Category: मध्य प्रदेश

  • पुलिस चौकी बिलासपुर में शांति समिति की बैठक संपन्न

    पुलिस चौकी बिलासपुर में शांति समिति की बैठक संपन्न

    पुलिस चौकी बिलासपुर में शांति समिति की बैठक संपन्न

    बिलासपुर
     उमरिया जिले के बिलासपुर तहसील अंतर्गत पुलिस चौकी बिलासपुर में गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस चौकी प्रभारी अशोक ठाकुर की उपस्थिति में संपन्न हुई।

    बैठक में गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान ग्राम पंचायत बिलासपुर के सरपंच ज्ञान चंद सोनी, ग्राम पंचायत बसाढ़ी की सरपंच फुलबाई रामपाल सिंह, भाजपा मंडल बिलासपुर अध्यक्ष पुष्पेंद्र सोनी सहित रविकांत गौतम, अनिल मिश्रा, राजा द्विवेदी, ललन सेन, रविशंकर सोनी, गेंदलाल महार, सुबोध राय एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

     

  • सागर शराब कांड में प्रशासन सख्त, 2 शराब दुकानों के लाइसेंस निरस्त; 7.49 लाख के गबन में सरपंच पर गिरी गाज

    सागर शराब कांड में प्रशासन सख्त, 2 शराब दुकानों के लाइसेंस निरस्त; 7.49 लाख के गबन में सरपंच पर गिरी गाज

    सागर 

    सागर जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और जनसुरक्षा को सुनिश्चित करते हुए भ्रष्टाचार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एक के बाद एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशों पर जिला प्रशासन ने जिले में शिकंजा कसते हुए कई ताबड़तोड़ कदम उठाए हैं।

    विनायका और बंडा थाना क्षेत्रों में आपराधिक मामलों में संलिप्तता पाए जाने पर प्रशासन ने म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 के तहत दो शराब दुकानों मगरधा समूह के लाइसेंसधारी सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा और बरेठी दुकान के लाइसेंसधारी यशवंत सिंह ठाकुर के कंपोजिट लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं। इसके साथ ही बंडा प्रकरण से जुड़े आरोपी सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा की ग्राम मसवासी स्थित पत्थर क्रशर की खनिज लीज भी नियमों के लगातार उल्लंघन और समयसीमा का पालन न करने पर निरस्त कर दी गई है।

    लोक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयुध अधिनियम, 1959 के तहत तीन हथियार लाइसेंस भी निरस्त किए गए हैं। इनमें सोहन राजपूत, जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी की पत्नी हेमलता राजपूत और सिद्धार्थ कुशवाहा शामिल हैं। प्रशासन ने इन सभी को अपने हथियार संबंधित थानों में तुरंत जमा कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। 

    महिला सरपंच के वित्तीय अधिकार सीज
    वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए, जिला पंचायत सागर ने जनपद पंचायत शाहगढ़ की ग्राम पंचायत नौराज की सरपंच श्रीमती राजकुमारी राजपूत के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। निर्माण कार्यों के दौरान प्रथम दृष्टया 7 लाख 49 हजार 079 रुपये के गबन और दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद, म.प्र. पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 के तहत सरपंच के वित्तीय आहरण एवं संवितरण अधिकारों को सीज कर दिया गया है।

    प्रशासन की इस दोतरफा और त्वरित कार्रवाई से जिले के अन्य लापरवाह और संदिग्ध तत्वों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों, वित्तीय गबन और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध ऐसे कड़े कदम आगे भी जारी रहेंगे। 

     

  • विदेश में चमकी भोपाल की बेटी, अरीबा जुनैद ने जीता ग्लोबल अंडरग्रेजुएट अवॉर्ड; बढ़ाया देश का मान

    विदेश में चमकी भोपाल की बेटी, अरीबा जुनैद ने जीता ग्लोबल अंडरग्रेजुएट अवॉर्ड; बढ़ाया देश का मान

    भोपाल
     राजधानी भोपाल निवासी अरीबा जुनैद सिद्दीकी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. अरीबा का प्रतिष्ठित ग्लोबल अंडरग्रेजुएट अवॉर्ड में चयन हुआ है. उन्हें इसी साल नवंबर में ब्रिटेन में अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान उन्हें आर्किटेक्चर एंड डिजाइन कैटेगरी में मिलने जा रहा है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। 

    अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ शारजाह की छात्रा
    भोपाल की रहने वाली अरीबा जुनैद सिद्दीकी ने अपनी प्रतिभा का लोहा अंतरराष्ट्रीय मंच पर मनवाया है. अरीबा अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ शारजाह की छात्रा हैं. ग्लोबल विनर स्तर पर आर्किटेक्चर एंड डिजाइन श्रेणी में उसका चयन हुआ है. उन्होंने Earthen Futures Catalysts of Resilience नामक प्रोजेक्ट के लिए प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया है। 

    परिवार में खुशी की लहर
    ग्लोबल अंडरग्रेजुएट अवॉर्ड्स के चेयरमैन जिम बैरी ने कहा, "कई प्रतिभाएं दुनिया का ध्यान आकर्षित करने से काफी पहले ही अपनी उपलब्धियों से अलग पहचान बना लेती हैं." वहीं, अरीबा की इस उपलब्धि से उनके पिता जुनैद सिद्दीकी और मां राना जुनैद सिद्दीकी सहित पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. केंद्रीय विद्यालय की पूर्व प्रधान अध्यापक रिजवाना कादरी ने अपनी नातिन अरीबा की उपलब्धि पर बेहद खुश जाहिर की है। 

    माता-पिता के साथ शारजाह में रहती हैं अरीबा
    रिजवाना कादरी ने कहा, "उसने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे भोपाल और देश का नाम रोशन किया है. फिलहाल वह अपने माता-पिता के साथ शारजाह में है और वहीं अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ शारजाह की छात्रा हैं। 

    अरीबा की इस अंतरराष्ट्रीय सफलता को भोपाल के लिए भी गर्व की उपलब्धि माना जा रहा है. उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि भोपाल की प्रतिभाएं वैश्विक मंच पर भी अपनी पहचान बनाने का हुनर रखती है। 

  • भोपाल में खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन, होटल-रेस्टोरेंट की रसोई से सड़ा खाना और कीड़े बरामद

    भोपाल में खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन, होटल-रेस्टोरेंट की रसोई से सड़ा खाना और कीड़े बरामद

    भोपाल 

    आप जिन महंगे और नामी होटलों में स्वादिष्ट खाने की उम्मीद लेकर जाते हैं, उनकी रसोई का सच आपको हैरान कर सकता है। भोपाल के खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के 10 बड़े होटलों और रेस्टोरेंट की किचन में जब अचानक दबिश दी, तो वहां भारी अनियमितताएं सामने आईं।

    रिपोर्ट के अनुसार, जांच टीम को कहीं एक्सपायरी डेट का मांस मिला, तो कहीं दाल में कीड़े रेंगते नजर आए। मशहूर होटल रेडीसन में 50 किलो सड़े हुए आलू बरामद हुए, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। वहीं, कुछ गिने-चुने प्रतिष्ठानों में ही साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। विभाग ने तीन जगहों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं।

    रेडीसन और टर्क्वाइज हॉस्पिटैलिटी में मिलीं गंभीर खामियां
        शहर के प्रतिष्ठित होटल रेडीसन की रसोई में टीम को करीब 50 किलो सड़े आलू मिले। हालांकि, प्रबंधन ने सफाई देते हुए कहा कि इन्हें वेंडर को वापस लौटाने के लिए रखा गया था। इसके अलावा यहां हनी ब्रेड के 4 पैकेट मिस-ब्रांडेड पाए गए, जबकि फ्रोजन मीट के पैकेट पर खून के साक्ष्य और 'बेस्ट बिफोर' (इस्तेमाल की अंतिम तिथि) की अधूरी जानकारी मिली।

        वहीं, टर्क्वाइज हॉस्पिटैलिटी में हालात और भी चिंताजनक थे। यहां मूंग दाल और राजमा में कीड़े पाए गए, जिन्हें टीम ने तुरंत नष्ट कराया। किचन में साफ-सफाई नदारद थी, खुले डस्टबिन, काली पड़ चुकी गंदी कड़ाही और कीड़ों (पेस्ट) के संकेत भी मिले। यहां पेस्ट कंट्रोल पर्याप्त नहीं था और लाइसेंस भी नहीं लगाया गया था।

    वेज-नॉनवेज के रखरखाव में लापरवाही
        होटल लिमिटेड में टीम को एक्सपायरी डेट की मछली और चिकन मिला। सबसे बड़ी लापरवाही यह थी कि वेज और नॉनवेज की प्रोसेसिंग और स्टोरेज के लिए कोई अलग व्यवस्था नहीं थी। पानी की शुद्धता (पोटेबिलिटी) की रिपोर्ट भी संस्थान के पास नहीं थी, जिसके बाद उन्हें सुधार का नोटिस थमाया गया।

        दूसरी तरफ, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत मिली थी कि साक्षी ढाबा में चिकन या बकरे की जगह किसी अन्य मांस का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस गंभीर शिकायत के आधार पर टीम ने वहां से मटन और पनीर के सैंपल जांच के लिए हैं।

    महादेव भोजनालय और आदित्य ग्रैंड में नियमों की अनदेखी

        महादेव भोजनालय में न तो रजिस्ट्रेशन प्रदर्शित किया गया था और न ही पेस्ट कंट्रोल का कोई सर्टिफिकेट मिला। कर्मचारियों के पास मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी नहीं थे, जिन्हें बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। कम फैट के शक में यहां से पनीर-उत्तपम का सैंपल लिया गया है।

        आदित्य ग्रैंड में भी कर्मचारियों के पास मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं थे और वे बिना हेयर कवर के काम कर रहे थे। यहां आधा पैकेट एक्सपायरी ब्रेड मिली, साथ ही संदेह के आधार पर पनीर का नमूना भी लिया गया। उधर, होटल ताज में दो तरह के पनीर मिलने पर टीम को शक हुआ था, लेकिन शुरुआती जांच और बिल देखने के बाद वह सही पाया गया। ताज प्रबंधन को फ्राइंग और वेज-नॉनवेज स्टोरेज व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

    इन प्रतिष्ठानों ने पास किया स्वच्छता का टेस्ट
        एक तरफ जहां कई होटलों की रसोई ने निराश किया, वहीं जहानुमा रिट्रीट और द क्राउन 1909 की व्यवस्थाएं जांच टीम को पूरी तरह संतोषजनक मिलीं। जहानुमा रिट्रीट में वेज और नॉनवेज के लिए अलग-अलग डीप फ्रीजर और किचन की व्यवस्था थी।

        वहां लाइसेंस भी लगा था और साफ-सफाई भी उम्दा थी। इसी तरह द क्राउन 1909 में भी किचन, बर्तन और स्टोरेज एरिया पूरी तरह साफ-सुथरे पाए गए और वेज-नॉनवेज का भंडारण उचित मानकों के तहत किया गया था।

     

  • मध्यप्रदेश में फिर बदला मौसम, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 23 जिलों में सामान्य से अधिक बरसा पानी

    मध्यप्रदेश में फिर बदला मौसम, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 23 जिलों में सामान्य से अधिक बरसा पानी

    भोपाल

    मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। पश्चिमी हिस्से में बने मौसम तंत्र के असर से रविवार को कई जिलों में तेज बारिश हुई। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के कई इलाकों में बारिश का दौर चला। बड़वानी में नदी-नाले और तालाब उफान पर आ गए, जबकि रतलाम, मुरैना, शाजापुर, झाबुआ, खरगोन और खंडवा में भी तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में निम्न दाब क्षेत्र के साथ द्रोणिका सक्रिय है। इसके असर से पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। जिन इलाकों में पिछले दिनों बारिश की कमी बनी हुई थी, वहां भी अब बारिश का दौर पहुंचा है। सोमवार को उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, राजगढ़, गुना और श्योपुर में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, विदिशा, धार, झाबुआ, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, रीवा, सतना, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ समेत कई जिलों में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।

     नदी-नाले उफने, बांध के गेट खुले
    रविवार को बड़वानी के सेंधवा क्षेत्र में रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। कई नदी-नालों और तालाबों का जलस्तर बढ़ गया। रलावती का बड़ा तालाब भी ओवरफ्लो हो गया।टीकमगढ़ में तेज बारिश के बाद बान सुजारा बांध के चार गेट खोलने पड़े। हरदा के वन क्षेत्र में लाखादेह की पहाड़ी नदी उफान पर रही। शाजापुर के मक्सी, झाबुआ के पेटलावद, खरगोन के कसरावद, खंडवा, महू, ओंकारेश्वर और रतलाम में भी तेज बारिश हुई। भोपाल में भी बारिश के असर से जलाशयों में पानी बढ़ा। रविवार रात कलियासोत डैम के तीन गेट खोले गए।

    15 सितंबर से बारिश की रफ्तार घटने के संकेत
    मौसम विशेषज्ञ अरुण शर्मा के अनुसार, 14 सितंबर को भी पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। निम्न दाब क्षेत्र के राजस्थान-गुजरात की ओर बढ़ने के दौरान पश्चिमी जिलों में इसका असर बना रहेगा। हालांकि 15 सितंबर के बाद बारिश की तीव्रता और दायरा धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। अगले सात दिनों में पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

    चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र डूबे रविवार को भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। बड़वानी के सेंधवा में नदी-नाले और तालाब उफान पर रहे। रलावती में जिले का सबसे बड़ा तालाब ओवरफ्लो हो गया।

    मुरैना में चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र डूब गए। दोनों बाबू महाराज मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। शाजापुर के मक्सी, झाबुआ के पेटलावद, खरगोन के कसरावद और खंडवा में भी मूसलधार बारिश हुई।

    टीकमगढ़ में तेज बारिश के बाद बान सुजारा बांध के 4 गेट खोल दिए गए। हरदा के वन क्षेत्र में लाखादेह की पहाड़ी नदी उफान पर रही। महू, ओंकारेश्वर, रतलाम समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई।

    32 जिलों में अब भी बारिश की कमी
    प्रदेश के 32 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में स्थिति पिछले सप्ताह की तुलना में सुधरी है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 2 से 25 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। पश्चिमी हिस्से में कमी ज्यादा है। आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 7 से 52 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। 

    झोंकेदार हवा से सावधान
    मौसम विभाग ने आगे बताया कि प्रदेश के शेष जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलेगी. इस दौरान खुले में, टिन शेड, हल्की नुकीली या धारदार वस्तुओं आदि के आसपास न खड़े हों। 

    MP में क्यों बदला मौसम का मिजाज?
    मौसम विभाग की ओर से बताया जा रहा है कि दक्षिण छत्तीसगढ़ और उसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक मजबूत कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. मानसून ट्रफ इस वक्त मध्य प्रदेश के बीच से गुजर रहा है. इसी के चलते प्रदेश में अभी भी बारिश का माहौल बना हुआ है. माना जा रहा है कि इस माह के अंत तक मानसून राज्य से विदा हो सकता है। 

  • बांग्लादेशियों को फर्जी पासपोर्ट दिलाने का खेल! 12 अफसर STF की जांच में, आवेदन से पहले पहुंचता था फोन

    बांग्लादेशियों को फर्जी पासपोर्ट दिलाने का खेल! 12 अफसर STF की जांच में, आवेदन से पहले पहुंचता था फोन

     ग्वालियर
    प्रदेश में बांग्लादेशी नागरिकों के फर्जी भारतीय दस्तावेज और पासपोर्ट तैयार करने वाले अंतरराज्यीय रैकेट के खुलासे के बाद हड़कंप मच गया है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की जांच में भोपाल, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बैतूल के 12 पुलिस अधिकारियों व अन्य विभागों के कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जो अब STF की रडार पर हैं। साल 2021 में बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट बनाने का यह खेल ग्वालियर के डबरा से शुरू हुआ था।

    17 फर्जी पासपोर्ट्स पर एक ही गवाह, एक ही पता और एक ही मोबाइल नंबर होने के बावजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगी, जिससे पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उस समय ग्वालियर डबरा थाना प्रभारी के रूप में विनायक शुक्ला व थाना पर पासपोर्ट वैरीफिकेशन सेल का इंचार्ज प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र गुर्जर हुआ करता था। इन दोनों से एसटीएफ जल्द तलब कर पूछताछ करेगी।

    विदेश मंत्रालय ने 3 साल पहले (2023 में) PHQ को चेताया था
    रैकेट की पैठ भोपाल से डबरा तक फैली हुई थी। विदेश मंत्रालय ने 2023 में ही मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) को रिपोर्ट भेजकर फर्जी पासपोर्ट बनाए जाने के प्रति आगाह किया था। इसके बाद भी पीएचक्यू से कोई ठोस संदेश जारी नहीं किया गया। जिसका नतीजा यह रहा कि आज इन 70 बांग्लादेशियों के फर्जी दस्तावेज व पासपोर्ट ने पूरे देश की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है।

    100 के पार पहुंच सकती है संख्या
    प्रदेश में फर्जी पासपोर्ट की संख्या 100 के पार जाने की आशंका है। क्योंकि एसटीएफ को कुछ और भी संदिग्ध पासपोर्ट मिलने की उम्मीद है। साथ ही साल 2021-22 और उसके बाद के दो साल में डबरा सहित इन शहरों से जितने पासपोर्ट बने हैं उनमें कई संदिग्ध की श्रेणी में आ रहे हैं।
    एसटीएफ की पांच टीम मध्य प्रदेश के बाहर दबिश दे रही हैं।
    रैकेट का मुख्य नेटवर्क ग्वालियर और भोपाल में सक्रिय था। भोपाल के गोविंदपुरा के एक ही पते पर 40 फर्जी पासपोर्ट के आवेदन तैयार कर अलग-अलग जिलों के पासपोर्ट सेल में वेरिफिकेशन के लिए भेजे जाते रहे और पासपोर्ट बनते रहे। इसी तरह दूसरा सबसे बड़ा गढ़ ग्वालियर का डबरा रहा था। यहां से एक ही पते पर 17 बांग्लादेशियों के भारतीय दस्तावेज बने और पासपोर्ट तैयार हुए।

    आवेदन आने से पहले ही थाने में बजती थी घंटी- 'अर्जेंट है, जल्दी निकालो'
    स्पेशल टास्क फोर्स की जांच में खुलासा हुआ है कि संदिग्ध पासपोर्ट आवेदन वेरिफिकेशन के लिए डबरा थाने पहुंचने से पहले ही वहां फोन आ जाता था। थाने में कहा जाता था आवेदन अर्जेंट है, इसे जल्दी क्लियर करके निकालो। एक फोन कॉल पर पासपोर्ट आनन-फानन में वैरिफिकेशन कर निकाल दिया जाता था।

    अब तक यह चार पकड़े गए
    बांग्लादेशियों के मध्य प्रदेश से फर्जी पासपोर्ट कांड में मास्टर माइंड रियाल चौधरी, जाय चौधरी बरुआ, महाराष्ट्र के उल्लासनगर से पकड़ा गया प्रियान राय और विप्लव अधिकारी को साउथ दिल्ली से पकड़ा था। अब तक यह चार पकड़े गए हैं। जबकि 08 की तलाश में एसटीएफ की अलग-अलग टीम दबिश दे रही हैं।

    जांच के घेरे में तत्कालीन TI व आरक्षक
    जिस अवधि (2021) में डबरा से ये फर्जी पासपोर्ट वेरीफाई हुए, उस दौरान विनायक शुक्ला (वर्तमान में दतिया में DSP) डबरा थाना प्रभारी थे, जबकि पासपोर्ट वेरिफिकेशन सेल का जिम्मा प्रधान आरक्षक भूपेंद्र गुर्जर के पास था। कुछ समय के लिए सुरेंद्र सिंह भी थाना प्रभारी रहे। STF यह पता लगा रही है कि थाने में पहले से फोन कौन करता था और उसे आवेदनों की गुप्त जानकारी कैसे मिलती थी।

    मास्टरमाइंड रियाल चौधरी के खुद के बने थे 4 फर्जी पासपोर्ट
    एसटीएफ और पुलिस की पूछताछ में रैकेट के मास्टरमाइंड रियाल चौधरी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। रियाल चौधरी के खुद के 4 पासपोर्ट बने हैं और चारों में ही फर्जी दस्तावेज लगाए गए थे। उसने डबरा के दो स्थानीय दलालों के जरिए फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे। एसपी राजेश भदौरिया के अनुसार, रियाल से पूछताछ के आधार पर 5 अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी के लिए भेजी गई हैं।

    बौद्ध विहार के एक भिक्षु के तीन अलग-अलग नाम आए थे सामने
    बांग्लादेशियों के फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनाने के मामले में खुलासा हुआ है। डबरा के जिस बुद्ध विहार के पते से 17 बांग्लादेशियों के भारतीय पासपोर्ट बने, वहां के भिक्षु के ही तीन अलग-अलग नाम सामने आए हैं। आधार कार्ड में नाम रामेश्वर जाटव, वोटर आईडी में भंते संघप्रिय और मठ की दीवार पर रांघप्रिय महाथेरो लिखा है। आधार में रामेश्वर जाटव के पिता का नाम नारायण जाटव और पता दतिया का है। वहीं वोटर आईडी में उनका नाम भंते संघप्रिय और पिता का नाम नारायण दर्ज है। इस पर उनका कहना है कि कुछ दिन पहले ही बौद्ध धर्म अपनाया है। धर्म अपनाने के बाद नाम संघप्रिय रखा गया। इस पर कुछ नहीं कहा कि नया नाम मिलने पर क्या दस्तावेज भी बदल जाते हैं।

    मठों में कौन आया और कौन गया…
    बौद्ध मठ का कोई रिकॉर्ड ही नहीं, इसलिए अब वह जांच के घेरे में हैं। STF की जांच में एक और गंभीर बात सामने आई है। बुद्ध मठों में आने-जाने वाले लोगों का कोई व्यवस्थित रिकॉर्ड नहीं मिला है। मठ में कौन आया, कहां से आया, कितने दिन रुका और कब चला गया, इसका हिसाब नहीं है। संदेह के आधार पर मठों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

    एमपी के बाहर दबिश दे रहीं पांच टीम
    इस मामले में एसटीएफ एसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि फर्जी पासपोर्ट मामले में हमारी पांच टीम मध्यप्रदेश के बाहर दबिश दे रही हैं। साथ ही पांच साल में फर्जी तरीके से भारतीय दस्तावेज बनाने से लेकर पासपोर्ट वैरीफिकेशन तक कई विभागों और पुलिस थानों तक यह फाइल पहुंचीं। इनसे जुड़े पुलिस अफसर, पुलिसकर्मी व अन्य विभाग के कर्मचारियों की सूची बनाई है। सभी हमारी जांच के दायरे में हैं और उनसे पूछताछ की जाएगी। कई आरोपियों के दो से तीन दस्तावेज भी मिले हैं।

  • भारत भवन में दो दिवसीय ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’ आज से, CM मोहन यादव करेंगे उद्घाटन; भारतीय भाषाओं पर होगी चर्चा

    भारत भवन में दो दिवसीय ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’ आज से, CM मोहन यादव करेंगे उद्घाटन; भारतीय भाषाओं पर होगी चर्चा

    भोपाल 

    राष्ट्रीय हिन्दी दिवस के अवसर पर भारत भवन में सोमवार से दो दिवसीय ‘भारतीय मातृभाषा अनुष्ठान’ की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव शाम 4 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। 14 और 15 सितंबर को होने वाले इस आयोजन का मुख्य विषय ‘मातृभाषा, संस्कृति और भारतीय जीवन-मूल्यों पर संवाद’ रखा गया है। कार्यक्रम में देशभर से वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार और कवि शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य भारतीय भाषाओं, बोलियों और उनमें मौजूद साहित्यिक-सांस्कृतिक विरासत पर संवाद करना है। संस्कृति विभाग के वीर भारत न्यास और संस्कृति संचालनालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारत भवन, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान और मातृभाषा मंच की सहभागिता रहेगी।

    भाषा और पत्रकारिता पर होगी चर्चा
    पहले दिन मुख्यमंत्री के शुभारंभ के बाद शाम 4:30 बजे ‘मातृभाषा से राष्ट्रभाषा : भाषाओं में भारत की आत्मा’ विषय पर चर्चा होगी। इसके बाद शाम 6 बजे ‘भाषाई पत्रकारिता, समाज की आवाज’ विषय पर विमर्श होगा। इसमें अलग-अलग भारतीय भाषाओं से जुड़े पत्रकार और विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। शाम 7:30 बजे राष्ट्रीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें कीर्ति काले, स्वयं श्रीवास्तव, दिनेश दिग्गज, शैलेन्द्र मधुर, अज़हर इकबाल और रामायणधर द्विवेदी काव्य पाठ करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय भाषाओं और बोलियों के गीतों की प्रस्तुति से होगी।  

    डिजिटल दौर में मातृभाषा पर मंथन
    15 सितंबर को आयोजन में ‘डिजिटल युग में मातृभाषाएँ : संकट, संभावना और नई पत्रकारिता’ विषय पर चर्चा होगी। इसके बाद ‘भाषा अनेक, भारत एक’ विषय पर संवाद होगा। इसमें उर्दू, मराठी, असमिया, मलयालम सहित विभिन्न भाषाओं के पत्रकार और लेखक शामिल होंगे। शाम 7:30 बजे ‘संत राग’ कार्यक्रम में संत कवियों की वाणी की प्रस्तुति होगी। 

    दुर्लभ पुस्तकों की प्रदर्शनी भी
    आयोजन स्थल पर भारतीय भाषाओं और बोलियों से जुड़ी शब्द-चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा भारतीय परंपरा के महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों और विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों का लोकार्पण भी होगा। आयोजकों के अनुसार भारतीय सभ्यता और संस्कृति की स्मृतियां मातृभाषाओं, बोलियों और लिपियों में सुरक्षित हैं। इस आयोजन के जरिए भाषाई विरासत, साहित्य और पत्रकारिता के योगदान पर चर्चा के साथ नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। 

  • गणेश चतुर्थी पर गजानन से लेकर महाकाल तक खास श्रृंगार, खजराना में स्वर्ण आभूषण तो भस्म आरती में गणेश रूप में सजे बाबा महाकाल

    गणेश चतुर्थी पर गजानन से लेकर महाकाल तक खास श्रृंगार, खजराना में स्वर्ण आभूषण तो भस्म आरती में गणेश रूप में सजे बाबा महाकाल

    इंदौर / उज्जैन 

    गणेश चतुर्थी पर आज गणपति बप्पा की स्थापना होगी। घरों से लेकर बड़े गणेश मंदिरों और पंडालों तक उत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इंदौर के खजराना गणेश, उज्जैन के चिंतामन गणेश समेत प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजन, श्रृंगार और दर्शन की तैयारिया में जुटे। 

    इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में करीब 7 करोड़ के स्वर्ण आभूषण भगवान को धारण कराए जाएंगे। इससे पहले रविवार को ब्रह्ममुहूर्त में भगवान को हीरे जड़ित नेत्र धारण करा दिए गए। बड़ा गणपति मंदिर में भी भगवान का आकर्षक श्रृंगार होगा। 25 फीट ऊंचे गणपति की रोजाना एक घंटे संगीतमय आरती होगी।

    उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर की खास परंपराओं में से एक मंदिर के पीछे उल्टा स्वास्तिक बनाना है। श्रद्धालु भगवान की पीठ की ओर उल्टा स्वास्तिक बनाकर अपनी मनोकामना मांगते हैं। मान्यता पूरी होने के बाद श्रद्धालु अनाज, लड्डुओं या अन्य प्रसाद से तुलादान करते हैं।

    भस्म आरती में बाबा महाकाल को रजत आभूषण के साथ भांग-चंदन अर्पित

    उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के चार बजे भस्म आरती के दौरान मंदिर के पट खुले। पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी देव प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन-अभिषेक किया गया।

    गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। बाबा को रजत आभूषण धारण कराकर भांग, चंदन और त्रिपुंड अर्पित किया गया, जिसके बाद भगवान गणेश के स्वरूप में श्रृंगार किया गया।

    प्रथम घंटाल बजाकर भगवान का ध्यान और मंत्रोच्चार किया गया। हरिओम का जल अर्पित करने के बाद कपूर आरती हुई। श्रृंगार पूरा होने पर ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म अर्पित की गई। इसके बाद भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की माला धारण कराई गई। मोगरे और गुलाब के फूलों से बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया।

    भगवान महाकाल को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।

    ईको-फ्रेंडली मूर्तियों की बढ़ी मांग
    पर्यावरण के प्रति जागरूकता के चलते इस बार बाजारों में मिट्टी और प्राकृतिक रंगों से बनी ईको-फ्रेंडली मूर्तियों का क्रेज सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। मूर्तिकारों ने पौधे वाले गणेश (प्लांट गणेश) भी तैयार किए हैं, जिनमें बीज मिलाए गए हैं ताकि विसर्जन के बाद गमले में पौधा उग सके। श्रद्धालुओं का कहना है कि वे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना बप्पा की भक्ति करना चाहते हैं।

    गणेशोत्सव में वृंदावन के किशोरी शरण बांधेंगे समां
    शहर स्थित अग्रवाल धर्मशाला में मराठा एसोसिएशन एवं श्री गणेश मराठा मंडल के तत्वावधान में भव्य श्री गणेश महोत्सव का शुभारंभ आज से हो रहा है। अपनी भव्यता और वैदिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध इस उत्सव में प्रात: 11 बजे श्री गणेश मूर्ति की स्थापना की जाएगी तथा रात्रि 11:30 बजे महाआरती संपन्न होगी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वृंदावन से पधार रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक किशोरी शरण होंगे, जो अपनी सुमधुर भजनों से समां बांधेंगे। मंडल के अध्यक्ष श्रितोष पाटील, उपाध्यक्ष कार्तिक मराठा, महामंत्री सूरज मराठा और कोषाध्यक्ष सुमित मराठा ने बताया कि बप्पा के भव्य श्रृंगार, दर्शन व सेवा कार्य को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर प्रणय मराठा, रितिक, श्रेयश, किशोर, अरविंद, संतोष, संजय, तानाजी, सुरेश, अण्णा, राजकुमार, दिनकर राव, नथुलाल, नंदकुमार, किशन, सोमनाथ, देवांग गुप्ता, सुमित अग्रवाल और कमल शर्मा सहित समस्त मराठा मंडल के सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

  • नेशनल लोक अदालत में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस ने निपटाए 400 प्रकरण

    नेशनल लोक अदालत में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस ने निपटाए 400 प्रकरण

    नेशनल लोक अदालत में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस ने निपटाए 400 प्रकरण

    मुरैना
     नेशनल लोक अदालत में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों और मृतकों के परिजनों द्वारा प्रस्तुत क्षतिपूर्ति दावों के निराकरण में सराहनीय सहयोग किया। 12 सितंबर 2026 को आयोजित लोक अदालत में कंपनी के लीगल हेड अश्वनी धनावत, डीजीएम लीगल घनश्याम भारद्वाज एवं मुरैना के विधि अधिकारी महेश गहलोत की मौजूदगी में प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

    कंपनी के सहयोग से मध्यप्रदेश में करीब 400 प्रकरणों, जबकि मुरैना जिले में करीब 20 प्रकरणों का राजीनामा के माध्यम से निराकरण कराया गया। इसके चलते दुर्घटना पीड़ितों और मृतकों के परिजनों को क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त होने का रास्ता आसान हुआ।

    लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के त्वरित निराकरण से पीड़ित परिवारों को राहत मिली। कंपनी की ओर से कहा गया कि दुर्घटना में घायल या मृत व्यक्ति के परिवार को हुई क्षति की पूरी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन क्षतिपूर्ति राशि के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा देने का प्रयास किया गया है।

  • वैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त, 3 प्रकरण दर्ज

    वैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त, 3 प्रकरण दर्ज

    वैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त, 3 प्रकरण दर्ज

    मुरैना 
    सागर जिले में जहरीली शराब की शिकायत के मद्देनजर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर श्री संदीप शर्मा के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
        इसी क्रम में 11 सितम्बर को जिला आबकारी अधिकारी श्री पारस गौतम के नेतृत्व में वृत्त सबलगढ़ के ग्राम कोलिया, घुरजा, चंदपुरा सलाई, चंदपुरा, जारोली, रायपुर नहर एवं बंधरेंटा क्षेत्र में संयुक्त दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 3 प्रकरण दर्ज कर कुल 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त की गई।
       आबकारी विभाग द्वारा अवैध एवं जहरीली शराब के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।