Category: राज्य

  • ट्रैफिक प्रॉब्लम से बचा सकती है क्वांटम तकनीक, यूपीएसआईएफएस में छात्रों ने प्रस्तुत किए प्रेजेंटेशन

    ट्रैफिक प्रॉब्लम से बचा सकती है क्वांटम तकनीक, यूपीएसआईएफएस में छात्रों ने प्रस्तुत किए प्रेजेंटेशन

    लखनऊ

    प्रदेश की तकनीक आधारित फॉरेंसिक शिक्षा को योगी सरकार लगातार बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) लखनऊ में बुधवार को क्वांटम टेक्नोलॉजी पर स्टेज प्रेजेंटेशन आयोजित किया गया। इसमें संस्थान के लॉ, बीटेक और एमटेक के छात्र-छात्राओं ने भविष्य की योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी और विशेषज्ञों से नई तकनीक की बारीकियां सीखीं। छात्र-छात्राओं के समूहों ने ‘डिस्कवरी एवं क्वांटम कंप्यूटिंग के माध्यम से यातायात समस्या का समाधान’ विषय पर विषय विशेषज्ञ डॉ. पवन शर्मा और हेराल्ड डी कोस्टा के समक्ष प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।

    इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण के दृष्टिगत वाहनों का आइडल टाइम कम करके सीओटू (CO2) उत्सर्जन और ईंधन की खपत घटाने तथा ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के विषय पर भी प्रकाश डाला। सुरक्षा और रियल-टाइम स्पीड के लिए TLS 1.3 एन्क्रिप्शन और GDPR नियमों के साथ डेटा सुरक्षित रखते हुए सेकंडों में सटीक रूट तय करने की प्रक्रिया भी प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही फॉरेंसिक व इमरजेंसी लॉजिस्टिक्स के तहत भविष्य में एंबुलेंस, पुलिस और फॉरेंसिक सेवाओं के लिए प्राथमिकता वाले ट्रैफिक रूट तैयार करने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। 

    विषय विशेषज्ञ और आईटी एक्सपर्ट (यूएसए) डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि संस्थान की ओर से छात्र-छात्राओं को जो तकनीकी माहौल दिया जा रहा है, वह काबिले तारीफ है। छात्र-छात्राओं ने टेक्नोलॉजी विषय पर अपनी अद्भुत पकड़ बनाई है और आज के प्रेजेंटेशन में उनकी दक्षता प्रदर्शित हो रही है।  

    संस्थान के संस्थापक निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप तकनीक आधारित फॉरेंसिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस तरह के कार्यक्रम से युवा पीढ़ी का ज्ञानवर्धन होता है तथा बच्चे दुनिया में होने वाले तकनीकी प्रयोगों (क्वांटम टेक्नोलॉजी लॉ विथ लैब) से रूबरू होते हैं। उन्होंने विषय विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुतियों के लिए टीमों की सराहना की। 
    डॉ. गोस्वामी ने कहा कि इन प्रयोगों के माध्यम से क्वांटम चिप्स बनेंगी, जो फॉरेंसिक साइंस एंड एप्लीकेशन (क्वांटम क्रिप्टोग्राफी) में प्रभावशाली होंगी। उन्होंने तकनीक के लाभ और भविष्य के लक्ष्य तथा ‘ट्रैफिक कंजेशन’ जैसी गंभीर समस्या के समाधान के विषय पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्थान क्वांटम कंप्यूटिंग की दिशा में अग्रणी होकर कार्य कर रहा है।

    कार्यक्रम में अपर निदेशक संजीव सुमन, उप निदेशक चिरंजीव मुखर्जी, अतुल यादव, डॉ. निमिशा, डॉ. सेंथिल शिवासुब्रमण्यम सहित जनसंपर्क अधिकारी संतोष तिवारी आदि उपस्थित रहे।

  • यूपी में 275 पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स का निर्माण तेज, महिलाओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

    यूपी में 275 पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स का निर्माण तेज, महिलाओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

    योगी सरकार तेजी से बना रही सुरक्षित और सुविधाजनक पिंक टॉयलेट

    189 नगरीय निकायों में 275 पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स के निर्माण की प्रक्रिया प्रगति पर

    प्रदेश के नगरीय निकायों में अब तक बनाए जा चुके हैं 950 पिंक टॉयलेट

    स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय के तहत महिला केंद्रित स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार

    बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर विकसित किए जा रहे पिंक टॉयलेट

    लखनऊ,
    शहरी स्वच्छता व्यवस्था को अधिक समावेशी और महिला केंद्रित बनाने के लिए योगी सरकार ने महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया है। स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय के तहत प्रदेश के विभिन्न शहरों में पिंक टॉयलेट विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश के नगरीय निकायों में अब तक करीब 950 पिंक टॉयलेट बनाए जा चुके हैं। 

    महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित हो रहे पिंक टॉयलेट

    विभागीय जानकारी के मुताबिक, 189 नगरीय निकायों में करीब 275 पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स के निर्माण कार्य संबंधित प्रक्रिया प्रगति पर है। इन ब्लॉक्स में कुल 1,100 सीटें होंगी। वर्ष 2025 में प्रदेश के नगरीय निकायों में पिंक टॉयलेट ब्लॉक्स के निर्माण का आवंटन किया गया था। इन पिंक टॉयलेट्स को विशेष रूप से महिला उपयोगकर्ताओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। 

    जेंडर-फ्रेंडली स्वच्छता सुविधाओं के साथ रखरखाव पर विशेष फोकस

    शहरों के बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं के लिए अलग, सुरक्षित और सुविधाजनक स्वच्छता सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नगर विकास विभाग का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए बेहतर स्वच्छता सुविधाएं शहरी जीवन की आवश्यक जरूरतों में शामिल हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगरीय निकायों को जेंडर-फ्रेंडली स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ मौजूदा स्वच्छता परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव और उपयोग योग्य स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

    पिंक टॉयलेट्स से शहरी स्वच्छता व्यवस्था बनी अधिक सुरक्षित और समावेशी

    सरकार की इस पहल के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता व्यवस्था में उनकी आवश्यकताओं को केंद्र में रखने का प्रयास किया जा रहा है। पिंक टॉयलेट्स के विस्तार से शहरों में महिला-अनुकूल सार्वजनिक सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा नगरीय स्वच्छता व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक, सम्मानजनक और समावेशी बनाने में मदद मिलेगी।

    महिलाओं की सुविधा के अनुसार बनेंगे पिंक शौचालय

    नगर विकास विभाग के सचिव अनुज कुमार झा ने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ भारत मिशन के तहत आवश्यकतानुसार पिंक शौचालयों के निर्माण के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिन नगरीय निकायों में इसकी आवश्यकता होगी, वहां मांग के अनुसार पिंक शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर विकास विभाग तत्पर है।

  • यीडा क्षेत्र में निवेश को नई रफ्तार, 25 कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट

    यीडा क्षेत्र में निवेश को नई रफ्तार, 25 कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट

    ग्रेटर नोएडा

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों को लगातार मजबूती मिल रही है। इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में बुधवार को 25 कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) जारी किए गए। इन निवेश प्रस्तावों के माध्यम से करीब ₹3,155 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है, जबकि लगभग 95 एकड़ भूमि पर परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी। इनसे 9,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। 

    कई प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश

    यीडा की ओर से जारी एलओआई में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। सबसे अधिक 11 कंपनियां सेक्टर-8डी के जनरल इंडस्ट्री क्षेत्र में निवेश करेंगी। इसके अलावा सेक्टर-29 में 8 कंपनियों को एलओआई दिया गया है। इनमें 3 कंपनियां अपैरल पार्क, एक हैंडीक्राफ्ट पार्क और चार कंपनियां जनरल इंडस्ट्री में स्थापित होंगी। इसी तरह एक कंपनी मेडिकल डिवाइस पार्क, तीन कंपनियां मिक्स्ड लैंड यूज और दो कंपनियां प्रस्तावित फार्मा पार्क में निवेश करेंगी। इस तरह प्रस्तावित निवेश के जरिए पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ मेडिकल डिवाइस और फार्मा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। 

    योगी सरकार की निवेश नीति को मिल रहा परिणाम

    उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। यीडा क्षेत्र में सामने आए ये निवेश प्रस्ताव इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। ₹3,155 करोड़ का प्रस्तावित निवेश और 9 हजार से अधिक रोजगार के अवसर इस बात का प्रमाण है कि यीडा क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ रोजगार सृजन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। करीब 95 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित ये परियोजनाएं क्षेत्र में नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आर्थिक गतिविधियों को गति देंगी। 

    यीडा बन रहा निवेश और रोजगार का नया केंद्र

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार को एक साथ बढ़ावा देने की नीति का प्रभाव यीडा में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी, विकसित हो रहा औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विभिन्न सेक्टरों के लिए तैयार किए जा रहे विशेष औद्योगिक पार्क यीडा को निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बना रहे हैं। हालिया 25 एलओआई इसी बढ़ते निवेश विश्वास की नई कड़ी हैं, जो आने वाले समय में क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को और गति देने की क्षमता रखते हैं।

  • नौकरी तलाशने से आगे बढ़कर समाधान प्रस्तुत कर रहे युवा, यूपी राइज में दिखी नई सोच

    नौकरी तलाशने से आगे बढ़कर समाधान प्रस्तुत कर रहे युवा, यूपी राइज में दिखी नई सोच

    ग्रेटर नोएडा

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के विजन में युवाओं की ऊर्जा और नवाचार को अवसरों से जोड़ने पर जोर है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए यूपी राइज ने युवाओं को अपनी नई सोच को समाधान और स्टार्टअप के रूप में सामने रखने का मंच दिया। बुधवार को ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा युनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में किसी युवा ने पशुओं के घाव के उपचार को आसान बनाने के लिए एंटीऑक्सीडेंट हाइड्रोजेल तैयार किया तो किसी ने कारोबारियों और कुशल वर्किंग प्रोफेशनल्स के बीच दूरी कम करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया। युवाओं के इन आइडिया में समस्या की पहचान के साथ उसके व्यावहारिक समाधान और रोजगार के नए अवसर तलाशने की सोच भी दिखाई दी।

    यूपी राइज के दौरान युवाओं ने अपने नवाचारों को मेंटर्स के सामने प्रस्तुत किया। विशेषज्ञों ने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली, उपयोगिता, संभावित चुनौतियों और भविष्य में बड़े स्तर पर लागू करने की संभावनाओं को लेकर प्रतिभागियों से सवाल किए। इससे युवाओं को अपने आइडिया को सिर्फ प्रस्तुति तक सीमित रखने के बजाय उसे व्यावहारिक रूप देने की दिशा में सोचने का अवसर मिला।

    घाव के उपचार को आसान बनाने का प्रयास, रिएक्ट हाइड्रोजेल अव्वल

    प्रतियोगिता में रिएक्ट हाइड्रोजेल स्टार्टअप की फाउंडर इरम जहां के प्रोजेक्ट को प्रथम पुरस्कार के लिए चुना गया। इरम ने बताया कि उन्होंने एंटीऑक्सीडेंट गुणों वाले हाइड्रोजेल पर काम किया है। इसका उद्देश्य पशुओं में होने वाले घावों के उपचार की प्रक्रिया को आसान बनाना है। उन्होंने बताया कि अभी घाव के उपचार में अलग-अलग दवाओं और एंटीबायोटिक के इस्तेमाल की जरूरत पड़ सकती है। उनका विकसित हाइड्रोजेल इस प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में तैयार किया गया है। इरम का प्रोजेक्ट इस मायने में खास रहा कि इसमें पशु स्वास्थ्य से जुड़ी एक व्यावहारिक समस्या के लिए उत्पाद आधारित समाधान प्रस्तुत किया गया। मेंटर्स के सामने उन्होंने इसके उपयोग और संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

    सही प्रतिभा को सही कारोबार से जोड़ेगा ‘साथी’

    रनर-अप पुरस्कार फालिया और उनके साथी ताबिश के स्टार्टअप ‘साथी’ को मिला। दोनों ने ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो उद्यमियों और वर्किंग प्रोफेशनल्स के बीच ब्रिज का काम करेगा। फालिया ने बताया कि आज कारोबारियों को अपने संस्थान के लिए कुशल लोगों की जरूरत होती है, जबकि वर्किंग प्रोफेशनल्स बेहतर अवसर तलाशते हैं। ‘साथी’ दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करने का काम करेगा।

    फालिया ने बताया कि उनका प्रयास सही कौशल वाले व्यक्ति को सही कारोबारी अवसर से जोड़ने का है। इससे कारोबारियों को प्रतिभा तलाशने और प्रोफेशनल्स को अपनी क्षमता के अनुरूप अवसर पाने में मदद मिल सकती है।

    सवालों से परखी गई नवाचार की जमीन

    कार्यक्रम में युवाओं ने अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं के बारे में मेंटर्स को जानकारी दी। मेंटर्स ने प्रतिभागियों से उनके आइडिया की व्यावहारिकता, संभावित चुनौतियों और उसे बड़े स्तर पर लागू करने की योजना को लेकर सवाल किए। उज्ज्वल सिंह, विश्व शर्मा, पंकज जैन और मनीष नाथ ने मेंटर की भूमिका निभाई।

    प्रतिभागियों के लिए यह संवाद इसलिए भी महत्वपूर्ण रहा कि उन्हें अपने आइडिया को विशेषज्ञों की कसौटी पर परखने और उसके व्यावहारिक पक्ष को समझने का अवसर मिला। नवाचार को उत्पाद, सेवा या स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने के लिए किन पहलुओं पर काम करना होगा, इस पर भी चर्चा हुई।

    युवाओं को नए अवसर मिलने से बदलेगी तस्वीर : खारा

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टोरी टेलर और इनफ्लुएंसर परितोष आनंद रहे। शारदा युनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश में बड़ी युवा आबादी है, जो ऊर्जा और नई सोच से भरी हुई है। प्रदेश सरकार के नेतृत्व में युवाओं को दिशा और नए अवसर मिल रहे हैं, जिसका प्रभाव आने वाले समय में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश लगातार नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भागीदारी अहम है।

    'शक्ति क्षेत्र’ में योजनाओं और अवसरों की जानकारी

    कार्यक्रम में ‘शक्ति क्षेत्र’ में विभिन्न स्टॉल लगाए गए। यहां युवाओं को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और अवसरों की जानकारी दी गई। उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार से जुड़े अवसरों से भी प्रतिभागियों को परिचित कराया गया।

    यूपी राइज का यह मंच प्रतियोगिता से आगे युवाओं को अपनी सोच को परखने का अवसर देता नजर आया। स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या का समाधान हो या रोजगार और कारोबार के बीच बेहतर समन्वय बनाने का प्रयास, युवाओं ने अपने आइडिया के जरिए यह दिखाया कि कैंपस में तैयार हो रही नई सोच को व्यावहारिक समाधान में बदला जा सकता है। सरकार की ओर से उपलब्ध अवसर और ऐसे मंच इस सोच को स्टार्टअप और आगे चलकर रोजगार सृजन से जोड़ने की राह तैयार कर रहे हैं।

  • ₹20 की थाली के लिए दिए ₹200, अटल कैंटीन में डिप्टी स्पीकर के अंदाज ने जीता दिल

    ₹20 की थाली के लिए दिए ₹200, अटल कैंटीन में डिप्टी स्पीकर के अंदाज ने जीता दिल

    जींद/चंडीगढ़.

    हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने जींद की नई अनाज मंडी में अटल कैंटीन में भोजन किया।डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने अटल कैंटीन में भोजन किया।कांग्रेस के 'वोट चोरी' आरोपों पर भाजपा का बचाव किया।

    नई अनाज मंडी में निरीक्षण के दौरान विधानसभा डिप्टी  स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने अटल कैंटीन पर खाना खाया। उन्होंने खुद सहित 20 थालियों की 200 रुपये पेमेंट भी की। इस दौरान कैंटीन में काम करने वाली महिलाओं से भी बातचीत की। इसके साथ वहां खाना खा रहे प्रवासी कामगारों से भी बात की और खाने की गुणवत्ता के बारे में पूछा। इस दौरान कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर पत्रकारों के सवाल पर डिप्टी स्पीकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने जनहितैषी कामों के दम पर लोगों के दिल जीत रहे हैं। भाजपा सरकार लोगों के वोट नहीं चुरा रही, बल्कि अपने अच्छे कामों से लोगों के दिल चुरा रही है। यही वजह है, कांग्रेस हताशा में वोट चोरी जैसे झूठे आरोप लगा रही है।

    अटल कैंटीन में 10 रुपये में मिलने वाले भोजन का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को इतने कम दाम में भरपेट पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना भी जनहित की सोच का उदाहरण है। कांग्रेस इसी तरह के कामों को देखकर परेशान है और जनता के बीच भ्रम फैलाने के लिए वोट चोरी के आरोप लगा रही है।

  • पंजाब में CBI रेड पर सियासी घमासान, CM कैंप ऑफिस की कार्रवाई को लेकर AAP ने BJP पर साधा निशाना

    पंजाब में CBI रेड पर सियासी घमासान, CM कैंप ऑफिस की कार्रवाई को लेकर AAP ने BJP पर साधा निशाना

    चंडीगढ़.

    मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र व चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस पर सीबीआई की कार्रवाई के बाद पंजाब में सियासी पारा चढ़ गया है।

    आम आदमी पार्टी के विधायक एवं पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भारतीय जनता पार्टी का विंग करार देते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इन जांच एजेंसियों के जरिये पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। धालीवाल ने कहा कि जब राजनीतिक मोर्चे पर भाजपा को पंजाब में अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा तो अब सीबीआई और ईडी को आगे किया जा रहा है। धालीवाल ने कहा कि पंजाब में सीबीआई ने कई स्थानों पर कार्रवाई पर दावा किया कि कार्रवाई के बाद जांच एजेंसी के अधिकारी खाली हाथ लौटे। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कार्रवाई के बावजूद कुछ हाथ नहीं लगा तो फिर इस तरह की कार्रवाई का मकसद क्या था।

    सीएम कैंप आफिस पर देर रात दबिश
    सीबीआई ने मंगलवार शाम चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस समेत पंजाब के नाै ठिकानों पर दबिश दी। सीबीआई की इस कार्रवाई से पंजाब में सियासी भूचाल आ गया है। आप ने भाजपा पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। वहीं विपक्ष ने इसे भ्रष्टाचार पर वार बताया। दरअसल सीबीआई ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में उनके ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद ताबड़तोड़ छापेमारी में लैपटॉप, मोबाइल फोन और दस्तावेज समेत कई इलेक्ट्रॉनिक व अन्य सामग्री कब्जे में ली है। सीबीआई ने चंडीगढ़, मोहाली, संगरूर, गुरदासपुर, लुधियाना, रोपड़ के मोरिंडा और जालंधर में भी आरोपियों के ठिकानों की तलाशी ली। चंडीगढ़ में सीबीआई की रेड शाम सवा छह बजे से रात 11 बजे तक चली।

    आपराधिक मामला दर्ज करने का हाईकोर्ट का निर्देश
    यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के सोमवार के उस आदेश के बाद हुई जिसमें अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से पंजाब के डीजीपी को भेजी गई तीन चिट्ठियों में लगाए गए आरोपों की जांच सीबीआई को सौंपते हुए आपराधिक मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट ने सीबीआई से दो महीने में जांच रिपोर्ट भी मांगी थी। सीबीआई ने इस मामले में सीएम मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुमन के अलावा नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर, आरएस नागरा और अज्ञात सरकारी व निजी व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। सीबीआई की टीम रोपड़ के मोरिंडा भी पहुंची जहां ओएसडी घुमन के करीबी के यहां तलाशी ली। 

  • काशी में ‘नमो बुक फेस्ट’ का शुभारंभ, पीएम मोदी पर 500 से अधिक किताबों की लगी प्रदर्शनी

    काशी में ‘नमो बुक फेस्ट’ का शुभारंभ, पीएम मोदी पर 500 से अधिक किताबों की लगी प्रदर्शनी

    वाराणसी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर काशी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ का बुधवार को शुभारंभ हुआ। फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और विभिन्न संवैधानिक पदों पर उनके 25 वर्षों के कार्यकाल से जुड़ी पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी ‘नमो बुक फेस्ट’ में पहुंचे। उनके साथ जापान के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे भी फेस्ट में शामिल हुई। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई 500 से अधिक किताबों को देखकर अकी आबे ने विशेष रुचि दिखाई।

    इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई विभिन्न पुस्तकों का अवलोकन किया । फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, विचारों, सार्वजनिक दायित्वों और विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान से संबंधित पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया है।

    ‘नमो बुक फेस्ट’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत सीएमपीपीआर (काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च) के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने किया। दो दिवसीय इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े साहित्य और पुस्तकों के माध्यम से उनके 25 वर्षों के संवैधानिक सफर को प्रस्तुत किया जा रहा है।

  • कभी यूपी में अराजकता के तांडव की दिखती थी डरावनी तस्वीर, अब माफिया मिट्टी में मिल गएः सीएम योगी

    कभी यूपी में अराजकता के तांडव की दिखती थी डरावनी तस्वीर, अब माफिया मिट्टी में मिल गएः सीएम योगी

    वाराणसी

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 वर्ष में बदली काशी व 10 वर्ष में बदले यूपी का आईना देशवासियों को दिखाया। वडनगर से काशी आए बाइकर्स व अतिथियों से संवाद करते हुए मेजबान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी में 10 वर्ष पहले माफिया जहां खड़ा हो जाता था, वह जमीन उसकी हो जाती थी। जिस जमीन पर सपाई की नजर पड़ गई, वह उसकी हो जाती थी। सूर्यास्त के बाद बेटी बाहर नहीं निकल सकती थी, व्यापारी भय के साये में जीने को मजबूर थे। त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे। यूपी में अराजकता के तांडव की डरावनी तस्वीर दिखती थी, लेकिन पीएम मोदी के मार्गदर्शन में माफिया अब मिट्टी में मिल गए। विरासत के रूप में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर, मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर, भव्य-दिव्य कुंभ, मथुरा-वृंदावन की चहलपहल नए भारत के नए यूपी की पहचान बन गई है। 

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात के वडनगर से काशी तक निकली बाइक सेवा यात्रा के समापन समारोह को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान पर मनमोहक रंगोली के समक्ष छात्राओं संग फोटो भी खिंचवाई। सेवा संकल्प पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। 

    7 अक्टूबर 2001 को गुजरात की धरती पर हुआ करिश्माई नेतृत्व का आगमन 

    सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात की धरती पर करिश्माई नेतृत्व का आगमन हुआ। उस समय गुजरात आपदा से त्रस्त था। भुज के भूकंप ने पूरे देश को कंपा दिया था। लोग गुजरात को लेकर चिंतित थे। उस दौरान मैंने भी गुजरात जाकर देखा कि कई महीने तक भूकंप के झटके आए। इसके बावजूद मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व में गुजरात फिर उठ खड़ा हुआ। 

    मोदी जी ने गुजरात को मॉडल स्टेट के रूप में चमकाया

    सीएम योगी ने कहाकि तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी (अब प्रधानमंत्री) ने गुजरात को मॉडल स्टेट के रूप में चमकाया। उस दौरान कुछ लोगों ने दुस्साहस करते हुए उजड़े हुए गुजरात की सुरक्षा पर सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मुंह की खानी पड़ी। ठीक उसी तरह आज पूरा भारत सुरक्षित, समृद्ध, वैश्विक मानचित्र पर ताकत के रूप में उभरा है। 

    सीएम योगी ने दी पीएम मोदी को बधाई

    मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के सफलतम 25 वर्ष पूरे होने पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों की तरफ से पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरा भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के अहर्निश कार्यकाल को उत्सव के रूप में मना रहा है। मेजबान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी की जन्मभूमि वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी में आए अतिथियों का स्वागत किया। 
    उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना तब पूरी होगी, जब हर जनपद, कस्बा, गांव, राज्य प्रयास करते हुए आत्मनिर्भर व विकसित होने की संकल्पना को पूरा कर सके। 

    ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना का अहसास करा रही यात्रा

    सीएम योगी ने कहा कि वडनगर से काशी की यह यात्रा पीएम के 25 वर्ष के सेवा संकल्पों का अभिनंदन करने का अवसर है। यह यात्रा पीएम मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना का भी अहसास करा रही है। काशी विश्वनाथ से मां गंगा का जल लेकर हाटकेश्वर महादेव और गुजरात की नदियों का जल भगवान विश्वनाथ को समर्पित करने 10 राज्यों से होते हुए गर्मी, बरसात व अन्य परिस्थितियों का सामना करते हुए बाइकर्स काशी की धरा पर आए हैं। 

    राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में अभियान ने प्राप्त की ऊंचाई

    सीएम योगी ने विश्वास जताया कि युवाओं की ऊर्जा भारत को 2047 तक विकसित करने के लिए लगेगी। उन्होंने कहाकि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान का जो कार्यक्रम तय किया है, वह ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि राष्ट्रीय अध्य़क्ष का संदेश लेकर आगामी कार्यक्रमों के लिए खुद को तैयार करें। 

    समारोह में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा, वडोदरा के सांसद व भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री/ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, योगी सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी, सुरेंद्र पटेल, सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र आदि मौजूद रहे।

  • UP में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन, 20 IPS अफसरों का तबादला; बदले गए कई पुलिस कप्तान

    UP में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन, 20 IPS अफसरों का तबादला; बदले गए कई पुलिस कप्तान

    लखनऊ
    उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. शासन ने एडीजी से लेकर एसपी स्तर तक के 20 IPS अधिकारियों का तबादला किया है. इस फेरबदल में कई जिलों के कप्तान बदले गए हैं. बाराबंकी, बस्ती, बलिया, मऊ, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़ और जालौन समेत कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है। 

    इन जिलों के बदले गए एसपी
    तबादला सूची के मुताबिक सतीश गणेश को ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं भगवान स्वरूप को ADG टेक्निकल के साथ ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 

    जिलों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं. रवीना त्यागी को बाराबंकी का SP, ओमवीर सिंह को बस्ती का SP और ए राजा को बलिया का SP बनाया गया है. वहीं सर्वेश मिश्रा को मऊ और विनय कुमार सिंह को गाजीपुर की कमान सौंपी गई है। 

    इन बड़े जिलों में कप्तानों का फेरबदल

    •     बागपत के SP सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया गया है. 
    •     मुजफ्फरनगर के वर्तमान SSP संजय कुमार को सेनानायक, 04वीं वाहिनी PAC, प्रयागराज के पद पर भेजा गया है.
    •     बस्ती के SP यशवीर सिंह को जौनपुर का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है.
    •     वहीं जौनपुर के निवर्तमान SP कुंवर अनुपम सिंह को SP (PAC मुख्यालय), लखनऊ भेजा गया है.
    •     लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात DCP रवीना त्यागी को बाराबंकी का नया SP बनाया गया है. 
    •     वहीं बाराबंकी के निवर्तमान SP अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ में नया DCP बनाया गया है.
    •     गाजीपुर के SP इराज राजा को ट्रांसफर कर बलिया का नया SP बनाया गया है. 
    •     जालौन के SP विनय कुमार सिंह को गाजीपुर जिले की कमान सौंपी गई है.
    •     DGP मुख्यालय में तैनात पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का नया SP बनाया गया है. 
    •     आजमगढ़ (नगर) के SP मधुबन कुमार सिंह को हापुड़ का नया SP तथा मथुरा के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत को जालौन का नया SP बनाया गया है.

    ADG स्तर पर किसे मिले जिम्मेदारी
    ए0 सतीश गणेश:
    अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा, लखनऊ) के पास से ADG अपराध का अतिरिक्त प्रभार हटा लिया गया है. वे अब पूर्ववत ADG (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) की जिम्मेदारी संभालेंगे। 

    भगवान एस0 श्रीवास्तव: अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं, लखनऊ) को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ ADG अपराध (Crime), लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 

    सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का SSP बनाया गया है. इसके अलावा पूर्णेन्दु सिंह को बागपत, मधुबन कुमार सिंह को हापुड़ और सुरेश चंद्र रावत को जालौन का SP बनाया गया है। 

    कमलेश बहादुर को SP लोक शिकायत बनाया गया 
    तबादला सूची में यशवीर सिंह को जौनपुर का SP बनाया गया है. कुंवर ज्ञानंजय सिंह को DCP प्रयागराज और अर्पित विजयवर्गीय को DCP लखनऊ की जिम्मेदारी मिली है. कमलेश बहादुर को SP लोक शिकायत बनाया गया है। 

    इसके अलावा कुंवर अनुपम सिंह को PAC मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है, जबकि संजय कुमार को चौथी वाहिनी प्रयागराज का सेनानायक बनाया गया है. चिराग जैन को SP सिटी बरेली और मानुष पारीक को SP सिटी आजमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है. आलोक राज नारायण को एडिशनल SP मथुरा बनाया गया है। 

  • कांग्रेस के शहजादे विरासत से आए, मोदी जनादेश से प्रधानमंत्री बने: नितिन नवीन

    कांग्रेस के शहजादे विरासत से आए, मोदी जनादेश से प्रधानमंत्री बने: नितिन नवीन

    वाराणसी

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के राजपरिवार के शहजादे विरासत के सहारे राजनीति में पहुंचे, जबकि नरेंद्र मोदी को जनता के सामने प्रधानमंत्री पद के लिए घोषित किया गया और देश की जनता ने उन्हें जनादेश देकर दिल्ली पहुंचाया। विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता उसके मकसद को कभी पूरा नहीं होने देगी।
     
    नितिन नवीन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा के समापन और यात्रियों के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर निकाली गई यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि ये युवा गांव-गांव गए, सेवा के साथ संवाद किया और लोगों के बीच योजनाओं की चर्चा की। आज का दिन विकसित भारत के सपने को पूरा करने का संकल्प लेने का भी दिन है।
     
    मोदी को बताया इतिहास निर्माता
    नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी को इतिहास निर्माता बताते हुए कहा कि इतिहास के पन्नों को पलटने, इतिहास गढ़ने और लोगों के जीवन में बदलाव लाने की क्षमता रखने वाला ही इतिहास का निर्माणकर्ता बन सकता है। पिछले 25 वर्षों को पीछे मुड़कर देखने पर यह साफ दिखाई देता है। कच्छ से निकला मलबा गुजरात के नवनिर्माण का आधार बना और वहां से उठी चीखें जनभावना की आवाज बनीं। नरेंद्र मोदी ने खुद को गुजरात के लिए समर्पित कर उसे विश्व पटल पर पहुंचाया।
     
    उन्होंने कहा कि 2014 में देश में निराशा का वातावरण था और युवा हताश थे। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं में आशा और उम्मीद जगाई। आज युवा जॉब सीकर से जॉब प्रोवाइडर बन रहा है। उन्होंने तीन तलाक समाप्त करने, अर्थव्यवस्था को दुनिया के शीर्ष पांच देशों में पहुंचाने और पीएम आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक लोगों को छत देने का उल्लेख किया। नक्सल समस्या, मेक इन इंडिया और स्वच्छता मिशन को भी बदलाव से जोड़ा।
     
    घुसपैठियों को लेकर विपक्ष पर सवाल
    भाजपा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष केवल उनकी चिंता कर रहा है, जो लोगों का हक छीनने का काम करते हैं। जिन घुसपैठियों को हक दिलाने की बात की जा रही है, उन्हें भारत की जनता हक नहीं देने देगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आए बदलाव के पीछे भी प्रधानमंत्री मोदी का विजन है।
     
    पहले बम विस्फोट, अब सेमीकंडक्टर: हिमंता
    असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि कभी असम में हर दिन बम विस्फोट होते थे, जबकि आज वहां सेमीकंडक्टर रेवोल्यूशन हो रहा है। यही नया भारत है। एक समय संसद तक पर हमला होता था। आज पाकिस्तान भारत में नहीं घुसता, बल्कि भारत पाकिस्तान में घुसकर जवाब देता है।
     
    उन्होंने कहा कि कभी लोग अयोध्या में राम मंदिर बनने की कल्पना तक नहीं करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ। एक समय भाजपा के तीन मुख्यमंत्री हुआ करते थे, जबकि आज एनडीए गठबंधन की 22 सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के नेतृत्व में भारत में परिवर्तन आया और देश विश्व की महाशक्ति बनने की ओर बढ़ा। वडनगर से काशी पहुंचे युवा इसी नए भारत की तस्वीर हैं।
     
    10 राज्यों से गुजरकर काशी पहुंची यात्रा
    सेवा संकल्प यात्रा के दौरान युवाओं ने गांवों में सफाई, पौधरोपण और नशामुक्ति अभियान चलाने के साथ लोगों से योजनाओं पर संवाद किया। वडनगर से पवित्र जल काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा, जबकि वाराणसी का जल हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित किया गया।
     
    वडोदरा सांसद हेमांग जोशी ने कहा कि यात्रा ने 19,719 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 10 राज्यों के 146 जिलों में सेवा कार्य किए। इस दौरान 783 कार्यक्रम और 266 स्वच्छता अभियान हुए। 8,500 से अधिक पौधे लगाए गए। 20,187 से अधिक लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क किया गया और 173 ग्राम सभाएं हुईं। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को देश के सामने आदर्श युवा बताया।
     
    कांग्रेस-सपा के राज में पहले पन्ने पर होती थीं भ्रष्टाचार की खबरें: हंसराज
    राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राज में देश और सपा के राज में उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार की खबरें अखबारों के पहले पन्ने पर होती थीं। आज देश और उत्तर प्रदेश दोनों की तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात की त्रासदी के बाद उसे आगे बढ़ाया और देश की कमान मिलने पर भारत को नई पहचान दी। उत्तर प्रदेश भी कई क्षेत्रों में आगे बढ़ा है।
     
    महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आर्थिक क्षेत्र, परिवहन, रोजगार और कानून व्यवस्था में बदलाव आया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वडनगर से काशी और काशी से वडनगर की यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया।
     
    कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।