Category: बिज़नेस

  • टाटा पंच ईवी फेसलिफ्ट लॉन्च, 355 किमी की रियल-वर्ल्ड रेंज के साथ ग्राहकों के बीच

    टाटा पंच ईवी फेसलिफ्ट लॉन्च, 355 किमी की रियल-वर्ल्ड रेंज के साथ ग्राहकों के बीच

    मुंबई 

    भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के सेगमेंट को मजबूत करते हुए Tata Motors ने अपनी सबसे किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी टाटा पंच ईवी का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। नई टाटा पंच ईवी की एक्स-शोरूम शुरुआती कीमत 9.69 लाख रुपये रखी गई है। यह मॉडल कंपनी की एंट्री-लेवल ईवी रेंज का पहला बड़ा अपडेट माना जा रहा है, जिसमें हल्के डिजाइन बदलाव, नया बैटरी विकल्प और बेहतर रियल-वर्ल्ड रेंज पर खास ध्यान दिया गया है। वेरिएंट और कीमत की रणनीति
    नई टाटा पंच ईवी फेसलिफ्ट को स्मार्ट, एडवेंचर और एम्पावर्ड—इन तीन वेरिएंट्स में पेश किया गया है। अलग-अलग वेरिएंट और बैटरी पैक के हिसाब से इसकी कीमत 9.69 लाख रुपये से लेकर 12.59 लाख रुपये एक्स-शोरूम तक जाती है। कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को इस तरह पोजिशन किया है कि यह पारंपरिक पेट्रोल-डीजल कारों की कीमत के ज्यादा करीब नजर आए, जिससे पहली बार ईवी खरीदने वालों के लिए फैसला आसान हो सके।
    बैटरी सब्सक्रिप्शन से कम होगी शुरुआती कीमत
    टाटा ने पंच ईवी फेसलिफ्ट के साथ बैटरी-एज़-ए-सर्विस यानी BaaS विकल्प भी उपलब्ध कराया है। इस स्कीम के तहत ग्राहक कार को 6.49 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीद सकते हैं, जबकि बैटरी के लिए प्रति किलोमीटर लगभग 2.6 रुपये का चार्ज देना होगा। इस मॉडल का मकसद शुरुआती खर्च को कम करना है, ताकि इलेक्ट्रिक कार ज्यादा लोगों की पहुंच में आ सके। खास बात यह है कि फेसलिफ्ट का बेस वेरिएंट पहले के मुकाबले करीब 30 हजार रुपये सस्ता भी हो गया है।
    एक्सटीरियर में हल्के लेकिन साफ बदलाव
    डिजाइन के मामले में पंच ईवी फेसलिफ्ट को ज्यादा आक्रामक बदलाव नहीं दिए गए हैं, लेकिन इसके फ्रंट में नया बंपर और ज्यादा सादा लुक देखने को मिलता है। हेडलैंप्स को जोड़ने वाली पुरानी ब्लैक स्ट्रिप को हटाया गया है, जिससे फ्रंट फेस ज्यादा क्लीन लगता है। साइड प्रोफाइल में नए 16-इंच के एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो बड़े टाटा ईवी मॉडलों से प्रेरित हैं। पीछे की तरफ कनेक्टेड एलईडी टेललैंप्स दिए गए हैं, जो इसे नए पेट्रोल पंच के डिजाइन से जोड़ते हैं।

    इंटीरियर और फीचर्स में टेक्नोलॉजी पर जोर
    केबिन के अंदर लेआउट पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन ट्रिम फिनिश में बदलाव किए गए हैं। टॉप वेरिएंट्स में 10.25 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और उतना ही बड़ा डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। इसके अलावा वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, एंबिएंट लाइटिंग, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स वेरिएंट के अनुसार मिलते हैं।

    नई बैटरी और बेहतर रेंज
    फेसलिफ्ट पंच ईवी की सबसे बड़ी खासियत नया 40kWh बैटरी पैक है। यह बैटरी एआरएआई सर्टिफाइड साइकिल में 468 किमी की रेंज और करीब 355 किमी की रियल-वर्ल्ड रेंज का दावा करती है। इसके अलावा 30kWh बैटरी का विकल्प भी जारी रखा गया है, जिसकी रेटेड रेंज 365 किमी है। फास्ट चार्जिंग की सुविधा के तहत 65kW डीसी चार्जर से बैटरी को 20 से 80 प्रतिशत तक सिर्फ 26 मिनट में चार्ज किया जा सकता है।

    सेफ्टी और पोजिशनिंग
    सुरक्षा के लिहाज से टाटा पंच ईवी फेसलिफ्ट में सभी वेरिएंट्स में छह एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट माउंट्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं। भारतीय बाजार में यह कार सिट्रोएन ईसी3 को टक्कर देती है और टाटा की ईवी लाइन-अप में टियागो ईवी और नेक्सॉन ईवी के बीच अपनी जगह बनाती है।

  • टैरिफ पर ट्रंप को झटका, शेयर बाजार में बमबम रैली, सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी उछाल

    टैरिफ पर ट्रंप को झटका, शेयर बाजार में बमबम रैली, सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी उछाल

    मुंबई 
    अमेरिका (America) में मची किसी भी हलचल का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार (Indian Stock Market) पर देखने को मिलता रहा है. बीते सप्ताह भी यूएस में तमाम बड़े घटनाक्रम देखने को मिले, जिनमें सबसे अहम अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में टैरिफ पर ट्रंप की हार अहम है, US Supreme Court ने राष्ट्रपति ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ को गैरकानूनी करार देते हुए रद्द कर दिया, तो ट्रंप ने इस फैसले के तुरंत बाद दुनिया के सभी देशों पर नया 10% का टैरिफ लगा गया और 24 घंटे में ही इसे बढ़ाकर 15% भी कर दिया. इसके असर की बात करें, तो जिस टैरिफ से दुनिया के बाजारों में हड़कंप मचा नजर आया था, उसके हटते ही तेजी देखने को मिली है और Sensex-Nifty भी खुलने के साथ ही रॉकेट बने नजर आए हैं.  

    Sensex-Nifty ने खुलते ही मचाया गदर
    शेयर मार्केट में कारोबार ओपन होने के साथ ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स अपने पिछले बंद 82,814.71 की तुलना में उछलकर 82,906.83 पर खुला और फिर कुछ ही मिनटों में ये 83,486 पर जा पहुंचा. NSE Nifty ने भी सेंसेक्स के कदम से कदम मिलाकर चलते हुए अपने पिछले शुक्रवार के बंद 25,571.25 की तुलना में चढ़कर 25,678 पर ट्रेड शुरू किया और फिर रॉकेट की तरह भागते हुए 25,771.45 के लेवल पर जा पहुंचा.

    ये 10 शेयर सबसे तेज भागे
    Share Market में शुरुआती तेजी के दौरान सबसे तेज भागने वाले शेयरों की बात करें, तो बीएसई की लार्जकैप कैटेगरी में शामिल Adani Ports Share (2.80%), Axis Bank Share (2.10%), Kotak Bank Share (1.60%) और HDFC Bank Share (1.50%) उछलकर ट्रेड कर रहा था. मिडकैप कैटेगरी को देखें, तो Bharat Forge Share (2%), Policy Bazar Share (1.95%), Paytm Share (1.95%) और BHEL Share (1.50%) की तेजी लिए हुए दिखा. इसके अलावा स्मॉलकैप शेयरों में सबसे ज्यादा उछाल Cohance Share (4.80%) और IIFL Share (4.20%) में देखने को मिला. 

    टैरिफ का डर खत्म, तो झूमे बाजार
    बता दें कि Donald Trump के रेसिप्रोकल टैरिफ का डर खत्म होने का असर दुनियाभर के शेयर बाजारों पर देखने को मिला, एशियाई बाजारों में जापान को छोड़कर लगभग सभी मार्केट ग्रीन जोन में नजर आए थे. विदेशों से मिले इन पॉजिटिव संकेतों के चलते सेंसेक्स-निफ्टी में भी बमबम नजर आया. शुरुआती कारोबार में करीब 1,676 शेयर अपने पिछले बंद के मुकाबले तूफानी तेजी के साथ ओपन हुए, जबकि 830 शेयरों ने गिरावट के साथ शुरुआत की, वहीं 257 शेयर बिना किसी चेंज के खुले यानी इनकी ओपनिंग फ्लैट रही. 

  • एलन मस्क ने कहा: अपनी जिंदगी भर देंगे अरबों डॉलर टैक्स, नाम दर्ज होगा इतिहास में

    एलन मस्क ने कहा: अपनी जिंदगी भर देंगे अरबों डॉलर टैक्स, नाम दर्ज होगा इतिहास में

    वाशिंगटन
    दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क (Elon Musk) आए दिन कोई ना कोई बड़ा दावा करते रहते हैं। अब उन्होंने एक नई बात से सबको हैरान कर दिया है। एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा की वह अपने पूरे जीवन में 500 अरब डॉलर से अधिक का टैक्स भुगतान कर देंगे। उन्होंने यह अनुमान तब लगाया है जब उनकी कुल नेट वर्थ 852 बिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है। उनकी नेट वर्थ में इस उछाल के पीछे की वजह रॉकेट कंपनी SpaceX और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI का मर्जर है। इस विलय के बाद कंपनी की वैल्यूएशन 1.25 ट्रिलियन डॉलर हो गया है।

    क्या कुछ कहा है एलन मस्क ने?
    एक वीडियो के जबाव में उन्होंने उन्हें इतिहास का सबसे बड़ा टैक्स भुगतान करने वाला व्यक्ति खुद को बताया है। एलन मस्क ने कहा कि उन्होंने अबतक 10 बिलियन डॉलर के टैक्स भुगतान कर दिया है। मस्क ने कहा, “व्यक्तिगत भुगतान वाला सबसे बड़ा व्यक्ति हूं। मैंने 10 बिलियन डॉलर से अधिक का टैक्स भुगतान कर दिया है।” मस्क आगे कहते हैं कि अपनी मौत तक मैं 500 अरब डॉलर से अधिक का टैक्स भुगतान कर दूंगा।

    तेजी से बढ़ रही है नेट वर्थ
    इसी महीने की शुरुआत में एलन मस्क की नेट वर्थ में 84 बिलियन डॉलर का इजाफा महज एक दिन में हो गया था। दोनों कंपनियों के विलय के बाद अस्तित्व में आई नई कंपनी में एलन मस्क की कुल हिस्सेदारी 43 प्रतिशत है। जोकि 542 बिलियन डॉलर के बराबर है।

    एलन मस्क की नेट वर्थ में तेजी के साथ इजाफा होने की उम्मीद है। हाल ही में टेस्ला के शेयरहोल्डर्स ने Mars Shot के पे पैकेज की घोषणा की है। अगर टेस्ला एक दशक में ग्रोथ टारगेट तक पहुंच जाएगा तब की स्थिति में एलन मस्क को 1 ट्रिलियन डॉलर के अतिरिक्त स्टॉक मिलेंगे। ऐसा होने पर वह दुनिया के पहले ट्रिलेनियर व्यक्ति बन जाएंगे। मौजूदा समय में एलन मस्क के पास टेस्ला का 12 प्रतिशत हिस्सा है। जिसकी वैल्यू 178 बिलियन डॉलर है।

  • दवा कंपनी पर भरोसा दिखा रही LIC, हिस्सेदारी बढ़ने से शेयर में तेजी के संकेत

    दवा कंपनी पर भरोसा दिखा रही LIC, हिस्सेदारी बढ़ने से शेयर में तेजी के संकेत

    नई दिल्ली
    लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड यानी LIC ने फार्मा सेक्टर की सिप्ला लिमिटेड में हिस्सेदारी बढ़ाई है। जानकारी के मुताबिक LIC ने तीन महीने की अवधि में सिप्ला लिमिटेड में 2% से अधिक हिस्सेदारी हासिल कर ली है। इससे फार्मा कंपनी में उसकी हिस्सेदारी बढ़कर 9.09% हो गई है। हिस्सेदारी में बढ़ोतरी के साथ LIC अब सिप्ला में एक बड़ी शेयरधारक बन गई है। बता दें कि पिछले साल नवंबर तक चार महीनों में LIC ने दवा निर्माता कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 5.025% से बढ़ाकर 7.055% कर दी थी।

    शेयर का हाल
    शुक्रवार को BSE पर सिप्ला के शेयर बढ़त के साथ 1341.45 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए। जनवरी 2026 में शेयर 1,283 रुपये के निचले स्तर पर थ। इस लिहाज से शेयर ने एक महीने से भी कम समय में रिकवरी दिखाई है। दिसंबर 2025 में शेयर 1,672.20 रुपये पर था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई लेवल है।

    क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
    बता दें कि दिसंबर तिमाही के उम्मीद से कमजोर प्रदर्शन के बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने सिप्ला की रेटिंग घटा दी थी। ब्रोकरेज फर्मों ने इसके लिए अमेरिका में बिक्री में नरमी और प्रमुख उत्पादों की आपूर्ति में व्यवधान को कारण बताया। जेफरीज ने ग्रेवलिमिड और लैनरियोटाइड के राजस्व में क्रमिक गिरावट और वित्त वर्ष 2026 के एबिटा मार्जिन अनुमान में 175-300 आधार अंकों की कमी का हवाला देते हुए सिप्ला को "अंडरपरफॉर्म" श्रेणी में रखा और इसका लक्ष्य ₹1,170 निर्धारित किया। साथ ही, इसने वित्त वर्ष 2026-वित्त वर्ष 2028 के ईपीएस अनुमानों को भी 19-21% तक कम कर दिया। वहीं, एचएसबीसी ने प्रबंधन द्वारा वित्त वर्ष 2026 के एबिटा मार्जिन अनुमान को 22.75-24% से घटाकर 21% करने के बाद सिप्ला की रेटिंग घटाकर "होल्ड" कर दी और इसका लक्ष्य ₹1285 तय कर दिया। एक अन्य ब्रोकरेज मैक्वेरी ने शेयर की ₹1,490 के लक्ष्य के साथ "आउटपरफॉर्म" रेटिंग बरकरार रखी है।

    सिप्ला के तिमाही नतीजे
    बीते दिनों सिप्ला ने दिसंबर में समाप्त तिमाही के नतीजे जारी किए थे। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में मुनाफा 57 प्रतिशत घटकर 676 करोड़ रुपये रहा। अमेरिकी बाजार में बिक्री में गिरावट के कारण कंपनी के मुनाफे पर असर पड़ा है। मुंबई स्थित इस दवा कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 1,571 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। तिमाही के दौरान परिचालन आय 7,074 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 7,073 करोड़ रुपये थी। कंपनी की उत्तरी अमेरिका में बिक्री इस तिमाही के दौरान 22 प्रतिशत घटकर 1,485 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में 1,906 करोड़ रुपये थी।

     

  • Gold-Silver Price Alert: सोने के भाव में भारी गिरावट, जानें आज के ताज़ा रेट

    Gold-Silver Price Alert: सोने के भाव में भारी गिरावट, जानें आज के ताज़ा रेट

    भोपाल
     बुलियन मार्केट में आज सोने ने निवेशकों और खरीदारों को झटका दिया है। शनिवार 21 फरवरी, 2026 को सोने की कीमतों में गिरावट आई है, जबकि चांदी की चमक बरकरार रही।

    भारतीय सर्राफा बाजार में आज यानी 21 फरवरी 2026, शनिवार को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बदलाव देखा गया है. ध्यान रहे कि यहां दिए गए रेट पिछले दिन के बाजार बंद होने के भाव और आज सुबह के शुरुआती रुझानों के आधार पर हैं. जहां कल सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई थी, वहीं आज मामूली बढ़त के साथ कारोबार शुरू हुआ है. वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और डॉलर की मजबूती ने कीमती धातुओं की चमक को प्रभावित किया है.

    आज भारत में 24 कैरेट सोने की कीमत 15,738 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गई है. कल के मुकाबले इसमें प्रति 10 ग्राम पर 10 रुपये की मामूली बढ़त देखी गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि फेडरल रिजर्व के आगामी फैसलों को लेकर निवेशक थोड़े सतर्क हैं, जिसकी वजह से बाजार में एक दायरे में कारोबार हो रहा है. 22 कैरेट सोने का भाव आज 1,44,260 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है.

    आज सोने के भाव

    वजन (Gram) 24 कैरेट सोना  22 कैरेट सोना  18 कैरेट सोना
    1 ग्राम ₹15,738 ₹14,426 ₹11,804
    8 ग्राम ₹1,25,904 ₹1,15,408 ₹94,432
    10 ग्राम ₹1,57,380 ₹1,44,260 ₹1,18,040
    100 ग्राम ₹15,73,800 ₹14,42,600 ₹11,80,400

    प्रमुख शहरों में आज सोने के दाम 

    शहर (City) 24 कैरेट सोना (1g) 22 कैरेट सोना (1g) 18 कैरेट सोना (1g)
    मुंबई ₹15,738 ₹14,426 ₹11,804
    दिल्ली ₹15,753 ₹14,441 ₹11,819
    चेन्नई ₹15,730 ₹14,419 ₹12,349
    बेंगलुरु ₹15,738 ₹14,426 ₹11,804
    हैदराबाद ₹15,738 ₹14,426 ₹11,804
    कोलकाता ₹15,738 ₹14,426 ₹11,804
    केरल ₹15,738 ₹14,426 ₹11,804

    Aaj Ka Sona Chandi Bhav: चांदी की चमक बढ़ी या घटी?

    चांदी के खरीदारों के लिए आज मिला-जुला दिन है. आज चांदी की कीमतों में 100 रुपये प्रति किलो की हल्की गिरावट देखी गई है. भारत में आज 1 किलो चांदी का भाव 2,69,900 रुपये है. फरवरी की शुरुआत में चांदी जहां 3.50 लाख के स्तर पर थी, वहां से अब तक इसमें लगभग 22% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है, जो औद्योगिक मांग में कमी की ओर इशारा करती है.

    आज चांदी के भाव

    वजन (Weight) आज का भाव (21 Feb) कल का भाव (20 Feb) बदलाव (Change)
    1 ग्राम ₹269.90 ₹270 – ₹0.10
    10 ग्राम ₹2,699 ₹2,700 – ₹1
    100 ग्राम ₹26,990 ₹27,000 – ₹10
    1 किलोग्राम ₹2,69,900 ₹2,70,000 – ₹100

    प्रमुख शहरों में आज चांदी के दाम

    शहर (City) 10 ग्राम चांदी 100 ग्राम चांदी 1 किलोग्राम चांदी
    मुंबई ₹2,699 ₹26,990 ₹2,69,900
    दिल्ली ₹2,699 ₹26,990 ₹2,69,900
    चेन्नई ₹2,699 ₹26,990 ₹2,69,900
    बेंगलुरु ₹2,699 ₹26,990 ₹2,69,900
    हैदराबाद ₹2,699 ₹26,990 ₹2,69,900
    कोलकाता ₹2,699 ₹26,990 ₹2,69,900
    केरल ₹2,699 ₹26,990 ₹2,69,900

     

    सोना सस्ता हुआ है, लेकिन चांदी ने आज भी निवेशकों का मन जीत लिया। अगर आप सोना या चांदी खरीदने का सोच रहे हैं, तो आज ही मार्केट में नजर डालें।

     

  • अनिल अंबानी का सुप्रीम कोर्ट को खुला संदेश, बिना इजाजत विदेश यात्रा पर रोक

    अनिल अंबानी का सुप्रीम कोर्ट को खुला संदेश, बिना इजाजत विदेश यात्रा पर रोक

    मुंबई 

    देश के प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी ने सुप्रीम कोर्ट में एक औपचारिक हलफनामा दायर किया है कि वे सर्वोच्च न्यायालय की पूर्व अनुमति के बिना भारत छोड़कर नहीं जाएंगे। अंबानी ने यह भी आश्वासन दिया है कि रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) और उसकी समूह संस्थाओं द्वारा कथित तौर पर किए गए बड़े पैमाने के बैंक फ्रॉड मामले की जांच में वे जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करना जारी रखेंगे। यह मामला ईएएस सरमा बनाम भारत सरकार के तहत चल रहा है। अंबानी फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच के घेरे में हैं।

    अंबानी द्वारा यह हलफनामा ईएएस सरमा द्वारा दायर एक जनहित याचिका (PIL) के जवाब में आया है। इससे पहले 4 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने अंबानी के वकील, वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी के उस बयान को रिकॉर्ड में लिया था कि अंबानी अदालत की अनुमति के बिना विदेश यात्रा नहीं करेंगे।

    अपने हलफनामे में अनिल अंबानी ने इस आश्वासन को औपचारिक रूप से रिकॉर्ड पर रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब से मौजूदा जांच शुरू हुई है वे जुलाई 2025 से भारत से बाहर नहीं गए हैं और फिलहाल उनकी विदेश यात्रा की कोई योजना नहीं है। उन्होंने अंडरटेकिंग दी है कि यदि विदेश यात्रा की आवश्यकता पड़ती है, तो वे ऐसा करने से पहले अदालत से अनुमति लेंगे।
    जांच एजेंसियों के साथ सहयोग का वादा

    हलफनामे में इस बात पर जोर दिया गया है कि अंबानी जांच एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें प्रवर्तन निदेशालय द्वारा समन भेजा गया है और उन्होंने निर्धारित तिथि पर जांच में शामिल होने का आश्वासन दिया है। हलफनामे में यह भी कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट में कार्यवाही लंबित रहने के दौरान धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 (PMLA) की धारा 50 के तहत उनकी जांच चल रही है।
    31,580 करोड़ रुपये के फ्रॉड का आरोप

    अदालत के समक्ष दायर याचिका के अनुसार, RCOM और उसकी सहायक कंपनियों रिलायंस इन्फ्राटेल और रिलायंस टेलीकॉम ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के नेतृत्व वाले बैंकों के कंसोर्टियम से 2013 और 2017 के बीच 31,580 करोड़ रुपये का ऋण प्राप्त किया था। याचिका के अनुसार, SBI की एक फोरेंसिक ऑडिट से पता चला कि फंडा का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया था। इसमें हजारों करोड़ रुपये का उपयोग असंबंधित ऋणों को चुकाने, संबंधित पक्षों को हस्तांतरण, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश और ऋणों को छिपाने के लिए पैसे का जटिल सर्कुलर रूटिंग शामिल है।
    SIT जांच का आदेश

    याचिका में दावा किया गया है कि CBI द्वारा 21 अगस्त, 2025 को दर्ज की गई FIR और संबंधित ED की कार्यवाही कथित गलत कामों के केवल एक अंश को कवर करती है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि जांच एजेंसियां विस्तृत फोरेंसिक ऑडिट और स्वतंत्र रिपोर्टों के बावजूद बैंक अधिकारियों और नियामकों की भूमिका की जांच नहीं कर रही हैं।

    याचिकाकर्ता के अनुसार, केवल न्यायिक निगरानी ही यह सुनिश्चित कर सकती है कि सार्वजनिक धन से जुड़े ऐसे बड़े मामले की गहन जांच हो। 4 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय को आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का निर्देश दिया था। अदालत ने CBI को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि कथित घोटाले में बैंक अधिकारियों की किसी भी संभावित मिलीभगत की जांच की जाए।

  • सोने-चांदी के भाव बढ़े, निवेशकों के लिए बना मौका या चेतावनी? MCX की ताजा कीमतें

    सोने-चांदी के भाव बढ़े, निवेशकों के लिए बना मौका या चेतावनी? MCX की ताजा कीमतें

    इंदौर 

    सोने-चांदी के वायदा कारोबार की शुरुआत में गुरुवार (19 फरवरी) को सुस्ती के साथ हुई, हालांकि इसमें कुछ समय बाद तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने के समय घरेलू बाजार में आज सोने के वायदा भाव 0.24 फीसदी की तेजी के साथ 1,56,134 रुपए प्रति 10 ग्राम पर थे। चांदी के भाव में 1051 रुपए का उछाल आया, ये 2,45,319 रुपए प्रति किलोग्राम के करीब कारोबार कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी में तेजी आई है।
    अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमत

    अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी के वायदा भाव में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। Comex पर सोना गुरुवार को 5,010.10 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। पिछला क्लोजिंग प्राइस 5,009.50 डॉलर प्रति औंस था। सोने के भाव ने इस साल 5,586.20 डॉलर के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया।

    Comex पर चांदी के वायदा भाव 77.96 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। पिछला क्लोजिंग प्राइस 77.59 डॉलर था। इसके भाव ने इस साल 121.79 डॉलर का उच्चतम स्तर छू लिया।
      

  • Gold Price Update: सोने के दामों में भारी गिरावट, निवेशकों के लिए बड़ा अलर्ट

    Gold Price Update: सोने के दामों में भारी गिरावट, निवेशकों के लिए बड़ा अलर्ट

    इंदौर 

    मध्य प्रदेश के सर्राफा बाजारों में आज 18 फरवरी 2026 को सोने की कीमतों में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। वहीं चांदी के दाम स्थिर बने हुए हैं। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में आज सुबह नए रेट जारी किए गए हैं। ऐसे में अगर आप शादी-विवाह या निवेश के लिए सोना-चांदी खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आज का दिन आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

    जानकारी के मुताबिक आज 22 कैरेट सोना 14,250 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गया है, जो बीते दिन 14,390 रुपये प्रति ग्राम था। यानी कीमत में 140 रुपये प्रति ग्राम की गिरावट देखने को मिली है। इसी तरह 24 कैरेट सोने की कीमत में भी कमी आई है।

    आज 24 कैरेट सोना 14,963 रुपये प्रति ग्राम पर कारोबार कर रहा है, जबकि कल इसका भाव 15,110 रुपये प्रति ग्राम था। यानी एक ग्राम पर करीब 147 रुपये की गिरावट आई है। अगर 10 ग्राम की बात करें तो आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,49,630 रुपये है, जो कल 1,51,100 रुपये थी। वहीं 8 ग्राम सोना आज 1,19,704 रुपये में मिल रहा है, जबकि बीते दिन इसकी कीमत 1,20,880 रुपये थी।

    वहीं चांदी की कीमतों में आज कोई बदलाव नहीं हुआ है।

    ताजा आंकड़ों के अनुसार एक ग्राम चांदी का भाव 265 रुपये पर स्थिर बना हुआ है। इसी तरह एक किलो चांदी का रेट भी 2,65,000 रुपये पर कायम है। सर्राफा कारोबारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव और डॉलर की चाल का असर घरेलू बाजार पर देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में कीमतों में और बदलाव हो सकता है। ऐसे में खरीदारी से पहले ताजा रेट जरूर चेक कर लें।

  • नए अवतार में Jawa 42 Ivory: क्लासिक लुक के साथ Royal Enfield को चुनौती

    नए अवतार में Jawa 42 Ivory: क्लासिक लुक के साथ Royal Enfield को चुनौती

     नई दिल्ली
    Jawa 42 Ivory Price & Features: देश की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी जावा येज्डी मोटरसाइकिल ने भारतीय बाजार में अपनी मशहूर बाइक Jawa 42 के कलर लाइन-अप को अपडेट किया है. रेट्रो लुक और मॉडर्न टेक्नोलॉजी के लिए मशहूर बाइक Jawa 42 अब एक नए रंग के साथ पेश की गई है. कंपनी ने इस बाइक को अब आइवरी शेड में लॉन्च किया है, जो बाइक को एक अलग और प्रीमियम लुक देता है. यह नया रंग उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर लाया गया है, जो क्लासिक स्टाइल के साथ एक्सक्लूसिव फील चाहते हैं.

    जावा 42 के नए आइवरी कलर वेरिएंट की कीमत कीमत 1.85 लाख (एक्स-शोरूम) रुपये रखी गई है. यह अब इस मॉडल का सबसे महंगा कलर वेरिएंट बन गया है. इससे पहले ड्यूल-चैनल एबीएस और अलॉय व्हील वाला वेरिएंट 1.83 लाख रुपये तक जाता था. नई कीमत के साथ यह वेरिएंट सीधे तौर पर प्रीमियम ग्राहकों को टारगेट करता है.
    डिजाइन में क्या है खास

    पेस्टल आइवरी शेड बाइक के फ्रंट फेंडर, हेडलैंप कवर, फ्यूल टैंक, साइड पैनल और रियर फेंडर पर दिया गया है. टैंक पर बड़े और बोल्ड अक्षरों में ‘Forty Two’ लिखा गया है, जबकि साइड पैनल पर ‘42’ का नंबर दिया गया है. यह डिटेल्स इसे बाकी कलर वेरिएंट्स से अलग बनाती हैं. इंजन और अन्य पार्ट्स को ब्लैक पेंट से फिनिश किया गया है, जिससे बाइक को फैक्ट्री कस्टम जैसा लुक मिलता है.

    मैकेनिकल तौर पर नई आइवरी जावा 42 में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसमें 294.7 सीसी का लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है. जो 27 बीएचपी की पावर और 26.84 न्यूटर मीटर (Nm) का टॉर्क जेनरेट करता है. इंजन के साथ छह-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जिसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच की सुविधा भी मिलती है. बाइक डबल क्रैडल फ्रेम पर बनी है और इसमें आगे टेलिस्कोपिक फोर्क तथा पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं. हाई-स्पेक वेरिएंट में अलॉय व्हील मिलते हैं, जबकि ग्राहक वायर-स्पोक रिम्स का विकल्प भी चुन सकते हैं.

    वारंटी और सर्विस सपोर्ट

    Jawa Yezdi की ओनरशिप एश्योरेंस प्रोग्राम के तहत जावा 42 के साथ 4 साल या 50,000 किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी दी जाती है. इसके अलावा ग्राहक कुछ और पैसे खर्च कर एक्सटेंडेड वारंटी भी ले सकते हैं. जिसके बाद कुल वारंटी 6 साल तक की हो जाएगी. इसके अलावा बाइक पर 8 साल तक की रोडसाइड असिस्टेंस और 5 साल तक का एएमसी पैकेज भी उपलब्ध है, जो पूरे देश में लागू होता है.
     

  • यूपीआई के बढ़ते लेनदेन के बीच भी नकदी का रफ्तार जारी, सर्कुलेशन 40 लाख करोड़ रुपए: रिपोर्ट

    यूपीआई के बढ़ते लेनदेन के बीच भी नकदी का रफ्तार जारी, सर्कुलेशन 40 लाख करोड़ रुपए: रिपोर्ट

    मुंबई 
     देश में करेंसी सर्कुलेशन जनवरी 2026 के अंत तक बढ़कर रिकॉर्ड 40 लाख करोड़ रुपए के करीब पहुंच गया है। इसमें सालाना आधार पर 11.1 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 5.3 प्रतिशत थी। यह जानकारी सोमवार को जारी हुई एक रिपोर्ट में दी गई।  एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट में बताया गया कि जनता के पास करेंसी (सीडब्ल्यूपी) की हिस्सेदारी कुल करेंसी सर्कुलेशन में 97.6 प्रतिशत (करीब 39 लाख करोड़ रुपए ) हो गई है।

    रिपोर्ट में बताया गया कि देश में यूपीआई के कारण डिजिटल लेनदेन तेजी से बढ़ा है और इससे कैश-टू-जीडीपी रेश्यो में बड़ी गिरावट देखने को मिली है।

    रिपोर्ट के मुताबिक,"देश में एक महीने में होने वाले यूपीआई लेनदेन की वैल्यू करीब 28 लाख करोड़ रुपए है, जो कि देश के कुल करेंसी स्टॉक का करीब 70 प्रतिशत है, जो कि दिखाता है कि देश में बड़ी संख्या में लोग डिजिटल पेमेंट्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।"

    वहीं, देश का कैश-टू-जीडीपी रेश्यो वित्त वर्ष 26 में कम होकर 11 प्रतिशत हो गया है, जो कि वित्त वर्ष 21 में 14.4 प्रतिशत पर था।

    रिपोर्ट में कहा गया है, "करेंसी और जीडीपी में परिवर्तन की दिशा भले ही एक जैसी हो, लेकिन जीडीपी की वृद्धि को अब नकदी के बजाय यूपीआई के माध्यम से अधिक हो रही है।"

    सीआरआर में कटौती के कारण चालू वित्त वर्ष में 'आरबीआई के पास बैंकर्स डिपॉजिट' में 1.86 लाख करोड़ रुपए की कमी आई, जिसके परिणामस्वरूप रिजर्व मनी की वृद्धि घटकर 5.8 प्रतिशत रह गई।

    एसबीआई रिसर्च की एक हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2015 से वित्त वर्ष 2025 के बीच बैंकों में जमा और ऋण लगभग तीन गुना बढ़ गए, जो बैंकिंग प्रणाली के सुदृढ़ीकरण और ऋण मध्यस्थता में सुधार का संकेत है।

    वित्त वर्ष 2015 से वित्त वर्ष 2025 के दौरान जमा राशि 85.3 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 241.5 लाख करोड़ रुपए हो गई और ऋण 67.4 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 191.2 लाख करोड़ रुपए हो गई है।

    रिपोर्ट में कहा गया है कि बैंकों की परिसंपत्ति वृद्धि दर वित्त वर्ष 2025 तक जीडीपी के 77 प्रतिशत से बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई, जो वित्तीय सुदृढ़ीकरण में सुधार को दर्शाती है।