Author: NewseDay

  • सरयू तट के पास अमिताभ बच्चन बनवाएंगे धर्मशाला, 5000 वर्गमीटर में 32 कमरों का होगा निर्माण

    सरयू तट के पास अमिताभ बच्चन बनवाएंगे धर्मशाला, 5000 वर्गमीटर में 32 कमरों का होगा निर्माण

    अयोध्या
    सदी के नायक अमिताभ बच्चन अपने पिता स्व.हरिवंश राय बच्चन के नाम से अयोध्या में सरयू तट के निकट धर्मशाला बनवाने जा रहे हैं। यह धर्मशाला आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। 5000 वर्ग मीटर में प्रस्तावित धर्मशाला में करीब 32 कमरे होंगे। धर्मशाला के निर्माण का मानचित्र कुछ दिन पहले ही हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट के डायरेक्टर राजेश ऋषी यादव द्वारा अयोध्या विकास प्राधिकरण में प्रस्तुत किया गया है।

    अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट के प्रतिनिधि द्वारा अयोध्या में प्रस्तावित धर्मशाला के निर्माण के लिए आवेदन और मानचित्र प्रस्तुत किये जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आवेदन मिला है और इस पर सम्बन्धित क्षेत्र के लोगों से आपत्तियां मांगी गयी हैं। आपत्ति प्रस्तुत करने का समय 15 के लिए दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी प्रारंभिक प्रक्रिया है, आपत्ति आती है तो उसका निस्तारण करते हुए आगे की कार्यवाही की जाएगी।

    मांगी गई आपत्ति, इसके बाद नक्शा को मंजूरी
    अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश मिश्र ने बताया कि हरिवंश राय बच्चन मेमोरियल ट्रस्ट के डायरेक्टर द्वारा धर्मशाला निर्माण के लिए आवेदन दिया गया है। आवेदन दिये हुए 10 दिन हो चुके हैं और पांच दिन बाकी है। 15 दिन में आपत्ति मांगी गयी है। उन्होंने बताया कि यह धर्मशाला 5000 वर्गमीटर में 32 कमरों की प्रस्तावित है। इसके अलावा भी अन्य कार्य कराये जाने है। अभी पंजीकरण शुल्क जमा हुआ है। मानचित्र आदि का शुल्क बाद में जमा कराया जाएगा।

    15 करोड़ में खरीदी थी जमीन
    सदी के नायक अमिताभ बच्चन द्वारा अयोध्या में अपने दिवंगत पिता और मशहूर कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन की याद में एक मेमोरियल धर्मशाला बनाने की योजना बनायी गयी है। यह इमारत दशरथ पथ पर 'द सरयू' प्रोजेक्ट के तहत अमिताभ बच्चन द्वारा लगभग 15 करोड़ रुपये में खरीदी गई ज़मीन पर बनाई जाएगी। अयोध्या विकास प्राधिकरण में प्रस्तुत लेआउट पर 15 दिनों के भीतर आपत्तियां मांगी गई हैं।

    अगले महीने निर्माण शुरू होने की उम्मीद
    समय-सीमा के बाद, औपचारिक मंज़ूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद अक्टूबर 2026 के आसपास निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। बताते हैं कि अमिताभ बच्चन के पास अयोध्या में ज़मीन के कई टुकड़े हैं, जिनमें 'द सरयू' लक्जरी प्रोजेक्ट के पास 35 करोड़ रुपये में खरीदी गई 2.67 एकड़ ज़मीन और 15 करोड़ रुपये में खरीदा गया 15000 वर्ग फुट का प्लॉट शामिल है। राम मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर भी अमिताभ बच्चन बेटे अभिषेक बच्चन के साथ यहां पहुंचे थे।

  • सम्राट चौधरी ने PM मोदी को दी जन्मदिन की बधाई, बिहार में 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा अभियान

    सम्राट चौधरी ने PM मोदी को दी जन्मदिन की बधाई, बिहार में 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा अभियान

    पटना
     प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस मौके पर देश भर में बीजेपी की ओर से एक माह का सेवा संकल्प अभयान आज से शुरू हो गया है जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री को इस मौके पर हृदय से शुभकामनाएं दी है। वीडियो जारी करके सीएम ने कहा है कि समृद्ध बिहार के रास्ते विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने के लिए सब लोग मोदी जी को आशीर्वाद दें।

    सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर बयान जारी करके सम्राट चौधरी ने कहा कि नए भारत के शिल्पकार नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर सभी बिहारवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। आज का दिन विशेष है, क्योंकि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र और देशसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके दीर्घ राष्ट्रसेवा के सफर को नमन करते हुए उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता हूँ।

    एक दीया जलाएं
    सीएम ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सभी प्रखंडों एवं विधानसभा क्षेत्रों में ‘सरकार आपके द्वार’ समाधान शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वहीं मार्च 2027 तक ‘कायाकल्प अभियान’ के माध्यम से विकास कार्यों में तेजी, स्वच्छता तथा सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच को और प्रभावी बनाया जाएगा। आज एक दीप जलाकर नए भारत के शिल्पकार के स्वस्थ एवं सफल जीवन तथा विकसित भारत-समृद्ध बिहार के संकल्प को और मजबूत करें।

    बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री को इस मौके पर हृदय से शुभकामनाएं दी है। वीडियो जारी करके सीएम ने कहा है कि समृद्ध बिहार के रास्ते विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में सब लोग मोदी जी का सहयोग करें।

    वीडियो बयान में सीएम ने कहा कि मोदी जी ने अपना संपूर्ण जीवन जनता के सेवा में लगा दिया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में हमारे देश ने विश्व के मंच पर अपनी एक अलग पहचान बनाई। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ उन्होंने देश के गौरव, सम्मान और सामर्थ्य को दूर दूर तक पहुंचाया। आज उनके जन्मदिन पर सभी बिहार वासियों की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं देता हुं।

    मंदिरों में हवन पूजन
    पीएम के जन्मदिन पर राज्य के विभिन्न जिलों में बीजेपी के कार्यकर्ताओं और मोदी समर्थकों की ओर से केक काटे जा रहे हैं और समाज कल्याण के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। कई जिलो में इस मौके पर मंदिरों में पूजन हवन कर पीएम की लंबी उम्र और स्वस्थ्य जीवन की कामना की जा रही है। सीएम ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि आपके आशीर्वाद से मोदी जी को ताकत मिलेगी और देश के साथ बिहार को समृद्ध बनाने के लिए अधिक गति से काम करेंगे।

  • रियल एस्टेट केस में गोपाल कांडा पर ED का शिकंजा, 661 निवेशकों को नहीं मिला कब्जा

    रियल एस्टेट केस में गोपाल कांडा पर ED का शिकंजा, 661 निवेशकों को नहीं मिला कब्जा

    गुरुग्राम
    प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री गोपाल कांडा के ठिकानों पर गुरुवार को छापेमारी की है। जांच एजेंसी गुरुग्राम स्थित वाटिका लिमिटेड द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर रियल एस्टेट में हुई हेराफेरी की जांच कर रही है। इस मामले में निवेशकों को कमर्शियल प्रोजेक्ट्स में निवेश करने के लिए लुभाया गया था। उन्हें समय पर कब्जा, पक्का रिटर्न, लीज रेंटल और सेल डीड पूरा करने का भरोसा दिया गया था। जांच के दायरे में आए चार प्रोजेक्ट्स में 661 निवेशकों से लगभग 248.46 करोड़ जमा किए गए, लेकिन आज तक न तो कब्जा दिया गया और न ही सेल डीड पूरी की गई।

    इसी मामले में ईडी ने पीएमएलए की धारा 17 के तहत गुरुग्राम में गोपाल कांडा से जुड़ी तीन जगहों पर छापेमारी की है। इनमें उनका घर, फार्महाउस और ऑफिस शामिल है। आरोप है कि डायवर्ट किए गए फंड को बाद में गोपाल कांडा से जुड़ी अलग-अलग कंपनियों में ट्रांसफर कर दिया गया था।

    यह कोई पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी सिरसा से पूर्व विधायक के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी हुई थी। अगस्त 2023 में ईडी की टीमों ने 21 घंटे तक उनकी संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले थे। ईडी के अधिकारियों ने सिविल लाइन स्थित उनके घर और एमडीएलआर एयरलाइंस के कार्यालय में एक साथ कार्रवाई शुरू की थी।

    कौन हैं गोपाल कांडा?
    आपको बता दें कि गोपाला कांडा का सिरसा जिले में काफी प्रभाव है। 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के गोकुल सेतिया ने उन्हें हराया था। मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (BJP) कैंडिडेट ने अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद भी वह चुनाव हार गए थे।

    गोपाल कांडा पहले भी कई मामलों में फंस चुके
    गोपाल कांडा पहली बार तब सुर्खियों में आए थे जब 2012 में पूर्व एयर होस्टेस गीतिका शर्मा की आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में उनका नाम सामने आया था। उस समय वह 23 साल की थीं। कांडा को दिल्ली पुलिस ने इस मामले गिरफ्तार किया था, लेकिन 2023 में एक अदालत ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया था।

  • ‘आशीर्वाद का दीया उत्सव’ से शुरू होगा अभियान, रायगढ़ में जलेंगे 5 लाख दीप

    ‘आशीर्वाद का दीया उत्सव’ से शुरू होगा अभियान, रायगढ़ में जलेंगे 5 लाख दीप

    रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ में जलेंगे 5 लाख दीप

    17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया उत्सव’ से होगी अभियान की शुरुआत

    सिंदूर पार्क में 40 हजार से अधिक दीपों से जगमगाएगा रायगढ़

    वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य कार्यक्रम में होंगे शामिल

    रायपुर

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रायगढ़ जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिले में 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया उत्सव’ के साथ अभियान की शुरुआत होगी। इस अवसर पर जिले में 5 लाख दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। रायगढ़ शहर के सिंदूर पार्क में शाम 7 बजे 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी इस मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।

    ‘आशीर्वाद का दीया’ जनभागीदारी, सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति विश्वास का प्रतीक होगा। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही सहित जिलेवासी अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित करेंगे। नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी अधिक से अधिक घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार एवं शुभकामनाओं के साथ ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का संदेश देगी।

    योजनाओं की जानकारी से लेकर सेवा गतिविधियों तक जनभागीदारी

    17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान राज्य, जिला, विकासखंड, ग्राम एवं वार्ड स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का प्रमुख उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाना, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सेवा गतिविधियों में आमजन की भागीदारी बढ़ाना है।

    बच्चों और युवाओं की सहभागिता से ‘विकसित भारत’ की संकल्पना पर भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर होंगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण एवं सामुदायिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘कहानी बदलाव की’ के तहत योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की प्रेरक अनुभव एवं सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।

    रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जल संरक्षण पर रहेगा जोर

    अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, योग एवं ध्यान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग तथा कैरियर काउंसलिंग जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प और नशामुक्ति जागरूकता को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

    इसके साथ ही पोषण, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, जल स्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कंपोस्टिंग, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया, वीरगाथा एवं सैनिकों का सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन, वोकल फॉर लोकल तथा सहकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

    ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से मजबूत होगा नागरिकों और शासन के बीच संवाद

    सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल-जन सेवा संकल्प’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इन पहलों के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाने के साथ ही आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

    अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए विभागीय अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों, युवाओं, महिलाओं और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरू होने वाला यह अभियान सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के माध्यम से ‘विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

  • रूबी गुर्जर हत्याकांड:   प्रेमी के साथ कॉल पर कनेक्ट थी रूबी, चीखें रिकॉर्ड होने के बाद छा गई खामोशी; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

    रूबी गुर्जर हत्याकांड: प्रेमी के साथ कॉल पर कनेक्ट थी रूबी, चीखें रिकॉर्ड होने के बाद छा गई खामोशी; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

    रूबी गुर्जर हत्याकांड:   प्रेमी के साथ कॉल पर कनेक्ट थी रूबी, चीखें रिकॉर्ड होने के बाद छा गई खामोशी; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

    मुरैना
    10 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के घाट उतारी गई रूबी गुर्जर मामले में एक चौकाने वाला ऑडियो खुलासा सामने आया है। हरदोई (यूपी) निवासी रूबी के कथित प्रेमी अनुज सिंह के अनुसार, जब परिजन रूबी को मुरैना से गांव ले जा रहे थे, तब अनहोनी की आशंका के चलते रूबी ने उन्हें फोन पर कनेक्ट कर रखा था। गांव पहुंचने पर रूबी ने वाहन से उतरने से इनकार किया था, लेकिन साथ मौजूद महिलाओं द्वारा सुरक्षा का भरोसा देने पर वह उतरी। इसके कुछ ही देर बाद फोन पर रूबी की दर्दनाक चीखें सुनाई दीं और फिर अचानक सन्नाटा छा गया। माना जा रहा है कि फोन गिरने के बाद आरोपियों को कॉल चालू होने का पता चल गया था। मुरैना के एडवोकेट राकेश दुबे ने भी इस ऑडियो रिकॉर्डिंग की पुष्टि की है।

    इस वारदात के बाद अब नूराबाद थाना पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के समय ऑडियो रिकॉर्डिंग में जिन महिलाओं की आवाजें सुनाई दे रही हैं, उनके खिलाफ अब तक एफआईआर (FIR) दर्ज क्यों नहीं की गई? क्या पुलिस उन महिलाओं को बचाने का प्रयास कर रही है?

    रूबी ने नूराबाद पुलिस से लगाई थी गुहार 
    फोटो -नूराबाद थाने का फोटो लगाना है 

    गौरतलब है कि रूबी गुर्जर ने अपनी हत्या से कुछ ही दिन पूर्व, 24 अगस्त 2026 को 'वन स्टॉप सेंटर' के माध्यम से नूराबाद थाना पुलिस को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। उसने पूर्व में अपने मकान मालिक सोहन राजपूत (न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) पर ब्लैकमेलिंग, जबरदस्ती और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बावजूद समय पर सख्त कदम न उठाए जाने और अब ऑडियो में शामिल महिलाओं पर कार्रवाई न होने से पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।

  • भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर को बढ़ावा, SEMICON India 2026 का PM मोदी ने किया शुभारंभ

    भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर को बढ़ावा, SEMICON India 2026 का PM मोदी ने किया शुभारंभ

     नई दिल्ली
    सेमीकॉन इंडिया 2026 की शुरुआत हो चुकी है. इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है. 3 दिवसीय कार्यक्रम 17 सितंबर से 19 सितंबर तक चलेगा. इस इवेंट में 52 देश की 300 से अधिक कंपनियां शामिल होने जा रही है। 

    सेमीकॉन इंडिया 2026 में इंडियन कंपनियां, इन्वेस्टर्स, रिसर्चर और कई स्टूडेंट शामिल होंगे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में सहयोग, इन्वेस्टमेंट और प्रतिभा के विकास को बढ़ावा देना है. सेमीकॉन इंडिया 2026 की थीम  'सिलिकॉन से सिस्टम तक: इको सिस्टम का निर्माण' है। 

    सेमीकॉन इंडिया 2026 में 600 से अधिक कंपनियां और स्टार्टअप हिस्सा लेंगी और करीब 50 हजार विजिटर्स पहुंचने की उम्मीद है. इसमें 52 देशों से 400 से अधिक एग्जीक्यूटिव्स शामिल होंगे, साथ ही 150 से अधिक स्पीकर्स भी शामिल होने जा रहे हैं। 

    सेमीकॉन इंडिया 2026 का क्या उद्देश्य है?
    सेमीकॉन इंडिया 2026 एक व्यापक मूल्य-श्रृंखला दृष्टिकोण अपनाएगा, जिसमें सेमीकंडक्टर सामग्री, उपकरण और चिप डिजाइन से लेकर निर्माण, उन्नत पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक की यात्रा प्रदर्शित की जाएगी। नया 'रेत से सिलिकॉन से सिस्टम तक' मूल्य श्रृंखला अनुभव सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में इस पूरी यात्रा को प्रस्तुत करेगा।

    600 से अधिक कंपनियां ले रही हैं भाग
    सेमीकॉन इंडिया 2026 में 600 से अधिक कंपनियां भाग लिया है और लगभग 50,000 आगंतुक शामिल हुए हैं। इनमें 52 देशों के प्रतिनिधि, 400 से अधिक अधिकारी और 150 से अधिक वक्ता शामिल हुए हैं। प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन का प्रतिनिधित्व करने वाले 6 कंट्री पवेलियन, साथ ही 12 स्टेट बूथ, एक स्टार्टअप पवेलियन, इनोवेशन शोकेस, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन हैं।

    सेमीकॉन इंडिया 2026 कार्यक्रम क्यों शोकेश होगा  
    सेमीकॉन इंडिया 2026 इवेंट के दौरान सेमीकंडक्टर की पूरी वैल्यू चेन को दिखाया जाएगा. सेमीकंडक्टर मटेरियल और चिप डिजाइन से लेकर फैब्रिकेशन, एडवांस्ड पैकेजिंग तक के कंप्लीट प्रोसेस को दिखाया जाएगा. सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के पूरे सफर को दिखाया जाएगा। 

    जानकारी के मुताबिक, इस बार सैंड टू सिलिकॉम टू सिस्टम वैल्यू चैन एक्सपीरियंस के जरिए सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के इस पूरे सफर को दिखाया जाएगा। 

    ये देश लगाएंगे अपने पवेलियन 
    सेमीकॉन इवेंट में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन का प्रतिनिधित्व करने वाले छह कंट्री पवेलियन मौजूद हैं. साथ ही 12 स्टेट बूथ, एक स्टार्टअप पवेलियन, इनोवेशन शोकेस, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन मौजूद हैं। 

    सेमीकंडक्टर क्या है? 
    सेमीकंडक्टर, असल में एक इलेक्ट्रिसिटी का ट्रैफिक कंट्रोलर होता है. इसका इस्तेमाल मोबाइल से कार तक में किया जाता है. अब अधिकतर एडवांस्ड मशीनों में चिपसेट का इस्तेमाल किया है. इसको सिलिकॉन से तैयार किया  जाता है. सिलिकॉन से तैयार किए गए वेफर पर अरबों छोटे-छोटे ट्रांजिस्टर बनाए जाते हैं। 

     

  • पंजाब में आज रेल रोको की तैयारी, 12 बजे तक सरकार के फैसले का इंतजार

    पंजाब में आज रेल रोको की तैयारी, 12 बजे तक सरकार के फैसले का इंतजार

    अमृतसर
    किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर पंजाब ने आज रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया है। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि सरकार को दोपहर 12 बजे तक का अल्टीमेटम है। किसानों और मजदूरों की मांगों पर ठोस फैसला न होने पर रेल रोको आंदोलन शुरू होगा।  मोर्चे के अनुसार, पहले चरण में अमृतसर, गुरदासपुर, फिरोजपुर, मोगा, संगरूर और सुनाम सहित छह स्थानों पर रेल यातायात रोका जाएगा। पंजाब सरकार के मंत्रियों के घरों के बाहर चल रहे धरने भी जारी रहेंगे। 

    सरवन सिंह पंधेर इस समय अमृतसर के देवीदासपुरा रेलवे ट्रैक पर किसानों के साथ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि रात के समय हुई भारी बारिश के बावजूद किसान रेलवे ट्रैक पर डटे हुए हैं। पंधेर ने कहा कि बारिश के कारण किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है, लेकिन अपनी मांगों को लेकर किसान पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं।

    पंधेर ने बताया कि करीब एक महीने पहले मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मांगों से अवगत कराया गया था। 31 अगस्त को डिप्टी कमिश्नर कार्यालयों के बाहर भी धरने दिए गए। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से बातचीत नहीं की है। मोर्चे की मांगों में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बिजली संशोधन अधिनियम और बीज संशोधन अधिनियम पर स्पष्टीकरण शामिल है। शंभू-खनौरी मोर्चे के दौरान हुए नुकसान का मुआवजा भी मांगा जा रहा है।  

    किसान नेताओं के अनुसार, इस दौरान करीब 3.77 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और सैकड़ों किसान घायल हुए। मूंग, मक्का और आलू समेत पांच फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी भी प्रमुख मांगों में से एक है। 

    CM मान को मांगों से अवगत कराया पंधेर ने बताया कि किसान मजदूर मोर्चा की ओर से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया था। इसके बाद 31 अगस्त को डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने बड़ा एकत्रीकरण कर मांग पत्र भी दिया गया। इसके अलावा पिछले तीन दिनों से किसान पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों के घरों के बाहर धरना दे रहे हैं।

    मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं पंधेर का आरोप है कि इसके बावजूद सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। किसान नेता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान दोपहर 12 बजे से पहले किसानों की मांगों को लेकर कोई ठोस फैसला लेंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो पांच स्थानों पर रेल यातायात रोका जाएगा।

    ये है किसान मजदूर मोर्चे की प्रमुख मांगें किसान मजदूर मोर्चे की प्रमुख मांगों में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बिजली संशोधन अधिनियम और बीज संशोधन अधिनियम को लेकर स्पष्टीकरण शामिल है। इसके अलावा शंभू-खनौरी मोर्चे के दौरान हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की जा रही है। इस दौरान करीब 3 करोड़ 77 लाख रुपए का नुकसान हुआ और सैकड़ों किसान घायल हुए।

    किसान नेता मूंग, मक्का और आलू समेत पांच फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग भी कर रहे हैं। साथ ही पंजाब में गिरते भूजल स्तर और नदी के पानी की सुरक्षा, लैंड पूलिंग नीति, भारतमाला परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण और चिप वाले बिजली मीटरों से जुड़े मुद्दे भी उनकी मांगों में शामिल हैं। इसके बाद 18 सितंबर की शाम बैठक कर आंदोलन की समीक्षा और आगे की रणनीति तय की जाएगी।

  • प्यार के लिए घर छोड़ा, तीन बच्चों की मां युवती के साथ हुई फरार; कानपुर में चर्चा

    प्यार के लिए घर छोड़ा, तीन बच्चों की मां युवती के साथ हुई फरार; कानपुर में चर्चा

    कानपुर
    कानपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। महाराजपुर में एक महिला को युवती से प्रेम हो गया। प्रेम परवान चढ़ा तो दोनों एक साथ रहने को तैयार हो गईं। 11 दिन पहले दोनों अपने-अपने घरों से साथ निकल गईं। पुलिस ने बुधवार को उन्हें पनकी से बरामद किया है। दोनों ने साथ जीने और मरने की बात पुलिस को बतायी है। वह घर जाने को तैयार नहीं हैं। महाराजपुर के एक गांव निवासी 30 वर्षीय महिला के तीन बच्चे हैं। महिला छह सितंबर को महाराजपुर में अपने मायके से गायब हो गई। घरवालों ने महाराजपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस जांच कर रही थी, तभी जानकारी मिली कि महिला पनकी में किराए का कमरा लेकर रह रही है। पुलिस पनकी पहुंची तो महिला एक 25 वर्षीय युवती के साथ मिली। युवती भी महाराजपुर की है।

    तीन बच्चों की मां को युवती से हुआ प्यार, दोनों घर छोड़कर भागे
    पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों हिंदू हैं और दोनों के बीच समलैंगिक संबंध है। दोनों की दोस्ती एक साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। उसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। इसी बीच एक दूसरे से प्यार हो गया तो दोनों एक दूसरे के साथ रहने को तैयार हो गईं। महिला ससुराल से मायके पहुंची और वहां से गायब हो गई। सरसौल निवासी एक युवक की मदद से किराए का कमरा लिया। युवती भी दिल्ली से पहुंच गई। बुधवार रात महाराजपुर पुलिस दोनों को लेकर थाने पहुंची। । महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया समलैंगिक संबंधों का मामला सामने आया है। महिला और युवती दोनों बालिग हैं।

    पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर पति ने सुसाइड किया
    वहीं दूसरी तरफ हरवंश मोहाल में पत्नी के मायके से नहीं लौटने के कारण मानसिक तनाव में पति ने आत्महत्या कर ली। दानाखोरी निवासी कुलदीप कश्यप उर्फ बॉबी प्राइवेट कर्मचारी थे। पिता कल्लू ने बताया कि चार साल पहले कुलदीप ने गोंडा की महक से प्रेम विवाह किया था। मंगलवार को विवाद के बाद बहू गोंडा चली गई। इसके बाद बेटा शराब पीकर घर लौटा। इसके बेटा कमरे में चला गया। बुधवार सुबह बेटे का शव फंदे से लटक रहा था। हरवंश मोहाल थाना प्रभारी ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है।

  • विकास परियोजनाओं को गति देने पर जोर, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की समीक्षा बैठक

    विकास परियोजनाओं को गति देने पर जोर, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की समीक्षा बैठक

    रायपुर : सरिया क्षेत्र में विकास परियोजनाओं की कार्य प्रगति की हुई समीक्षा

    वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ ऑनलाइन बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

    रायपुर

    वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

    बैठक में विकास परियोजनाओं की प्रगति, कार्यों के क्रियान्वयन तथा निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूर्ण करने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। वित्त मंत्री चौधरी ने विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की सतत निगरानी करने तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की बात कही।

    वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचे, यह शासन की प्राथमिकता है। विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग से कार्यों में गति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है।

  • उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम सरेखा में गौशाला के लिए उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश

    उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम सरेखा में गौशाला के लिए उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश

    रायपुर : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम के गौसेवकों एवं अधिकारियों की ली बैठक

    उप मुख्यमंत्री शर्मा ने गौधन की सुरक्षा, देखभाल एवं संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था बनाने के निर्देश

    उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम सरेखा में गौशाला के लिए उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश

    रायपुर

    उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने  कबीरधाम जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले में गौधन की सुरक्षा, समुचित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, गौसेवकों एवं पशुपालकों की बैठक ली। बैठक में जिले में गौधन के रखरखाव, उपचार, संरक्षण तथा दुर्घटना एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

           उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गौधन की सुरक्षा और उनकी समुचित देखभाल के लिए ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जो प्रभावी होने के साथ-साथ स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप भी हो। उन्होंने अधिकारियों को जिले में गौधन के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने को कहा, ताकि गौधन के संरक्षण और देखभाल के लिए व्यवस्थित सुविधा विकसित की जा सके।

             बैठक में प्रमुख मार्गों पर दुर्घटनाओं से संबंधित विषय पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रेन, जेसीबी मशीन सहित अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता रखने को कहा, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को सामान्य किया जा सके।

    गुजरात की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर कबीरधाम में लागू करने पर जोर
           उप मुख्यमंत्री शर्मा ने गुजरात राज्य में गौधन की देखभाल और पशुधन प्रबंधन के लिए अपनाई गई व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की अच्छी व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कबीरधाम की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप वहां की उपयोगी व्यवस्थाओं को अपनाने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। उन्होंने गौसेवकों एवं गौ रक्षकों को गुजरात में पशुधन की देखभाल और प्रबंधन की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने के लिए भ्रमण कराने की बात भी कही। इससे गौसेवकों को वहां की कार्यप्रणाली को समझने और जिले में बेहतर व्यवस्था विकसित करने में सहयोग मिलेगा।

    समय पर उपचार के लिए पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता

             शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक को निर्देश दिए कि जिले में गौधन के समुचित उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखी जाए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पशु चिकित्सकों तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बीमार एवं घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि गौधन की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए प्रशासनिक व्यवस्था के साथ समाज की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। गौसेवकों, पशुपालकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौसेवकों एवं पशुपालकों के साथ बैठक कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप ठोस रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

             बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गौसेवक एवं पशुपालक उपस्थित थे।