Tag: Yoga Day

  • योग दिवस 2026: AIIMS में स्वास्थ्य और फिटनेस पर जोर, बड़ी संख्या में सहभागिता

    योग दिवस 2026: AIIMS में स्वास्थ्य और फिटनेस पर जोर, बड़ी संख्या में सहभागिता

    नई दिल्ली
     अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आज एम्स में आयोजित एक विशेष योग सत्र में काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। यह सत्र आज 21 जून रविवार की सुबह 5:30 बजे से आयोजित किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच योग और अच्छे स्वास्थ्य के संदेश को पहुंचाना था। इस सत्र में एम्स के डायरेक्टर, सीनियर डॉक्टर, फेकल्टी मेंबर, नर्सेस, मरीज और तीमारदारों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।

    सेहतमंद जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर
    एम्स परिसर में सुबह से ही सभी लोग जुटना शुरू हो गए थे। स्वास्थ्य को लेकर संदेश देने वाले इस युग सत्र में मौजूद लोगों के साथ मिलकर डायरेक्टर ने विभिन्न योगासन किया और सेहतमंद जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

    एम्स दिल्ली में हुआ आयोजन
    12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज इस विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया था। इस वर्ष योग दिवस की थीम Start Your Day with Yoga रखी गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को दैनिक जीवन में स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूक करना था। इस खास कार्यक्रम के दौरान लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।

    कब से मनाया जा रहा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
    आपको बता दें कि साल 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया और देखते ही देखते दुनिया के कई देश इस मुहिम में शामिल हो गए। आज भी दुनिया के ज्यादातर देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु, पीएम मोदी, उप राष्ट्रपति सहित देश के बड़े नेताओं ने आम लोगों के साथ योग किया।

     

  • अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की मौजूदगी में 1,000 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की मौजूदगी में 1,000 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास

    ​रायपुर.

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सारंगढ़ के कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय वृहद योग कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस वर्ष "योगा 365 डेज एम्ब्रेस योगा" और "बढ़ते उम्र के स्वास्थ्य के लिए योग" की थीम पर आधारित इस शिविर में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

    कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक गरिमा के साथ भगवान श्री धनवंतरि और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस आयोजन में प्रशासनिक और राजनीतिक अमला एक मंच पर नजर आया। मुख्य अतिथि टंकराम वर्मा के साथ कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, बरमकेला जनपद अध्यक्ष सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पत्रकारों और स्कूली बच्चों समेत लगभग 1,000 नागरिकों ने एक साथ बैठकर योग की विभिन्न विधाओं व प्राणायाम का अभ्यास किया।

    ​पीएम मोदी के संदेश का वाचन और हस्ताक्षर अभियान
    कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'स्वस्थ राष्ट्र' बनाने के संदेश का वाचन किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को बधाई देते हुए जीवन में नियमित योग अपनाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर योग के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें मंत्री, कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों ने अपने हस्ताक्षर किए।

    ​योग और नृत्य का अद्भुत संगम
    ​इस जिला स्तरीय योग दिवस का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा नृत्य शैली में किया गया योग प्रदर्शन रहा। मुख्य सत्र के बाद, योग शिक्षिका (व्यायाम शिक्षिका) ममता साहू के मार्गदर्शन में सिम्मी योगा एंड फिटनेस सेंटर, योगाचार्य सुभाष पटेल की टीम और सरिया की योगिनी अकादमी के बच्चों ने 'श्रीरामचंद्र' सहित अन्य भक्ति गीतों पर सामूहिक योग मुद्राओं का विहंगम प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, साक्षी पटेल ने एकल गीत पर योग की अत्यंत कठिन मुद्राओं को सहजता से प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि और उपस्थित जनसमुदाय की खूब वाहवाही बटोरी।

    अनुशासित भागीदारी और प्रेरक पल
    आयोजन को सफल बनाने में भारत स्काउट, जूनियर रेडक्रॉस और एनएसएस (NSS) के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्कूल और कॉलेज के इन छात्र-छात्राओं की अनुशासित और ऊर्जावान भागीदारी ने योग के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया। कार्यक्रम में एक भावुक और प्रेरक पल तब देखने को मिला जब मंच से हजार से अधिक नागरिकों को योग का अभ्यास करा रहीं मुख्य योग शिक्षिका ममता साहू के माता-पिता और रिश्तेदार भी इस शिविर में शामिल हुए। अपनी बेटी के इस बेहतरीन नेतृत्व और राज्य स्तर पर मिल रहे सम्मान को देखकर उनके माता-पिता भावविभोर हो उठे। यह अनूठा आयोजन सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नागरिकों को स्वास्थ्य और एकजुटता का एक अमूल्य संदेश दे गया।

  • योग संगम पोर्टल पर पंजीकरण बढ़ाने पर जोर, 21 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक कार्यक्रम

    योग संगम पोर्टल पर पंजीकरण बढ़ाने पर जोर, 21 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक कार्यक्रम

     जयपुर
    12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर राज्य में प्रत्येक जिले, ब्लॉक, ग्राम पंचायत सभी निजी एवं राजकीय शिक्षण संस्थानों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर प्रातः 6 से 8 बजे तक आयोजित किया जायेगा। इस आयोजन को गतवर्ष की भांति इस वर्ष भी सफलतम बनाने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग एवं सहभागिता के लिए मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय में बैठक ली। जिसमें संबंधित विभागों के सचिवगण और सभी जिला कलेक्टर्स वीसी के माध्यम से उ​पस्थित रहें।

    बैठक में मुख्य सचिव ने योग दिवस के व्यापक आयोजन एवं योग संगम पोर्टल https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पर अधिक से अधिक पंजीकरण के साथ पूर्ण सहभागिता के संबंध में सभी विभागों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु निर्देश दिये। साथ ही, उक्त आयोजन के लिए 21 जून को सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों व महाविद्यालयों को खोले जाने, सभी चिकित्सा व नर्सिंग महाविद्यालयों में योग का आयोजन करने के साथ ही सभी कारागृहों, पुलिस थानों पर भी आयोजन करने एवं योग संगम पर पंजीकरण कराने व योग के उपरान्त प्रतिभा​गियों की संख्या एवं फोटो अपलोड करने के निर्देश प्रदान किये ।

    मुख्य सचिव ने प्रत्येक जिले में प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं राज्य में यूनेस्को द्वारा निर्धारित वर्ल्ड हेरिटेज साईट्स पर योग दिवस पर आयोजन किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में अधिक से अधिक स्थानीय आमजनों को सम्मिलित होने के लिए प्रेरित करें।

    उक्त आयोजन के दिन ही NEET की परीक्षा होने से इस परीक्षा को सफल एवं सुरक्षित आयोजित किये जाने के संबंध में एहतियात के साथ आयोजन किये जाने हेतु भी कलेक्टर्स को निर्देशित किया गया। साथ ही, सभी सहभागी विभागों एवं जिला कलेक्टरों को योग दिवस के आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये जाने एवं समन्वय हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किये जाने के संबंध में निर्देशित किया गया एवं  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की भावना को ध्यान में रखते हुए व्यापक आयोजन एवं गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी योग दिवस के आयोजन में देश में अग्रणी रहने के संबंध में निर्देशित किया गया।