Category: खेल

  • टीम इंडिया की प्लेइंग XI में बड़ा फेरबदल! रिंकू की एंट्री, 3 डेब्यू और वैभव सूर्यवंशी से धमाकेदार उम्मीदें

    टीम इंडिया की प्लेइंग XI में बड़ा फेरबदल! रिंकू की एंट्री, 3 डेब्यू और वैभव सूर्यवंशी से धमाकेदार उम्मीदें

     हरारे

    करीब दो साल पहले भारत ने जिम्बाब्वे का दौरा किया था. तब टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद युवा टीम को पहले मुकाबले में हार मिली थी, लेकिन इसके बाद लगातार चार मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली थी. इस बार भी टीम इंडिया युवा खिलाड़ियों के साथ नए प्रयोग करने उतरेगी। 

    इस सीरीज का सबसे बड़ा दबाव कप्तान श्रेयस अय्यर पर रहेगा. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे को मिलाकर उनकी कप्तानी में भारत लगातार सात टी20 मुकाबले नहीं जीत पाया है. ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ भी खराब प्रदर्शन होने पर सवाल और तेज हो सकते हैं। 

    हालांकि जिम्बाब्वे को हल्के में नहीं लिया जा सकता. सिकंदर रजा की कप्तानी वाली टीम इसी साल टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी टीमों को हरा चुकी है. हालांकि हालिया फॉर्म उनकी चिंता बढ़ाती है. टीम अपने पिछले छह टी20 मुकाबलों में से पांच हार चुकी है और बांग्लादेश से 2-1 से सीरीज भी गंवाई है। 

    भारत का रिकॉर्ड जरूर बेहतर है. दोनों टीमों के बीच अब तक 14 टी20 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 11 और जिम्बाब्वे ने 3 मैच जीते हैं. टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने 72 रन से जीत दर्ज की थी, हालांकि उस मुकाबले में ब्रायन बेनेट ने 97 रन बनाकर भारतीय टीम को चुनौती दी थी। 

    हरारे की पिच क्या कहती है?
    हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच पर हाल में बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे खेले गए, जिनमें कोई भी टीम 250 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी. जिम्बाब्वे की सर्दियों में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को नमी का फायदा मिलने की उम्मीद है. अंतिम वनडे में पिच पर घास भी छोड़ी गई थी, जिससे बल्लेबाजी आसान नहीं रही थी। 

    मौसम साफ रहने का अनुमान है. तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। 

    वैभव सूर्यवंशी पर फिर होंगी निगाहें
    15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर भारतीय टीम के सबसे चर्चित खिलाड़ी होंगे. इंग्लैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन हरारे उनके लिए खास मैदान है. इसी मैदान पर उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। 

    वैभव ने सीरीज से पहले स्वीकार किया कि पिछले कुछ महीने उनके लिए उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं. ऐसे में परिचित मैदान पर वह नई शुरुआत करना चाहेंगे। 

    रिंकू की वापसी, तीन खिलाड़ियों को मिल सकता है डेब्यू
    भारतीय बल्लेबाजी क्रम में रिंकू सिंह की वापसी लगभग तय मानी जा रही है. वहीं इस सीरीज में कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है. तेज गेंदबाज अशोक शर्मा, स्पीड स्टार मयंक यादव, बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे, विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और तेज गेंदबाज यश ठाकुर पहली बार भारत के लिए टी20 खेलने की दौड़ में हैं। 

    संभावना है कि अशोक शर्मा, हर्ष दुबे और यश ठाकुर को पहले मैच में डेब्यू का मौका मिले. हालांकि मयंक यादव और रवि बिश्नोई भी सेलेक्शन की दौड़ में बने हुए हैं। 

    हरारे टी20 में टीम इंड‍िया की संभावित भारतीय प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे/रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा/मयंक यादव, यश ठाकुर, प्रिंस यादव। 

    जिम्बाब्वे ने भी किए बदलाव
    जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश सीरीज के बाद अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं. ऑलराउंडर वेस्ली मधेवेरे और तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी की वापसी हुई है, जबकि विकेटकीपर तफाद्जवा त्सिगा को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। 

    रिचर्ड नगरावा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस की तेज गेंदबाजी तिकड़ी भारत के लिए चुनौती बन सकती है. हालांकि जिम्बाब्वे की फील्डिंग अभी भी उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बनी हुई है. बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टी20 में टीम ने सात कैच छोड़े थे। 

    जिम्बाब्वे की संभावित XI: ब्रायन बेनेट, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर)/तफादज़वा त्सिगा, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, मिल्टन शुम्बा, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुज़रबानी

    आंकड़े जो मैच को बनाएंगे खास
        भारत के लिए जिम्बाब्वे में अब तक 22 खिलाड़ियों ने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया है. यह भारत के बाहर किसी एक देश में सबसे ज्यादा डेब्यू का दूसरा आंकड़ा है। 

        अभिषेक शर्मा 2026 में टी20 क्रिकेट में नौ बार शून्य पर आउट हो चुके हैं. यह एक कैलेंडर वर्ष में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है। 

        श्रेयस अय्यर पहले सात टी20 मैचों में जीत हासिल नहीं करने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे फुल मेंबर कप्तान हैं 

    ज‍िम्बाब्वे का टी20 स्कॉड: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, वेस्ली मधेवेरे, मिल्टन शुम्बा, रिचर्ड नगारवा, तनाका चिवांगा, ब्लेसिंग मुजरबानी, बेन करन, तफादजवा त्सिगा, न्यूमैन न्यामहुरी

    टीम इंडिया का टी20 स्कॉड:: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई

  • डेविड वॉर्नर की मुश्किलें बढ़ीं, ड्रिंक एंड ड्राइव केस में गलती मानी, 18 अगस्त को सुनाई जाएगी सजा

    डेविड वॉर्नर की मुश्किलें बढ़ीं, ड्रिंक एंड ड्राइव केस में गलती मानी, 18 अगस्त को सुनाई जाएगी सजा

    मेलबर्न 

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. शराब पीकर गाड़ी चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) के मामले में उन्होंने कोर्ट में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. इस मामले में अब 18 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी. वॉर्नर के इस कबूलनामे के बाद सिडनी थंडर की कप्तानी पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। 

    बुधवार को वेवरली लोकल कोर्ट में सुनवाई के दौरान वॉर्नर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने की जरूरत नहीं पड़ी. उनके वकील बॉबी हिल ने कोर्ट को बताया कि वॉर्नर ईस्टर संडे को मिड-रेंज ड्रिंक-ड्राइविंग के आरोप को स्वीकार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मामले के तथ्यों को लेकर दोनों पक्षों के बीच अभी चर्चा जारी है। 

    यह घटना 5 अप्रैल की है, जब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से ब्रेक लेकर ऑस्ट्रेलिया लौटे वॉर्नर को सिडनी के पूर्वी इलाके में पुलिस ने रोका था. सड़क किनारे शुरुआती जांच के बाद उन्हें मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में उनका अल्कोहल स्तर 0.104 पाया गया. यह ऑस्ट्रेलिया में तय कानूनी सीमा से दोगुने से भी अधिक था। 

    वॉर्नर के वकील ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि उनका मुवक्किल दोष स्वीकार करेगा. उन्होंने कहा कि वॉर्नर जानते हैं कि उन्होंने गलत फैसला लिया. उन्हें टैक्सी या उबर लेनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने कार चलाने का फैसला किया, जो बेहद लापरवाही भरा था। 

    वकील के मुताबिक, वॉर्नर ने एक दोस्त के अपार्टमेंट में तीन गिलास वाइन पी थी. उन्होंने यह भी कहा कि वॉर्नर का आखिरी ड्रिंक पुलिस द्वारा रोके जाने से केवल 11 मिनट पहले हुआ था. वॉर्नर अपने किए पर पछता रहे हैं और अदालत से नरमी की अपील करेंगे, हालांकि वे आम नागरिक की तरह मिलने वाली सजा स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। 

    तो क्या स‍िडनी थंडर की कप्तानी छोड़ेगे वॉर्नर 
    इस मामले ने सिडनी थंडर की कप्तानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. वॉर्नर के दोष स्वीकार करने के बाद टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई. हालांकि, क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स (Cricket NSW) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ली जर्मन ने कहा कि यह मामला गंभीर है क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स सुरक्षित ड्राइविंग की सपोर्टर है, ड्रिंक एंड ड्राइविंग की नहीं। 

    ध्यान रहे सिडनी थंडर, सिडनी सिक्सर्स और एनएसडब्ल्यू ब्लूज राज्य सरकार के ड्रिंक एंड ड्राइविंग विरोधी अभियान का हिस्सा भी हैं. वॉर्नर हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे थे. इससे पहले 2018 के सैंडपेपर बॉल टैंपरिंग विवाद के कारण उन पर आजीवन लीडरशिप बैन लगाया गया था, जिसे 2024 में हटा दिया गया. इसके बाद उन्हें सिडनी थंडर का कप्तान बनाया गया था. अब यह नया विवाद उनकी कप्तानी के भविष्य पर भी सवाल खड़े कर रहा है। 

  • भारतीय टीम में नई कमान, कल बदले हुए हेड कोच के साथ होगी नई शुरुआत

    भारतीय टीम में नई कमान, कल बदले हुए हेड कोच के साथ होगी नई शुरुआत

    नई दिल्ली

    टीम इंडिया आयरलैंड और इंग्लैंड के टूर के खत्म होने के बाद अब कल यानी 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलेगी। इस दौरे पर सिर्फ यही 3 मैच टी20 सीरीज के खेले जाएंगे, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि इस दौरे पर गौतम गंभीर हेड कोच के रूप में नहीं होंगे। किसी अन्य शख्स को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने हेड कोच बनाकर भेजा है। हालांकि, इस टी20 सीरीज में कप्तानी श्रेयस अय्यर ही करेंगे, जो यूके के दौरे पर सभी 10 मैचों का हिस्सा रहे थे।

    दरअसल, टीम इंडिया 23, 25 और 26 जुलाई को खेले जाने वाले 3 टी20 मैचों में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरेगी, लेकिन इस सीरीज में गौतम गंभीर की जगह वीवीएस लक्ष्मण होंगे। हेड कोच इस सीरीज के लिए जरूर बदला है, लेकिन यह कोई परमानेंट फैसला नहीं है। गौतम गंभीर अभी टीम इंडिया के हेड कोच हैं, लेकिन दो सीरीज के बीच कम समय और अगली सीरीज को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने वीवीएस लक्ष्मण को जिम्बाब्वे भेजने का फैसला किया था। वीवीएस इस वक्त सीओई के हेड भी हैं।

    बीसीसीआई ने नहीं बदला है हेड कोच
    बीसीसीआई ने हेड कोच को नहीं बदला है, बल्कि इंग्लैंड और जिम्बाब्वे की सीरीज के बीच बहुत कम गैप था। 19 जुलाई को आखिरी वनडे मैच खत्म हुआ और 23 जुलाई को जिम्बाब्वे में पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला जाना है। ये सीरीज खत्म होगी तो कुछ दिन के बाद भारतीय खिलाड़ी श्रीलंका के दौरे पर चले जाएंगे, जहां टेस्ट और टी20 सीरीज टीम इंडिया को खेलनी है। उस सीरीज में गौतम गंभीर ही टीम इंडिया के हेड कोच होंगे। अगस्त में श्रीलंका का दौरा खत्म होगा और फिर सितंबर में एशियन गेम्स शुरू होंगे। ऐसा पहली बार नहीं है, जो किसी छोटे दौरे के लिए सीओई या एनसीए के कोच को साथ भेजा गया है।

    कोचिंग स्टाफ के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए और चार दिन में खत्म होने वाली इस 3 मैचों की सीरीज के लिए बेंगलुरु स्थिन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के सपोर्ट स्टाफ को बीसीसीआई ने जिम्बाब्वे भेजने का फैसला पहले ही कर लिया था। वीवीएस लक्ष्मण के साथ उनका सपोर्ट स्टाफ भारत के करीब आधा दर्जन खिलाड़ियों के साथ पहले ही जिम्बाब्वे पहुंच गया है। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर समेत कई खिलाड़ी लंदन से हरारे के लिए गए हैं, जहां 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है।

    इंडिया वर्सेस जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का शेड्यूल

    पहला टी20 मैच – 23 जुलाई को हरारे में शाम साढ़े 4 बजे से

    दूसरा टी20 मैच – 25 जुलाई को हरारे में शाम साढ़े 4 बजे से

    तीसरा टी20 मैच 26 जुलाई को हरारे में शाम साढ़े 4 बजे से

  • वॉशिंगटन सुंदर अनफिट हुए तो सारांश जैन को मिल सकता है मौका

    वॉशिंगटन सुंदर अनफिट हुए तो सारांश जैन को मिल सकता है मौका

    नई दिल्ली
    इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हुए भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस ने श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

    आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम चुनने से पहले सेलेक्टर्स उनकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमेटी के सामने प्लेइंग कॉम्बिनेशन को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.

    'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, सुंदर दूसरे वनडे में दाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण सीरीज के निर्णायक मुकाबले से बाहर हो गए थे.

    अब वह जल्द ही बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) पहुंचेंगे, जहां उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा. मेडिकल टीम की मंजूरी मिलने के बाद ही उन्हें श्रीलंका रवाना किया जाएगा.

    भारतीय टीम अगस्त के पहले सप्ताह में श्रीलंका के लिए रवाना होने वाली है. टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले टीम चार दिवसीय वॉर्म-अप मैच भी खेलेगी, ताकि खिलाड़ी वहां की परिस्थितियों के मुताबिक खुद को तैयार कर सकें.

    सुंदर नहीं खेले तो सारांश जैन बन सकते हैं विकल्प
    अगर वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट तक फिट नहीं हो पाते हैं तो सेलेक्टर्स ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन पर दांव खेल सकते हैं. 33 वर्षीय सारांश ने हाल ही में भारत-ए की ओर से श्रीलंका-ए के खिलाफ दो अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट लिए थे. वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने की क्षमता भी रखते हैं, जिससे टीम को अतिरिक्त संतुलन मिल सकता है.

    जडेजा और नीतीश रेड्डी पर भी बना हुआ सस्पेंस
    अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की वापसी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. वह अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं थे. दूसरी ओर, टेस्ट डेब्यू में सात विकेट लेकर प्रभावित करने वाले मानव सुथार ने अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है. वहीं ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस पर भी अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है.

    WTC की रेस में भारत के लिए अहम होगी यह सीरीज
    भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा. यह सीरीज भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप (WTC) 2025-27 के लिहाज से बेहद अहम है. भारत फिलहाल पॉइंट टेबल में पांचवें स्थान पर है. टीम ने अब तक नौ टेस्ट में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ खेला है, जिसके साथ उसका जीत प्रतिशत 58.15 है. दूसरी ओर, श्रीलंका वेस्टइंडीज दौरे पर सीरीज हारने के बाद छठे स्थान पर मौजूद है.

  • भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज से पहले रजा ने जताई रोमांचक मुकाबले की उम्मीद

    भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज से पहले रजा ने जताई रोमांचक मुकाबले की उम्मीद

    नई दिल्ली
    जिम्बाब्वे के टी20 कप्तान सिकंदर रजा ने भारत को आगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज का एकतरफा प्रबल दावेदार मानने से इनकार किया है. उनका कहना है कि यह सीरीज बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाली होगी, जिसमें दोनों टीमों के पास जीत का बराबर मौका है.

    भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज गुरुवार से शुरू हो रही है. जिम्बाब्वे को उम्मीद है कि वह उस भारतीय टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेगा, जो आयरलैंड और इंग्लैंड के निराशाजनक व्हाइट-बॉल दौरे के बाद वापसी की कोशिश में है.

    भारत को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी. इसके बाद नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 4-0 से हराया. वहीं शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया वनडे सीरीज भी 1-2 से गंवा बैठी.

    स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में रजा ने कहा, 'इस सीरीज में दोनों देशों के पास बराबर मौका है. लेकिन एक बात मैं पूरे भरोसे से कह सकता हूं कि जिम्बाब्वे लगातार अच्छा और मनोरंजक क्रिकेट खेल रहा है. इसलिए यह सीरीज भी बेहद रोमांचक होगी.'

    इस साल फरवरी में कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराकर बड़ा उलटफेर किया था. उस हार की वजह से ऑस्ट्रेलिया ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था. इसके अलावा जिम्बाब्वे इस साल श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी टीमों को भी हरा चुका है.

    136 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके अनुभवी ऑलराउंडर रजा ने कहा, 'जहां तक सीरीज जीतने की बात है, दोनों टीमों के पास बराबर अवसर है.'

    उन्होंने यह भी कहा कि भारत इस समय बदलाव (ट्रांजिशन) के दौर से गुजर रहा है और जिम्बाब्वे की टीम में भी कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे. रजा ने कहा, 'भारत ट्रांजिशन के दौर में है और कुछ हद तक जिम्बाब्वे भी बदलाव के दौर से गुजर रहा है. इसलिए मुझे नहीं लगता कि यह एकतरफा सीरीज होगी.'

    सीरीज के दूसरे और तीसरे टी20 मुकाबले 25 और 26 जुलाई को इसी मैदान पर खेले जाएंगे.

  • 387 रन लुटाकर भारत हारा, मिडिल ओवर्स की कमजोरी बनी बड़ी परेशानी

    387 रन लुटाकर भारत हारा, मिडिल ओवर्स की कमजोरी बनी बड़ी परेशानी

    नई दिल्ली
    इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम की गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर नजर आई. दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह घुटने में सूजन के कारण मुकाबले से बाहर थे और उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिला. हालांकि प्रसिद्ध कृष्णा ने शुरुआत में शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार दो मेडन ओवर फेंके और 20 डॉट गेंदों का स्पेल डाला, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला.

    इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैकब बेथेल और बेन डकेट ने पहले संभलकर बल्लेबाजी की और फिर भारतीय गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी हो गए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रन जोड़कर कुछ बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. यह इंग्लैंड की तरफ से भारत के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी रही. साथ ही इस मैदान पर किसी वनडे इंटरनेशनल मैच में बनी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी भी थी. डकेट ने 135 गेंदों पर 141 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं बेथेल के बैट से 91 रन निकले.

    भारत ने खराब गेंदबाजी के साथ-साथ अनुशासन भी खो दिया. टीम ने कुल 26 रन अतिरिक्त के तौर पर दिए, जिनमें 16 वाइड, 9 लेग बाई और 1 नो बॉल शामिल थे. युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव अपने शुरुआती ओवर में ही 11 रन खर्च कर बैठे. पूर्व इंग्लैंड कप्तान नासिर हुसैन ने कमेंट्री के दौरान कहा, 'यही भारत की गेंदबाजी का सार है.' वहीं टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने भी भारतीय गेंदबाजी को बेहद साधारण करार दिया.

    इंग्लैंड ने 50 ओवर्स में 3 विकेट पर 387 रन बनाए, जो लॉर्ड्स में बना सबसे बड़ा ओडीआई स्कोर है. जो रूट ने भी भारत की मुश्किलें बढ़ाते हुए सिर्फ 48 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए. यह वनडे इंटनरेशनल में उनका लगातार छठा फिफ्टी प्लस स्कोर रहा. पूरी सीरीज में भारतीय गेंदबाज रूट को आउट नहीं कर सके. उन्होंने तीन पारियों में 249 रन बनाए.

    लॉर्ड्स में प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए, लेकिन उन्होंने भी 69 रन खर्च किए. गुरनूर बरार (97 रन) प्रिंस यादव (79 रन) और अर्शदीप सिंह (72 रन) तो काफी महंगे साबित हुए. इंग्लैंड ने पावरप्ले में 58 रन बनाए, लेकिन असली नुकसान मिडिल ओवर्स में हुआ, जहां उसने 203 रन जोड़ दिए. आखिरी 10 ओवरों में भी भारत ने 126 रन लुटा दिए, जिनमें 62 रन तो आखिरी 3 ओवरों में आए.

    कुलदीप को ना खिलाना समझ से परे
    बूम बूम बुमराह की गैरमौजूदगी ने भारत की तेज गेंदबाजी की धार जरूर कम कर दी, लेकिन उससे भी बड़ा सवाल कुलदीप यादव को लगातार बाहर रखने पर उठ रहा है. चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के बाद भारत ने 15 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें कुलदीप सिर्फ 8 मुकाबलों में ही खेले हैं. वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बाद उम्मीद थी कि कुलदीप को मौका मिलेगा क्योंकि मिडिल ओवर्स में विकेट निकालना उनकी सबसे बड़ी ताकत है. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने उन्हें प्लेइंग-11 शामिल नहीं किया.

    2027 वर्ल्ड कप से पहले खतरे की घंटी
    इंग्लैंड कप्तान हैरी ब्रूक ने मैच से पहले कहा था कि जो टीम मिडिल ओवर्स में विकेट निकालती है और रन रोकती है, वही मैच पर नियंत्रण बनाती है. भारत की सबसे बड़ी समस्या भी यही बनती जा रही है. पहले न्यूजीलैंड अब इंग्लैंड… मिडिल ओवर्स में भारतीय गेंदबाज लगातार विकेट लेने और रन रोकने में संघर्ष करते दिखे हैं.

    लॉर्ड्स की यह हार सिर्फ एक मैच गंवाने की कहानी नहीं है, बल्कि इसने साफ कर दिया कि अगर भारत को 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतना है तो सिर्फ जसप्रीत बुमराह पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं होगा. टीम को मिडिल ओवर्स की गेंदबाजी, संयम और सही टीम कॉम्बिनेशन पर जल्द काम करना होगा.

  • गिल बोले, रोहित शर्मा के संन्यास पर टीम में कोई चर्चा नहीं हुई

    गिल बोले, रोहित शर्मा के संन्यास पर टीम में कोई चर्चा नहीं हुई

    नई दिल्ली
    इंग्लैंड के खिलाफ रविवार (19 जुलाई) लॉर्ड्स में आयोजित वनडे सीरीज के तीसरे एवं निर्णायक मुकाबले से पहले भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह मुकाबला उनका आखिरी वनडे हो सकता है. हालांकि मैदान पर रोहित ने 138 रनों की दमदार पारी खेलकर अपने बल्ले से जवाब दिया.

    मैच के बाद शुभमन गिल ने उनके संन्यास को लेकर फैली अफवाहों पर भी स्थिति साफ कर दी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब शुभमन गिल से पूछा गया कि क्या रोहित शर्मा ने टीम को अपने भविष्य के बारे में कुछ बताया है, तो उन्होंने बिना किसी हिचक के इन खबरों को खारिज कर दिया.

    शुभमन गिल ने कहा, 'रोहित भाई ने हमें ऐसा कुछ नहीं बताया है. हमें इस बारे में बात करने का मौका भी नहीं मिला. मुझे लगता है कि यह सब सिर्फ मीडिया में चल रही बातें हैं. टीम के अंदर ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई.' शुभमन ने दोबारा भी यही बात दोहराई और कहा कि ड्रेसिंग रूम में किसी ने भी रोहित के संन्यास को लेकर बात नहीं की.
    यह भी पढ़ें: लॉर्ड्स में रोहित लड़े, ग‍िल-व‍िराट भी अड़े… फ‍िर कैसे हो गया टीम इंड‍िया का

    इंग्लैंड के सामने सरेंडर
    रिटायरमेंट की अफवाहों के बीच रोहित शर्मा ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में उनका अनुभव कितना अहम है. 388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने 110 गेंदों पर 138 रन बनाए और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा.

    शुभमन गिल ने उनकी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, 'मैं ज्यादातर समय नॉन-स्ट्राइकर एंड पर था और उन्हें करीब से देख रहा था. वह पूरे समय बेहद शांत थे. पावरप्ले में हम बात कर रहे थे कि नई गेंद पर कितना आक्रमण करना चाहिए, क्योंकि शुरुआत में बड़े शॉट लगाना आसान नहीं था. लेकिन रोहित भाई ने पहले परिस्थितियों को समझा और फिर शानदार तरीके से रन गति बढ़ाई. बहुत कम समय में उन्होंने 60-70 रन जोड़ दिए. उनकी पारी शानदार थी.'

    BCCI की ओर से क्या कहा गया?
     BCCI (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड) के सचिव देवजीत सैकिया भी पहले ही साफ कर चुके थे कि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है. उन्होंने कहा था, 'रोहित भारतीय वनडे टीम के नियमित सदस्य हैं और जब तक वह चयनकर्ताओं की योजनाओं का हिस्सा हैं, तब तक देश के लिए खेलते रहेंगे. लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं था.'
    यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में शतक जड़कर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, सचिन

    तेंदुलकर-सईद अनवर भी पीछे छूटे
    इस पारी के दौरान रोहित ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. हालांकि भारत 388 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 27 रनों से मुकाबला हार गया और इंग्लैंड ने सीरीज 2-1 से जीत ली, लेकिन मैच के बाद चर्चा हार की नहीं, बल्कि रोहित शर्मा की दमदार वापसी और उनके भविष्य को लेकर उठी अफवाहों पर शुभमन गिल के बयान की रही.

  • लॉर्ड्स में फीका रिकॉर्ड बदलने उतरेंगे रोहित-विराट, दांव पर वनडे सीरीज का खिताब

    लॉर्ड्स में फीका रिकॉर्ड बदलने उतरेंगे रोहित-विराट, दांव पर वनडे सीरीज का खिताब

    नई दिल्ली
    भारत और इंग्लैंड के बीच आज 19 जुलाई (रविवार) को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा.

    सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वह सीरीज अपने नाम कर लेगी. लेकिन इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम के दो सबसे बड़े बल्लेबाजों रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर हो रही है.

    रोहित शर्मा और विराट कोहली ने अपने करियर में दुनिया के लगभग हर बड़े मैदान पर यादगार पारियां खेली हैं, लेकिन क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में दोनों का रिकॉर्ड खास नहीं है.

    इस मैदान पर दोनों बल्लेबाज बड़ी और मैच जिताऊ पारी खेलने में लगातार संघर्ष करते नजर आए हैं. यही वजह है कि सीरीज के सबसे अहम मुकाबले में एक बार फिर सबकी निगाहें इन्हीं दोनों दिग्गजों पर रहेंगी.

    भारत के लिए यह मुकाबला सिर्फ सीरीज जीतने का मौका नहीं, बल्कि रोहित और विराट के लिए लॉर्ड्स में अपनी छाप छोड़ने का भी सुनहरा अवसर है. अगर भारतीय टीम को इंग्लैंड को उसके घर में हराकर सीरीज अपने नाम करनी है, तो रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला चलना बेहद जरूरी होगा.

    कैसा है लॉर्ड्स में रोहित-विराट का रिकॉर्ड?
    विराट कोहली का लॉर्ड्स में रिकॉर्ड अच्छा नहीं है. विराट ने लॉर्ड्स में 3 वनडे में मात्र 77 रन ही बनाए हैं. ऐसे में विराट इस मैदान पर जरूर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे. रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में सिर्फ 2 वनडे इंटरनेशनल खेले हैं , जिनमें उन्होंने 7.50 के औसत से कुल 15 रन ही बनाए हैं

    कैसी है लॉर्ड्स की पिच?
    लॉर्ड्स की पिच पारंपरिक रूप से तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है. नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकता है.शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों के लिए मुश्किल हो सकती है, लेकिन एक बार सेट होने के बाद रन बनाना आसान हो जाता है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है.

    सीरीज बराबरी पर है, दबाव दोनों टीमों पर है और मंच लॉर्ड्स जैसा ऐतिहासिक. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली आखिरकार इस मैदान पर अपने फीके रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भारत को यादगार जीत दिला पाएंगे, या फिर लॉर्ड्स एक बार फिर इन दोनों दिग्गजों के लिए चुनौती बना रहेगा.

    भारत की संभावित प्लेइंग XI: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, कुलदीप यादव, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा

  • कोहली के पास सुनहरा मौका, वनडे में 15 हजार रन पूरे कर बनाएंगे इतिहास

    कोहली के पास सुनहरा मौका, वनडे में 15 हजार रन पूरे कर बनाएंगे इतिहास

    नई दिल्ली
    भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है. विराट कोहली लगभग छह महीने बाद टीम इंडिया की जर्सी में खेलते हुए दिखाई देंगे. इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में कोहली के निशाने पर कुछ बड़े रिकॉर्ड्स होंगे. विराट खास मामले में सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ सकते हैं. दरअसल, विराट ने अब तक भारत के लिए 311 वनडे मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने खेली 299 पारियों में 58.71 की औसत से 14,797 रन बनाए हैं.

    कोहली इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में अगर 203 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह 50 ओवर के फॉर्मेट में 15 हजार रन पूरे कर लेंगे. इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंचने वाले कोहली सचिन तेंदुलकर के बाद विश्व के महज दूसरे बल्लेबाज बनेंगे. कोहली ने अपने एकदिवसीय करियर में 54 शतक और 77 अर्धशतक लगाए हैं.

    सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने के लिए 359 पारियां खेली थीं. हालांकि, विराट के पास इस मामले में उन्हें पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका होगा. कोहली अगर इस सीरीज में 203 रन बनाने में कामयाब रहते हैं, तो वह सबसे तेज 15 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. सचिन ने यह उपलब्धि साल 2007 में हासिल की थी.

    कोहली का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में दमदार रहा है. उन्होंने इंग्लिश टीम का गेंदबाजी अटैक खूब रास आता है. इंग्लैंड के खिलाफ खेली 38 पारियों में विराट ने 41 की औसत से खेलते हुए 1,397 रन बनाए हैं. इस दौरान कोहली ने तीन शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं. इंग्लैंड की सरजमीं पर कोहली ने खेली 33 पारियों में 51.88 की औसत से 1,349 रन बनाए हैं. वह इंग्लिश कंडिशंस में एक शतक और 12 अर्धशतक लगा चुके हैं.

    भारतीय टीम की चाहत यही होगी कि कोहली इंग्लैंड के खिलाफ अपने 'विराट' रिकॉर्ड को इस वनडे सीरीज में भी बरकरार रखने में सफल रहें. वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को खेला जाना है, जबकि दूसरा वनडे 16 और तीसरा एकदिवसीय मुकाबला 19 जुलाई को खेला जाना है.

  • मैच फिक्सिंग केस में बड़ा एक्शन, U-19 वर्ल्ड कप स्टार मनजोत कालरा और युवराज श्रीलंका में गिरफ्तार

    मैच फिक्सिंग केस में बड़ा एक्शन, U-19 वर्ल्ड कप स्टार मनजोत कालरा और युवराज श्रीलंका में गिरफ्तार

       कोलंबो
       भारत के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर और लंका प्रीमियर लीग (LPL) फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स के सह-मालिक मनजोत कालरा को श्रीलंका में कथित भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 27 वर्षीय कालरा पर एक खिलाड़ी को मैच फ‍िक्स‍िंग के लिए उकसाने का आरोप है. उन्हें पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) फॉर द प्रिवेंशन ऑफ ऑफेंसेज रिलेटिंग टू स्पोर्ट्स ने शुक्रवार को हिरासत में लिया। 

    पीटीआई की र‍िपोर्ट के मुताब‍िक गिरफ्तारी के बाद कालरा को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इस मामले में एक अन्य भारतीय नागरिक युवराज पुष्पा को भी गिरफ्तार किया गया है. अदालत ने उन्हें भी न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। 

    इस पूरे घटनाक्रम के बीच श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने साफ किया कि इन गिरफ्तारियों का लंका प्रीमियर लीग 2026 के आयोजन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. बोर्ड ने कहा कि वह जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग देगा और टूर्नामेंट की पारदर्शिता तथा निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 

    श्रीलंका क्रिकेट ने अपने बयान में कहा कि LPL 2026 के संचालनकर्ता के रूप में वह टूर्नामेंट की ईमानदारी और विश्वसनीयता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. बोर्ड ने दोहराया कि लीग से जुड़े किसी भी हितधारक द्वारा भ्रष्टाचार, अनुचित आचरण या किसी भी तरह की गड़बड़ी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

    बोर्ड ने बताया कि टूर्नामेंट को सर्वोच्च नैतिक और पारदर्शी मानकों के अनुरूप संचालित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं. SLC की एंटी-करप्शन यूनिट लगातार सरकार की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि लीग का एंटी-करप्शन ढांचा और मजबूत बनाया जा सके. श्रीलंका क्रिकेट ने एक बार फिर दोहराया कि भ्रष्टाचार और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति लागू रहेगी और टूर्नामेंट की साख बचाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। 

    मनजोत कालरा 2018 आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाकर सुर्खियों में आए थे. उनकी मैच जिताऊ पारी की बदौलत भारत ने खिताब जीता था. क्रिकेट से दूरी बनाने के बाद उन्होंने स्पोर्ट्स बिजनेस की ओर रुख किया और इसी साल जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी में निवेश कर उसके सह-मालिक बने थे. अब LPL 2026 के दौरान उनकी गिरफ्तारी ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।