Tag: Surya Ghar Yojana

  • पीएम सूर्य घर योजना की रफ्तार सुस्त, 49 हजार घरों में सोलर लगा; नवंबर तक 2.5 लाख का लक्ष्य

    पीएम सूर्य घर योजना की रफ्तार सुस्त, 49 हजार घरों में सोलर लगा; नवंबर तक 2.5 लाख का लक्ष्य

    पटना
    बिहार में गरीब परिवारों को मुफ्त बिजली देने के लिए पीएम सूर्य घर योजना अपने लक्ष्य से बहुत पीछे है। नवंबर तक राज्य में 2.50 लाख गरीब परिवारों के घरों की छतों पर 1.1 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य है। अभी तक सिर्फ 49 हजार घरों में ही सोलर प्लांट लगे हैं। ऐसे में अब लक्ष्य पूरा करने के लिए शेष बचे 100 दिनों में दो लाख एक हजार घरों में सोलर प्लांट लगाने की चुनौती है। यानी टारगेट पूरा करने के लिए अब हर दिन दो हजार घरों में सोलर प्लांट लगाना होगा।

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 14 जून को राज्य में इस योजना की शुरुआत की थी। आर्थिक रूप से कमजोर कुटीर ज्योति श्रेणी (बीपीएल) परिवार के घरों पर 1.1 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र शत-प्रतिशत सब्सिडी के साथ लगाये जा रहे हैं। प्रथम चरण में 2.5 लाख उपभोक्तओं की छतों पर सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना यूटिलिटी-लेड एग्रीगेशन (यूएलए) मॉडल के तहत सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य है। योजना शुरू होने के दो माह आठ दिनों में 49 हजार घरों में सोलर प्लांट लगे हैं। यानी अभी प्रति दिन लगभग 720 घरों में ही सोलर प्लांट लग रहे हैं। यही रफ्तार रही तो तीन साल में राज्य के 58 लाख गरीब परिवारों के घरों की छतों पर सोलर कैसे लगेगी, यह सवाल है।

    सोलर प्लांट के लिए 98 हजार तक अनुदान
    पीएम सूर्य घर बिजली योजना के तहत सामान्य परिवारों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने के लिए भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। आवासीय भवनों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने के लिए केंद्रीय योजना के तहत तीन किलोवाट या इससे अधिक क्षमता के लिए 78 हजार रुपए अनुदान देने का प्रावधान है।

    पिछले दिनों राज्य सरकार ने तीन किलोवाट क्षमता के सोलर पलांट लगाने के लिए 20 हजार रुपये अनुदान देने का निर्णय लिया है। यानी अब तीन किलोवाट सोलर प्लांट लगाने के लिए 98 हजार रुपये अनुदान मिलेगा। तीन किलोवाट सोलर प्लांट लगाने में औसतन दो लाख रुपये खर्च होते हैं। इस अनुदान से सोलर प्लांट लगाने के इच्छुक लोगों को काफी फायदा पहुंचता है।

    बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा है कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के यूएलए मॉडल के तहत नवंबर अंत तक ढाई लाख गरीब परिवारों के घरों में सोलर प्लांट लगाना है। इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है। एजेंसियों को रफ्तार बढ़ाने की चेतावनी दी गई है। लापरवाह एजेंसी को कालीसूची में डाला जाएगा।

  • PM Surya Ghar Yojana का असर, राजनांदगांव के साहू परिवार ने सौर ऊर्जा से लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी

    PM Surya Ghar Yojana का असर, राजनांदगांव के साहू परिवार ने सौर ऊर्जा से लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी

    प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से राजनांदगांव का साहू परिवार बना ऊर्जा आत्मनिर्भर

    3-3 किलोवाट के दो सोलर रूफटॉप प्लांट से बिजली बिल हुआ शून्य, अतिरिक्त आय का भी खुला रास्ता

    रायपुर,
    प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना प्रदेश में ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित ऊर्जा को नई गति दे रही है। राजनांदगांव जिले के ग्राम गठुला का साहू परिवार इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपना बिजली बिल शून्य करने में सफल हुआ है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की प्रेरक मिसाल भी बन गया है।

    ग्राम गठुला में टीकम होटल का संचालन करने वाले श्री अंकालु राम साहू और उनके पुत्र श्री कुंदन साहू ने अपने घर पर 3-3 किलोवाट क्षमता के दो सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित किए। होटल व्यवसाय के कारण प्रतिमाह 4 से 5 हजार रुपये तक का बिजली बिल आता था, जिसे कम करने के लिए उन्होंने सौर ऊर्जा को अपनाया।

    साहू परिवार ने योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर पंजीकृत वेंडर के माध्यम से सोलर प्लांट स्थापित कराया। दोनों प्लांटों की कुल लागत लगभग 4 लाख रुपये रही, जिसमें केंद्र एवं राज्य शासन से कुल 2 लाख 16 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में प्राप्त हुई। इससे उनकी लागत में उल्लेखनीय कमी आई।

    सोलर प्लांट शुरू होने के बाद परिवार का बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत अतिरिक्त उत्पादित बिजली ग्रिड में भेजी जा रही है, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय की भी संभावना बनी है। अब साहू परिवार केवल बिजली का उपभोक्ता नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादक भी बन गया है।
    साहू परिवार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम नागरिकों के लिए आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है।
    उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने पर केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा आकर्षक सब्सिडी के साथ राष्ट्रीयकृत बैंकों के माध्यम से रियायती ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक परिवार स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा से जुड़ रहे हैं।