Tag: Vijay

  • उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम सरेखा में गौशाला के लिए उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश

    उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम सरेखा में गौशाला के लिए उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश

    रायपुर : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम के गौसेवकों एवं अधिकारियों की ली बैठक

    उप मुख्यमंत्री शर्मा ने गौधन की सुरक्षा, देखभाल एवं संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था बनाने के निर्देश

    उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम सरेखा में गौशाला के लिए उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश

    रायपुर

    उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने  कबीरधाम जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले में गौधन की सुरक्षा, समुचित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, गौसेवकों एवं पशुपालकों की बैठक ली। बैठक में जिले में गौधन के रखरखाव, उपचार, संरक्षण तथा दुर्घटना एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

           उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गौधन की सुरक्षा और उनकी समुचित देखभाल के लिए ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जो प्रभावी होने के साथ-साथ स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप भी हो। उन्होंने अधिकारियों को जिले में गौधन के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने को कहा, ताकि गौधन के संरक्षण और देखभाल के लिए व्यवस्थित सुविधा विकसित की जा सके।

             बैठक में प्रमुख मार्गों पर दुर्घटनाओं से संबंधित विषय पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रेन, जेसीबी मशीन सहित अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता रखने को कहा, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को सामान्य किया जा सके।

    गुजरात की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर कबीरधाम में लागू करने पर जोर
           उप मुख्यमंत्री शर्मा ने गुजरात राज्य में गौधन की देखभाल और पशुधन प्रबंधन के लिए अपनाई गई व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की अच्छी व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कबीरधाम की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप वहां की उपयोगी व्यवस्थाओं को अपनाने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। उन्होंने गौसेवकों एवं गौ रक्षकों को गुजरात में पशुधन की देखभाल और प्रबंधन की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने के लिए भ्रमण कराने की बात भी कही। इससे गौसेवकों को वहां की कार्यप्रणाली को समझने और जिले में बेहतर व्यवस्था विकसित करने में सहयोग मिलेगा।

    समय पर उपचार के लिए पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता

             शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक को निर्देश दिए कि जिले में गौधन के समुचित उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखी जाए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पशु चिकित्सकों तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बीमार एवं घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि गौधन की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए प्रशासनिक व्यवस्था के साथ समाज की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। गौसेवकों, पशुपालकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौसेवकों एवं पशुपालकों के साथ बैठक कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप ठोस रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

             बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गौसेवक एवं पशुपालक उपस्थित थे।

  • एम्स रायपुर में घायलों से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा, इलाज और स्वास्थ्य व्यवस्था की ली जानकारी

    एम्स रायपुर में घायलों से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा, इलाज और स्वास्थ्य व्यवस्था की ली जानकारी

    उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एम्स रायपुर में महाराष्ट्र सड़क हादसे के घायलों से की मुलाकात

    विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेकर बेहतर इलाज के दिए निर्देश

    रायपुर
     महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के लोगों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने एम्स रायपुर पहुंचकर मुलाकात की। मंगलवार देर शाम रायपुर एम्स पहुंचे शर्मा ने घायलों और उनके परिजनों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

           उप मुख्यमंत्री शर्मा ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी मुलाकात कर घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, चल रहे उपचार और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में चर्चा की तथा सभी घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

           इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम बांधाटोला निवासी पांच वर्षीय लुकेश पटेल, दो वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल से मुलाकात कर उनका हाल जाना। मासूम बच्चों सहित हादसे में घायल लोगों और उनके परिजनों के बीच पहुंचकर शर्मा ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उप मुख्यमंत्री शर्मा हादसे के बाद लगातार परिवार जनों से संपर्क बनाए हुए हैं, अस्पताल में भर्ती से लेकर घायलों के उपचार तक निरंतर संपर्क कर पीड़ित परिवारों को सहायता प्रदान कर रहे हैं।

    दिवंगतों के घर पहुंचकर पहले ही जता चुके हैं संवेदना
            उल्लेखनीय है कि हादसे के बाद उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कबीरधाम जिले में दुर्घटना में दिवंगत हुए पीड़ितों के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की थीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया था। इसी दौरान उन्होंने हादसे में घायल लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली थी।

  • आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम को लेकर एक्शन में सरकार, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की वर्चुअल समीक्षा

    आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम को लेकर एक्शन में सरकार, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की वर्चुअल समीक्षा

    रायपुर : सेवा संकल्प अभियान- ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की वर्चुअल समीक्षा
    बस्तर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और दुर्ग के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की चर्चा

    जिला, संभाग, नगरीय निकाय एवं विकासखंड मुख्यालयों में सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन की तैयारी के निर्देश

    रायपुर

    प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने प्रभार वाले जिलों बस्तर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद एवं दुर्ग में आगामी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संबंधित जिलों के विधायकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, नोडल अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी शामिल हुए।

             उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस की संध्या पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिला एवं संभाग मुख्यालयों में सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनभागीदारी और सामाजिक समरसता के साथ सेवा एवं संकल्प की भावना को मजबूत करने का अवसर होगा।

    जनप्रतिनिधियों के साथ स्थान का करें चयन

             शर्मा ने कलेक्टरों एवं संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थान का चयन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल ऐसा हो, जहां अधिक से अधिक नागरिक सुविधाजनक रूप से शामिल हो सकें और आयोजन गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।

    नगरीय निकाय एवं विकासखंड स्तर पर भी हो सामूहिक आयोजन

             उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ की भावना को जिला मुख्यालयों तक सीमित न रखते हुए सभी जिलों के नगरीय निकायों एवं विकासखंड मुख्यालयों में भी सामूहिक रूप से एक निर्धारित स्थान पर दीप प्रज्वलित करने की पहल की जाए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, नागरिकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आयोजन को जनभागीदारी का स्वरूप देने पर जोर दिया।

    सामाजिक संगठनों और प्रशासन के समन्वय से सफल बनेगा अभियान

           शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन के बीच सहभागिता एवं सेवा भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों को अभियान से जोड़ते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि सभी जिलों में आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी हों और कार्यक्रम का उद्देश्य एवं संदेश समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर समुचित समन्वय एवं प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उप मुख्यमंत्री शर्मा ने जिलावार तैयारियों की जानकारी ली तथा आयोजन को सफल, गरिमापूर्ण एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

  • सक्ती में बड़े आयोजन की तैयारियों पर नजर, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व प्रभारी मंत्री ने लिया जायजा

    सक्ती में बड़े आयोजन की तैयारियों पर नजर, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व प्रभारी मंत्री ने लिया जायजा

    रायपुर : सक्ती में 11 सितंबर को होगा भव्य आयोजन, तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने लिया जायजा

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में होगा कार्यक्रम

    प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन सहित विभिन्न विकास कार्यों का होगा लोकार्पण-शिलान्यास

    रायपुर

    केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आगामी 11 सितंबर 2026 को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले वृहद कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों के गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन-शिलान्यास सहित अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने लिया जायजा

             कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने आज उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ग्राम जेठा पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    *हर व्यवस्था की बारीकी से ली जानकारी*

           उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सर्वप्रथम कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए रूट मैप का अवलोकन किया। इसके बाद मुख्य मंच, टेंट एवं पंडाल, दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा, अतिथियों एवं आमजनों की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बायो टॉयलेट, बैरिकेटिंग, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अतिथियों के आगमन एवं निकासी से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों, हितग्राहियों और आमजनों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

               उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने कहा। उन्होंने पर्याप्त पार्किंग, सुचारू यातायात, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था तथा कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    *विकास कार्यों का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन*
           उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर को ग्राम जेठा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों के गृह प्रवेश तथा पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन का आयोजन होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं आमजनों के शामिल होने की संभावना है।

    *जनप्रतिनिधियों से भी की भेंट-मुलाकात*
            निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जिले के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी भेंट-मुलाकात की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम को वृहद और व्यवस्थित स्वरूप देने में जिला प्रशासन को पूरा सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का कार्यक्रम है और इसे बेहतर ढंग से आयोजित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

             निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव सुऋचा शर्मा, वीबी जीरामजी आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया सहित कलेक्टर श्रीमती जयजैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर तथा अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • दही हांडी उत्सव में दिखा उत्साह, कवर्धा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की शिरकत

    दही हांडी उत्सव में दिखा उत्साह, कवर्धा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की शिरकत

    रायपुर : उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा कवर्धा में आयोजित दही हांडी उत्सव में हुए शामिल

    शर्मा ने हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की का जयघोष कर उत्सव का उल्लास और भी बढ़ा दिया

    रायपुर

    उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शनिवार को कवर्धा शहर के गांधी मैदान तथा भारत माता चौक में आयोजित दही हांडी उत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने परंपरा अनुसार सभी ग्वाला भाइयों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें दही हांडी उत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। यादव समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें पारंपरिक सम्मान स्वरूप खुमरी पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, नितेश अग्रवाल सहित समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, शहरवासी और यादव समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे। 
    उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने समस्त शहरवासियों एवं प्रदेशवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने मंच से ही सभी उपस्थित जनों के साथ “हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की” का जयघोष कर उत्सव का उल्लास और भी बढ़ा दिया।

           उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गोविंदा उत्सव कवर्धा की गौरवशाली परंपरा है, जो समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हम सभी को धर्म, कर्म और कर्तव्य के प्रति प्रेरित करता है। कृष्ण लीला हमें यह संदेश देती है कि अन्याय और अधर्म पर सदैव धर्म की विजय होती है। शर्मा ने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान कृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं। दही हांडी उत्सव के दौरान हजारों की संख्या में शहरवासी, समाजजन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरा शहर कृष्ण भक्ति और जयघोष से गुंजायमान रहा।

  • कवर्धा में मेडिकल शिक्षा की नई शुरुआत, पहले छात्र हिमांशु से बोले डिप्टी CM- मेहनत से रोशन करें जिले का नाम

    कवर्धा में मेडिकल शिक्षा की नई शुरुआत, पहले छात्र हिमांशु से बोले डिप्टी CM- मेहनत से रोशन करें जिले का नाम

    रायपुर : कवर्धा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले जिले के प्रथम छात्र हिमांशु को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फोन कर दी बधाई एवं शुभकामनाएं

    सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन ने मेडिकल कॉलेज के प्रथम सत्र में लिया प्रवेश, बना गौरव का अवसर

    50 सीटों के साथ इसी सत्र से शुरू हुआ कवर्धा मेडिकल कॉलेज

    रायपुर
    उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले जिले के प्रथम छात्र सहसपुर लोहारा निवासी हिमांशु देवांगन से महानदी भवन नवा रायपुर से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कवर्धा मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत हो रही है और संयोग से कॉलेज के प्रथम सत्र में प्रवेश लेने वाला छात्र कवर्धा जिले का ही निवासी है। जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि कवर्धा में चिकित्सा शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत जिले के ही प्रतिभावान विद्यार्थी के प्रवेश के साथ हुई है।

    *हिमांशु देवांगन ने नीट की तैयारी के लिए भिलाई में कोचिंग ली*

              उप मुख्यमंत्री शर्मा ने छात्र से बातचीत के दौरान उसकी स्कूली शिक्षा, नीट परीक्षा की तैयारी और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए हुई काउंसलिंग प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। हिमांशु ने बताया कि उसने कक्षा 12वीं में 83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं तथा नीट परीक्षा में 512 अंक हासिल किए। नीट की तैयारी के लिए उसने भिलाई में कोचिंग भी ली। बातचीत के दौरान छात्र ने मेडिकल शिक्षा को लेकर अपनी रुचि और आगे की पढ़ाई के संबंध में भी जानकारी साझा की।

    *मेडिकल कॉलेज में प्रवेश एक महत्वपूर्ण उपलब्धि* 

          उप मुख्यमंत्री शर्मा ने हिमांशु का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत और उपलब्धियों से माता-पिता एवं परिवार के सपनों को पूरा करने के साथ जिले का नाम भी रोशन करें। उप मुख्यमंत्री ने हिमांशु को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर के रूप में शिक्षा पूरी करने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में कार्य कर अनुभव प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के साथ अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी बनाए रखें। अपनी शिक्षा और अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए करने का प्रयास करें, ताकि आपकी सफलता का लाभ समाज और स्थानीय लोगों तक भी पहुंच सके।

    *उप मुख्यमंत्री की विशेष पहल से इसी सत्र में शुरू हो रहा मेडिकल कॉलेज*

            उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल से कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ प्रारंभ हो रहा है। मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से कवर्धा जिले और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का नया अवसर उपलब्ध हुआ है। अब विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और जिले में ही मेडिकल शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में प्रवेश लेने वाला छात्र भी कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा का रहने वाला है। यह जिले के लिए गर्व की बात है कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत जिले के ही विद्यार्थी के प्रवेश से हुई है।

  • कर्नल सोफिया केस में मंत्री विजय शाह को राहत, अभियोजन की अनुमति का प्रस्ताव खारिज

    कर्नल सोफिया केस में मंत्री विजय शाह को राहत, अभियोजन की अनुमति का प्रस्ताव खारिज

    भोपाल
     ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत मिल गई है. मोहन यादव कैबिनेट ने विजय शाह के विरुद्ध मुकदमा न चलाने की अनुशंसा की थी जिसपर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मुहर लगा दी है. बीते 25 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में अभियोजन की अनुमति न देने की अनुशंसा का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा गया था। 

    वहीं, सोमवार 31 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई में मध्य प्रदेश पुलिस की विशेष जांच टीम ने बताया था कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में सीलबंद लिफाफे में पेश की जा चुकी है. आगे की कार्रवाई के लिए अभियोजन की मंजूरी का इंतजार है, जिस पर अंतिम फैसला राज्यपाल के स्तर पर लंबित है। 

    अब दाखिल होगी क्लोजर रिपोर्ट
    मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पूछा था कि क्या जांच पूरी होने के बाद अब केवल सरकार की मंजूरी का इंतजार है. इस पर सरकार की ओर से हां में जवाब दिया गया. कोर्ट को बताया गया कि अभियोजन की मंजूरी मिलने के बाद जांच रिपोर्ट संबंधित सक्षम अदालत में पेश की जाएगी. वहीं, यदि अभियोजन की मंजूरी नहीं मिलती है तो मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की जाएगी. वहीं, अब राज्यपाल द्वारा अभियोजन की अनुमति न देने के बाद क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की जायेगी। 

    राज्यपाल ने पुनर्विचार का भरोसा दिया है
    नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि वे इस मामले में पुनर्विचार करें और सरकार को मंत्री के खिलाफ केस चलाने के निर्देश दें। सिंघार ने बताया कि राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि वे मामले में पुनर्विचार करेंगे और सरकार से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्यपाल इस मामले में उचित निर्णय लेंगे।

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए सिंघार ने सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकार कोर्ट के आदेश की भी परवाह नहीं करती है तो क्या भाजपा की सरकार कोर्ट से बड़ी हो गई है? क्या वह सर्वोच्च न्यायालय से भी बड़ी हो गई है? उन्होंने कहा कि इस सवाल को वह देश और विदेश की जनता के सामने छोड़ रहे हैं।

    कांग्रेस का आरोप है कि विजय शाह के विवादित बयान के मामले में सरकार ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय अभियोजन की मंजूरी के प्रस्ताव को मंजूरी देकर मामले को राज्यपाल के पाले में डाल दिया है। पार्टी अब राज्यपाल से इस फैसले पर पुनर्विचार की मांग कर रही है।

    केके मिश्रा बोले- ऐसे फैसले में राज्यपाल का शामिल होना पद की गरिमा के खिलाफ
    पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा ने विजय शाह मामले में राज्यपाल मंगू भाई पटेल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी पर अपमानजनक टिप्पणी के मामले में गैर-जमानती धाराओं में दर्ज संज्ञेय अपराध के बावजूद अभियोजन की स्वीकृति से जुड़े सरकार के फैसले में राज्यपाल का शामिल होना उनके संवैधानिक और निष्पक्ष पद की गरिमा के विपरीत है।

    मिश्रा ने कहा कि यह मामला देश की संप्रभुता, एकता-अखंडता और भारतीय सेना के सम्मान से जुड़ा है। न्यायपालिका के स्वतः संज्ञान के बाद एफआईआर दर्ज हुई है, ऐसे में लोकभवन को न्यायपालिका और संविधान को चुनौती देने वाले प्रतिष्ठान का रूप नहीं लेना चाहिए। उन्होंने व्यापमं मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि 2015 में तत्कालीन राज्यपाल रामनरेश यादव के खिलाफ भी हाईकोर्ट के निर्देश पर एसटीएफ ने एफआईआर दर्ज की थी। मिश्रा ने राज्यपाल से लोकभवन की प्रतिष्ठा और संवैधानिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की।

    कैबिनेट ने यह बनाया था आधार
    कैबिनेट की बैठक में मंत्रियों ने कहा था कि विजय शाह इस मामले में सार्वजनिक मंचों पर और लिखित रूप में चार बार माफी मांग चुके हैं. उनकी मंशा सेना या महिला अधिकारी का अपमान करने की कतई नहीं थी. इसलिए अब उनके खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई व्यावहारिक औचित्य नहीं बनता है. इस आधार पर विधिक सलाह लेकर राज्यपाल से अनुशंसा की गई थी। 

    विजय शाह का विवादित बयान क्या था
    बता दें कि 11 मई 2025 को विजय शाह ने महू के एक कार्यक्रम में विवादित बयान दिया था. जहां उन्होंने कहा कि "मोदीजी समाज के लिए जी रहे हैं. जिन्होंने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े. वो कटे पिटे लोगों को हमने उन्हीं की बहन भेजकर ऐसी की तैसी करवाई. उन्होंने कपड़े उतारकर कर हमारे हिंदूओं को मारा मोदीजी ने उनकी बहन को उनकी एसी की तैसी करने उनके घर पर भेजा." आगे ये बयान इतना आपत्तिजनक है कि इसे यहां कोट नहीं किया जा सकता। 

  • राखी बांधकर दीदियों ने दी डिप्टी सीएम विजय शर्मा को बधाई, गुजरात यात्रा के अनुभव भी किए साझा

    राखी बांधकर दीदियों ने दी डिप्टी सीएम विजय शर्मा को बधाई, गुजरात यात्रा के अनुभव भी किए साझा

    रायपुर : बिहान की दीदियों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को राखी बांधकर दी बधाई, साझा किए गुजरात भ्रमण के अनुभव

    कबीरधाम जिले के 17 बिहान समूहों की दीदियों और 17 पशुपालकों को गुजरात के बनासकाठा के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया था

    रायपुर

    कबीरधाम जिले के बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों और पशुपालकों का गुजरात के बनासकाठा स्थित डेयरी कोऑपरेटिव एवं अमूल डेयरी कोऑपरेटिव का शैक्षणिक भ्रमण उपयोगी और प्रेरणादायी रहा। भ्रमण से वापस लौटने के बाद बिहान समूह की दीदियों ने कवर्धा निवास पहुंचकर उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दीदियों ने उन्हें रक्षाबंधन की बधाई देते हुए राखी बांधी और गुजरात में मिले अनुभवों तथा सीखी गई नई तकनीकों की जानकारी साझा की।

    उपमुख्यमंत्री शर्मा ने सभी दीदियों और पशुपालकों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके अनुभव सुने। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब वहां से मिली सीख को अपने गांव और जिले में अपनाकर आजीविका के नए अवसर तैयार किए जाएं। उन्होंने दीदियों से बनासकाठा में देखी गई उन्नत डेयरी व्यवस्था, पशुपालन तकनीक, चारा प्रबंधन, दुग्ध संकलन, गुणवत्ता नियंत्रण और सहकारी मॉडल से मिली सीख को स्थानीय स्तर पर लागू करने का आह्वान किया।

    बनासकाठा में देखा सफल डेयरी और सहकारी मॉडल

    उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से कबीरधाम जिले के 17 बिहान समूहों की दीदियों और 17 पशुपालकों को गुजरात के बनासकाठा के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया था। दल ने वहां डेयरी कोऑपरेटिव और अमूल डेयरी कोऑपरेटिव की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने उन्नत पशुपालन तकनीक, संतुलित आहार एवं चारा विकास, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय, दुग्ध संकलन एवं प्रसंस्करण की आधुनिक व्यवस्था, दूध की गुणवत्ता जांच, डेयरी उत्पाद निर्माण और उनके विपणन की पूरी प्रक्रिया को करीब से समझा। इसके साथ ही सहकारी मॉडल के माध्यम से छोटे पशुपालकों को संगठित कर उनकी आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की व्यवस्था की भी जानकारी प्राप्त की।

    सीख को कबीरधाम में लागू करने का संकल्प

    गुजरात से लौटीं दीदियों ने बताया कि वहां पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को केवल व्यक्तिगत आय का साधन नहीं, बल्कि सामूहिक आर्थिक विकास के मॉडल के रूप में विकसित किया गया है। दुग्ध उत्पादकों को बाजार से जोड़ने, गुणवत्ता बनाए रखने और दूध के बेहतर मूल्य प्राप्त करने की व्यवस्थाओं ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया। दीदियों ने कहा कि बनासकाठा में मिली सीख से उन्हें अपने गांवों में पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को और बेहतर ढंग से संचालित करने की प्रेरणा मिली है। वे वहां सीखी गई उपयोगी तकनीकों और प्रबंधन पद्धतियों को अन्य ग्रामीण महिलाओं तथा पशुपालकों के साथ साझा कर सामूहिक रूप से आजीविका के नए अवसर विकसित करने का प्रयास करेंगी।

    ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। बिहान स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। वहीं पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने, बेहतर प्रबंधन और बाजार से जुड़ाव के माध्यम से पशुपालकों की आय में वृद्धि के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं।

    उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कबीरधाम की दीदियों और पशुपालकों का बनासकाठा भ्रमण केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सीख को स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गुजरात के सफल डेयरी मॉडल से प्राप्त अनुभव आने वाले समय में कबीरधाम में दुग्ध उत्पादन, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने में उपयोगी साबित होंगे।

  • चुनावी वादों की झड़ी! CM विजय ने हर साल 3 फ्री सिलेंडर समेत महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सौगात दी

    चुनावी वादों की झड़ी! CM विजय ने हर साल 3 फ्री सिलेंडर समेत महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सौगात दी

    चेन्नई
     तमिलनाडु की सियासत और जन-कल्याणकारी नीतियों में एक नया मोड़ लाते हुए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा के पटल पर जनता के लिए बड़े चुनावी वादों और राहत पैकेज की घोषणा कर दी है. राज्य सरकार ने आम परिवारों और गृहणियों को महंगाई के मोर्चे पर सीधी राहत देने के लिए साल में तीन रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर पूरी तरह मुफ्त देने का बड़ा निर्णय लिया है. इस योजना की सबसे खास बात यह है कि पात्र लाभार्थियों को किसी कतार में नहीं लगना होगा, बल्कि तीन सिलेंडरों की पूरी सब्सिडी राशि सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए भेजी जाएगी। 

    इसके साथ ही मुख्यमंत्री विजय ने महिलाओं की सार्वजनिक आवाजाही को बढ़ावा देने के लिए राज्य की मौजूदा फ्री बस यात्रा योजना का दायरा बढ़ाते हुए ‘वेट्री पयनम’ योजना शुरू करने की घोषणा की है. इस नए कदम के तहत अब राज्य भर की लाखों महिलाओं को सरकारी बसों में बिना किसी किराए के मुफ्त सफर की सुविधा और अधिक व्यापक रूप से मिलेगी. विधानसभा में इन बड़े कल्याणकारी कदमों का एलान करते हुए सरकार ने साफ संकेत दिया है कि उसका पूरा फोकस जमीनी स्तर पर महिलाओं के सशक्तिकरण और परिवारों के घरेलू बजट को सुरक्षित करने पर केंद्रित है। 

    1.30 करोड़ परिवारों को फायदा
    योजना के तहत सरकार सिलेंडर खरीदने पर खर्च की गई राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर करेगी। इस योजना से करीब 1.30 करोड़ परिवारों को फायदा मिलने का अनुमान है। जानकारी के मुताबिक विजय सरकार इस योजना पर हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में कहा है कि खाड़ी क्षेत्र में युद्ध की स्थिति और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। ऐसे में सरकार जनता से किया गया वादा पूरा करते हुए यह राहत दे रही है।

    विजय ने कहा, “खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी परिस्थितियों और रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। इसे ध्यान में रखते हुए, वित्तीय चुनौतियों के बावजूद जनता का बोझ कम करने, उनके कल्याण की रक्षा करने और लोगों से किया गया वादा पूरा करने के लिए सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर पर होने वाला खर्च वहन करने का फैसला किया है।"

    सीएम विजय ने विधानसभा में क्या कहा?
    विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना में वे परिवार शामिल होंगे जिनकी सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है, साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, छोटे और सीमांत किसानों के परिवार और दिव्यांग व्यक्तियों के परिवार भी इसमें शामिल होंगे। तेल मार्केटिंग कंपनियों की आधिकारिक बिलिंग के आधार पर बुकिंग और डिलीवरी होने पर कुकिंग गैस सिलेंडर की लागत का पैसा वापस किया जाएगा और सीधे परिवार की महिला मुखिया के बैंक खाते में जमा कर दिया जाएगा।

    राहत उपाय की जरूरत पैदा करने वाली आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में संघर्षों के कारण ग्लोबल सप्लाई में रुकावट और कीमतों में बढ़ोतरी से पिछले चार महीनों में परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है, जिससे कई परिवार वैकल्पिक ईंधन की ओर बढ़ने को मजबूर हुए हैं।

    'तीन साल तक महिलाओं को दिए जाएंगे मुफ्त सिलिंडर'
    मुख्यमंत्री ने कहा, "आर्थिक तंगी के बावजूद हमारी सरकार ने जनता पर आर्थिक बोझ कम करने, उनके कल्याण की रक्षा करने और उनसे किए गए वादे को पूरा करने के मकसद से गैस सिलेंडर पर होने वाले खर्च की राशि उन्हें उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इसलिए परिवारों की महिला मुखियाओं को लाभ पहुंचाने के लिए पहले चरण में अन्नपूर्णी सुपर 6 योजना के तहत हर साल तीन मुफ्त गैस सिलिंडर दिए जाएंगे। तैयारी का काम शुरू हो गया है और यह योजना जनवरी में आने वाले पोंगल त्योहार से लागू की जाएगी, जिसके लिए सालाना लगभग 4,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।"

    महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य भर की महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक प्रगति और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई खास योजनाओं जैसे सिंगा पेन स्पेशल टास्क फोर्स, थाईमामन थंगमोथिरम, वेट्री मगलीर अडुगल वलार्प्पु और अन्नानिन सीर के लिए जरूरी बजट पहले ही आवंटित किया जा चुका है।

    महिलाओं और ट्रांसजेंडरों के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा
    सामाजिक सुरक्षा और आवाजाही को और मजबूत करते हुए मुख्यमंत्री ने वेत्री पयनम योजना की घोषणा की। यह योजना महात्मा गांधी की जयंती, यानी 2 अक्टूबर से महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए मुफ्त बस यात्रा के दायरे को काफी बढ़ाती है।

    विस्तारित ट्रांसपोर्ट स्कीम के तहत महिलाएं और ट्रांसजेंडर मेट्रोपॉलिटन और शहरी इलाकों में चलने वाली एक्सप्रेस, लिमिटेड स्टॉप सर्विस (LSS) और डीलक्स सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। जिलों के बीच आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए यह सुविधा ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में चलने वाली सामान्य किराए वाली बसों में भी मिलेगी।

    वेत्री पयनम योजना को लागू करने पर राज्य के खजाने पर सालाना लगभग 6,000 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। सरकार ने यह भी साफ किया कि यह योजना बिना किसी आय सीमा या यात्राओं की संख्या पर रोक के चलाई जाएगी।

    महिलाओं और ट्रांसजेंडर को तोहफा
    विजय सरकार ने महिलाओं की 'वेट्री पयानम' योजना का दायरा भी बढ़ा दिया है। अब महिलाएं सिर्फ साधारण बसों में ही नहीं, बल्कि एक्सप्रेस, एलएसएस (LSS), डीलक्स और इंटर-डिस्ट्रिक्ट सरकारी बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस योजना का लाभ ट्रांसजेंडर व्यक्ति भी उठा सकेंगे।

    विजय ने कहा है कि यह योजना 2 अक्टूबर से लागू होगी। CM विजय ने अपने संबोधन में कहा, "महिलाओं की यात्रा की आजादी उनकी आर्थिक स्वतंत्रता और परिवार की प्रगति की नींव है। तमिलनाडु की किसी भी महिला को सिर्फ यात्रा खर्च की वजह से अवसरों से वंचित नहीं होना चाहिए।"

    इस स्कीम के तहत, महिलाओं को मेट्रोपॉलिटन और शहरी इलाकों में चलने वाली सरकारी एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स बसों में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा मिलेगी. जिलों के बीच यात्रा के लिए, यह फायदा ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में चलने वाली सामान्य किराए वाली सरकारी बसों पर भी लागू होगा. यह स्कीम 2 अक्टूबर से लागू होगी, जो महात्मा गांधी की जयंती का दिन है. विजय ने कहा कि इस प्रोग्राम के तहत यात्राओं की संख्या या आय की कोई सीमा नहीं होगी. ट्रांसजेंडर लोग भी मुफ्त यात्रा के लिए पात्र होंगे। 

     

  • TVK के ‘विजय बनेंगे PM’ दावे पर भड़की कांग्रेस, कार्ति बोले- सिर्फ माहौल से नहीं, 272 सांसदों से बनता है प्रधानमंत्री

    TVK के ‘विजय बनेंगे PM’ दावे पर भड़की कांग्रेस, कार्ति बोले- सिर्फ माहौल से नहीं, 272 सांसदों से बनता है प्रधानमंत्री

    चेन्नई
     तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय को उनके समर्थकों द्वारा राष्ट्रीय राजनीति और प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के रूप में पेश किए जाने पर कांग्रेस ने तीखा तंज कसा है. कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने सोमवार को इन चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए दो टूक कहा कि देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए संसद में कम से कम 272 सांसदों का संख्याबल चाहिए होता है. केवल सोशल मीडिया या समर्थकों द्वारा माहौल बना देने से कोई प्रधानमंत्री की कुर्सी तक नहीं पहुंच जाता। 

    दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई 31वीं ‘साउदर्न जोनल काउंसिल’ की अहम बैठक में मुख्यमंत्री विजय के शामिल होने के बाद से ही उनके राष्ट्रीय स्तर पर उभरने की अटकलें तेज हो गई थीं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कार्ति चिदंबरम ने कहा कि किसी भी क्षेत्रीय या नई राजनीतिक पार्टी के नेतृत्व की राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी महत्वाकांक्षाएं हो सकती हैं, लेकिन लोकतंत्र में कुर्सी का फैसला संसद के आंकड़े ही करते हैं. जब तक आपके पास 272 लोकसभा सीटों का जादुई आंकड़ा या मजबूत गठबंधन नहीं है, तब तक ऐसी बातें केवल ख्याली पुलाव हैं। 

    कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने क्या कहा?
    कार्ति चिदंबरम ने TVK के पीएम उम्मीदवार से जुड़े दावे पर कहा कि भारत का प्रधानमंत्री बनने के लिए 272 सांसदों का समर्थन जरूरी है. उनके मुताबिक, किसी भी राजनीतिक दल या गठबंधन के पास अगर 272 सांसदों का समर्थन है तो उस गठबंधन का नेता प्रधानमंत्री बन सकता है. उन्होंने कहा कि TVK एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो एक बड़े फिल्म स्टार के इर्द-गिर्द केंद्रित है. इसलिए पार्टी अपने नेता को लेकर अपनी उम्मीदें, सपने और महत्वाकांक्षाएं रख सकती है. कांग्रेस नेता के इस बयान को TVK के उस दावे पर प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें पार्टी के नेताओं ने विजय को देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में पेश किया है। 

    कांग्रेस ने विजय की राजनीति पर साधा निशाना
    इससे पहले तमिलनाडु कांग्रेस प्रमुख मणिकम टैगोर भी TVK और विजय की राजनीति पर टिप्पणी कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि TVK के नेता अभी भी फैन क्लब वाली सोच में हैं और ऐसी सोच को बदलना आसान नहीं है. टैगोर ने कहा कि देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से सभी परिचित हैं. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर विपक्ष की शक्तियां कम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीजेपी से लड़ रही है, लेकिन दोनों की राजनीतिक शैली अलग है। 

    कांग्रेस ने फिर दोहराया राहुल गांधी का नाम
    कांग्रेस की ओर से लगातार राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए अपने प्रमुख चेहरे के तौर पर पेश किया जा रहा है. 22 अगस्त को मणिकम टैगोर ने राहुल गांधी का नाम दोहराते हुए तमिलनाडु में NEET को लेकर कांग्रेस की पुरानी स्थिति भी बताई थी. टैगोर ने कहा था कि राज्य को यह तय करने का अधिकार होना चाहिए कि तकनीकी परीक्षाएं किस तरह आयोजित की जाएं. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी 2019 के कांग्रेस घोषणापत्र में तमिलनाडु को NEET से मुक्त करने के वादे के प्रमुख सूत्रधार थे। 

    उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने वादा किया था कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनने पर तमिलनाडु को NEET से छूट दी जाएगी. टैगोर ने यह भी कहा कि तमिलनाडु को राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने से पहले ही NEET से छूट मिलनी चाहिए और मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का आधार 12वीं के परीक्षा परिणाम होने चाहिए। 

    TVK नेताओं ने विजय को बताया अगला प्रधानमंत्री
    वहीं, TVK की ओर से विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने को लेकर कई बड़े बयान सामने आ चुके हैं. तमिलनाडु सरकार में मंत्री एम. शरतकुमार ने विजय को अगला भारतीय प्रधानमंत्री तक बता दिया था. उन्होंने कहा था कि पार्टी के नेता विजय उनके दिलों और घरों के साथ-साथ सेंट जॉर्ज फोर्ट में भी मुख्यमंत्री हैं और वह अगले भारतीय प्रधानमंत्री हैं. उन्होंने दावा किया कि विजय निश्चित रूप से देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे। 

    दक्षिण भारत से PM बनाने की मांग भी उठी
    TVK के एक अन्य नेता आधव अर्जुन ने भी प्रधानमंत्री पद को लेकर दक्षिण भारत की दावेदारी की बात कही थी. उन्होंने कहा था कि मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में पांच या छह उत्तरी राज्यों के एक साथ आने से प्रधानमंत्री चुना जा सकता है. उन्होंने इस व्यवस्था को बदलने की जरूरत बताते हुए कहा था कि भविष्य में प्रधानमंत्री दक्षिणी राज्यों, खासकर तमिलनाडु से चुना जाना चाहिए. विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बताए जाने और कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी का नाम दोहराए जाने के बीच तमिलनाडु की राजनीति में यह मुद्दा आने वाले दिनों में और चर्चा में रहने की संभावना है। 

    चिदंबरम ने कहा, “भारत का प्रधानमंत्री बनने के लिए आपको 272 सांसदों का समर्थन हासिल करना होता है; जो भी गठबंधन या राजनीतिक पार्टी 272 सांसदों का समर्थन जुटा लेती है, उसी गठबंधन या पार्टी का नेता भारत का प्रधानमंत्री बनता है. यह एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो एक बहुत मशहूर फिल्म स्टार के इर्द-गिर्द केंद्रित है. इसलिए, वे अपने नेता के लिए कल्पनाएं, सपने, महत्वाकांक्षाएं और इच्छाएं रख सकते हैं.” इससे पहले, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद मणिकम टैगोर ने सत्ताधारी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा था कि तमिलनाडु के कुछ मंत्री अभी भी ‘फैन क्लब मोड’ में काम कर रहे हैं और ऐसी सोच वाले लोगों को बदला नहीं जा सकता।