इंद्रावती नदी के उफान ने बढ़ाई चित्रकोट की खूबसूरती, दिखा मनमोहक दृश्य

जगदलपुर.
चारों तरफ हरियाली, आसमान में बादल और बीच में पूरे वेग से बहती बस्तर की इंद्रावती नदी। ड्रोन कैमरे के जरिए जरा आप भी देखिए देश के मिनी नियाग्रा चित्रकोट जलप्रपात का ये अद्भुत नजारा। इंद्रावती में पानी बढ़ने के बाद चित्रकोट की तस्वीर ही बदल गई है।
दूर तक फैला नदी का पानी और फिर एक साथ कई धाराओं में नीचे गिरता विशाल जलप्रवाह बरसात में प्रकृति ने मानो चित्रकोट को एक नया रूप दे दिया है। आमतौर पर अपनी ऊंचाई और चौड़ाई के लिए पहचाना जाने वाला चित्रकोट जलप्रपात इन दिनों पानी बढ़ने की वजह से बिल्कुल अलग दिखाई दे रहा है। जलप्रवाह इतना बढ़ गया है कि अब पानी करीब 5 फीट की ऊंचाई से ही नीचे गिरता नजर आ रहा है, लेकिन खास बात ये है कि कम होती ऊंचाई के बावजूद पानी की चौड़ाई और उसका रौद्र वेग इस नजारे को और भी भव्य बना रहा है।
ओडिशा में इंद्रावती परियोजना के गेट खोले जाने की चर्चा
दरअसल इंद्रावती नदी का उद्गम ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से होता है। वहां और नदी के कैचमेंट वाले इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर अब बस्तर में साफ दिखाई दे रहा है। ऊपरी इलाकों से लगातार पानी आने के कारण इंद्रावती का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इधर ओडिशा में जलाशयों और इंद्रावती परियोजना के गेट खोले जाने को लेकर भी चर्चा है, जिस वजह से इंद्रावती का जलस्तर बढ़ा हुआ है। हालांकि वर्तमान में कौन-कौन से गेट खोले गए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है, लेकिन इंद्रावती के बढ़े जलस्तर के बीच तस्वीर ऐसी भी है, जिसने पर्यटकों को खींच लिया है।
मिनी नियाग्रा शबाब पर, पर्यटकों की उमड़ी भीड़
देश का मिनी नियाग्रा इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। इंद्रावती की उफनती धार को देखने और चित्रकोट के बदले हुए नजारे को कैमरे में कैद करने के लिए पर्यटकों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं और इस विशाल जलप्रवाह को देखकर रोमांचित हो रहे हैं। एक तरफ इंद्रावती का बढ़ता जलस्तर नदी किनारे के इलाकों के लिए सतर्कता का संकेत है. लेकिन दूसरी तरफ यही उफनती इंद्रावती बस्तर के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थल देश के मिनी नियाग्रा चित्रकोट जलप्रपात की खूबसूरती में चार चांद लगा रही है। ड्रोन कैमरे की इन तस्वीरों में आप खुद देख सकते हैं दूर तक फैली इंद्रावती, चारों ओर हरियाली और बीच में पूरे वेग से गिरता पानी ये नजारा सिर्फ एक जलप्रपात का नहीं, बल्कि बरसात में अपने सबसे शानदार रूप में नजर आ रहे बस्तर का है।



