Author: NewseDay

  • कैबिनेट का बड़ा फैसला, अग्निवीरों को 10% आरक्षण

    कैबिनेट का बड़ा फैसला, अग्निवीरों को 10% आरक्षण

    रायपुर
    राज्य सरकार ने गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इन पदों पर भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत श्रेणीवार आरक्षण का प्रविधान पहले ही किया जा चुका है। उनके अनुभव और दक्षता का लाभ राज्य सेवाओं में लेने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने राज्य शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन को भी मंजूरी दी। इसके तहत 'आदिम जाति विकास विभाग' का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ किया जाएगा।

    पीएम मोदी की 25 वर्षों की निरंतर जनसेवा पर कैबिनेट में अभिनंदन प्रस्ताव पारित
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में निरंतर 25 वर्ष पूरे होने पर बैठक में अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने इसे राष्ट्र प्रथम, जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय के सिद्धांतों को समर्पित कर्मयात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बताया।

    अनुच्छेद 370 और राम मंदिर जैसे ऐतिहासिक फैसलों के लिए केंद्र का आभार
    कैबिनेट ने जैम, जीएसटी, अनुच्छेद 370 की समाप्ति, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और माओवादी हिंसा से मुक्ति सहित राष्ट्रहित में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों का अभिनंदन किया। सहकारी संघवाद के जरिए छत्तीसगढ़ को अधिक संसाधन और भागीदारी देने तथा आवास, नल-जल, स्वच्छता, राशन, स्वास्थ्य और स्वच्छ ईंधन जैसी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग के लिए केंद्र का आभार भी जताया।

  • रूस-यूक्रेन युद्ध में ऊर्जा मोर्चे पर राहत

    रूस-यूक्रेन युद्ध में ऊर्जा मोर्चे पर राहत

    वॉशिंगटन
    रूस और यूक्रेन के बीच रविवार को एनर्जी सीजफायर हो गया है। यानी कि दोनों देश अब एक-दूसरे के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर कोई हमला नहीं करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सीजफायर का ऐलान किया है। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल नेटवर्क पर बिना ज्यादा जानकारी के लिखा, "तुरंत लागू, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में एनर्जी सीजफायर है। दोनों पक्ष सहमत हो गए हैं। इसे मत तोड़ना।'' इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन को अब एक नए राष्ट्रपति की जरूरत है। ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की पर रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए पर्याप्त प्रयास न करने का आरोप लगाया और अमेरिका में डीजल की बढ़ती कीमतों के लिए भी उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया।

    टेनसी प्रांत के लिए रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "मेरा सुझाव है कि यूक्रेन को नया नेता चुनना चाहिए, जो समझौता कर सके। जेलेंस्की कई समझौते कर सकते थे, लेकिन न जाने क्यों उन्होंने ऐसा कभी नहीं किया।" रूस ने ट्रंप के इस बयान का स्वागत किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आर्थिक दूत किरिल दिमित्रिव ने 'एक्स' पर लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप भी अब उन लोगों में शामिल हो गए हैं, जिनका मानना है कि यूक्रेन को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो शांति पर ध्यान केंद्रित करे, न कि जेलेंस्की की तरह युद्ध भड़काने पर।"

    डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान जेलेंस्की के अमेरिका-रूस के बीच हुए डीजल समझौते की तीखी आलोचना के बाद आया है। होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले ईंधन की बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए अमेरिका ने रूस से डीजल खरीदने का सौदा किया है। यूरोपीय देशों के अधिकारियों ने भी इस सौदे पर निराशा व्यक्त करते हुए चेतावनी दी है कि इससे रूस को युद्ध के लिए वित्तीय मदद मिलेगी। पुतिन से बातचीत के बाद ट्रंप ने घोषणा की थी, "रूस अमेरिकी और वैश्विक बाजार में तुरंत तीन लाख टन से अधिक डीजल ईंधन की आपूर्ति करेगा, जबकि नवंबर महीने में पांच लाख टन अतिरिक्त डीजल दिया जाएगा।"

  • रायसेन जिले में गरीबी मुक्त गांव का देश का पहला मॉडल तैयार करेंगे- शिवराज सिंह चौहान

    रायसेन जिले में गरीबी मुक्त गांव का देश का पहला मॉडल तैयार करेंगे- शिवराज सिंह चौहान

    भोपाल
    केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र भोजपुर और मंडीदीप के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने भोजपुर के विनेका में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण का शुभारंभ किया। साथ ही रायसेन जिले में 84 किलोमीटर से अधिक लंबाई की 31 सड़कों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास, गरीबी उन्मूलन, किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए सरकार की योजनाओं और कार्ययोजना पर विस्तार से संवाद किया। दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री वितरित की और अलग-अलग शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए। नवरात्रि के पावन अवसर पर शिवराज सिंह चौहान रायसेन स्थित कंकाली मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने मां कंकाली के दर्शन-पूजन कर देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

    हर गांव को सड़क से जोड़ना हमारा लक्ष्य
    केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमारा प्रयास है कि हर गांव सड़क से जुड़े और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। भोजपुर में आज 31 सड़कों का भूमिपूजन किया गया है, जो आसपास के छोटे-छोटे मजरा-टोलों को जोड़ने में मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि अभी 30 सड़कें और शेष हैं। उनके लिए भी प्रयास किए जाएंगे। हालांकि, सड़क निर्माण के लिए आबादी सहित निर्धारित मापदंडों का ध्यान रखना पड़ता है, लेकिन हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक गांवों और बस्तियों तक सड़क सुविधा पहुंचे।

    रायसेन जिले को गरीबी मुक्त गांव का पहला मॉडल बनाएंगे
    केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प गांवों को गरीबी से मुक्त बनाना है। गरीबी मुक्त गांव का अर्थ केवल योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि हर परिवार को स्थायी आजीविका से जोड़ना है। हर परिवार के पास कोई न कोई काम-धंधा और कमाई का साधन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह काम कठिन जरूर है, लेकिन असंभव नहीं है। इसी उद्देश्य से भारत सरकार की टीम को भेजा गया है और इसी महीने रायसेन में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें भारत सरकार और प्रदेश सरकार के अधिकारी शामिल होंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैठक में हर गांव की मैपिंग की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि किन परिवारों के पास आजीविका का कोई साधन नहीं है और उन्हें किस प्रकार रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है। खेती से संबंधित प्रोसेसिंग, पशुपालन, मछली पालन, बकरी पालन, गाय पालन, मधुमक्खी पालन और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में आजीविका के मॉडल तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रायसेन जिले में गरीबी मुक्त गांव का देश का पहला मॉडल विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

    गरीबी किसी के माथे पर कलंक बनकर नहीं रहनी चाहिए
    शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीबी और मजबूरी में जीवन बिताना बहुत कठिन होता है। हमारा प्रयास है कि किसी भी परिवार को मजबूरी में जीवन न जीना पड़े। गरीबी किसी के माथे पर कलंक बनकर नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान को गति देने के लिए विधायक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला प्रशासन, प्रदेश सरकार और भारत सरकार की टीमें मिलकर काम करेंगी। हमारा लक्ष्य है कि हर परिवार को आजीविका का साधन मिले और उसकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो।

    किसानों को उन्नत खेती का प्रशिक्षण दिलाएगी सरकार
    केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को बेहतर बनाने के लिए उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। किसानों के एक समूह को हाल ही में भुवनेश्वर भेजा गया है। किसानों के आने-जाने, रहने, खाने और प्रशिक्षण की व्यवस्था सरकार की ओर से की जा रही है। किसानों को दिल्ली, भुवनेश्वर, पंजाब और देश के अन्य उन क्षेत्रों में ले जाया जाएगा, जहां खेती के बेहतर तरीके अपनाए जा रहे हैं। वहां कृषि वैज्ञानिक किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक पद्धतियों और खेती के नए प्रयोगों की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत खेती के तरीके सीखने होंगे। सरकार प्रशिक्षण और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों की मदद करेगी, ताकि खेती की लागत, उत्पादन और आमदनी से जुड़ी चुनौतियों का समाधान किया जा सके।

    फल, फूल और सब्जियों की खेती को बढ़ावा
    शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केवल सोयाबीन और धान की खेती से किसानों की सभी जरूरतें पूरी नहीं हो सकतीं। अब खेती में विविधता लाने की आवश्यकता है। किसानों को फल, फूल, सब्जियों और औषधीय पौधों की खेती की ओर भी बढ़ना होगा।

  • श्रमोदय स्कूल में भोजन के बाद बिगड़ी 13 बच्चों की तबीयत

    श्रमोदय स्कूल में भोजन के बाद बिगड़ी 13 बच्चों की तबीयत

    भोपाल
    मुगालिया छाप-नीलबड़ स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में रात का खाना खाने के बाद 13 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद 11 बच्चों को जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमार बच्चों में छठवीं से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल हैं। बच्चों ने दावा किया कि उन्हें परोसे गए खाने में छिपकली मिली थी। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है।

    खाने में छिपकली मिलने का दावा और अस्पताल में भर्ती बच्चे
    जानकारी के अनुसार, शनिवार रात छात्रावास में भोजन करने के बाद बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जेपी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और उसकी निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, बच्चों की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

    बच्चों ने खाने में छिपकली मिलने की बात कही है। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भोजन की कढ़ाई में छिपकली जैसी वस्तु दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने भी खाने में छिपकली मिलने की पुष्टि नहीं की है। भोजन के नमूनों की जांच से घटना के कारणों का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

    पुलिस जांच और डॉक्टर का बयान
    रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि शनिवार रात बच्चों की तबीयत बिगड़ने और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय की प्राचार्य रतना दुबे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

     

  • सेवा संकल्प से संवरती ज़िंदगी: अब नारायणपुर के दूरस्थ अबुझमाड़ (कुतुल) के नयापारा में भी पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

    सेवा संकल्प से संवरती ज़िंदगी: अब नारायणपुर के दूरस्थ अबुझमाड़ (कुतुल) के नयापारा में भी पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

    रायपुर. 
    ​छत्तीसगढ़ सरकार के 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत राज्य के अंतिम छोर पर बसे वनांचल और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार अब ज़मीनी हक़ीकत बनता जा रहा है। इसी कड़ी में नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम परपा (कुतुल) के नयापारा में नलकूप खनन का कार्य तेज़ी से प्रारंभ कर दिया गया है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित आवागमन के बावजूद शुरू की गई इस पहल से स्थानीय ग्रामीणों को जल्द ही घर के समीप शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की सौगात मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में विकास की एक नई किरण जगी है।

    ​वनांचल के दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाना केवल एक बुनियादी सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर को सीधे तौर पर बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कुतुल जैसे दुर्गम क्षेत्रों में जहाँ भौगोलिक विसंगतियाँ और आवागमन की दुश्वारियाँ विकास कार्यों के क्रियान्वयन को बेहद चुनौतीपूर्ण बना देती हैं, वहाँ प्रशासन की यह पहल स्थानीय लोगों के जीवन को सुगम बनाने का सशक्त माध्यम बन रही है। पारंपरिक स्रोतों से पानी ढोने की मजबूरी झेल रहे परिवारों के लिए यह नलकूप खनन किसी वरदान से कम साबित नहीं होगा।

    ​इस महत्वपूर्ण पहल के धरातल पर उतरने से ग्रामीण महिलाओं और परिवारों को अपनी दैनिक ज़रूरतों के लिए पानी जुटाने की लंबी और श्रमसाध्य मशक्कत से राहत मिलेगी। घर के नज़दीक ही स्वच्छ जल उपलब्ध होने से न केवल उनका बहुमूल्य समय बचेगा, बल्कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग अन्य रचनात्मक व आजीविका संबंधी कार्यों में कर सकेंगे। इसके साथ ही, सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों के खतरे को कम करने तथा ग्रामीण आंचल में बेहतर स्वास्थ्य संबंधी आदतों को बढ़ावा देने में भी बड़ी मदद मिलेगी।

    ​नारायणपुर जिले के इन दूरस्थ अंचलों में जल स्रोतों का विकास और उनका सुचारू रखरखाव इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि राज्य शासन हर नागरिक तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। नलकूप खनन का कार्य पूरा होने के बाद पानी की गुणवत्ता की विशेष रूप से जाँच की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ग्रामीणों को पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित पेयजल प्राप्त हो। यह सकारात्मक पहल न केवल नयापारा के निवासियों के जीवन को आसान बना रही है, बल्कि यह विश्वास भी दिलाती है कि विकास की धारा अब राज्य के हर कोने तक पहुँच रही है।

  • मध्यप्रदेश के बच्चों और युवाओं के भविष्य पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान, तरक्की के लिए सरकार उठाएगी हर जरूरी

    मध्यप्रदेश के बच्चों और युवाओं के भविष्य पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान, तरक्की के लिए सरकार उठाएगी हर जरूरी

    भोपाल 
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बच्चे ही हमारे देश-प्रदेश के भावी कर्णधार हैं। बच्चे और युवा हम सबके सुनहरे भविष्य के चमकते सितारे हैं। हम इनकी शिक्षा-दीक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और तरक्की में कोई बाधा नहीं आने देंगे। राज्य सरकार आधुनिक शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को रोजगार और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश में विकास का कारवां निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को नरसिंहपुर में 42.52 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से 213.41 करोड़ रुपए की पेंशन राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने रविवार को नवरात्र शुभारंभ के अवसर पर नरसिंहपुर जिलेवासियों को नये विकास कार्यों की भी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां लगभग 175.14 करोड़ रुपए लागत के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना- 2026 के अंतर्गत करीब 10 हितग्राहियों को उनके मालिकाना पट्टे की नि:शुल्क रजिस्ट्री की कॉपी (चेक सहित) तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय की 15 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर सांदीपनि बस सेवा का शुभारंभ किया।

    गुरुकुल परम्परा का ही आधुनिक स्वरूप हैं हमारे सांदीपनि विद्यालय
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरु हो, तो सांदीपनि जैसा। शिष्य हो, तो कृष्ण जैसा और मित्रता हो, तो कृष्ण-सुदामा जैसी। प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे सांदीपनि विद्यालय हमारी प्राचीन गुरुकुल शिक्षा पद्धति और गुरु-शिष्य परंपरा का ही आधुनिक स्वरूप हैं। राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और शैक्षणिक परिवेश को बेहतर बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय भवन, स्कूल बस, पुस्तकें, यूनिफॉर्म और साइकिल उपलब्ध कराई जा रही हैं। पचहत्तर प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान की जा रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने के समान अवसर देना है।

    सफलता के दिए अनमोल टिप्स, सपनों को पूरा करने के लिए किया प्रेरित
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में आगे बढ़ने की क्षमता है और सही दिशा में किए गए प्रयास सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

    बहनों, किसानों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध सरकार
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपए की सहायता दी जा रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि और ग्रामीण परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार ने 50 लाख संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, अधोसंरचना और औद्योगिक विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और आने वाले समय में वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।

    नरसिंहपुर को मिलेंगी नये विकास कार्यों की सौगातें
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां नरसिंहपुर से पिपरिया मार्ग के उन्नयन के लिए सरकार द्वारा 540 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने नरसिंहपुर में नगर वन कॉरिडोर विकसित करने, नगरपालिका क्षेत्र में खैरीनाका से रेलवे स्टेशन तक पक्की सुसज्जित सड़क बनाने तथा नगर क्षेत्र में ही एक गीता भवन भी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी के बरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। जिले के सभी विकासखंडों में पशुपालकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपए के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरसिंहपुर को जबलपुर मेट्रोपोलिटन एरिया का लाभ मिलेगा। जिले के 50 गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 23.17 करोड़ रुपए की लागत से नल से जल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में चार सड़कों और शासकीय हाईस्कूल कल्याणपुर का लोकार्पण भी किया गया। इसके अतिरिक्त लगभग 95 करोड़ रुपए लागत के 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

    युवाओं के लिए रोजगार और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार
    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया गया है। अगले वर्ष पीएससी की परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगी। प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां की गई हैं और बहुत जल्द एक लाख से अधिक नवीन पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष प्रदेश में 12 नये मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिससे चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अपने सेवा संकल्प के महाअभियान में भारत को दुनिया में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। विकसित भारत की यात्रा में मध्यप्रदेश हर कदम पर प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय शुरू किए गए हैं, ये विद्यालय हमें भगवान श्रीकृष्ण के शिक्षाकाल का स्मरण कराते हैं। श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता से हमें शिक्षा लेकर मित्र की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। सांदीपनि विद्यालय और बस सेवा की सौगात बच्चों के चेहरों पर साफ नजर आ रही है। शासकीय स्कूलों में ड्रापआउट दर 14 प्रतिशत से कम होते हुए आज शून्य पर आ गई है। प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरसिंहपुर की पवित्र धरती को मां नर्मदा का विशेष स्नेह मिला है। यह आदिगुरु शंकराचार्य की तपस्थली, महर्षि महेशयोगी की ध्यानस्थली, वीरांगना रानी दुर्गावती की कर्मस्थली और आचार्य रजनीश ओशो का नरसिंहपुर के विशेष जुड़ाव रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब भक्त संकट में होते हैं तो भगवान नरसिंह अवतार में प्रकट होकर दुष्टों को विनाश करते हैं।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। एशियन गेम्स-2026 में हमारे खिलाड़ियों का प्रदर्शन इसका गवाह है। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को 11 पदक मिले, जिनमें से 5 स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत आज मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग में अग्रणी राष्ट्र बन चुका है। अमृतकाल में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने संकल्प लिया है। भारत दुनिया का नंबर-एक देश बनेगा।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट, मंडला, डिंडौरी जिले लंबे समय तक नक्सलवाद की चपेट में रहे। विकास के मामले में यहां हालात बहुत खराब हो गए थे। हमारी सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता के बल पर प्रदेश की धरती से लाल सलाम को आखिरी सलाम किया है। चंबल में दस्यु समस्या का समाधान भी किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत मंत्री श्री प्रह्लाद पटेल के नेतृत्व में जल संरक्षण, नल जल योजना के अंतर्गत 10 हजार करोड़ लागत के विकास कार्य किए गए। पात्र हितग्राहियों को एक बगिया मां के नाम योजना का भी लाभ मिल रहा है। प्रदेश के किसानों को नदी जोड़ो अभियान की सौगात मिलेगी।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में आज 5 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है। भोपाल और इंदौर में मेट्रो ट्रेन दौड़ रही है। राज्य में लगातार नए हवाई अड्डे विकसित कर एयर कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में रीवा, सतना और दतिया को एयरपोर्ट की सौगात मिली है।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए सभी जरूरी काम कर रही है। इस वर्ष किसानों को गेहूं खरीद के लिए 2625 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान किया गया।

    स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि नरसिंहपुर के बेटा-बेटियों को आज भव्य सांदीपनि विद्यालय के भवन की सौगात मिली है। प्रदेश में 375 सांदीपनि विद्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं। स्कूली बच्चों को लैपटॉप, स्कूटी और साइकिलें बांटी जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में जिले को विकास की अनेक सौगातें मिली हैं। किसी भी राज्य का विकास वित्तीय प्रबंधन के बिना संभव नहीं है। मध्यप्रदेश सरकार ने लगातार नीतियों में सुधार और प्रबंधन को बेहतर करते हुए इस वर्ष साढ़े 4 लाख करोड़ का बजट प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को सुगम परिवहन बसों की सौगात दी है। स्कूल के बच्चों को भी आवागमन के लिए इन बसों का लाभ मिलेगा।

    नर्मदापुरम के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर आज नरसिंहपुर में सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण हुआ है। यह विद्यालय हमारे बच्चों के स्वर्णिम भविष्य की गारंटी हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में देश कृषि, उद्योग, तकनीक सहित सभी क्षेत्रों में तेज गति से बढ़ रहा है। सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इच्छाशक्ति अटल है। मध्यप्रदेश कृषि क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ते हुए नए रिकॉर्ड बना रहा है।

    पूर्व मंत्री श्री जालम सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव लगातार युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें स्वर्णिम अवसर दिलवाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ बड़े अभियान की शुरुआत की है। युवाओं को हर तरह के नशे से बचाने के लिए प्रदेश में कठोर कार्रवाई हो रही है। नरसिंहपुर गन्ना किसानों का जिला है। किसानों को गन्ने का उचित मूल्य मिल रहा है।

    विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ
    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। राजस्व विभाग की स्वामित्व पंजीयन योजना के अंतर्गत श्री बृजेश कुमार, श्री कमल सिंह पटेल, श्री आशीष कुमार जाट, श्री जितेन्द्र सिंह जाट, श्री सरोज साहू, श्री गिरधारी साहू, श्री पूरन लाल, श्री टीकाराम दुबे, श्री भूपेन्द्र सिंह जाट, श्री रामचरन जाट, श्री सालिगराम, श्री दीपप्रसाद श्रीवास्तव, श्री विष्णु प्रसाद श्रीवास्तव, श्री गेंदालाल, श्री अनुप कुमार, श्री तोड़ल काछी, श्री विकास, श्री राकेश जाट, श्री अशोक कुमार और श्री रघुवीर श्रीवास्तव को ई-रजिस्ट्री प्रदान की। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत श्री प्रशांत कुर्मी को दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट के लिए 51 लाख रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत श्री देवेश जाट को 42 लाख रुपये तथा श्री संदीप मिश्रा को 36 लाख रुपये का हितलाभ दिया गया। उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के अंतर्गत श्री राजजीत धनोरिया को 22 लाख रुपये तथा श्री सत्यम सोनी को 9.35 लाख रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया। आजीविका मिशन के अंतर्गत सीसीएल हितलाभ वितरण में श्रीमती लीलावती जाटव, श्रीमती साधना शर्मा, श्रीमती रोशनी मेहरा एवं श्रीमती लक्ष्मी कुशवाहा से संबंधित क्रमशः रेवा एसएचजी, अदिति एसएचजी, परी एसएचजी एवं राधा एसएचजी को हितलाभ वितरित किए गए।

    विद्यालय की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं, पुस्तकालय, संगीत कक्ष, प्रयोगशाला सहित अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए विकसित की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

    सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर एवं पोषण प्रदर्शनी का आयोजन
    विद्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर एवं पोषण प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री डॉ. यादव शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों का सम्मान किया तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को सामग्री भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

    इस अवसर पर विधायक श्री महेंद्र नागेश, महिला आयोग की सदस्या सुश्री साधना स्थापक, श्री देवीसिंह पटेल, नरसिंहपुर की जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती ज्योति नीलेश काकोडिया, श्री रामस्नेही पाठक सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बडी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित थे।

  • खरगोन पुलिस का सराहनीय काम, जम्मू में मिले युवक को सुरक्षित परिवार तक पहुंचाया

    खरगोन पुलिस का सराहनीय काम, जम्मू में मिले युवक को सुरक्षित परिवार तक पहुंचाया

    खरगोन 
    मध्यप्रदेश पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ संकट की परिस्थितियों में लोगों की सहायता के लिए भी तत्परता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में खरगोन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों और अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से घर से लापता हुए 24 वर्षीय युवक को जम्मू से सकुशल वापस लाकर उसके परिजनों से मिलाया।

    06 सितंबर को थाना कोतवाली खरगोन में सूचना प्राप्त हुई कि 24 वर्षीय युवक 01 सितंबर 2026 को घर से चला गया है और परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली खरगोन में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

    थाना प्रभारी कोतवाली श्री बनवारी लाल मंडलोई के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर युवक की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने खरगोन एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया, जिससे युवक के खंडवा की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने खंडवा पहुँचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान युवक के ट्रेन से मथुरा-वृंदावन की ओर जाने की संभावना के आधार पर भी उसकी तलाश के प्रयास किए गए।

    युवक की तलाश के दौरान जम्मू के समाजसेवी श्री जितेंद्र सिंह से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने सैनिक कॉलोनी, जम्मू क्षेत्र में मिले युवक को मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने घर पर सुरक्षित रखा तथा स्थानीय पुलिस थाने के माध्यम से खरगोन पुलिस को सूचना दी।

    सूचना मिलते ही खरगोन पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क स्थापित कर युवक की पहचान की पुष्टि की और उसे सकुशल वापस लाने की कार्यवाही प्रारंभ की।

    युवक की मौजूदगी की पुष्टि होने पर थाना कोतवाली खरगोन की पुलिस टीम लगभग 1600 किलोमीटर की दूरी तय कर जम्मू पहुँची। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद युवक को सकुशल खरगोन लाया गया और उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

    मध्यप्रदेश पुलिस आमजन की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। खरगोन पुलिस की यह कार्रवाई दर्शाती है कि पुलिस की तत्परता, समन्वित प्रयास और नागरिकों का सहयोग मिलकर कठिन परिस्थितियों में भी परिवारों को राहत और अपनों से पुनर्मिलन की खुशी प्रदान कर सकते हैं।

     

  • NEET और तमिल भाषा विवाद पर बढ़ी सियासत, सुधांशु त्रिवेदी ने तिरुक्कुरल से लेकर रक्षा कॉरिडोर तक गिनाईं उपलब्धियां

    NEET और तमिल भाषा विवाद पर बढ़ी सियासत, सुधांशु त्रिवेदी ने तिरुक्कुरल से लेकर रक्षा कॉरिडोर तक गिनाईं उपलब्धियां

     नई दिल्ली
    कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने निशाना साधा। रविवार को उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दावा पूरी तरह गलत है कि NEET लागू होने से तमिल भाषा पर हमला हो रहा है। त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में तमिल भाषा को काफी सम्मान दिया गया है। इसके विभिन्न पहलुओं को न केवल राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए गए हैं।

    सुधांशु त्रिवेदी ने तमिलनाडु में केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गईं। इनमें चेन्नई मेट्रो के लिए 4,900 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 3,700 करोड़ रुपये और कराईकल-परमबूर रेल लाइन के लिए 7,750 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चेन्नई के वीओसी और कामराजर बंदरगाहों समेत तीन बंदरगाहों पर माल ढुलाई और क्रूज सुविधाओं को बेहतर बनाने के काम भी किए जा रहे हैं।

    रूस के राष्ट्रपति को भेंट किया तिरुक्कुरल
    बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी के मुताबिक, तमिलनाडु में सागरमाला योजना के तहत 41 परियोजनाओं की पहचान की गई है और तीन बंदरगाहों पर नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि साल 2047 तक चेन्नई, कामराजर और कडलूर बंदरगाह समूह के लिए सालाना 30 करोड़ टन माल ढुलाई का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले महीने ही पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति को तमिल साहित्य की सबसे सम्मानित रचनाओं में शामिल ‘तिरुक्कुरल’ भेंट की थी। त्रिवेदी ने कहा कि भारत सरकार ने दुनिया के कई देशों में तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र शुरू किए हैं और पहला केंद्र सिंगापुर में स्थापित किया गया है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि 1967 से तमिलनाडु की सत्ता से बाहर रहने के दौरान पार्टी ने इस तरह के प्रयास क्यों नहीं किए।

    भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार ने रक्षा उत्पादन और देश की रक्षा जरूरतों के लिए स्वदेशी क्षमता बढ़ाने को लेकर बड़ा नीतिगत फैसला लिया। इसके तहत 2 रक्षा गलियारे बनाए गए, जिनमें से एक उत्तर भारत और दूसरा दक्षिण भारत में स्थापित किया गया। उन्होंने बताया कि उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश को रक्षा गलियारे का केंद्र बनाया गया, जबकि दूसरा गलियारा तमिलनाडु को दिया गया। त्रिवेदी ने कहा कि तमिलनाडु में उनकी पार्टी न तो सरकार में है और न ही विपक्ष में, इसके बावजूद राज्य को यह परियोजना दी गई। यह पीएम मोदी की संतुलित सोच और सकारात्मक नजरिए को दिखाता है।

    आखिर राहुल गांधी ने क्या था?
    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को बीजेपी सरकार पर तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति और इतिहास को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब परिसीमन के माध्यम से राज्य का संसद में प्रतिनिधित्व कम करने और यहां के लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु की भाषाई और सांस्कृतिक पहचान पर हमला कर रहे हैं। शाह तमिलनाडु के लोगों पर हिंदी थोपने की बात करते हैं और तमिल भाषा व संस्कृति को कमतर मानते हैं। तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति, इतिहास और परंपराओं पर किसी भी तरह का हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा।

  • नवरात्रि में पूर्व IAS दिव्या करेंगी बड़ा खुलासा

    नवरात्रि में पूर्व IAS दिव्या करेंगी बड़ा खुलासा

    मिर्जापुर
    पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल इस्तीफे के बाद पहली बार मिर्जापुर में विध्ंयधाम पहुंची। इस दौरान दिव्या मित्तल ने अपनी नई पारी की ओर इशारा कर दिया। मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मैंने राजनीति में आने की घोषणा की है, लेकिन किसी पार्टी में शामिल नहीं होने जा रही हूं। नवरात्र में ही नए कदम को सार्वजनिक करूंगी।

    नवरात्र के पहले दिन रविवार को पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। वह गेट नंबर दो पर पहुंचकर सामान्य कतार में खड़ी हुईं और करीब डेढ़ घंटे लाइन में लगे रहने के बाद गर्भगृह में मां का दर्शन किया। इसके बाद हवनकुंड में पहुंचकर आहुति अर्पित की। इसके बाद उन्होंने नौ दिनों का अनुष्ठान संकल्पित किया। विंध्यधाम के पुरोहित ने मां की चुनरी और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। वहीं, दिव्या मित्तल ने मंदिर की छत पर पहुंचकर विशेष अनुष्ठान के लिए पुरोहित से संकल्प कराया।
     
    मां के दर्शन को आई हूं : दिव्या
    पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि नवरात्र के प्रथम दिन मां के दर्शन के लिए आई हूं। अभी मैं नौ दिनों तक विंध्याचल में ही रहूंगी। इन्हीं नौ दिनों में आगे की रूपरेखा तय करूंगी। मेरे आने वाले जीवन में जो भी नए कदम होंगे, उसकी घोषणा भी जल्द करूंगी। मैं जानती हूं कि मेरे राजनीति में आने की घोषणा के बाद आप लोगों की जिज्ञासा बढ़ गई है। इसकी जल्द घोषणा करूंगी। हां, इतना पक्का है कि किसी पार्टी में शामिल नहीं हो रही हूं। इस दौरान लहुरियादह की दुईजी देवी से भी भेंट करूंगी। उनकी तबीयत इन दिनों खराब है। उनका हमें आशीर्वाद मिला है।

    राहुल से नहीं हुई मुलाकात
    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात पर बोलीं कि मेरी कोई मुलाकात राहुल गांधी से नहीं हुई है। राजनीति एक ऐसी जगह है, जो देश को दिशा देती है। मैं सही दिशा में अपना पूरा समय लगाना चाहती हूं।

    भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से इस्तीफा देकर राजनीति में आने की घोषणा कर चुकीं उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल का रविवार को जिगना में समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने इस दौरान 'दिव्या मित्तल जिंदाबाद' और 'दिव्या दीदी जिंदाबाद' के नारे लगाए। राजनीति में आने की घोषणा के बाद मित्तल का इस क्षेत्र का यह पहला दौरा था। उनके पहुंचने पर महिलाओं ने गुलाब की मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया, जबकि लोगों ने उनकी गाड़ी पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं। मित्तल ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘आप लोगों ने मुझ पर इतने फूल बरसाये हैं। यह आपका प्यार है।’ उन्होंने कहा, 'आप हर बार मुझे भावुक कर देते हैं। ऐसा लगता है कि मिर्जापुर ने मुझे भावनाओं में रुलाने का ठेका ले लिया है। मिर्जापुर को हमेशा हंसते रहना चाहिए। किसी को रोना नहीं है।'

  • गन्ना बोनस की गणना का आधार ₹355 से बढ़ाकर ₹425 प्रति क्विंटल किया

    गन्ना बोनस की गणना का आधार ₹355 से बढ़ाकर ₹425 प्रति क्विंटल किया

    रायपुर
    छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के गन्ना किसानों को नवरात्रि से पहले बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने गन्ना बोनस की गणना का आधार ₹355 से बढ़ाकर ₹425 प्रति क्विंटल कर दिया है। इस निर्णय से पेराई सत्र 2025–26 में प्रदेश के चारों सहकारी शक्कर कारखानों को गन्ना आपूर्ति करने वाले 31,022 किसानों को लगभग ₹51.09 करोड़ की बोनस राशि प्राप्त होगी।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर प्रदेश के गन्ना किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सहकारिता मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि गन्ना बोनस में बढ़ोतरी से किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। बोनस की बढ़ी हुई राशि से किसानों को खेती की लागत वहन करने और आगामी फसल की बेहतर तैयारी में मदद मिलेगी। यह निर्णय प्रदेश में गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहित करने के साथ सहकारी शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगा।

    पेराई सत्र 2025–26 के लिए बोनस गणना में एफआरपी ₹329.05 प्रति क्विंटल का आधार लिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार ₹425 में से एफआरपी घटाने पर किसानों को ₹95.95 प्रति क्विंटल की दर से बोनस मिलेगा। 

    इस निर्णय के तहत भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा के 14,961 किसानों को लगभग ₹24.55 करोड़ तथा सरदार पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया के 8,049 किसानों को लगभग ₹11.68 करोड़ की बोनस राशि मिलेगी। इसी प्रकार महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता के 7,250 किसानों को लगभग ₹11.35 करोड़ और दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना, बालोद के 762 किसानों को लगभग ₹3.52 करोड़ का बोनस प्राप्त होगा।