Category: खेल

  • महिला टीम ने भी किया शानदार आगाज, डोमिनिकन रिपब्लिक पर भारत की 4-0 से जीत

    महिला टीम ने भी किया शानदार आगाज, डोमिनिकन रिपब्लिक पर भारत की 4-0 से जीत

    समरकंद (उज्बेकिस्तान)
    विश्व चैंपियन डी गुकेश, निहाल सरीन और विदित गुजराती ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन अर्जुन एरिगेसी की मुकाबले के अंतिम दौर में हुई चूक के कारण भारत क्लीन स्वीप से चूक गया। भारतीय पुरुष टीम ने बुधवार को 46वें विश्व शतरंज ओलिंपियाड में अपने अभियान की शुरुआत थाइलैंड पर 3-1 की जीत के साथ की।

    निहाल सरीन भारत की ओर से सबसे पहले जीत दर्ज करने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने थानादोन कुलप्रुएथानोन को हराया। इसके बाद गुकेश ने शानदार आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए फारिस राशिद को मात दी। विदित गुजराती ने तुप्फाह खुमनोर्काएव के विरुद्ध आसान जीत दर्ज कर भारत की जीत पक्की कर दी।

    हालांकि, अर्जुन एरिगेसी को प्रिन लाओहाविरापाप के विरुद्ध हार का सामना करना पड़ा। वह मुकाबले के अधिकांश हिस्से में मजबूत स्थिति में थे। सफेद मोहरों से खेल रहे अर्जुन ने मिडिलगेम के अंतिम चरण में बड़ा फायदा हासिल करने का मौका गंवा दिया और मुकाबला छठे घंटे तक खिंच गया।

    20 वर्षीय लाओहाविरापाप ने समय की कमी के बावजूद अपना धैर्य बनाए रखा और अर्जुन की अंतिम गलती का फायदा उठाया। मात से बचने का कोई रास्ता नहीं बचने पर अर्जुन ने बाजी छोड़ दी। शुरुआती दिन अर्जुन अकेले बड़े नाम नहीं थे जिन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

    अमेरिका के शीर्ष रेटेड खिलाड़ी लेवोन अरोनियन को इराक के अली एहसान आर्यन ने ड्रा पर रोक दिया। वहीं, भारतीय महिला टीम ने अपने अभियान की शुरुआत डोमिनिकन रिपब्लिक के विरुद्ध शानदार 4-0 की जीत से की। भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी कोनेरू हंपी ने सफेद मोहरों से फ्रांसेस्का रामिरेज लुजोन को हराकर जीत के साथ शुरुआत की।

    आर वैशाली ने मिगुएलिना डी ला रोसा मार्टिनेज के विरुद्ध सहज जीत दर्ज की। वंतिका अग्रवाल को मैरी लोली गोंजालेज पेगुएरो के विरुद्ध जीत हासिल करने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ी। मुकाबला ड्रा की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन उनकी प्रतिद्वंद्वी की एक गलती के बाद रुख और माइनर पीस वाले एंडगेम की स्थिति बनी, जिसमें वंतिका का आगे बढ़ा हुआ पास्ड प्यादा निर्णायक साबित हुआ। बी साविताश्री ने भी ओलिंपिक में पदार्पण करते हुए कार्ला म्या नुनेज डियाज को हराकर जीत दर्ज की।

  • एशियन गेम्स 2026: बारिश से बांग्लादेश-चीन मैच रद्द, बांग्लादेश सीधे सेमीफाइनल पहुंचा

    एशियन गेम्स 2026: बारिश से बांग्लादेश-चीन मैच रद्द, बांग्लादेश सीधे सेमीफाइनल पहुंचा

    निशिन (जापान)
     एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट इवेंट की शुरुआत हो गई है। पहले महिलाओं के इवेंट हो रहे हैं। कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं और सभी मैच नॉकआउट हैं। बांग्लादेश की महिला टीम का पहले क्वार्टर फाइनल में चीन से सामना होता था। भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 से कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में मुकाबला होना था लेकिन बारिश और मैदान गीला होने की वजह से मैच टॉस के बिना ही रद्द करना पड़ा।

    बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल में पहुंची
    अंपायरों ने आउटफिल्ड ठीक होने का इंतजार किया। लंबे समय तक इंतजार के बाद भी जब मैच के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हुईं। इसी वजह से अंपायर्स ने मैच को रद्द करने की घोषणा कर दी। मैच रद्द होने के बाद भी बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही है। वहीं दूसरी तरफ बिना मैच खेले ही चीन का सफर समाप्त हो गया है।

    इस तरह बांग्लादेश प्लेइंग कंडीशंस 16.10.2 (b) के तहत सेमीफाइनल में पहुंच गया। इस नियम के अनुसार, मैच रद्द होने की स्थिति में बेहतर रैंकिंग वाली टीम आगे बढ़ती है। महिला टी20 टीम रैंकिंग में चीन 35वें नंबर पर है तो बांग्लादेश का नंबर-10 है। इसी वजह से टीम को सेमीफाइनल में जगह मिल गई।

    भारत का क्वार्टर फाइनल मैच जापान से
    एशियन गेम्स 2022 में भारतीय महिला टीम ने क्रिकेट का गोल्ड जीता था। टीम अपने अभियान की शुरुआत जापान के खिलाफ खेलेगी। 18 सितंबर को दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समय अनुसार सुबह साढ़े 10 बजे से होगी। अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल में जाती है तो उनका सामना बांग्लादेश से ही होने की उम्मीद है। हाल में ही एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को हराया था।

  • क्रूज शिप पर ठहरे भारतीय खिलाड़ियों को परेशानी, कमरे और खाने की व्यवस्था में हुई देरी

    क्रूज शिप पर ठहरे भारतीय खिलाड़ियों को परेशानी, कमरे और खाने की व्यवस्था में हुई देरी

    नई दिल्ली
     भारतीय खिलाड़ी मंगलवार सुबह दो अलग-अलग बैच में जापान के लिए रवाना हुए। पहला दल मंगलवार सुबह और दूसरा कुछ घंटे बाद दोपहर में दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना हुआ। बैंकाक में ठहराव के बाद पहला दल बुधवार सुबह करीब आठ बजे जापान के स्थानीय समय के अनुसार नागोया पहुंचा।

    इसके करीब एक घंटे बाद वे उस क्रूज जहाज पर पहुंचे, जो नागोया में खड़ा है। 12 घंटे से अधिक की थकाऊ यात्रा के बाद खिलाड़ियों को कुछ आराम मिलने की उम्मीद थी। हालांकि, उन्हें आवास मिलने का इंतजार हर गुजरते घंटे के साथ बढ़ता गया और संबंधित अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर सके।

    भारतीय रोइंग टीम को नहीं मिली रहने की जगह
    एक भारतीय खिलाड़ी ने बताया कि हम सुबह करीब नौ बजे यहां पहुंचे थे और अब शाम के 6:30 बज चुके हैं, लेकिन हमें अभी तक वादा किया गया आवास नहीं मिला है। वह 30 सदस्यीय भारतीय रोइंग दल का हिस्सा हैं, जिसमें 17 पुरुष और पांच महिला खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि, बताया जा रहा है कि महिला रोइंग टीम को किसी अन्य स्थान पर ठहराया गया है।

    आयोजन समिति के अनुसार, करीब 4,000 खिलाड़ियों और अधिकारियों को कोस्टा सेरेना नामक क्रूज जहाज पर ठहराया जाना है। यह जहाज करीब 3,000 मीटर लंबा है और इसमें 1,500 केबिन हैं। इसके अलावा खर्च कम करने के लिए खिलाड़ियों और अधिकारियों को लकड़ी के कंटेनर जैसे बने हट्स और सामान्य होटल के कमरों में भी ठहराने की व्यवस्था की गई है।

    खिलाड़ियों को नहीं मिल रहा खाना
    भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि हमने सोमवार शाम से ठीक से नींद नहीं ली है। पहले हम पुणे स्थित आर्मी रोइंग नोड से दिल्ली के लिए निकले और फिर अगले दिन सुबह जापान की उड़ान पकड़ी। रोइंग टीम के अलावा तीन अन्य भारतीय टीमें भी आवास के बिना इसी सुविधा में फंसी हुई बताई जा रही हैं।

    खिलाड़ी ने आगे कहा कि हमें अभी तक खाने के लिए भी कुछ नहीं मिला है। आयोजन समिति के सदस्यों ने सिर्फ पानी उपलब्ध कराया है। अभी तक हम घर से लाया हुआ खाना खाकर गुजारा कर रहे हैं। हम बिना खाने के कुछ समय रह सकते हैं, लेकिन हमें आराम की जरूरत है क्योंकि हमारी प्रतियोगिता 19 सितंबर से शुरू हो रही है। भारतीय रोवर्स गुरुवार सुबह से अभ्यास शुरू करने वाले हैं।

    शूटिंग सहित अन्य दलों के लिए भी स्थिति खराब
    रोवर्स की स्थिति अकेली नहीं है। शूटिंग सहित अन्य भारतीय टीमों और सुबह यहां पहुंचने वाले भारतीय ओलंपिक संघ के कुछ अधिकारियों को भी वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, आयोजक अब खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए होटल के कमरे उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे हैं। इसका मतलब है कि खिलाड़ियों को एक ही गेम्स विलेज में नहीं, बल्कि अलग-अलग स्थानों पर ठहराया जा सकता है।

    कमरों की कमी इसलिए भी पैदा हुई है क्योंकि आयोजकों ने एक जगह पर केंद्रीकृत गेम्स विलेज बनाने के बजाय खर्च कम करने के उद्देश्य से उसकी जगह क्रूज जहाज को चुना। अब यह देखना होगा कि खिलाड़ियों को आवास के लिए और कितनी देर इंतजार करना पड़ता है।

  • IND vs AFG: तीसरे टी20 में भारत के पास सीरीज 3-0 से जीतने का मौका, जानें पिच रिपोर्ट

    IND vs AFG: तीसरे टी20 में भारत के पास सीरीज 3-0 से जीतने का मौका, जानें पिच रिपोर्ट

    नई दिल्ली
    इंडिया वर्सेस अफगानिस्तान तीन मैच की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज यानी गुरुवार, 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है। भारत-अफगानिस्तान तीसरा टी20 भारतीय समयानुसार 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों कप्तान आधा घंटा पहले यानी 7 बजे मैदान पर उतरेंगे। सीरीज के पहले दो मैच जीत चुकी टीम इंडिया की नजरें आज मेजबानों का सूपड़ा साफ करने पर होगी। अफगानिस्तान टी20 इंटरनेशनल में आज तक भारत के खिलाफ कोई मैच नहीं जीत पाया है, ऐसे में उनकी नजरें साख बचाने के साथ-साथ टीम इंडिया के खिलाफ पहली जीत दर्ज करने पर होगी। आइए एक नजर भारत-अफगानिस्तान पिच रिपोर्ट पर डालते हैं-

    IND vs AFG पिच रिपोर्ट
    दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अभी तक खेले गए दोनों मुकाबले अच्छे रहे हैं। अफगानिस्तान ने दोनों ही बार 150 से अधिक रन बनाए, मगर टीम इंडिया ने 14-15 ओवर में इसे चेज कर काम को एकदम आसान बना दिया। तीसरे और आखिरी टी20 में भी पिच बैटिंग के लिए अच्छी बनी रहेगी, और छोटी साइज की पिच से बैटर्स को मदद मिलेगी। श्रेयस अय्यर की नजरें आज टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने पर होगी ताकि टीम इंडिया अपनी ताकत का पूरी तरह से प्रदर्शन कर पाए।

    अरुण जेटली स्टेडियम T20I स्टैट्स और आंकड़े
    मैच- 16
    पहले बैटिंग करते हुए जीते गए मैच- 5 (31.25%)

    दूसरे बैटिंग करते हुए जीते गए मैच- 11 (68.75%)

    टॉस जीतकर जीते गए मैच- 10 (62.50%)

    टॉस हारकर जीते गए मैच- 6 (37.50%)

    हाईएस्ट स्कोर- 221/9

    लोएस्ट स्कोर- 116

    हाईएस्ट स्कोर इन चेज- 212/3

    औसत रन प्रति विकेट- 25.70

    औसत रन प्रति ओवर- 8.28

    पहले बैटिंग करते हुए औसत स्कोर- 165

    IND vs AFG हेड टू हेड
    भारत-अफगानिस्तान की भिड़ंत टी20 इंटरनेशनल में अभी तक कुल 11 बार हुई है, जिसमें टीम इंडिया ने 10 मुकाबले जीतकर अपना दबदबा बनाया हुआ है। वहीं अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीता है। बचे एक मुकाबले का नतीजा नहीं निकल पाया था।

    भारत-अफगानिस्तान स्क्वॉड
    इंडिया स्क्वॉड: संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वैभव सूर्यवंशी, वाशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर

    अफगानिस्तान स्क्वॉड: इब्राहिम ज़द्रान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेट कीपर), सेदिकुल्लाह अटल, गुलबदीन नायब, दरविश रसूली, अज़मतुल्लाह उमरज़ई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फ़ज़लहक फ़ारूक़ी, नांगेयालिया खरोटी, अब्दुल्ला अहमदज़ई, नूर उल रहमान, नवीन-उल-हक़

  • CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 में बदलाव, 265 पदों की भर्ती का इंटरव्यू स्थगित

    CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 में बदलाव, 265 पदों की भर्ती का इंटरव्यू स्थगित

    रायपुर
     छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग यानी CGPSC ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना जारी की है. 20 विभागों के 265 पदों के लिए होने वाला दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. यह प्रक्रिया 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित थी। 

    अपरिहार्य कारणों से टाला गया कार्यक्रम
    CGPSC ने 16 सितंबर को जारी सूचना में बताया कि पूर्व निर्धारित दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया जा रहा है. हालांकि, आयोग ने इन कारणों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। 

    265 पदों पर चल रही है चयन प्रक्रिया
    राज्य सेवा परीक्षा-2025 के जरिए छत्तीसगढ़ शासन के 20 विभागों में कुल 265 पदों पर भर्ती होनी है. चयन प्रक्रिया के तहत दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार अगला अहम चरण था, जिसकी तारीखें अब आगे बढ़ा दी गई हैं। 

    आयोग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की नई तारीखें अलग से जारी की जाएंगी. इसके लिए अभ्यर्थियों को CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर अपडेट देखते रहना होगा। 

    आदेश में क्या कहा गया
    आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी सूचना में राज्य सेवा परीक्षा-2025 के विज्ञापन और संबंधित शुद्धि पत्रों का हवाला देते हुए 20 सितंबर से 1 अक्टूबर तक निर्धारित दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार कार्यक्रम को स्थगित करने की जानकारी दी गई है। 

    अभ्यर्थियों के लिए जरूरी बात
    फिलहाल 20 सितंबर से शुरू होने वाला पुराना कार्यक्रम लागू नहीं होगा. अभ्यर्थियों को नई तारीखों के लिए आयोग की अगली सूचना का इंतजार करना होगा. नई तारीख जारी होने के बाद ही दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। 

    एक नजर में

    • परीक्षा: राज्य सेवा परीक्षा-2025
    • आयोग: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग
    • कुल पद: 265
    • विभाग: 20
    • पुराना कार्यक्रम: 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026
    • स्थिति: दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार स्थगित
    • कारण: अपरिहार्य कारण
    • नई तारीख: बाद में घोषित होगी
    • आधिकारिक वेबसाइट: www.psc.cg.gov.in

  • IPL 2027 Auction में बड़ा बदलाव, भारत लौटेगी नीलामी; इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर भी नजर

    IPL 2027 Auction में बड़ा बदलाव, भारत लौटेगी नीलामी; इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर भी नजर

    नई दिल्ली
    IPL 2027 की नीलामी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने तय किया है कि इस बार IPL का ऑक्शन भारत में ही आयोजित किया जाएगा. यानी हाल के वर्षों की तरह मिनी ऑक्शन के लिए फ्रेंचाइजियों को विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 

    IPL गवर्निंग काउंसिल की मंगलवार (15 सितंबर) को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया. इस बार ऑक्शन 'मिनी ऑक्शन' होगा. हालांकि, आयोजन के लिए भारत में किस शहर को चुना जाएगा, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है. 'क्रिकबज' की र‍िपोर्ट में इस बात का दावा किया गया है। 

    पिछले कुछ सालों में IPL ऑक्शन लगातार विदेश में आयोजित होता रहा है. 2023 में नीलामी कोच्चि में हुई थी, लेकिन इसके बाद ऑक्शन के लिए विदेश का रुख किया गया। 

    इसके बाद दुबई, जेद्दा और अबू धाबी जैसे शहर IPL ऑक्शन की मेजबानी कर चुके हैं. हालांकि, 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए BCCI ने इस ट्रेंड को बदलने का फैसला किया है। 

    जानकारी के मुताबिक, अगले साल होने वाला मेगा ऑक्शन फिर विदेश में आयोजित किया जा सकता है. यानी फिलहाल भारत में ऑक्शन कराने का फैसला खास तौर पर इस साल के मिनी ऑक्शन के लिए है। 

    वहीं WPL 2027 का ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में होने की संभावना है, और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आने वाले सीजन के लिए वेन्यू प्लान पर भी काम कर रहा है। 

    फ्रेंचाइजियों की परेशानी को देखते हुए बदला प्लान
    IPL फ्रेंचाइजियों ने विदेश में मिनी ऑक्शन कराने को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की थीं. टीमों के लिए अपनी पूरी डेलिगेशन को विदेश ले जाना लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल स्तर पर चुनौतीपूर्ण होता है। 

    पिछले साल अबू धाबी में हुए ऑक्शन के दौरान भी फ्रेंचाइजियों की तरफ से इस तरह की दिक्कतों का मुद्दा सामने आया था. इसके बाद BCCI ने उनकी राय को ध्यान में रखते हुए इस बार भारत में ही ऑक्शन कराने का फैसला किया। 

    किस शहर में होगी नीलामी?
    ऑक्शन की तारीख और शहर का ऐलान अभी नहीं हुआ है. इसके लिए सबसे बड़ा फैक्टर फ्रेंचाइजियों और उनकी डेलिगेशन के लिए होटल की उपलब्धता होगी। 

    भारत में अक्टूबर से दिसंबर के बीच शादी का सीजन रहता है. ऐसे में इस अवधि में बड़े शहरों के फाइव स्टार होटलों में कमरों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती हो सकती है. BCCI को ऑक्शन के लिए कम से कम दो रातों के लिए 100 से ज्यादा कमरों की जरूरत होगी. इसी वजह से शहर का चुनाव होटल की उपलब्धता को ध्यान में रखकर किया जाएगा। 

    इम्पैक्ट प्लेयर रूल पर अभी फैसला नहीं
    गवर्निंग काउंसिल की बैठक में इम्पैक्ट प्लेयर रूल को लेकर भी चर्चा हुई, लेकिन इस पर अंतिम फैसला नहीं लिया गया. BCCI ने इस मुद्दे को फिलहाल खुला रखा है. अब करीब एक महीने बाद IPL गवर्निंग काउंसिल की एक और बैठक बुलाई जाएगी. इसी बैठक में इम्पैक्ट प्लेयर रूल के भविष्य को लेकर अंतिम निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। 

    इम्पैक्ट प्लेयर रूल का कौन कर रहा है व‍िरोध?
    इम्पैक्ट प्लेयर रूल को लेकर ज्यादातर फ्रेंचाइजियां इसके जारी रहने के पक्ष में नहीं हैं. हालांकि, कई टीमों का यह भी मानना है कि अगर नियम को खत्म करना ही है तो इसे अगले साल से हटाना बेहतर होगा। 

    कुछ फ्रेंचाइजियों ने यह तर्क भी दिया है कि उन्होंने रूल को ध्यान में रखकर अपनी टीमों का संतुलन तैयार किया है. इसलिए अचानक नियम हटाने के बजाय कम से कम एक और सीजन इसे जारी रखने का विकल्प देखा जा सकता है। 

    अब गवर्निंग काउंसिल की अगली बैठक में इस पर तस्वीर साफ होगी. फिलहाल इतना तय है कि IPL 2027 का मिनी ऑक्शन विदेश में नहीं, भारत में कराने का फैसला हो चुका है। 

  • WPL 2027 में दिखेंगे नए वेन्यू, मुंबई-वडोदरा-वाराणसी में मैच कराने की तैयारी

    WPL 2027 में दिखेंगे नए वेन्यू, मुंबई-वडोदरा-वाराणसी में मैच कराने की तैयारी

    नई दिल्ली
    क्रिकेट फैन्स के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है. विमेन्स प्रीमियर लीग (WPL) के पांचवें सीजन का शेड्यूल लगभग तय हो गया है. पुरुषों की तरह महिला खिलाड़ियों ने भी डब्ल्यूपीएल के जरिए अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाबी हासिल की है.  

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुताबिक विमेन्स प्रीमियर लीग का अगला सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 के बीच खेला जाएगा. महिलाओं के इस महामुकाबले का फैन्स को हर साल बेसब्री से इंतजार रहता है.

    नया सीजन शुरू होने से पहले टीमों को अपनी-अपनी स्क्वाड तैयार करनी होगी, जिसके लिए कुछ खास तारीखें तय की गई हैं. हर टीम को प्लेयर रिटेंशन की लिस्ट सौंपने के लिए 28 सितंबर तक समय दिया गया है. इस दिन तक सभी फ्रेंचाइजी तय करेंगी कि वे किन पुरानी खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखना चाहती हैं.

      वहीं 28 अक्टूबर 2026 को कोच्चि के ग्रैंड हयात होटल में ऑक्शन का आयोजन किया जाएगा. जहां सभी पांचों टीमें अपनी टीम को मजबूत करने के लिए नए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी.

    बीसीसीआई इस बार मैचों के आयोजन के लिए कई जगहों पर विचार कर रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार के मुकाबलों के लिए मुंबई, बेंगलुरु, वाराणसी और वडोदरा जैसे शहरों पर विचार किया जा रहा है.

    मुंबई का ब्रेबॉर्न स्टेडियम एक मुख्य वेन्यू के रूप में तय माना जा रहा है, जहां पहले भी कई शानदार मैच और फाइनल खेले जा चुके हैं. दूसरे वेन्यू के लिए वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम और वाराणसी के नए स्टेडियम के नाम पर चर्चा चल रही है.

    बीसीसीआई की क्रिकेट ऑपरेशंस टीम जल्द ही वाराणसी के नए स्टेडियम का मुआयना करने वाली है. अगर सब कुछ ठीक रहा तो वहां कुछ घरेलू या प्रैक्टिस मैच करवाकर यह देखा जाएगा कि मैदान टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार है या नहीं.

  • बुमराह ने लगाई 7 पायदान की छलांग, वरुण टॉप-5 में शामिल; भारतीय खिलाड़ियों को बड़ा फायदा

    बुमराह ने लगाई 7 पायदान की छलांग, वरुण टॉप-5 में शामिल; भारतीय खिलाड़ियों को बड़ा फायदा

    नई दिल्ली
    आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में भारत के खिलाड़ियों को जबरदस्त फायदा हुआ है। बल्लेबाजों में ईशान किशन टॉप पर बने हुए हैं। वहीं, अभिषेक शर्मा एक स्थान के फायदे के साथ पाकिस्तान के शाहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। अब इन दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले पायदान के लिए मुकाबला होगा। दोनों के बीच 51 रेटिंग प्वाइंट का अंतर है। अभिषेक ने है। संजू सैमसन को भी 4 पायदान का फायदा हुआ है। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में 30वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

    गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह को 7 पायदान का फायदा हुआ है और वह 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वरुण चक्रव्रती दो स्थान के सुधार के साथ टी20 के टॉप 5 गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं। अर्शदीप सिंह को 11 स्थान का फायदा हुआ है और वह 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अक्षर पटेल को भी 6 स्थान का फायदा मिला है और वह गेंदबाजों की रैंकिंग में 27वें स्थान पर आ गए हैं।

    ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को भी फायदा
    जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे मैच में 59 रन से जीत हासिल करने वाली ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाड़ियों को भी आईसीसी रैंकिंग में फायदा हुआ है। 5 विकेट लेने वाले नेथन एलिस को 20 पायदान की छलांग लगाकर गेंदबाजों की रैंकिंग में 20वें स्थान पर आ गए हैं। वहीं, मैथ्यू रेनशॉ ने शतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। वह अब तक टॉप 100 में शामिल नहीं थे। अब वह वनडे में बल्लेबाजों की रैंकिंग में 68वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा कूपर कॉनोली 9 स्थान के सुधार के साथ 77वें पायदान पर पहुंच गए हैं।

    टेस्ट रैंकिंग में रॉबिन्सन का जलवा
    टेस्ट रैंकिंग में ओली रॉबिन्सन ने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की है। उन्हें 2 पायदान का फायदा हुआ है और वह टेस्ट में गेंदबाजों की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज में उन्होंने 21 विकेट लिए थे। जोश टंग को भी 2 पायदान का फायदा हुआ है और वह 11वें नंबर पर आ गए हैं। यह उनके करियर की भी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। पाकिस्तान के बाबर आजम को भी 2 पायदान का फायदा हुआ है और टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में वह 13वें स्थान पर आ गए हैं।

  • BCCI चयन समिति में बड़ा बदलाव, अगरकर का कार्यकाल खत्म होने से नए चीफ सेलेक्टर की तलाश

    BCCI चयन समिति में बड़ा बदलाव, अगरकर का कार्यकाल खत्म होने से नए चीफ सेलेक्टर की तलाश

    पटना
    बीसीसीआई चयन समिति की बैठक दिल्ली में चल रही है। बैठक खत्म होने के बाद वेस्टइंडीज के साथ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जाएगा। वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का खेलना तय है, लेकिन मुख्य चयनकर्ता अगली बार इस मीटिंग में नहीं होंगे। अजीत अगरकर मुख्य चयनकर्ता के रूप में आखिरी बार चयन समिति की बैठक में शामिल हो रहे हैं और टीम चुन रहे हैं। बीसीसीआई के साथ अजीत अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट इसी महीने खत्म हो रहा है।

    पहले खबरें आई थीं कि अजीत अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट आगे बढ़ाया जा सकता है और वह 2027 वनडे विश्व कप तक चयन समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे। हालांकि, वनडे टीम में रोहित शर्मा की जगह को लेकर अजीत अगरकर और बीसीसीआई के अधिकारियों के बीच असहमति हुई। इसके बाद चयन समिति से उनकी छुट्टी हो रही है।

    अब लक्ष्मण को मिल सकता है मौका
    कयास लगाए जा रहे हैं कि अजीत अगरकर के बाद एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को मुख्य चयनकर्ता बनाया जा सकता है। लक्ष्मण लंबे समय से एनसीए हेड के रूप में काम कर रहे हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी बैकअप कोच की भी होती है। वह एशियन गेम्स के दौरान भी भारत की टी20 टीम के साथ नजर आएंगे, क्योंकि इसी समय दूसरी टीम वेस्ट इंडीज के खिलाफ वनडे मैच खेलेगी। मुख्य कोच गंभीर वनडे टीम के साथ होंगे।

    टी20 में शानदार प्रदर्शन
    अजीत अगरकर 4 जुलाई 2023 को भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता बने थे। इसके बाद से भारत ने 2024 टी20 विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 विश्व कप जीता है। इस दौरान टीम इंडिया दो बार एशिया कप जीतने में भी सफल रही है, लेकिन टेस्ट में भारत का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। खासकर घरेलू सीरीज में स्पिन के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों को परेशानी आ रही थी। वहीं, गेंदबाज भी विपक्षी टीमों की तुलना में फीके साबित हो रहे थे। ऐसे में नए चयनकर्ता के सामने टेस्ट टीम को बेहतर करने की जिम्मेदारी होगी।

    9 साल का था अगरकर का करियर
    अजीत अगरकर ने 1998 से 2007 के बीच 26 टेस्ट, 191 वनडे और 4 टी20 खेले। टेस्ट में 1 शतक की मदद से 571 रन और 58 विकेट, वनडे में 3 अर्धशतक की मदद से 1,269 रन और 288 विकेट, और टी20 में 3 विकेट उनके नाम दर्ज हैं। संन्यास के बाद अगरकर कोचिंग और कमेंट्री के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि क्रिकेट खेलने, कमेंट्री करने और टीम चुनने में सबसे मुश्किल काम टीम का चयन करना है।

  • शाहिद आफरीदी के बयान से भड़के आकाश चोपड़ा, PCB और मोहसिन नकवी पर भी साधा निशाना

    शाहिद आफरीदी के बयान से भड़के आकाश चोपड़ा, PCB और मोहसिन नकवी पर भी साधा निशाना

    नई दिल्ली
    पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी का महिलाओं को लेकर दिया गया एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. अब इस पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और जाने-माने एनालिस्ट आकाश चोपड़ा ने अपनी बात रखी है.

    आफरीदी के बयान में कहा गया कि हमारे यहां की महिलाएं सिर्फ रोटियां अच्छी बना सकती हैं, इन्हें क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए. इस बयान पर आकाश चोपड़ा का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

    अपने यूट्यूब चैनल पर इस मुद्दे पर खुलकर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार यह खबर पढ़ी तो उन्हें लगा कि शायद यह किसी एआई (AI) का कमाल होगा या कोई फर्जी बयान होगा. लेकिन जब पता चला कि यह सच है तो उन्होंने आफरीदी को आड़े हाथों लिया.

    आकाश ने तंज कसते हुए कहा कि अगर आपके देश की महिलाएं क्रिकेट नहीं खेल सकतीं तो फिर आप कैसे खेल लेते हैं? आप इसलिए अच्छा खेल रहे हैं क्योंकि आपको बचपन से खेलने का मौका मिला है. उन्होंने माना कि पाकिस्तान की महिला टीम अभी उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है, लेकिन इसकी वजह यह नहीं है कि महिलाएं क्रिकेट नहीं खेल सकतीं.

    असली कमी तो वहां के सिस्टम में है. उन्हें सही सुविधाएं और मौके देने की जरूरत है. यह कहना कि उनका काम सिर्फ घर संभालना और रोटियां बनाना है ये काफी गलत है. आकाश चोपड़ा गुस्से में इतने आगे बढ़ गए कि उन्होंने यहां तक कह दिया कि मेरे भाई… नहीं सॉरी, मेरा भाई नहीं है तू यार! अगर ऐसी घटिया बात करोगे तो मैं तुझे भाई कैसे बोल सकता हूं?

    लड़कियां कर सकती है कमाल
    उन्होंने आगे चुनौती देते हुए कहा कि पाकिस्तान की लड़कियों को एक बार लड़कों के बराबर मौके और सुविधाएं देकर तो देखिए. हो सकता है कि वे लड़कों से भी बेहतर खेल कर दिखाएं और इस बात से उन्हें बिल्कुल भी हैरानी नहीं होगी. आकाश ने तंज कसा कि अगर देश में ऐसी ही दकियानूसी सोच बनी रहेगी तो पहले ही बदहाल चल रहा पुरुषों का क्रिकेट और नीचे चला जाएगा और लड़कियों को तो कभी आगे बढ़ने ही नहीं दिया जाएगा.

    PCB और मोहसिन नकवी पर भी कसा तंज
    बातचीत के दौरान आकाश चोपड़ा ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और वहां के मौजूदा हालातों पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान की महिला टीम पर एशिया कप सेमीफाइनल में धीमे ओवर रेट की वजह से लगे 50 प्रतिशत जुर्माने और पुरुष टीम के WTC पॉइंट्स काटे जाने का भी जिक्र किया.

    आकाश ने चुटकी लेते हुए कहा कि वहां के बोर्ड के मुखिया मोहसिन नकवी को तो बस हर जगह जाकर ट्रॉफी देने की जिद से ही फुर्सत नहीं मिल रही है. पाकिस्तान क्रिकेट की हालत इस समय कंगाली में आटा गीला जैसी हो चुकी है, जहां टीम जीत से ज्यादा अपने कटे हुए पॉइंट्स को लेकर चर्चा में रहती है.