Category: मध्य प्रदेश

  • मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत, राज्यपाल की मंजूरी के बाद सुप्रीम कोर्ट जाएगी रिपोर्ट

    मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत, राज्यपाल की मंजूरी के बाद सुप्रीम कोर्ट जाएगी रिपोर्ट

     भोपाल

    ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना के पराक्रम की जानकारी देशवासियों तक पहुंचाने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत मिली है। राज्य कैबिनेट ने उनके विरुद्ध मुकदमा न चलाने की अनुशंसा की थी, उस पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मुहर लगा दी है।

    उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में अभियोजन की अनुमति न देने की अनुशंसा का प्रस्ताव निर्णय के लिए राज्यपाल को भेजा गया था।

    11 मई 2025 को की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

    जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने 11 मई 2025 को इंदौर के महू के रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि उन्होंने (आतंकियों ने) कपड़े उतार-उतारकर हमारे हिंदुओं को मारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेजा। इस टिप्पणी को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने संज्ञान लेकर प्राथमिकी के निर्देश दिए थे।

     

  • प्रेमिका से तंग युवक ने उठाया खौफनाक कदम, मौत से पहले बनाया वीडियो हुआ वायरल

    प्रेमिका से तंग युवक ने उठाया खौफनाक कदम, मौत से पहले बनाया वीडियो हुआ वायरल

    सिवनी

     कोतवाली थाना क्षेत्र में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कटंगी नाका क्षेत्र निवासी एक युवक ने सोमवार सुबह घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मरने से पहले युवक कपिल भलावी ने मोबाइल पर अपना वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह अपनी प्रेमिका (पत्नी) पर परिवार के दबाव में आकर उसे (मृतक को) धोखा देने का आरोप लगा रहा है।

    युवती को चेतावनी देते हुए वीडियो में युवक मरने से पहले कहता दिख रहा है कि "आज मैं सुसाइड तो कर रहा हूं लेकिन इतना याद रखना कि तेरे पीछे भूत ही दौड़ेगा मेरा। मैं अकाल मृत्यु मर रहा हूं। मरने के बाद मैं तेरे ऊपर और तेरे पूरे परिवार के ऊपर झूमूंगा। तुमको जान से मारे बगैर छोडूंगा नहीं।"

    मृतक का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में प्रसारित हो रहा है। मृतक कपिल भलावी का एक अन्य वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है, जिसमें युवक कहता दिख रहा है कि युवती ने उससे शादी की थी। लेकिन परिवार की प्रताड़ना के कारण वह मेरे साथ नहीं रहना चाहती है। युवती के सगे भाई और चचेरे भाई पर जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप मृतक ने इंटरनेट मीडिया में अपलोड वीडियो में लगाए हैं।
    वीडियो सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ा, परिजनों ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

    दरअसल 31 अगस्त की सुबह कोतवाली पुलिस को शहर के कटंगी नाका क्षेत्र के घर में एक युवक कपिल भलावी के घर में फांसी लगाकर खुदकुशी करने की सूचना मिली थी। लेकिन खुदकुशी से पहले युवक ने वीडियो खुद के इंटरनेट मीडिया अकाउंट में साझा कर दिया था, जिसके सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ लिया।

    इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में युवक अपनी मौत के लिए प्रेमिका और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहरा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन एम्बुलेंस में युवक का शव लेकर कोतवाली थाना परिसर पहुंच गए और पुलिस अधिकारियों को आपबीती बताते हुए आरोपी युवती व उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

    मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कपिल का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था और दोनों ने कुछ समय पूर्व गायत्री मंदिर में विवाह भी किया था। बाद में युवती उसे छोड़कर चली गई, जिसके बाद से कपिल लगातार गहरे तनाव में था। इसी मानसिक उलझन व विवाद के चलते उसे यह खौफनाक कदम उठाना पड़ा है।

    मृतक के परिवार को पुलिस ने दिया गंभीरता से मामले में जांच का आश्वासन

    मौत से पहले इंटरनेट मीडिया में वायरल हुए वीडियो और उसमें लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने परिजनों से चर्चा कर मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, इसके बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) सतीश तिवारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत को पुलिस ने विस्तृत जांच में लिया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित युवक के वीडियो के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में कही गई बातों, युवक की मौत के बीच के संबंध और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की बारीकी से और पूरी तरह निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में युवक द्वारा एक युवती से गायत्री मंदिर में विवाह करने और बाद में युवती के अलग होकर परिवार के साथ नागपुर जाने की बात सामने आई है। प्रसारित वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही युवती के परिवार की ओर से प्राप्त आवेदन को भी पुलिस ने जांच में लिया है। पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। जांच में यदि किसी व्यक्ति की भूमिका या खुदकुशी के लिए उकसाने संबंधी तथ्य सामने आते हैं, तो इसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

     

  • युवा शक्ति बनेगी विकसित भारत की ताकत, हर युवा को बेहतर अवसर देकर वर्ष 2047 तक भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प

    युवा शक्ति बनेगी विकसित भारत की ताकत, हर युवा को बेहतर अवसर देकर वर्ष 2047 तक भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प

    भोपाल 

    उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने दतिया प्रवास में पीतांबरा शक्तिपीठ पहुंचकर मां पीतांबरा के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, निरोगी जीवन एवं जनकल्याण की कामना की। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने शक्तिपीठ परिसर स्थित वनखण्डेश्वर महादेव का भी जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि के साथ मध्यप्रदेश के निरंतर विकास की प्रार्थना की।

    दर्शन उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री  शुक्ल ने कहा कि धार्मिक नगरी ओरछा में रामराजा सरकार के दर्शन करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि ओरछा में शासन के प्रस्तावों पर व्यापक मंथन किया गया। विकसित भारत एवं विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए भविष्य की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा दिए गए अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के लिए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा की गई और नीति तैयार की गई। योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए सतत मिशन के रूप में कार्य किया जाएगा।

    भारत चौथी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा, हर क्षेत्र में हो रहा अधोसंरचना विकास

    उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरकर सामने आया है और देश में चारों ओर विकास की लहर दिखाई दे रही है। विभिन्न क्षेत्रों में अधोसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है। बेहतर सड़कों, रेलवे लाइनों और हवाई अड्डों सहित हर क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश निरंतर तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का आने वाला भविष्य युवा पीढ़ी का है। प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में युवा पीढ़ी के लिए निरंतर नए विकास कार्य किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर से बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें और देश निरंतर आगे बढ़े। युवा शक्ति को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में समर्पित भाव से कार्य किया जा रहा है।

    सेवा-संकल्प के 25 वर्ष अभूतपूर्व

    उपमुख्यमंत्री  शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी के समर्पण एवं संकल्पित सेवा के 25 वर्ष अभूतपूर्व रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बीते 14 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंची है। वर्ष 2047 तक भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में देश मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

    17 सितंबर से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प

    उपमुख्यमंत्री  शुक्ल ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री  मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं सेवाभाव से प्रेरणा लेकर सेवा संकल्प के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री  मोदी के जीवन एवं कार्यों से प्रेरणा लेकर जनसेवा को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।

    बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता के लिए शासन पूरी तरह संवेदनशील

    मीडिया से चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री  शुक्ल ने मंदाकिनी नदी के उफान से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं पहुंचे और प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित लोगों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशन में हवाई सर्वेक्षण भी किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब पानी का बहाव उतर चुका है। जिन क्षेत्रों में घरों में पानी भर गया था और जहां नुकसान हुआ है, वहां प्रभावित लोगों को आरबीसी के प्रावधानों के तहत शीघ्र राहत राशि प्रदान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

    उपमुख्यमंत्री  शुक्ल ने कहा कि शासन द्वारा प्राथमिक तौर पर प्रभावित लोगों की सहायता के लिए कपड़े, बर्तन एवं अन्न तथा आश्रय स्थल उपलब्ध कराया गया है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द शासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। शासन बाढ़ प्रभावित नागरिकों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और राहत एवं पुनर्वास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।

     

  • पालकी में विराजित चन्द्रमौलेश्वर का किया पूजन

    पालकी में विराजित चन्द्रमौलेश्वर का किया पूजन

    भोपाल 

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पवित्र नगरों में एक है। हर काल में उज्जैन की आभा, कीर्ति और प्रसिद्धि युगों-युगों तक रही है। उज्जैन पर बाबा महाकाल की विशेष कृपा है। पृथ्वी पर जन्म से लेकर मृत्यु तक सबका समय नियत है, लेकिन प्रत्येक प्राणी के लिए काल का निर्धारण बाबा महाकाल ने किया है। काल की नगरी, गौरव की नगरी उज्जैन अपने गौरव को पुन: प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में  भगवान महाकालेश्वर की पंचम सवारी के महाकालेश्वर मंदिर से राम घाट पहुंचने के पश्चात प्रसारण कक्ष से संबोधित किया।

    दत्ता अखाड़ा से रामघाट नाव से पहुंचे मुख्यमंत्री

    भगवान महाकालेश्वर की पंचम सवारी सोमवार को हर्षोल्लास से नियत समय पर महाकालेश्वर मंदिर से निकाली गई। सवारी के रामघाट पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पालकी  में  विराजित भगवान चन्द्रमौलेश्वर का विधि विधान से पूजा-अर्चना की। पुजारी पं. आशीष शर्मा ने पालकी में विराजित चंद्रमौलेश्वर का माँ शिप्रा के जल से जलाभिषेक करवाया। महाकालेश्वर की सवारी के रामघाट पर पंहुचने पर  हेलीकाप्टर से  पुष्प वर्षा की गई।

    सवारी के रामघाट पहुंचने के समय मुख्यमंत्री डॉ. यादव दत्त अखाडा साइड से नाव में सवार  हो कर रामघाट पहुँचे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री  गौतम टेटवाल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री  नरेंद्र शिवाजी पटेल, उज्जैन उत्तर विधायक  अनिल जैन कालूखेड़ा, बडनगर विधायक  जितेंद्र उदय सिंह पंड्या, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष   रवि सोलंकी,   संजय अग्रवाल सहित गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद  थे।

    सिंहस्थ: 2028 को भव्य और दिव्य बनाएंगे, अभी से मिल रहा है पूर्ण जनसहयोग

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबोधन में कहा कि उज्जैन में अनेक विकास कार्य चल रहे हैं, महाकाल की कृपा से सभी वर्गों के लोगों ने अपने मकान स्वयं तोड़कर विकास में सहयोग प्रदान किया है। सभी ने स्वेच्छा से मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारे तक हटाए। नागरिकों से मिला स्वैच्छिक सहयोग भारत ही नहीं दुनिया के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण है। मध्यप्रदेश सरकार आगामी सिंहस्थ: 2028 के भव्य और दिव्य आयोजन के लिए कटिबद्ध है। सभी प्रकार के विकास कार्य और जनकल्याणकारी कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। सम्राट विक्रमादित्य की नगरी पुन: उत्कृष्ट की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल से सभी के लिए सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

    सीधे प्रसारण से जुड़े करोड़ों श्रद्धालु

    बाबा महाकाल की पंचम सवारी का सजीव प्रसारण हुआ, इससे करोड़ों श्रद्धालु  साक्षी बने। अनेक राष्ट्रों से भी श्रद्धालुओं ने इस विशेष प्रसारण व्यवस्था का लाभ लिया। उज्जैन में सवारी के मार्ग में स्थित निवास करने वाले नागरिकों के साथ ही प्रदेश के स्थानों के श्रद्धालु सवारी की साक्षी बने। श्रद्धालुओं में छोटे बच्चे, युवा, महिलाएं बुजुर्ग सभी शामिल थे। उत्साह, उमंग और श्रद्धा की अभिव्यक्ति देखने को मिली।

    दुनिया में बढ़ रहा है भारत का मान

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ रहा है। दूसरे देशों में रहने वाले भारतीयों को गर्व है कि वो भारतवासी हैं। सनातन संस्कृति के वेद वाक्य दुनिया में चारों दिशाओं में गूंज रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। हमारे उदार चरित्र के आधार पर भारत की कीर्ति दुनिया में फैल रही है। दुनिया में कोई प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति ऐसे नहीं हैं, जिन्हें इतने देशों ने सम्मानित किया हो। प्रधानमंत्री  मोदी को कल ही उज्बेकिस्तान ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से विभूषित किया है। बाबा महाकाल की कृपा से प्रधानमंत्री  मोदी को प्रदत्त यह 36वां अन्तर्राष्ट्रीय पुरस्कार है।

    प्रदेश की विरासत से दुनिया को परिचित करवाएंगे

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में बाबा महाकाल के महालोक के निर्माण के बाद सनातन संस्कृति और धार्मिक पर्यटन की धारा संपूर्ण विश्व में बहने लगी है। अब केवल उज्जैन ही नहीं, देशभर में हमारे प्राकृतिक, नैसर्गिक, वन्य संपदा और पुरातात्विक विरासत से संबंधित स्थानों से दुनिया को परिचित करवाया जाएगा। इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। सावन के पवित्र माह में बाबा महाकाल की धार्मिक सवारी निकाली गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल उत्तर, दक्षिण सभी दिशाओं को मेल करवाते हैं। यह उत्तर एवं दक्षिण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। दो सोमवार तक बाबा महाकाल नगर में दर्शन देने के लिए निकलेंगे। उनके आशीर्वाद से हमारे प्रत्येक दर्शनार्थी कृतार्थ होते हैं। भक्ति की अनवरत गंगा में सभी डुबकी लगाते हैं।

     

  • डिजिटल होगा भोपाल संभाग, 30 लाख राजस्व रिकॉर्ड ऑनलाइन; दफ्तरों के चक्कर होंगे कम

    डिजिटल होगा भोपाल संभाग, 30 लाख राजस्व रिकॉर्ड ऑनलाइन; दफ्तरों के चक्कर होंगे कम

    भोपाल

     राजस्व के पुराने और महत्वपूर्ण अभिलेखों को सुरक्षित रखने के साथ आमजन की पहुंच आसान बनाने की दिशा में भोपाल संभाग बड़ी पहल करने जा रहा है।

    राजधानी सहित रायसेन, विदिशा, सीहोर व राजगढ़ जिले के राजस्व रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण किया जाएगा। इससे भोपाल को प्रदेश का पहला डिजिटल संभाग बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है ।

    इसके लिए संभाग के करीब 25 से 30 लाख राजस्व अभिलेखों का डिजिटलीकरण किया जाएगा। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को आयुक्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसकी तैयारी और कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
    ई-ऑफिस से खत्म होगी फाइलों की दौड़

    कार्यालयीन कामकाज में पारदर्शिता और समयबद्धता बढ़ाने के लिए शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने पर जोर दिया जाएगा। सभी शाखा प्रभारी कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए पेंडेंसी खत्म करने के लिए माइक्रो प्लानिंग और नियमित मॉनीटरिंग सिस्टम विकसित करेंगे।

    विकास कार्यों और विभिन्न पोर्टलों की ऑनलाइन समीक्षा के लिए रिजल्ट ओरिएंटेड सिस्टम तैयार किया जाएगा।

    शिकायतों पर भी होगी सीधी निगरानी

    आमजन की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अलग रिव्यू सिस्टम बनाया जाए, ताकि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा हो और जिम्मेदारी तय की जा सके।

    संभागायुक्त ने जिलों के बीच बेहतर समन्वय, स्पष्ट कार्ययोजना और समयबद्ध लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं।
    डिजिटल रिकॉर्ड से फायदे

    -25-30 लाख राजस्व अभिलेख होंगे डिजिटल।

    -रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और खोजने में आसानी।

    -कागजी फाइलों पर निर्भरता होगी कम।

    -ई-ऑफिस से कामकाज में आएगी तेजी।

    -पेंडेंसी और शिकायतों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग होगी।

     

  • राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं पंचायत उपनिर्वाचन कार्यक्रम घोषित मतदान 29 सितम्बर को होगा

    राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं पंचायत उपनिर्वाचन कार्यक्रम घोषित मतदान 29 सितम्बर को होगा

    भोपाल 

    राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 पूर्वार्ध का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मतदान 29 सितम्बर, 2026 को होगा।

    सचिव राज्य निर्वाचन आयोग  दिनेश वास्तव ने जानकारी दी है कि उप निर्वाचन के लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 8 सितम्बर 2026 से शुरू होगा। नाम निर्देशन पत्र 15 सितम्बर तक लिये जायेंगे, नाम निर्देशन पत्रों की जांच 16 सितम्बर को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 18 सितम्बर है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होगा। नगरीय निकायों में मतदान 29 सितम्बर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से होगी।

    पंचायतों में मतदान 29 सितम्बर को सुबह 7 से अपरान्ह 3.00 बजे तक होगा। पंच पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र पर ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकास खण्ड मुख्यालय पर ई.व्ही.एम. से की जाने वाली मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से होगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जायेगी। जिला पंचायत सदस्यों एवं पंच पद के लिए परिणामों की घोषणा 5 अक्टूबर 2026 को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी।

    3 अध्यक्ष और 26 पार्षदों का होगा उप निर्वाचन

    जिला आगर-मालवा की नगर परिषद सुसनेर, टीकमगढ़ जिले की नगरपालिका परिषद टीकमगढ़ और धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद का निर्वाचन और विभिन्न नगरीय निकायों में 26 पार्षदों के लिये उप निर्वाचन होगा। नगरपालिक निगम इंदौर के वार्ड 58, 60, नगरपालिक निगम ग्वालियर के वार्ड 5, नगरपालिक निगम सागर के वार्ड 11, नगरपालिक निगम कटनी के वार्ड 41, नगरपालिक निगम खण्डवा के वार्ड 34, नगरपालिक निगम के वार्ड 47, नगरपालिका परिषद दमोह के वार्ड 12, इटारसी के वार्ड 30, मुलताई के वार्ड 4, दतिया के वार्ड 1, कोतमा के वार्ड 13, आष्टा के वार्ड 4 और नगरपालिका परिषद विदिशा के वार्ड 26 के पार्षद का उप निर्वाचन होगा। इसी तरह नगर परिषद फूफ के वार्ड 8, चाकघाट के वार्ड 2, लोहारदा के वार्ड 10, कोटर के वार्ड 8, जैतवारा के वार्ड 10, सिलवानी के वार्ड 3, बड़ोदा के वार्ड 14, बरघाट के वार्ड 6, कसरावद के वार्ड 8, पिपलिया मण्डी के वार्ड 15, निवाली बुजुर्ग के वार्ड 7 और नगर परिषद कुक्षी के वार्ड 14 के लिये उप निर्वाचन होगा।

    जिला पंचायत के 7, जनपद पंचायत के 28 और सरपंच के 110 पदों के लिये होगा उप निर्वाचन

    पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिला पंचायत सदस्य के 7, जनपद पंचायत सदस्य के 28, सरपंच के 110 और 4090 पंच पद के लिये उप निर्वाचन होगा।

     

  • जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने केन-बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत समीक्षा बैठक की

    जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने केन-बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत समीक्षा बैठक की

    मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को छतरपुर जिले के प्रवास के दौरान केन-बेतवा लिंक परियोजना संबंधी कार्यों की खजुराहो के निजी होटल में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विधायक बिजावर राजेश शुक्ला, विधायक गुनौर डॉ. राजेश कुमार वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों में जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव, कलेक्टर मृणाल मीना, एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

     मंत्री  सिलावट ने परियोजना अंतर्गत बनने वाले ढोढन डैम की निर्माण प्रगति की समीक्षा की साथ ही विस्थापित परिवारों के मुआवजा वितरण एवं पुनर्वास संबंधित समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एक भी पात्र व्यक्ति नहीं छूटे। साथ ही पात्रतानुसार सभी को शासकीय योजनाओं से जोड़े। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना के कार्य को समन्वय और सामंजस्य के साथ पूरा करें।

  • राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति लेने इंदौर नगर निगम पहुंचे कांग्रेस नेता

    राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति लेने इंदौर नगर निगम पहुंचे कांग्रेस नेता

    इंदौर.

    12 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे। इसकी अनुमति लेने के लिए कांग्रेस नेता नगर निगम के कार्यालय में अनुमति लेने पहुंचे। इसमें मध्य प्रदेश के युवा शामिल हों, इसकी जिम्मेदारी युवा कांग्रेस के साथ एनएसयूआई को दी गई है।

    वहीं, इस कार्यक्रम के साथ सभी शहर, कस्बों, विश्वविद्यालय, कॉलेज और प्रतियोगी परीक्षाओं के केंद्रों पर छात्रों की गूंज अभियान प्रारंभ हो जाएगा। इसमें पेपर लीक, परीक्षा और भर्तियों में अनियमितता, बेरोजगारी, शिक्षा का व्यवसायीकरण सहित युवाओं के अन्य मुद्दों पर संवाद होगा।
    कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान कहा कि राहुल गांधी देश के भविष्य युवाओं की आवाज को बुलंद करने के लिए अलग-अलग जगह सभाएं कर रहे हैं। ऐसे में 12 सितंबर को इंदौर में सभा होने वाली है। पेपर लीक समेत अनेक ऐसे मुद्दे है, जिसमें युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। कांग्रेस द्वारा कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग की गई है। नगर निगम कमिश्नर को दो दिन पहले ही अनुमति के लिए अनुरोध किया था। अब भी शाम तक निर्णय लेने की बात कही जा रही है।

    कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो किसी अन्य स्थान पर कार्यक्रम करेंगे। नेहरू स्टेडियम नहीं मिला तो युवाओं का उग्र स्वरूप दिखेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा राहुल गांधी को सुनने पहुंचने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हमने प्रशासन से कहा है कि यह किसी पार्टी का कार्यक्रम नहीं देश के भविष्य युवाओं के लिए कार्यक्रम है।

  • भव्य रामराजा लोक से निखरेगी बुंदेलखंड की पहचान, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

    भव्य रामराजा लोक से निखरेगी बुंदेलखंड की पहचान, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

    भोपाल 

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ओरछा को पर्यटन के अद्भुत केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। ओरछा का राम राजा मंदिर हमारे गौरवशाली अतीत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संपदा है। यहां के मंदिर एवं महल तत्कालीन समृद्ध स्थापत्य के प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जो हमें हमारी प्राचीन धरोहर और संस्कृति से जोड़े रखते हैं। ये तत्कालीन उन्नत तकनीक और स्थापत्य के भी अद्भुत उदाहरण हैं, पहले एअर कंडीशनर नहीं होते थे, लेकिन यहां के भवन वातानुकूलित बने है, जो गर्मी में ठंडे और ठंड में गर्मी का एहसास कराते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज ओरछा स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केन्द्र  रामराजा लोक में जारी निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने  निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निरीक्षण के बाद मीडिया से चर्चा में यह विचार-व्यक्त किए।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्माणाधीन रामराजा लोक परिसर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए प्रतिष्ठान संचालकों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जुझार सिंह महल में चल रहे निर्माण तथा जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जहांगीर महल का भ्रमण कर यहां की ऐतिहासिक एवं समृद्ध स्थापत्य कला का अवलोकन भी किया।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव को निरीक्षण के दौरान आर्किटेक्ट द्वारा मंदिर परिसर स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक ‘सावन-भादो’ स्तंभों के संरक्षण एवं उनके स्थापत्य महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया कि रामराजा लोक की संरचना एवं विकास कार्यों को आकार देते समय मंदिर परिसर की प्राचीन धरोहरों, विशेषकर ‘सावन-भादो’ स्तंभों के मूल स्वरूप एवं ऐतिहासिक महत्व का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बुंदेलखंड की विशिष्ट स्थापत्य कला के प्रतीक इन प्राचीन स्तंभों की संरचना एवं निर्माण शैली अपने समय की उन्नत तकनीक को दर्शाती है। नए निर्माण कार्यों के दौरान इन प्राचीन संरचनाओं को किसी प्रकार की क्षति नही पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखते हुए उनके आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित, सुंदर एवं श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाया जा रहा है।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे गौरवशाली बुन्देला राजाओं का ओरछा बुंदेलखंड की राजधानी के रूप पहचाना जाता था। यहां के प्राचीन महल और भवन, हमारी समृद्ध विरासत हैं, उसे जीवंत करने के लिए सरकार काम कर रही है। तत्कालीन समय में निर्माण कार्यों में जिस प्रकार की सामग्री लगाई जाती थी, उसी सामग्री से भवनों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य यह है कि हमारे गौरवशाली अतीत के प्रतीक ये भवन उसी स्वरूप में दिखें जिस स्वरूप में वह वर्षों पहले थे। इसके लिए हमारे अधिकारियों के नेतृत्व और मार्गदर्शन में कुशल कारीगर काम कर रहे हैं।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि  महाकाल महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, उज्जैन की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। इसी तर्ज पर मध्यप्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों जैसे ओरछा, चित्रकूट, दतिया, नलखेड़ा, पशुपतिनाथ मंदसौर आदि का भी समग्र विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। भगवान राम ने अपने 14 वर्ष के वनवास में, लम्बी अवधि चित्रकूट में व्यतीत की। भगवान कृष्ण की जहां शिक्षा भी हुई, उज्जैन के सांदीपनि आश्रम सहित भगवान कृष्ण की जहां-जहां लीलाएं हुईं, उन सब स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। हमारी गौरवशाली विरासत को धार्मिक सांस्कृतिक भावनाओं के अनुरूप आने वाली पीढ़ियों से जोड़ने और उन्हें इस अतीत से परिचित कराने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित हैं, इन्हें संरक्षित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। ओरछा में भव्य  रामराजा लोक का निर्माण किया जा रहा है, जो आने वाले समय में देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख तीर्थस्थल बनेगा।

    इस अवसर पर  शिवप्रकाश, वरिष्ठ विधायक  हेमंत खंडेलवाल, राज्यसभा सांसद  महेश केवट, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विधायक निवाड़ी  अनिल जैन,  राजेश पटेरिया, अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर सागर  अनिल सुचारी, आईजी  मिथलेश शुक्ला, जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सरकार सख्त शिक्षक पर हुई एफआईआर, तत्काल किया निलंबित

    महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सरकार सख्त शिक्षक पर हुई एफआईआर, तत्काल किया निलंबित

    भोपाल 

    राज्य सरकार महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। इसी तरह का एक मामला सामने आते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। उमरिया जिले में शिक्षक द्वारा छात्राओं को छेड़ने का एक मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ कई अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसे मानपुर के विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अटैच किया गया है।

    सुल्तानपुर गांव की महिला ने शासकीय प्राथमिक शाला के प्रभारी प्रधानाध्यापक विश्वनाथ पांडेय को शिकायत की थी कि सहायक शिक्षक कोमलचंद्र गुप्ता ने बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की है। इस बात की जानकारी प्रभारी प्रधानाध्यापक विश्वनाथ पांडेय ने उमरिया के जिला शिक्षा केंद्र को दी। उसके बाद गठित की गई जांच टीम ने प्रधानाध्यापक, छात्राओं, उनके माता-पिता और ग्रामीणों की उपस्थिति में इसकी जांच की।

    बताया जाता है कि मास्टर कोमलचंद गुप्ता के खिलाफ लगाए गए आरोपों को सही पाया गया। इसके बाद एफआईआर का अनुमोदन किया गया। महिला ने 29 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गांव के शासकीय प्राथमिक स्कूल के मास्टर कोमलचंद गुप्ता ने 22 अगस्त 2026 को उनकी 7 साल की बेटी और उसकी दो अन्य सहेलियों के साथ छेड़छाड़ की। मास्टर गुप्ता ने चॉकलेट देने के बहाने बच्चियों को गलत वीडियो दिखाए। महिला ने पुलिस को बताया कि मास्टर गुप्ता ने बच्चियों को किसी को बताने पर डंडे से मारने की भी धमकी दी थी।