Author: NewseDay

  • डिजिटल और पारदर्शी राजस्व व्यवस्था से सुशासन का नया अध्याय

    डिजिटल और पारदर्शी राजस्व व्यवस्था से सुशासन का नया अध्याय

    ​डिजिटल और पारदर्शी राजस्व प्रशासन: जनहित में सुशासन का नया अध्याय

    ​रायपुर

           राज्य सरकार का राजस्व विभाग आम नागरिकों के जीवन से सीधे जुड़ा हुआ एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील घटक है। भूमि संबंधी मामलों की जटिलताओं को समाप्त करने, प्रशासनिक तंत्र को अधिक पारदर्शी बनाने और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग द्वारा हाल ही में कई बड़े और दूरगामी नीतिगत निर्णय लिए गए हैं। ये सुधार न केवल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुगम और सरल बना रहे हैं, बल्कि वर्षों से लंबित पड़ी समस्याओं का समयबद्ध व निष्पक्ष निराकरण भी सुनिश्चित कर रहे हैं।

    ​डिजिटल प्रणाली से सुगम हुआ रिकॉर्ड प्रेषण

          02 अप्रैल 2025 को जारी विशेष आदेश के तहत अब सभी भौतिक दस्तावेजों को डिजिटल स्वरूप में प्राप्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। भारसाधक अधिकारी को सत्यापनकर्ता का दायित्व सौंपते हुए अब समस्त राजस्व रिकॉर्ड ई-प्रणाली के माध्यम से मंगाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक पहल से रिकॉर्ड के त्वरित संप्रेषण की सुविधा मिली है, जिससे कागजी औपचारिकताओं में होने वाला अनावश्यक विलंब पूरी तरह समाप्त हो गया है और प्रकरणों के निराकरण में अप्रत्याशित गति आई है।

    ​कृषि भूमि की अदला-बदली हुई आसान

           कृषकों और भू-स्वामियों को अपनी सुविधा अनुसार कृषि भूमि की परस्पर अदला-बदली करने का विधिक अधिकार संहित के तहत प्राप्त है। इस प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम और स्पष्ट बनाने के लिए 21 अक्टूबर 2025 को नए मार्गदर्शी निर्देश जारी किए गए हैं। इससे किसानों को अपनी ज़मीन के बेहतर प्रबंधन में काफी सहूलियत मिल रही है।

    ​त्रुटि सुधार प्रक्रिया का सरलीकरण

           अक्सर राजस्व अभिलेखों में लिपिकीय या मामूली त्रुटियों जैसे नाम, जाति, पता या फसल प्रविष्टि के कारण भू-स्वामियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। 19 जुलाई 2024 की अधिसूचना के माध्यम से इन त्रुटियों के त्वरित सुधार हेतु सीधे तहसीलदार को सशक्त बनाया गया है। इस फैसले ने आम जनता के अदालती चक्करों और समय की बर्बादी को पूरी तरह समाप्त कर दिया है।
        ​अवैध प्लाटिंग पर कड़ी नकेल

           जनवरी 2026 में राजस्व विभाग ने अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को कड़े निर्देश जारी किए। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित विशेष समिति अब अवैध प्लाटिंग के खिलाफ समुचित व त्वरित कानूनी कार्यवाही कर रही है, जिससे आम खरीदारों के हितों की रक्षा हो रही है।

    ​पुराने परिपत्रों का निरस्तीकरण

          प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रासंगिक और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से 23 जुलाई 2024 के आदेश द्वारा नगरीय क्षेत्रों में शासकीय भूमि एवं अतिक्रमित भूमि के व्यवस्थापन तथा आवंटन से संबंधित 2019, 2020 और 2022 के पूर्व परिपत्रों एवं निर्देशों को निरस्त कर दिया गया है।
            ​डिजिटल ई-प्रणाली, प्रक्रियाओं के सरलीकरण और त्वरित निवारण की इस समावेशी नीति ने राज्य के राजस्व प्रशासन को एक नई दिशा दी है। यह कदम सुशासन की दिशा में एक सशक्त और जन-हितैषी प्रयास सिद्ध हो रहा है।

     ​विष्णु प्रसाद वर्मा
     सहायक संचालक

  • भिलाई में कॉलेज फीस के लिए बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटी, B.Tech छात्र-छात्रा गिरफ्तार

    भिलाई में कॉलेज फीस के लिए बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटी, B.Tech छात्र-छात्रा गिरफ्तार

     भिलाई

     छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर में बीटेक के छात्र और छात्रा को पुलिस ने सोने की चेन छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की फीस चुकाने के लिए दोनों ने अपराध को अंजाम दिया है।

    पुलिस ने बताया कि नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी की रहने वाली 62 वर्षीय वृद्धा गीता देवी के साथ चैन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया गया। प्रार्थी महिला का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने के कारण वह अधिकांश समय घर पर ही रहती हैं और सुबह-शाम नियमित रूप से टहलने जाती हैं। रविवार की सुबह करीब छह बजे वह शिवाजी पार्क की तरफ टहलने के लिए निकली थीं। उसी समय उनकी चैन छीन ली गई।

     

  • उच्च गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने के लिये बनेगी कमेटी

    उच्च गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने के लिये बनेगी कमेटी

    भोपाल 

    प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता बढ़ाने के लिये सहकारिता मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग की अध्यक्षता में मंत्रालय में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में प्रमाणित एवं हाइब्रिड बीज की उपलब्धता बढ़ाने के लिये कार्य-योजना पर चर्चा की गई।

    मंत्री  सारंग ने कहा कि दलहन के बीजों की उपलब्धता पर ध्यान दिया जाना होगा। जिस प्रकार पिछले वर्ष 5 बीजों पर बीज संघ ने काम किया था, उसी प्रकार इस वर्ष कार्य-योजना बनाई जाये। दूसरे विभागों से क्या अपेक्षाएँ हैं उस पर एक पीपीटी तैयार करें। मंत्री  सारंग ने कहा कि एक हाई लेवल कमेटी बनाकर उच्च गुणवत्ता का बीज तैयार करने और इसके लिये अन्य विभागों से समन्वय स्थापित करने की रूपरेखा तैयार की जाये। हाई लेवल कमेटी में सहकारिता, कृषि, उद्यानिकी और कृषि विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि भी शामिल हों, जो एक माह में विस्तृत रूप से कार्य कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

    बैठक में बीज उत्पादन एवं विपणन में शासकीय संस्थानों की उपादेयता, प्रमुख फसलों की बीज आवश्यकता, उपलब्धता, प्रदेश में प्रमुख फसलों का बोया गया क्षेत्रफल, फसलवार अधिक व कम उत्पादकता वाले जिले, हाइब्रिड बीज-आवश्यकता, शासकीय योगदान एवं कार्य-योजना, आगामी 5 वर्षों के लिये बीज उत्पादन कार्यक्रम, उद्यानिकी हाईब्रिड बीजों के लिये आधारभूत संरचना विकसित करने, बीज उत्पादन एवं विपणन में वर्तमान बाधाएँ एवं समाधान जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

    बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त  के.सी. गुप्ता, सहकारिता आयुक्त  दीपक सिंह, संचालक कृषि  उमाशंकर भार्गव, उप सचिव  मनोज सिन्हा और प्रबंध संचालक बीज संघ  महेन्द्र दीक्षित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

     

  • फिल्मी सितारों को भा रहा बिहार, नई नीति के बाद 15+ प्रोजेक्ट्स की तैयारी; क्षेत्रीय फिल्मों को 50% तक सब्सिडी

    फिल्मी सितारों को भा रहा बिहार, नई नीति के बाद 15+ प्रोजेक्ट्स की तैयारी; क्षेत्रीय फिल्मों को 50% तक सब्सिडी

    पटना
    पटना का जेपी गंगा पथ, कैमूर का दुर्गावती डैम, राजगीर का ग्लास ब्रिज और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व… अब ये सिर्फ घूमने की जगहें नहीं, बड़े पर्दे की नई लोकेशन बनने जा रही हैं. बिहार में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने वाली नई नीति का असर जमीन पर दिखाई देने लगा है. दिसंबर से राज्यभर में 15 से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग शुरू होने की तैयारी है. इन परियोजनाओं के जरिए करीब 100 करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद है.

    अब तक फिल्म शूटिंग में 200 करोड़ हुए खर्च
    पिछले कुछ सालों में बिहार का फिल्म कनेक्शन तेजी से मजबूत हुआ है. 2024 से अब तक राज्य में 45 से ज्यादा फिल्मों, वेब सीरीज और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स की शूटिंग या निर्माण से करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया गया है. इसका असर सिर्फ फिल्म सेट तक सीमित नहीं है. होटल, परिवहन, स्थानीय खान-पान, कलाकारों और तकनीकी टीम से जुड़े लोगों के लिए भी काम के अवसर बढ़ रहे हैं.

    इन फिल्मी कलाकारों ने दिखाई दिलचस्पी
    बिहार में शूटिंग को लेकर फिल्म इंडस्ट्री की दिलचस्पी बढ़ी है. सुनील शेट्टी, संजय मिश्रा, गोविंदा और सोनू सूद जैसे कलाकारों के राज्य में शूटिंग के लिए सहमति देने की बात सामने आई है. फिल्म निर्देशकों के मुताबिक बड़े सितारों वाली परियोजनाएं आने पर प्रोडक्शन बजट 100 करोड़ से लेकर 500 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है.

    क्षेत्रीय सिनेमा के लिए सब्सिडी का प्रावधान
    नई फिल्म प्रोत्साहन नीति में भोजपुरी, मैथिली, मगही, अंगिका और बज्जिका जैसी क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों के लिए 50 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है. जबकि हिंदी और अंग्रेजी फिल्मों को 25 प्रतिशत तक सहायता दी जाएगी. इसके अलावा राज्य में 75 प्रतिशत से ज्यादा शूटिंग करने वाली फीचर फिल्मों को प्रदर्शन में प्राथमिकता और हर एक श्रेणी में 50 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान बताया गया है.

    इन लोकेशन्स को किया गया सेलेक्ट
    जेपी गंगा पथ को कमर्शियल और गानों की शूटिंग के लिए पसंद किया जा रहा है. दुर्गावती डैम की प्राकृतिक खूबसूरती, वीटीआर के जंगल, राजगीर का ग्लास ब्रिज, नालंदा का वेणु वन और मुंगेर का भीमबांध फिल्मकारों को आकर्षित कर रहे हैं.

  • किसानों की मेहनत लाई रंग, छत्तीसगढ़ में लक्ष्य का 99% बोनी कार्य पूरा

    किसानों की मेहनत लाई रंग, छत्तीसगढ़ में लक्ष्य का 99% बोनी कार्य पूरा

    रायपुर

     प्रदेश में खेतों में बोनी का कार्य लगभग अंतिम चरण पर है। 22 सितंबर की स्थिति में राज्य के 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्रों में लक्ष्य का 99 प्रतिशत बोनी पूर्ण हो चुकी है। इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश किसानों को सुगमता से मिले खाद-बीज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में सहुलियतें प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक सहयोग करने संबंधित अधिकारियों निर्देशित किए गए हैं। उन्होंने किसानों को उनकी मांग के अनुसार सुगमता के साथ प्रमाणित खाद-बीज का वितरण करने को कहा हैं। खाद-बीज वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भण्डारण कर सतत निगरानी करने को कहा गया है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा इन पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। 

    किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित

    कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के किसानों को अब तक 13.14 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में मानसून के साथ शुरू हुए खेती-किसानी में बोनी का रकबा भी निरंतर बढ़ते जा रहा है। खेती का प्रारंभिक कार्य लगभग अंतिम चरण में है। राज्य में अब तक 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों जैसे धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल आदि की बोनी हो चुकी है, जो लक्ष्य का 99 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार ने 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा है। 

    प्रदेश में इस खरीफ सीजन में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उक्त लक्ष्य के विरूद्ध 17.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में भंडारण किया गया है। जो चालू खरीफ सीजन के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। उक्त भंडारण के विरूद्ध राज्य के किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 74 प्रतिशत है।   

    इसी प्रकार खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम द्वारा प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके विरूद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण कर अब तक 4.58 लाख क्विंटल बीज का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जो मांग का 93 प्रतिशत है। 

    प्रदेश में अब तक 1008.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्जः राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मि.मी.

    अधिकारियों ने बताया कि 22 सितंबर सुबह तक की स्थिति में प्रदेश में अब तक 1008.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। गौरतलब है कि औसत दर्ज वर्षा जिलों की आज तक की औसत वर्षा पिछले 10 वर्षाे के आधार पर 1061.6 मि.मी. से 53.5 मिली मीटर कम है। गत वर्ष इसी अवधि में 881.4 मिली मी. वर्षा दर्ज की गई थी। 

    जरूरतमंद किसानों को 8125.51 करोड़ रूपये का निःशुल्क अल्पकालीन कृषि ऋण

    कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को खेती-किसानी में सहूलियत हो इस उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्प कालीन कृषि ऋण उपलब्ध करा रहे है। चालू खरीफ सीजन 2026 के लिए 21 सितंबर की स्थिति में 8125.51 करोड़ रूपए का ऋण वितरण किया है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 6740.75 करोड़ रूपए का ऋण वितरण किया गया था। इस वर्ष किसानों को 8800 करोड़ रूपए ऋण वितरण किये जाने का लक्ष्य रखा गया है।

  • सेवा की कहानी: महतारी वंदन की राशि से यशोदा ने संवारा सिलाई का कारोबार

    सेवा की कहानी: महतारी वंदन की राशि से यशोदा ने संवारा सिलाई का कारोबार

    रायपुर

    सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनके हुनर और स्वरोजगार को आगे बढ़ाने में सहायक बन रही हैं। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सकालो की मती यशोदा प्रजापति की कहानी इसका उदाहरण है। सिलाई के हुनर को अपनी आजीविका का आधार बनाने वाली यशोदा ने महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता का उपयोग घरेलू जरूरतों के साथ बचत के लिए किया। छोटी-छोटी बचत से उन्होंने अपनी सिलाई की दुकान को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में अपनी भागीदारी मजबूत की।

    महतारी वंदन की राशि से मिली बचत और कारोबार को संबल

    यशोदा लंबे समय से सिलाई का काम कर रही हैं। सिलाई से होने वाली आय से वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने में पति का सहयोग करती हैं। महतारी वंदन योजना से नियमित आर्थिक सहायता मिलने के बाद उनके लिए अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ कुछ राशि बचा पाना भी आसान हुआ। इसी बचत का उपयोग उन्होंने अपनी सिलाई की दुकान को आगे बढ़ाने में किया।

    यशोदा बताती हैं, “महतारी वंदन का पैसा मिलता है तो उससे मुझे बहुत मदद हो जाती है। पैसे इकट्ठा करके धीरे-धीरे अपनी दुकान को आगे बढ़ाया है।”

    सिलाई से आय, बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग

    यशोदा के पति वैन चलाते हैं और उनके दो बच्चे हैं। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच यशोदा सिलाई का काम संभाल रही हैं। उनकी सिलाई से होने वाली आमदनी घर के खर्च में सहयोग देती है। वहीं महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक बन रही है।

    यशोदा का कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक संबल मिलता है। इससे वे अपनी जरूरत के अनुसार राशि का उपयोग करने के साथ भविष्य के लिए बचत भी कर सकती हैं।

    हुनर और आर्थिक संबल से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

    यशोदा के लिए महतारी वंदन योजना की आर्थिक सहायता केवल मासिक सहयोग तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके हुनर को आगे बढ़ाने का माध्यम भी बनी। सिलाई के काम से होने वाली आय और योजना से मिली आर्थिक सहायता का समझदारी से उपयोग कर वे परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं।

    यशोदा ने महतारी वंदन योजना से मिल रहे आर्थिक संबल के लिए प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनकी कहानी बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता जब महिलाओं की मेहनत, हुनर और बचत से जुड़ती है, तो यह परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को भी नई दिशा दे सकती है।

  • सहकारी बैंक के सीईओ 2 माह के अंदर अधीनस्थ सभी पैक्स का कर लें निरीक्षण: मंत्री  सारंग

    सहकारी बैंक के सीईओ 2 माह के अंदर अधीनस्थ सभी पैक्स का कर लें निरीक्षण: मंत्री सारंग

    भोपाल 

    सहकारिता मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपने अधीनस्थ सभी पैक्स का निरीक्षण 2 माह के अंदर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अपने बैंक को अपग्रेड करने की जिम्मेदारी स्वयं मुख्य कार्यपालन अधिकारी की है। वह अनुशासन और एकरूपता के साथ सफलता हासिल कर सकते हैं। बैंक में नवाचार कर एक अलग पहचान बनाई जा सकती है। मंत्री  सारंग समन्वय भवन में सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

    युवा अधिकारी पुराने अधिकारी-कर्मचारियों के अनुभव का लें लाभ

    मंत्री  सारंग ने कहा कि सीईओ के पद पर नये एवं युवा अधिकारी पदस्थ हुए हैं। उनके लिये यह प्रशिक्षण कार्यक्रम लाभप्रद सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि पुराने अधिकारी-कर्मचारियों के अनुभव का लाभ भी उन्हें लेना चाहिये और उनका सम्मान भी बनाये रखना चाहिये।  सारंग ने कहा कि सीईओ अपने कलेक्टर से सतत सम्पर्क में रहें। साथ ही जिले के अधिकारियों से बेहतर समन्वय बनाये रखें। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्था स्थापित करने के लिये अपने अधीनस्थ पैक्स को चैनेलाइज करें।

    सेवा नियमों में एकरूपता लाकर जल्द होंगे प्रमोशन

    मंत्री  सारंग ने कहा कि जल्द ही सेवा नियमों में एकरूपता लाकर प्रमोशन की कार्यवाही की जायेगी। अपेक्स बैंक में भी प्रमोशन जल्द होंगे। उन्होंने सभी सीईओ से वन-टू-वन चर्चा की। कार्यशाला में राज्य शासन द्वारा खरीफ एवं रबी की अलग-अलग साख सीमाओं के स्थान पर वर्षभर एक साख सीमा की उपलब्धता एवं नवीन किसान क्रेडिट कार्ड की ऑनलाइन/तकनीकी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यशाला में जिला बैंकों से अपेक्षाएँ, प्रक्रियाओं का सरलीकरण, कवच योजना, प्रश्न-उत्तर और फीडबेक सेशन भी हुआ।

    इस अवसर पर सहकारिता आयुक्त एवं पंजीयक  दीपक सिंह, अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक  मनोज गुप्ता, अपेक्स बैंक ट्रेनिंग कॉलेज के प्राचार्य  पी.एस. तिवारी, ‌विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी मती अरूणा दुबे,  अरूण मिश्रा, उप महाप्रबंधक  के.टी. सज्जन और अरविंद बौद्ध भी उपस्थित थे।

     

  • 22 हजार कर्मचारियों के प्रमोशन का रास्ता साफ, 45 साल के बाद CPCT अनिवार्यता में बदलाव

    22 हजार कर्मचारियों के प्रमोशन का रास्ता साफ, 45 साल के बाद CPCT अनिवार्यता में बदलाव

    भोपाल

     चतुर्थ से तृतीय श्रेणी में पदोन्नति के आड़े आ रही कम्प्यूटर दक्षता प्रमाणीकरण परीक्षा (सीपीसीटी) उत्तीर्ण होने की अनिवार्यता से कर्मचारियों को छूट देने की तैयारी है। ऐसे कर्मचारी, जिनकी आयु 45 वर्ष से अधिक हो चुकी है, उन्हें छूट दी जाएगी।

    इससे कम आयु के कर्मचारियों को सीपीसीटी करने के लिए पांच वर्ष का समय दिया जाएगा। किसी भी पदोन्नत कर्मचारी को पदावनत भी नहीं किया जाएगा। प्रदेश के लगभग 22 हजार से अधिक कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। अनुकंपा नियुक्ति वाले कर्मचारियों की भी लंबे समय से रुकी हुई पदोन्नति अब हो सकेगी।

    सामान्य प्रशासन विभाग के स्पष्टीकरण से अटकी थीं पदोन्नतियां

    प्रदेश में लगभग एक लाख अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति नियम-2025 के प्रविधान के अनुसार राज्य सरकार पदोन्नत कर चुकी है। इसमें अब तक चतुर्थ श्रेणी के वे कर्मचारी पदोन्नत नहीं हो पाए हैं, जिन्होंने सीपीसीटी उत्तीर्ण नहीं की है। इसके आधार पर कृषि, उद्योग सहित अन्य विभागों ने पदोन्नति निरस्त कर दीं।

    दरअसल, सामान्य प्रशासन विभाग ने उच्च शिक्षा विभाग द्वारा मांगे गए मार्गदर्शन के आधार पर स्पष्टीकरण जारी किया कि सीपीसीटी से छूट का कहीं कोई प्रविधान नहीं है। 2010 में पदोन्नत चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को हिंदी मुद्रलेखन परीक्षा उत्तीर्ण करने के प्रविधान से छूट दी गई थी, इसलिए जिन अधिकारियों ने गलत व्याख्या करके पदोन्नति दी हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इसके बाद किसी विभाग ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पदोन्नति नहीं दी।

    एक-दो दिन में जारी होंगे विस्तृत दिशानिर्देश

    तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने इसका विरोध करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीपीसीटी की अनिवार्यता से छूट देने की मांग की तो मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों को रास्ता निकालने के निर्देश दिए। इस पर अब यह प्रविधान किया जा रहा है कि जिन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की आयु 45 वर्ष से अधिक है, उन्हें पदोन्नति के लिए सीपीसीटी से छूट दी जाए।

    वहीं, इसे उत्तीर्ण करने की अवधि दो से बढ़ाकर पांच वर्ष करने के साथ केवल इस आधार पर किसी कर्मचारी को पदावनत नहीं किया जाएगा कि उसने सीपीसीटी उत्तीर्ण नहीं की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सीपीसीटी को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश एक-दो दिन में जारी कर दिए जाएंगे। इससे पदोन्नति में जो समस्या आ रही थी, वह दूर हो जाएगी।

  • बिजली चोरी पर शिकंजा: 41 जगह पकड़ी चोरी, 40 कनेक्शन कटे; मीटर रीडिंग में भी बड़ा फर्जीवाड़ा

    बिजली चोरी पर शिकंजा: 41 जगह पकड़ी चोरी, 40 कनेक्शन कटे; मीटर रीडिंग में भी बड़ा फर्जीवाड़ा

    लखनऊ
    यूपी के विद्युत वितरण क्षेत्र देवीपाटन मंडल में बकाया वसूली और लाइन लॉस घटाने के महा अभियान में बड़ी गड़बड़ी पकड़ी गई है। गोंडा जिले में बड़गांव खण्ड प्रथम के परसोनी बनवारा में 16853 यूनिट की स्टोर रीडिंग पकड़ी गई। रीडिंग में 16 हजार यूनिट की हेराफेरी सामने आई है। बडगांव उपखण्ड अधिकारी भरत सिंह ने संबंधित मीटर रीडर और कार्यदायी संस्था टेरासॉफ्ट के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है।

    मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ के निर्देश पर उत्तरी, खरगूपुर, चांदपुर, शिवपुरा, चरचरी, चौधरीडीह और रहवा जैसे हाई लॉस फीडरों पर 10 से 15 टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर बकाया जमा करा रही हैं और नेवर पेड उपभोक्ताओं को नोटिस दे रही हैं। नोटिस के बाद भी भुगतान न करने पर संयोजन काटे जाएंगे। जांच में गोण्डा में 15, बहराइच में 12 और बलरामपुर-श्रावस्ती में 14 कुल 41 जगह बिजली चोरी पकड़ी गई, जिन पर एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को गोंडा जिले में 743 नोटिस पर 44.47 लाख, बहराइच में 790 नोटिस पर 65.17 लाख और बलरामपुर-श्रावस्ती में 939 नोटिस पर 55.13 लाख की वसूली हुई। मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने कहा कि बकाया बिलों का समय से भुगतान कर उपभोक्ता विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें। उन्होंने दो टूक कहा कि विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने, स्टोर रीडिंग करने वाले को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

    रामापुर में 40 कनेक्शन काटे :
    अधिशासी अभियंता रणबीर सिंह के निर्देश पर विद्युत दुबहा गांव में सघन विद्युत चेकिंग अभियान एवं राजस्व वसूली कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्रवाई से बकायादारों और बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा रहा। अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीम ने बड़े पैमाने पर जांच की। बकाया भुगतान न करने पर लगभग 40 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। वहीं, 15 उपभोक्ताओं ने कार्रवाई से बचते हुए मौके पर ही 65,000 रुपये का राजस्व जमा कराया। जांच के दौरान 5 उपभोक्ताओं के मीटर में रीडिंग स्टोर पाई गई, जिसे टीम ने मौके पर ही अपडेट कर नया बिल जारी किया। अवर अभियंता अर्जुन कुमार पाल ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति ने बिना बकाया जमा किए चोरी से दोबारा केबल जोड़ने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    छोटे फाल्ट को ठीक करने में लग रहे 14 से 20 घंटे, लोग परेशान
    परसपुर में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कटौती को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी है। नगर के गिरीश नारायण सिंह सहित अन्य उपभोक्ताओं का कहना है आए दिन रात करीब 9-10 बजे लाइन में फाल्ट होने से बिजली कट जाती है। छोटे फाल्ट को ठीक करने में भी 14 से 20 घंटे तक का समय लग जा रहा है। गर्मी में रातभर बिजली न रहने से वृद्धों, बीमारों और छोटे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बताते हैं कुछ प्रभावशाली लोगों के कनेक्शन को दूसरे फेस से जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है, जबकि उड़े वाले फेस से जुड़े सैकड़ों परिवार पूरी रात बिजली के इंतजार में रात काटनी पड़ रही हैं। कुछ सक्षम लोग मजबूरी में जनरेटर चलाते हैं, जिससे ध्वनि और वायु प्रदूषण की समस्या भी बढ़ती है। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से मांग की है कि फाल्ट होने पर तत्काल मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल हो। साथ ही चेतावनी दी है कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नगरवासी उच्च अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि से शिकायत करेंगे।

  • बैटरी चलित ट्रायसायकल से बदला 75% अस्थिबाधित सोमारू का जीवन, मिली आत्मनिर्भरता की नई उड़ान

    बैटरी चलित ट्रायसायकल से बदला 75% अस्थिबाधित सोमारू का जीवन, मिली आत्मनिर्भरता की नई उड़ान

    सरकार की संवेदनशील पहल

     बैटरी चलित ट्रायसायकल से बदला 75% अस्थिबाधित सोमारू का जीवन, मिली आत्मनिर्भरता की नई उड़ान

    ​रायपुर

            समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांगजन हितैषी योजनाएं प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद का नया उजाला भर रही हैं। नारायणपुर जिले के नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुडरीपारा निवासी 47 वर्षीय सोमारू नेताम की कहानी इस बात का जीवंत प्रमाण है कि कैसे एक शासकीय योजना ने न सिर्फ एक व्यक्ति की शारीरिक बाधाओं को दूर किया, बल्कि उन्हें समाज में स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता के साथ जीने का संबल भी दिया।
          ​ग्राम गुडरीपारा निवासी सोमारू नेताम, पिता श्री चैतराम, 75 प्रतिशत अस्थिबाधित दिव्यांगता से ग्रस्त हैं। इस गंभीर दिव्यांगता के कारण उनका जीवन लंबे समय तक काफी कठिनाइयों से भरा रहा। चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ होने की वजह से उनकी दिनचर्या बेहद सीमित होकर रह गई थी। घर से बाहर निकलने से लेकर दैनिक आवश्यकताओं के सामान के लिए बाजार जाने या स्वास्थ्य जांच हेतु अस्पताल पहुंचने तक, हर छोटे-बड़े काम के लिए उन्हें अपने परिवार के सदस्यों या ग्रामीणों की मदद पर निर्भर रहना पड़ता था। दूसरों पर इस लगातार निर्भरता ने न केवल उनके आवागमन को बाधित किया था, बल्कि उनके भीतर के आत्मविश्वास को भी प्रभावित कर रखा था।
           ​सोमारू के इस कठिन जीवन संघर्ष को आसान बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग की 'बैटरी चलित (मोटराइज्ड) ट्रायसायकल प्रदाय योजना' एक वरदान बनकर सामने आई। विभाग द्वारा संवेदनशीलता से पहल करते हुए सोमारू नेताम को एक आधुनिक बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई। यह ट्रायसायकल मिलते ही सोमारू के दैनिक जीवन की तस्वीर रातों-रात बदल गई।
            ​अब सोमारू को अपनी छोटी से छोटी जरूरतों के लिए किसी दूसरे का इंतजार नहीं करना पड़ता। वे बिना किसी सहायता के अपने घर से खुद ट्रायसायकल चलाकर बाजार, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थानों तक बेहद आसानी से आवागमन कर रहे हैं। इस सुविधा ने उनकी गतिशीलता को कई गुना बढ़ा दिया है, जिससे न केवल उनके समय और श्रम की बचत हो रही है, बल्कि परिवार के सदस्यों पर से भी उनकी निर्भरता काफी कम हो गई है।
    ​स्वतंत्र रूप से आवागमन करने की इस आजादी ने सोमारू के आत्मबल को एक नई ऊंचाई दी है। वे अब न केवल अपने व्यक्तिगत कार्य स्वयं निपटा रहे हैं, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी अधिक सहजता और उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। अपनी खुशी व्यक्त करते हुए सोमारू बताते हैं कि बैटरी चालित ट्रायसायकल उनके लिए महज एक वाहन नहीं, बल्कि स्वतंत्र और सम्मानजनक जीवन जीने का सबसे बड़ा सहारा है। इसने उनकी जिंदगी को सुगम बनाकर भविष्य के प्रति उनका नजरिया पूरी तरह बदल दिया है।
          ​दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय  सरकार की यह योजनाएं असल मायने में जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। सोमारू नेताम की यह प्रेरणादायक कहानी इस बात का सशक्त उदाहरण है कि जब शासकीय योजनाएं सही समय पर सही हितग्राही तक पहुंचती हैं, तो वे जीवन में आत्मनिर्भरता, सम्मान और सामाजिक सहभागिता के नए दरवाजे खोल देती हैं।