Tag: vehicle deliverie

  • आगरा में त्योहारों पर 700 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कारोबार की उम्मीद, गाड़ियों की बुकिंग पर वेटिंग बढ़ी

    आगरा में त्योहारों पर 700 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कारोबार की उम्मीद, गाड़ियों की बुकिंग पर वेटिंग बढ़ी

     आगरा
     नवरात्र में बाजार में रौनक छाई है। दशहरा से ही शुभ बाजार है। दशहरा पर शहर में करीब एक हजार कारों और और दो हजार से अधिक दोपहिया वाहनों की डिलीवरी की तैयारी है। दीपावली तक चलने वाले त्योहारी सीजन में करीब तीन हजार कारों और 10 हजार बाइक व स्कूटी की डिलीवरी की जाएगी। इसके लिए गाड़ियों की बुकिंग की जा रही है। वेटिंग के चलते लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है।

    दशहरा पर इलेक्ट्रॉनिक आइटम और आभूषण शहरवासी घर लाएंगे। रियल एस्टेट कारोबार में भी बहार देखने को मिल रही है। पेंट बाजार में मजदूरों की कमी चल रही है। लोकल सर्किल्स के 'मूड ऑफ द कंज्यूमर' सर्वे के अनुसार त्योहारी सीजन में एक शहरी परिवार औसतन 20 हजार रुपये की खरीदारी कर सकता है।

    नगर निगम के क्षेत्र में करीब 3.5 लाख परिवार रहते हैं, इस हिसाब से त्याेहारी सीजन में 700 करोड़ का अतिरिक्त कारोबार होने की उम्मीद है।

    आज करीब एक हजार कारों और ढाई हजार दोपहिया वाहनों की होगी डिलीवरी
    नवरात्र की प्रतिपदा से शहर में त्योहारी सीजन शुरू हुआ था। दीपावली तक चलने वाले त्योहारी सीजन के बाद सहालग आ जाएगा। इससे बाजार में बूस्ट देखने को मिल रहा है। मारुति, टाटा, महिंद्रा, होंडा, हुंडई समेत अन्य ब्रांड की कारों की एडवांस बुकिंग की गई हैं। पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते मूल्य के चलते इलेक्ट्रिक व्हीकल पसंद किए जा रहे हैं।

    महिंद्रा की हाल ही में लांच हुई एक्सईवी 9एस माडल पर 12 से 15 माह तक की वेटिंग चल रही है। थार ओजी पर छह से आठ सप्ताह और स्कार्पियो न्यू पर दो से चार सप्ताह की वेटिंग है। किआ की इलेक्ट्रिक व्हीकल साइरोस और सेल्टोस के डीजल माडल पर वेटिंग चल रही है।

    ये गाड़ियां सबसे अधिक पसंद
    टाटा की टिआगो, नेक्सान और पंच सबसे अधिक पसंद की जा रही हैं। मारुति सुजुकी की ब्रीजा टर्बो पेट्रोल माडल और सीएनजी मॉडलों पर 15 से 20 दिन की वेटिंग चल रही है। एसयूवी सेक्टर में 1500 सीसी की ब्रिजा और विक्टोरिस मांग में हैं। दशहरा पर करीब ढाई हजार दोपहिया वाहनों की डिलीवरी होगी।

    नवरात्र से बाजार में छाई रौनक दशहरा और दीपावली तक जारी रहने की है उम्मीद
    हीरो, होंडा, टीवीएस, यामाहा, रायल इन्फील्ड के दोपहिया वाहनों के साथ ही इलेक्ट्रिक व्हीकल पसंद किए जा रहे हैं। हीरो की एचएम डीलक्स, स्पलेंडर, होंडा की एसपी-125, शाइन-125, शाइन डीलक्स पसंद की जा रही हैं। बजाज की पल्सर एन160,
    पल्सर 220एफ समेत अन्य माडल युवाओं की पसंद बने हुए हैं। टीवीएस का 110 सीसी का जुपिटर-113, अपाचे सबसे अधिक पसंद की जाने वाली बाइक बनी हुई है।

    यामाहा ने 200 सीसी बाइक में यामाहा आर-टू लांच किया है। इलेक्ट्रिक व्हीकल में हीरो का विडा वीएक्स टू, होंडा के क्यूसी वन, यामाहा के स्कूटर में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। रायल इनफील्ड के हिमालयन 440 माडल पर एक वर्ष की वेटिंग चल रही है।

    सराफा बाजार में मेकिंग चर्ज पर छूट
    सराफा बाजार में नए डिजाइन के हल्के जेवर लांच किए गए हैं। सोने के भाव अधिक होने से नौ, 14 व 18 कैरेट की ज्वेलरी पसंद की जा रही है। हीरे और रत्नों के जड़ाऊ आभूषण युवा अपनी लाइफस्टाइल के हिसाब से चुन रहे हैं। सराफा कारोबारी मेकिंग चार्ज पर 20 से 51 प्रतिशत तक छूट दे रहे हैं। आकर्षक उपहारों के साथ लकी ड्रॉ भी हैं।

    नवरात्र से दशहरा तक अनुमानित बिक्री
        रियल एस्टेट: करीब 150 करोड़ रुपये
        कार बिक्री: करीब 150 करोड़ रुपये
        बाइक व स्कूटी: करीब 35 करोड़ रुपये
        सोना व चांदी: करीब 25 कराेड़ रुपये
        इलेक्ट्रोनिक्स: करीब 25 कराेड़ रुपये
        पेंट, पीवीसी पैनल, वाल पेपर: करीब 10 करोड़ रुपये
        फर्नीचर: करीब पांच करोड़ रुपये

    लोकल सर्किल्स का मूड ऑफ द कंज्यूमर सर्वे
    सर्वे के अनुसार 18 प्रतिशत परिवार 10 हजार रुपये से कम, 30 प्रतिशत परिवार 10 हजार से एक लाख रुपये तक और नौ प्रतिशत परिवार एक लाख रुपये से अधिक की खरीदारी करेंगे। सर्वे के अनुसार 72 प्रतिशत परिवारों की त्योहारी खरीदारी में कपड़े, जूते व फैशन उत्पाद सबसे आगे रहेंगे। 10 प्रतिशत वाहनों की खरीद और छह प्रतिशत आभूषणों की खरीद करेंगे। छुट्टियों में घूमने-फिरने का खर्च भी बढ़ेगा।

    प्रोपर्टी बाजार में बीच में मूवमेंट कुछ स्लो हुआ था, लेकिन अब दोबारा ग्राहकों का मूवमेंट शुरू हो गया है। एक सप्ताह में रियल एस्टेट सेक्टर में अच्छी स्थिति देखने को मिलेगी।
    –
    शोभिक गोयल, प्रदेश सचिव क्रेडाई

    नवरात्र में गाड़ियों की अच्छी डिलीवरी हुई है। दशहरा पर करीब 80 गाड़ियों की डिलीवरी की जाएगी। धनतेरस के लिए गाड़ियों की अच्छी मांग है। 15 से 20 दिन की वेटिंग चल रही है।
    –
    अंशुल अग्रवाल, निदेशक आत्माराम महिंद्रा

    70-80 गाड़ियों की डिलीवरी सोमवार को महानवमी पर हुई। करीब इतनी ही गाड़ियां मंगलवार को दशहरा पर डिलीवर की जाएंगी। दीपावली तक प्रतिदिन 25 से 30 गाड़ियाें की डिलीवरी की जाएगी।
    –
    केके झा, उपाध्यक्ष केटीएल

    महानवमी पर सोमवार को करीब 100 बाइक और होंडा एक्टिवा की डिलीवरी हुई। बाजार अच्छा है। 10 से 15 गाड़ियों की प्रतिदिन बुकिंग दीपावली के लिए हो रही है। दिन के दिन बिक्री अलग हो रही है।
    –
    अमरेंद्र जैन, निदेशक आनंद जी होंडा

    सोने के दाम इन दिनों स्थिर हैं, जिससे ग्राहक सोने के आभूषणों की खरीद को निर्णय ले पा रहे हैं पिछले वर्ष की अपेक्षा 30 से 35 प्रतिशत तक ग्राहकों का फुटफाल बढ़ा हुआ है। मांग भी अच्छी है।
    –
    आनंद प्रकाश, प्रबंध निदेशक आभूषण ज्वेलर्स