Category: धर्म अध्यात्म

  • वास्तु के अनुसार किस दिशा में सिर करके सोना चाहिए? जानें सही दिशा और मान्यताएं

    वास्तु के अनुसार किस दिशा में सिर करके सोना चाहिए? जानें सही दिशा और मान्यताएं

    रात में अच्छी नींद के लिए आरामदायक बिस्तर और शांत माहौल जरूरी होता है. वहीं वास्तु शास्त्र में सोने की दिशा को लेकर भी कई मान्यताएं बताई गई हैं. वास्तु शास्त्र विशेष्ज्ञ बाबा बिमलेश माना जाता है कि सोते समय सिर और पैर की दिशा का असर व्यक्ति की नींद, मानसिक शांति और सकारात्मकता पर पड़ सकता है. आइए जानते हैं वास्तु के अनुसार सोने की सही दिशा क्या मानी जाती है.

    वास्तु में क्यों महत्वपूर्ण मानी गई है सोने की दिशा?
    वास्तु शास्त्र में घर की अलग-अलग चीजों के साथ-साथ सोने की दिशा का भी जिक्र मिलता है. मान्यता के अनुसार, शरीर की दिशा और आसपास की ऊर्जा के बीच तालमेल होना जरूरी है. इसी वजह से सोते समय सिर और पैर किस तरफ होने चाहिए, इसे लेकर कुछ नियम बताए गए हैं.

    हालांकि, ये वास्तु संबंधी मान्यताएं हैं और इन्हें वैज्ञानिक रूप से स्वास्थ्य या जीवन की घटनाओं का निश्चित कारण नहीं माना जाना चाहिए.

    दक्षिण दिशा की ओर पैर करके सोने से बचें
    वास्तु मान्यता के अनुसार, सोते समय पैर दक्षिण दिशा की तरफ करके नहीं सोना चाहिए. दक्षिण दिशा को पारंपरिक रूप से यम की दिशा माना जाता है, इसलिए इस दिशा में पैर करके सोना शुभ नहीं माना जाता. वास्तु के अनुसार इससे मन में बेचैनी, नकारात्मक विचार या नींद से जुड़ी परेशानी होने की आशंका मानी जाती है.

    दक्षिण दिशा में सिर करके सोना माना जाता है शुभ
    वास्तु के मुताबिक, सोते समय सिर दक्षिण दिशा की ओर और पैर उत्तर दिशा की तरफ रखना अच्छा माना जाता है. इसे सबसे बेहतर दिशाओं में से एक बताया जाता है. मान्यता है कि इस दिशा में सोने से मन शांत रहता है और नींद भी बेहतर हो सकती है.

    पढ़ाई करने वालों के लिए पूर्व दिशा
    वास्तु शास्त्र में पूर्व दिशा को भी सोने के लिए अच्छा माना गया है. खासतौर पर विद्यार्थियों और पढ़ाई-लिखाई से जुड़े लोगों के लिए पूर्व दिशा की ओर सिर करके सोने की सलाह दी जाती है. मान्यता है कि इससे एकाग्रता और याददाश्त बेहतर रखने में मदद मिल सकती है.

    सोते समय इन बातों का भी रखें ध्यान
    सोने की दिशा के अलावा कमरे का माहौल भी अच्छी नींद के लिए जरूरी है. बेड के आसपास ज्यादा सामान न रखें और कमरे में पर्याप्त हवा का इंतजाम रखें. सोने से पहले मोबाइल का इस्तेमाल कम करना और रोज एक तय समय पर सोने की कोशिश करना भी नींद के लिए फायदेमंद हो सकता है.

    इसलिए अगर आप वास्तु के नियमों को मानते हैं, तो सोते समय सिर दक्षिण या पूर्व दिशा की ओर रखने का विकल्प चुन सकते हैं.

  • पुत्रदा एकादशी आज, जानें तुलसी से लेकर मंदिर तक कहां-कहां करें दीपदान

    पुत्रदा एकादशी आज, जानें तुलसी से लेकर मंदिर तक कहां-कहां करें दीपदान

    सावन शुक्ल पक्ष की एकादशी को पुत्रदा एकादशी के नाम से जाना जाता है.भगवान विष्णु को समर्पित इस एकादशी पर व्रत, पूजा, मंत्र जाप और दान के साथ दीपदान का भी विशेष महत्व माना जाता है.धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन श्रद्धापूर्वक दीपक जलाने से घर में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है. इस बार पुत्रदा एकादशी का व्रत 23 अगस्त 2026, रविवार को रखा जा रहा है. एकादशी तिथि 23 अगस्त को रात करीब 2 बजे शुरू होकर 24 अगस्त को सुबह करीब 4:18 बजे समाप्त होगी

    तुलसी के पास जलाएं दीपक
    पुत्रदा एकादशी की शाम तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाना शुभ माना जाता है. पहले तुलसी को जल अर्पित करके पूजा करें. इसके बाद घी का दीपक जलाएं. पौधे से थोड़ी दूरी पर रखें, ताकि गर्मी से तुलसी की पत्तियों को नुकसान न पहुंचे.दीपक जलाते समय भगवान विष्णु का ध्यान और नाम जाप किया जा सकता है.

    भगवान विष्णु के मंदिर में करें दीपदान
    पुत्रदा एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित होने के कारण विष्णु मंदिर में दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है.शाम की पूजा के बाद भगवान के सामने घी या तेल का दीपक जला सकते हैं.इस दौरान 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करना भी श्रद्धालु शुभ मानते हैं.

    पीपल के पेड़ के नीचे जलाएं दीपक
    धार्मिक मान्यता के अनुसार एकादशी पर पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाने से भी पुण्य की प्राप्ति होती है.शाम के समय पीपल के पास दीपक रखकर भगवान का ध्यान किया जा सकता है.हालांकि, सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है.पेड़ के आसपास सूखी पत्तियां या ज्वलनशील सामग्री हो तो वहां दीपक न जलाएं.

    घर के पूजा स्थल पर करें दीपदान
    अगर मंदिर जाना संभव न हो तो घर के पूजा स्थल पर ही दीपदान किया जा सकता है.भगवान विष्णु की पूजा करने के बाद घी का दीपक जलाएं. कुछ समय तक विष्णु मंत्र का जाप या विष्णु सहस्रनाम का पाठ कर सकते हैं.धार्मिक मान्यता में दीपक की संख्या से ज्यादा श्रद्धा को महत्व दिया जाता है.

    किस समय जलाएं दीपक?
    दीपदान के लिए शाम का समय शुभ माना जाता है.सूर्यास्त के आसपास या उसके बाद दीपक जलाया जा सकता है.हालांकि सूर्यास्त का समय शहर के अनुसार अलग-अलग होता है, इसलिए अपने स्थानीय पंचांग के अनुसार समय देखना बेहतर रहेगा.

    पुत्रदा एकादशी का महत्व
    पुत्रदा शब्द का अर्थ संतान प्रदान करने वाला माना जाता है.धार्मिक परंपरा में इस व्रत को संतान सुख, संतान की मंगलकामना और परिवार की खुशहाली से जोड़ा जाता है.इस दिन भगवान विष्णु की पूजा, व्रत कथा का श्रवण और मंत्र जाप करने की परंपरा है.राजा महीजित से जुड़ी पुत्रदा एकादशी की कथा भी इस व्रत के महत्व को बताती है.

    24 अगस्त को होगा व्रत का पारण
    गृहस्थ परंपरा के अनुसार 23 अगस्त को पुत्रदा एकादशी का व्रत रखा जा रहा है, अगले दिन द्वादशी तिथि में पारण किया जाएगा.नई दिल्ली के पंचांग के अनुसार 24 अगस्त को दोपहर करीब 1:41 बजे से शाम 4:16 बजे तक पारण का समय बताया गया है.शहर और परंपरा के अनुसार समय में थोड़ा अंतर हो सकता है.

    वहीं वैष्णव परंपरा में पुत्रदा एकादशी का व्रत 24 अगस्त को माना जा रहा है.इसलिए व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को अपनी परंपरा और स्थानीय पंचांग के अनुसार तिथि का पालन करना चाहिए.

  • महाकाली में अक्षय खन्ना बनेंगे शुक्राचार्य, जानें असुर गुरु की पूरी कहानी

    महाकाली में अक्षय खन्ना बनेंगे शुक्राचार्य, जानें असुर गुरु की पूरी कहानी

    डायरेक्टर प्रशांत वर्मा की फिल्म महाकाली एकबार फिर चर्चा में आ गई है. दरअसल, फिल्म मेर्कस ने हाल ही में अक्षय खन्ना का एक नया लुक जारी किया है, जिसे देखकर इंटरनेट पर हलचल मच गई है. पिछले साल, धुरंधर के रिलीज होने के बाद महाकाली का फर्स्ट लुक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. उस पोस्टर के मुताबिक, फिल्म महाकाली में अक्षय खन्ना असुर गुरु शुक्राचार्य का रोल निभाते नजर आएंगे. पौराणिक कथाओं और पुराणों के मुताबिक, शुक्राचार्य असुरों के गुरु थे. साथ ही, शुक्राचार्य को महान ऋषियों में से एक माना जाता है, जो बहुत ही विद्वान और ज्ञानी थे.

    कौन थे गुरु शुक्राचार्य?
    पुराणों के मुताबिक, गुरु शुक्राचार्य ने देवताओं को प्रसन्न करने और उनसे शक्तियां प्राप्त करने के लिए लंबे समय तक तपस्या और साधना की थी. उन्होंने इसी साधना से कई मंत्रों और औषधियों का ज्ञान भी हासिल किया था और बाद में यही ज्ञान अपने शिष्यों को भी सिखाया था.

    वहीं, वैदिक ज्योतिष में शुक्राचार्य का संबंध शुक्र ग्रह से माना जाता है. शुक्र नवग्रहों में से एक है. और वृषभ-तुला राशि का स्वामी माना जाता है. ज्योतिष में शुक्र को प्रेम, सौंदर्य, कला, भौतिक सुख, आकर्षण और संतान से जुड़ा ग्रह भी माना जाता है.

    गुरु शुक्राचार्य महर्षि भृगु और माता ख्याति (माता काव्या) के पुत्र थे. कुछ किवदंतियों में ऐसा जिक्र मिलता है कि शुक्राचार्य ने शिक्षा प्राप्त करने के लिए महान ऋषि अंगिरा के आश्रम में प्रवेश लिया था. वहां उन्होंने ऋषि अंगिरा के पुत्र बृहस्पति के साथ रहकर शिक्षा ग्रहण की थी. लेकिन शुक्राचार्य को महसूस हुआ कि ऋषि अंगिरा अपने पुत्र बृहस्पति को उनसे अधिक महत्व देते हैं. इस बात से दुखी होकर शुक्राचार्य ने ऋषि अंगिरा का आश्रम छोड़ दिया था. इसके बाद उन्होंने महान ऋषि गौतम से शिक्षा प्राप्त की थी.

    पौराणिक कथाओं के मुताबिक, गुरु शुक्राचार्य के चार पुत्र थे. जिनका नाम चंड, अमर्क, त्वाष्ट्र और धरात्र बताया जाता है. वहीं, उनकी दूसरी पत्नी से उनकी एक पुत्री हुई थी, जिसका नाम देवयानी था. कुछ कथाओं में देवयानी को इंद्र की पुत्री भी बताया गया है.
    चलिए अब जानते हैं कि क्यों गुरु शुक्राचार्य भगवान विष्णु के शत्रु बन गए थे.

     गुरु शुक्राचार्य की भगवान विष्णु से शत्रुता
    देवी भागवत पुराण के मुताबिक, एक बार एक युद्ध के दौरान देवता असुरों पर भारी पड़ रहे थे. अपनी रक्षा के लिए असुर महर्षि भृगु के आश्रम में पहुंचे थे. संयोग से उस समय महर्षि भृगु और गुरु शुक्राचार्य आश्रम में मौजूद नहीं थे और वहां केवल माता ख्याति (काव्या) ही मौजूद थी. माता ख्याति को देखते ही सभी असुरों ने उनसे अपनी रक्षा का अनुरोध किया. माता काव्या ने अतिथि धर्म निभाते हुए उन्हें आश्रय दे दिया था.

    कहा जाता है कि माता काव्या इतनी शक्तिशाली थी कि उन्होंने असुरों की मदद करने के लिए अपने आश्रम के चारों ओर एक मजबूत और अदृश्य कवच का निर्माण कर दिया था. देवता भी इस सुरक्षा कवच को भेद नहीं पा रहे थे. इसके बाद जैसे ही माता काव्या ने देवताओं की ओर देखा, तो सभी देवता तुरंत बेहोश हो गए थे. तब सभी देवताओं ने भगवान विष्णु से मदद मांगी थी. ब्रह्मांड का संतुलन बनाए रखने के लिए भगवान विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र को माता काव्या का सुरक्षा कवच तोड़ने और उनका वध करने का आदेश दिया था.

    जब महर्षि भृगु को इस घटना के बारे में पता चला तो वे बहुत क्रोधित हो गए थे. उन्होंने भगवान विष्णु को श्राप दिया कि उन्हें पृथ्वी पर मनुष्य के रूप में जन्म लेना होगा और अपनी पत्नी से वियोग का दुख सहना पड़ेगा. उसके बाद जब शुक्राचार्य को अपनी माता की मृत्यु के बारे में पता चला तो वे भगवान विष्णु से बेहद नाराज हुए थे. मान्यता है कि इसी कारण उन्होंने असुरों को भगवान विष्णु की पूजा करने से रोक दिया था और फिर वह देवताओं के बजाय असुरों का साथ देने लगे थे.

    मृत संजीवनी मंत्र
    भागवत पुराण के मुताबिक, एक युद्ध में असुरों की हार से गुरु शुक्राचार्य बहुत दुखी और क्रोधित हो गए थे. जिसके बाद उन्होंने देवताओं को हराने के उद्देश्य से भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए कठोर तपस्या शुरू कर दी थी. कहा जाता है कि उन्होंने यह तपस्या सिर नीचे और पैर ऊपर करके की थी.

    जब देवराज इंद्र को शुक्राचार्य की कठिन तपस्या के बारे में पता चला, तो उन्होंने अपनी पुत्री जयंती को उनकी तपस्या भंग करने के लिए भेजा था. लेकिन जयंती की सभी कोशिशें असफल रहीं, क्योंकि शुक्राचार्य अपनी साधना में इतने लीन थे कि उन्होंने उसकी ओर कोई ध्यान तक नहीं दिया था.

    जिसके बाद गुरु शुक्राचार्य की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें वरदान मांगने को कहा था. तब गुरु शुक्राचार्य ने भगवान शिव से संजीवनी मंत्र का ज्ञान मांगा था. यह ऐसा मंत्र माना जाता है, जिसके जरिए मृत व्यक्ति को दोबारा जीवित किया जा सकता था. भगवान शिव ने उन्हें संजीवनी मंत्र का ज्ञान तो दिया, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी कि इसका गलत इस्तेमाल न किया जाए. इसके बाद गुरु शुक्राचार्य ने इस मंत्र का उपयोग असुरों के लिए किया था. मान्यता है कि वे युद्ध में मारे गए असुरों को संजीवनी मंत्र की मदद से दोबारा जीवित करते थे, जिससे असुर फिर से देवताओं के खिलाफ युद्ध कर सकें.

    कैसे पड़ा था नाम शुक्राचार्य?
    एक बार असुरों और भगवान शिव की सेना के बीच युद्ध हुआ था. भगवान शिव की पूरी सेना की कमान नंदी के हाथों में थी. इस युद्ध में देवताओं ने भी भगवान शिव की सेना की मदद की थी. लेकिन, असुरों की सेना की संख्या इतनी ज्यादा थी कि वह युद्ध जीत रहे थे. स्थिति बिगड़ती देख नंदी देवताओं के साथ भगवान शिव के पास सहायता मांगने पहुंचे. जब भगवान शिव को पता चला कि गुरु शुक्राचार्य ने संजीवनी मंत्र का गलत इस्तेमाल किया है, तो उन्होंने शुक्राचार्य को निगल लिया और अपने पेट में रख लिया.

     

  • वीर ब्रह्मेंद्र स्वामी की भविष्यवाणियां: लाल बारिश से कल्कि अवतार तक, क्या कहता है कालज्ञानम?

    वीर ब्रह्मेंद्र स्वामी की भविष्यवाणियां: लाल बारिश से कल्कि अवतार तक, क्या कहता है कालज्ञानम?

    भारत की धरती पर ऐसे कई संत और भविष्यवक्ता हुए हैं, जिनके बारे में माना जाता है कि उन्होंने आने वाले हजारों वर्षों से जुड़ी घटनाओं की भविष्यवाणियां की थीं. खास बात यह है कि इन भविष्यवाणियों को नास्त्रेदमस या बाबा वेंगा की भविष्यवाणियों की तरह रहस्यमय और सांकेतिक भाषा में नहीं, बल्कि अपेक्षाकृत स्पष्ट रूप में बताया गया है.

    इन्हीं प्रसिद्ध भविष्यवक्ताओं में आंध्र प्रदेश के सिद्ध संत श्री पोतुलूरी वीर ब्रह्मेंद्र स्वामी का नाम भी प्रमुखता से लिया जाता है. माना जाता है कि स्वामी वीर ब्रह्मेंद्र का जन्म वर्ष 1608 में हुआ था. उन्होंने तेलुगु भाषा में कालज्ञानम नामक ग्रंथ की रचना की थी. इस ग्रंथ में भविष्य में होने वाली कई घटनाओं का उल्लेख होने का दावा किया जाता है. समय के साथ कालज्ञानम से जुड़ी भविष्यवाणियां सोशल मीडिया और इंटरनेट पर काफी चर्चा में आने लगी हैं. यही वजह है कि भविष्यवाणियों को लेकर लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है.

    आने वाले समय से जुड़ी भविष्यवाणियां
    कालज्ञानम से जुड़ी कई ऐसी भविष्यवाणियां भी प्रचलित हैं, जिन्हें भविष्य में होने वाली घटनाओं से जोड़कर देखा जाता है. इनमें प्राकृतिक आपदाओं, जलवायु परिवर्तन, धार्मिक घटनाओं, महामारियों और बड़े युद्धों तक का उल्लेख होने का दावा किया जाता है. हालांकि इन दावों की व्याख्या अलग-अलग स्रोतों में अलग तरीके से मिलती है और इनकी प्रामाणिकता पर भी मतभेद हैं. लोकप्रिय रूप से बताई जाने वाली प्रमुख भविष्यवाणियां इस प्रकार हैं.

    लाल बारिश और समुद्र का बढ़ता जलस्तर
    कहा जाता है कि भविष्य में आसमान से लाल रंग की वर्षा होगी. साथ ही समुद्र का जलस्तर बढ़ने के कारण कई तटीय शहरों के डूबने की भविष्यवाणी का भी उल्लेख मिलता है. इसे कुछ लोग जलवायु परिवर्तन, समुद्री स्तर में वृद्धि और प्राकृतिक आपदाओं से जोड़कर देखते हैं.

    बढ़ता तापमान और दो सूरज जैसा दृश्य
    एक कथित भविष्यवाणी में धरती के अत्यधिक गर्म होने और पहाड़ों से आग निकलने जैसी घटना का वर्णन बताया जाता है. इसके साथ आकाश में ‘दो सूरज’ दिखाई देने की बात भी कही जाती है. इसे प्राकृतिक घटनाओं, ज्वालामुखीय गतिविधियों या असामान्य आकाशीय घटनाओं की प्रतीकात्मक व्याख्या माना जाता है.

    दिन में दिखाई देंगे तारे
    कालज्ञानम से जुड़ी कुछ व्याख्याओं में कहा जाता है कि एक समय ऐसा आएगा जब दिन के उजाले में भी तारे दिखाई देंगे. इसके बाद कुछ क्षेत्रों की आबादी के पूरी तरह समाप्त होने की बात कही जाती है. इसे किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा या वातावरण में होने वाले असाधारण बदलाव से जोड़कर देखा जाता है.

    तिरुपति बालाजी की वैश्विक प्रसिद्धि
    कहा जाता है कि आने वाले समय में तिरुपति बालाजी मंदिर की ख्याति पूरी दुनिया में फैल जाएगी और अलग-अलग धर्मों को मानने वाले लोग भी यहां दर्शन के लिए पहुंचेंगे. इसे मंदिर की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता से जोड़कर देखा जाता है.

    108 वर्षों तक संघर्ष और उथल-पुथल
    एक लोकप्रिय दावे के अनुसार, कलियुग के पांच हजार वर्ष पूरे होने के बाद अधर्म के अंत से पहले दुनिया को लगभग 108 वर्षों तक संघर्ष, अशांति और बड़े बदलावों का सामना करना पड़ेगा. इसे मानव सभ्यता के एक बड़े संक्रमणकाल के रूप में समझा जाता है.

    शनि के मीन और मेष राशि में गोचर के समय भीषण युद्ध
    एक अन्य भविष्यवाणी में कहा जाता है कि जब शनि मीन और मेष राशि से संबंधित विशेष स्थिति में होगा, तब दुनिया में एक भयंकर और निर्णायक युद्ध हो सकता है. इस दावे को ज्योतिषीय घटनाओं और वैश्विक राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इसे किसी निश्चित भविष्य की घटना मानना उचित नहीं है.

    विश्ववसु संवत्सर में कल्कि अवतार
    सबसे चर्चित दावों में से एक यह है कि ‘विश्ववसु’ नामक संवत्सर में भगवान कल्कि का अवतार होगा. मान्यता के अनुसार भगवान कल्कि अधर्म और अत्याचार का अंत करके धर्म की पुनर्स्थापना करेंगे. हालांकि संवत्सर की गणना और इस भविष्यवाणी के समय को लेकर अलग-अलग मत और व्याख्याएं मिलती हैं.

  • पुत्र न हो तो कौन करेगा श्राद्ध? गरुड़ पुराण में बताया गया है पूरा अधिकार-क्रम

    पुत्र न हो तो कौन करेगा श्राद्ध? गरुड़ पुराण में बताया गया है पूरा अधिकार-क्रम

    सनातन धर्म और गरुड़ पुराण में पितृऋण से मुक्ति और पूर्वजों की आत्मा की तृप्ति के लिए श्राद्ध कर्म को अनिवार्य माना गया है. धर्मशास्त्रों में ज्येष्ठ पुत्र को पिता के श्राद्ध और पिंडदान का मुख्य अधिकारी माना गया है. हालांकि, यदि पुत्र न हो या पुत्र जीवित न हो या किसी कारणवश उपस्थित न हो, तो गरुड़ पुराण में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पितृ कर्म कभी रुकना नहीं चाहिए. इसके लिए शास्त्रों में एक निश्चित अधिकार-क्रम निर्धारित किया गया है, जिसके अनुसार परिवार और समाज के अन्य लोग भी इस पवित्र कर्म को संपन्न कर सकते हैं.

    पुत्र की अनुपस्थिति में निकटतम परिजनों के अधिकार
    गरुण पुराण के मुताबिक, पुत्र न होने की स्थिति में सबसे पहला अधिकार पौत्र यानी पोते और प्रपौत्र यानी परपोते का होता है, क्योंकि वे उसी वंश श्रृंखला का हिस्सा माने जाते हैं. यदि वंश में पुरुष संतति न हो, तो मृतक की धर्मपत्नी को अपने पति का श्राद्ध और पिंडदान करने का पूर्ण शास्त्रसम्मत अधिकार प्राप्त होता है.

    यदि केवल बेटियां हैं, तो गरुड़ पुराण के अनुसार पुत्री भी अपने पिता का श्राद्ध कर सकती है. इसी क्रम में पुत्री का पुत्र यानी दौहित्र (नाती) भी अपने नाना-नानी के श्राद्ध कर्म का पूर्ण अधिकारी होता है. इसके अतिरिक्त, घर में पुरुष सदस्य न होने पर परिवार की ज्येष्ठ पुत्रवधू यानी बड़ी बहू भी अपने सास-ससुर का पिंडदान कर सकती है.

    अन्य संबंधियों व विशेष परिस्थितियों में श्राद्ध का विधान
    गरुड़ पुराण के अनुसार, संतान न होने की स्थिति में मृतक का सगा भाई या भाई का पुत्र यानी भतीजा भी इस दायित्व को निभा सकता है. निकटतम परिवार में किसी के न होने पर सगोत्र या सपिंड (एक ही गोत्र के रिश्तेदार) को यह अधिकार मिलता है.

    यदि मृतक का कोई भी पारिवारिक या रक्त संबंधी जीवित न हो, तो उसका शिष्य, गुरु या परम मित्र भी उसकी आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध कर सकता है. गरुड़ पुराण यहां तक कहता है कि यदि कोई भी सगा-संबंधी न हो, तो कोई योग्य ब्राह्मण भी मृतक के निमित्त तर्पण कर सकता है. इसका मूल भाव यही है कि श्रद्धापूर्वक किया गया कार्य ही मुख्य है और किसी भी परिस्थिति में पूर्वजों की आत्मा की शांति का यह कर्म अधूरा नहीं रहना चाहिए.

  • सपने में मंदिर, सांप या सूर्योदय दिखे तो क्या होता है? जानें 7 सपनों के संकेत

    सपने में मंदिर, सांप या सूर्योदय दिखे तो क्या होता है? जानें 7 सपनों के संकेत

     क्या आपने कभी रात में ऐसा सपना देखा है, जिसे सुबह उठने के बाद भी आप भूल नहीं पाए? कुछ सपने इतने स्पष्ट होते हैं कि उनकी एक-एक तस्वीर लंबे समय तक हमारे मन में बनी रहती है. कभी सपने में मंदिर दिखाई देता है, कभी भगवान के दर्शन होते हैं. कभी सांप दिखाई देता है, तो कभी साफ पानी. कई बार हम खुद को आसमान में उड़ता हुआ देखते हैं. कभी कोई दिवंगत व्यक्ति सपने में दिखाई देता है और कभी अंधेरे के बीच अचानक तेज रोशनी या सूर्योदय नजर आता है. लेकिन सवाल यह है कि क्या ये सपने सिर्फ हमारे मन की कल्पना होते हैं या फिर इनमें हमारी भावनाओं और जीवन की परिस्थितियों से जुड़े संकेत भी छिपे हो सकते हैं?

    भारतीय परंपरा में सपनों को लंबे समय से अलग-अलग नजरिए से समझा जाता रहा है. स्वप्न शास्त्र में कुछ सपनों को शुभ संकेतों से जोड़ा गया है, जबकि कुछ सपनों को व्यक्ति की मानसिक स्थिति और भावनाओं का प्रतिबिंब माना जाता है. हालांकि, एक बात समझना बेहद जरूरी है कि हर सपना भविष्यवाणी नहीं होता. कई बार दिनभर के विचार, तनाव, डर, इच्छाएं, यादें और भावनाएं रात में सपनों का रूप ले लेती हैं. इसलिए किसी सपने को देखकर तुरंत यह मान लेना सही नहीं है कि भविष्य में कोई निश्चित घटना होने वाली है. आज हम पंडित श्रीपति त्रिपाठी जी से ऐसे ही 7 सपनों के बारे में जानेंगे, जिन्हें स्वप्न शास्त्र में खास महत्व दिया गया है. इनमें सातवां सपना विशेष रूप से ध्यान खींचने वाला माना जाता है.

    सपने में मंदिर या भगवान के दर्शन
    अगर सपने में आपको कोई मंदिर दिखाई देता है, आप मंदिर के अंदर जाते हैं या भगवान के दर्शन करके प्रार्थना करते हैं, तो इसे आमतौर पर सकारात्मक सपना माना जाता है. खासकर अगर मंदिर साफ-सुथरा हो, वहां दीपक जल रहा हो और वातावरण शांत हो, तो यह मन की शांति और सकारात्मक भावनाओं से जुड़ा हो सकता है.

    अगर सपने में भगवान शिव दिखाई दें, तो इसे आध्यात्मिक शांति और आंतरिक शक्ति से जोड़कर देखा जाता है. भगवान विष्णु या श्रीकृष्ण के दर्शन संरक्षण और संतुलन की भावना का प्रतीक माने जा सकते हैं. वहीं, माता के दर्शन भक्ति और सुरक्षा की भावना से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, सिर्फ भगवान का सपना देखना किसी निश्चित घटना के होने की गारंटी नहीं है. सपने के दौरान आपको कैसा महसूस हुआ, यह भी महत्वपूर्ण है.

    सपने में साफ और शांत पानी देखना
    सपनों में पानी दिखाई देना आम बात है. लेकिन पानी कैसा दिखाई दे रहा है, इसका खास महत्व माना जाता है. अगर सपने में साफ, स्वच्छ और शांत पानी दिखाई दे, जैसे निर्मल नदी, शांत तालाब या साफ जल, तो इसे सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जाता है. यह मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और जीवन में नई शुरुआत की इच्छा का प्रतीक हो सकता है.

    वहीं, अगर पानी गंदा, बहुत अशांत या डरावना दिखाई दे, तो यह तनाव, बेचैनी या किसी परेशानी से जुड़ा हो सकता है. इसलिए साफ पानी का सपना आपके मन में चल रही सकारात्मक भावनाओं और शांति की इच्छा को भी दर्शा सकता है.

    सपने में सांप दिखाई देना
    सांप का सपना आते ही बहुत से लोग डर जाते हैं. लेकिन स्वप्न परंपरा में सांप को हमेशा अशुभ नहीं माना जाता है. सांप शक्ति, परिवर्तन, डर, रहस्य और आंतरिक ऊर्जा जैसे कई प्रतीकों से जुड़ा हो सकता है.

    अगर सपने में सांप दिखाई दे लेकिन वह आपको नुकसान न पहुंचाए, तो कुछ आध्यात्मिक मान्यताओं में इसे बदलाव या आंतरिक शक्ति का प्रतीक माना जाता है. वहीं, अगर सांप को देखकर आपको बहुत डर लगा, तो यह आपके भीतर मौजूद किसी चिंता या तनाव को भी दिखा सकता है. इसलिए, केवल सांप दिखाई देने से घबराने की जरूरत नहीं है. सपना समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि सांप ने क्या किया और आपको उस समय कैसा महसूस हुआ.

    खुद को आसमान में उड़ते हुए देखना
    क्या आपने कभी सपना देखा है कि आप आसमान में उड़ रहे हैं या किसी बहुत ऊंची जगह पर खड़े हैं और नीचे पूरी दुनिया दिखाई दे रही है? उड़ने का सपना अक्सर आजादी और अपनी सीमाओं से बाहर निकलने की इच्छा से जुड़ा हो सकता है.

    अगर सपने में उड़ते समय आपको खुशी और उत्साह महसूस हो रहा था, तो यह आगे बढ़ने की इच्छा और सकारात्मक सोच का संकेत हो सकता है. लेकिन अगर ऊंचाई पर आपको गिरने का डर लग रहा था, तो यह किसी परिस्थिति को लेकर असुरक्षा या चिंता को भी दर्शा सकता है. इसलिए सपना क्या था, इसके साथ यह भी महत्वपूर्ण है कि उस सपने में आपको कैसा महसूस हुआ.

    सपने में किसी दिवंगत व्यक्ति को देखना
    किसी दिवंगत प्रियजन का सपने में आना सबसे भावनात्मक अनुभवों में से एक हो सकता है. ऐसे सपने को देखकर कई लोग डर जाते हैं, लेकिन इसे तुरंत अशुभ मानना सही नहीं है. जिन लोगों से हमारा गहरा भावनात्मक संबंध होता है, उनकी यादें हमारे मन में लंबे समय तक रहती हैं. इसलिए उनका सपने में आना हमारी यादों, भावनाओं या अधूरी बातों से जुड़ा हो सकता है.

    अगर वह व्यक्ति सपने में शांत और प्रसन्न दिखाई दे और सपना देखने के बाद आपको भी शांति महसूस हो, तो इसे उस व्यक्ति की स्मृति और भावनात्मक जुड़ाव के रूप में देखा जा सकता है. अगर सपना परेशान करने वाला था, तो यह आपके मन में मौजूद दुख या अधूरी भावनाओं की ओर इशारा कर सकता है. ऐसे सपने से डरने के बजाय उस प्रियजन को श्रद्धा से याद करें और उनके लिए प्रार्थना करें.

    सपने में तेज रोशनी, दीपक या सूर्योदय देखना
    अब बात करते हैं सातवें और खास सपने की. अगर सपने में आपको तेज रोशनी दिखाई दे, दीपक जलता हुआ नजर आए या लंबे अंधेरे के बाद सूर्योदय दिखाई दे, तो इसे आध्यात्मिक दृष्टि से सकारात्मक प्रतीक माना जाता है. अंधेरे से प्रकाश की ओर बढ़ना अक्सर निराशा से आशा और भ्रम से स्पष्टता की ओर बढ़ने का प्रतीक माना जाता है. प्रकाश को ज्ञान, उम्मीद और सकारात्मक बदलाव से भी जोड़ा जाता है.

    अगर आप सपने में किसी अंधेरी जगह से निकलकर रोशनी की ओर जाते हुए दिखाई देते हैं, तो यह आपके भीतर बदलाव और आगे बढ़ने की इच्छा को दर्शा सकता है. अगर आप हाल में किसी परेशानी, तनाव या असमंजस से गुजर रहे हैं और इसके बाद आपको प्रकाश या सूर्योदय का सपना आता है, तो यह आपके मन की सकारात्मक दिशा को दिखा सकता है.

    कुछ सपने हमें याद क्यों रहते हैं?
    पंडित श्रीपति त्रिपाठी के मुताबिक, कई बार जागने के कुछ मिनट बाद ही हमें अपना सपना याद नहीं रहता. लेकिन कुछ सपने लंबे समय तक याद रहते हैं. ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि वह सपना हमारे लिए भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण था.

    अगर कोई सपना बार-बार आ रहा है या लंबे समय तक याद रहता है, तो सुबह उठकर उसे लिख लेना उपयोगी हो सकता है. सपने की तारीख लिखें, आपने क्या देखा, कौन-कौन लोग थे और सपने के दौरान आपको कैसा महसूस हुआ. इन सब चीजों को नोट कर सकते हैं. समय के साथ इससे आपको अपनी भावनाओं और विचारों को समझने में मदद मिल सकती है.

    हर सपना भविष्यवाणी नहीं होता

    एक बात बिल्कुल स्पष्ट रूप से समझ लें कि रात में आने वाला हर सपना ज्योतिषीय या आध्यात्मिक संकेत नहीं होता है. अगर आपने दिनभर भगवान शिव की पूजा की है, तो रात में शिव मंदिर का सपना आ सकता है. अगर आपने किसी प्रिय व्यक्ति को बहुत याद किया है, तो वह सपने में दिखाई दे सकता है. अगर आप परीक्षा, नौकरी या व्यापार को लेकर तनाव में हैं, तो उससे जुड़ा सपना भी आ सकता है. इसलिए सपने को समझते समय अपनी वर्तमान परिस्थितियों और मानसिक स्थिति को भी ध्यान में रखना चाहिए.

    किसी एक सपने के आधार पर बड़ा आर्थिक, वैवाहिक, स्वास्थ्य या जीवन से जुड़ा फैसला नहीं लेना चाहिए. सपनों को अपने मन और भावनाओं को समझने का एक अवसर मानना ज्यादा बेहतर है. सपना शुभ लगे तो भगवान का धन्यवाद करें और अगर सपना डरावना हो तो घबराएं नहीं. अपने मन को शांत रखें और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें. क्योंकि आखिरकार, सिर्फ सपने नहीं, बल्कि आपके विचार, कर्म, फैसले और मेहनत ही आपके जीवन की दिशा तय करते हैं.

  • नाग पंचमी पर नागचंद्रेश्वर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जानें क्यों साल में सिर्फ एक बार खुलते हैं कपाट

    नाग पंचमी पर नागचंद्रेश्वर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जानें क्यों साल में सिर्फ एक बार खुलते हैं कपाट

    सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन के लिए आज श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. इस दौरान साल में केवल एक बार नाग पंचमी पर खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली. मंदिर परिसर में भक्तों की ज्यादा भीड़ के कारण अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. जिससे कई भक्तों के बेहोश और तबीयत खराब होने की खबर सामने आई है. हालांकि, महाकालेश्वर मंदिर समिति ने सोशल मीडिया पर चल रही इस जानकारी को असत्य बताया है. लेकिन, अचानक क्यों नागचंद्रेश्वर मंदिर के आसपास भगदड़ जैसे हालात बन गए? क्यों यह मंदिर साल में 1 ही बार नाग पंचमी पर खुलता है. आइए जानते हैं इस मंदिर के बारे में. l

    नागचंद्रेश्वर मंदिर की मान्यता
    नागचंद्रेश्वर मंदिर उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थापित है. इस मंदिर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके कपाट साल में केवल एक बार नाग पंचमी के अवसर पर 24 घंटे के लिए श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोला जाता है l

    पौराणिक कथा के अनुसार, नागराज तक्षक ने भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए कठिन तपस्या की थी. उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भोलेनाथ ने उन्हें अमरता का वरदान दिया था. हालांकि, यह वरदान मिलने के बाद भी तक्षक संतुष्ट नहीं थे. उन्होंने महादेव से प्रार्थना की कि वे सदैव उनके सानिध्य में रहना चाहते हैं, इसलिए उन्हें महाकाल वन में निवास करने की अनुमति दी जाए. भगवान शिव ने उनकी यह प्रार्थना स्वीकार कर ली. इसके साथ ही, भोलेनाथ ने आशीर्वाद दिया कि उनके एकांत और साधना में कोई विघ्न न पड़े. यही कारण है कि तक्षक देव के एकांत को बनाए रखने के लिए इस मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार, नाग पंचमी के दिन ही खोले जाते हैंl

    नागचंद्रश्वर मंदिर में होती है त्रिकाल पूजा
    श्री नागचंद्रेश्वर का अलौकिक रूप उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर की तीसरी मंजिल पर विराजमान है, जिसे नागराज तक्षक का पवित्र निवास स्थान माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंदिर में भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन मात्र से व्यक्ति को सभी प्रकार के सर्प दोषों से मुक्ति मिल जाती है l

    नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट खुलते ही यहां त्रिकाल पूजा यानी दिन में तीन अलग-अलग समय पर होने वाली विशेष पूजा का विधान है l

    पहली पूजा- रात 12 बजे मंदिर के पट खुलने के तुरंत बाद महानिर्वाणी अखाड़े द्वारा प्रथम पूजन संपन्न किया जाता है l

    दूसरी पूजा (दोपहर)- नाग पंचमी के दिन दोपहर 12 बजे शासकीय प्रशासन की ओर से अधिकारियों द्वारा द्वितीय पूजन किया जाता है l

    तीसरी पूजा (संध्या)- शाम 7:30 बजे भगवान महाकाल की संध्या आरती के उपरांत मंदिर समिति की ओर से महाकाल मंदिर के पुरोहित-पुजारी तृतीय पूजन करते हैं l

    इसके बाद रात 12 बजे विशेष महाआरती संपन्न की जाती है और आरती के पश्चात मंदिर के कपाट पुनः एक साल के लिए बंद कर दिए जाते हैं l

    नागचंद्रेश्वर मंदिर की परंपरा
    हर साल नाग पंचमी के अवसर पर मध्य रात्रि 12 बजे जैसे ही नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट खुलते हैं, भगवान शिव और नागराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो जाता है. सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार, महानिर्वाणी अखाड़े के संतों द्वारा मंदिर के पट खोलने की विधि संपन्न की जाती है. इस पूजा विधान के तहत शैव परंपरा के अनुसार नारियल बांधकर विधिवत पूजन-अर्चन किया जाता है. इसके पश्चात 'जय श्री महाकाल' और भगवान नागचंद्रेश्वर के जयघोष के साथ मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए जाते हैं l

  • नाग पंचमी विशेष: ऐसे हुई नागों की उत्पत्ति, कद्रू ने मांगे थे एक हजार नाग पुत्र

    नाग पंचमी विशेष: ऐसे हुई नागों की उत्पत्ति, कद्रू ने मांगे थे एक हजार नाग पुत्र

    आज नाग पंचमी है. हिंदू धर्म में नाग पंचमी का त्योहार नाग देवताओं की उपासना और उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का एक अत्यंत पावन अवसर माना जाता है. इस दिन नागों की पूजा करने से सर्प भय से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है. वहीं, हिंदू धर्मग्रंथों में शेषनाग, वासुकि नाग, तक्षक नाग, कर्कोटक नाग, धृतराष्ट्र नाग, कालिया नाग, पिंगल और महानाग जैसे कई शक्तिशाली नागों का वर्णन मिलता है. आज हम इन्हीं पराक्रमी नागों के पृथ्वी पर जन्म लेने से जुड़ी एक पौराणिक कथा के बारे में बताएंगे, जिसका उल्लेख महाभारत के आदिपर्व में मिलता है.

    कैसे हुई नागों की उत्पत्ति?
    महाभारत में वर्णित कथा के अनुसार, सतयुग में दक्ष प्रजापति की दो सुंदर कन्याएं थीं- कद्रू और विनता. दोनों बहनें रूप-सौंदर्य और गुणों से संपन्न थीं. बाद में दोनों का विवाह महर्षि कश्यप के साथ हुआ. एक दिन महर्षि कश्यप अपनी दोनों पत्नियों से प्रसन्न होकर बोले, 'तुम दोनों में से जिसकी जो इच्छा हो, वह वर मांग सकती है.' महर्षि कश्यप की बात सुनकर कद्रू ने समान तेज और पराक्रम वाले एक हजार नाग पुत्रों की कामना की. वहीं विनता ने बुद्धि, शरीर और पराक्रम में कद्रू के पुत्रों से भी श्रेष्ठ केवल दो पुत्रों का वर मांगा.

    महर्षि कश्यप ने दोनों की इच्छानुसार उन्हें वरदान दे दिया. वरदान पाकर दोनों बहनें बहुत प्रसन्न हुईं. इसके बाद महर्षि कश्यप ने अपनी दोनों पत्नियों से कहा कि वे धैर्यपूर्वक अपने-अपने गर्भ की रक्षा करें और फिर वे तपस्या के लिए चले गए. कुछ समय बाद कद्रू ने एक हजार अंडे दिए, जबकि विनता ने दो अंडे दिए. दोनों ने अपने-अपने अंडों को सुरक्षित स्थान पर रख दिया. लंबे समय तक प्रतीक्षा करने के बाद लगभग पांच सौ वर्षों के पश्चात कद्रू के एक हजार अंडों से उसके नाग पुत्र जन्म लेने लगे.

    लेकिन विनता के दोनों अंडों से अभी तक कोई संतान बाहर नहीं आई थी. अपने अंडों से संतान को जन्म लेते न देखकर विनता अधीर हो गईं. उन्होंने जल्दबाजी में एक अंडा फोड़ दिया. अंडा फूटने पर उसमें से एक बालक बाहर आया, जिसका ऊपरी शरीर पूरी तरह विकसित था, लेकिन उसके पैरों और शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह विकसित नहीं हुआ था. यह बालक अरुण था.

    नागों और अरुण का जन्म
    कहा जाता है कि अपनी माता की जल्दबाजी से क्रोधित होकर अरुण ने उन्हें श्राप दे दिया. उसने कहा, 'मां, तुम्हारे अधीर होने के कारण मेरा शरीर पूरी तरह विकसित नहीं हो पाया. इसलिए तुम्हें अपनी सौत कद्रू की पांच सौ वर्षों तक दासी बनकर रहना होगा. हालांकि, तुम्हारा दूसरा पुत्र तुम्हें इस दासता से मुक्त कराएगा. लेकिन यदि तुम उसे भी समय से पहले अंडा फोड़कर बाहर निकालोगी, तो उसका भी वही हाल होगा जो मेरा हुआ है. इसलिए तुम्हें धैर्य रखना होगा और उसके पूर्ण विकसित होने की प्रतीक्षा करनी होगी.'

    गरुड़ देव का प्राकट्य
    इसके बाद अरुण आकाश में चले गए और आगे चलकर सूर्यदेव के सारथी बने. समय बीतने के बाद विनता के दूसरे अंडे से गरुड़ का जन्म हुआ. गरुड़ अत्यंत शक्तिशाली और तेजस्वी थे. जन्म लेते ही उन्होंने अपने पराक्रम से देवताओं और सभी प्राणियों को चकित कर दिया. आगे चलकर गरुड़ भगवान विष्णु के वाहन बने.

    अब कहानी में एक ऐसा प्रसंग आता है, जिसने विनता को अपनी ही बहन कद्रू की दासी बनने के लिए मजबूर कर दिया. एक बार देवताओं और असुरों ने मिलकर समुद्र मंथन किया. समुद्र मंथन से अनेक दिव्य वस्तुओं के साथ एक अद्भुत और श्वेतवर्ण अश्व भी प्रकट हुआ, जिसका नाम उच्चैःश्रवा था.

    उच्चैःश्रवा को देखकर कद्रू ने विनता से कहा, 'बहन, बताओ, इस घोड़े का रंग कैसा है?" विनता ने कहा, 'इसका पूरा शरीर सफेद है.'

    लेकिन कद्रू ने कहा, 'इसका शरीर तो सफेद है, लेकिन इसकी पूंछ काली है.'
    दोनों बहनों के बीच इस बात को लेकर विवाद हो गया. आखिरकार दोनों ने शर्त लगा ली कि यदि विनता की बात सही निकली और उच्चैःश्रवा की पूंछ सफेद हुई, तो कद्रू विनता की दासी बनेगी. लेकिन यदि पूंछ काली हुई, तो विनता को कद्रू की दासी बनना पड़ेगा. दोनों बहनें अगले दिन घोड़े को देखने के लिए तैयार हो गईं.

    कद्रू मन ही मन सोचने लगी कि किसी भी तरह उसे विनता को अपनी दासी बनाना है. इसलिए उसने अपने एक हजार नाग पुत्रों को आदेश दिया कि वे काले बालों का रूप धारण करके उच्चैःश्रवा की पूंछ से लिपट जाएं, ताकि उसकी पूंछ काली दिखाई दे.

    लेकिन, कद्रू के कई पुत्रों ने अपनी माता की इस चाल में उसका साथ देने से इनकार कर दिया. इससे कद्रू अत्यंत क्रोधित हो गई और उसने उन नागों को श्राप दे दिया कि जब पांडव वंश में जन्मे राजा जनमेजय सर्प यज्ञ करेंगे, तब उस यज्ञ की प्रज्वलित अग्नि में वे सभी जलकर भस्म हो जाएंगे. कद्रू के इस भयंकर श्राप से नाग पुत्र चिंतित हो गए. तभी कर्कोटक नाग ने अपनी माता से कहा, 'माता, आप चिंता न करें. मैं काले बाल का रूप धारण करके उच्चैःश्रवा की पूंछ से लिपट जाऊंगा और उसकी पूंछ काली दिखाई देने लगेगी.'

    कर्कोटक की बात सुनकर कद्रू प्रसन्न हो गई. अगले दिन जब सूर्य उदय हुआ, तब कद्रू और विनता अपनी शर्त के अनुसार उच्चैःश्रवा को देखने के लिए समुद्र के उस पार पहुंचीं. वहां जाकर विनता ने देखा कि उच्चैःश्रवा का पूरा शरीर तो सफेद था, लेकिन उसकी पूंछ काली दिखाई दे रही थी. यह देखकर विनता समझ गईं कि वह बाजी हार चुकी हैं. उन्होंने अपनी बहन कद्रू से कहा, 'मैं यह बाजी हार गई हूं. शर्त के अनुसार अब मैं आपकी दासी हूं.'

    अमृत प्राप्ति और विनता की दासता से मुक्ति
    इस प्रकार विनता को अपनी ही बहन कद्रू की दासी बनकर रहना पड़ा. समय बीतता गया. एक दिन गरुड़ को अपनी माता की दासता के बारे में पता चला. अपनी माता को कद्रू और उसके नाग पुत्रों की दासता से मुक्त कराने के लिए गरुड़ ने अद्भुत पराक्रम किया. आगे चलकर गरुड़ ने देवताओं से अमृत प्राप्त किया और उसे नागों के सामने रखकर अपनी माता विनता को दासता से मुक्त कराया.

    गरुड़ के अद्भुत पराक्रम और

  • सावन शिवरात्रि पर बेटे के लिए चुनें महादेव से जुड़े ये 10 यूनिक नाम

    सावन शिवरात्रि पर बेटे के लिए चुनें महादेव से जुड़े ये 10 यूनिक नाम

    सावन का महीना हिंदू धर्म में भगवान शिव के आधीन बताया गया है. ऐसे में पूरे महीने में लोग महादेव की भक्ति में डूब जाते हैं. मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते हैं, शिवलिंग पर जलाभिषेक होता है और भक्त भोलेनाथ की आराधना में लीन नजर आते हैं. इस साल सावन शिवरात्रि 11 अगस्त, मंगलवार को मनाई जा रही है. ये दिन भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक के लिए बेहद खास माना जाता है.

    ऐसे में अगर आपके घर में नन्हे बेटे का आगमन हुआ है या आप अपने राजकुमार के लिए एक ऐसा नाम तलाश रहे हैं, जो यूनिक होने के साथ भगवान शिव से जुड़ा हो, तो बेटे का नामकरण करने के लिए सावन शिवरात्रि से बेहतर मौका क्या हो सकता है. माना जाता है कि नाम का व्यक्ति के जीवन पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए माता-पिता अपने बच्चे का नाम रखते समय उसके अर्थ और उससे जुड़ी भावनाओं का भी खास ध्यान रखते हैं.

    आजकल माता-पिता अपने बच्चों को ऐसे नाम देना पसंद करते हैं जो सुनने में मॉडर्न हों, लेकिन उनकी जड़ें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ी हों. भगवान शिव के कई ऐसे नाम हैं जो आज के दौर में भी बेहद खूबसूरत और यूनिक लगते हैं. अगर आप भी अपने बेटे के लिए महादेव से प्रेरित नाम ढूंढ रहे हैं, तो इन यूनिक नामों की लिस्ट आपकी तलाश खत्म कर सकती है.

    1. जतिन: इस लिस्ट में पहला नाम जतिन है. जतिन भगवान शिव का ही एक नाम माना जाता है. ये नाम आजकल की मॉडर्न लाइफस्टाइल के हिसाब से छोटा, सिंपल और सुनने में काफी अट्रैक्टिव भी लगता है. जतिन का मतलब तपस्वी और शुभ करने वाला बताया जाता है. अगर आप बेटे के लिए ऐसा नाम चाहते हैं जो शिव से जुड़ाव के साथ गंभीर भी रखता हो, तो जतिन अच्छा ऑप्शन हो सकता है.

    2. विभव: आप अपने बेटे को विभव नाम भी दे सकते हैं. विभव नाम सुनने में रॉयल और अट्रैक्टिव लगता है. इसका मतलब शक्तिशाली और वैभव से जुड़ा माना जाता है. ये नाम भगवान शिव की शक्ति और उनके विराट स्वरूप की याद दिलाता है.

    3. शिवांग: अगर आप बेटे के नाम को सीधे तौर पर 'शिव' से जोड़ना चाहते हैं, तो शिवांग बेहद खूबसूरत ऑप्शन हो सकता है. शिवांग का मतलब 'शिव का अंग' बताया जाता है. नाम अपने आप में ही भगवान भोलेनाथ से गहरा जुड़ाव दर्शाता है और सुनने में भी काफी यूनिक लगता है.

    4. आरव: आरव आजकल के मॉडर्न माता-पिता द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है. इसे भगवान शिव से जुड़े नामों में भी शामिल किया जाता है. इसका अर्थ शांत और सुंदर भाव से जोड़ा जाता है. अगर आप बेटे के लिए छोटा, प्यारा और आसानी से बोला जाने वाला नाम चाहते हैं, तो आरव चुन सकते हैं.

    5. अनिकेत: अनिकेत भगवान शिव का एक नाम माना जाता है. इसका मतलब उस परम सत्ता से जुड़ा है जो किसी एक स्थान तक सीमित नहीं है. ये नाम सुनने में बेहद क्लासी और अलग लगता है. खास बात ये है कि इसमें धार्मिक जुड़ाव के साथ एक गहरा आध्यात्मिक मतलब भी छिपा है.

    6. रुद्र: महादेव को रुद्र नाम भी से भी जाना जाता है. ये नाम भगवान शिव के प्रचंड और शक्तिशाली रूप को दर्शाता है. छोटा होने के साथ-साथ रुद्र नाम सुनने में काफी दमदार भी लगता है. अगर आप उन माता-पिता में शामिल हैं, जो बेटे के लिए स्ट्रॉन्ग और ट्रेडिशनल नामों की तलाश कर रहे हैं तो ये आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है.

    7. शंभू: शंभू भगवान शिव का एक बहुत ही सुंदर नाम है. इसका संबंध शिव के शुभ स्वरूप से माना जाता है. ये नाम बहुत आम नहीं है, इसलिए अगर आप बेटे के लिए ट्रेडिशनल लेकिन थोड़ा अलग नाम चाहते हैं, तो शंभू को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.

    8. नीलकंठ: समुद्र मंथन के दौरान विष पीने के बाद भगवान शिव का कंठ नीला हो गया था, जिसके बाद उन्हें नीलकंठ कहा गया. ये नाम त्याग, शक्ति और धैर्य का प्रतीक माना जाता है. आपके बेटे के लिए ये एक बहुत ही अर्थपूर्ण और धार्मिक नाम हो सकता है.

    9. ईशान: ईशान भगवान शिव से जुड़े नामों में शामिल है. ये नाम सुनने में बहुत ही मॉडर्न लगता है. अगर आप ऐसा नाम चाहते हैं जो स्कूल से लेकर प्रोफेशनल लाइफ तक हर जगह अच्छा लगे, तो ईशान एक खूबसूरत ऑप्शन है.

    10. शिवाय: शिवाय नाम सीधे भगवान शिव से जुड़ा हुआ है और आजकल मॉडर्न माता-पिता के बीच भी पसंद किया जा रहा है. ये नाम छोटा, अट्रैक्टिव और धार्मिक भाव लिए हुए है. 

  • रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण का साया, जानें भारत में सूतक लगेगा या नहीं

    रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण का साया, जानें भारत में सूतक लगेगा या नहीं

    भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व इस साल 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा.  इस साल श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि पर एक दुर्लभ खगोलीय संयोग बन रहा है, क्योंकि इसी दिन साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भी लगने जा रहा है.  रक्षाबंधन जैसे शुभ त्योहार के दिन चंद्र ग्रहण होने के कारण देश भर में लोग इस बात को लेकर संशय में हैं कि क्या इससे राखी बांधने के नियमों या शुभ मुहूर्त पर कोई असर पड़ेगा? आइए, धर्म शास्त्रों और ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर समझते हैं कि इसका क्या प्रभाव होगा.

    चन्द्र ग्रहण का समय और आंशिक चरण की अवधि
    ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, 28 अगस्त को लगने वाला यह चंद्र ग्रहण एक गहरा आंशिक चंद्र ग्रहण (Deep Partial Lunar Eclipse) होगा.

    ग्रहण का समय: यह खगोलीय घटना सुबह 08:00 बजे से शुरू होकर सुबह 09 बजकर 43 मिनट तक अपने चरम पर रहेगी.

    कुल अवधि: ग्रहण की कुल प्रभाव अवधि लगभग 5 घंटे 39 मिनट तक रहेगी.

    दृश्यता: यह ग्रहण मुख्य रूप से पूरे यूरोप, अफ्रीका, और उत्तरी व दक्षिणी अमेरिका के हिस्सों में दिखाई देगा.  भारत में यह ग्रहण बिल्कुल दिखाई नहीं देगा.

    ग्रहण कहां-कहां दिखाई देगा?
    यह खगोलीय घटना दुनिया के विभिन्न हिस्सों में स्पष्ट रूप से नजर आएगी.

    यूरोप और अफ्रीका: पूरे यूरोप और अफ्रीकी महाद्वीप के अधिकांश क्षेत्रों में इस चंद्र ग्रहण का पूरा नजारा देखा जा सकेगा.

    उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका: अमेरिका के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में भी यह ग्रहण साफ तौर पर दिखाई देगा.

    अन्य क्षेत्र: इसके अलावा पश्चिमी एशिया और अटलांटिक महासागर के कुछ हिस्सों में भी इसे देखा जा सकेगा.  अमेरिकी क्षेत्रों में चांद के निकलते ही इस पर धरती की छाया का अनूठा दृश्य देखने को मिलेगा.

    भारत में सूतक काल और धार्मिक प्रभाव
    हिंदू धर्म शास्त्रों और वैदिक ज्योतिष के अनुसार, ग्रहण का सूतक काल और उसके धार्मिक नियम केवल उन्हीं क्षेत्रों में मान्य होते हैं, जहाँ ग्रहण प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देता है.

    सूतक का नियम: चूंकि 28 अगस्त का चंद्र ग्रहण भारत में कहीं भी दृश्यमान नहीं है, इसलिए भारत में इसका सूतक काल पूरी तरह से मान्य नहीं होगा.

    धार्मिक कार्य: सूतक न लगने के कारण मंदिरों के कपाट बंद करने या दैनिक पूजा-अर्चना पर रोक लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है. श्रद्धालु बिना किसी संशय के अपनी नियमित पूजा, दान और मांगलिक कार्य सामान्य दिनों की तरह कर सकते हैं.

    रक्षाबंधन और राखी बांधने का मुहूर्त
    ग्रहण और सूतक के प्रभाव न होने के कारण रक्षाबंधन के पर्व और राखी बांधने के समय पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा.बहनें बिना किसी हिचकिचाहट के सुबह के शुभ मुहूर्त में भाई की कलाई पर राखी बांध सकती हैं.

    रक्षाबंधन 2026 के लिए पंचांग के अनुसार भद्रा पहले ही समाप्त हो चुकी होगी, इसलिए 28 अगस्त की सुबह का समय राखी बांधने के लिए अत्यंत शुभ और दोषमुक्त है.

    विशेष ध्यान देने वाली बातें
    खगोलीय महत्व: भले ही यह भारत में न दिखे, लेकिन अन्य देशों में चंद्रमा का लगभग 96% भाग पृथ्वी की छाया में ढका रहेगा, जिससे यह गहरा लाल या तांबे के रंग का दिखाई देगा, जिसे ब्लड मून की संज्ञा भी दी जाती है.

    मंत्र जाप: ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि यदि कोई चाहे, तो ग्रहण के समय (सुबह 08:00 से 09:43 बजे के बीच) घर में रहकर राहु-केतु के मंत्रों, महामृत्युंजय मंत्र या अपने इष्ट देव के मंत्रों का जाप कर सकता है, जो आध्यात्मिक दृष्टि से श्रेयस्कर माना जाता है.