Tag: WhatsApp

  • WhatsApp Business पर मैसेजिंग महंगी, 1 अक्टूबर से लागू हुआ नया चार्जिंग सिस्टम

    WhatsApp Business पर मैसेजिंग महंगी, 1 अक्टूबर से लागू हुआ नया चार्जिंग सिस्टम

     नई दिल्ली

    वॉट्सऐप बिजनेस इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों के लिए 1 अक्टूबर 2026 से बड़ा बदलाव लागू हो गया है. Meta ने सर्विस मैसेज के लिए अब चार्ज लेना शुरू कर दिया है. इसके साथ ही जिन बिजनेस अकाउंट में पेमेंट मेथड जुड़ा नहीं है, उनके सर्विस मैसेज की डिलीवरी रुक सकती है। 

    मेटा ने वॉट्सऐप बिजनेस प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने वाले सॉल्यूशन प्रोवाइडर और सीधे इंटीग्रेशन वाले बिजनेस को पहले ही पेमेंट मेथड जोड़ने के लिए कहा था. कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक पेमेंट मेथड ऐड नहीं करने वाले अकाउंट्स के सर्विस मैसेज 1 अक्टूबर से डिलीवर नहीं किए जाएंगे। 

    वॉट्सऐप बिजनेस में क्या बदला?

    पहले वॉट्सऐप बिजनेस पर कुछ सर्विस मैसेज के लिए कोई चार्ज नहीं लिया जाता था. अब 1 अक्टूबर से इन मैसेज पर प्रति मैसेज के हिसाब से शुल्क लगेगा। 

    यह बदलाव खास तौर पर उन गैर-टेम्पलेट मैसेज पर लागू होता है, जो किसी ग्राहक के मैसेज करने के बाद खुले 24 घंटे के कस्टमर सर्विस विंडो में भेजे जाते हैं. सर्विस मैसेज में कस्टमर सर्विस एजेंट या किसी थर्ड-पार्टी AI सिस्टम की तरफ से भेजे गए मैसेज शामिल हो सकते हैं। 

    किन वॉट्सऐप बिजनेस अकाउंट पर असर होगा?
    यह बदलाव वॉट्सऐप बिजनेस प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने वाले सॉल्यूशन प्रोवाइडर और सीधे इंटीग्रेशन वाले बिजनेस पर लागू होगा. अगर ऐसे बिजनेस अपने मैसेजिंग अकाउंट में पेमेंट मेथड नहीं जोड़ते हैं, तो नए चार्ज शुरू होने के बाद उनके सर्विस मैसेज की डिलीवरी रुक सकती है. इसलिए कंपनियों को अपने वॉट्सऐप बिजनेस अकाउंट की पेमेंट सेटिंग चेक करने की जरूरत है। 

    हर मैसेज पर लगेगा चार्ज
    मेटा अब सर्विस मैसेज भेजने के बजाय डिलीवर होने वाले मैसेज के आधार पर चार्ज करेगा. इसकी कीमत अलग-अलग मार्केट के हिसाब से बदल सकती है. मेटा के मुताबिक, सर्विस मैसेज की कीमत उस मार्केट में यूटिलिटी और ऑथेंटिकेशन मैसेज की दरों के बराबर होगी। 

    इसके लिए कोई वॉल्यूम टियर भी नहीं होगा. बिजनेस इन गैर-टेम्पलेट मैसेज को तभी भेज सकते हैं जब 24 घंटे का कस्टमर सर्विस विंडो खुला हो. यह विंडो ग्राहक के मैसेज करने पर शुरू या रीसेट होती है। 

    वॉट्सऐप बिजनेस एजेंट का चार्ज अलग
    सर्विस मैसेज का यह चार्ज Meta Business Agent की कीमत से अलग है. मेटा बिजनेस एजेंटके मैसेज के लिए कंपनी पहले से अलग टोकन-बेस्ड प्राइसिंग लागू कर चुकी है. मेटा के मुताबिक, एक ही मैसेज पर सर्विस और बिजनेस एजेंट दोनों तरह का चार्ज नहीं लगेगा। 

    विज्ञापन से वॉट्सऐप आने पर राहत
    वॉट्सऐप का फ्री एंट्री पॉइंट विंडो अभी भी जारी है. अगर कोई ग्राहक ऐसे विज्ञापन के जरिए वॉट्सऐप पर आता है जिसमें क्लिक करके वॉट्सऐप चैट खुलती है, तो उस विंडो में मैसेज डिलीवरी पर चार्ज नहीं लगेगा। 

    मेटा बिजनेस एजेंट के इस्तेमाल पर टोकन चार्ज लग सकता है. इस बदलाव के बाद वॉट्सऐप बिजनेस इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों के लिए अपने पेमेंट मेथड और मैसेजिंग सेटिंग को चेक करना जरूरी हो गया है। 

     

  • बदलने वाला है WhatsApp का अंदाज, नया शॉर्टकट फीचर ऐसे करेगा काम

    बदलने वाला है WhatsApp का अंदाज, नया शॉर्टकट फीचर ऐसे करेगा काम

    नई दिल्ली
    WhatsApp यूजर्स के लिए खुशखबरी है. अब इस इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप के अंदर न्यू शॉर्टकट मिलेगा, जिसकी मदद से चैट और चैनल्स के कंटेंट को सर्च किया जा सकेगा. न्यू फीचर की जानकारी Wabetainfo ने शेयर की है और बताया है कि नया फीचर iOS के लिए रोलआउट किया है। 

    WhatsApp में आने वाले न्यू शॉर्टकट फीचर का नाम सर्च शॉर्टकट फॉर चैट्स एंड चैनल्स है. जब भी यूजर्स किसी चैट्स को स्क्रॉल करेंगे तो मोबाइल स्क्रीन पर टॉप राइट पर एक सर्च आइकन नजर आने लगेगा, जिसकी मदद से चैट्स आदि को सर्च कर सकेंगे। 

    WhatsApp के इस फीचर्स की जानकारी इससे पहले अगस्त में सानने आई थी और अब आखिरकार इसको लॉन्च कर दिया गया है. रिपोर्ट्स में दावा किया है कि न्यू फीचर पहले की तुलना में ज्यादा बेहतर है। 

    कैसे काम करेगा WhatsApp का न्यू शॉर्टकट फीचर
    जब भी यूजर्स किसी चैटिंग के दौरान ऊपर की तरफ स्क्रॉल करते हैं तो स्क्रीन के बाद सबसे ऊपर एक नया सर्चिंग बटन नजर आएगा. जब यूजर्स जैसे ही चैट के सबसे नीचे वापस पहुंचते हैं, तब यह बटन फिर से गायब हो सकते हैं। 

    Wabetainfo का पोस्ट 
    इससे पता चलता है कि न्यू सर्च बटन सिर्फ सर्चिंग के दौरान ही नजर आएगा और उसके बाद ऑटोमेटिक गायब हो जाएगा. जब यूजर्स को ऊपर की तरफ सर्च आइकन नजर आएगा, उस पर क्लिक करके वे सर्च मोड को एक्टिवेट कर पाएंगे। 

    सर्च मोड एक्टिवेट करने के बाद जैसे ही यूजर्स जिस मैसेज को सर्च करना चाहते हैं, उसका कोई कीवर्ड एंटर करना होगा. इसके बाद स्क्रीन पर संबंधित चैट्स नजर आने लगेंगी। 

  • WhatsApp यूजर्स के लिए जरूरी खबर, पुराने Android फोन पर बंद हुआ सपोर्ट; देखें आपका डिवाइस प्रभावित है या नहीं

    WhatsApp यूजर्स के लिए जरूरी खबर, पुराने Android फोन पर बंद हुआ सपोर्ट; देखें आपका डिवाइस प्रभावित है या नहीं

    नई दिल्ली
    WhatsApp ने बड़ा ऐलान कर दिया है और बताया है कि कई पुराने स्मार्टफोन से सपोर्ट बंद किया जा चुका है. Wabetainfo ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि 8 सितंबर 2026 से पुराने स्मार्टफोन से सपोर्ट बंद किया जा चुका है। 

    जो स्मार्टफोन Android 5.0 और 5.1 पर काम करते हैं, उनपर से WhatsApp का सपोर्ट बंद किया जा चुका है. जब  Android 5.0 और 5.1 पर काम करने वाले स्मार्टफोन यूजर्स जैसे ही मैसेजिंग ऐप को ओपन करेंगे, उसको ऐप के अंदर नोटिफिकेशन्स अलर्ट मिलेगा। 

    जो स्मार्टफोन Android 5.0 और 5.1 पर काम करते हैं, उनके पास एक ऑप्शन है कि वे अपने हैंडसेट को लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम (OS) वर्जन के साथ अपडेट कर लें. अगर न्यू अपडेट अवेलेबल नहीं है तो यूजर्स को न्यू हैंडसेट खरीदना चाहिए। 

    WhatsApp ने अप्रैल में कर दिया था ऐलान
    WhatsApp ने इस साल अप्रैल में ही ऐलान कर दिया था कि पुराने हैंडसेट से सपोर्ट बंद होने जा रहा है. अब कंपनी ने सपोर्ट बंद कर दिया है. अब वॉट्सऐप मिनिमम एंड्रॉयड 6.0 मार्शमैलो को सपोर्ट करेगा। 

    भारत  समेत कई देशों में पुराने हैंडसेट मौजूद 
    Wabetainfo ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि भारत
    समेत पाकिस्तान, ब्राजील आदि कई देश हैं, जहां पर अभी भी बड़े स्तर पर पुराने डिवाइसों का इस्तेमाल किया जाता है. वे पुराने डिवाइस Android 5 या उससे भी पुराने ओएस वर्जन पर काम करते हैं। 

    WhatsApp पुराने एंड्रॉयड वर्जन से सपोर्ट क्यों बंद करता है? 
    WhatsApp लगातार न्यू फीचर्स जारी करता है और हर बार नए फीचर्स कुछ एंड्रॉयड वर्जन के साथ ही कंपेटेबल होते हैं. बहुत से फीचर्स ज्यादा पुराने एंड्रॉयड ओएस पर सपोर्ट नहीं करते हैं. एंड्रॉयड 5.0 या उससे पुराने ओएस से वॉट्सऐप ने सपोर्ट बंद कर दिया है। 

  • AI इस्तेमाल करने का बदलेगा तरीका! WhatsApp पर मिलेंगे कई AI Agents, अलग-अलग ऐप खोलने का झंझट खत्म

    AI इस्तेमाल करने का बदलेगा तरीका! WhatsApp पर मिलेंगे कई AI Agents, अलग-अलग ऐप खोलने का झंझट खत्म

     नई दिल्ली 

    वॉट्सऐप का इस्तेमाल हम रोज चैटिंग, फोटो-वीडियो शेयर करने और कई जरूरी कामों के लिए करते हैं. अब कंपनी इसमें एक ऐसा फीचर जोड़ने की तैयारी कर रही है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए काफी काम का हो सकता है. इस नए फीचर की मदद से यूजर्स वॉट्सऐप के अंदर ही थर्ड-पार्टी एआई एजेंट और बोट्स जुड़ सकेंगे। 

    अभी अगर आपको किसी AI टूल का इस्तेमाल करना है, तो उसके लिए अलग वेबसाइट या ऐप खोलना पड़ता है. लेकिन वॉट्सऐप के इस नए फीचर के बाद ऐसा जरूरी नहीं होगा. यूजर्स सीधे वॉट्सऐप के अंदर ही अलग-अलग एआई एजेंट से बात कर सकेंगे. आइए जानते हैं यह फीचर कैसे काम कर सकता है। 

    क्या है ये नया फीचर?

    रिपोर्ट के मुताबिक, वॉट्सऐप ऐसा सिस्टम तैयार कर रहा है, जिससे थर्ड-पार्टी एआई एजेंट और बोट्स को वॉट्सऐप से जोड़ा जा सकेगा। 
    मान लीजिए आप वॉट्सऐप पर किसी से बात कर रहे हैं और उसी दौरान आपको किसी एआई एजेंट की जरूरत पड़ जाती है. ऐसे में आपको अलग ऐप या वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं होगी. आप वॉट्सऐप के अंदर ही उस एआई एजेंट को जोड़कर उसका इस्तेमाल कर सकेंगे। 

    यानी AI के लिए सिर्फ वॉट्सऐप के अपने फीचर्स पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी. अलग-अलग कंपनियां और डेवलपर्स अपने एआई एजेंट को वॉट्सऐप के साथ जोड़ सकेंगे। 

    मान लीजिए आपको किसी एआई एजेंट से जानकारी लेनी है, कोई सवाल पूछना है या कोई काम करवाना है. ऐसे में आपको बार-बार अलग ऐप पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वॉट्सऐप के अंदर ही उस एआई एजेंट के साथ बातचीत की जा सकेगी। 

    कैसे काम करेगा?
    इस फीचर के आने के बाद संभव है कि यूजर्स को वॉट्सऐप में ही ऐसे AI बोट्स दिखाई दें, जिन्हें वे अपनी जरूरत के हिसाब से जोड़ सकें. इसके बाद सामान्य वॉट्सऐप चैट की तरह AI से बातचीत की जा सकेगी। 

    हालांकि, यह फीचर अभी आने की तैयारी में है और इसके काम करने का पूरा तरीका आने वाले समय में और साफ होगा. यह भी देखना होगा कि वॉट्सऐप किन एआई एजेंट को सपोर्ट करता है और यूजर्स को कितने विकल्प मिलते हैं। 

    यूजर्स को क्या फायदा होगा?
    सबसे बड़ा फायदा यही होगा कि AI का इस्तेमाल करने के लिए बार-बार ऐप बदलने की जरूरत कम हो सकती है. वॉट्सऐप पहले से ही करोड़ों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत का हिस्सा है. ऐसे में अगर एआई एजेंट भी यहीं मिल जाते हैं, तो उनका इस्तेमाल करना काफी आसान हो सकता है। 

    फिलहाल यह फीचर कब तक सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा, इसकी आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है. लेकिन अगर वॉट्सऐप इसे बड़े स्तर पर जारी करता है, तो AI और मैसेजिंग दोनों के इस्तेमाल का तरीका काफी हद तक बदल सकता है। 
     

  • नेपाल बाढ़ में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बना WhatsApp ग्रुप, एक्सपर्ट दे रहे बचावकर्मियों को गाइडेंस

    नेपाल बाढ़ में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बना WhatsApp ग्रुप, एक्सपर्ट दे रहे बचावकर्मियों को गाइडेंस

    पाल में बाढ़ की तबाही के बाद अभी भी रेस्क्यू का काम जारी है. प्रसाशन की कोशिश है कि मलबे के पीछे जिंदा बचे हर एक शख्स की जान बचानी है. जान बचाने में अब वॉट्सऐप भी अहम भूमिका अदा कर रहा है.

    दरअसल, एक WhatsApp ग्रुप में जुड़े एक्सपर्ट की टीम नेपाल की एक घाटी में रेस्क्यू टीम को गाइड कर रही है. करीब एक सप्ताह से पहले आई भीषण बाढ़ की वजह से तबाह हुए हाइड्रोपावर प्लांट्स की सुरंगों में किसी के जिंदा होने की उम्मीद है और बचावकर्मी उनकी तलाश में जुटे हैं.  ये जानकारी रॉयटर्स की रिपोर्ट से मिली है.

    दरअसल, इंजीनियरों ने 26 अगस्त नेपाल की त्रिशूली घाटी में पानी, मिट्टी और चट्टानों का सैलाब आने से पहले एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया था. अब आपदा के बाद से यह ग्रुप हेलीकॉप्टरों और भारी मशीनरी के साथ मिलकर लोगों को बचाने की कोशिश में एक अहम टूल बन चुका है.

    हाइड्रो पावर प्लांट्स में लापता
    अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि छह हाइड्रो पावर प्लांट्स से करीब 900 लोग लापता हैं, जिनमें कुछ लोग बच गए होंगे. कम से कम तीन प्लांट निर्माणाधीन थे, ऐसे में अधिकारियों को उम्मीद है कि वहां काम करने वाले लोग सुरंगों में चल गए होंगे और खुद की जान बचाई होगी.

    दो लोगों को जिंदा बाहर निकाला, दूसरों की तलाश जारी
    इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पहली सफलता बीते शुक्रवार को मिली है. शुक्रवार को आपदा का 9वां दिन था और अपर त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्लांट से दो लोगों को जिंदा बाहर निकाला जा चुका है. उनमें से एक ने बताया कि सुरंग में और भी लोग जिंदा हो सकते हैं.

    22 लाख टन मिट्टी और मलबा आया
    कई सुरंगों के एंट्री तक पहुंचना अभी भी काफी मुश्किल हो रहा हैं. इन सुरंगों को पानी के बाहव के लिए बनाया गाया था. बाढ़ अपने साथ घाटी में करीब 22 लाख टन मिट्टी और मलबा बहाकर ले आई, जिससे सुरंगों के रास्ते भी पूरी तरह से बंद हो चुके हैं.

    वॉट्सऐप ग्रुप से रेस्क्यू टीम को गाइडलाइंस
    अब वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए रेस्क्यू टीम को आगे का रास्ता दिखाया जा रहा है, सुरंगा का रास्ता और दूरी आदि के बारे में बताया जा रहा है. ऐसे में WhatsApp सिर्फ नॉर्मल चैटिंग और दोस्तों के साथ ग्रुप आदि बनाने तक सीमित नहीं है, इसकी मदद से रेस्क्यू के काम को भी अंजाम दिया जा सकता है.

  • WhatsApp लाया नया फीचर, अब मिलेगा कॉन्टैक्ट्स के बर्थडे का रिमाइंडर

    WhatsApp लाया नया फीचर, अब मिलेगा कॉन्टैक्ट्स के बर्थडे का रिमाइंडर

    वॉट्सऐप ने अब नया फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से सभी को अपकमिंग बर्थडे नोटिफिकेशन्स रिसीव होंगे. इसमें सिर्फ कॉन्टैक्ट लिस्ट में शामिल यूजर्स के आने वाले बर्थडे दिखाई देंगे. इस फीचर की जानकारी Wabetainfo ने अपनी रिपोर्ट में दी है.

    रिपोर्ट में बताया है कि वॉट्सऐप ने पहले ही एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.24.12.25 अपडेट में एक ऐसा फीचर पेश किया था, जिसमें कुछ यूजर्स से उनका जन्म का वर्ष एंटर करने को कहा है.

    कंपनी ने यह कदम रेगुलेटरी नियमों का पालन करने के लिए उठाया. अमेरिका के कई राज्यों में ऐसे कानून लागू किए गए हैं, जिनके तहत ऑनलाइन सेवाओं को अपने यूजर्स की आयु कंफर्म करना जरूरी है.

    WhatsApp ने कुछ यूजर्स से उनकी जन्मतिथि से जुड़ी जानकारी लेना शुरू किया. कंपनी ने बताया है कि यह जानकारी अन्य यूजर्स को दिखाई नहीं देती. एक बार जन्म वर्ष दर्ज करने के बाद इसे बदला भी नहीं जा सकता. शुरुआत में इस डेटा का इस्तेमाल सिर्फ कानूनी नियमों का पालन करने के लिए किया था.

    वॉट्सऐप अब बर्थडे रिमाइंडर भेजेगा
    वॉट्सऐप अब इस जानकारी का इस्तेमाल करके एक नए फीचर की तैयारी कर रहा है. Android Beta 2.26.27.3 अपडेट में कंपनी एक ऐसे फीचर पर काम कर रही है, जो यूजर्स को उनके कॉन्टैक्ट्स के जन्मदिन को लेकर अलर्ट देगा.

    वॉट्सऐप का बर्थडे सेक्शन कैसे काम करेगा?
    वॉट्सऐप एक अलग सेक्शन पर काम कर रहा है, जिसका नाम बर्थडे हो सकता है. बर्थडे सेक्शन में यूजर्स अपने कॉन्टैक्ट्स के आने वाले जन्मदिन देख सकेंगे.  जब किसी कॉन्टैक्ट का जन्मदिन होगा, तो WhatsApp ऐप के अंदर नोटिफिकेशन भेजकर यूजर को इसकी जानकारी देगा.

    वॉट्सऐप के अपकमिंग फीचर के बड़े फायदे देखने को मिलेंगे. अलग से कैलेंडर ऐप इस्तेमाल करने या जन्मदिन याद रखने की जरूरत नहीं होगी. बहुत से लोग बर्थडे की शुभकामनाएं वॉट्सऐप के जरिए ही भेजते हैं. इसलिए यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है.

    वॉट्सऐप बर्थडे रिमाइंडर कैसे काम करेगा?
    वॉट्सऐप पर बर्थडे रिमाइंडर तभी नजर आएगा, जब कोई कॉन्टैक्ट अपनी जन्मतिथि वॉट्सऐप के साथ शेयर करेंगे. वॉट्सऐप ने अभी सभी देशों में जन्मतिथि पूछने का काम शुरू नहीं किया है. ऐसे में अगर किसी यूजर ने अपनी जन्मतिथि दर्ज नहीं की है, तो WhatsApp के पास उसका डेटा नहीं होगा और किसी तरह का रिमाइंडर भी नहीं देगा.

    वॉट्सऐप का बर्थडे रिमाइंडर फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है. आने वाले दिनों में जब इस फीचर को पेश किया जाएगा, तो प्राइवेसी के लिए भी ऑप्शन होगा. इसकी मदद से यूजर्स चुनिंदा लोगों से अपने बर्थडे को छिपा सकेंगे.

  • WhatsApp का बड़ा एक्शन! राम गोपाल यादव के 5 हजार डेली मैसेज पर लगी रोक

    WhatsApp का बड़ा एक्शन! राम गोपाल यादव के 5 हजार डेली मैसेज पर लगी रोक

     लखनऊ

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव हर सुबह करीब 5 हजार लोगों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजते हैं. लेकिन अब यह सिलसिला कुछ समय के लिए रुक गया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि 31 जुलाई तक वह अपने नियमित व्हाट्सएप संदेश नहीं भेज पाएंगे, क्योंकि व्हाट्सऐप ने उनके अकाउंट से संदेश भेजने पर अस्थायी रोक लगा दी है। 

    रामगोपाल यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह प्रतिदिन सुबह लगभग पांच हजार लोगों को सुप्रभात संदेश भेजते थे और उनके अच्छे दिन की कामना करते थे. उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप ने 31 जुलाई तक उनके द्वारा भेजे जाने वाले संदेशों पर रोक लगा दिया है. इसी वजह से वह इस अवधि में अपने शुभचिंतकों तक रोजाना पहुंचने वाला संदेश नहीं भेज सकेंगे। 

    रामगोपाल यादव की इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई. कई समर्थकों ने उनके पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए जल्द प्रतिबंध हटने की उम्मीद जताई, जबकि कुछ यूजर्स ने यह जानने की उत्सुकता दिखाई कि व्हाट्सऐप ने इतनी बड़ी संख्या में संदेश भेजने पर यह अस्थायी रोक क्यों लगाई। 

    गौरतलब है कि व्हाट्सएप की नीतियों के तहत एक साथ बड़ी संख्या में संदेश भेजने या असामान्य गतिविधि पाए जाने पर सुरक्षा कारणों से कुछ अकाउंट्स पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जा सकता है. हालांकि, रामगोपाल यादव के मामले में व्हाट्सएप की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, इसलिए प्रतिबंध का सटीक कारण स्पष्ट नहीं है। 

  • WhatsApp ने Username फीचर को बताया सुरक्षित, फ्रॉड की आशंका पर कंपनी ने दी पूरी सफाई

    WhatsApp ने Username फीचर को बताया सुरक्षित, फ्रॉड की आशंका पर कंपनी ने दी पूरी सफाई

    नई दिल्ली

     व्हाट्सऐप के नए यूजरनेम फीचर को लेकर केंद्र सरकार की ओर से उठाई गई चिंताओं के बीच Meta ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है. कंपनी का कहना है कि सरकार जिन आशंकाओं को लेकर सवाल उठा रही है, उन्हें ध्यान में रखते हुए पहले से ही कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है. Meta का दावा है कि Username फीचर में ऐसे कई सुरक्षा उपाय शामिल किए गए हैं, जिनकी मदद से फर्जीवाड़ा, पहचान की नकल और ऑनलाइन धोखाधड़ी को प्रभावी ढंग से रोका जा सकेगा। 

    हाई प्रोफाइल नामों को पहले से सुरक्षित रखा गया
    एनडीटीवी प्रॉफिट की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सऐप के प्रवक्ता ने बताया कि सार्वजनिक हस्तियों, सरकारी संस्थानों और मशहूर लोगों के नाम फिलहाल सुरक्षित रखे गए हैं, ताकि उन्हें केवल उनके वास्तविक मालिक ही इस्तेमाल कर सकें. इतना ही नहीं, इन नामों से मिलते जुलते यूजरनेम भी रिजर्व रखे गए हैं, जिससे कोई फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को भ्रमित न कर सके। 

    फोन नंबर छिपाकर भी कर सकेंगे चैट
    व्हाट्सऐप की मूल कंपनी मेटा ने बताया कि नया यूजरनेम फीचर इस तरह तैयार किया गया है कि यूजर्स बिना अपना मोबाइल नंबर साझा किए एक दूसरे से जुड़ सकेंगे. इसका उद्देश्य यूजर्स की निजता को और मजबूत बनाना है. हालांकि कंपनी ने साफ किया कि व्हाट्सऐप इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल नंबर पहले की तरह जरूरी रहेगा. यूजरनेम केवल बातचीत शुरू करने का एक नया विकल्प होगा. कंपनी ने बताया कि यूजरनेम फीचर एक साथ सभी यूजर्स के लिए जारी नहीं किया जाएगा. इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. फिलहाल कुछ यूजर्स से केवल अपना पसंदीदा यूजरनेम चुनने के लिए कहा गया है। 

    व्हाट्सऐप के अनुसार, सिस्टम में ऐसे कई सुरक्षा तंत्र लगाए गए हैं जो किसी भी तरह की फर्जी पहचान, धोखाधड़ी और गलत इस्तेमाल के पैटर्न की पहचान करेंगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत ब्लॉक कर देंगे. कंपनी ने बताया कि किसी नए अकाउंट को सीमित संख्या में ही नए लोगों से संपर्क करने की अनुमति होगी. इसके अलावा किसी का यूजरनेम अनुमान लगाकर खोजने या लगातार ट्राई करने की कोशिशों को भी सिस्टम रोक देगा। 

    यूजरनेम से मैसेज आने पर पूरी जानकारी मिलेगी
    व्हाट्सऐप ने बताया कि किसी यूजर को यूजरनेम के जरिए मैसेज भेजने के लिए उसका सही यूजरनेम पता होना जरूरी होगा. जब किसी को यूजरनेम के जरिए मैसेज मिलेगा, तो उसके साथ यह जानकारी भी दिखाई जाएगी कि मैसेज भेजने वाला नया अकाउंट है या पहले से संपर्क में है, क्या दोनों के कोई साझा ग्रुप हैं और उसका देश कौन सा है. इससे यूजर को यह समझने में आसानी होगी कि सामने वाला भरोसेमंद है या नहीं। 

    केंद्र सरकार ने तीन दिन में मांगा जवाब
    इससे पहले केंद्र सरकार ने व्हाट्सऐप को नोटिस जारी कर यूजरनेम फीचर पर तीन दिनों के भीतर विस्तृत जवाब देने को कहा है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब तक इस मामले में पूरी तरह विचार विमर्श नहीं हो जाता, तब तक इस फीचर को भारत में लागू नहीं किया जा सकता। 

    सरकार को फर्जीवाड़े और साइबर ठगी की आशंका
    सूत्रों के मुताबिक, सरकार यह जांच कर रही है कि कहीं इस फीचर का इस्तेमाल सरकारी विभागों, बैंकों और अन्य भरोसेमंद संस्थानों की फर्जी पहचान बनाकर लोगों को ठगने के लिए तो नहीं किया जा सकता. इसके अलावा इस फीचर की समीक्षा यूजर सुरक्षा, जवाबदेही और भारत के डिजिटल नियमों के अनुरूप भी की जा रही है। 

    मेटा से मांगी गई सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी
    सरकार ने मेटा से यह भी पूछा है कि इस फीचर में कौन कौन से सुरक्षा उपाय लगाए गए हैं और कंपनी फर्जी पहचान तथा दुरुपयोग को रोकने के लिए क्या व्यवस्था कर रही है. सरकार ने अपने नोटिस में कहा है कि यह फीचर ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों और पहचान की नकल करने वाले हमलों की घटनाओं को बढ़ा सकता है. सरकार का मानना है कि यदि कोई व्यक्ति किसी सरकारी संस्था, बैंक, सार्वजनिक प्राधिकरण या किसी प्रसिद्ध व्यक्ति से मिलता जुलता यूजरनेम बना लेता है, तो इससे लोगों के साथ धोखाधड़ी की आशंका बढ़ सकती है। 

    सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार मेटा के जवाब का अध्ययन करने और सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर आगे विचार विमर्श करने के बाद ही यह तय करेगी कि भारत में व्हाट्सऐप के यूजरनेम फीचर को अनुमति दी जाए या नहीं। 

  • WhatsApp का बड़ा ऐलान! मोबाइल नंबर छिपाकर भी कर सकेंगे Chat, जानें नया फीचर

    WhatsApp का बड़ा ऐलान! मोबाइल नंबर छिपाकर भी कर सकेंगे Chat, जानें नया फीचर

     नई दिल्ली
    WhatsApp जल्द अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आने वाला है. अब किसी नए शख्स से बात करने के लिए आपको अपना मोबाइल नंबर देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. जैसे टेलीग्राम पर यूजरनेम के जरिए कनेक्ट हो कर बातचीत कर सकते हैं, ठीक वैसे ही अब वॉट्सऐप में आ रहा है। 

    कंपनी ने आधिकारिक तौर पर नए Username फीचर का ऐलान कर दिया है. इस फीचर की मदद से लोग अपने फोन नंबर की जगह वॉट्सऐप यूजरनेम शेयर करके चैट शुरू कर सकेंगे। 

    कंपनी ने बताया है कि इस हफ्ते से यूजर्स अपने पसंद का यूजरनेम रिजर्व कर सकेंगे. हालांकि यह फीचर सभी यूजर्स के लिए धीरे-धीरे जारी किया जाएगा. जिन देशों में यह उपलब्ध होगा, वहां वॉट्सऐप खुद ऐप के अंदर नोटिफिकेशन देकर इसकी जानकारी देगा। 

    WhatsApp का यूजरनेम फीचर क्या है?
    अब तक वॉट्सऐप पर किसी से बात करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी था. लेकिन नए फीचर के आने के बाद अगर आपने यूजरनेम बना लिया है, तो पहली बार आपसे संपर्क करने वाले शख्स को आपका मोबाइल नंबर नहीं दिखेगा. इससे आपकी प्राइवेसी पहले से ज्यादा मजबूत होगी। 

    वॉट्सऐप का कहना है कि आज कई लोग किसी इवेंट, क्लास, ऑफिस, सोसायटी या ग्रुप में जुड़ना चाहते हैं, लेकिन अपना निजी मोबाइल नंबर हर किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहते. इसी जरूरत को देखते हुए कंपनी यह फीचर लेकर आई है. अब लोग अपना यूजरनेम देकर बातचीत शुरू कर सकेंगे। 

    कंपनी के मुताबिक वॉट्सऐप पर दुनिया भर में 3 अरब से ज्यादा यूजर्स हैं. ऐसे में कई लोगों की पसंद एक जैसी हो सकती है. इसी वजह से कंपनी ने फीचर लॉन्च होने से पहले यूजरनेम रिजर्व करने का विकल्प शुरू किया है, ताकि यूजर्स अपनी पसंद का नाम पहले ही सिक्योर कर सकें। 

    अगर आपको यूजरनेम चुनने में परेशानी होगी तो वॉट्सऐप एक यूजरनेम जेनेरेटर भी देगा. यह आपकी पसंद के हिसाब से कुछ सुझाव दिखाएगा, जिनमें से आप कोई भी चुन सकते हैं। 

    यह फीचर खास तौर पर कंटेंट क्रिएटर, इंफ्लूएंसर, छोटे कारोबार और संस्थाओं के लिए भी काफी काम का होगा. अगर उनके पास पहले से इंस्टाग्राम या फेसबुक पर कोई यूजरनेम है, तो वे उसी यूजरनेम को वॉट्सऐप पर भी क्लेम कर सकेंगे. इससे सभी मेटा प्लेटफॉर्म पर उनकी एक जैसी पहचान बनी रहेगी। 

    वॉट्सऐप ने कहा है कि यह कोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं बनने जा रहा है. यहां यूजरनेम खोजने के लिए कोई पब्लिक डायरेक्ट्री नहीं होगी और न ही लोगों के यूजरनेम सर्च करके देखे जा सकेंगे. किसी व्यक्ति से संपर्क करने के लिए उसका सही यूजरनेम पता होना जरूरी होगा। 

    कंपनी ने सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए एक नया Username Key सिस्टम भी बनाया है. अगर कोई यूजर चाहे तो वह यह एक्स्ट्रा सिक्योरिटी ऑप्शन चालू कर सकता है. इसके बाद किसी नए शख्स को मैसेज भेजने के लिए सिर्फ यूजरनेम ही नहीं, बल्कि उस Key की भी जरूरत पड़ सकती है. इससे अनजान लोगों के लिए संपर्क करना और मुश्किल हो जाएगा। 

    वॉट्सऐप का कहना है कि यूजरनेम फीचर शुरू होने के बाद अगर आपने इसे चालू कर दिया है, तो किसी नए व्यक्ति या बिजनेस से पहली बार बातचीत करते समय आपका मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा. इससे आपकी निजी जानकारी पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित रहेगी। अगर आपके पास वॉट्सऐप का नया वर्जन है, तो फीचर उपलब्ध होने पर आप Settings > Account > Username में जाकर अपना यूजरनेम रिजर्व कर पाएंगे. अभी यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं हुई है. कंपनी आने वाले महीनों में इसे धीरे-धीरे दुनिया भर के यूजर्स तक पहुंचाएगी। 

    वॉट्सऐप का मानना है कि यूजरनेम फीचर उसकी प्राइवेसी स्ट्रैटिजी का अगला बड़ा कदम है. इससे यूजर्स को नए लोगों से बात करते समय अपना मोबाइल नंबर शेयर करने की मजबूरी नहीं रहेगी और वे पहले से ज्यादा 
    सुरक्षित तरीके से वॉट्सऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे। 

  • WhatsApp ने पेश किया नया गेमचेंज, अब सिर्फ एक क्लिक में होगा मोबाइल रिचार्ज

    WhatsApp ने पेश किया नया गेमचेंज, अब सिर्फ एक क्लिक में होगा मोबाइल रिचार्ज

    नई दिल्ली

    चैटिंग के अलावा WhatsApp में कई फीचर्स जोड़़े जा चुके हैं. धीरे-धीरे यह लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों का एक बड़ा प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है. अब कंपनी ने भारत में एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिसके जरिए अब यूजर्स सीधे व्हाट्सऐप के अंदर ही मोबाइल रिचार्ज कर पाएंगे। 

    इस फीचर की सबसे बड़ी खास बात यह है कि अब आपको रिचार्ज के लिए अलग-अलग ऐप्स खोलने की जरूरत नहीं होगी. कंपनी के मुताबिक यह फीचर धीरे-धीरे Android और iOS दोनों यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है और आने वाले हफ्तों में सभी तक पहुंच जाएगा। 

    WhatsApp और PayU की पार्टनर्शिप

    WhatsApp का यह नया सिस्टम पेमेंट कंपनी PayU के साथ पार्टनरशिप में लाया गया है, जिससे पेमेंट प्रोसेस तेज और आसान हो सके. इस फीचर के आने के बाद अब आप अपना नंबर ही नहीं, बल्कि अपने परिवार या दोस्तों का नंबर भी आसानी से रिचार्ज कर सकते हैं। 

    Jio, Airtel और Vi जैसे बड़े टेलीकॉम ऑपरेटर के सभी प्लान्स व्हाट्सऐप के अंदर ही दिखाई देंगे, जहां से आप अपनी जरूरत के हिसाब से प्लान चुन सकते हैं। 

    व्हाट्सऐप में ₹ का आइकन 
    व्हाट्सऐप ने इस फीचर को और आसान बनाने के लिए ऐप के होम स्क्रीन पर एक नया ₹ आइकन भी जोड़ा है. यह आइकन आपको सीधे पेमेंट सेक्शन में ले जाता है. यही से आप रिचार्ज कर सकते हैं, UPI पेमेंट भेज सकते हैं और कई शहरों में मेट्रो टिकट जैसी सुविधाएं भी इस्तेमाल कर सकते हैं। 

    WhatsApp से ऐसे होगा मोबाइल रिचार्ज
    अगर आप सोच रहे हैं कि व्हाट्सऐप से रिचार्ज कैसे करना है, तो इसका तरीका काफी आसान रखा गया है. सबसे पहले आपको ऐप में दिख रहे ₹ आइकन पर टैप करना होगा। 

    इसके बाद Mobile Prepaid Recharge का ऑप्शन चुनना होगा. फिर आप अपना या किसी और का नंबर सेलेक्ट कर सकते हैं. इसके बाद ऑपरेटर कन्फर्म करें और उपलब्ध प्लान्स में से एक प्लान चुन लें। 

    पेमेंट के लिए आप UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं. जैसे ही आप पेमेंट कन्फर्म करेंगे, रिचार्ज पूरा हो जाएगा। रिचार्ज के अलावा टिकट तक की बुकिंग
    व्हाट्सऐप के मुताबिक, भारत में लोग पहले से ही इस ऐप का इस्तेमाल चैट, बिजनेस और कई जरूरी सर्विसेज के लिए कर रहे हैं. आज के समय में कई शहरों में लोग व्हाट्सऐप के जरिए मेट्रो टिकट बुक करते हैं, बिल भरते हैं और सरकारी सेवाओं का भी इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में मोबाइल रिचार्ज को भी इसी प्लेटफॉर्म पर लाना एक बड़ा कदम माना जा रहा है। 

    Meta इंडिया के बिजनेस मैसेजिंग डायरेक्टर रवि गर्ग ने कहा है कि भारत में व्हाट्सऐप लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. ऐसे में कंपनी का फोकस यह है कि ज्यादा से ज्यादा काम एक ही जगह पर आसान तरीके से हो सकें. यही वजह है कि अब रिचार्ज जैसी रोज की जरूरत को भी व्हाट्सऐप में जोड़ दिया गया है। 

    PayU के चीफ बिजनेस ऑफिसर हेमांग दत्तानी का कहना है कि लोगों को वही सर्विस सबसे ज्यादा पसंद आती है, जो उन्हें उसी प्लेटफॉर्म पर मिल जाए जहां वे पहले से समय बिताते हैं. व्हाट्सऐप पर रिचार्ज लाना इसी सोच का हिस्सा है, ताकि यूजर्स बिना ऐप बदले अपना काम पूरा कर सकें। 

    गौरतलब है कि WhatsApp अब एक ऑल-इन-वन ऐप बनने की तरफ बढ़ रहा है, जहां चैट, पेमेंट, टिकट बुकिंग और अब मोबाइल रिचार्ज जैसी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी. इस तरह के ऐप्स को सुपर ऐप भी कहा जाता है. आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि WhatsApp और कौन-कौन सी सर्विसेज को अपने प्लेटफॉर्म में जोड़ता है।