Category: राज्य

  • हरियाणा में वोटर लिस्ट का बड़ा अपडेट! 30 सितंबर तक मौका, जन्म वर्ष के हिसाब से देने होंगे दस्तावेज

    हरियाणा में वोटर लिस्ट का बड़ा अपडेट! 30 सितंबर तक मौका, जन्म वर्ष के हिसाब से देने होंगे दस्तावेज

    चंडीगढ़
    हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच अभी तक एक लाख 36 हजार 646 लोगों ने अपना नाम मतदाता सूचियों में जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरा है। अयोग्य या मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से कटवाने के लिए 10 हजार 156 फार्म-7 भरे गए हैं, जबकि एक लाख छह हजार 671 मतदाताओं ने नाम-पते सहित अपनी अन्य जानकारी अपडेट करने के लिए फार्म-8 भरा है।

    त्रुटियां ठीक कराने के लिए अंतिम तिथि 31 अगस्त से बढ़ाकर 30 सितंबर की जा चुकी है। फार्म-6 और आठ में पिछले एसआईआर की मतदाता सूची का स्वयं या माता-पिता, दादा-दादी का विवरण भरना होता है।

    यदि किसी पात्र व्यक्ति के पास पिछले एसआईआर की मतदाता सूची का रिकॉर्ड/विवरण उपलब्ध नहीं है तो जन्म वर्ष के अनुसार अपने दस्तावेज फार्म 6 व फार्म 8 के साथ संलग्न अवश्य करें।
    मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या स्थानांतरण के लिए घोषणा पत्र भी जमा करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पुराना मतदाता रिकॉर्ड या संबंधित दस्तावेज उपलब्ध न होने के आधार पर किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जा सकता।

    मतदाता की पात्रता का परीक्षण निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर किया जाएगा। जिन मतदाताओं का पिछली एसआईआर सूची से मिलान नहीं हुआ है, उन्हें अपनी पात्रता के साक्ष्य के रूप में दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि किसी व्यक्ति का जन्म भारत में एक जुलाई 1987 से पहले हुआ है तो दस्तावेज सूची में से स्वयं का कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत कर सकता है।

    एक जुलाई 1987 से दो दिसंबर 2004 के बीच जन्मे मतदाताओं को अपना तथा अपने माता-पिता में से किसी एक का दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। दो दिसंबर 2004 के बाद जन्मे मतदाताओं को स्वयं का, अपने पिता तथा अपनी माता का दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।

    यदि माता-पिता भारतीय नहीं हैं, तो जन्म के समय के उनके वैध वीजा तथा पासपोर्ट की प्रति प्रस्तुत करनी होगी। अगर किसी व्यक्ति का जन्म भारत के बाहर हुआ है तो भारतीय मिशन द्वारा जारी किया गया जन्म पंजीकरण संलग्न करना होगा। यदि पंजीकरण द्वारा भारतीय नागरिकता प्राप्त की है तो नागरिकता पंजीकरण प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा।

    यह दस्तावेज होंगे मान्य

    •     किसी केंद्रीय/राज्य/ पीएसयू के नियमित कर्मचारी/पेंशनभोगी को जारी कोई पहचान पत्र/ पेंशन भुगतान आदेश
    •     एक जुलाई 1987 से पहले भारत में सरकार/स्थानीय प्राधिकरण/बैंक/डाकघर/ एसलआइसी/पीएसयू द्वारा जारी कोई भी पहचान पत्र/ प्रमाण पत्र/दस्तावेज
    •     सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाणपत्र
    •     पासपोर्ट
    •     मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय द्वारा जारी मैटिक परीक्षा/ शैक्षणिक प्रमाण-पत्र
    •     सक्षम राज्य प्राधिकारी द्वारा जारी स्थायी निवास प्रमाण-पत्र
    •     वन अधिकार प्रमाण-पत्र
    •     सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी ओबीसी/एससी/एसटी या कोई भी जाति प्रमाणपत्र
    •     राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, जहां भी यह प्रचलन में हो
    •     राज्य/स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा तैयार किया गया परिवार रजिस्टर
    •     सरकार द्वारा कोई भी भूमि/ मकान आवंटन प्रमाणपत्र
    •     आधार के लिए चुनाव आयोग के माध्यम से जारी अनुदेश लागू होंगे।
  • रांची में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम, नन्हे कान्हा-राधा ने बिखेरी छटा; आज दही हांडी का रोमांच

    रांची में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम, नन्हे कान्हा-राधा ने बिखेरी छटा; आज दही हांडी का रोमांच

     रांची
    दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का शुभारंभ बाल गोपाल-बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता के साथ चिरौंदी मोरहाबादी स्थित गीतांजली बैंक्वेट हाल में शुरू हो गई। कांके विधायक सुरेश बैठा ने दीप जलाया। इस अवसर पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति मोरहाबादी के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद, अध्यक्ष बिनोद गोप, संरक्षक डॉ राजेश गुप्ता छोटू, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल सिंह, महासचिव मनोज गुप्ता, विजय शर्मा, राजेश गुप्ता सचिव रोहित सिंह उपस्थित थे।

    आज चार सितंबर को ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में दही हांडी का आयोजन होगा। भजन संध्या एवं रासलीला का मंचन किया जाएगा। सुरेश बैठा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर रांचीवासियों में खासा उत्साह है। इस वर्ष दो दिवसीय आयोजन में बच्चों से लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

    शहर वासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
    मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद ने भी तमाम राज्यवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन को पहले भी लोगों का प्यार और समर्थन मिलता रहा है जो ऐसे भव्य आयोजन के लिए प्रेरणा देता है lसंरक्षक डा राजेश गुप्ता ने भी शहर वासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं l

    गोपाल एवं बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता 0 से 5 वर्ष एवं 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे बाल गोपाल एवं बाल राधा की पोशाक ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जज की भूमिका में शहर की प्रख्यात फैशन डिजाइनर स्मृति राजीव, अंशिका कुमारी और राम सिंह ने उपस्थित बच्चों के परिधान एवं अन्य पहलुओं का मूल्यांकन किया l

    मोरहाबादी मैदान में दही हांडी का आयोजन
    प्रतिभागी बच्चों के अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सहयोग दिया l प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को 4 सितंबर को मोरहाबादी मैदान स्थित दही हांडी आयोजन स्थल पर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

     

  • मणिमहेश डल झील में आस्था की डुबकी, शाही स्नान के लिए पंजाब-चंडीगढ़ से पहुंचे हजारों श्रद्धालु

    मणिमहेश डल झील में आस्था की डुबकी, शाही स्नान के लिए पंजाब-चंडीगढ़ से पहुंचे हजारों श्रद्धालु

    मणिमहेश 

    उत्तर भारत की पवित्र मणिमहेश यात्रा में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आज आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के धाम मणिमहेश पहुंच रहे श्रद्धालु पवित्र ‘डल झील’ में सुबह से ही आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इस मौके पर हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और जम्मू से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मणिमहेश पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु पवित्र झील में स्नान कर भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मणिमहेश यात्रा 2026 आधिकारिक तौर पर 19 सितंबर तक चलेगी।

    मणिमहेश झील समुद्र तल से करीब 13 हजार फीट की ऊंचाई पर कैलाश पर्वत की तलहटी में स्थित है। जिला चंबा प्रशासन के अनुसार, कैलाश चोटी की ऊंचाई करीब 18,564 फीट है। मणिमहेश को भगवान शिव का प्रमुख तीर्थ माना जाता है और यहां हर साल हजारों श्रद्धालु पवित्र डल झील में स्नान के लिए पहुंचते हैं।

    हड़सर से 13 किलोमीटर पैदल चढ़ाई
    मणिमहेश पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को हड़सर से करीब 13 किलोमीटर का पैदल ट्रेक करना पड़ता है। हड़सर तक वाहन पहुंचते हैं। इसके बाद यात्रा पैदल शुरू होती है। रास्ते में धनछो प्रमुख पड़ाव है, जहां श्रद्धालु विश्राम करते हैं। इसके आगे चढ़ाई पार कर मणिमहेश डल झील तक पहुंचा जाता है।

    झील से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले गौरी कुंड और शिव क्रोत्री भी धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल हैं। मान्यता के अनुसार, गौरी कुंड और शिव क्रोत्री में क्रमश: माता पार्वती और भगवान शिव ने स्नान किया था। ज्यादातर श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं, मगर काफी लोग हेलीटैक्सी से भी मणिमहेश पहुंचते हैं। प्रशासन ने इस बार चार हेलीटैक्सी के साथ मणिमहेश यात्रा के लिए करार किया है।

    राधाष्टमी पर होगा बड़ा शाही स्नान
    जन्माष्टमी के शाही स्नान के बाद अब श्रद्धालुओं की नजर राधाष्टमी पर होने वाले बड़े शाही स्नान पर है। यह 18 और 19 सितंबर को होगा। मणिमहेश यात्रा का यह सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक पड़ाव माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

    इस बार मौसम भी दे रहा साथ
    यात्रा के दौरान इस बार मौसम श्रद्धालुओं का साथ दे रहा है। मौसम अनुकूल रहने से पैदल ट्रैक पर आवाजाही सुगम बनी हुई है। प्रशासन भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर निगरानी कर रहा है। एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी के शाही स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मणिमहेश पहुंचे हैं।

    डल झील में शाही स्नान चल रहा है। पिछले साल भारी बारिश और बादल फटने के कारण मणिमहेश यात्रा के दौरान काफी मुश्किलें आई थीं। 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालु भरमौर से मणिमहेश के रास्ते में फंस गए थे।

    यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य
    प्रशासन ने इस बार मणिमहेश यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया है। श्रद्धालुओं को भरमौर पहुंचने से पहले पंजीकरण कराने और उसकी रसीद साथ रखने की सलाह दी गई है। हड़सर बेस कैंप पर स्वास्थ्य जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे यात्रा की अनुमति दी जाती है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम को देखते हुए गर्म कपड़े, रेनकोट, छाता, टॉर्च और उचित जूते साथ रखने की अपील की है।

    यात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान शिव के धाम मणिमहेश में पवित्र डल झील में स्नान है। जन्माष्टमी के शाही स्नान के बाद अब 18-19 सितंबर को होने वाले बड़े शाही स्नान को लेकर भी प्रशासन और श्रद्धालुओं में उत्साह है।

  • राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला: ट्रेनिंग के बाद 1-2 साल सेवा जरूरी, सरोगेसी पर महिला कर्मचारियों को राहत

    राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला: ट्रेनिंग के बाद 1-2 साल सेवा जरूरी, सरोगेसी पर महिला कर्मचारियों को राहत

    बीकानेर
    सरकारी नौकरी में नियुक्ति के बाद प्रशिक्षण लेकर जल्द सेवा छोड़ने वाले कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने नियम सख्त कर दिए है। वहीं महिला कर्मचारियों को चाइल्ड केयर लीव और सरोगेसी के मामले में राहत दी गई है। नए नियम के तहत राजपत्रित पद पर नियुक्ति के बाद स्वतंत्र प्रभार संभालने से पहले निर्धारित प्रशिक्षण लेने वाले कर्मचारी को प्रशिक्षण शुरू होने से पहले बॉन्ड देना होगा। प्रशिक्षण के दौरान या प्रशिक्षण पूरा होने के दो वर्ष के भीतर इस्तीफा देने अथवा दूसरी नौकरी स्वीकार करने पर सरकार प्रशिक्षण पर किए गए खर्च और अन्य प्रशिक्षण संबंधी खर्च की वसूली कर सकेगी। हालांकि, वसूली में कर्मचारी को दिया गया वेतन तथा नियमानुसार मिले यात्रा एवं दैनिक भत्ते शामिल नहीं होंगे।

    यदि कर्मचारी को केंद्र सरकार, किसी अन्य राज्य सरकार, केंद्र या राजस्थान सरकार के पूर्ण अथवा आंशिक स्वामित्व वाले सार्वजनिक उपक्रम, क्वासी-गवर्नमेंट संगठन, आरबीआई या ग्रामीण बैंक में नौकरी मिलती है और इसके लिए राजस्थान सरकार की सेवा छोड़नी पड़ती है, तो बॉन्ड की शर्त उसी रूप में लागू नहीं होगी। ऐसे कर्मचारी से नए नियोक्ता के यहां निर्धारित अवधि तक सेवा करने के लिए नया बॉन्ड लिया जाएगा। अवधि और शर्ते संबंधित प्रशासनिक विभाग तय करेगा।

    6 माह तक की ट्रेनिंग पर 1 साल की सेवा जरूरी
    तीन महीने से अधिक अवधि के प्रशिक्षण पर भेजे गए और नियम 7 (8) (बी) के तहत ड्यूटी पर माने गए कर्मचारियों पर भी बॉन्ड की शर्त लागू होगी। 3 महीने से अधिक और 6 महीने तक के प्रशिक्षण के बाद कम से कम एक वर्ष राज्य सेवा करनी होगी। 6 महीने से अधिक के प्रशिक्षण के बाद कम से कम दो वर्ष राज्य सेवा करनी होगी। निर्धारित अवधि पूरी किए बिना सेवा छोड़ने या दूसरी नौकरी स्वीकार करने पर प्रशिक्षण पर हुए खर्च की वसूली का प्रावधान रहेगा।

    पहले से आवेदन किया है, तो भी मिल सकेगी अनुमति
    यदि किसी ने राजस्थान सरकार की सेवा में आने से पहले ही केंद्र सरकार, अन्य राज्य सरकार, सरकारी उपक्रम या संबंधित संस्थाओं में आवेदन कर रखा था और उस समय आवेदन उचित माध्यम से भेजना संभव नहीं था, तो उसे भी इस प्रावधान का लाभ मिल सकता है। इसके लिए कर्मचारी को राजस्थान सरकार की सेवा में शामिल होने के एक महीने के भीतर सरकार को इसकी सूचना देनी होगी। चाइल्ड केयर लीव के नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब सामान्य स्थिति में यह अवकाश एक कैलेंडर वर्ष में तीन से अधिक स्पेल में नहीं दिया जाएगा।

    पहली बार अलग मातृत्व अवकाश
    यदि सरोगेट मां और कमीशनिंग मां में से कोई एक या दोनों सरकारी कर्मचारी हैं, तो सरोगेट मां को 180 दिन तक मातृत्व अवकाश, कमीशनिंग मां को 90 दिन तक मातृत्व अवकाश मिल सकेगा। सरोगेट मां के लिए विवाहित महिला सरकारी कर्मचारी होना, उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच होना और इम्प्लांटेशन के समय उसका स्वयं का बच्चा होना जैसी शर्तें रखी गई हैं। वहीं कमीशनिंग मां की उम्र 23 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

  • PNB के करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे ₹17 करोड़ के नकली नोट? NIA जांच में सामने आएंगे बड़े राज

    PNB के करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे ₹17 करोड़ के नकली नोट? NIA जांच में सामने आएंगे बड़े राज

    सहारनपुर
    यूपी के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की करेंसी चेस्ट में करोड़ों के नकली नोट मिलने के मामले में जांच का दायरा और बढ़ गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की आठ सदस्यीय टीम ने जांच की कमान संभाल ली है। टीम बुधवार रात सहारनपुर पहुंची और इसके बाद से मामले से जुड़े दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और नकली नोटों के करेंसी चेस्ट तक नोट पहुंचने के रास्ते की पड़ताल शुरू कर दी है।

    पीएनबी की घंटाघर स्थित करेंसी चेस्ट में नोटों की जांच के दौरान 17 करोड़ से अधिक की नकली करेंसी मिलने का मामला सामने आया है। इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने के बाद बैंक अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। करेंसी चेस्ट में इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट पहुंचना जांच एजेंसियों के लिए गंभीर सवाल बन गया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी बड़ी रकम के नकली नोट बैंक की करेंसी चेस्ट तक आखिर किस माध्यम से पहुंचे।

    सीधे करेंसी चेस्ट पहुंचे या किसी बैंक से?
    एनआइए टीम नकली करेंसी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसी यह जानने का प्रयास कर रही है कि नकली नोट सीधे किसी माध्यम से करेंसी चेस्ट तक पहुंचे या किसी बैंक शाखा या अन्य स्तर से होते हुए यहां तक आए। जांच के दौरान नोटों के करेंसी चेस्ट में आने की पूरी प्रक्रिया को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही कैश के आवागमन, नोटों की गिनती और जांच प्रक्रिया तथा संबंधित रिकॉर्ड को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

    बैंक के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की भी पड़ताल
    एनआईए टीम बैंक में नकदी के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों की नजर उन प्रक्रियाओं पर है, जिनके तहत करेंसी चेस्ट में नकदी जमा होती है और उसकी जांच की जाती है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली नोटों की पहचान बैंकिंग प्रक्रिया के दौरान पहले क्यों नहीं हो सकी और वे किस स्तर पर करेंसी चेस्ट तक पहुंच गए।

    कहीं संगठित नेटवर्क से तो नहीं जुड़े तार?
    पीएनबी करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ से अधिक की नकली करेंसी मिलने का मामला महज नकली नोट बरामद होने तक सीमित नहीं दिख रहा है। इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट आखिर करेंसी चेस्ट तक पहुंची कैसे? क्या यह किसी बैंक शाखा से सामान्य बैंकिंग प्रक्रिया के तहत यहां पहुंची या फिर इसके पीछे कोई सुनियोजित और संगठित नेटवर्क सक्रिय था? सबसे बड़ा सवाल यही है कि करोड़ों की नकली करेंसी बैंकिंग सिस्टम की इतनी महत्वपूर्ण कड़ी तक पहुंच गई और इसकी भनक समय रहते क्यों नहीं लगी।

    माध्यम ही है जांच का अहम बिंदु
    जांच का अहम बिंदु यह है कि नकली नोट किन माध्यमों से करेंसी चेस्ट तक पहुंचे। एजेंसियां इस संभावना को भी खंगाल रही हैं कि कहीं नकली करेंसी किसी संगठित गिरोह के जरिए अलग-अलग स्तरों से होते हुए बैंक तक तो नहीं पहुंचाई गई। यदि जांच में नेटवर्क के संकेत मिलते हैं तो मामला केवल बैंकिंग अनियमितता नहीं, बल्कि बड़े नकली करेंसी सिंडिकेट तक पहुंच सकता है।

    बैंक अधिकारी-कर्मचारी भी जांच के दायरे में
    करेंसी चेस्ट में नकदी पहुंचने, उसकी गिनती और जांच की प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ हो सकती है। जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि नकली नोट किस स्तर पर सिस्टम में शामिल हुए और उनकी पहचान पहले क्यों नहीं हो सकी। फिलहाल एनआइए की आठ सदस्यीय टीम मामले की जांच में जुटी है। टीम बुधवार रात सहारनपुर पहुंची थी। बैंक के रिकॉर्ड, कैश मूवमेंट और अन्य दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

    निलंबित प्रबंधक फरार, गिरफ्तारी को कई राज्यों में दबिश
    पंजाब नेशनल बैंक की सोफिया मार्केट स्थित करेंसी चेस्ट में सामने आए जाली नोट और नकदी गायब होने के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। नामजद और निलंबित बैंक अधिकारियों के खिलाफ सर्च वारंट जारी होने के बाद

    अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
    पुलिस के अनुसार करेंसी चेस्ट प्रकरण में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं। इनमें एक मुकदमा जाली नोट मिलने से संबंधित है, जबकि दूसरे में करीब 4.30 लाख रुपये गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पीएनबी के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की तहरीर पर कोतवाली सदर बाजार में वरिष्ठ प्रबंधक मंडल कार्यालय रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और खेरा बाजार जगाधरी करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद बैंक प्रबंधन ने तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था। इनमें रवि कुमार कांसे, सुशील शर्मा और अमित कुमार शामिल हैं। अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज है।

  • बिहार महोत्सव 2026: बेंगलुरु में दिखी बिहार की संस्कृति और विरासत, सम्राट चौधरी ने किया भव्य शुभारंभ

    बिहार महोत्सव 2026: बेंगलुरु में दिखी बिहार की संस्कृति और विरासत, सम्राट चौधरी ने किया भव्य शुभारंभ

    पटना
    कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार को चार दिनी बिहार महोत्सव 2026 का शानदार आगाज हुआ। छह सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने द आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में श्रीश्री रवि शंकर की गरिमामयी उपस्थिति में शुभारंभ किया। इस आयोजन के माध्यम से बिहार की जीवंत लोक परंपराओं, विशिष्ट खान-पान, हस्तशिल्प और आधुनिक उद्यमिता को एक मंच पर लाया गया है, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

    इस अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। शाम की शुरुआत गौरव और अपनत्व की भावना से ओत-प्रोत बिहार गौरव गान की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ हुई। इसके बाद बिहार की विशिष्ट लोक नृत्य परंपराओं में शामिल झिझिया की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने सिर पर दीप रखकर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।

    समृद्ध लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी
    महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बिहार की समृद्ध लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इनमें झिझिया, सामा-चकेवा, कजरी और झूमर प्रमुख हैं। प्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी और लोक गायक सत्येंद्र कुमार संगीत बिहार की संगीत विरासत को मंच पर जीवंत करेंगे।

    सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा महोत्सव में श्रीश्री योग सत्र, आयुर्वेद एवं वेलनेस सत्र, शास्त्रीय नृत्य कार्यशालाएं, भजन क्लबिंग और ध्यान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के विशेष कार्यक्रमों के तहत हैप्पीनेस और सहज समाधि पाठ्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।

    श्रीश्री रविशंकर बोले -बिहार के हर क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया
    गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर ने पिछले कई दशकों में बिहार में आए व्यापक बदलाव को याद करते हुए कहा, मैंने बिहार को देखा है और आज के बिहार को भी देख रहा हूं। दोनों में जमीन-आसमान का अंतर है। बिहार में अपने कार्यों के दिनों को याद करते हुए श्रीश्री ने राज्य में हुए एक महत्वपूर्ण सामाजिक परिवर्तन का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किस तरह कभी एक-दूसरे के कट्टर विरोधी रहे रणवीर सेना और सीपीआई-एमएल के विद्रोहियों को एक साथ लाकर ध्यान और सुदर्शन क्रिया का अभ्यास कराया था। अंतिम दिन दोनों समूहों के सदस्यों की आंखों में आंसू थे और उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाया। इससे पूरे वातावरण में अपनत्व और शांति की एक नई भावना का संचार हुआ। श्रीश्री ने कहा, “दोनों समूह एक-दूसरे से मिले, आंसू बह निकले और पूरा वातावरण बदल गया। उन्होंने कहा कि बिहार में वर्तमान विकास की गति पर कहा कि चाहे आप पूर्णिया देखें, भागलपुर या दूसरे जिले, आप देख सकते हैं कि कितना विकास हुआ है। बिहार को बहुत-बहुत बधाई। कहा कि सम्राट चौधरी बहुत मेहनती हैं और वे बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

    समृद्ध बिहार से पूरा होगा विकसित भारत का सपना: सम्राट
    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रवासी बिहारियों से अपने राज्य के विकास में योगदान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिहार को अब विकास और समृद्धि के नए दौर में आगे ले जाना है। इसके लिए बिहार के बाहर रहने वाले सभी लोगों का सहयोग आवश्यक है। बिहार की धरती ने भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोविंद सिंह और महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तित्वों को अपनी विरासत से जोड़ा है। आज आवश्यकता है कि बिहार के लोग अपनी कर्मभूमि के साथ-साथ अपनी जन्मभूमि के विकास में भी सहयोग करें। बिहार समृद्ध होगा, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा।

    बिहारी व्यंजन और मधुबनी पेंटिंग के स्टॉल
    सीएम ने कहा कि अगले दो वर्षों में 31 दिसंबर 2028 तक बिहार में मां सीता का भव्य मंदिर स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार ने विकास की लंबी यात्रा तय की। उन्होंने कहा कि आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आर्ट ऑफ लिविंग प्रांगण में लगे बिहार के व्यंजन, मधुबनी पेंटिंग्स सहित अन्य स्टॉलों का अवलोकन किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गौशाला, आश्रम में स्थित गुरुकुल का भ्रमण किया और गणेश मंदिर में पूजा कर बिहारवासियों की सुख, समृद्धि की कामना की।मुख्यमंत्री ने पाग और अंगवस्त्र भेंटकर श्रीश्री रविशंकर जी का स्वागत किया।

    बिहार की विरासत को विश्व पटल पर पहुंचाना हमारा दायित्व : डॉ. प्रेम कुमार
    विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार की गौरवशाली विरासत को विश्व पटल पर पहुंचाना हमारा दायित्व है। बिहार का इतिहास जितना प्राचीन है, उतना ही गौरवशाली भी है। प्राचीन काल में पाटलिपुत्र विश्व की महानतम राजधानियों में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव, आत्मसम्मान और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को स्मरण करने का अवसर है।

    बिहारी जहां भी रहते हैं, नाम रोशन करते हैं: सरावगी
    बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बेंगलुरु पहुंचे। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद बिहारवासियों ने दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया। ‎इस मौके पर सरावगी ने कहा कि बिहार के लोग देश के जिस भी हिस्से में रहते हैं, अपनी मेहनत, प्रतिभा और संस्कारों के माध्यम से बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष श्री श्री गौशाला पहुंचे और वहां गौ सेवा की। सरावगी ने कहा यहां बिहार के लोगों से मिले स्नेह, सम्मान और अपनत्व से वह अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि बिहार से दूर रहकर भी अपनी माटी, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े आप सभी लोगों का यह स्नेह हृदय को छू गया।

    बिहार में सेवा और साधना प्रयासों से आया बड़ा बदलाव
    चार दशकों से अधिक समय से श्रीश्री रवि शंकर और द आर्ट ऑफ लिविंग ने बिहार के कुछ चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में काम किया है। संस्था ने कभी हिंसा और उपेक्षा के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों को संवाद और पुनर्निर्माण के केंद्रों में बदलने का प्रयास किया है। नक्सली संघर्ष से प्रभावित रहे गांवों में वर्षों तक चले संवाद और ध्यान के प्रयासों ने 100 से अधिक समुदायों को पुरानी हिंसा और प्रतिशोध के चक्र से बाहर निकलने में मदद की है। आज इन समुदायों ने शिक्षा, कृषि और शांतिपूर्ण जीवन की दिशा में आगे बढ़ना शुरू किया है। प्रिजन प्रोग्राम के माध्यम से कैदियों को मानसिक शांति और सुधार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

  • केंद्र जैसा वेतन-DA देने को तैयार पंजाब सरकार, फिर भी कर्मचारियों का आंदोलन जारी

    केंद्र जैसा वेतन-DA देने को तैयार पंजाब सरकार, फिर भी कर्मचारियों का आंदोलन जारी

    अमृतसर 

    पंजाब सरकार और कर्मचारियों के बीच चल रहे डीए विवाद के बीच मान सरकार ने कर्मचारियों को नया ऑफर दिया है। वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने वीरवार को दावा किया कि पंजाब सरकार सूबे के कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मियों के बराबर वेतन प्लस डीए देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार केवल केंद्र के डीए प्रतिशत की नकल करने के बजाय समग्र वेतन पैकेज को केंद्र के बराबर करने के लिए तैयार है। 

    वित्तमंत्री ने दावा किया कि पंजाब अपने राजस्व का 51 फीसदी वेतन और पेंशन पर खर्च करता है, जो प्रमुख राज्यों में सबसे अधिक है। साथ ही पंजाब में कर्मचारियों का वेतन पड़ोसी राज्य हरियाणा, गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश समेत अन्य राज्यों से अधिक है। वित्तमंत्री चीमा ने कहा कि डीए के बकाया भुगतान के लिए सरकार ने लिक्विडेशन प्लान बनाया हुआ है। इसके तहत चरणबद्ध भुगतान योजना के तहत बकाया डीए का किस्तों में भुगतान किया जा रहा है और आगे भी इसी तरह किया जाता रहेगा।

    मंत्री अमन अरोड़ा और डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यह बकाया शिअद-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस के कार्यकाल का है, जिसे आम आदमी पार्टी की सरकार डीए की दर बढ़ाते हुए चुका रही है। लिहाजा कर्मचारियों को सरकार का सहयोग करना चाहिए, क्योंकि कर्मचारी प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ माने जाते हैं। उन्हें विपक्षी दलों के बहकावे में नहीं आना चाहिए। सरकार कर्मचारियों के साथ फिर बातचीत के लिए तैयार है।

    क्या है लिक्विडेशन प्लान?
    पंजाब सरकार ने कर्मचारियों और पेंश
    नभोगियों के छठे वेतन आयोग के तहत लंबित डीए/डीआर के करीब 14,191 करोड़ रुपये के बकाये के भुगतान के लिए लिक्विडेशन प्लान तैयार किया है। इसके तहत सरकार ने पूरी राशि एकमुश्त देने के बजाय पांच वित्तीय वर्षों (2024-25 से 2028-29) में चरणबद्ध तरीके से भुगतान का प्रस्ताव रखा है। वित्तमंत्री का दावा है कि बकाये की अदायगी मासिक किस्तों के जरिये की जा रही है।

    इसके तहत पेंशनभोगियों के लिए उम्र के आधार पर अलग-अलग किस्तों का प्रावधान किया गया था। 85 वर्ष से अधिक उम्र वालों को दो, 75 से 85 वर्ष वालों को 12 और 75 वर्ष से कम उम्र वालों को 42 मासिक किस्तों में भुगतान की रूपरेखा बनाई गई है। अब तक करीब 4500 करोड़ रुपये के बकाये का भुगतान किया जा चुका है। हालांकि, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अगस्त 2026 में इस लिक्विडेशन प्लान को रद्द कर 14 दिनों में पूरा बकाया चुकाने का आदेश दिया। इसके खिलाफ पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दाखिल की है।

    केंद्र-पंजाब के वेतन और डीए में फर्क
    – पंजाब में क्लर्क इस वक्त 42 प्रतिशत डीए के हिसाब से टेक होम यानी हाथ में आने वाला शुद्ध वेतन 54,812 रुपये प्राप्त करते हैं जबकि केंद्र के अधीन क्लर्कों को 60 प्रतिशत डीए के साथ 36,960 रुपये वेतन मिलता है।
    – इसी तर्ज पर पंजाब के ड्राइवर 40,612 रुपये वेतन पाते हैं जबकि केंद्र के ड्राइवरों को 36,960 रुपये मिलते हैं।
    – पंजाब के स्टेनोग्राफर का वेतन 56,374 रुपये है जबकि केंद्र का 47,360 रुपये।
    – पंजाब के ईटीटी टीचर का 67,592 रुपये वेतन मिल रहा है जबकि केंद्र के टीचरों का वेतन 65,760 रुपये है।
    – पंजाब के पुलिस कांस्टेबल 54,812 रुपये वेतन पाते हैं, जबकि केंद्र के 36,960 रुपये।
    – सरकार यदि पंजाब के कर्मचारियों को केंद्र की तर्ज पर 60 प्रतिशत डीए देती है तो कर्मियों का वेतन और बढ़ जाएगा।

    कर्मचारियों का कड़ा रुख
    बकाया डीए के लिए संघर्ष कर रही पंजाब कर्मचारियों की विभिन्न जत्थेबंदियों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी के समन्वयक सुखचैन सिंह खैहरा समेत अन्य नेताओं ने कहा कि कर्मचारी किसी भी तरह से गुमराह नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट पंजाब सरकार का लिक्विडेशन प्लान रद्द करते हुए बकाया डीए के भुगतान का आदेश दे चुका है। इसके बावजूद पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल कर दी है।

    कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इसके अलावा आंदोलन के तहत कर्मचारियों द्वारा सामूहिक अवकाश लेने के बावजूद उनके खिलाफ अनधिकृत रूप से अवकाश लेने पर कार्रवाई के नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार हाईकोर्ट का आदेश लागू नहीं करेगी और सुप्रीम कोर्ट से याचिका तथा कार्रवाई के नोटिस वापस नहीं लेगी, तब तक कर्मचारी किसी भी बात के लिए तैयार नहीं हैं। 

    वेतन और डीए पर सरकार ने बताए छह प्रमुख तथ्य
    – पंजाब के कर्मचारी देश में सबसे अधिक वेतन पाने वालों में

    पंजाब सरकार के कर्मचारी देश में सबसे अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों में शामिल हैं। राज्य की अधिक बेसिक-पे संरचना के कारण कई प्रमुख श्रेणियों में पंजाब के कर्मचारियों का टेक-होम वेतन उनके केंद्र सरकार के समकक्ष कर्मचारियों की तुलना में अधिक है।

    – राजस्व का 51% वेतन और पेंशन पर खर्च
    पंजाब अपने राजस्व प्राप्तियों का 51% वेतन और पेंशन पर खर्च करता है, जो प्रमुख राज्यों में सबसे अधिक है। इसके मुकाबले अखिल भारतीय औसत 38% है।

    – तीन किस्तों में डीए में 14% की बढ़ोतरी
    भगवंत मान सरकार ने नवंबर 2021 में डीए को 28% से बढ़ाकर नवंबर 2024 में 42% किया है। तीन किस्तों में हुई इस बढ़ोतरी के तहत अक्टूबर 2022 में डीए 34%, दिसंबर 2023 में 38% और नवंबर 2024 में 42% किया गया।

    – 14,100 करोड़ रुपये की डीए बकाया देनदारी विरासत में मिली
    तथ्य पत्र के अनुसार, लगभग 14,100 करोड़ रुपये की डीए बकाया देनदारी 2016-21 की अवधि से संबंधित है और पिछली कांग्रेस तथा अकाली-भाजपा सरकारों से विरासत में मिली है।

    – विरासत में मिले बकाये में से 4,500 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
    भगवंत मान सरकार ने विरासत में मिले डीए बकाये को समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई है और कर्मचारियों तथा पेंशनरों को इस देनदारी में से 4,500 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान पहले ही किया जा चुका है।

    – 60% डीए करने पर सालाना 6,500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ
    पंजाब में डीए को 60% करने पर राज्य के सरकारी खजाने पर लगभग 6,500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक बोझ पड़ेगा। इसके लिए इसे आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं पर होने वाले खर्च के साथ संतुलित करना होगा।

    क्या बोले मंत्री?
    – वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आगे कहा कि भगवंत मान सरकार ने तीन किस्तों में डीए में 14 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा, “राज्य की पर्याप्त वित्तीय चुनौतियों के बावजूद वर्तमान सरकार ने नवंबर 2021 में डीए को 28% से बढ़ाकर तीन किस्तों में 42% किया है। अक्टूबर 2022 में यह 34%, दिसंबर 2023 में 38% और नवंबर 2024 में 42% किया गया।

    – मंत्री अमन अरोड़ा ने कर्मचारी यूनियनों से टकराव के बजाय बातचीत के माध्यम से सरकार के साथ मुद्दे उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, कर्मचारी सुशासन की रीढ़ हैं। हम यूनियनों से अपील करते हैं कि वे विपक्षी दलों के राजनीतिक अवसरवाद को पहचानें, जिन्होंने चुनावों से पहले वित्तीय प्रावधान किए बिना वादे किए थे। हम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ बातचीत की मेज पर सभी लंबित मुद्दों को हल करने के लिए तैयार हैं, ताकि कर्मचारियों के हितों की रक्षा हो और पंजाब की जनता पर असहनीय बोझ भी न पड़े।

    – कानूनी और वैधानिक स्थिति स्पष्ट करते हुए सामाजिक सुरक्षा मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि राज्य का रुख पंजाब सिविल सर्विसेज (रिवाइज्ड पे) रूल्स, 2021 पर आधारित है। उन्होंने कहा, पंजाब सरकार के कर्मचारियों के वेतन और डीए का निर्धारण पंजाब सिविल सर्विसेज (रिवाइज्ड पे) रूल्स, 2021 के तहत होता है, जिन्हें संविधान के अनुच्छेद 309 के तहत बनाया गया है।

    इन नियमों में डीए का कोई निश्चित प्रतिशत या ऐसा कोई स्वचालित फॉर्मूला निर्धारित नहीं है, जिसके तहत पंजाब को केंद्र सरकार की डीए दर से मेल करना अनिवार्य हो। उन्होंने कहा कि पंजाब के पास अपने कर्मचारियों की सेवा शर्तें निर्धारित करने का सांविधानिक  अधिकार है। उन्होंने कहा, पंजाब के पास अपनी वित्तीय परिस्थितियों के अनुसार अपने कर्मचारियों के वेतन का निर्धारण करने का संवैधानिक और वैधानिक अधिकार है। ऐसा कोई कानूनी प्रावधान नहीं है, जिसके तहत प्रत्येक राज्य के लिए केंद्र सरकार की डीए दर को स्वतः दोहराना अनिवार्य हो। राज्य को अपने कर्मचारियों के कल्याण और सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के बीच संतुलन बनाना होगा। 

  • CJP में फूट के बाद चर्चा में मनीष ब्रह्मभट्ट, अभिजीत दीपके के साथ रहे अब बनाई अलग पार्टी

    CJP में फूट के बाद चर्चा में मनीष ब्रह्मभट्ट, अभिजीत दीपके के साथ रहे अब बनाई अलग पार्टी

    नई दिल्ली

    कॉकरोच जनता पार्टी बनी और टूटकर दो हिस्से होने की कगार पर भी है। खबर है कि सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ब्रह्मभट्ट ने गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी D का ऐलान कर दिया है। इसका मतलब 'डेमोक्रेटिक' या 'लोकतांत्रिक' से है। उन्होंने सीजेपी पर राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। कौन हैं ब्रह्मभट्ट जो सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के बाद अब अलग सीजेपी की शुरुआत कर रहे हैं।

    ब्रह्मभट्ट के आरोप हैं कि संगठन अब AAP यानी आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के करीबी लोगों की 'मनमाने ढंग से चुनी गई टीम' बन गया है। साथ ही कहा कि इसमें आंदोलन में शामिल रहे लोगों को प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिल रहा है। ब्रह्मभट्ट ने कहा, 'आज हम कॉकरोच जनता पार्टी-लोकतांत्रिक की शुरुआत कर रहे हैं।'

    कौन हैं मनीष ब्रह्मभट्ट
    एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के माय नेता पर दर्ज जानकारी के अनुसार, ब्रह्मभट्ट गुजरात के पालनपुर के हैं। उन्होंने हेमचंद्राचार्य यूनिवर्सिटी से साल 2006 में एलएलबी की है। इससे पहले इसी विश्वविद्यालय से 2005 में बीकॉम की थी। खास बात है कि वह चुनावी राजनीत में भी किस्मत आजमा चुके हैं, लेकिन कुछ खास सफलता नहीं मिली।

    उन्होंने साल 2022 में पालनपुर सीट से ही गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ा था। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे ब्रह्मभट्ट को हार का सामना करना पड़ा था और महज 964 वोट ही हासिल किए थे। इस सीट पर तब भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार अनिकेत ठक्कर ने 95 हजार से ज्यादा वोट लेकर जीत हासिल की थी।

    अलग होकर क्या बोले मनीष ब्रह्मभट्ट
    CJP-डेमोक्रेटिक के फाउंडर ब्रह्मभट्ट ने कहा, 'आज हम 'कॉकरोच जनता पार्टी डेमोक्रेटिक' लॉन्च कर रहे हैं… हमें ऐसा क्यों करना पड़ा? यह आंदोलन देश का था। यह इसलिए सफल हुआ क्योंकि लोगों ने इसमें अपना खून-पसीना बहाया था, लेकिन आंदोलन की सफलता के बाद इसे बेच दिया गया और इसका राजनीतिकरण कर दिया गया। अब यह 'टीम केजरीवाल' बन गई है क्योंकि अभिजीत दीपके और अन्य लोगों ने अपने घरों में आराम से बैठकर 12 सदस्यों की टीम बना ली।'

    उन्होंने कहा, 'आंदोलन की सफलता के बाद किसी भी वॉलंटियर या प्रदर्शनकारी को न तो बुलाया गया और न ही उनसे राय ली गई। सोशल मीडिया या इंस्टाग्राम से जुड़े लोगों से भी जरूरी शर्तों के बारे में नहीं पूछा गया। इसके बजाय उन्होंने आम आदमी पार्टी से जुड़े आठ लोगों, एक महिला मित्र और कॉलेज के दोस्तों को शामिल करके टीम बना ली।'

    उन्होंने कहा, 'हम चाहते थे कि यह एक राष्ट्रीय टीम हो, जिसमें हर राज्य से पांच लोग हों और उन क्षेत्रों से प्रदर्शनकारियों और वॉलंटियर्स को चुना जाए। हमने इच्छा जताई थी कि चयन प्रक्रिया 'हाई कमांड' या किसी मनमाने अधिकारी के इशारे पर न हो, लेकिन उन्होंने इस इच्छा को ठुकरा दिया और मनमाने ढंग से टीम बना ली। इस टीम को बनाने का विचार भी अरविंद केजरीवाल का ही था क्योंकि वे शुरू से ही धोखेबाज रहे हैं। जब अन्ना आंदोलन शुरू हुआ, तो उन्होंने अन्ना का फायदा उठाया…।'

  • पटना पर बाढ़ का बड़ा खतरा! गंगा रिकॉर्ड स्तर की ओर, निचले इलाकों में घुसा पानी

    पटना पर बाढ़ का बड़ा खतरा! गंगा रिकॉर्ड स्तर की ओर, निचले इलाकों में घुसा पानी

    पटना
     बिहार में बाढ़ हाहाकारी रूप धारण करती जा रही है। राजधानी पटना में गंगा नदी खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रही है। आज गंगा नदी अब तक के सबसे उच्चतम जलस्तर को पार कर सकती है। सोन, पुनपुन और दरधा नदियों में बढ़ा जलस्तर पटना जिले के निचले इलाकों में तबाही मचाने लगी हैं। घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बिंद टोली में सैकड़ों घर डूब गए हैं। मिट्टी के घर ध्वस्त हो गए हैं। करीब 1500 परिवार जेपी गंगा पथ पर प्लास्टिक के टेंट बनाकर रहने को विवश हैं। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पटना जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर में बाढ़ का पानी प्रवेश न करे, इसके लिए डीएम ने पटना सुरक्षा दीवार बांध के सभी 108 गेट को पूरी तरह से बंद करने का निर्देश दिया है। यही नहीं, दीवार के 13 स्लूइस गेट को तत्काल डीएम की मौजूदगी में ही दुरुस्त कराया गया। पीएचईडी विभाग के सभी पर्यवेक्षकों और जिला कार्यालय के पदाधिकारियों की छुट्टियां बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।

    दियारा और अन्य निचले इलाकों की दर्जनों पंचायतों में हजारों एकड़ धान और मकई की फसलें डूब चुकी हैं। कई सड़कें बाढ़ में बहकर ध्वस्त हो गई हैं। सड़क संपर्क टूटने लगा है। हजारों लोगों की आबादी घरों में कैद है। रोजगार के साधन खत्म होने लगे हैं। गांवों में बाढ़ का पानी जमा होने से मनेर से मोकामा तक हजारों परिवार ऊंची जगहों, रेलवे स्टेशनों, सड़कों, स्कूल व अन्य स्थानों पर शरण लेने को विवश हैं। कई जगहों पर प्रशासन से कोई सुविधा नहीं मिलने की भी शिकायत लोग कर रहे हैं।

    सबसे भयावह स्थिति दीघा क्षेत्र स्थित बिंद टोली की है। बाढ़ का पानी घुस चुका है। लोगों के घर डूब चुके हैं। यहां लेागों को पीने के साफ पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है। यहां बसे रितिक कुमार, बलराम जी, शकुंतला देवी ने बताया कि चौकी-बिछावन पानी में डूब चुका है। कुछ बर्तन-चूल्हा और मवेशियों को लेकर यहां पहुंचे हैं। यहीं पर दो दिनों से किसी तरह गुजारा हो रहा है। मवेशियों को चारा नहीं मिल रहा है

    मनेर का इस्लामगंज बना टापू,मरीजों की जान सांसत में
    गंगा और सोन के बीच बसा मनेर का इस्लामगंज गांव टापू बन गया है। पानी गांव के चारों ओर फैल गया है। आवाजाही का एकमात्र सहारा नाव है। खाना बनाने से लेकर शौच तक के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा प्रभावित महिलाएं और बच्चे हैं। गांव की सुमित्रा देवी, झुमकी सहनी समेत कई महिलाओं ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी बीमार पड़ने पर होती है। रात में नाव नहीं चलती। ऐसे में मरीज को खटिया पर लादकर पैदल ही मनेर तक जाना पड़ता है। गीता देवी, कौशल्या देवी, रीना देवी नीलम देवी ने बताया कि गांव की बिजली गुल है।

    खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रही गंगा
    पटना में गुरुवार को गंगा के जलस्तर में और बढ़ोतरी हो गई है। मनेर से मोकामा तक गंगा खतरे के निशान से लगभग दो मीटर ऊपर बह रही है। हालांकि गुरुवार की सुबह की तुलना में देर शाम को जलस्तर में हल्का गिरावट (20 सेमी.) देखा गया है। जल संसाधन विभाग की मानें तो प्रयागराज और वाराणसी में गंगा के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी के कारण पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ा है। वहां पर खतरे के निशान से लगभग पांच मीटर ऊपर गंगा बह रही है। जैसे-जैसे वहां के जलस्तर में कमी आएगी, पटना में भी खतरा कम होता जाएगा।

    अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी का निर्देश
    कुछ स्था पर स्लूइस गेटों से रिसाव की शिकायत मिली। इस पर डीएम ने 13 स्लूइस गेटों के लीकेज को बंद करवाया। अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी का निर्देश दिया। साथ ही निगम के सभी ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता के साथ चालू रखने को कहा गया है। पाटलिपुत्र कॉलोनी और आसपास के निचले इलाकों में जल प्रवेश रोकने को विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है। सदाकत आश्रम के पास नाले के रास्ते शहर में पानी आने की आशंका को देखते जल संसाधन और नगर निगम की टीम को रातभर में नाला बंद करने को कहा गया। जल संसाधन विभाग, नगर निगम और बुडको की संयुक्त टीम को आपसी समन्वय से इस काम को तुरंत पूरा करने को कहा गया। सुरक्षा बांध के गेट से पानी का बहाव होने पर दीघा से बोरिंग रोड, राजापुर पुल, कुर्जी से लेकर मंदिरी आदि मोहल्लों में बाढ़ का खतरा हो सकता है।
    पटना में गंगा नदी के जल स्तर का जायजा लेते नीतीश कुमार

    नीतीश कुमार ने बाढ़ की स्थिति का जायजा
    पूर्व मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर घबराएं नहीं। वे गुरुवार को पटना में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने जेपी सेतु क्षेत्र से लेकर सिक्स लेन पुल तक पहुंचकर गंगा के जलस्तर, नदी के बहाव एवं आसपास निरीक्षण किया। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा इस दौरान उनके साथ थे।

  • चार बच्चों की मां का दर्द, पति दो बीवियों को बांटता था समय; अब तीसरी जूली संग हुआ फरार

    चार बच्चों की मां का दर्द, पति दो बीवियों को बांटता था समय; अब तीसरी जूली संग हुआ फरार

    जहानाबाद
     बिहार के जहानाबाद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख़्स ने अपनी 2 बीवियों को छोड़कर तीसरी के साथ फरार हो गया. जैसे ही घटना की जानकारी सामने आई, उसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला गुरुवार का है. अब इस बात को लेकर दोनों पत्नी पुलिस अधीक्षक कार्यालय आवेदन देने पहुंची हैं. सोचने वाली बात यह है कि दोनों बीवी से दो बेटे और दो बेटी हैं, लेकिन तीसरी बीवी जूली के साथ भागने वाली के पास भी 2 बच्चे हैं. अब पुलिस से मदद को लेकर दोनों पत्नियां पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची हैं. इससे पूर्व नगर थाना भी गईं थी। 

    दरअसल, मामला जहानाबाद जिला मुख्यालय स्थित मलहचक मोड़ का है. 15 साल पहले राजू लाल की शादी हिंदू रीति रिवाज से शकूराबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला रिंकू देवी के साथ शादी हुई थी. जीवन शुरुआत में सब सही चल रहा था. दो बेटे भी हुए. पति शुरुआत से होटल में काम करता था. होटल में काम के दौरान ही एक और महिला से प्रेम प्रसंग हो गया. बाद में उस महिला के साथ भी फरार हो गया. इसके बाद बहुत लड़ाई झगड़ा हुआ, लेकिन बाद में किसी तरह पहली पत्नी, दूसरी पत्नी के साथ शादी करवाने को राजी हो गई। 

    अब दो बीवी को छोड़कर तीसरी के साथ फरार 
    जानकारी के अनुसार, राजू लाल 45 साल का है और 8 साल पहले दूसरी पत्नी खुशबू देवी से भी शादी हो गई. किसी तरह दोनों पत्नियां साथ में रहने लगे. दूसरी से दो बेटी भी हुई। 

    4 दिन का बंधा हुआ था दिन
    पीड़िता के अनुसार, दोनों पत्नी रिंकू देवी और खुशबू देवी को लेकर मलहचक मोड़ पर किराए पर रखता था. साथ ही दोनों को 4-4 दिन समय देता था. इस पर पहली पत्नी तैयार हो गई. इसके बाद दोनों का खर्च जुटाने का कार्य कर रहा था. हालांकि, शुरू में गलत आचरण के पति राजू लाल ने होटल में ही काम करते हुए एक और महिला के साथ बात करना शुरू कर दिया. पहली पत्नी को भनक लगी तो मोबाइल में चेक करना शुरू कर दिया. कुछ -कुछ ऐसा लगने पर पति-पत्नी में जमकर झगड़ा हुआ. इसी कड़ी में बुधवार को होटल में काम करने के दौरान ही युवक साथ ही काम कर रही महिला जूली के साथ फरार हो गया। 

    चार बच्चों का पिता है राजू लाल
    पहली पत्नी रिंकू देवी ने बताया कि हम इंसाफ को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय आए हुए हैं. इससे पहले नगर थाना भी गया. हमारे साथ में दूसरी पत्नी भी मौजूद है. दोनों से चार बेटे बेटी हैं. अब वो तीसरी के साथ फरार हो गया है. हमलोगों को धोखा देकर इस प्रकार से कार्य कर रहा है तो कैसे बर्दाश्त करेंगे. अपने पति के खिलाफ केस करेंगे और उसे सजा दिलवाएंगे. इसी उम्मीद से पुलिस अधीक्षक कार्यालय आए हैं। 

    ‘दो दिन से भूखे हैं हमलोग’
    वहीं, दूसरी पत्नी खुशबू देवी ने बताया कि हमने ऐसा इंसान तो देखा ही नहीं है. दो पत्नी को साथ रखने के बाद तीसरी के साथ फरार हो गया है. ऐसे में पहले से हमलोग परेशान हैं और दो दिन से भूखे हैं और छोटे- छोटे बच्चे घर पर हैं. इंसाफ की गुहार लगाने को पुलिस अधीक्षक कार्यालय आई हुई हैं।