Author: NewseDay

  • Bilaspur भ्रष्टाचार मामले का अंत, आरोपी सब-रजिस्ट्रार की मौत के बाद बरी करने का फैसला

    Bilaspur भ्रष्टाचार मामले का अंत, आरोपी सब-रजिस्ट्रार की मौत के बाद बरी करने का फैसला

    बिलासपुर.

    हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में दोषी ठहराए गए तत्कालीन दुर्ग सब-रजिस्ट्रार आरके नेताम की सजा और दोषसिद्धि रद्द कर दी है. जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल ने फैसला सुनाते हुए कहा कि, अभियोजन पक्ष नेताम के खिलाफ आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा.

    नेताम की अपील लंबित रहने के दौरान 23 जुलाई 2022 को मृत्यु हो गई थी. इसके बाद उनकी पत्नी सुनीता नेताम को सीआरपीसी की धारा 394(2) के तहत अपील जारी रखने की अनुमति 1 अप्रैल 2026 को दी गई थी. अभियोजन के अनुसार, गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने 9 फरवरी 2006 को एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की थी कि, उनकी बहन आशा लता उर्फ आशा रानी की पुलगांव, दुर्ग में करीब 27.3 एकड़ जमीन थी. आरोप था कि निर्मला देवी अग्रवाल ने अमेरिका में तैयार कथित पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर जमीन की अलग-अलग सेल डीड कराईं.

    तत्कालीन सब-रजिस्ट्रार आरके नेताम पर आरोप था कि, पावर ऑफ अटॉर्नी पर आवश्यक स्टांप ड्यूटी जमा नहीं होने के बावजूद उन्होंने उसके आधार पर सेल डीड रजिस्टर्ड कीं. अभियोजन ने इससे शासन को 6,08,115 रुपये की स्टांप ड्यूटी का नुकसान होने का आरोप लगाया था.

  • 3 दिन, लगातार बैठकें और बड़े नतीजे! छत्तीसगढ़ को ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, कौशल विकास पर करार

    3 दिन, लगातार बैठकें और बड़े नतीजे! छत्तीसगढ़ को ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, कौशल विकास पर करार

    ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं, कौशल विकास समझौता और वैश्विक साझेदारियां : छत्तीसगढ़ के लिए उपलब्धियों से भरा रहा सिंगापुर दौरा

    तीन दिनों की लगातार बैठकों और संवाद से निवेश, कौशल विकास तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए द्वार खुले

    रायपुर
     मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर की सफल यात्रा के बाद आज रायपुर लौटा। तीन दिवसीय इस दौरे में प्रदेश को ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुईं। किसी एक विदेश यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले यह अब तक के सबसे बड़े निवेश प्रतिबद्धताओं में शामिल हैं।

    भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ में भागीदारी के लिए देश से केवल छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था। सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ ने ₹41,750 करोड़ के एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के निवेश प्रस्ताव के साथ कौशल विकास के क्षेत्र में ITE Education Services, Singapore के साथ महत्वपूर्ण एमओयू किया। वहीं Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group जैसी विश्वस्तरीय संस्थाओं के साथ हरित विकास, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

    एआई डेटा सेंटर से सौर ऊर्जा और कृषि प्रसंस्करण तक बड़े निवेश

    सिंगापुर की Energy Capital Global (ECG) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह परियोजना प्रदेश को देश की उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इन्फ्रास्ट्रक्चर के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ी पहल साबित हो सकती है।

    इसी प्रकार Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. को सोलर क्षेत्र के साथ साथ 300 मेगावाट की सम्बन्धित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रस्ताव भी प्रस्ताव हुआ। वहीं 22 देशों में कार्यरत वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह Valency International Pte Ltd को ₹350 करोड़ के एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब की स्थापना के लिए निवेश आमंत्रण दिया गया। इससे प्रदेश में कृषि उत्पादों की वैल्यू चेन मजबूत होने के साथ किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के नए अवसर बनेंगे।

    इन निवेश प्रस्तावों का लाभ प्रदेश के विभिन्न वर्गों तक पहुंचेगा। युवाओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हाई-टेक डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक उद्योगों में रोजगार के नए अवसर बनेंगे। स्थानीय स्टार्टअप और एमएसएमई को बड़ी वैश्विक कंपनियों के सप्लायर और बिजनेस पार्टनर के रूप में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, वहीं प्रदेश के किसानों और कृषि उत्पादों की पहुंच वैश्विक बाजार तक बढ़ेगी।

    युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

    भविष्य के उद्योगों के लिए प्रदेश के युवाओं को तैयार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू किया। इसके अंतर्गत उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, तकनीकी प्रशिक्षण को मजबूत करने और युवाओं के लिए कौशल से रोजगार तक बेहतर अवसर विकसित करने पर काम किया जाएगा।

    SING Forum में दुनिया के सामने रखी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा

    Singapore Business Federation (SBF) द्वारा आयोजित SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश, उद्योग और विकास के क्षेत्र में अपनी नई संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। फोरम में सिंगापुर की विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री सुश्री Gan Siow Huang, SBF के चेयरमैन श्री Mark Lee, सीईओ श्री Kok Ping Soon सहित Mastercard, Nestlé और IHCL (Taj Hotels) जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए।

    फोरम के दौरान आयोजित ‘फायरसाइड चैट’ में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि प्रदेश में आने वाला प्रत्येक निवेश रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का माध्यम बने।

    सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुलाकात, राज्य स्तर पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

    मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. Vivian Balakrishnan से सौजन्य भेंट क…

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2 चीते व्योम और नीरा नौरादेही टाइगर रिजर्व में किये विमुक्त

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2 चीते व्योम और नीरा नौरादेही टाइगर रिजर्व में किये विमुक्त

    भोपाल

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वन्य जीव हमारे वनों के आभूषण हैं। इन्हें संजोकर रखना हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा कि मप्र की धरती पर वन्य जीवों का संरक्षण और संवर्धन हमारा मिशन है और यह मिशन लगातार भी जारी रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार सागर के रहली में वन्य जीव सप्ताह समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 2 चीते (नर 'व्योम' और मादा 'नीरा') के लिए तैयार किए गए सुरक्षित बाड़े (सॉफ्ट रिलीज बोमा) में विमुक्त किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चीता मित्रों और बाघिन दीदी से भी संवाद किया।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर कूनो राष्ट्रीय उद्यान और गांधी सागर अभयारण्य के बाद नौरादेही टाइगर रिजर्व में चीतों को नया ठिकाना मिला है। बुंदेलखंड स्थित वीरांगना दुर्गावती अभयारण्य प्रदेश में तीसरा ऐसा स्थान बना है, जहां चीते अपने अनुकूल प्राकृतिक आवास में स्वच्छंद होकर विचरण करेंगे। नौरादेही में 41 वर्ष पहले टाइगर रिजर्व की स्थापना हुई थी। यह अभयारण्य सबसे खास होगा, क्योंकि अब नौरादेही में पर्यटकों को चीता और टाइगर एक ही रिजर्व में विचरण करते नजर आएंगे। मध्यप्रदेश में चीतों की संख्या अब 60 तक पहुंच गई है। प्रदेश की धरती वन्य प्राणियों के लिए सबसे अनुकूल है। मध्यप्रदेश, देश में सबसे अधिक टाइगर और गिद्धों की संख्या वाला राज्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वन और वन्य प्राणियों की चिंता करते हुए उनका सभी प्रकार से संरक्षण कर रही है। मध्यप्रदेश में जलचर, थलचर और नभचर सभी प्रकार के जीवों की संख्या निरन्तर बढ़ रही है। राज्य में नर्मदा मैया के वाहन मगरमच्छ को भी संरक्षण दिया जा रहा है।

    वन समितियों को 20 करोड़ रूपये लाभांश के वितरित

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते यह हमारा दायित्व है कि कठिन समय में क्षेत्र के नागरिकों के लिए साथ खड़े रहें। वन्य जीव सप्ताह के समापन के अवसर पर आज वन समितियों को उनके लाभांश का वितरण भी किया गया। नौरादेही टाइगर रिजर्व के आसपास पर्यटकों को घुमाने और उन्हें सुविधाएं प्रदान करने वाली समितियों के सदस्यों को कुल 80 करोड़ की आय में से 20 करोड़ लाभांश के रूप में मिला है।

    होमस्टे बनाकर अर्जित करें आय

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वन क्षेत्र के आसपास बफर जोन में होमस्टे सर्विस को प्रोत्साहित किया जा रहा है। गांव में रहने वाले लोग अपने मकान में एक से दो कमरे होमस्टे के लिए तैयार करें और स्वरोजगार पाएं। राज्य सरकार होमस्टे तैयार करने के लिए 2 से 3 लाख रुपए का अनुदान भी दे रही है।

    ग्राम पंचायतों में बन रही दूग्ध संकलन समितियाँ

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष में हमारी सरकार गौपालन और दूध उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है। गौपालकों से उचित मूल्य पर दूध खरीदने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सहकारी दूध संकलन समिति बनाई जा रही हैं। इससे किसानों को दूध से निश्चित आय मिलेगी। राज्य सरकार ने पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री  अमित शाह की मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश की दूध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। 

    प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कूनों में शुरू हुआ चीता प्रोजेक्ट

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की धरती से पहले टाइगर और चीते विलुप्त होते जा रहे थे। आज प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी नेतृत्व और मार्गदर्शन में एशिया की धरती पर पहली बार कूनो अभयारण्य से चीता प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई। हमारा प्रयास है कि वनों में सभी वन्य जीव आबाद रहे और मनुष्य भी सहअस्तित्व के भाव से निवास करें। दोनों अपने अनुशासन का पालन करें। आज नौरादेही अभयारण्य में 2 चीते मुक्त आवास में छोड़े गए हैं। अगले महीने 2 और चीते यहां लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि चीता एक ऐसा जीव है, जो सभी को लेकर साथ चलता है।

    खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि आज का दिन सागर जिले के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा। नौरादेही टाइगर रिजर्व में लगभग 20 लाख हैक्टेयर वनक्षेत्र है। यहां चीतों को लाए जाने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। आज हमें दो चीतों की सौगात मिली है। बुंदेलखंड का समग्र विकास मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। संभागीय स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के आयोजन से बुंदेलखंड के अनेक स्थानों पर नए उद्योगों की स्थापना हो रही है। पर्यटन क्षेत्र में भी विकास की अपार संभावनाएं हैं, इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

    विधायक एवं पूर्व मंत्री  गोपाल भार्गव ने कहा कि 41 साल पहले नौरादेही अभयारण्य घोषित होते ही स्थानीय लोग आशंकित हो गए थे, कि अब वे जंगल नहीं जा पाएंगे और मवेशियों को कहां लेकर जाएंगे। ऐसे समय में उन्होंने जनजागरुकता के लिए पद यात्रा की थी। विधायक  भार्गव ने कहा कि विपक्ष की सरकार रहते हुए रहली क्षेत्र में विकास की रफ्तार पर ब्रेक लग गया था, लेकिन जब से राज्य में हमारी सरकार आई, क्षेत्र में हर तरफ सड़कें, नदियों पर पुल और गांव-गांव में स्कूल भवन बनकर तैयार होते चले गए।

    सांसद  राहुल सिंह ने कहा कि नौरादेही टाइगर रिजर्व बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां आज चीते छोड़े गए हैं, जिससे भविष्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अलग-अलग भाषाओं के प्रशिक्षण के लिए सेंटर खोलने की मांग की। सांसद  सिंह ने कहा कि युवा भाषाई ट्रेनिंग लेकर दक्षता के साथ अच्छे गाइड बन पाएंगे, जो पर्यटकों को सही और सटीक जानकारी प्रदान करेंगे।

    कार्यक्रम में विधायक  बृज विहारी पटेरिया, विधायक  प्रदीप लारिया, विधायक  शैलेंद्र सिंह, विधायक  वीरेंद्र सिंह लम्बरदार, प्रमुख सचिव वन  राघवेंद्र सिंह, वनबल प्रमुख  शुभरंजन सेन, मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) डॉ. समिता राजौरा, मती रानी कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

    मुख्यमंत्री ने पुस्तक, ब्रोशर और पोस्टर का किया विमोचन

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में पुस्तक, 'गिद्ध संख्या आंकलन 2026', बुंदेली बोली में तैयार वीडीटीआर के पोस्टर, जनभागीदारी आधारित बाघिन दीदी अभियान के ब्रोशर का विमोचन किया।

     

  • ‘बांग्ला’ या ‘वेस्ट बंगाल’ नहीं, अब ‘पश्चिम बंग’ होगा नाम? विधानसभा में पेश होगा विधेयक

    ‘बांग्ला’ या ‘वेस्ट बंगाल’ नहीं, अब ‘पश्चिम बंग’ होगा नाम? विधानसभा में पेश होगा विधेयक

    कलकत्ता

    पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने स्पष्ट किया कि 'बांग्ला', 'वेस्ट बंगाल' या अन्य वैकल्पिक नामों के भ्रम को खत्म कर दिया जाएगा। पश्चिम बंगाल के आधिकारिक नाम को लेकर जारी दशकों पुरानी बहस के बीच राज्य भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य का नाम जल्द ही आधिकारिक तौर पर बदलकर 'पश्चिम बंग' किया जाएगा ताकि प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को हमेशा के लिए संरक्षित रखा जा सके।

    समिक भट्टाचार्य ने स्पष्ट किया कि 'बांग्ला', 'वेस्ट बंगाल' या अन्य वैकल्पिक नामों के भ्रम को खत्म कर दिया जाएगा और बहुत जल्द इस संबंध में विधानसभा में एक विधेयक पेश किया जाएगा।

    "पश्चिम बंग नाम ही हमारी ऐतिहासिक पहचान": समिक भट्टाचार्य
    प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए समिक भट्टाचार्य ने कहा, "मुझे कितनी बार कहना पड़ेगा भाई? इस राज्य का नाम 'पश्चिम बंग' ही होगा। अब आपको 'पश्चिम बांग्ला', 'बांग्ला' या सिर्फ 'बंग' जैसे नाम सुनने को नहीं मिलेंगे। राज्य की ऐतिहासिक पहचान को अक्षुण्ण रखने के लिए आगामी विधानसभा सत्र में ही हमारी सरकार एक विधेयक लाने जा रही है।"

    उन्होंने कहा कि 1947 में विभाजन के समय बंगाल का एक हिस्सा अलग होकर बाद में बांग्लादेश बना। जो हिस्सा भारत के पास रहा, उसकी पहचान 'पश्चिम बंग' से ही जुड़ी हुई है, इसलिए नाम में 'पश्चिम' शब्द का रहना ऐतिहासिक तौर पर बेहद जरूरी है।

    पीएम मोदी के 25 साल की सराहना और राहुल गांधी पर तीखा तंज
    नाम बदलने के मुद्दे से इतर, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री) के रूप में 25 साल पूरे होने पर उनके संबोधन की जमकर तारीफ की।

    उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद और ऋषि अरविंद के विचारों से प्रेरित पीएम मोदी का भाषण केवल पार्टी कार्यकर्ताओं ही नहीं, बल्कि देश भर के नागरिकों और युवाओं को प्रेरित करेगा।

    विपक्ष के पीएम मोदी के जनसमर्थन से डरने के सवाल पर समिक भट्टाचार्य ने चुटकी लेते हुए कहा, "जाकर राहुल गांधी से पूछिए कि वे डरे हैं या नहीं! राहुल गांधी कोई छोटे बच्चे नहीं हैं जो भूतों से डर जाएं। मुद्दा यह है कि इस समय विपक्ष के पास कोई वास्तविक मुद्दा ही नहीं बचा है। गैर-मुद्दों को मुद्दा बनाकर राजनीति नहीं की जा सकती। युवा समझ चुके हैं कि अगले 20 सालों तक केंद्र या राज्य में सरकार बदलने की कोई संभावना नहीं है।"

    असम में मदरसा बोर्ड के विलय का समर्थन
    समिक भट्टाचार्य ने असम सरकार के 'राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड' का विलय 'स्कूल सर्विस कमीशन' में करने के फैसले का भी पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने इसे नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत एक समावेशी और क्रांतिकारी कदम बताया।

    उन्होंने सवाल उठाया कि अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चे विज्ञान और गणित की शिक्षा से वंचित क्यों रहें? देश के सभी बच्चों को एक समान मानक वाली शिक्षा पाने का अधिकार है ताकि वे राष्ट्रीय मुख्यधारा से जुड़ सकें।

    पश्चिम बंगाल के नाम बदलने का लंबा इतिहास
    राज्य का नाम बदलने की कोशिशें कोई नई नहीं हैं।

    1999 (वाम मोर्चा सरकार) में ज्योति बसु के कार्यकाल में विधानसभा में राज्य का नाम 'पश्चिम बंग' करने का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन केंद्र से मंजूरी नहीं मिली।

    2011 और 2018 (तृणमूल कांग्रेस) में ममता बनर्जी सरकार ने राष्ट्रीय बैठकों में अल्फाबेटिक ऑर्डर में पीछे रहने का तर्क देते हुए राज्य का नाम बदलकर 'बांग्ला' करने का प्रस्ताव संसद को भेजा था। हालांकि, केंद्र सरकार ने 'बांग्लादेश' से नाम की समानता और संवैधानिक संशोधनों की आवश्यकता का हवाला देते हुए इसे मंजूरी नहीं दी थी।

    अब बीजेपी की ओर से फिर से 'पश्चिम बंग' नाम को वैधानिक रूप से लागू करने के ऐलान के बाद राज्य की राजनीति में नया मोड़ आ गया है।

  • खेलों से मिलती है शारीरिक मजबूती, अनुशासन और करियर की नई राह -राज्यपाल  रमेन डेका

    खेलों से मिलती है शारीरिक मजबूती, अनुशासन और करियर की नई राह -राज्यपाल रमेन डेका

    रायपुर

     राज्यपाल  रमेन डेका नवभारत परिवार द्वारा आयोजित 17वीं अखिल भारतीय फुटबॉल एवं जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबला देखा और विजेता तथा उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अखिल भारतीय प्रतियोगिता के फाइनल में तमिलनाडु पुलिस ने दल्लीराजहरा माइंस को 1-0 से हराकर खिताब जीता। विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल भरनी ने नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

     राज्यपाल  डेका ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक मजबूती के साथ अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करते हैं। नियमित रूप से मैदान में खेलने से शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि खेल अब करियर का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने के अवसर बढ़े हैं। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

    डेका ने कहा कि फुटबॉल हमें सिखाता है कि लक्ष्य पाने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी भूमिका निभानी होती है। एक-दूसरे का साथ देना, नियमों का सम्मान करना और अंतिम मिनट तक प्रयास करते रहना ऐसे गुण हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल का आनंद लें, मेहनत करते रहें और हार से सीखकर फिर मैदान में उतरें। आपकी लगन ही आपकी सबसे बड़ी पूंजी है।

    राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन्हीं बच्चों में से खिलाड़ी आगे चलकर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। जिला और राज्य स्तर के मुकाबलों से अनुभव मिलता है, जबकि अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं में विभिन्न राज्यों की टीमों के साथ खेलने से खेल का स्तर बेहतर होता है और आगे की तैयारी की दिशा मिलती है। ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। 

    समापन समारोह में विभिन्न विभाग के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी दर्शक उपस्थित थे।

  • श्रीलंका में पूर्व प्रथम महिला की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप, शिरंथी राजपक्षे पर धोखाधड़ी का आरोप

    श्रीलंका में पूर्व प्रथम महिला की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप, शिरंथी राजपक्षे पर धोखाधड़ी का आरोप

    कोलंबो
     श्रीलंका की पूर्व प्रथम महिला शिरंथी राजपक्षे को बुधवार को उनके एनजीओ ओसिरलिया सवियाओ के बैंक अकाउंट से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया।रिश्वत या भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने वाले आयोग के अधिकारियों ने श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी को कोलंबो के पोल्हेंगोडा में उनके घर से गिरफ्तार किया। 73 वर्षीय शिरंथी सोमवार को ही सिंगापुर से इलाज कराकर लौटी थीं।

    उसी सुबह, उनके वकीलों ने पुलिस के फाइनेंशियल क्राइम्स डिवीजन द्वारा उनकी गिरफ्तारी को रोकने के लिए अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि फाइनेंशियल क्राइम्स डिवीजन ने मंगलवार को उन्हें 13 अक्टूबर को उनके सामने पेश होने के लिए कहा था।

    भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच करने वाले आयोग (सीआईएबीओसी) ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की 73 वर्षीय पत्नी को कोलंबो में गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।राजधानी में राजपक्षे के घर पर पत्रकारों से बात करते हुए सीआईएबीओसी के एक अधिकारी ने कहा, "यह गिरफ्तारी उनके 'सिरिलिया सविया फाउंडेशन' से जुड़े मामले में की गई है।"

    वह चिकित्सा उपचार के लिए 16 सितंबर को सिंगापुर गई थीं, और कोलंबो हवाई अड्डे पर उन्हें अपने चैरिटी के बारे में पुलिस को बयान देने के लिए एक समन तामील कराया गया था।गिरफ्तारी को रोकने के लिए अदालत में याचिका दायर करने के बाद वह सोमवार (5 अक्टूबर) को वापस लौट आई, लेकिन अग्रिम जमानत की सुनवाई 12 अक्टूबर के लिए तय की गई।

    पुलिस ने कहा कि अधिकारी शिरंथी से उनके द्वारा आयोजित 'सिरिलिया सविया' नामक चैरिटी के माध्यम से स्थानीय कैंसर अस्पताल के लिए पीईटी स्कैनर हेतु एकत्र किए गए 10 मिलियन रुपये (30,300 डॉलर) के दान के संबंध में पूछताछ करना चाहते हैं।

    जांचकर्ताओं ने अदालत को बताया कि स्कैनर पहले ही चीनी सरकार द्वारा दान में दिया जा चुका था, लेकिन आरोप है कि चैरिटी संस्था ने दान मांगना जारी रखा और धन का दुरुपयोग किया।

    श्रीमती शिरंथी ने किसी भी प्रकार की त्रुटि से इनकार करते हुए कहा है कि धन का दुरुपयोग नहीं किया गया था।परिवार के अन्य सदस्यों को भी कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।पूर्व प्रथम महिला के सबसे बड़े बेटे, विपक्षी सांसद नमाल राजपक्षे, अपने पिता के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान हस्ताक्षरित 2013 के एयरबस विमान सौदे से जुड़े आरोपों के सिलसिले में हिरासत में हैं।

    राजपक्सा परिवार ने भ्रष्टाचार के आरोपों का लगातार खंडन किया है और अपने खिलाफ चल रहे मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।

    महिंदा राजपक्षे ने 2005 से 2015 तक राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया और श्रीलंका के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्तियों में से एक बने हुए हैं, हालांकि 2022 में बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद उनके भाई गोटाबाया राजपक्षे को राष्ट्रपति पद से हटा दिए जाने के बाद से परिवार की आर्थिक स्थिति में गिरावट आई है।

    शिरंथी राजपक्षे पर क्या आरोप?
    जांच आयोग के अनुसार, उन्हें इन आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया कि उन्होंने एक सरकारी बैंक से 10 मिलियन श्रीलंकाई रुपये लिए और उस पैसे का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल करके पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट और भ्रष्टाचार से जुड़े कानूनों का उल्लंघन किया।

    सरकारी बैंक से एक करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप
    जांच आयोग के अनुसार, शिरांथी राजपक्षे पर आरोप है कि उन्होंने अपने गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) 'सिरिलिया सविया' के बैंक खाते के जरिए एक सरकारी बैंक से एक करोड़ श्रीलंकाई रुपये प्राप्त किए और उस रकम का दुरुपयोग किया। एजेंसियों का कहना है कि यह सार्वजनिक संपत्ति कानून और भ्रष्टाचार रोधी प्रावधानों का सीधा उल्लंघन है। एफसीआईडी इस संस्था के कामकाज की गहन जांच कर रहा है, जिसकी कमान शिरांथी ने अपने पति महिंदा राजपक्षे के राष्ट्रपति कार्यकाल (2005 से 2015) के दौरान संभाली थी।

    राजपक्षे परिवार की मुश्किलें बढ़ीं
    राजपक्षे परिवार के लिए यह नया कानूनी झटका माना जा रहा है। शिरांथी के बड़े बेटे और मुख्य विपक्षी दल श्रीलंका पोदुजाना पेरामुना के सांसद नमल राजपक्षे भी कानूनी शिकंजे में हैं। नमल रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग मामलों के सिलसिले में चार सितंबर से कोलंबो रिमांड जेल में बंद हैं। 

     

  • प्रदेश के समस्त बूथों से निकली सेवा ज्योति यात्रा

    प्रदेश के समस्त बूथों से निकली सेवा ज्योति यात्रा

    भोपाल 

    विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा, नई दिशा और जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा के माध्यम से देशवासियों से वर्चुअल संवाद किया। प्रधानमंत्री  मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देशभर में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। प्रदेश में भी विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा विकसित भारत संकल्प सभा (सेवा ज्योति यात्रा) के प्रदेश प्रभारी  विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। भोपाल जिले का मुख्य कार्यक्रम रवींद्र भवन में आयोजित किया गया, जिसमें उप-मुख्यमंत्री  जगदीश देवड़ा, मंत्री सांसद  आलोक शर्मा, विधायक  रामेश्वर शर्मा,  भगवानदास सबनानी, महापौर मती मालती राय सहित जिले के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने प्रधानमंत्री  मोदी के उद्बोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना।

    इस अवसर पर मंत्री  सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को और अधिक मजबूत करने का अवसर है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नहीं बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के संकल्प, सहभागिता और सामूहिक प्रयास का परिणाम होगा। सेवा ज्योति यात्रा इसी भावना का प्रतीक है, जिसके माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

    प्रदेश के प्रत्येक बूथ से जिला केंद्र तक पहुंची सेवा ज्योति यात्रा

    मंत्री  सारंग ने बताया कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक बूथ से जनता के साथ संवाद करते हुए सेवा ज्योति यात्रा के रूप में जिला केंद्रों की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि भोपाल जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों से सेवा ज्योति यात्राएं प्रारंभ हुईं। इन यात्राओं में कार्यकर्ताओं के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्रों से निकलकर सेवा ज्योति यात्राएं रवींद्र भवन स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, जहां सभी यात्राओं का समागम हुआ।

    विकसित भारत संकल्प सभा के बाद निकली मशाल यात्रा

    रवींद्र भवन में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में प्रधानमंत्री  मोदी के वर्चुअल संवाद के बाद भोपाल जिले में सेवा ज्योति यात्रा का अगला चरण प्रारंभ हुआ। मुख्य कार्यक्रम स्थल से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए सेवा ज्योति यात्रा के रूप में मशाल यात्रा निकाली गई। मशाल जुलूस के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और बूथ तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक इसमें सहभागिता की।

    समाज के हर वर्ग की रही सहभागिता

    मंत्री  सारंग ने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में उत्साह देखने को मिला। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने अभियान में सहभागिता कर इसे जनअभियान का स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में देश विकास के साथ सेवा और जनकल्याण को भी प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

    सेवा से विकसित भारत के संकल्प की ओर

    मंत्री  सारंग ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा विकसित भारत के संकल्प के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य प्रत्येक बूथ, प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक समाज वर्ग तक सेवा एवं विकसित भारत का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे अभियानों के माध्यम से देशवासियों को विकास की यात्रा से जोड़ने और सेवा के संकल्प को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है।

  • कभी यूपी में अराजकता के तांडव की दिखती थी डरावनी तस्वीर, अब माफिया मिट्टी में मिल गएः सीएम योगी

    कभी यूपी में अराजकता के तांडव की दिखती थी डरावनी तस्वीर, अब माफिया मिट्टी में मिल गएः सीएम योगी

    वाराणसी

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 वर्ष में बदली काशी व 10 वर्ष में बदले यूपी का आईना देशवासियों को दिखाया। वडनगर से काशी आए बाइकर्स व अतिथियों से संवाद करते हुए मेजबान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी में 10 वर्ष पहले माफिया जहां खड़ा हो जाता था, वह जमीन उसकी हो जाती थी। जिस जमीन पर सपाई की नजर पड़ गई, वह उसकी हो जाती थी। सूर्यास्त के बाद बेटी बाहर नहीं निकल सकती थी, व्यापारी भय के साये में जीने को मजबूर थे। त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे। यूपी में अराजकता के तांडव की डरावनी तस्वीर दिखती थी, लेकिन पीएम मोदी के मार्गदर्शन में माफिया अब मिट्टी में मिल गए। विरासत के रूप में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर, मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर, भव्य-दिव्य कुंभ, मथुरा-वृंदावन की चहलपहल नए भारत के नए यूपी की पहचान बन गई है। 

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात के वडनगर से काशी तक निकली बाइक सेवा यात्रा के समापन समारोह को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान पर मनमोहक रंगोली के समक्ष छात्राओं संग फोटो भी खिंचवाई। सेवा संकल्प पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। 

    7 अक्टूबर 2001 को गुजरात की धरती पर हुआ करिश्माई नेतृत्व का आगमन 

    सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात की धरती पर करिश्माई नेतृत्व का आगमन हुआ। उस समय गुजरात आपदा से त्रस्त था। भुज के भूकंप ने पूरे देश को कंपा दिया था। लोग गुजरात को लेकर चिंतित थे। उस दौरान मैंने भी गुजरात जाकर देखा कि कई महीने तक भूकंप के झटके आए। इसके बावजूद मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व में गुजरात फिर उठ खड़ा हुआ। 

    मोदी जी ने गुजरात को मॉडल स्टेट के रूप में चमकाया

    सीएम योगी ने कहाकि तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी (अब प्रधानमंत्री) ने गुजरात को मॉडल स्टेट के रूप में चमकाया। उस दौरान कुछ लोगों ने दुस्साहस करते हुए उजड़े हुए गुजरात की सुरक्षा पर सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मुंह की खानी पड़ी। ठीक उसी तरह आज पूरा भारत सुरक्षित, समृद्ध, वैश्विक मानचित्र पर ताकत के रूप में उभरा है। 

    सीएम योगी ने दी पीएम मोदी को बधाई

    मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के सफलतम 25 वर्ष पूरे होने पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों की तरफ से पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरा भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के अहर्निश कार्यकाल को उत्सव के रूप में मना रहा है। मेजबान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी की जन्मभूमि वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी में आए अतिथियों का स्वागत किया। 
    उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना तब पूरी होगी, जब हर जनपद, कस्बा, गांव, राज्य प्रयास करते हुए आत्मनिर्भर व विकसित होने की संकल्पना को पूरा कर सके। 

    ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना का अहसास करा रही यात्रा

    सीएम योगी ने कहा कि वडनगर से काशी की यह यात्रा पीएम के 25 वर्ष के सेवा संकल्पों का अभिनंदन करने का अवसर है। यह यात्रा पीएम मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना का भी अहसास करा रही है। काशी विश्वनाथ से मां गंगा का जल लेकर हाटकेश्वर महादेव और गुजरात की नदियों का जल भगवान विश्वनाथ को समर्पित करने 10 राज्यों से होते हुए गर्मी, बरसात व अन्य परिस्थितियों का सामना करते हुए बाइकर्स काशी की धरा पर आए हैं। 

    राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में अभियान ने प्राप्त की ऊंचाई

    सीएम योगी ने विश्वास जताया कि युवाओं की ऊर्जा भारत को 2047 तक विकसित करने के लिए लगेगी। उन्होंने कहाकि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान का जो कार्यक्रम तय किया है, वह ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि राष्ट्रीय अध्य़क्ष का संदेश लेकर आगामी कार्यक्रमों के लिए खुद को तैयार करें। 

    समारोह में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा, वडोदरा के सांसद व भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री/ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, योगी सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी, सुरेंद्र पटेल, सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र आदि मौजूद रहे।

  • UP में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन, 20 IPS अफसरों का तबादला; बदले गए कई पुलिस कप्तान

    UP में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन, 20 IPS अफसरों का तबादला; बदले गए कई पुलिस कप्तान

    लखनऊ
    उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. शासन ने एडीजी से लेकर एसपी स्तर तक के 20 IPS अधिकारियों का तबादला किया है. इस फेरबदल में कई जिलों के कप्तान बदले गए हैं. बाराबंकी, बस्ती, बलिया, मऊ, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़ और जालौन समेत कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है। 

    इन जिलों के बदले गए एसपी
    तबादला सूची के मुताबिक सतीश गणेश को ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं भगवान स्वरूप को ADG टेक्निकल के साथ ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 

    जिलों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं. रवीना त्यागी को बाराबंकी का SP, ओमवीर सिंह को बस्ती का SP और ए राजा को बलिया का SP बनाया गया है. वहीं सर्वेश मिश्रा को मऊ और विनय कुमार सिंह को गाजीपुर की कमान सौंपी गई है। 

    इन बड़े जिलों में कप्तानों का फेरबदल

    •     बागपत के SP सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया गया है. 
    •     मुजफ्फरनगर के वर्तमान SSP संजय कुमार को सेनानायक, 04वीं वाहिनी PAC, प्रयागराज के पद पर भेजा गया है.
    •     बस्ती के SP यशवीर सिंह को जौनपुर का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है.
    •     वहीं जौनपुर के निवर्तमान SP कुंवर अनुपम सिंह को SP (PAC मुख्यालय), लखनऊ भेजा गया है.
    •     लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात DCP रवीना त्यागी को बाराबंकी का नया SP बनाया गया है. 
    •     वहीं बाराबंकी के निवर्तमान SP अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ में नया DCP बनाया गया है.
    •     गाजीपुर के SP इराज राजा को ट्रांसफर कर बलिया का नया SP बनाया गया है. 
    •     जालौन के SP विनय कुमार सिंह को गाजीपुर जिले की कमान सौंपी गई है.
    •     DGP मुख्यालय में तैनात पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का नया SP बनाया गया है. 
    •     आजमगढ़ (नगर) के SP मधुबन कुमार सिंह को हापुड़ का नया SP तथा मथुरा के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत को जालौन का नया SP बनाया गया है.

    ADG स्तर पर किसे मिले जिम्मेदारी
    ए0 सतीश गणेश:
    अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा, लखनऊ) के पास से ADG अपराध का अतिरिक्त प्रभार हटा लिया गया है. वे अब पूर्ववत ADG (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) की जिम्मेदारी संभालेंगे। 

    भगवान एस0 श्रीवास्तव: अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं, लखनऊ) को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ ADG अपराध (Crime), लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 

    सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का SSP बनाया गया है. इसके अलावा पूर्णेन्दु सिंह को बागपत, मधुबन कुमार सिंह को हापुड़ और सुरेश चंद्र रावत को जालौन का SP बनाया गया है। 

    कमलेश बहादुर को SP लोक शिकायत बनाया गया 
    तबादला सूची में यशवीर सिंह को जौनपुर का SP बनाया गया है. कुंवर ज्ञानंजय सिंह को DCP प्रयागराज और अर्पित विजयवर्गीय को DCP लखनऊ की जिम्मेदारी मिली है. कमलेश बहादुर को SP लोक शिकायत बनाया गया है। 

    इसके अलावा कुंवर अनुपम सिंह को PAC मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है, जबकि संजय कुमार को चौथी वाहिनी प्रयागराज का सेनानायक बनाया गया है. चिराग जैन को SP सिटी बरेली और मानुष पारीक को SP सिटी आजमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है. आलोक राज नारायण को एडिशनल SP मथुरा बनाया गया है। 

  • कांग्रेस के शहजादे विरासत से आए, मोदी जनादेश से प्रधानमंत्री बने: नितिन नवीन

    कांग्रेस के शहजादे विरासत से आए, मोदी जनादेश से प्रधानमंत्री बने: नितिन नवीन

    वाराणसी

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के राजपरिवार के शहजादे विरासत के सहारे राजनीति में पहुंचे, जबकि नरेंद्र मोदी को जनता के सामने प्रधानमंत्री पद के लिए घोषित किया गया और देश की जनता ने उन्हें जनादेश देकर दिल्ली पहुंचाया। विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता उसके मकसद को कभी पूरा नहीं होने देगी।
     
    नितिन नवीन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा के समापन और यात्रियों के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर निकाली गई यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि ये युवा गांव-गांव गए, सेवा के साथ संवाद किया और लोगों के बीच योजनाओं की चर्चा की। आज का दिन विकसित भारत के सपने को पूरा करने का संकल्प लेने का भी दिन है।
     
    मोदी को बताया इतिहास निर्माता
    नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी को इतिहास निर्माता बताते हुए कहा कि इतिहास के पन्नों को पलटने, इतिहास गढ़ने और लोगों के जीवन में बदलाव लाने की क्षमता रखने वाला ही इतिहास का निर्माणकर्ता बन सकता है। पिछले 25 वर्षों को पीछे मुड़कर देखने पर यह साफ दिखाई देता है। कच्छ से निकला मलबा गुजरात के नवनिर्माण का आधार बना और वहां से उठी चीखें जनभावना की आवाज बनीं। नरेंद्र मोदी ने खुद को गुजरात के लिए समर्पित कर उसे विश्व पटल पर पहुंचाया।
     
    उन्होंने कहा कि 2014 में देश में निराशा का वातावरण था और युवा हताश थे। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं में आशा और उम्मीद जगाई। आज युवा जॉब सीकर से जॉब प्रोवाइडर बन रहा है। उन्होंने तीन तलाक समाप्त करने, अर्थव्यवस्था को दुनिया के शीर्ष पांच देशों में पहुंचाने और पीएम आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक लोगों को छत देने का उल्लेख किया। नक्सल समस्या, मेक इन इंडिया और स्वच्छता मिशन को भी बदलाव से जोड़ा।
     
    घुसपैठियों को लेकर विपक्ष पर सवाल
    भाजपा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष केवल उनकी चिंता कर रहा है, जो लोगों का हक छीनने का काम करते हैं। जिन घुसपैठियों को हक दिलाने की बात की जा रही है, उन्हें भारत की जनता हक नहीं देने देगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आए बदलाव के पीछे भी प्रधानमंत्री मोदी का विजन है।
     
    पहले बम विस्फोट, अब सेमीकंडक्टर: हिमंता
    असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि कभी असम में हर दिन बम विस्फोट होते थे, जबकि आज वहां सेमीकंडक्टर रेवोल्यूशन हो रहा है। यही नया भारत है। एक समय संसद तक पर हमला होता था। आज पाकिस्तान भारत में नहीं घुसता, बल्कि भारत पाकिस्तान में घुसकर जवाब देता है।
     
    उन्होंने कहा कि कभी लोग अयोध्या में राम मंदिर बनने की कल्पना तक नहीं करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ। एक समय भाजपा के तीन मुख्यमंत्री हुआ करते थे, जबकि आज एनडीए गठबंधन की 22 सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के नेतृत्व में भारत में परिवर्तन आया और देश विश्व की महाशक्ति बनने की ओर बढ़ा। वडनगर से काशी पहुंचे युवा इसी नए भारत की तस्वीर हैं।
     
    10 राज्यों से गुजरकर काशी पहुंची यात्रा
    सेवा संकल्प यात्रा के दौरान युवाओं ने गांवों में सफाई, पौधरोपण और नशामुक्ति अभियान चलाने के साथ लोगों से योजनाओं पर संवाद किया। वडनगर से पवित्र जल काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा, जबकि वाराणसी का जल हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित किया गया।
     
    वडोदरा सांसद हेमांग जोशी ने कहा कि यात्रा ने 19,719 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 10 राज्यों के 146 जिलों में सेवा कार्य किए। इस दौरान 783 कार्यक्रम और 266 स्वच्छता अभियान हुए। 8,500 से अधिक पौधे लगाए गए। 20,187 से अधिक लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क किया गया और 173 ग्राम सभाएं हुईं। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को देश के सामने आदर्श युवा बताया।
     
    कांग्रेस-सपा के राज में पहले पन्ने पर होती थीं भ्रष्टाचार की खबरें: हंसराज
    राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राज में देश और सपा के राज में उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार की खबरें अखबारों के पहले पन्ने पर होती थीं। आज देश और उत्तर प्रदेश दोनों की तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात की त्रासदी के बाद उसे आगे बढ़ाया और देश की कमान मिलने पर भारत को नई पहचान दी। उत्तर प्रदेश भी कई क्षेत्रों में आगे बढ़ा है।
     
    महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आर्थिक क्षेत्र, परिवहन, रोजगार और कानून व्यवस्था में बदलाव आया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वडनगर से काशी और काशी से वडनगर की यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया।
     
    कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।