Category: खेल

  • भारत ने जापान को किया चार बार ऑलआउट, एशियन गेम्स में 49-24 से दर्ज की जीत

    भारत ने जापान को किया चार बार ऑलआउट, एशियन गेम्स में 49-24 से दर्ज की जीत

    नई दिल्‍ली
     भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने सोमवार को एशियन गेम्‍स 2026 में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। सुनील कुमार के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम ने मेजबान जापान को 25 अंक के अंतर से मात दी। भारत ने मुकाबला 49-24 के स्‍कोर से अपने नाम किया।

    टोकाई सिटीजन्‍स जिम्‍नेशियम में ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत ने शुरुआत से दबदबा बनाए रखा। आशु मलिक ने सुपर रेड के जरिये तीन अंक बटोरे और भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। उन्‍हें प्रो कबड्डी लीग के स्‍टार रेडर्स अर्जुन देशवाल, देवांक दलाल और अयान लोहचाब का भरपूर समर्थन मिला।

    पहले हाफ में भारत का दबदबा
    भारतीय टीम ने पहले हाफ में जापान को तीन बार ऑलआउट किया, जिससे उसे 6 अंक मिले। इसके अलावा भारत ने 25 अंक अपने खिलाड़‍ियों के दम पर हासिल किए। जापान की टीम भारत के सामने जोर लगाने में नाकाम रही। उसने छूने के पांच और बोनस के चार अंक हासिल किए। ब्रेक के समय भारत ने 22 अंक की बढ़त बनाते हुए स्‍कोर 31-9 रखा।

    जापान की वापसी
    ब्रेक के बाद जापान ने ज्‍यादा अनुशासन दिखाया और मुकाबला कड़ा बनाते हुए 18-15 का स्‍कोर कर कर दिया। इस तरह ब्रेक के बाद भारत की बढ़त केवल 12 अंक की रह गई। भारतीय टीम ने एक बार फिर मैच में वापसी करके जापान को चौथी बार ऑलआउट कर दिया। यहां से जापान की वापसी की उम्‍मीदें पूरी तरह खत्‍म हो गई।

    भारत के रेडर्स ने पहले ही अपना दबदबा कायम रखा और जापानी रक्षा की धज्जियां उड़ा दीं। बहरहाल, भारत की पुरुष टीम ने खिताब की तरफ कदम बढ़ा लिए हैं और उसकी कोशिश एशियन गेम्‍स में 9वां गोल्‍ड मेडल जीतने की होगी। पता हो कि भारत ने पिछले 9 एशियन गेम्‍स में से 8 बार गोल्‍ड मेडल जीता है।

  • सुचिका तारियाल का गोल्ड का सपना टूटा, सेमीफाइनल हारकर मिला ब्रॉन्ज मेडल

    सुचिका तारियाल का गोल्ड का सपना टूटा, सेमीफाइनल हारकर मिला ब्रॉन्ज मेडल

    नई दिल्ली
     भारत को एमएमए महिला फाइटर सुचिका तारियाल से उम्मीद थी कि वह एशियन गेम्स-2026 में 60 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में गोल्ड मेडल जीतकर आएंगी, लेकिन सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में सिंगापुर की टी हून ने उन्हें हरा दिया और इसी के साथ भारतीय खिलाड़ी को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

    इस मैच के बाद सुचिका फूट-फूटकर रो पड़ीं। उनके हावभाव देखकर लग रहा था कि उनके मुताबिक वह जीत की हकदार थीं, लेकिन सिंगापुर की खिलाड़ी को विजेता घोषित किया गया जिससे वह निराश लग रही थीं।

    ऐसा रहा मैच
    सुचिका ने पहले राउंड में शानदार खेल दिखाया और अपनी प्रतिद्वंद्वी को ज्यादा मौके नहीं दिए। दूसरे मिनट में ही सुचिका ने हून को जमीन पर गिरा दिए और अच्छे पंच बरसाए। हालांकि, सिंगापुर की खिलाड़ी उठ खड़ी हुईं और उन्होंने पलटवार भी किया। दूसरे राउंड में हून ने अपनी आक्रामकता से सुचिका को कमजोर किया और दबाव बनाया। सुचिका ने हार नहीं मानी और तुरंत पलटवार किया, लेकिन सिंगापुर की खिलाड़ी दोबारा सुचिका पर हावी हो गईं। सुचिका ने आखिरी मिनट तक सिंगापुर की खिलाड़ी के सामने हार नहीं मानी। उन्हें लगा था कि वह मुकाबला जीत गई हैं, लेकिन मैच तीसरे राउंड में पहुंचा।

    सिंगापुर की खिलाड़ी हावी
    आखिरी राउंड में सिंगापुर की खिलाड़ी ने सुचिका को कई किक मारीं जबकि सुचिका ने शांत रहने की रणनीति अपनाई। वह निर्णायक वार करने की कोशिश करती दिखीं। बिल्कुल आखिरी पलों में सुचिका ने कुछ कॉम्बिनेशन अटैक किए जिससे हून को परेशानी हुई। फिर आखिरी बजर बजने के बाद सुचिका अपनी प्रतिद्वंद्वी पर झपटीं और उन्हें ज़मीन पर गिरा दिया। रेफरी ने आकर दोनों फाइटर्स को अलग किया। रेफरी ने सिंगापुर की खिलाड़ी को विजेता घोषित किया जिससे सुचिका खुश नहीं दिखीं। उन्होंने रेफरी से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। भावुक सुचिका मैट पर बैठी रोने लगीं।

     

  • सुतीर्था-श्रीजा का शानदार खेल, पाकिस्तान को हराकर अगले दौर में पहुंचा भारत

    सुतीर्था-श्रीजा का शानदार खेल, पाकिस्तान को हराकर अगले दौर में पहुंचा भारत

    नई दिल्ली
     भारत और पाकिस्तान के खेल मुकाबले हमेशा से ही फैंस का दिल थामकर देखने वाले होते हैं। जब भी ये दोनों टीमें किसी भी खेल में आमने-सामने आती हैं, तो रोमांच अपने चरम पर होता है। हाल ही में महिला एशिया कप के क्रिकेट मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह धोया था। अब ठीक वैसा ही नजारा एशियन गेम्स 2026 के टेबल टेनिस कोर्ट पर भी देखने को मिला है। आइची-नागोया में खेले गए महिला टेबल टेनिस टीम मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हराकर अगले दौर का टिकट कटा लिया है। इस पूरे मुकाबले में पाकिस्तानी पैडलर्स भारतीय खिलाड़ियों के सामने बेबस नजर आईं और पूरी टीम का क्लीन स्वीप हो गया।

    सुतीर्था मुखर्जी ने दिलाई तूफानी शुरुआत
    मुकाबले के पहले मैच से ही भारतीय पैडलर्स ने पाकिस्तान पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। भारत की अनुभवी खिलाड़ी सुतीर्था मुखर्जी ने पहले मैच में पाकिस्तान की अलीना को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। सुतीर्था ने बिना कोई मौका दिए यह मैच 11-3, 11-3, 11-4 से अपने नाम किया और भारत को 1-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

    सिंड्रेला दास ने 2-0 से आगे किया भारत
    शुरुआती बढ़त मिलने के बाद दूसरे मुकाबले में उतरीं भारत की युवा खिलाड़ी सिंड्रेला दास। सिंड्रेला ने पाकिस्तान की कुलसूम खान के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने सीधे सेटों में 11-6, 11-7, 11-5 से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान की वापसी की बची-कुची उम्मीदें भी लगभग खत्म हो गई थीं।

    श्रीजा अकुला ने सील की ऐतिहासिक जीत
    3-0 से सूपड़ा साफ करने की जिम्मेदारी भारत की स्टार खिलाड़ी श्रीजा अकुला के कंधों पर थी। श्रीजा ने तीसरे मैच में पाकिस्तान की फातिमा खान को संभलने तक का मौका नहीं दिया। महज कुछ ही मिनटों में श्रीजा ने फातिमा को 11-4, 11-4, 11-5 से धूल चटा दी। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से मात देकर एशियन गेम्स के अगले राउंड में धमाकेदार अंदाज में अपनी जगह पक्की कर ली।

  • एशियन गेम्स में भारत की शूटिंग तिकड़ी का जलवा, 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर

    एशियन गेम्स में भारत की शूटिंग तिकड़ी का जलवा, 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर

    नई दिल्ली
    आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के तीसरे दिन भारत के निशानेबाजों ने देश को बड़ी सफलता दिलाई है। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में हिमांशू ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्राक्ष पाटिल की भारतीय तिकड़ी ने मिलकर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में सिल्वर मेडल डाला। आइची प्रेफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय तिकड़ी ने कुल 1890.1 अंक हासिल किए और दूसरा स्थान प्राप्त किया।

    चीन के नाम रहा गोल्ड
    इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल चीन की टीम ने अपने नाम किया। सेंग लिहाओ, मा सिहान और झांग चांगहोंग की चीनी जोड़ी ने 1899.0 अंकों के कुल स्कोर के साथ नया क्वालीफिकेशन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। भारत इस इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने से थोड़े से के लिए चूक गया।

    इंडिविजुअल इवेंट के फाइनल में पहुंचे दो भारतीय शूटर
    टीम इवेंट में रजत पदक जीतने के साथ-साथ भारत के दो निशानेबाजों ने इंडिविजुअल 10 मीटर एयर राइफल इवेंट के फाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। क्वालीफिकेशन दौर में भारत के स्टार शूटर रुद्राक्ष पाटिल 631.8 अंकों के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि हिमांशू ढिल्लों ने 630.0 अंक हासिल कर सातवां स्थान हासिल किया और फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, टीम के तीसरे सदस्य पार्थ माने 628.3 अंकों के साथ 10वें स्थान पर रहे और फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए।

    चीन का दबदबा और दो-शूटर नियम का असर
    चीन के सेंग लिहाओ ने 635.4 अंकों का नया एशियन गेम्स क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड बनाते हुए क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके साथी मा सिहान 633.0 अंकों के साथ दूसरे और झांग चांगहोंग 630.6 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। हालांकि, शीर्ष आठ में जगह बनाने के बावजूद चांगहोंग फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके, क्योंकि एशियन गेम्स के नियमों के अनुसार एक देश से केवल दो ही निशानेबाज व्यक्तिगत फाइनल में हिस्सा ले सकते हैं।

  • शेफाली के शतक से फाइनल में पहुंचा भारत, श्रीलंका से गोल्ड के लिए होगी भिड़ंत

    शेफाली के शतक से फाइनल में पहुंचा भारत, श्रीलंका से गोल्ड के लिए होगी भिड़ंत

    नई दिल्ली
     हाल ही में एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को मात देकर ट्रॉफी उठाई थी और अब एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मुकाबले में एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।

    दमदार रहा है दोनों टीमों का प्रदर्शन
    भारतीय टीम ने क्वार्टरफाइनल में जापान को 5 ओवर में हराने के बाद, सेमीफाइनल में शेफाली वर्मा के तूफानी शतक के दम पर बांग्लादेश को 114 रनों से रौंदकर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल का टिकट कटाया है। फाइनल जीतने वाली टीम को स्वर्ण पदक जबकि उपविजेता को रजत पदक से संतोष करना होगा।

    कब और कहां खेला जाएगा भारत का गोल्ड मेडल मैच
    भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट स्पर्धा का यह हाई-वोल्टेज गोल्ड मेडल मुकाबला मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को जापान के निश्शिन शहर में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 10:30 बजे शुरू होगा, जबकि मुकाबले के लिए टॉस आधे घंटे पहले यानी सुबह 10:00 बजे फेंका जाएगा

    कहां देख सकेंगे ये मैच
    भारत में इस ऐतिहासिक मुकाबले का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। डिजिटल दर्शकों के लिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा जो फैंस इस मुकाबले का आनंद बिना किसी शुल्क के उठाना चाहते हैं, वे डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर बिल्कुल मुफ्त में मैच का सीधा प्रसारण देख सकते हैं।

    गोल्ड मेडल मैच के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड
    भारतीय महिला टीम: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, गुनालन कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव।

    श्रीलंका महिला टीम: चमारी अटापट्टू, अनुष्का संजीवनी, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, कविशा दिलहारी, हासिनी परेरा, सुगंधिका कुमारी, संजना कविंदी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना, निमाशा मीपेज, रश्मिका सेवंदी, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी।

  • हॉकी में भारत का दबदबा कायम, दीपिका-ऋतुजा-नवनीत की हैट्रिक से मिली शानदार जीत

    हॉकी में भारत का दबदबा कायम, दीपिका-ऋतुजा-नवनीत की हैट्रिक से मिली शानदार जीत

    आइची-नागोया
    एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का विजयी रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को गिफू प्रेफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए पूल-बी के अपने दूसरे मुकाबले में भारत ने इंडोनेशिया को 17-1 के भारी अंतर से रौंद दिया। अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से पटखनी देने के बाद शोर्ड मारिन की देखरेख में खेल रही भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी एकतरफा जीत है। इस मुकाबले में भारतीय फॉरवर्ड्स ने इंडोनेशियाई डिफेंस की धज्जियां उड़ा कर रख दीं।

    गोलों की बरसात, तीन खिलाड़ियों ने जड़ी शानदार हैट्रिक
    इंडोनेशिया के खिलाफ मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाए रखा। भारत की ओर से दीपिका, ऋतुजा पिसाल और नवनीत कौर ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपनी-अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके अलावा सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने दो-दो गोल दागकर टीम के बड़े स्कोर में अहम योगदान दिया। वहीं टीम की कप्तान सलीमा टेटे और इशिका ने भी एक-एक गोल दागा।

    तीसरे क्वार्टर में इंडोनेशिया को मिला इकलौता गोल
    पूरी तरह से भारतीय टीम के दबदबे वाले इस मुकाबले में इंडोनेशिया की टीम केवल एक गोल करने में सफल रही। मैच के तीसरे क्वार्टर में इंडोनेशिया की इन्नेस आदित्य ने नियर पोस्ट पर भारत की गोलकीपर बिचू देवी को चकमा देते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाला। इसके अलावा पूरे 60 मिनट तक इंडोनेशिया की टीम भारतीय गोलपोस्ट पर कोई खास दबाव नहीं बना सकी।

    अंक तालिका में भारत का दबदबा
    मैच के चौथे क्वार्टर में नवनीत कौर ने बॉटम-लेफ्ट कॉर्नर में एक पावरफुल बैकहैंड शॉट दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत की इस आसान जीत पर मुहर लगा दी। इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारतीय टीम दो मैचों में छह अंकों और +35 के शानदार गोल अंतर के साथ पूल-बी में टॉप पर पहुंच गई है। हालांकि, ग्रुप स्टेज में आगे भारतीय टीम को कुछ और कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।

  • मोहम्मद शमी की सियासी पारी की अटकलें तेज, जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद अमरोहा सीट चर्चा में; अभी आधिकारिक ऐलान नहीं

    मोहम्मद शमी की सियासी पारी की अटकलें तेज, जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद अमरोहा सीट चर्चा में; अभी आधिकारिक ऐलान नहीं

     लखनऊ
    उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के बीच सियासी तिकड़मबाजी भी शुरू होती दिखाई दे रही है, जिसकी एक तस्वीर रविवार को दिल्ली से सामने आई. भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ मुलाकात की. इसके बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. दिल्ली से लेकर अमरोहा तक राजनीति गरमा गई है। 

    जयंत और मोहम्मद शमी की मुलाकात का कनेक्शन आगामी यूपी चुनाव से बताया जा रहा है. माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अब अपने सियासी सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं, वे अमरोहा सदर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में किस्मत आजमा सकते हैं?

    आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से मोहम्मद शमी की मुलाकात की तस्वीर को शेयर किया. इसके बाद ही सियासी कयास लगाए जाने लगे हैं, लेकिन सवाल यही है कि क्या सपा के लिए मजबूत मानी जाने वाली अमरोहा सीट को शमी आरएलडी के लिए सियासी उपजाऊ बना पाएंगे?

    शमी क्या अमरोहा सीट से लड़ेंगे चुनाव?
    आरएलडी सूत्रों के मुताबिक मोहम्मद शमी की जयंत चौधरी से खुद के लिए या फिर अपने भाई के लिए अमरोहा से विधानसभा चुनाव में लड़ने को लेकर बातचीत हुई है. हालांकि, अभी तक दोनों ही तरफ से औपचारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। 

    मोहम्मद शमी करीब डेढ़ साल से इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर हैं. हाल के वेस्टइंडीज दौरे को लेकर घोषित टीम में उनके नाम की चर्चा तक नहीं हुई. मोहम्मद शमी ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. इसके बाद से वे भारतीय टीम से बाहर हैं. शमी की भारतीय टीम में वापसी को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिल रहे हैं. इसके बाद उनके सियासत में आने की चर्चा हुई। 

    जयंत चौधरी से रविवार को शमी की मुलाकात ने एक नई सियासी चर्चा को जन्म दे दिया है. मोहम्मद शमी अमरोहा सदर तहसील के सहसपुर अलीनगर के रहने वाले हैं. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वे अपने सियासी सफर की शुरुआत गृह जिले से करना चाहते हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से दिल्ली में मुलाकात की। 

    सपा का मजबूत गढ़ भेदने का प्लान
    अमरोहा का इलाका मुस्लिम और जाट बहुल माना जाता है. सपा के महबूब अली लंबे समय से इस सीट से विधायक हैं. 2027 में उनका टिकट सपा से कन्फर्म माना जा रहा है. बीजेपी और रालोद के गठबंधन के तहत अमरोहा सीट जयंत चौधरी के खाते में जा सकती है. ऐसे में आरएलडी को इस सीट से किसी दिग्गज मुस्लिम नेता की तलाश है, जिसके तहत ही वह मोहम्मद शमी से मिली। 

    सूत्रों की मानें तो मोहम्मद शमी अपने बड़े भाई मोहम्मद हसीब को अमरोहा सीट से चुनाव लड़ाना चाहते हैं. हसीब ही गांव में रहकर सारा कामकाज देखते हैं और राजनीति में उतरने की वो लंबे समय से प्लानिंग कर रहे हैं. हालांकि, आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी चाहते हैं कि मोहम्मद शमी खुद अमरोहा से किस्मत आजमाएं। 

    अमरोहा सीट का सियासी समीकरण
    अमरोहा विधानसभा सीट पर पहला विधानसभा चुनाव 1957 में हुआ था. वर्तमान में यह सीट सपा के अभेद्य किले में तब्दील हो गई है. महबूब अली इस सीट से 2002 से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। 

    पिछले चार चुनावों से वे सपा के टिकट पर जीते हैं. इससे पहले 2002 में पहली बार वो शराब कारोबारी डीपी यादव की राष्ट्रीय परिवर्तन दल से जीते थे. इसके बाद उन्होंने सपा का दामन थाम लिया था. 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के महबूब अली ने भाजपा के राम सिंह को 71 हजार वोटों से हराया था. महबूब अली को एक लाख 28 हजार 735 और राम सिंह को 57 हजार 699 वोट मिले थे। 

    अमरोहा विधानसभा सीट मुस्लिम बहुल मानी जाती है, यहां करीब 3.25 लाख वोटरों में से करीब दो लाख मुस्लिम वोटर हैं. इनमें सबसे बड़ी आबादी तुर्क बिरादरी की है, जिससे मोहम्मद शमी आते हैं, इसके अलावा मलिक वोट भी अच्छा खासा है. यहां पांच चुनावों से समाजवादी पार्टी के महबूब अली लगातार जीत दर्ज करते रहे हैं, वे सपा सरकार में मंत्री भी रहे थे. महबूब अली की मुसलमानों के साथ-साथ हिंदू वोटों पर अच्छी खासी पकड़ मानी जाती है। 

  • 36 साल की सुचीका तरियाल ने रचा इतिहास, MMA में भारत के लिए जीता ऐतिहासिक कांस्य

    36 साल की सुचीका तरियाल ने रचा इतिहास, MMA में भारत के लिए जीता ऐतिहासिक कांस्य

    आइची-नागोया
    एशियन गेम्स 2026 में भारत को मिक्सड मार्शल आर्ट्स (MMA) इवेंट में पहला ऐतिहासिक पदक मिल गया है। 36 साल की भारतीय फाइटर सुचीका तरियाल ने सोमवार को महिलाओं की पारंपरिक 60 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। हालांकि यह मुकाबला काफी हाई-ड्रामा से भरा रहा। सेमीफाइनल में सिंगापुर की तेओ हुई हून के खिलाफ सुचीका ने जबरदस्त संघर्ष किया और मैच को ओवरटाइम तक ले गईं, लेकिन जजों का अंतिम फैसला सिंगापुर की खिलाड़ी के पक्ष में रहा। फैसला सुनते ही सुचीका अपने आंसू नहीं रोक सकीं और काफी भावुक होकर रिंग से वापस लौटीं।

    जब मैच के बाद रेफरी ने आधिकारिक विजेता की घोषणा के लिए दोनों खिलाड़ियों को मंच पर बुलाया, तो सुचीका पहले निर्णय से निराश होकर ऊपर जाने के लिए तैयार नहीं थीं। हालांकि, भारतीय कोचों के समझाने के बाद वे अनिच्छा से मंच पर गईं, लेकिन फैसले के बाद आंखों में आंसू लिए वापस लौटीं। गौरतलब है कि एशियन गेम्स 2026 में बीएमएक्स, टेकबॉल, पैडेल, सर्फिंग और वर्चुअल ताइक्वांडो के साथ-साथ MMA को भी पहली बार शामिल किया गया है। सुचीका ने रविवार को क्वार्टरफाइनल में मंगोलिया की अलतांचिमेग बायगल्मा को 2-0 से हराकर ही भारत का पदक पक्का कर लिया था।

    करियर और MMA में वापसी का सफर
    सुचीका तरियाल ने साल 2017 में मिक्सड मार्शल आर्ट्स में अपना डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने एमएमए से लगभग सात साल का ब्रेक लिया और इस दौरान जूड़ो व जू-जित्सु में भारत का प्रतिनिधित्व जारी रखा। साल 2024 में उन्होंने ब्रेव कॉम्बैट फेडरेशन के साथ क्रॉन्ट्रैक्ट पर साइन किया। इसके बाद दिसंबर 2024 में बहरीन में आयोजित ब्रेव सीएफ 92 के जरिए उन्होंने पेशेवर एमएमए रिंग में अपनी शानदार वापसी की थी।

    छेड़छाड़ की घटना से मिली प्रेरणा
    हरियाणा के रोहतक की रहने वाली सुचीका की खेल यात्रा काफी प्रेरणादायक रही है। महज 12 साल की उम्र में अपने साथ हुई छेड़छाड़ की एक घटना के बाद उन्होंने आत्मरक्षा के मकसद से जूड़ो सीखना शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया। सुचीका 8 बार की नेशनल जूड़ो चैंपियन हैं। इसके अलावा उन्होंने 2019 राष्ट्रमंडल जूड़ो चैंपियनशिप और 2019 साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी उन्होंने 57 किग्रा वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन किया था, जहां वे बहुत मामूली अंतर से मेडल से चूक गई थीं। खेल के अलावा सुचीका CISF में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात रहीं और बाद में हरियाणा खेल विभाग में जूनियर कोच के रूप में सेवाएं दीं।

  • यू जिदी का जलवा! 13 साल की चीनी तैराक ने गोल्ड जीतकर तोड़ा एशियन गेम्स रिकॉर्ड

    यू जिदी का जलवा! 13 साल की चीनी तैराक ने गोल्ड जीतकर तोड़ा एशियन गेम्स रिकॉर्ड

    आइची-नागोया
    चीन की महज 13 साल की तैराक यु जिदी ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 200 मीटर बटरफ्लाई इवेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया है. टोक्यो एक्वाटिक्स सेंटर में आयोजित फाइनल में यु जिदी ने 2 मिनट 05.08 सेकंड में नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड बनाया.

    यु जिदी ने हांगझोउ एशियन गेम्स 2022 में चीन की ओलंपिक चैम्पियन झांग युफेई द्वारा बनाए गए 2:05.57 सेकंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, उन्होंने अपनी हमवतन चांग मोहान को तीन सेकंड से ज्यादा के अंतर से पछाड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जापान की मिसा ओकुजोनो ने कांस्य पदक जीता.

    12 साल की उम्र में भी रचा था इतिहास
    यु जिदी का यह पहला बड़ा इंटरनेशनल कारनामा नहीं है, पिछले साल सिंगापुर में हुए विश्व तैराकी चैम्पियनशिप में महज 12 साल की उम्र में वह पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की तैराक बनी थीं. वह चीन की कांस्य पदक जीतने वाली 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम का हिस्सा थीं. इसके अलावा उन्होंने तीन व्यक्तिगत स्पर्धाओं में चौथा स्थान हासिल किया था.

    इस साल की शुरुआत में यु जिदी ने 200 मीटर बटरफ्लाई में अमेरिकी ओलंपिक चैम्पियन रेगन स्मिथ को भी हराया था, अब एशियन गेम्स में अपने डेब्यू पर उन्होंने व्यक्तिगत गोल्ड मेडल के साथ रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.

    खास बात यह है कि यु जिदी अगले महीने ही 14 साल की होंगी, एशियन गेम्स में 200 मीटर बटरफ्लाई उनका पहला व्यक्तिगत इवेंट था और उन्हें अभी दो और व्यक्तिगत इवेंट में हिस्सा लेना है.

    जीत के बाद भी यु जिदी अपने प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखीं और उन्होंने इसे सिर्फ 'ठीक-ठाक' बताया, उनका मानना है कि वह इससे भी तेज तैर सकती हैं.13 साल की उम्र में एशियन गेम्स चैम्पियन और रिकॉर्ड होल्डर बन चुकी यू ज़िदी पर अब पूरी दुनिया की नजरें हैं.

  • Kabaddi: जापान पर भारी पड़ा भारत, 25 अंकों से दर्ज की जीत; पहले ही मैच में दिखाया दम

    Kabaddi: जापान पर भारी पड़ा भारत, 25 अंकों से दर्ज की जीत; पहले ही मैच में दिखाया दम

    आइची-नागोया 
     
    भारत ने सोमवार को एशियाई खेल 2026 में अपने पुरुष कबड्डी अभियान की शानदार शुरुआत की और अपने पहले मैच में जापान को 49-24 से हराया। जापान ने बोनस पॉइंट के साथ स्कोरिंग की शुरुआत की, लेकिन भारत ने तुरंत जवाब दिया और अयान लोचब ने टच पॉइंट से स्कोर बराबर कर दिया। जल्द ही भारत ने मुकाबले पर पूरी तरह से पकड़ बना ली। आशु ने शानदार तीन-पॉइंट की रेड की, जिसके बाद भारत के डिफेंस ने जापानी रेडर को सफलतापूर्वक टैकल किया। इसके बाद एक और रेड पॉइंट मिला, जिससे भारत ने पहला 'ऑल-आउट' किया और 11-2 की बढ़त बना ली।
     
    भारतीय टीम का दबदबा जारी रहा और उन्होंने दूसरा 'ऑल-आउट' करके अपनी बढ़त को 18-2 तक पहुंचा दिया। भारत हाफ-टाइम तक 31-9 की मजबूत बढ़त के साथ आगे था; आशु और देवांक ने रेडिंग में अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि सुनील कुमार और राहुल ने डिफेंस में अहम योगदान दिया। ब्रेक के बाद भी भारत का दबदबा कायम रहा। पवन सहरावत, अर्जुन देशवाल और असलम इनामदार भी खेल में शामिल हुए और टीम की अटैकिंग ताकत को और बढ़ाया। जापान ने दूसरे हाफ में बेहतर टक्कर दी और 20 से ज़्यादा पॉइंट हासिल किए, लेकिन भारत पूरे समय मुकाबले पर हावी रहा। आखिरकार भारत ने 49-24 से बड़ी जीत हासिल की और एशियाई खेलों में अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की।
     
    इस बीच, एशियाई खेल 2026 में भारत के लिए दिन शानदार रहा। भारत ने शूटिंग और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में और मेडल जीते, साथ ही एथलीटों ने तैराकी में फाइनल के लिए क्वालीफाई किया और बॉक्सिंग, सॉफ्ट टेनिस और टेबल टेनिस में जीत हासिल की। शूटिंग में, पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत फाइनल में हिमांशु ने सिल्वर और रुद्राक्ष ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। इससे पहले, रुद्राक्ष और हिमांशु क्रमशः तीसरे और सातवें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके थे, जबकि पार्थ माने 11वें स्थान पर रहे। भारतीय तिकड़ी ने टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता था। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में, सुचिका तरियाल ने महिलाओं के ट्रेडिशनल 60kg सेमीफ़ाइनल में सिंगापुर की टेओ हुई हून से हारने के बाद ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। बॉक्सिंग में, सुमित ने पुरुषों के 70kg राउंड ऑफ़ 32 मुकाबले में थाईलैंड के बुंजोंग सिंसिरी को हराकर कॉम्पिटिशन में आगे जगह बनाई।
     
    सॉफ्ट टेनिस में, आध्या तिवारी और जय मीना ने कंबोडिया और मंगोलिया के खिलाफ़ अपने मिक्स्ड डबल्स ग्रुप B मैचों में जीत हासिल की। ​​हालांकि, उन्हें दक्षिण कोरिया के किम येओन-ह्वा और जैक्यू पार्क से हार का सामना करना पड़ा और फिर राउंड ऑफ़ 16 में फिलीपींस की क्रिस्टी सानोसा और शेरविन नुगुइट से भी हार मिली। स्विमिंग में, श्रीहरि नटराज पुरुषों के 50m बैकस्ट्रोक फ़ाइनल में पहुंचे, जबकि ऋषभ दास को रिज़र्व के तौर पर चुना गया। मणि आकाश और गीतेश शाह पुरुषों के 50m फ़्रीस्टाइल फ़ाइनल में जगह नहीं बना पाए, जबकि धनुष सुरेश पुरुषों के 100m ब्रेस्टस्ट्रोक फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई करने में नाकाम रहे। वुशु में, न्येमन वांगसु महिलाओं के चांगक्वान फ़ाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। टेबल टेनिस में, भारत ने महिलाओं की टीम के ग्रुप F मैच में पाकिस्तान को 3-0 से हराया। हालांकि, सेपकटकरा में भारत को झटका लगा और पुरुषों की टीम के रेगु ग्रुप B मैच में जापान से हार का सामना करना पड़ा।

    भारत के खाते में चार सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज

    एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकवीर
    1. इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद- विमेंस 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट (निशानेबाजी): सिल्वर
    2. इलावेनिल वलारिवन- विमेंस 10 मीटर एयर राइफल (निशानेबाजी): सिल्वर
    3. रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ राकेश माने- मेन्स 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट (निशानेबाजी): सिल्वर
    4. सुचिका तरियाल- विमेंस ट्रेडिशनल 60 किग्रा (MMA)- ब्रॉन्ज
    5. रुद्रांक्ष पाटिल- मेन्स 10 मीटर एयर राइफल (निशानेबाजी): ब्रॉन्ज
    6. हिमांशु ढिल्लों- मेन्स 10 मीटर एयर राइफल (निशानेबाजी): सिल्वर