Author: NewseDay

  • अभिषेक शर्मा का महारिकॉर्ड, T20 इंटरनेशनल में छक्के जड़ने के मामले में निकले आगे

    अभिषेक शर्मा का महारिकॉर्ड, T20 इंटरनेशनल में छक्के जड़ने के मामले में निकले आगे

     हैदराबाद
      
    भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में 24 रनों से हार झेलनी पड़ी. 14 अक्टूबर (बुधवार) को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारतीय टीम के सामने 248 रनों का टारगेट सेट किया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 223 रनों पर सिमट गई. इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली। 

    हैदराबाद टी20 में अभिषेक शर्मा से तूफानी प्रदर्शन की उम्मीद थी. हालांकि उन्होंने निराश किया.अभिषेक ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 24 बॉल पर 29 रन बनाए. इस छोटी से पारी के दौरान अभिषेक ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली. अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में किसी फुल मेम्बर टीम की ओर से एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. अभिषेक ने इस साल टी20 इंटरनेशनल में 69 छक्के लगाए हैं और वो अब सूर्यकुमार यादव से आगे निकल चुके हैं। 

    सूर्यकुमार ने 2022 में 68 छक्के लगाए थे. खास बात यह है कि इस साल खराब फॉर्म के दौर से गुजरने के बावजूद बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने छक्कों के मामले में नया मुकाम हासिल किया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक ने अपनी पहली बाउंड्री 7वीं गेंद पर लगाया. शुरुआती ओवरों में संजू सैमसन ने ज्यादा स्ट्राइक अपने पास रखा, जबकि कैरेबियाई गेंदबाजों ने अभिषेक को खुलकर खेलने से रोके रखा. पावरप्ले के बाद उनका स्ट्राइक रेट भी 100 से नीचे था. नौवें ओवर में शमर स्प्रिंगर की गेंद पर अभिषेक ने आगे बढ़कर जोरदार छक्का लगाया. इसी शॉट के साथ उन्होंने सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया। 

    अभिषेक शर्मा ने 2026 की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की थी. न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में उन्होंने 35 गेंदों पर 84 रन बनाए, जिसमें आठ छक्के शामिल थे. इसके बाद गुवाहाटी में 20 गेंदों पर नाबाद 68 रनों की पारी खेली और पांच छक्के जड़े. हालांकि, इसके बाद उनका बल्ला कुछ समय तक खामोश रहा. वो कई मौकों पर अपना खाता नहीं खोल पाए. इसके बावजूद अभिषेक ने दमदार वापसी करते हुए छक्कों का नया रिकॉर्ड बना दिया। 

    शाई होप का तूफानी शतक
    मुकाबले में वेस्टइंडीज ने शाई होप की नाबाद 102 रनों की पारी के दम पर तीन विकेट पर 247 रन बनाए. होप ने 50 गेंदों का सामना किया और पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया. यह मौजूदा दौरे पर उनका चौथा और टी20 इंटरनेशनल करियर का तीसरा शतक था. शेरफेन रदरफोर्ड ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए. दोनों ने चौथे विकेट के लिए सिर्फ 43 गेंदों में 91 रनax की साझेदारी कर वेस्टइंडीज को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। 

    भारतीय गेंदबाजों के लिए दिन मुश्किल रहा. मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने चार-चार ओवरों में 52 रन दिए, जबकि फील्डिंग में कुछ मौके गंवाने से भी टीम को नुकसान हुआ. वेस्टइंडीज ने अपनी पारी में 16 छक्के लगाए. साथ ही भारतीय टीम ने 18 अतिरिक्त रन दिए, जिसका फायदा मेहमान टीम को मिला। 

  • परविंदर झोटा हत्याकांड में बढ़ा आरोपियों का दायरा, नीलम समेत तीन और लोगों के नाम शामिल

    परविंदर झोटा हत्याकांड में बढ़ा आरोपियों का दायरा, नीलम समेत तीन और लोगों के नाम शामिल

    मानसा.

    मानसा से चर्चा में आए परविंदर झोटा हत्याकांड में पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी और मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी कुमार के बाद अब उसकी पत्नी नीलम रानी का नाम भी नामजद कर दिया गया है।

    नीलम के अलावा अश्विनी के दो अन्य एसोसिएट लाडी बरनाला और विपिन गर्ग का नाम भी FIR में जोड़ दिया गया है। पुलिस अब इन सभी की भूमिका की भी गहराई से छानबीन कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जब आरोपी अश्विनी कुमार ने केमस्टि शॉप के अंदर परविंदर झोटा पर गोली चलाई थी, उस दौरान वह अपने मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति से लगातार बातचीत कर रहा था। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के वक्त आरोपी की बात किससे हो रही थी।
    डीआईजी ने वारदात के बारे में जानकारी दी –
    झोटा की हत्या के बारे में बात करते हुए बठिंडा रेंज के डीआईजी हरजीत सिंह ने कहा, "शुरुआती जांच में पता चला है कि अश्वनी नामक एक दवा दुकान के मालिक ने नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा पर अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलाई. परविंदर सिंह मानसा में नशा-विरोधी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे थे." अभियुक्त को पकड़ने के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की थीं. बीबीसी संवाददाता चरणजीव कौशल ने बताया कि फोरेंसिक टीमें भी घटनास्थल की जांच कर रही हैं. इस बीच, मानसा में डीसी दफ़्तर के बाहर हत्या के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हो रहा है. प्रदर्शनकारी हत्या के सभी अभियुक्तों की गिरफ़्तारी, मामले में कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं.

  • सरकारी स्कूलों में बच्चों के कमजोर प्रदर्शन पर कार्रवाई की तैयारी, दुर्ग के प्राचार्यों से मांगा स्पष्टीकरण

    सरकारी स्कूलों में बच्चों के कमजोर प्रदर्शन पर कार्रवाई की तैयारी, दुर्ग के प्राचार्यों से मांगा स्पष्टीकरण

    दुर्ग.

    सरकारी स्कूलों के तिमाही परीक्षा का रिजल्ट अपेक्षाकृत कमजोर है। बच्चों के निराशाजनक प्रदर्शन से शिक्षा विभाग की चिंताएं बढ़ गई है। दुर्ग ब्लॉक के स्कूलों की तिमाही परीक्षा परिणाम की समीक्षा बुधवार को जेआरडी स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह द्वारा की गई।

    कमजोर रिजल्ट का जवाब संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों से लिया गया। कई प्राचार्यों ने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति नहीं होने से परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं आया। वहीं, कुछ प्राचार्य ने उत्तर पुस्तिकाओं की कड़ाई से जांच जाने का हवाला दिया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने दो टूक कहा कि उत्तर पुस्तिकाएं सामान्य रूप से जांची जाए, न कि किसी पूर्वाग्रह से। समीक्षा के दौरान पता चला कि दुर्ग ब्लॉक की स्कूलों में तिमाही परीक्षा बारहवीं का औसत रिजल्ट 63% तथा दसवीं का 58% रहा है। दुर्ग ब्लॉक के 20 स्कूलों में दसवीं कक्षा का रिजल्ट 60% से कम आया है। वहीं 12वीं में 28 स्कूलों का रिजल्ट 60% से कम है। इस बार 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं फरवरी माह में होगी। इस वजह से तिमाही परीक्षा के बाद पूरे सिलेबस से अर्धवार्षिक परीक्षा ली जाएगी।

    कमजोर परीक्षा परिणाम के बारे में दबे स्वर में ये बातें भी सामने उभर कर आई कि स्कूलों में शैक्षणिक कार्यों के अलावा अनावश्यक रूप से कई गतिविधियां की संचालित की जाती है, जिसका पढ़ाई से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं होता। इससे बच्चों का ज्यादा समय भी बर्बाद होता है। बहरहाल डीईओ ने कमजोर बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें सीमित पाठ्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लिखने की प्रैक्टिस करने कहा। माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर अपलोड स्टडी मैटेरियल की तैयारी करने जोर दिए गए। समीक्षा के दौरान सहायक संचालक अमित घोष एवं दुर्ग ब्लॉक के प्राचार्य मौजूद थे।

  • राजभर का तंज- 2024 में एक ही परिवार के पांच सांसद जीते, तब चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल क्यों नहीं उठाए?

    राजभर का तंज- 2024 में एक ही परिवार के पांच सांसद जीते, तब चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल क्यों नहीं उठाए?

    अखिलेश बताएं, सपा जीते तो चुनाव निष्पक्ष और हारे तो बेईमानी कैसे : राजभर
     
    कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा- 2024 का लोकसभा चुनाव ईमानदारी से हुआ था या नहीं?

     राजभर का तंज- 2024 में एक ही परिवार के पांच सांसद जीते, तब चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल क्यों नहीं उठाए?
     
    2017, 2019 और 2022 में सपा हारी तो चुनाव गलत, 2024 में 37 सांसद जीत गए तो सब 'ऑल इज वेल' हो गया

     2027 में साइकिल का टायर पंचर नहीं, फटेगा, अभी से हार के बहाने तलाश रहे अखिलेश : राजभर
     
    लखनऊ

    उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाने को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राजभर ने अखिलेश से पूछा कि 2024 का लोकसभा चुनाव ईमानदारी से हुआ था या नहीं? उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव, 2019 के लोकसभा चुनाव और 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा को हार मिली, लेकिन 2024 में उसके 37 सांसद जीतकर दिल्ली पहुंच गए। ऐसे में चार में से तीन चुनाव गलत और एक चुनाव सही कैसे हो सकता है?
     
    राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि केंद्र में 2014 से अब तक भाजपा की ही सरकार है। फिर ऐसा कैसे हो सकता है कि जिन चुनावों में सपा हारी, वे गलत हो गए और जिस चुनाव में जीत मिली, वह सही हो गया? उन्होंने सवाल किया कि 2024 में समाजवादी पार्टी के 37 सांसद जीतकर दिल्ली कैसे पहुंच गए? इनमें पांच सांसद तो अखिलेश के अपने परिवार से थे। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि जब सपा को उसकी हैसियत से ज्यादा सीटें मिल गईं, तब सब 'ऑल इज वेल' हो गया।
     
    कैबिनेट मंत्री ने अखिलेश यादव पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि या तो 2024 के चुनाव में उनके वोटर फर्जी थे या फिर वह आज सरेआम अफवाहबाजी कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि एसी, पीसी और ट्विटर ने अखिलेश को बहका दिया है।
     
    2027 में साइकिल का रिम-फ्रेम भी टेढ़ा होगा
     
    राजभर ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि अब नवाबी के दिन हवा हो गए हैं। 2027 में सपा की साइकिल का टायर पंचर नहीं, बल्कि फटने जा रहा है। इस बार साइकिल का रिम और फ्रेम भी टेढ़ा होने वाला है।
     
    उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव आगामी विधानसभा चुनाव में हार की आशंका से अभी से भूमिका बनाने और बहाने तलाशने में जुट गए हैं। राजभर ने कहा कि अखिलेश यह बात अच्छी तरह समझ चुके हैं, इसलिए पहले से बहाना खोजकर रख रहे हैं ताकि बाद में अपने समर्थकों के सामने जवाब देने से बच सकें। उन्होंने पोस्ट के अंत में तंज कसते हुए लिखा, 'कुछ आंसू बचाके रखिए। सत्ताइस में सपा साफ है अखिलेश जी।'

  • कृषि विवि के 666 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री, राज्यपाल करेंगे समारोह में शिरकत; CPU का उद्घाटन भी होगा

    कृषि विवि के 666 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री, राज्यपाल करेंगे समारोह में शिरकत; CPU का उद्घाटन भी होगा

     ग्वालियर

    ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह गुरुवार (15 अक्टूबर) को होगा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में दोपहर 3:30 बजे विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 

    कार्यक्रम में प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।​

    समारोह से पहले होगा लोकार्पण
    दीक्षांत समारोह से 15 मिनट पहले, दोपहर 3:15 बजे राज्यपाल मंगुभाई पटेल कृषि महाविद्यालय स्थित सीएआईआई (CAII) में नवीन सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट (CPU) का लोकार्पण करेंगे।

    345 स्नातक और 294 स्नातकोत्तर विद्यार्थी
    समारोह में कुल 666 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। इनमें 345 स्नातक (UG), 294 स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थी और 27 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं।

    चार विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इनमें स्नातक के दो विद्यार्थी और स्नातकोत्तर व पीएचडी के एक-एक विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा, तीन विद्यार्थियों को ‘सिरताज बहादुर सिन्हा स्मृति नगद पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

    एक साल में डिग्री पूरी करने वाले होंगे सम्मानित
    कुलगुरु प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला ने बताया कि समारोह में 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 के बीच डिग्री पूरी करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। इस मौके पर विद्यार्थियों के साथ उनके परिजन भी सभागार में मौजूद रहेंगे।

     

  • शेयर बाजार में लौटी रौनक, IT स्टॉक्स में तेजी से झूमे निवेशक

    शेयर बाजार में लौटी रौनक, IT स्टॉक्स में तेजी से झूमे निवेशक

    मुंबई 
    शेयर बाजार में तेजी जारी है. गुरुवार को मार्केट ओपन होने के साथ ही दोनों इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी ग्रीन जोन में ओपन हुए. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स ओपनिंग के बाद कुछ ही देर में 600 अंक से ज्यादा की छलांग लगा गया, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स भी तेज शुरुआत करते हुए 22,700 के पार निकल गया. बाजार की तेजी के बीच आईटी शेयर गदर मचाते हुए नजर आए. टेक महिंद्रा से लेकर टीसीएस और इंफोसिस तक के स्टॉक्स में जोरदार तेजी देखने को मिली। 

    Sensex-Nifty की तेज शुरुआत 
    सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स-निफ्टी ने तेज शुरुआत की और जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा ये तेज होती चली गई. बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले कारोबारी बंद 72,781 की तुलना में तेजी लेकर 72,965 पर ओपन हुआ और फिर करीब 650 अंकों की तेज उछाल के साथ 72,426 पर पहुंच गया। 

    एनएसई निफ्टी इंडेक्स की बात करें, तो ये भी सेंसेक्स के कदम से कदम मिलाकर चलते हुए नजर आया और अपने पिछले बंद 22,622 की तुलना में तेजी लेकर 22,671 पर ओपन हुआ. ओपनिंग के बाद इसकी रफ्तार भी तेज होती चली गई और महज कुछ ही मिनटों में ये 22,800 के लेवल के पार कारोबार करता हुआ नजर आया। 

    ग्लोबल सिग्नल वीक, फिर भी तेजी
    बता दें कि गुरुवार को सुस्त वैश्विक संकेतों के बावजूद शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है. शुरुआती कारोबार के दौरान लगभग 1097 शेयरों ने अपने पिछले कारोबारी बंद की तुलना में उछाल के साथ तेज शुरुआत की, तो वहीं 1141 शेयरों ने गिरावट के साथ कारोबार शुरू किया. इसके अलावा 181 शेयरों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ। 

    निफ्टी पर ओपनिंग के साथ सबसे ज्यादा बढ़त दिखाने वाले शेयरों में TCS, HCL टेक्नोलॉजीज, टाटा कंज्यूमर, ICICI बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल थे, जबकि गिरावट दिखाने वाले स्टॉक्स में टाटा ट्रेंट, L&T, श्रीराम फाइनेंस और BSE लिमिटेड शामिल रहे। 

    IT शेयरों ने मचाया गदर
    शेयर बाजार में गुरुवार को आई तेजी को
    सपोर्ट करने में सबसे अहम रोल आईटी कंपनियों के शेयरों का रहा. बीएसई लार्जकैप में शामिल Tech Mahindra Share (3%), TCS Share (2.70%), Infosys Share (2.50%), HCL Tech Share (2%) की तेजी लेकर कारोबार करता दिखा. इसके अलावा मिडकैप कैटेगरी में Persistent Share (1.70%), KEI Share (1.36%) की उछाल में नजर आए। 

    अन्य शेयरों में Bharti Airtel Share (2.70%), ICICI Bank Share (1.70%), ITC Share (1.50%), Axis Bank Share (1.30%) की तेजी लिए हुए थे। 

  • छत्तीसगढ़ के कृष्ण अग्रवाल ने बढ़ाया रायगढ़ का मान, राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में मिला सम्मान

    छत्तीसगढ़ के कृष्ण अग्रवाल ने बढ़ाया रायगढ़ का मान, राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में मिला सम्मान

    रायगढ़ के छात्र कृष्ण अग्रवाल को 12वें राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में मिला सम्मान

    केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया सम्मानित, बच्चों की सुरक्षा के लिए विकसित किया अनूठा इलेक्ट्रिक प्रेस मॉडल

    छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाएं नवाचार और विज्ञान के क्षेत्र में बढ़ा रही हैं प्रदेश का गौरव – शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

    रायपुर, 
     छत्तीसगढ़ के होनहार छात्र कृष्ण अग्रवाल ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। रायगढ़ जिले के जिंदल पब्लिक स्कूल के छात्र कृष्ण अग्रवाल को नई दिल्ली में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता (NLEPC-2026) में उनके अभिनव प्रोजेक्ट फ्लिप इलेक्ट्रिक आयरन फॉर चाइल्ड सेफ्टी (Flip Electric Iron For Child Safety) के लिए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के होनहार छात्र कृष्ण अग्रवाल की इस उपलब्धि के लिए शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बधाई दी।

    विद्यार्थी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं

                स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने छात्र कृष्ण अग्रवाल की इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों में प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की अपार संभावनाएं हैं। कृष्ण अग्रवाल ने अपने उपयोगी नवाचार के माध्यम से यह साबित किया है कि हमारे विद्यार्थी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं। शिक्षा मंत्री ने कृष्ण के साथ उनके अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कृष्ण अग्रवाल की सफलता छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

    विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है

                शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

    बच्चों को गर्म इलेक्ट्रिक प्रेस से जलने से बचाएगा नवाचार

               छात्र कृष्ण अग्रवाल ने ‘Flip Electric Iron For Child Safety’ नामक अभिनव मॉडल विकसित किया है। इसका उद्देश्य घरों में उपयोग होने वाली गर्म इलेक्ट्रिक प्रेस से छोटे बच्चों को जलने की दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखना है। इस मॉडल में ऑटो-फ्लिप तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे प्रेस को छोड़ने पर उसका गर्म हिस्सा ऊपर की ओर हो जाता है। इसके साथ ही 30 सेकंड में स्वचालित रूप से बंद होने की सुविधा और चाइल्ड लॉक जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं भी शामिल की गई हैं। कम लागत में तैयार यह मॉडल घरेलू सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी साबित हो सकता है।

    80 हजार नवाचार विचारों में से शीर्ष 62 में बनाई जगह

               छत्तीसगढ़ से प्रस्तुत लगभग 80 हजार नवाचार विचारों में कृष्ण अग्रवाल के मॉडल का चयन शीर्ष 62 नवाचारों में हुआ। उनके प्रोजेक्ट को इंस्पायर मानक -2026 के संकलन में भी स्थान मिला है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत से जुड़ी इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित किया जाता है।

  • साधारण बैग में छिपी थी 36 लाख की चांदी, शख्स को देखकर चौंक गए अधिकारी

    साधारण बैग में छिपी थी 36 लाख की चांदी, शख्स को देखकर चौंक गए अधिकारी

     गया

    बिहार के गया रेलवे जंक्शन पर अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर एक संदिग्ध यात्री की तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से 14.835 किलोग्राम चांदी बरामद की है. इस चांदी की बाजार में कीमत करीब 36 लाख रुपये है. पुलिस ने यात्री को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की सूचना आयकर विभाग को दी है। 

    पुलिस का कहना है कि गया जंक्शन पर पिछले कई दिनों से रेल थाना प्रभारी बनारसी यादव के नेतृत्व में ऑपरेशन सतर्क चलाया जा रहा है. इसके तहत पूरे जंक्शन परिसर सभी प्लेटफॉर्मों यार्ड और सर्कुलेटिंग एरिया में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. इसी को लेकर रेल पुलिस गश्त पर थी। 

    चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर एक यात्री पीठ पर एक बड़ा पिट्ठू बैग लेकर तेज कदमों से बाहर की ओर जाता हुआ नजर आया. उसके हाव-भाव और जल्दबाजी देखकर जवानों को उस पर शक हुआ. पुलिस ने उसे रोक लिया और उसके बैग की तलाशी ली. तलाशी के दौरान बैग से पुलिस ने 14.853 किलोग्राम चांदी के जेवर और चांदी के टुकड़े बरामद हुए. जिन्हें देखकर पुलिस अफसर भी हैरान रह गए। 

    इसके बाद रेल पुलिस ने उस यात्री से बरामद जेवरात के कागजात, बिल, जीएसटी की रसीद और ले जाने की अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका. जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गया रेल थाने ले आई. थाने में की गई पूछताछ में यात्री ने अपनी पहचान जमशेद अली मलिक के रूप में बताई। 

    उसने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के दासपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह यह सारी चांदी गया से लेकर पश्चिम बंगाल बेचने के लिए जा रहा था. इस मामले में रेल थाना प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि यह मामला टैक्स चोरी और अवैध तस्करी का है. बिना किसी वैध कागजातों के इतनी बड़ी मात्रा में चांदी ले जाना अपराध है. बरामद सभी जेवरात को जब्त कर लिया गया है और इस पूरे मामले की लिखित सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है, ताकि टैक्स चोरी के एंगल से भी जांच की जा सके. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार यात्री से यह पता लगाने में जुटी है कि यह चांदी गया में कहां से लाई गई थी। 

  • सुरक्षित मातृत्व सेवाओं को मजबूत करने की पहल, सुमन रोडमैप-2030 पर चर्चा

    सुरक्षित मातृत्व सेवाओं को मजबूत करने की पहल, सुमन रोडमैप-2030 पर चर्चा

    सुरक्षित मातृत्व सेवाओं से मातृ मृत्यु दर शून्य करने पर हुआ मंथन

    सुमन रोडमैप-2030 पर हुई कार्यशाला

    भोपाल

    राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश द्वारा यूएनएफपीए मध्यप्रदेश के सहयोग से सुमन रोडमैप 2030 – देखभाल की निरंतरता में तेजी विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व देखभाल, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान एवं प्रबंधन, प्रसव कक्षों में गुणवत्ता सुधार, प्रसूति संबंधी जटिलताओं के प्रभावी प्रबंधन तथा मातृ मृत्यु निगरानी एवं प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। कार्यशाला का उद्देश्य सुमन के तहत निर्धारित लक्ष्यों को जिला स्तर पर प्रभावी कार्ययोजनाओं में परिवर्तित कर प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराना तथा रोकथाम योग्य मातृ मृत्यु को शून्य करना है। एनएचएम मध्यप्रदेश एवं यूएनएफपीए ने इस दिशा में जिलों को तकनीकी एवं कार्यक्रम संबंधी सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

    कार्यशाला को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अपर आयुक्त डॉ. पवन कुमार ने वर्चुअल संबोधित किया। आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा धनराजू एस, मिशन संचालक एनएचएम डॉ. सलोनी सिडाना एवं मातृ स्वास्थ्य की वरिष्ठ संयुक्त संचालक डॉ. अर्चना मिश्रा ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की रणनीति पर विचार साझा किए। कार्यशाला में प्रदेश के सभी 52 जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी तथा कार्यक्रम प्रबंधक शामिल हुए।

     

  • 25 अक्टूबर को पीएम मोदी के हाथों लोकार्पण प्रस्तावित, योगी ने नई औद्योगिक इकाई का लिया जायजा

    25 अक्टूबर को पीएम मोदी के हाथों लोकार्पण प्रस्तावित, योगी ने नई औद्योगिक इकाई का लिया जायजा

    अरविंद लिमिटेड की नई इकाई का मुख्यमंत्री योगी ने किया निरीक्षण, 25 अक्टूबर को पीएम मोदी के हाथों लोकार्पण है प्रस्तावित 

    सात एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित इकाई में 150 करोड़ रुपये का निवेश, एक हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

    वाराणसी,
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी दौरे के दौरान मिर्जामुराद स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने 25 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने इकाई में चल रही व्यवस्थाओं को देखा और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में उतरा। यहां से वह अरविंद लिमिटेड की नई फैक्ट्री पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली।

    150 करोड़ रुपये का निवेश, एक हजार से अधिक रोजगार के अवसर

    मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहे के पास खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर अरविंद लिमिटेड की नई इकाई स्थापित की गई है। इस परियोजना की लागत लगभग ₹150 करोड़ है। इकाई के संचालन से एक हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। फिलहाल कंपनी में काम करने वाली करीब 300 महिलाओं को इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं से संवाद कर प्रशिक्षण और कामकाज से जुड़ी जानकारी ली।

    इस नई इकाई में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी भविष्य में निवेश के दूसरे चरण की भी योजना बना रही है। अरविंद लिमिटेड देश में लोकप्रिय ब्रांडों के लिए कपड़े तैयार करती है। इनमें जॉकी, यूएस पोलो, एरो सहित अन्य ब्रांडों के पैंट, शर्ट, टी-शर्ट और जींस जैसे परिधान शामिल हैं। इस इकाई का भूमिपूजन 25 अप्रैल 2024 को हुआ था। अब 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना से वाराणसी और आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे ।

    निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अरविंद मिल के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।