Author: NewseDay

  • फसलों के नुकसान की होगी भरपाई, सोमवार को गोरखपुर से किसानों के खातों में धनराशि भेजेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    फसलों के नुकसान की होगी भरपाई, सोमवार को गोरखपुर से किसानों के खातों में धनराशि भेजेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    गोरखपुर
    किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार (12 अक्टूबर) को प्रतिकूल मौसम (बाढ़, अतिवृष्टि) से फसलों का नुकसान उठाने वाले प्रदेशभर के किसानों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में 483 करोड़ रुपये की धनराशि निर्गत करेंगे। राज्य के 9 लाख 18 हजार 91 किसानों को डीबीटी के माध्यम से मिलने वाले कृषि निवेश अनुदान को निर्गत करने का कार्यक्रम गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में सोमवार पूर्वाह्न होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

    सुपर अल नीनो और अन्य पर्यावरणीय बदलावों के चलते प्रदेश में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, चक्रवात व बाढ़ का सामना करना पड़ा है। सबसे अधिक नुकसान सितंबर के अंतिम सप्ताह में आए अर्नव चक्रवात से हुआ। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। जारी वित्तीय वर्ष की पहली तारीख से लेकर 9 अक्टूबर तक 9 लाख 18 हजार 91 ऐसे किसान चिन्हित किए गए हैं जिनकी फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बाढ़ समाप्त होने के तत्काल बाद पूरी तत्परता से योगी सरकार की तरफ से 493 करोड़ रुपये फसल क्षति के कृषि निवेश अनुदान के रूप में निर्गत किया जा रहा है।  

    राहत आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में बाढ़, चक्रवात, ओलावृष्टि के कारण होने वाली फसल क्षति के सापेक्ष 169 करोड़ रुपए कृषि निवेश अनुदान हेतु अग्रिम रूप से जनपदों को निर्गत किया जा चुका है। 1 लाख 29 हजार 326 किसानों को फसल क्षति के सापेक्ष 78.75 करोड़ रुपये का कृषि निवेश अनुदान दिया जा चुका है। इसी क्रम में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति के प्रकरणों में प्रभावित परिवारों को 225.93 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है।

  • गेहूं की फसल 58.52% खराब, फिर भी नहीं मिला बीमा क्लेम; अब बैंक और कंपनी को 45 दिन में करना होगा भुगतान

    गेहूं की फसल 58.52% खराब, फिर भी नहीं मिला बीमा क्लेम; अब बैंक और कंपनी को 45 दिन में करना होगा भुगतान

     कुरुक्षेत्र
     प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गेहूं की फसल का बीमा करवाने के बावजूद क्लेम नहीं मिलने पर गांव बसंतपुर की किसान अमरजीत कौर को जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग से राहत मिली है। आयोग ने बीमा कंपनी और बैंक की लापरवाही को सेवा में कमी मानते हुए दोनों को संयुक्त रूप से किसान को 43,870 रुपये मुआवजा देने के आदेश दिए हैं।

    इसके साथ ही मानसिक परेशानी के लिए 10 हजार रुपये और कानूनी खर्च के रूप में पांच हजार रुपये भी देने होंगे। मुआवजे की राशि पर शिकायत दायर करने की तारीख से भुगतान होने तक सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा। आयोग ने सभी निर्धारित राशियों का भुगतान 45 दिन के भीतर करने के निर्देश दिए हैं।

    तीन एकड़ गेहूं की फसल को हुआ था नुकसान
    बसंतपुर निवासी अमरजीत कौर ने आयोग में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके पास गांव में तीन एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने रबी सीजन 2021-22 में तीन एकड़ में गेहूं की फसल बोई थी और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाया था।

    इसके लिए उनके बैंक खाते से 1,202.92 रुपये प्रीमियम काटा गया था। मार्च 2022 में भारी बारिश के कारण फसल को नुकसान पहुंचा। इसके बाद कृषि विभाग की टीम ने खेतों का निरीक्षण किया और फसल नुकसान 58.52 प्रतिशत आंका।

    इसके बावजूद किसान को बीमा क्लेम नहीं मिला। बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी राहत नहीं मिलने पर उन्होंने उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया।

    पोर्टल पर विवरण अपलोड नहीं करने का दिया तर्क
    मामले में बीमा कंपनी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि बैंक ने किसान के आवेदन के साथ जरूरी यूटीआर नंबर राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया था। इस कारण आवेदन का स्टेटस फ्रेश/अनपेड रहा। कंपनी के अनुसार, 2,63,443.21 रुपये की समेकित प्रीमियम राशि 24 अगस्त 2022 को बैंक को वापस कर दी गई थी।

    वहीं, बैंक ने दलील दी कि उसने प्रीमियम बीमा कंपनी को भेज दिया था और क्लेम देने की जिम्मेदारी बीमा कंपनी की थी। कृषि विभाग ने भी अपने रिकार्ड में फसल नुकसान का आंकलन किए जाने की पुष्टि की।

    किसान की गलती नहीं, दोनों की जिम्मेदारी
    आयोग की अध्यक्ष नीलम कश्यप तथा सदस्य नीलम और सुनील मोहन त्रिखा की पीठ ने 18 सितंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए कहा कि किसान के खाते से प्रीमियम काटने के बाद बैंक की जिम्मेदारी थी कि वह निर्धारित समय में पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड करे।

    वहीं, बीमा कंपनी को भी तय अवधि में दस्तावेजों का सत्यापन कर किसी कमी की जानकारी संबंधित विभाग को देनी चाहिए थी। आयोग ने माना कि किसान का पोर्टल पर विवरण अपलोड करने की प्रक्रिया में कोई नियंत्रण नहीं था।

    इसलिए बैंक और बीमा कंपनी की लापरवाही का खामियाजा किसान को नहीं भुगतना पड़ सकता। आयोग ने दोनों पक्षों को संयुक्त एवं अलग-अलग रूप से भुगतान के लिए जिम्मेदार ठहराया। आदेश का पालन नहीं करने पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 72 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

  • दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस की वर्दी में दिखा बॉडी कैमरा, जानिए कैसे करता है काम और क्या हैं फायदे

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस की वर्दी में दिखा बॉडी कैमरा, जानिए कैसे करता है काम और क्या हैं फायदे

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस की वर्दी पर लगा एक छोटा सा डिवाइस चर्चा में है. ये कोई आम कैमरा नहीं, बल्कि बॉडी कैमरा है. इसकी मदद से पुलिसकर्मी अपने सामने होने वाली घटनाओं को रिकॉर्ड कर सकते हैं. ऐसे में सवाल है कि आखिर ये कैमरा कैसे काम करता है और पुलिस को इससे क्या फायदा होगा?

    प्रदर्शन से पहले दिल्ली में बड़ी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात किए गए. इसी दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगे बॉडी कैमरों ने लोगों का ध्यान खींचा. ये कैमरे पुलिसकर्मियों के शरीर पर लगाए जाते हैं, ताकि ड्यूटी के दौरान सामने होने वाली घटनाओं की रिकॉर्डिंग की जा सके.

    कैसे काम करते हैं पुलिस के बॉडी कैमरे?
    बॉडी कैमरे आकार में छोटे होते हैं और इन्हें आसानी से वर्दी पर लगाया जा सकता है. ये सामने होने वाली घटनाओं का वीडियो रिकॉर्ड करते हैं. कुछ बॉडी कैमरों में ऑडियो रिकॉर्डिंग, नाइट विजन और GPS जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. दिल्ली पुलिस इस मामले में जिन कैमरों का इस्तेमाल कर रही है, उनमें कौन-कौन से फीचर्स हैं, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.

    पुलिस को कैसे मिलेगी मदद?
    मान लीजिए कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस और किसी प्रदर्शनकारी के बीच विवाद हो जाता है. ऐसी स्थिति में बॉडी कैमरे की रिकॉर्डिंग से यह समझने में मदद मिल सकती है कि आखिर मौके पर क्या हुआ था. इस वीडियो का इस्तेमाल शिकायतों की जांच और पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा करने में भी किया जा सकता है.

    लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है. कैमरे में रिकॉर्ड हुआ वीडियो ही हर मामले में पूरी सच्चाई नहीं बताता. घटना को सही तरीके से समझने के लिए दूसरे सबूतों को देखना भी जरूरी होता है.

    क्या पुलिस की हर गतिविधि होगी रिकॉर्ड?
    ऐसा जरूरी नहीं है कि बॉडी कैमरा हर समय रिकॉर्डिंग करता रहे. यह कैमरे के मॉडल, उसकी सेटिंग और इस्तेमाल करने के तरीके पर निर्भर करता है. साथ ही, रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखना और जरूरत पड़ने पर उसे जांच के लिए उपलब्ध कराना भी जरूरी है.

    जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट के दौरान बॉडी कैमरों का इस्तेमाल ऐसे समय में चर्चा में आया है, जब CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन से पहले की गई सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

    कुल मिलाकर, बॉडी कैमरा पुलिस के लिए एक ऐसी टेक्नोलॉजी है, जो घटनाओं को रिकॉर्ड करने और उनकी जांच में मदद कर सकती है. लेकिन इसका असली फायदा तभी होगा, जब रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल सही तरीके से हो और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे.

  • मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

    मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

    बलरामपुर
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता/प्रतिभागी खिलड़ियों को पुरस्कार व ट्रैकशूट प्रदान किया। साथ ही उन्होंने बच्चों को पठन-पाठन सामग्री भी वितरित की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने देवी स्वरूपा बच्चियों को चुनरी पहनाकर उनका सम्मान किया। सीएम ने बच्चियों को स्टडी टेबल, चॉकलेट दी। उन्होंने कृषि मेले का शुभारंभ किया और कृषि उत्पादों पर लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की छात्रा गायत्री, प्रिया व जयश्री ने मुख्यमंत्री को ग्रीटिंग कार्ड, पुष्पगुच्छ व स्वरचित कविता व पुस्तक प्रदान किया। संचालन तान्या वाजपेयी ने किया।

    मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कृत खिलाड़ी
    कंचन- 36वीं नार्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता प्रयागराज (लांग जंप) में प्रथम
    प्राची जैन- प्र. स्तरीय जूडो प्रतियोगिता लखनऊ (रजत)
    संध्या यादव- राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स जूडो प्रतियोगिता सहारनपुर (कांस्य)  
    ममता- राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स जूडो प्रतियोगिता सहारनपुर (कांस्य)   
    साची कश्यप- 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद ताइक्वांडो प्रतियोगिता बेंगलुरु (प्रतिभाग)
    साक्षी सिंह- 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद ताइक्वांडो प्रतियोगिता बेंगलुरु (प्रतिभाग)
    साक्षी सिद्धार्थ- 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद ताइक्वांडो प्रतियोगिता बेंगलुरु (प्रतिभाग)
    पलक शुक्ला- 5वीं ताइक्वांडो प्रतियोगिता टीएसएच कानपुर (कांस्य)
    44वीं जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता लखनऊ (कांस्य)
    अनाया गुप्ता- 44वीं जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता लखनऊ (कांस्य)
    5वीं ताइक्वांडो प्रतियोगिता टीएसएच कानपुर (प्रतिभाग)

    मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को दिया आशीर्वाद पत्र व पठन-पाठन सामग्री
    हीरालाल- उच्च प्राथमिक विद्यालय हिंडुली कला
    अर्चना सैनी- उच्च प्राथमिक विद्यालय बढ़या पकड़ी
    काजल- कंपोजिट विद्यालय सेमरा गुलहरिया
    प्रभु जायसवाल- उच्च प्राथमिक विद्यालय बलदेव नगर
    निस्बा- उच्च प्राथमिक विद्यालय वरायल
    गणेश- उच्च प्राथमिक विद्यालय नचौरा
    चांदनी निषाद- पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय विलोहा बनकसिया
    शालू शर्मा- कंपोजिट विद्यालय पुरुषोत्तमपुर
    बेबी- उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ सेंटवा
    रुद्राणी- उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरहिया
    सानिया- पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय धुसवा
    सुधा- कंपोजिट विद्यालय रमवापुर

    मुख्यमंत्री ने किसानों को प्रदान किया कृषि यंत्र
    मुख्यमंत्री ने किसान मेला में किसानों को भी सम्मानित किया। उन्हें विभिन्न कृषि यंत्र भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने जगनारायण व मोतीलाल यादव को कस्टम हायरिंग सेंटर के तहत चाबी, सर्वेश्वर मणि तिवारी, दिलीप कुमार व हरीश कुमार को पावर स्प्रेयर प्रदान किया।

  • प्रदेश के 50 फीसदी से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व कर रही नारी शक्ति: मुख्यमंत्री

    प्रदेश के 50 फीसदी से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व कर रही नारी शक्ति: मुख्यमंत्री

    लखनऊ
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना को आत्मसात करके कार्य कर रही है। हमारी सरकार ने नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा प्रदान की है, जिसका परिणाम है कि प्रदेश के 50 फीसदी से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व नारी शक्ति कर रही है।

    उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना उत्तर प्रदेश
    मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाने के साथ ही नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा प्रदान की है।

    प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दे रहीं बेटियां
    सीएम ने कहा कि 2017 से पहले जिन बेटियों के लिए घर की चौखट पार करना भी एक चुनौती थी, आज वही बेटियां नाइट शिफ्ट में भी काम करते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान कर रही हैं। प्रदेश के 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स को आज नारी शक्ति लीड कर रही है। महिला कार्यबल की भागीदारी 12 फीसदी से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक होना प्रदेश में महिलाओं के बढ़ते विश्वास और विस्तृत होते अवसरों का स्पष्ट प्रमाण है।

    शिक्षा, सुरक्षा, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खोल रही हैं योजनाएं
    मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति के स्वास्थ्य से लेकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य तक डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाएं नारी सशक्तीकरण को नित्य नई मजबूती प्रदान कर रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान से माताओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को संबल मिला है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला और सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं। वहीं मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, सेफ सिटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल जैसी पहलें उनकी शिक्षा, सुरक्षा, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खोल रही हैं।

    'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में अग्रसर सरकार
    सीएम योगी ने कहा कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना को आत्मसात करते हुए प्रदेश की डबल इंजन सरकार ‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के माध्यम से ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।

  • Punjab Politics: नई कमान से पहले धार्मिक स्थल पहुंचे परगट सिंह, पंजाब की सेवा को बताया प्राथमिकता

    Punjab Politics: नई कमान से पहले धार्मिक स्थल पहुंचे परगट सिंह, पंजाब की सेवा को बताया प्राथमिकता

    चंडीगढ़.

    पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं विधायक परगट सिंह ने पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभालने से पहले अपनी पत्नी बरिंदर प्रीत कौर के साथ खालसा पंथ की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर माथा टेका। उन्होंने पंजाब की खुशहाली, शांति और सर्वजन के कल्याण के लिए अरदास की।

    एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने की कामना
    परगट सिंह ने इस अवसर पर पंजाब की एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को और मजबूत बनाने की कामना की। उन्होंने कहा कि पंजाब की सेवा करना और प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वाहेगुरु से पंजाब की सेवा करने और सभी को साथ लेकर चलने की शक्ति प्रदान करने की अरदास की।

    सब के साथ होगा पंजाब का विकास
    उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का पंजाब की मिट्टी, यहां के गौरवशाली इतिहास और भाईचारे की परंपरा के साथ गहरा रिश्ता रहा है। कांग्रेस ने हमेशा पंजाब के अधिकारों तथा किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के हर वर्ग की आवाज बुलंद करने का प्रयास किया है। परगट सिंह ने संकल्प व्यक्त किया कि वह पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पंजाब की बेहतरी, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

  • बांग्लादेशी गेंदबाज हसन महमूद की ऐतिहासिक हैट्रिक, DRS की मदद से पूरा किया कारनामा; अफगानिस्तान 240 पर ऑलआउट

    बांग्लादेशी गेंदबाज हसन महमूद की ऐतिहासिक हैट्रिक, DRS की मदद से पूरा किया कारनामा; अफगानिस्तान 240 पर ऑलआउट

    अबु धाबी
     ऑस्ट्रेलिया के कमाल की बॉलिंग करने वाले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद का शानदार फॉर्म जारी है। बांग्लादेश की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच खेल रही है। अबु धाबी में हो रहे मुकाबले के तीसरे दिन हसन महमूद ने हैट्रिक विकेट चटका लिया है। उन्होंने लगातार तीन गेंद पर अफगानिस्तान के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

    हसन महमूद को डीआरएस की मदद से हैट्रिक
    अफगानिस्तान की पारी के 83वें ओवर की तीसरी गेंद पर हसन महमूद ने इस्मत आलम को बोल्ड कर दिया। उन्होंने सिर्फ एक रन बनाया। अगली गेंद पर कैस अहमद का विकेट गिरा। लिटन दास ने उनका कैच लपका। इसके बाद जिया उर रहमान अकबर क्रीज पर आए। उनके खिलाफ एलबीडब्ल्यू की जोरदार अपील हुई लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। बांग्लादेश के कप्तान ने डीआरएस लिया और महमूद को विकेट मिल गया। इस तरह उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की।

    पहली बार बांग्लादेश पेसर ने टेस्ट में हैट्रिक लिया
    दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हसन महमूद टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। 2003 में पाकिस्तान के खिलाफ आलोक कपाली ने हैट्रिक लिया था। वहीं दूसरी तरफ सोहाग गाजी ने 2013 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक लिया था। दोनों ही स्पिन गेंदबाज थे। हसन महमूद टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले पहले बांग्लादेशी पेसर भी बन गए हैं।

    बांग्लादेश को 106 रनों की बढ़त मिली
    पहली पारी में बांग्लादेश ने 346 रन बनाए थे। अफगानिस्तान की पारी 240 रनों पर ही सिमट गई है। एक समय टीम का स्कोर 219 रन पर 4 विकेट ही था। यहां से 21 रन बनाने में 6 विकेट गिर गए। टीम के आखिरी चार बल्लेबाजों का खाता भी नहीं खुला। कप्तान रहमत शाह ने सेंचुरी ठोकी और 105 रन बनाकर नाबाद रहे। हसन महमूद ने 5 विकेट लिए तो इबादत हुसैन को 4 विकेट मिले।

  • दीपक बाबरिया का निधन: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने  दिल्ली AIIMS में तोड़ा दम, राजनीतिक जगत में शोक

    दीपक बाबरिया का निधन: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने दिल्ली AIIMS में तोड़ा दम, राजनीतिक जगत में शोक

    भोपाल.

    कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश में पार्टी प्रभारी रहे दीपक बाबरिया का शनिवार को निधन हो गया। वह दिल्ली और हरियाणा में भी संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।

    उनके निधन पर पार्टी के नेताओं ने दुख जताते हुए उनके राजनीतिक योगदान को याद किया। नौ सितंबर को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें एम्स दिल्ली में भर्ती किया गया था। मध्य प्रदेश में उनके कार्यकाल में पार्टी ने 2018 का विधानसभा चुनाव लड़ा था।

    कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख
    उनके देहांत पर रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई दिग्गजों ने दुख जाता है। रणदीप सुरजेवाला ने एक्स पर लिखा, श्री दीपक बाबरिया जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि। दुख की इस घड़ी में हम सभी शोक-संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। सुरजेवाला ने एक्स पर लिखा, दीपक बाबरिया के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि. दुख की इस घड़ी में हम सभी शोक-संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं. वहीं, रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने लिखा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारीदीपक बाबरिया के आकस्मिक निधन की खबर बेहद पीड़ादायक है. बेहद मेहनती और कुशल राजनेता दीपक बाबरिया के हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रहने के दौरान उनके साथ करीब से काम करने का अवसर मिला. दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें.

  • नवरात्रि में पदयात्रियों की सुरक्षा के खास इंतजाम, डोंगरगढ़ धाम मार्ग पर बनाया गया सुरक्षित कॉरिडोर

    नवरात्रि में पदयात्रियों की सुरक्षा के खास इंतजाम, डोंगरगढ़ धाम मार्ग पर बनाया गया सुरक्षित कॉरिडोर

    भिलाई नगर.

    नवरात्रि पर्व के दौरान दुर्ग पुलिस ने डोंगरगढ़ दर्शन के लिए जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं तथा वाहन चालकों के सुगम व सुरक्षित आवागमन हेतु कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक विशेष रूट निर्धारित कर कॉरिडोर बनाया गया है।

    इस दौरान 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक 03 पेट्रोलिंग वाहन लगातार 24 घंटे मार्ग पर तैनात रहेंगे। जो पेट्रोलिंग वाहन लाउडस्पीकर के माध्यम से पदयात्रियों को बाएं चलने और यातायात सुचारू रखने के निर्देश देंगे। पदयात्रियों की सुविधा व सुरक्षा हेतु मार्ग में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाये जा रहे है। कुम्हारी टोल प्लाजा सिरसा गेट चौक डबरापारा तिराहा – खुर्सीपार तिराहा- पावर हाउस अंडरब्रिज मुर्गा चौक सेंट्रल एवेन्यू सेक्टर- 09 चौक -ठगड़ा बांध ओवरब्रिज जेल तिराहा गौरव पथ – गांधी पुतला – पटेल चौक गंजपारा पुलगांव चौक – शिवनाथ नदी ब्रिज -अंजोरा बाइपास – राजनांदगांव होते हुए डोंगरगढ़ जाएंगे। वहीं दुर्ग शहर एवं सेक्टर एरिया की यातायात व डायवर्शन व्यवस्था की है।

    पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक / सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले सभी चार पहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू एवं गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा और दुर्ग से सेंट्रल एवेन्यू की ओर आने वाले चार पहिया वाहनों को भी सेक्टर 09 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू एवं गैरेज रोड में डायवर्ट किया जाएगे। वहीं दुर्ग शहर (रात्रि नो एंट्री एवं बस, डायवर्शन भी किया है। भारी / मध्यम वाहन प्रतिबंधितः रात्रि के समय शहर के भीतर मध्यम एवं भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

    प्रतिबंधित क्षेत्र पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड, नयापारा से दुर्ग शहर की ओर ) गंजपारा दुर्गा पंडाल व्यवस्था में गंजपारा दुर्गा पंडाल के पास रात्रि में पुलिस लाइन एवं गंजपारा से आने वाले सभी दो पहिया व चार पहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बस डायवर्जन में रात्रि के समय पुलगांव चौक से आने वाली सभी बसों को महाराजा चौक- जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार दुर्ग बस स्टैंड से पुलगांव की ओर जाने वाले बस इसी मार्ग का उपयोग करेंगे।

  • नेपाल में दो महीने बाद फिर प्राकृतिक आपदा, अचानक आई बाढ़ से गोरखा में भारी नुकसान; लापता लोगों की तलाश जारी

    नेपाल में दो महीने बाद फिर प्राकृतिक आपदा, अचानक आई बाढ़ से गोरखा में भारी नुकसान; लापता लोगों की तलाश जारी

     गोरखा
    नेपाल में आई भीषण बाढ़ को अभी दो महीने भी नहीं बीते हैं कि एक और जल प्रलय आ गई है। गोरखा जिले में रविवार को बूढ़ी गंडक नदी में आचनाक बाढ़ आ गई। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से अचानक नदी में सैलाब चला आ रहा है। नदी का पानी आसपास के गांवों में घुस गया और कई घर और पुल भी बह गए। इसके अलावा चार लोग लापता हैं। प्रशासन उनकी तलाश में जुटा है।

    जानकारी के मुताबिक गंडकी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को भी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ आने की वजह से कुछ उपकरण बह गए हैं। सुबह 4 बजे के करीब ही पानी गांवों में घुसने लगा और इसके बाद लोग ऊंचे स्थानों की ओर भागे। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ऊंचाई वाले इलाकों में चुन्चुब्री स्यारी नदी का पानी बंद हो गया था। इसके बाद यहां एक झील बनने लगी थी। यही पानी तेजी से बहाव के साथ नीचे आया है।

    'काठमांडू पोस्ट' की खबर के अनुसार, चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड संख्या तीन के अध्यक्ष राम कुमार गुरुंग ने बताया कि बूढ़ी गंडकी नदी में आई बाढ़ से सल्लेरी, पायूका और जगत में नदी किनारे स्थित मकान बह गए। बाढ़ में वार्ड को जोड़ने वाला एक पुल भी बह गया। गोरखा के मुख्य जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शुरुआती खबरों के अनुसार, सिउरीबास के ऊपरी इलाके में भूस्खलन हुआ था। उन्होंने कहा कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

    नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों को संदेह है कि चुमनुब्री-6 में लोकपा और चुमलिंग के बीच बूढ़ी गंडकी की सहायक नदी स्यार का प्रवाह बाधित हो गया होगा, जिससे बाढ़ आई। अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ से उत्तरी गोरखा के कई इलाकों में 35 से अधिक मकान बह गए।

    समाचार पोर्टल 'ऑनलाइन खबर' के अनुसार, चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुंग ने कहा कि रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में आई बाढ़ ने उन्हें रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ की याद दिला दी। उन्होंने कहा, ''बूढ़ी गंडकी में आई बाढ़ ने भोटेकोशी की बाढ़ की याद दिला दी। इसमें दर्जनों मकान बह गए हैं। फिलहाल नुकसान का सही आकलन करना संभव नहीं है।''

    भोटेकोशी नदी में बाढ़ में मारे गए थे 1455 लोग
    26 अगस्त को त्रिशूली और भोटेकोशी नदी में ऐसी भीषण बाढ़ आई थी कि गांव के गांव साफ हो गए। इस आपदा में कम से कम 1455 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई थी। अब बी 5 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है।

    नदी किनारे रह रहे लोगों को अलर्ट जारी
    चुमनुब्री गांवपालिका के अध्यक्ष निमा लामा के मुताबिक, गांवपालिका स्थित चुम्के खोला में भूस्खलन के कारण नदी का बहाव रुक गया था. इसके बाद अचानक बाढ़ आ गई. बाढ़ पूर्वानुमान महाशाखा ने लोगों को सतर्क करने के लिए SMS अलर्ट जारी किया है. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

    चुमनुब्री गांवपालिका की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुड़ के मुताबिक, बाढ़ से दोभान, घट्टेखोला, जगत और सल्लेरी गांवों में भारी तबाही मची है.

    कई इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह
    बुढ़ीगंडकी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद स्वास्थ्य आपातकालीन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है. स्वास्थ्य और खाद्य स्वच्छता मंत्रालय के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं, इमरजेंसी ट्रीटमेंट और दूसरी मेडिकल हेल्प मुहैया कराने के लिए तैयारी की जा रही है. मंत्रालय ने स्वास्थ्य संबंधी सहायता की जरूरत होने पर हेल्पलाइन नंबर 1115 पर संपर्क करने को कहा है.

    नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने बुढ़ीगंडकी नदी के किनारे और निचले तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है. फेसबुक पर जारी अपने मैसेज में उन्होंने खासतौर पर सिर्दिबास, जगत, सल्लेरी, खोलाबेसी, माछाखोला, सोती, आर्खेत और आरुघाट के निवासियों को अलर्ट रहने की सलाह दी है.

    गृहमंत्री ने कहा कि नेपाल को एक बार फिर भीषण बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र गोरखा के चुमनुब्री गांवपालिका स्थित न्याकचेत और फिलिम बाजार को जोड़ने वाला पुल बहने और घट्टेखोला के कुछ मकानों में मलबे के साथ पानी घुसने की खबरों पर चिंता जताई. उन्होंने ये भी बताया कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है.

    गृहमंत्री के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन को राहत और बचाव में जुटी है. प्रभावित क्षेत्र में हेलीकॉप्टरों की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.

    जगत में लैंडस्लाइड का खतरा, 6 लोग एयरलिफ्ट
    वहीं, नेपाल के PM बालेन शाह ने भी बताया कि बूढ़ी गंडकी नदी में बाढ़ के बाद, नेपाली सेना की एक टुकड़ी को सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए हवाई और जमीनी रास्तों से तैनात किया गया है. उन्होंने कहा, 'जगत इलाके से 6 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया है, जहां लैंडस्लाइड का खतरा है. काठमांडू में तैनात कम्पोजिट क्विक रिएक्शन टीम को भी हवाई ट्रांसपोर्ट के जरिए बताए गए इलाके में तैनात किया गया है.