से भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ जिलों में मानसूनी गतिविधियां बढ़ना शुरू होंगी। 3 सितंबर को भी इन क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव के साथ कई स्थानों पर बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इससे पिछले दिनों से बनी गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिल सकती है।

    4 से 7 सितंबर तक पांच संभागों में बारिश
    मौसम विभाग के मुताबिक 4 से 7 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में बारिश का दायरा काफी बढ़ जाएगा। जयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान मानसून की गतिविधियां पहले की तुलना में ज्यादा प्रभावी रहने के आसार हैं।

    कोटा संभाग में भारी बारिश की चेतावनी
    बारिश के नए दौर में कोटा संभाग पर मौसम विभाग की विशेष नजर रहेगी। विभाग के अनुसार कोटा और आसपास के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, जबकि कहीं-कहीं भारी बारिश भी होने की संभावना है। भारी बारिश की स्थिति में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी की स्थिति बनने की आशंका है।

    पश्चिमी राजस्थान में मानसून रहेगा कमजोर
    पूर्वी राजस्थान में बारिश बढ़ने के बावजूद पश्चिमी राजस्थान में मानसून कमजोर रहने का अनुमान है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आगामी दिनों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। बारिश नहीं होने से इन क्षेत्रों में उमस और गर्मी का असर बना रहने की संभावना है।

    शेखावाटी में छिटपुट बौछारों के आसार
    पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों को हालांकि बारिश से आंशिक राहत मिल सकती है। 4 से 6 सितंबर के दौरान बीकानेर संभाग और उससे सटे शेखावाटी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। सीकर, झुंझुनूं और चूरू में छिटपुट मानसूनी बौछारें पड़ सकती हैं।

  • BJP-अकाली गठबंधन की वापसी? पंजाब में समीकरण बदलने के संकेत, बीजेपी बनेगी ‘बड़ा भाई’

    BJP-अकाली गठबंधन की वापसी? पंजाब में समीकरण बदलने के संकेत, बीजेपी बनेगी ‘बड़ा भाई’

    चंडीगढ़ 
    पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। करीब छह साल पहले कृषि कानूनों के मुद्दे पर यह पुराना रिश्ता टूट गया था। इस बार सीटों के बंटवारे और दोनों दलों की बदली राजनीतिक हैसियत सबसे बड़ा सवाल है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा गठबंधन में लगभग 60 विधानसभा सीटों पर दावा करने की तैयारी में है।

    यह नया तरीका 1996 से 2020 तक चले पुराने समीकरण से बिल्कुल अलग होगा। उस समय अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। 1996 में मोगा सम्मेलन के बाद अकाली-भाजपा गठबंधन पंजाब का सबसे मजबूत चुनावी समीकरण बना था। अकाली दल ग्रामीण और सिख क्षेत्रों में मजबूत था, जबकि भाजपा शहरी हिंदू मतदाताओं में। 

    अकाली दल केंद्र में एनडीए का हिस्सा रहा और अटल बिहारी वाजपेयी तथा नरेंद्र मोदी की सरकारों में भी शामिल था। इस पूरे दौर में भाजपा गठबंधन में लगातार छोटे साझेदार की भूमिका में रही। सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विवाद के कारण अकाली दल ने भाजपा से नाता तोड़ दिया। इससे करीब 24 साल पुराना औपचारिक गठबंधन समाप्त हो गया।

    बदली भाजपा की राजनीतिक हैसियत
    गठबंधन टूटने के बाद भाजपा को पंजाब में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक जमीन तैयार करने की चुनौती मिली। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी के साथ गठबंधन किया। पार्टी केवल दो सीटें जीत सकी और उसका वोट फीसदी करीब 6.6 रहा। 2024 के लोकसभा चुनाव ने तस्वीर काफी हद तक बदल दी। भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ते हुए भले ही कोई सीट नहीं जीती पर उसका वोट फीसदी बढ़कर 18.56 तक पहुंच गया। पहली बार पंजाब में भाजपा का वोट फीसदी अकाली दल से अधिक रहा।

    भाजपा का बढ़ता आधार और आत्मविश्वास
    इस प्रदर्शन ने भाजपा को विश्वास दिया कि वह अब केवल शहरी सीटों तक सीमित नहीं है। 2026 के निकाय चुनावों में भी भाजपा ने शहरी क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत करने का दावा किया। अबोहर और पठानकोट जैसे क्षेत्रों में पार्टी ने अपनी मौजूदगी दिखाई। भाजपा ने कांग्रेस और अकाली दल के कई बड़े नेताओं को अपने साथ जोड़ा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़ और मनप्रीत सिंह बादल जैसे नेता भाजपा में आए। इससे पार्टी को पंजाब की ग्रामीण और सिख राजनीति में भी आधार बढ़ाने का अवसर मिला।

    सीट बंटवारे पर नई चुनौती
    भाजपा संगठन में भी सिख चेहरों को प्रमुखता देने की रणनीति दिख रही है। केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा अध्यक्ष बनाया जाना इसी रणनीति का हिस्सा है। यही बदली हुई राजनीतिक स्थिति अब संभावित गठबंधन के सीट बंटवारे में दिख रही है। भाजपा पुराने 94-23 तरीके पर लौटने के बजाय बराबरी के राजनीतिक साझेदार के रूप में बातचीत करना चाहती है। अकाली दल के लिए भी भाजपा के साथ गठबंधन आसान नहीं होगा। 2022 विधानसभा और 2024 लोकसभा में उसका प्रदर्शन कमजोर रहा है। 

  • सितंबर की शुरुआत में बढ़ा खर्च, दूध ₹102 लीटर तो ऑटो-टैक्सी का किराया भी महंगा; LPG में भी इजाफा

    सितंबर की शुरुआत में बढ़ा खर्च, दूध ₹102 लीटर तो ऑटो-टैक्सी का किराया भी महंगा; LPG में भी इजाफा

    जयपुर 
    सितंबर महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए महंगाई का झटका लेकर आई है। 1 सितंबर 2026 से देश और खासकर मुंबई में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला है। मुंबई में दूध के दाम बढ़ गए हैं, वहीं ऑटो और टैक्सी का सफर भी महंगा हो गया है। इसके अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, घरेलू LPG सिलिंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

    मुंबई में दूध हुआ महंगा, 93 से बढ़कर 102 रुपये लीटर
    मुंबईकरों के लिए सितंबर की शुरुआत दूध की बढ़ी कीमतों के साथ हुई है। डेयरी में मिलने वाले दूध की कीमत 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। अब तक 93 रुपये लीटर मिलने वाला दूध 102 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इस बढ़ोतरी का असर खुदरा बाजार में भी होगा। ग्राहकों को कुछ जगहों पर दूध के लिए करीब 110 रुपये प्रति लीटर तक चुकाने पड़ सकता है।

    मुंबई में ऑटो-टैक्सी का सफर भी महंगा
    मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में ऑटो और टैक्सी के नए किराये भी 1 सितंबर से लागू हो गए हैं। नए टैरिफ के मुताबिक, ऑटो के किराये में 1 रुपये प्रति किलोमीटर और टैक्सी के किराये में 2 रुपये प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी हुई है।

    पहले 1.5 किलोमीटर के सफर के लिए अब नए न्यूनतम किराये लागू होंगे। आज से शुरुआती 1.5 किमी की न्यूनतम दूरी के लिए ऑटो का भाड़ा 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये और टैक्सी का न्यूनतम भाड़ा 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो गया है।

    ऑटो और टैक्सी चालकों को मीटर में नए किराये के अनुसार बदलाव करने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। तब तक यात्रियों के लिए संशोधित टैरिफ कार्ड के आधार पर किराया लेने की व्यवस्था रहेगी।

    सितंबर की शुरुआत में एलपीजी की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। मुंबई में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत 9.50 रुपये बढ़कर 2,701 रुपये हो गई है। इसके अलावा 5 किलो के नॉन-डोमेस्टिक एलपीजी रिफिल की कीमत में भी 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसकी कीमत 762 रुपये से बढ़कर 764 रुपये प्रति सिलिंडर हो गई है।

    हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मुंबई में घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत फिलहाल 941.50 रुपये बनी हुई है।

    त्योहारों से पहले बढ़ी महंगाई, बजट पर पड़ेगा असर
    सितंबर से लागू इन बदलावों का असर सीधे आम लोगों के रोजमर्रा के खर्च पर पड़ेगा। दूध की कीमत बढ़ने से घर का बजट प्रभावित होगा, जबकि ऑटो-टैक्सी किराये में बढ़ोतरी का असर रोजाना सफर करने वाले मुंबईकरों पर पड़ेगा। कमर्शियल एलपीजी महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे कारोबारी प्रतिष्ठानों की लागत बढ़ेगी, जिसका अप्रत्यक्ष प्रभाव ग्राहकों पर देखने को मिल सकता है।

  • 7 दिनों तक किसान कैंप का असर, मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू

    7 दिनों तक किसान कैंप का असर, मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू

    मोहाली
     पंजाब के किसानों के 32 संगठनों ने संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आज से मोहाली-चंडीगढ़ बार्डर पर सात दिनों तक पक्का मोर्चा लगाया जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर लगाए जाने वाले इस मोर्चे को लेकर किसानों की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है।

    मोर्चे में पंजाब के हर इलाकों से किसान धरना स्थल पर पहुंच रहे है। इस कारण फेज-11 , जगतपुरा, बाबा व्हाइट हाउस चौक सहित शहर के अंदरूनी भागों में किसान ट्रैक्टरों सहित होकर मोर्चे वाले स्थान पर पहुंचेंगे।

    इस कारण मोहाली प्रशासन की ओर से आयशर चौक से एयरपोर्ट रोड और आयशर चौक से फेज-9 की तरफ से चंडीगढ़ तरफ जाया जा सकता है। किसानों के पक्के मोर्चे को देखते हुए चंडीगढ़ तरफ जाने वालों को फेज 10 , फेज-11 की तरफ नहीं जाना चाहिए।

    किसानों की ओर से ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर आया जा रहा है इस कारण आयशर चौक से बेस्टेक माल तक की सड़क को सभी तरह के वाहनाें के लिए बंद किया गया है। पिछली बार किसानों ने इस स्थान पर प्रशासन से मीटिंग किए बगैर मोर्चा लगाया था तो कई रास्तों पर जाम की स्थिति बन गई थी।

    इस बार किसान यूनियन के नेताओं की ओर से मोहाली-चंडीगढ़ पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग होने के बाद ही मोर्चा लगाने की इजाजत मिली है। इसलिए पिछली बार लगाए मोर्चे की तरह स्थिति खराब नहीं होगी और लोगों को ज्यादा कठिनाईयों का सामना नहीं करना पड़ सकता है।

    तीन वैकल्पिक रूट किए गए निर्धारित
    ट्रैफिक पुलिस ने चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालकों के लिए तीन वैकल्पिक रास्ते सुझाए हैं।

    पहला रूटः आयशर चौक से लांडरां रोड सेक्टर-82/83 रोड जगतपुरा चंडीगढ़।

    दूसरा रूटः आइआइएसईआर चौक से एयरपोर्ट रोड आईटी सिटी/एरोट्रोपोलिस जगतपुरा चंडीगढ़।

    तीसरा रूटः आइआइएसईआर चौक से फेज-9 रोड सेक्टर-66/68 रोड जगतपुरा चंडीगढ़।

     

  • हरियाणा विधानसभा में सियासी वार-पलटवार, CM का हुड्डा पर तीखा हमला

    हरियाणा विधानसभा में सियासी वार-पलटवार, CM का हुड्डा पर तीखा हमला

    चंडीगढ़.

    विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन वीरवार को विधानसभा गेट के बाहर कांग्रेस विधायकों और चंडीगढ़ पुलिस के कर्मचारियों में धक्का-मुक्की का मुद्दा सोमवार को भी सदन में छाया रहा। "गुंडागर्दी" पर हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर इशारा करते हुए तंज कसा कि आपने कोहनी मारकर पुलिस वालों की कमर तोड़ दी।

    इस पर पलटवार करते हुए हुड्डा ने कहा कि अगर मैंने ऐसा किया है तो मेरे खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दो। वहीं, कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने चुटकी ली कि जिस पुलिसकर्मी को कोहनी मारी गई, उसके साथ इंसाफ कैसे होगा।

    हुड्डा ने दी चुनौती
    हुड्डा ने चुनौती दी कि आपके कहने से एफआइआर दर्ज नहीं होती तो सदन से इस्तीफा दे जाओ। प्रश्नकाल खत्म होते ही कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा ने विधायकों के साथ हुए दुर्व्यवहार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इस्तेमाल किए गए ‘गुंडागर्दी’ शब्द का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने जवाब में प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी को ‘कोहनियां मारकर उसकी कमर तोड़ने’ का आरोप लगाया तो सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हुड्डा ने कहा कि आरोप लगाए जा रहे हैं तो कार्रवाई भी होनी चाहिए। मामला जब शांत हुआ तो विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियम भी साफ कर दिए। मुख्य गेट से ही विधानसभा परिसर शुरू हो जाता है। गेट के अंदर आने के बाद किसी तरह का प्रदर्शन या धरना नहीं किया जा सकता। समानांतर सत्र चलाने तथा पोस्टर या तख्ती लेकर आने की भी अनुमति नहीं होती। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सत्र से पहले पुलिस और विधानसभा के सिक्योरिटी स्टाफ के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक होती है।

    हम हुड्डा से सीखते हैं, लेकिन उनके रास्ते पर नहीं चलते
    मुख्यमंत्री ने कहा कि हुड्डा सदन के बहुत वरिष्ठ एवं सम्मानित सदस्य हैं। हम उनसे सीखते भी हैं। हालांकि हम उस रास्ते पर नहीं चलते, जो ये सिखाते हैं। हमारा रास्ता अलग है। रही बात गुंडागर्दी को लेकर उनके द्वारा कही गई बात की, तो पूरी कार्यवाही और संदर्भ को देखा जा सकता है। उनका किसी का अपमान करने का आशय नहीं था। कांग्रेस विधायकों द्वारा नारे लगाए जा रहे थे कि "इनकी तरफ से गुंडागर्दी की जा रही है।" उन्होंने केवल इतना कहा था कि “गुंडागर्दी हमारी तरफ से नहीं, आपकी तरफ से चल रही है।” ।

    सज्जन कुमार का अनुयायी बताने पर भड़के कांग्रेसी
    सदन में माहौल गरमा गया जब अनिल विज ने कहा कि "सज्जन कुमार के अनुयायी सुन लीजिए।" इस पर कांग्रेस विधायकों ने सदन ने में हंगामा शुरू कर दिया तो स्पीकर विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि "नेम करने के लिए मजबूर मत कीजिए।" काले कपड़ों पर विवाद के बीच विज ने कहा कि हुड्डा की यादाश्त कम हो गई है। इन्हें याद नहीं आता कि उनकी सरकार में विधानसभा परिसर कहां तक होता था। इनकी सरकार में हमें परिसर से धक्के देकर निकाल दिया जाता था, जिससे हमें सचिवालय के सामने बैठना पडता था। पानी तक नहीं पीने देते थे। हम तो फिर भी काले कपड़े पहनकर नहीं आते थे।

  • राजा वड़िंग पर आयोग सख्त! 5 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट देने के निर्देश, जानें पूरा मामला

    राजा वड़िंग पर आयोग सख्त! 5 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट देने के निर्देश, जानें पूरा मामला

     चंडीगढ़

    पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और दलित नेता स्वर्गीय बूटा सिंह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) ने पंजाब पुलिस को वड़िंग समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। 

    आयोग ने पुलिस से पांच दिन के भीतर कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट भी मांगी हैं। आयोग ने जांच जल्द पूरी कर सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल करने को भी कहा है। सोमवार को आयोग के समक्ष इस मामले की सुनवाई थी। बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस की ओर से डीएसपी हरप्रीत सिंह और डीएसपी गुलजार सिंह पेश हुए। शिकायतकर्ता और बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह भी सुनवाई में मौजूद रहे। आयोग ने जांच और गिरफ्तारी में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। आयोग के मुताबिक पहले दिए गए निर्देशों के बावजूद कार्रवाई की रिपोर्ट पेश नहीं की गई थी।

    साल 2025 का मामला 
    मामला नवंबर 2025 में तरनतारन विधानसभा उप-चुनाव के दौरान सामने आया था। चुनाव प्रचार के दौरान राजा वड़िंग की ओर से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह को लेकर की गई कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने चार नवंबर 2025 को मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए तरनतारन के डीसी और एसएसपी से सात दिन में रिपोर्ट मांगी थी। आयोग ने कहा था कि कथित टिप्पणियों में बूटा सिंह की जातीय पृष्ठभूमि और रंग को लेकर आपत्तिजनक संदर्भ दिए गए हैं।

     

  • यूपी में बारिश से राहत के साथ आफत भी, कई जिलों में जलभराव; 1-2 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट

    यूपी में बारिश से राहत के साथ आफत भी, कई जिलों में जलभराव; 1-2 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट

    लखनऊ 
     यूपी में 5 सितंबर तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। आईएमडी लखनऊ की मानें तो 1 सितंबर से पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बदरा बरसेंगे। इसे लेकर कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बारिश के आंकड़ों के अनुसार पूर्वी यूपी में सोमवार को प्रयागराज के कोरांव में सबसे अधिक 132 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चित्रकूट के राजापुर में 67 और कर्वी में 66 मिलीमीटर, अंबेडकर नगर के अकबरपुर में 63.4, प्रतापगढ़ के पट्टी में 63, अकबरपुर में 60, सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में 60 और सुलतानपुर के लंभुआ में 56 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

    मौसम विभाग ने एक सितंबर को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, रायबरेली और अमेठी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सुलतानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं सहित अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी है। इन जिलों अलर्ट जारी किया है।

    2 सितंबर को इन जिलों में झमाझम बारिश
    2 सितंबर को बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तीन और चार सितंबर को भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

    सोमवार को कई इलाकों में जलभराव
    उधर, सोमवार सुबह से हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी। हालांकि, तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और सड़क-मोहल्लों की सूरत बिगड़ गई। कई जगहों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

    मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति में निचले इलाकों और सुरंगों में जलभराव, नदियों-नालों और जलाशयों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका जताई है। इसके आलावा वैज्ञानिकों ने निचले और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से दूर रहने और जलमग्न सड़कों और उफनते पुलों से बचने की सलाह दी है।

  • खेत बचाओ अभियान में बड़ा बदलाव, QR कोड से खाद खरीद की सुविधा; कृषि मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

    खेत बचाओ अभियान में बड़ा बदलाव, QR कोड से खाद खरीद की सुविधा; कृषि मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

    पटना
    खेत बचाओ, गुणवत्तायुक्त बीज और खाद सुलभ कराओ अभियान किसान हित में विभाग की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य उर्वरक बिक्री व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित, जवाबदेह और किसान-केंद्रित बनाना है। ये बातें सोमवार को कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहीं। वे मीठापुर स्थित कृषि भवन सभागार में विभागीय अधिकारियों के कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। 

    उन्होंने कहा कि किसान को अब क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा। यह क्यूआर कोड तीन दिनों तक मान्य रहेगा। इसके माध्यम से किसान उसमें अंकित अधिकृत उर्वरक विक्रेता से निर्धारित प्रक्रिया के तहत भुगतान कर उर्वरक खरीद सकेंगे।

    प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना आवश्यक 
    उन्होंने कहा कि किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक समय पर और सुगमता से उपलब्ध कराना कृषि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उर्वरक की उपलब्धता, वितरण और बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना आवश्यक है। 

    उर्वरक बिक्री व्यवस्था को डिजिटल और किसान-केंद्रित बनाने के लिए विभाग ने एफएसएएस (उर्वरक बिक्री आवेदन प्रणाली का ढांचा) के माध्यम से ऑनलाइन व्यवस्था विकसित की है। आइएफएमएस और एग्रीस्टैक के एकीकरण से उर्वरक की खरीद-बिक्री प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया गया है। 

    शिकायत पर तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश
    कृषि मंत्री ने निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री, कालाबाजारी, जमाखोरी या अन्य अनियमितता की शिकायत पर तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य किसान की सुविधा बढ़ाना है, उसकी परेशानी नहीं। किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

     

  • बापूधाम महोत्सव का आगाज आज, मैथिली ठाकुर समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति; गांधी मैदान नो-ड्रोन जोन

    बापूधाम महोत्सव का आगाज आज, मैथिली ठाकुर समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति; गांधी मैदान नो-ड्रोन जोन

    पटना 
    सीएम सम्राट चौधरी आज गांधी मैदान में 284.99 करोड़ की 145 योजनाओं की सौगात देंगे। वे साढ़े बारह में बापूधाम महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। उसके बाद 8889.19 लाख की लागत से बनने वाली 90 योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वहीं 19610.14 लाख की लागत से बने 55 योजनाओं का उदघाटन करेंगे। सुरक्षा को लेकर गांधी मैदान को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी व जवानों का पहरा हो गया है। पुलिस केन्द्र, गांधी मैदान व प्रेक्षा गृह को नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है।

    गांधी मैदान में प्रवेश के लिये आम लोगों के लिये 09,10,11 व 12 गेट बनाये गये हैं। डीएम सौरभ सुमन यादव ने बताया कि गांधी मैदान में कार्यक्रम के बाद सीएम किसानों के लिये आयोजित मेला प्रेक्षा गृह में जाएंगे। उनका हेलीकॉप्टर पुलिस केन्द्र में लैंड करेगा। डीएम ने बताया कि 01 सितम्बर को सुप्रसिद्ध लोक गायिका सह विधायक मैथिली ठाकुर की प्रस्तुति के साथ साथ करीना पांडेय व सबिता पांडेय का भी कार्यक्रम होगा। दो सितंबर को प्रसिद्ध बॉलीबुड सिंगर सलमान अली का कार्यक्रम रखा गया है।उसी दिन स्थानीय कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 03 सितंबर को प्रसिद्ध कलाकार अजीत आनंद व उनकी टीम की प्रस्तुति होगी। उसी दिन डॉ तीष्या श्री के नेतृत्व में नीलोत्पल मृणाल, स्वयं श्रीवास्तव सहित प्रसिद्ध कवियों की हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

    मुख्यमंत्री 19610.14 लाख रुपये की लागत से बने 55 योजनाओं का करेंगे उदघाटन
    सीएम सम्राट चौधरी 55 योजनाओं का उदघाटन करेंगे। जिस पर 19610.14 लाख रुपये खर्च किये गये हैं। स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल 01 के तहत नौ योजनाओं का उदघाटन होगा। 2685.33 लाख की लागत से निर्माण कार्य पूरा किया गया है। मनरेगा के 24 योजनाओं का 241.14 में पूरा किया गया है। खेल विभाग के एक योजना का 194.50 लाख में पूरा हुआ है। इस प्रकार पथ निर्माण, चिकित्सा, पर्यटन, पुलनिर्माण आदि योजनाओं का उदघाटन करेंगे।

    कल्याण विभाग की ओर से शहर में 520 आसन वाले अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय के भवन का निर्माण कार्य व सौ आसन वाले राजकीय कल्याण छात्रावास भवन का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। पहाड़पुरके मनकररिया, दक्षिणी नोनिया व हरसिद्धि के सेवराहा में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर,आदापुर के विशनपुरवा, कोरईया,सुगौली के केथवलिया व बेलवटिया में स्वास्थ्य उपकेन्द्र का निर्माण किया गया। एक सेंटर के निर्माण में 42.84 लाख खर्च आया है। भोपतपुर ओपी भवन, झरोखर ओपी, चकिया थाना भवन , हरपुर थाना, नकरदेई थाना, कल्याणपुर थाना, मेहसी थाना व पुलिस लाइन में बीस महिला बैरक का निर्माण व विद्युतीकरण कार्य पूरा किया गया।

    भीबीजीरामजी के तहत तुरकौलिया के बालक विद्यालय में चहारदीवारी, नाला निर्माण, चरगाहा में पीसीसी कार्य,शंकर सरैया में सार्वजनिक स्थान पर मिट्टी भराई, जयसिंहपुर में ईंटसोलिंग व मिट्टी भराई,सुगौली के सुगांव में आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का निर्माण, मनसिंघा में शवदाह गृह,अरेराज के चटिया बड़हरवा विद्यालय में चहारदीवारी, ममरखा में पीसीसी कार्य, तेतरिया के कोठिया में जीविका भवन का निर्माण,चिरैया के राघोपुर में आंगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण कार्य पूरा किया गया। डेयरी मत्स्य व पशु संसाधन विभाग की ओर से कोटवा में प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय व बंजरिया के जटवा में प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय का निर्माण कार्य पूरा किया गया।

    बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से मजुराहां को कोटवा से जोड़ने के लिये धनौती नदी पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल सह पहुंच पथ का निर्माण पूरा हुआ है। जिसकी लागत 1371.72 लाख है। चकिया के कोइरगांवा में पंचायत सरकार भवन, वैशाहा, कोटवा के जसौली में, तुरकौलिया के शंकर सरैया, कल्याणपुर के उतरी गवन्द्री, पकड़ी दीक्षित, केसरिया के खिजिरिपुरा, पीपराकोठी के पंडितपुर, तेतरिया के तेतरिया में पंचायत सरकार भवन का उदघाटन होगा।

  • स्पाइसजेट की अमृतसर-दुबई फ्लाइट फिर हुई लेट, यात्रियों ने एयरपोर्ट पर किया हंगामा

    स्पाइसजेट की अमृतसर-दुबई फ्लाइट फिर हुई लेट, यात्रियों ने एयरपोर्ट पर किया हंगामा

    अमृतसर 
    अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली उड़ान में लगातार देरी से मंगलवार को एक बार फिर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों ने टिकट काउंटर पर एयरलाइन कर्मचारियों से बहस की और उड़ान की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। 

    यात्रियों के मुताबिक, उन्हें उड़ान के समय को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। इसी दौरान एक यात्री ने कर्मचारियों से कहा कि मैनेजर को बुलाया जाए, नहीं तो बाद में किसी नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा। यात्रियों ने एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।

    यात्रियों का कहना था कि कम से कम अंदर बैठने की जगह दी जाए। करीब 70 से 80 लोग तेज धूप में बाहर बैठने को मजबूर रहे। इससे यात्रियों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

    जालंधर से पहुंचे एक यात्री ने बताया कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें जानकारी दी गई कि उनकी उड़ान रात करीब 11 बजे रवाना होगी, जबकि निर्धारित समय सुबह 8:40 बजे था। 

    एयरपोर्ट की व्यवस्था पर यात्री भड़के यात्री ने बताया कि जब उन्होंने स्टाफ से कम से कम अंदर बैठने देने की मांग की तो स्टाफ ने हंसकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि करीब 70 से 80 यात्री तेज धूप में बाहर बैठने को मजबूर हैं। सभी काफी परेशान हैं। यात्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पंजाब के किसी बस स्टैंड का हाल भी इतना खराब नहीं है, जितना अमृतसर एयरपोर्ट का बना हुआ है।

    एक दिन पहले भी 18 घंटे लेट हुई थी उड़ान 
    एक दिन पहले भी अमृतसर से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान करीब 17 से 18 घंटे लेट हुई थी। उस दौरान भी यात्रियों ने टिकट काउंटर पर हंगामा किया था और रिफंड या वैकल्पिक उड़ान की मांग उठाई थी। यात्रियों ने एयरलाइन पर देरी की स्पष्ट जानकारी नहीं देने और पर्याप्त इंतजाम नहीं करने के आरोप लगाए थे। लगातार दूसरे मामले के सामने आने से एयरपोर्ट पर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं और एयरलाइन की सूचना व्यवस्था सवालों के घेरे में है। 

    यात्री ने कर्मचारी को क्या कहा, 2 पॉइंट में पढ़िए..

        अपने मैनेजर को बुलाइए, समाधान करवाइए: यात्री ने कर्मचारी से कहा कि हम आपका कोई नुकसान नहीं करना चाहते, न ही हमें मजबूर करें। अपने मैनेजर को बुलाइए और हमारी फ्लाइट का समाधान करवाइए। ठीक है या फिर हमें जो सुविधाएं मिलती हैं, वो दीजिए।

        नुकसान के लिए हम जिम्मेदार नहीं होंगे: अगर आपका कोई नुकसान हो गया तो हम इसके लिए जिम्मेदार नहीं होंगे। हम एक घंटे से आपको कह रहे हैं कि मैनेजर को बुलाइए, लेकिन आप हंसकर हमें टालने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी बात भी नहीं सुन रहे। अगर 10 मिनट में आपका मैनेजर नहीं आया और आपका नुकसान हुआ, तो इसके जिम्मेदार आप लोग होंगे।