Author: NewseDay

  • प्राधिकरण और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जल्द एनबीएफसी और एलडीएम के साथ होगी बैठक

    प्राधिकरण और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जल्द एनबीएफसी और एलडीएम के साथ होगी बैठक

    गोरखपुर
    अब सिर्फ भू-प्रयोग सही होने के आधार पर घर बनाने के लिए के लिए होम लोन पास नहीं किया जा सकेगा। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने बैंकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि भवन का मानचित्र स्वीकृत होने या मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन किए जाने के बाद ही होम लोन की स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। इससे बिना मानचित्र स्वीकृति के भवन निर्माण के लिए लोन मिलने की संभावना पर रोक लगेगी। अवैध निर्माण पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

    गोरखपुर के एनेक्सी भवन में सोमवार को प्राधिकरण और विभिन्न बैंकों के अधिकारियों की बैठक में गृह ऋण प्रक्रिया को लेकर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने की। उन्होंने बैंकों और प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय के साथ ऐसी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया, जिससे ऋण प्रक्रिया सरल भी हो और भवन निर्माण के नियमों का पालन भी सुनिश्चित हो। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि प्राधिकरण की ओर से अपने एलटीपी (लाइसेंस्ड टाउन प्लानर) का पूरा डेटा संबंधित बैंकों को उपलब्ध कराया जाएगा। बैंकों को निर्देश दिया कि जनसामान्य की सुविधा और जागरूकता के लिए इस डेटा के साथ संबंधित मोबाइल नंबर अपनी शाखाओं में प्रमुखता से प्रदर्शित करें। इससे भवन मानचित्र से जुड़ी जानकारी लेने वाले आवेदकों को सही संपर्क उपलब्ध हो सकेगा। प्रक्रिया में अनावश्यक भ्रम कम होगा।

    इस बैठक में यह भी तय हुआ कि बैंक गृह ऋण से संबंधित प्राप्त आवेदनों का आवश्यक डेटा नियमित रूप से प्राधिकरण को उपलब्ध कराएंगे। इससे प्राधिकरण अवगत हो सकेगा कि किन क्षेत्रों और भवनों के लिए गृह ऋण के आवेदन मिल रहे हैं। इसके आधार पर मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया में भी बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

    एनबीएफसी और लीड बैंक मैनेजर संग बैठक जल्द
    बैंक अधिकारियों ने बताया कि गृह ऋण केवल पारंपरिक बैंकों के माध्यम से ही नहीं, बल्कि एनबीएफसी के जरिये भी मिलता है। एसबीआइ और पीएनबी के शाखा प्रबंधकों ने प्रक्रिया में लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) को भी शामिल करने का सुझाव दिया। जीडीए उपाध्यक्ष ने सहमति जताते हुए एनबीएफसी और एलडीएम के साथ शीघ्र अलग बैठक करने का आश्वासन दिया।

    एक प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी जीडीए की सुविधाएं
    गोरखपुर विकास प्राधिकरण अपनी आंतरिक कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तेज बनाने की तैयारी में है। इसके लिए प्राधिकरण में इंटीग्रेटेड ईआरपी (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) एवं सिटीजन सर्विसेज प्लेटफॉर्म लागू करेगा। इसके जरिए प्राधिकरण के विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली को एकीकृत करने के साथ नागरिक सेवाओं को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। प्रस्तावित सिटीजन सर्विसेज पोर्टल पर ही नागरिकों को ऑनलाइन आवेदन, भुगतान, शिकायत निवारण, नीलामी और आवेदन की स्थिति की ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।

    डिजिटल होगी फाइलों की आवाजाही
    ईआरपी में वर्कफ्लो ऑटोमेशन की व्यवस्था होगी। इसके तहत डिजिटल अनुमोदन, फाइल ट्रैकिंग और अधिकारियों-कर्मचारियों को सूचनाएं भेजने की सुविधा रहेगी। प्रत्येक प्रक्रिया का ऑडिट ट्रेल उपलब्ध होने से यह भी पता लगाया जा सकेगा कि फाइल किस स्तर पर और कितने समय से लंबित है। ई-ऑफिस की कार्यक्षमता को भी इसी व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।

    रियल टाइम डैशबोर्ड से होगी निगरानी
    प्राधिकरण रियल टाइम एमआईएस और डैशबोर्ड विकसित करेगा। इसके जरिए प्राधिकरण की परियोजनाओं, वित्तीय स्थिति, नागरिक सेवाओं की डिलीवरी और संगठनात्मक प्रदर्शन की निगरानी की जा सकेगी। प्रस्तावित प्रणाली में पेमेंट गेटवे, ओबीपीएएस-फास्टपास, आधार सत्यापन और डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (डीएमएस) के एकीकरण की व्यवस्था होगी। भूमिका आधारित एक्सेस कंट्रोल से अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके कार्यक्षेत्र के अनुसार सिस्टम तक पहुंच दी जाएगी। प्राधिकरण का मानना है कि इससे आंतरिक कार्यप्रणाली मजबूत होने के साथ फास्टर पब्लिक डिलीवरी और कार्यों में तेजी आएगी।

    बोर्ड की मंजूरी के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू
    प्राधिकरण की ओर से इस प्रस्ताव का उद्देश्य अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने, आंतरिक कार्यप्रणाली को मजबूत करने और नागरिक सेवाओं की डिलीवरी में तेजी लाना है। बोर्ड से सैद्धांतिक सहमति मिलने के बाद इसके क्रियान्वयन की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।

  • Emmy Awards 2026: जीन स्मार्ट ने पांचवीं बार जीता ‘Hacks’ अवॉर्ड, टॉम हॉलैंड-जैंडाया ने लूटी महफिल

    Emmy Awards 2026: जीन स्मार्ट ने पांचवीं बार जीता ‘Hacks’ अवॉर्ड, टॉम हॉलैंड-जैंडाया ने लूटी महफिल

     लंदन 
    78वें प्राइमटा
    इम एमी अवार्ड्स समारोह में टेलीविजन जगत के दिग्गज सितारे 14 सितंबर को लॉस एंजिल्स के पीकॉक थिएटर में एक साथ जुटे. समारोह की मेजबानी 'लॉ एंड ऑर्डर: स्पेशल विक्टिम्स यूनिट' की स्टार मारिस्का हार्गिटे ने की. भारत में इसका प्रसारण 15 सितंबर की सुबह हुआ. एचबीओ मैक्स के मेडिकल ड्रामा 'द पिट' को 25 नॉमिनेशन मिले और यह सबसे बड़ा दावेदार बनकर उभरा. इसके बाद 'हैक्स' को 24 नॉमिनेशन मिले. 'विडोज बे', 'प्लुरिबस', 'बीफ सीजन 2' और 'डीटीएफ सेंट लुइस' अन्य प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। 

    जीन स्मार्ट ने 'हैक्स' के लिए बेस्ट कॉमेडी सीरीज का पुरस्कार जीतकर एमी अवॉर्ड्स के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया. यह इस श्रेणी में उनकी लगातार पांचवीं जीत थी और इसके साथ ही वह किसी शो के हर सीजन के लिए एमी अवॉर्ड जीतने वाली पहली कलाकार बन गईं. इस जीत के साथ ही उनके कुल एमी अवॉर्ड्स की संख्या आठ हो गई और वह जूलिया लुईस-ड्रेफस, क्लोरिस लीचमैन और एलिसन जैनी के साथ रिकॉर्ड बुक में शामिल हो गईं। 

    मैथ्यू राइस के लिए भी वह रात यादगार रही. उन्होंने 'द बीस्ट इन मी' के लिए लिमिटेड या एंथोलॉजी सीरीज या मूवी में बेस्ट एक्टर का पुरस्कार जीता. इस जीत ने उनके करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की, क्योंकि वे तीनों श्रेणी में मुख्य अभिनय के लिए एमी पुरस्कार जीतने वाले पहले कलाकार बन गए. उन्होंने एक ही साल में दो कैटेगरी में बेस्ट एक्टर पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया, क्योंकि उन्हें एप्पल की 'विडोज बे' के लिए भी नॉमिनेट किया गया था। 

    नोआ वाइल ने 'द पिट' के लिए ड्रामा सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता, जिससे उन्हें इस श्रेणी में लगातार दूसरी बार एमी पुरस्कार मिला. रिया सीहॉर्न ने 'प्लुरिबस' के लिए ड्रामा सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अपना पहला एमी पुरस्कार जीता, जबकि एलिसन जैनी ने 'द डिप्लोमैट' के लिए सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। 

    एमी अवार्ड्स 2026 फुल विनर्स लिस्ट

    ड्रामा सीरीज

    बेस्टर एक्टर (ड्रामा सीरीज )

        नोआ वाइल – द पिट

    बेस्ट एक्ट्रेस (ड्रामा सीरीज)

    रिया सीहॉर्न – प्लुरिबस

    सपोर्टिंग एक्टर (ड्रामा सीरीज)

        टॉम पेल्फ्रे – कार्य

    सपोर्टिंग एक्ट्रेस (ड्रामा सीरीज)

        एलिसन जैनी – द डिप्लोमैट

    ड्रामा सीरीज (निर्देशन)

    साउल मेट्ज़स्टीन – धीमे घोड़े

    कॉमेडी सीरीज

    बेस्ट एक्टर (कॉमेडी सीरीज)

        मैथ्यू राइस – विडो बे

    बेस्ट एक्ट्रेस (कॉमेडी सीरीज)

        जीन स्मार्ट – हैक्स

    सपोर्टिंग एक्टर (कॉमेडी सीरीज)

        स्टीफन रूट – विडो'ज बे

    सपोर्टिंग एक्ट्रेस (कॉमेडी सीरीज)

        केट ओ'फ्लिन – विडो'ज बे

    बेस्ट लेखक (कॉमेडी सीरीज)

        केटी डिपोल्ड – विडोज़ बे (एपिसोड: वेलकम टू विडोज़ बे!)

    लिमिटेड सीरीज या एंथोलॉजी या मूवी

    बेस्ट एक्टर

        मैथ्यू राइस – द बीस्ट इन मी 

    बेस्ट एक्ट्रेस

        सैली फील्ड – रिमार्कब्ली ब्राइट क्रिएचर्स

    सपोर्टिंग एक्टर

        डेविड हार्बर – डीटीएफ सेंट लुइस

    सपोर्टिंग एक्ट्रेस

        लिंडा कार्डेलिनी – डीटीएफ सेंट लुइस

    बेस्ट डायरेक्टर

        स्टीवन कॉनराड – डीटीएफ सेंट लुइस

    बेस्ट राइटिंग

        डीटीएफ सेंट लुइस

    अन्य प्रमुख कैटेगरी

    रियलिटी कंपीटिशन सीरीज

    द ट्रैटर्स

    वैरायटी सीरीज

        द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट

    वैरायटी सीरीज लेखन

        द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट

    टेलीविजन फिल्म

        रिमार्कब्ली ब्राइट क्रिएचर्स

    वैरायटी स्पेशल (पूर्व-रिकॉर्डेड)

        द मपेट शो

    आउटस्टैंडिंग एनिमेटेड कार्यक्रम

        साउथ पार्क

    गेस्ट एक्टिंग कैटेगरी

    ड्रामा सीरीज में गेस्ट एक्ट्रेस

        शैलेन वुडली – पैराडाइज

    गेस्ट एक्टर

        अर्नेस्ट हार्डन जूनियर – द पिट

    कॉमेडी सीरीज में गेस्ट एक्ट्रेस

        बेट्टी गिलपिन – विडो'ज बे

    कॉमेडी सीरीज में गेस्ट एक्टर

        रॉब रेनर – द बेयर

    क्रिएटिव आर्ट्स एमी अवार्ड्स के तहत मुख्य समारोह से पहले कई एमी कैटेगरी के पुरस्कारों की घोषणा की गई. इन पुरस्कारों ने इस साल के कई सबसे बड़े शो और कलाकारों के कुल पुरस्कारों में इजाफा किया। 

    पुरस्कार समारोह में 'द पिट' और 'हैक्स' प्रमुख दावेदारों में बने रहे, जबकि 'विडोज बे', 'प्लुरिबस' और 'डीटीएफ सेंट लुइस' ने भी अहम पुरस्कार जीते. मुख्य समारोह में कई चर्चित जीतें दर्ज हुईं, जिनमें जीन स्मार्ट की ऐतिहासिक पांचवीं 'हैक्स' जीत और नोआ वाइल की 'द पिट' के लिए लगातार दूसरी बार मुख्य अभिनेता का एमी पुरस्कार शामिल है। 

    2026 के एमी पुरस्कारों में 'द ट्रेटर्स' ने रियलिटी कॉम्पिटिशन सीरीज का पुरस्कार जीता, जबकि 'द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट' ने वैरायटी सीरीज और वैरायटी सीरीज के लिए लेखन का पुरस्कार अपने नाम किया। 

    टॉम हॉलैंड का डेब्यू
    टॉम हॉलैंड के लिए यह पहला एमी इवेंट था. वह पत्नी जैंडाया को सपोर्ट करने गए थे, जो 2026 की दो बड़ी हिट फिल्मों – 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' और 'द ओडिसी' में उनकी को-स्टार थीं. जैंडाया का नाम तब लिया गया, जब 'सैटरडे नाइट लाइव' के स्टार मार्सेलो हर्नांडेज ने कॉमेडी सीरीज के लिए 'आउटस्टैंडिंग डायरेक्टिंग' का अवॉर्ड दिया. इसके बाद कैमरा जैंडाया पर जूम हुआ और हॉलैंड उनके पीछे मुस्कुराते हुए दिखे। 

    एमी अवार्ड्स 2026 का आयोजन कहां हुआ ?
    78वां प्राइमटाइम एमी अवार्ड्स समारोह लॉस एंजिल्स के डाउनटाउन में स्थित LA LIVE के पीकॉक थिएटर में आयोजित किया गया. समारोह की मेजबानी मारिस्का हार्गिटे ने की, जिसका अमेरिका में एनबीसी पर सीधा प्रसारण किया गया और पीकॉक पर इसे स्ट्रीम किया गया। 

    भारत में दर्शकों के लिए, 2026 एमी अवार्ड्स का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर किया गया. मुख्य समारोह 15 सितंबर को सुबह 5:30 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू हुआ, जबकि रेड कार्पेट और प्री-शो सुबह 4:30 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू हुए. लाइव प्रसारण के बाद समारोह को ऑन डिमांड भी देखा जा सकता है। 

  • पीएम-जुगा के तहत जशपुर को बड़ी मंजूरी, जनजातीय पर्यटन के लिए बनेगा क्लस्टर होमस्टे

    पीएम-जुगा के तहत जशपुर को बड़ी मंजूरी, जनजातीय पर्यटन के लिए बनेगा क्लस्टर होमस्टे

    जशपुर में जनजातीय पर्यटन को बड़ी सौगात, पीएम-जुगा के तहत क्लस्टर होमस्टे परियोजना को मिली मंजूरी

    बगीचा-मयाली-जशपुर क्षेत्र के 6 जनजातीय गांवों में विकसित होंगे 30 होमस्टे, स्थानीय परिवारों को पर्यटन से मिलेगा सीधा रोजगार और आय के नए अवसर

    जनजातीय संस्कृति और स्थानीय आजीविका को पर्यटन से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता-पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल

    रायपुर
    छत्तीसगढ़ में जनजातीय पर्यटन को नई ऊंचाई देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान (PM-JUGA) के अंतर्गत जशपुर जिले के बगीचा-मयाली-जशपुर क्लस्टर में क्लस्टर आधारित होमस्टे परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के माध्यम से जनजातीय अंचल के गांवों में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के साथ-साथ स्थानीय परिवारों को पर्यटन गतिविधियों से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

    परियोजना के तहत किंकेल, कमतरा, डंगरी, महनई, सरुधाप और पंडरापाठ सहित 6 जनजातीय गांवों में कुल 30 नए होमस्टे विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक गांव में 5 होमस्टे तैयार किए जाने का प्रस्ताव है। इस क्लस्टर के विकास पर लगभग 1.80 करोड़ रुपये व्यय प्रस्तावित है। इसमें होमस्टे निर्माण के साथ गांव स्तर पर आवश्यक सामुदायिक सुविधाओं के विकास का भी प्रावधान किया गया है।

    पर्यटक जशपुर को सिर्फ देखेंगे नहीं, यहां के जीवन को भी अनुभव करेंगे

    यह परियोजना पारंपरिक होटल आधारित पर्यटन से आगे बढ़कर कम्यूनिटी बेस्ड को प्रोत्साहित करेगी। होमस्टे के माध्यम से पर्यटकों को स्थानीय परिवारों के बीच रहकर जशपुर की जनजातीय संस्कृति, खान-पान, लोक परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और ग्रामीण जीवन को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा। इससे पर्यटन से होने वाली आय का सीधा लाभ स्थानीय परिवारों तक पहुंचेगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

    प्रस्तावित होमस्टे स्थानीय परिवेश और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक गांव में सामुदायिक स्तर की सुविधाओं के लिए 5 लाख रुपये तक के कार्य प्रस्तावित हैं। इन सुविधाओं से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलने के साथ गांवों में सामूहिक उपयोग की आधारभूत सुविधाएं भी विकसित होंगी।

    प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों से जुड़ेगा होमस्टे क्लस्टर

    क्लस्टर का चयन क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को ध्यान में रखते हुए किया गया है। प्रस्तावित गांव बगीचा और जशपुर नगर के साथ-साथ कैलाश गुफा, खुड़ियारानी गुफा, बादलखोल अभयारण्य, रानीदाह जलप्रपात, देशदेखा पहाड़, लोरोघाट सहित अनेक प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों के निकट स्थित हैं। होमस्टे सुविधा विकसित होने से पर्यटकों के लिए इन क्षेत्रों में ठहरने के बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे। इससे जशपुर में पर्यटकों की ठहरने की अवधि बढ़ने की संभावना है और पर्यटन गतिविधियों का लाभ स्थानीय स्तर पर व्यापक रूप से पहुंच सकेगा।

    गाइडिंग से लेकर स्थानीय व्यंजन और हस्तशिल्प तक बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

    होमस्टे क्लस्टर का प्रभाव केवल आवास सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा। परियोजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को आतिथ्य सेवा, स्थानीय व्यंजन, पर्यटक गाइड, परिवहन, हस्तशिल्प तथा अन्य पर्यटन सेवाओं से जोड़ने की संभावनाएं विकसित होंगी। पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक खान-पान और हस्तशिल्प की मांग में भी वृद्धि हो सकती है। इस प्रकार पर्यटन गतिविधियां गांवों में रोजगार और आय के अनेक सहायक अवसरों को जन्म देंगी।

    जनजातीय संस्कृति और स्थानीय आजीविका को पर्यटन से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता-पर्यटन मंत्री  राजेश अग्रवाल

    पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय और ग्रामीण संस्कृति प्रदेश की विशिष्ट पहचान है और सरकार का प्रयास है कि इस विरासत को संरक्षित करते हुए स्थानीय समुदायों को पर्यटन से प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिले।

    उन्होंने कहा कि जशपुर प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और विशिष्ट लोक परंपराओं से समृद्ध क्षेत्र है। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत स्वीकृत यह क्लस्टर होमस्टे परियोजना पर्यटन को गांवों तक पहुंचाने और स्थानीय परिवारों को इसके आर्थिक लाभ से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमारा लक्ष्य है कि पर्यटक जब जशपुर आएं तो वे यहां की प्रकृति के साथ-साथ जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं को भी करीब से अनुभव करें।

    मंत्री अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय युवाओं और महिलाओं को पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में अवसर मिलने से रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी से विकसित पर्यटन मॉडल न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि जशपुर की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

    पर्यटन का लाभ गांव और स्थानीय परिवारों तक पहुंचे-सौमिल रंजन चौबे

    छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि पर्यटन का लाभ केवल बड़े पर्यटन स्थलों अथवा होटल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गांव और स्थानीय परिवारों को भी इसका सीधा भागीदार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जशपुर का यह होमस्टे क्लस्टर स्थानीय संस्कृति, प्रकृति और आजीविका को एक साथ जोड़ने वाला मॉडल बनेगा। इससे पर्यटकों को प्रामाणिक छत्तीसगढ़ी अनुभव मिलेगा और जनजातीय परिवारों के लिए स्थायी आय के नए अवसर विकसित होंगे।

    जशपुर को जनजातीय एवं ग्रामीण पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में कदम

    क्लस्टर होमस्टे परियोजना के माध्यम से जशपुर में पर्यटन का विस्तार प्रमुख पर्यटन स्थलों से आगे आसपास के गांवों तक होने की उम्मीद है। इससे पर्यटकों को स्थानीय जीवन का अनुभव मिलेगा और ग्रामीण समुदाय पर्यटन मूल्य-श्रृंखला का सक्रिय हिस्सा बनेगा।

    प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय संस्कृति, स्थानीय खान-पान, हस्तशिल्प और ग्रामीण जीवन को एक साथ जोड़ने वाली यह पहल आने वाले समय में जशपुर को छत्तीसगढ़ के प्रमुख जनजातीय एवं ग्रामीण पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

  • शिवपाल के हाथों से लिया लोहिया ट्रस्ट, सियासत तेज; ओपी राजभर बोले- अखिलेश को चाचा पर भरोसा नहीं

    शिवपाल के हाथों से लिया लोहिया ट्रस्ट, सियासत तेज; ओपी राजभर बोले- अखिलेश को चाचा पर भरोसा नहीं

    अखिलेश ने शिवपाल से छीनी लोहिया ट्रस्ट की कमान, राजभर बोले- भरोसा नहीं; मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भी उठाए सवाल

    पार्टी के बाद शिवपाल से छिना लोहिया ट्रस्ट, अखिलेश यादव पर राजभर-कश्यप ने साधा निशाना

    शिवपाल के हाथों से लिया लोहिया ट्रस्ट, सियासत तेज; ओपी राजभर बोले- अखिलेश को चाचा पर भरोसा नहीं

    लखनऊ
     सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों अब लोहिया ट्रस्ट की कमान होगी। अब तक इसकी कमान पूर्व कैबिनेट मंत्री और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव के हाथों थी। शिवपाल सिंह यादव से कमान लिए जाने को लेकर भाजपा ने सपा पर निशाना साधा है।

    योगी सरकार के मंत्री ओपी राजभर और नरेंद्र कश्यप ने इसे लेकर अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव को शिवपाल यादव पर भरोसा नहीं है, इसलिए उनसे ट्रस्ट की कमान ले ली गई।

    ओपी राजभर ने साधा निशाना, भरोसे पर उठाया सवाल
    योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने इस बदलाव को लेकर अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को शिवपाल यादव पर भरोसा नहीं है।

    राजभर ने शिवपाल के पुराने राजनीतिक रुख का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को शिवपाल यादव जी पर भरोसा नहीं है। इससे पहले शिवपाल यादव अखिलेश यादव को छोड़कर चले गए थे। उन्होंने अपनी खुद की पार्टी बना ली थी। उस दौरान उन्होंने सपा को क्या-क्या नहीं कहा। चोर-उचक्कों की पार्टी बताया, शराब-माफियाओं की पार्टी, जमीन हड़पने वाली पार्टी तक बताया था। ऐसे में अखिलेश यादव शिवपाल यादव पर कैसे ट्रस्ट करेंगे? इसीलिए उन्होंने शिवपाल यादव से लोहिया ट्रस्ट की कमान ले ली है।

    मंत्री नरेंद्र कश्यप बोले- सपा में लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं
    योगी सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने भी इस फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की जिम्मेदारी शिवपाल यादव से अखिलेश यादव के पास जाना अपने आप में कोई बड़ा बदलाव नहीं है, क्योंकि कमान अब भी परिवार के ही हाथों में है।

    नरेंद्र कश्यप ने कहा कि किसी संस्था की जिम्मेदारी परिवार के सदस्यों के बीच ही केंद्रित रहना लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं कहा जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है अखिलेश यादव को आशंका रही हो कि आगे चलकर शिवपाल यादव अपनी शर्तों या अपने तरीके से ट्रस्ट चलाएं, इसलिए उन्होंने खुद इसकी जिम्मेदारी संभाल ली।

    बता दें कि शिवपाल और अखिलेश के बीच राजनीतिक रिश्तों में उतार-चढ़ाव का लंबा इतिहास रहा है। शिवपाल सिंह यादव अलग होकर अपनी पार्टी बना चुके हैं और बाद में दोबारा समाजवादी पार्टी के साथ आए। ऐसे में ट्रस्ट का जिम्मा उनके हाथों से निकलकर अखिलेश के पास जाना सामान्य बदलाव नहीं, बल्कि परिवार और पार्टी की मौजूदा शक्ति-संरचना के बीच भरोसे को लेकर भी देखा जा रहा है।

    अखिलेश के पास अब पार्टी, लोहिया ट्रस्ट और जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट की कमान
    शिवपाल यादव से लोहिया ट्रस्ट लिए जाने और उसकी कमान खुद के हाथों में लेने के बाद अब अखिलेश के पास सपा के साथ लोहिया ट्रस्ट और जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट की भी कमान आ गई है। बता दें कि लोहिया ट्रस्ट का गठन सपा के गठन से पहले हुआ था। इसका उद्देश्य समाजवादी विचारधारा और डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों का प्रचार-प्रसार करना रहा है।

  • पीडीए को एकजुट कर यूपी से भाजपा सरकार का सफाया करेगी सपा: अखिलेश

    पीडीए को एकजुट कर यूपी से भाजपा सरकार का सफाया करेगी सपा: अखिलेश

    लखनऊ 

    यूसीसी को लेकर अमित शाह के बयान पर अखिलेश की प्रतिक्रिया आई है।
    समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूसीसी लागू करने के ऐलान पर पहली प्रतिक्रिया दी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए यूसीसी के मुद्दे को लेकर तंज कसा है। अखिलेश ने कहा कि हम तो बस इतना कहेंगे कि पहले पिछले वादे निभाओ, यूसीसी फिर बाद में लाओ। नया जुमला न लेकर आओ और न जनता को बहकाओ। 15 लाख खाते में पहुंचाओ। दरअसल, गृहमंत्री अमित शाह ने बीते दिनों NDA शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने का ऐलान किया था।

    अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि जनता समझ रही है कि भाजपा जिस यूसीसी की बात कर रही है, दरअसल उसकी पूर्ण रूप "अंडरग्राउंड कम्युनल कॉन्सपिरेसी" है। उन्होने सोशल मीडिया पर जारी बयान में भाजपा के पुराने चुनावी वादों को याद दिलाते हुए कहा कि सरकार को नए मुद्दे उठाने से पहले पिछले वादों को पूरा करना चाहिए। इसमें लोगों के खातों में 15 लाख रुपये पहुंचाने और दो करोड़ रोजगार देने जैसे वादों का जिक्र किया गया।

    अखिलेश ने भाजपा के 'सबका साथ, सबका विकास' के नारे पर भी सवाल उठाया
    बयान में तंज कसते हुए कहा गया- "पहले पिछले वादे निभाओ, यूसीसी फिर बाद में लाओ। नया जुमला न लेकर आओ और न जनता को बहकाओ।" अखिलेश ने भाजपा के 'सबका साथ, सबका विकास' के नारे पर भी सवाल उठाया और कहा कि सरकार को पहले इन दावों को जमीन पर साबित करना चाहिए।

    सपा पीडीए को एकजुट कर भाजपा सरकार हटाएगी: अखिलेश
    इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी के भविष्य और आने वाली पीढ़ी की खुशहाली के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना लोकतंत्र के हित में है। यूपी की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था चौपट है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की हद हो गई है। इसलिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना ही एकमात्र उपाय है। समाजवादी पार्टी पीडीए को एकजुट करके यूपी से भाजपा सरकार का सफाया करने के लिए संकल्पित है।

    बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए नए राजनीतिक मुद्दे उठाए जा रहे
    उन्होंने कहा है कि इसके साथ ही स्कूलों को बंद होने से बचाने, बेटियों को सुरक्षा देने, महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। बयान में लगातार दोहराया गया कि "यूसीसी फिर बाद में लाओ"। विपक्ष ने आरोप लगाया कि रोजगार, महंगाई, शक्षिा, महिला सुरक्षा और अन्य बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए नए राजनीतिक मुद्दे उठाए जा रहे हैं।

  • आरा-छपरा पुल समेत 55 स्टेट हाईवे और 47 पुलों पर चरणबद्ध तरीके से लागू होगी टोल व्यवस्था

    आरा-छपरा पुल समेत 55 स्टेट हाईवे और 47 पुलों पर चरणबद्ध तरीके से लागू होगी टोल व्यवस्था

    पटना 
     बिहार में स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स वसूली की शुरुआत होने जा रही है. शुरुआत दो प्रमुख सड़कों से होगी. बिहटा-सरमेरा और उदाकिशुनगंज-भटगामा स्टेट हाईवे पर टोल नाके बनाए जाएंगे. खास बात यह है कि निजी वाहनों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.

    इन दो स्टेट हाईवे पर लगेगा टोल
    पथ निर्माण विभाग ने सबसे पहले दो स्टेट हाईवे पर टोल वसूली की तैयारी शुरू की है. इनमें बिहटा से सरमेरा के बीच SH-78 और उदाकिशुनगंज से भटगामा के बीच SH-58 शामिल हैं. दोनों सड़कों पर टोल प्लाजा बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसके लिए सरकार की ओर से टेंडर भी जारी किया जा चुका है.

    सिर्फ कमर्शियल वाहनों से लिया जाएगा टोल
    स्टेट हाईवे पर सफर करने वाले निजी वाहन चालकों को टोल नहीं देना होगा. टोल की वसूली सिर्फ व्यावसायिक वाहनों से की जाएगी. यानी कार, बाइक जैसे निजी वाहनों पर इस व्यवस्था का सीधा असर नहीं पड़ेगा. वहीं ट्रक, बस और अन्य कमर्शियल वाहनों से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा.

    सभी स्टेट हाईवे पर धीरे-धीरे लागू होगी व्यवस्था
    पथ निर्माण विभाग ने राज्य के स्टेट हाईवे और राज्य सरकार के अधीन आने वाले पुलों पर भी टोल व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है.
    हालांकि, सभी जगह एक साथ टोल नाके नहीं लगाए जाएंगे. विभाग चरणवार तरीके से इस व्यवस्था को लागू करेगा. पहले कुछ प्रमुख सड़कों और पुलों को चुना जाएगा. इसके बाद दूसरे स्थानों पर टोल वसूली शुरू होगी.

    आरा-छपरा पुल पर भी टोल की तैयारी
    स्टेट हाईवे के साथ बड़े पुलों पर भी टोल वसूली की तैयारी चल रही है. बिहार राज्य पथ विकास निगम स्टेट हाईवे पर टोल की प्रक्रिया देख रहा है.
    वहीं, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम पुलों पर टोल वसूली की तैयारी कर रहा है. प्राथमिकता के आधार पर आरा-छपरा ब्रिज समेत कुछ बड़े पुलों को चुना गया है. इन पुलों पर टोल वसूली के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके लिए जल्द ही नया टेंडर जारी किया जा सकता है.

    पहले भी निकला था आरा-छपरा पुल का टेंडर
    आरा-छपरा पुल के लिए पहले भी टोल वसूली को लेकर निविदा जारी की गई थी. हालांकि, अपरिहार्य कारणों से उस टेंडर को वापस लेना पड़ा था. अब विभाग नए सिरे से टेंडर जारी करने की तैयारी में है. इसके बाद एजेंसी का चयन किया जाएगा.
    2-3 महीने में शुरू हो सकती है टोल वसूली
    पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो से तीन महीने में कुछ स्टेट हाईवे पर टोल वसूली शुरू हो सकती है.
    बता दें कि बिहार कैबिनेट पहले ही 55 स्टेट हाईवे और 47 पुलों पर टोल वसूलने को मंजूरी दे चुकी है. ऐसे में आने वाले समय में राज्य की कई प्रमुख सड़कों और पुलों पर टोल व्यवस्था धीरे-धीरे लागू होने वाली है. 

  • संजीवनी आश्रम में आयोजित गणेश महोत्सव के दौरान निकाली गई भव्य कलश यात्रा, उमड़े श्रद्धालु

    संजीवनी आश्रम में आयोजित गणेश महोत्सव के दौरान निकाली गई भव्य कलश यात्रा, उमड़े श्रद्धालु

    सिवानी
     हरियाणा शहर के संजीवनी आश्रम में सोमवार को 15वें गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर भगवान गणेश के भव्य मंदिर निर्माण की नींव विधि-विधान के साथ रखी गई।

    वृंदावन स्थित राधा रमण मंदिर के निज पुजारी के सानिध्य में मंदिर की आधारशिला रखी गई। मंदिर का निर्माण संगमरमर के पत्थरों से किया जाएगा और करीब तीन वर्ष में इसके तैयार होने की उम्मीद है। करीबन दस करोड की लागत से ये मंदिर बनेगा।

    महोत्सव के शुभारंभ से पहले शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा अनाज मंडी से शुरू होकर संजीवनी आश्रम पहुंची। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं और बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। श्रद्धालु भजनों और जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए।

    रखी गई गणेश मंदिर की नींव
    संजीवनी आश्रम पहुंचने के बाद विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा विराजित की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। धार्मिक माहौल के बीच दोपहर 12:12 बजे भव्य गणेश मंदिर की नींव रखी गई।

    मंदिर निर्माण का संचालन श्री मेहंदीपुर बालाजी जन कल्याण सेवा समिति के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। मंदिर निर्माण को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

    नींव रखने के दौरान पार्षद समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद
    मंदिर की नींव रखे जाने के अवसर परसंजीवनी आश्रम के संचालक पारुल भगत, पार्षद आनन्द जांगडा, दीपक शर्मा, संजय कौशिक, पार्षद मांगेराम देहडू , जिला पार्षद मुकेश डालमिया, युवा उद्योगपति एवं भाजपा नेता अमित लोहिया, बहल अलख आश्रम के संचालक विकास गिरि महाराज, श्रीश्याम मित्र मंडल के प्रधान सत्यनारायण धारणिया,दीवान सिंह, प्रदीप खारिया, रामभगत बंसल, प्रेम किंगर, नवीन सूरतपुरिया, अंकुर जांगड़ा, चंद्र बंसल, राहूल गर्ग ढिगावा, संदीप अग्रवाल, नाहर सिंह तंवर, धीरजा शर्मा, अनिल केडिया, सुशील बिश्नोई, दीपक गर्ग सहित शहर के सैकड़ों गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।

     

  • आयुक्त राजेश्वर सिंह ने फेसबुक प्रबंधन को पत्र लिखकर फेक आईडी को हटाने के दिए निर्देश

    आयुक्त राजेश्वर सिंह ने फेसबुक प्रबंधन को पत्र लिखकर फेक आईडी को हटाने के दिए निर्देश

    जयपुर
    राजस्थान में एक तरफ जहां 309 नगरीय निकायों और आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर सरगर्मियां बेहद तेज हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह (IAS) के नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल करके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक फर्जी प्रोफ़ाइल बना दी गई है। किसी शरारती तत्व द्वारा चुनावी माहौल के बीच आम जनता और मतदाताओं को भ्रमित करने की मंशा से यह फर्जी पेज तैयार किया गया है।

    मामला सामने आते ही राज्य निर्वाचन आयोग में हड़कंप मच गया। आयुक्त राजेश्वर सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए फेसबुक प्रबंधन को पत्र लिखकर इस फेक आईडी को हटाने के निर्देश दिए हैं और अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से अलर्ट जारी कर लोगों से इस फर्जी अकाउंट से सावधान रहने की अपील की है।

    सोशल मीडिया पर प्रशासनिक अधिकारियों की फर्जी आईडी बनाकर लोगों को ठगने या भ्रामक सूचनाएं फैलाने का यह कोई पहला मामला नहीं है।

    निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने अपनी असली प्रोफ़ाइल पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "किसी शरारती व्यक्ति ने 'राजेश्वर सिंह आईएएस' के नाम से मेरी फेक प्रोफाइल बनाई है। मैंने इसे रिपोर्ट कर दिया है, कृपया आप सभी इससे सावधान रहें।"

    चुनावी मौसम में जब हर छोटे-बड़े अपडेट पर जनता की नजरें टिकी होती हैं, ऐसे समय में चुनाव आयोग के प्रमुख की फर्जी प्रोफाइल बनने से साइबर सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस की साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिस आईपी एड्रेस से यह फर्जी आईडी बनाई गई है, उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है।

    ये है आईएएस राजेश्वर सिंह के नाम से फेक प्रोफ़ाइल
    डिजिटल दौर में किसी की फोटो और नाम चुराकर फर्जी आईडी बनाना एक गंभीर कानूनी अपराध है। यदि आपके या आपके किसी रिश्तेदार के नाम से फेसबुक पर ऐसी कोई फेक आईडी बन जाती है, तो उसे तुरंत डिलीट और बैन कराने के लिए इन स्टेप्स का पालन करें:

    1. प्रोफ़ाइल को सीधे फेसबुक पर रिपोर्ट करें: सबसे पहले उस फर्जी प्रोफाइल पर जाएं। कवर फोटो के नीचे दाईं तरफ दिख रहे थ्री डॉट्स (…) पर क्लिक करें। वहां "Find support or report" विकल्प को चुनें। इसके बाद "Impersonation" (नकल करना) ऑप्शन को सेलेक्ट करके सबमिट कर दें। अपने 5 से 10 करीबी दोस्तों से भी इसी तरह रिपोर्ट कराएं, जिससे फेसबुक इसे तेजी से ब्लॉक करेगा।

    2. बिना अकाउंट के भी कर सकते हैं रिपोर्ट: अगर आपका खुद का फेसबुक अकाउंट नहीं है, तब भी आप गूगल पर "Report an Impersonation Account on Facebook" सर्च करके फेसबुक का आधिकारिक वेब फॉर्म भर सकते हैं। वहां फेक प्रोफाइल का लिंक और अपनी पहचान के लिए कोई भी एक सरकारी आईडी कार्ड अपलोड करके सीधे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

    साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया
    सोशल मीडिया पर किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान बनाकर अकाउंट चलाना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह भारतीय कानून के तहत दंडनीय अपराध है।

    IT Act की धारा 66D: किसी की पहचान चुराकर कंप्यूटर या इंटरनेट के जरिए धोखाधड़ी करना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66D के तहत अपराध है, जिसमें 3 साल तक की जेल और जुर्माना हो सकता है।

    ऑनलाइन शिकायत: पीड़ित व्यक्ति तुरंत भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।

    सबूत संभाल कर रखें: शिकायत दर्ज कराते समय फर्जी प्रोफाइल का वेब लिंक (URL), प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट और उससे की गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट अपने पास सुरक्षित रखें। आप अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन के साइबर सेल में जाकर भी लिखित शिकायत दे सकते हैं।

    अपनी असली प्रोफ़ाइल से जारी करें अलर्ट मैसेज
    जब तक साइबर सेल या फेसबुक द्वारा उस फर्जी अकाउंट को पूरी तरह से हटा या बैन नहीं कर दिया जाता, तब तक लोगों को ठगी या भ्रम से बचाने के लिए अलर्ट पोस्ट जारी करना बेहद जरूरी है।

    अपनी असली प्रोफ़ाइल, व्हाट्सएप स्टेटस या इंस्टाग्राम हैंडल पर तुरंत एक संदेश साझा करें। उसमें स्पष्ट लिखें, "कोई व्यक्ति मेरे नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल करके फेक फेसबुक आईडी चला रहा है। अगर वह व्यक्ति आपसे पैसे मांगे, कोई संदिग्ध लिंक भेजे या गलत मैसेज करे, तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें और उस अकाउंट को तुरंत ब्लॉक व रिपोर्ट करें।"

    चुनाव आयोग ने भी सभी नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के नाम से आने वाले संदिग्ध मैसेज या फ्रेंड रिक्वेस्ट से सतर्क रहें।

  • जंगल नकहा नंबर 2 में 3.09 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है निर्माण, 300 लोगों की क्षमता का दो तल में बना है कल्याण मंडपम

    जंगल नकहा नंबर 2 में 3.09 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है निर्माण, 300 लोगों की क्षमता का दो तल में बना है कल्याण मंडपम

    गोरखपुर
     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी विधायक निधि से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा बनवाए गए कल्याण मंडपम का लोकार्पण 16 सितंबर (बुधवार) को अपराह्न में करेंगे। समाज के अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक-पारिवारिक आयोजनों के लिए मैरिज हाउस का रियायती विकल्प देने के लिए वार्ड नंबर 54 उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर 2 में यह भव्य ‘कल्याण मंडपम’ बनकर तैयार है। इसके पहले मुख्यमंत्री ने 29 अगस्त को बशारतपुर में कल्याण मंडपम का उपहार दिया था।

    सीएम योगी के ईज ऑफ लिविंग (जीवन सुगमता) विजन के अनुरूप गोरखपुर में वार्ड स्तर पर सर्वसुविधायुक्त कल्याण मंडपम की श्रृंखला खड़ी हो रही है। समाज के हर वर्ग के जीवन में सुगमता लाने के लिए योगी सरकार ने बीते साढ़े नौ वर्षों में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण से लेकर जनकल्याण तक कई पहल की है। कल्याण मंडपम की मुख्यमंत्री की परिकल्पना भी इसी कड़ी का हिस्सा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और नगर निगम को यह विजन दिया था कि वे निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों को उनके मांगलिक आयोजनों के लिए कल्याण मंडपम बनाकर मैरिज हाउस का बेहतरीन विकल्प दें। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कल्याण मंडपम का निर्माण शुरू हुआ। कल्याण मंडपम की पहल के साथ ही मुख्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से धनराशि की व्यवस्था भी कराई। गोरखपुर में अब तक सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों हो चुका है और आठवें का लोकार्पण बुधवार (16 सितंबर) को जंगल नकहा नंबर 2 में होने जा रहा है।

    जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि वार्ड नंबर 54, उर्वरक नगर के अंतर्गत जंगल नकहा नंबर 2 में कल्याण मंडपम का निर्माण 2461 वर्गमीटर भूमि पर 3.08 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। आधुनिक शहरी सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित कल्याण मण्डप दो तल में बना है जहां 300 व्यक्तियों की क्षमता के विभिन्न मांगलिक, सामाजिक और उत्सवी आयोजन किए जा सकेंगे। कल्याण मंडपम में बड़े हाल के साथ किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और दोनों तलों पर महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाए गए हैं।

    कल्याण मंडपम आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर ही इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर अलग से पर्याप्त पार्किंग का प्रावधान किया गया है। परिसर में फव्वारे के साथ लॉन भी विकसित किया गया है। कल्याण मंडपम से विवाह, समाजिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सामूहिक उत्सवों के लिए आमजन को काफी सहूलियत मिलेगी। जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल बताते हैं कि जीडीए के दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी प्रगति पर है। इनमें से एक वार्ड नंबर 7 महादेव झारखंडी तथा दूसरा वार्ड नंबर 2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में बनाया जा रहा है। दोनों के निर्माण पर क्रमशः ढाई-ढाई करोड़ रुपये की लागत आएगी।

    अब तक लोकार्पित कल्याण मंडपम
    खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर।

    आईएमए के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री
    बुधवार को गोरखपुर दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गोरखपुर के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्घाटन करेंगे। यह ब्लड सेंटर आईएमए के तारामंडल क्षेत्र स्थित भवन में स्थापित किया गया है।

  • बारिश और जलजमाव के चलते ट्रांसपोर्टcost बढ़ने से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ा

    बारिश और जलजमाव के चलते ट्रांसपोर्टcost बढ़ने से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ा

     पटना
    लगातार हो रही बारिश और बाढ़ का असर अब सब्जियों की कीमतों पर साफ दिखने लगा है। मंडियों में आवक प्रभावित होने से हरी सब्जियों समेत आलू-प्याज और मसाला वर्ग की सब्जियों के भाव बढ़ने लगे हैं।

    कारोबारियों के अनुसार तीन माह पहले की तुलना में इस समय अधिकांश सब्जियां महंगी बिक रही हैं। इससे आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है।

    वर्तमान में प्याज 280 रुपये प्रति पांच किलो तक पहुंच गया है। धनिया पत्ता 160, शिमला मिर्च 100, लाल आलू 90 का पांच किलो तथा ओल और अदरक 80 रुपये किलो बिक रहे हैं।

    वहीं, परवल और बैंगन 60, लाल साग व हरी मिर्च 60, बोरो 60, चठैल 50 और मूली 50 रुपये किलो है। कद्दू 50 रुपये पीस बिक रहा है। भिंडी, नेनुआ, टमाटर, बंदागोभी, खीरा और करैला 40 रुपये किलो के आसपास है।

    फूलगोभी भी 40 रुपये पीस बिक रही है। उजला आलू 70 रुपये के पांच किलो है। कारोबारियों का कहना है कि बारिश के कारण खेतों से सब्जियों की तुड़ाई और मंडियों तक पहुंच प्रभावित होने लगी है।

    रास्तों में जलजमाव के कारण परिवहन लागत भी बढ़ रही है। कारोबारियों के अनुसार यदि बारिश का दौर जारी रहा और खेतों से आवक सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में सब्जियों के भाव में और उछाल आ सकता है। खासकर हरी सब्जियों के दाम मौसम पर काफी निर्भर हैं।

    अभी बाजार में प्रमुख सब्जियों के भाव
    सब्जी          वर्तमान भाव     पूर्व का भाव
    प्याज               56 रुपये     25 रुपये
    धनिया पत्ता       160 रुपये     120 रुपये
    शिमला मिर्च     100 रुपये     80 रुपये
    लाल आलू        18 रुपये     15 रुपये
    ओल                  80 रुपये     70 रुपये
    अदरक                80 रुपये     120 रुपये
    उजला आलू     14 रुपये     12 रुपये
    परवल            60 रुपये     40 रुपये
    बैंगन              60 रुपये     30 रुपये
    हरी मिर्च     60 रुपये     80 रुपये
    लाल साग     60 रुपये     40 रुपये
    बोरो            60 रुपये     30 रुपये
    मूली            50 रुपये     50 रुपये
    चठैल       50 रुपये     80 रुपये
    कद्दू           50 रुपये/पीस     30 रुपये/पीस
    नेनुआ      40 रुपये     30 रुपये
    भिंडी       40 रुपये     30 रुपये
    टमाटर     40 रुपये     30 रुपये
    बंदागोभी     40 रुपये     30 रुपये
    खीरा         40 रुपये     20 रुपये
    करैला     40 रुपये     30 रुपये
    फूलगोभी     40 रुपये/पीस     20 रुपये/पीस