Tag: traffic police

  • त्योहारों और क्रिकेट मैचों के बीच रांची में कड़ी होगी ट्रैफिक व्यवस्था, नंबर प्लेट छिपाने वालों पर भी कार्रवाई

    त्योहारों और क्रिकेट मैचों के बीच रांची में कड़ी होगी ट्रैफिक व्यवस्था, नंबर प्लेट छिपाने वालों पर भी कार्रवाई

     रांची
    गणेश पूजा, करमा पूजा, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के साथ अक्टूबर में होने वाले क्रिकेट मैच को देखते हुए रांची की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक यातायात की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।

    इस दौरान सभी यातायात थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को भीड़ और जाम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में आगामी त्योहारों और क्रिकेट मैच के दौरान संभावित यातायात दबाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक यातायात ने अधिकारियों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

    ब्लैक शीशा से लेकर नशे में ड्राइविंग तक पर होगी कार्रवाई
    यातायात पुलिस ब्लैक शीशा, फैन्सी नंबर प्लेट, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हार्न, रेस ड्राइविंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करेगी।

    निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर चलने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी। आटो और टोटो चालकों के यूनिफार्म में नहीं रहने तथा नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में भी अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

    नंबर प्लेट पर टेप लगाने वालों पर विशेष नजर
    वाहनों की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर नंबर छिपाने या नंबर प्लेट पर गलत तरीके से नंबर लिखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। ऐसे वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यातायात पोस्ट के आसपास की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई।

    अधिकारियों ने कहा कि कई स्थानों पर लेफ्ट फ्री रहने के बावजूद वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। इससे यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। चौक चौराहों पर अनावश्यक रूप से आटो और टोटो खड़े करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। यातायात थाना प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर ऐसी स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

    अतिक्रमण हटाने के लिए निगम के साथ समन्वय
    सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान, ठेला या अन्य सामान लगाने से यातायात प्रभावित होने वाले स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए यातायात पुलिस रांची नगर निगम की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाएगी।

    बारिश के कारण जिन स्थानों पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है, वहां यातायात थाना प्रभारी भ्रमणशील रहेंगे। जरूरत के अनुसार क्यूआरटी और अभियान टीम को भी लगाया जाएगा, ताकि जाम की स्थिति बनने पर तत्काल यातायात सामान्य कराया जा सके।

    स्कूल खुलने और छुट्टी के समय विशेष निगरानी
    स्कूलों के शुरू होने और छुट्टी होने के समय यातायात पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में विशेष रूप से भ्रमणशील रहेगी। इस दौरान स्कूलों के आसपास यातायात सुचारु रखने के साथ चौक चौराहों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

    बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात प्रथम और द्वितीय, सभी यातायात थाना प्रभारी एवं यातायात शाखा के अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक यातायात ने सभी अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

  • ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर रांची पुलिस की कड़ी कार्रवाई, हेलमेट उल्लंघन में सबसे ज्यादा 45,724 चालान

    ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर रांची पुलिस की कड़ी कार्रवाई, हेलमेट उल्लंघन में सबसे ज्यादा 45,724 चालान

    रांची
    यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ रांची यातायात पुलिस ने अगस्त माह में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक, यातायात के निर्देश पर एक से 29 अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान में चारपहिया, दोपहिया, आटो और टोटो वाहनों की सघन जांच की गई।

    इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 91,209 चालान काटे गए। वहीं, 268 मामलों को न्यायालय में अभियोजन के लिए भेजा गया। जारी आंकड़ों के अनुसार, हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ सबसे अधिक 45,724 चालान किए गए।

    इसके बाद नो-पार्किंग में 30,732, ओवरस्पीड के 4,047 और रेड लाइट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 3,796 चालान काटे गए। गलत दिशा में वाहन चलाने के मामले में भी पुलिस ने सख्ती बरतते हुए 3,311 चालान किए।

    इन नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई
    पुलिस ने बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर 416, फिक्सचर लाइट के मामले में 272, बिना वर्दी के 129, फैंसी नंबर प्लेट के 163, नो एंट्री के 812, बिना बीमा के 130 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 206 चालान किए। ट्रिपल राइडिंग के 36, शराब पीकर वाहन चलाने के 54, अतिरिक्त सवारी बैठाने के 243 और प्रेशर हार्न के इस्तेमाल पर 83 चालान काटे गए।

    वहीं, पिलियन राइडिंग के 324, प्रदूषण से जुड़े 229, टो वाहन से संबंधित 70, मॉडिफाइड साइलेंसर के 66 और ब्लैक फिल्म के आठ मामलों में कार्रवाई की गई। अन्य यातायात उल्लंघनों के लिए भी 358 चालान किए गए।

    268 मामले न्यायालय भेजे गए
    यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 91,209 चालान जारी किए गए, जिनकी कुल राशि 6,39,98,950 रुपये है। इसके अलावा 268 मामलों को न्यायालय में अभियोजन के लिए भेजा गया। इनमें आटो/टोटो से जुड़े 14, नंबर प्लेट के 16 और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण से संबंधित 238 मामले शामिल हैं।

    यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए वाहन चलाएं। खासकर दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।