Tag: relief operations.

  • अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज, प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश

    अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज, प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश

    लखनऊ

    प्रदेश में लगातार हुई अतिवृष्टि के बाद जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार ने राहत एवं निगरानी कार्य तेज कर दिए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता से जल निकासी कराने और पानी निकलने के बाद तत्काल सफाई व सैनिटाइजेशन कराने को कहा गया है, ताकि संचारी रोगों की आशंका को रोका जा सके। साथ ही प्रमुख सड़कों एवं मार्गों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

    बैठक में मंत्री एके शर्मा ने विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई और रोगों से बचाव के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता और जनसुविधाओं को और बेहतर किया जाए। प्रमुख सड़कों और मार्गों को गड्ढामुक्त करने के साथ धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार सुशोभन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

    ऊर्जा विभाग की समीक्षा में मंत्री शर्मा ने शासन और सभी डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों के साथ मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता स्तर तक के अधिकारियों से वर्चुअल बैठक कर अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित विद्युत अवसंरचना की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द सामान्य करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण और मैनपावर लगाने के निर्देश दिए।

    मंत्री ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारु है, लेकिन जहां जलभराव या अन्य कारणों से आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां बहाली में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी रखते हुए स्थानीय परिस्थितियों का आकलन किया जाए। क्षतिग्रस्त लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत अवसंरचना की मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

  • सतना जिले के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित

    सतना जिले के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित

    भोपाल 

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सुबह सतना जिले के चित्रकूट में अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और नागरिकों से भेंट के बाद जिला प्रशासन सतना को आवश्यक कार्यों के लिए स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओरछा (जिला निवाड़ी) से दिन भर सतना जिला प्रशासन से राहत कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनता को राहत पहुंचाने में कोई कमी नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर, सतना द्वारा जानकारी दी गई कि अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए जिले के सभी विद्यालयों में 31 अगस्त और 1 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार अतिवृष्टि के कारण प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए अधिकारियों को तीन दिन तक चित्रकूट में रहकर आवश्यक सहायता कार्यों को सुनिश्चित करने और क्षेत्र की निरंतर निगरानी के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि प्रभावितों को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6/4 के प्रावधानों के अनुसार विभिन्न तरह की हानि के लिए निर्धारित सहायता राशि प्रदान करने का कार्य किया जाए।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश

    • सभी बाढ़ प्रभावित नागरिकों के लिए भोजन, वस्त्र, पेयजल, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं।
    • प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई जाए, रेस्क्यू किए गए ग्रामीणों के लिए भी शुद्ध पेयजल और भोजन सुनिश्चित किया जाए।
    •   बाढ़ से नुकसान के आकलन का कार्य समय पर हो।
    •  जिला प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारी, प्रभावित क्षेत्र का निरंतर दौरा करे एवं वहीं रात्रि विश्राम करें। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ का समुचित सहयोग प्राप्त किया जाए।
    •  सभी प्रभावितों को सूखा राशन एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री भी पहुंचाई जाए।
    • प्रभावित परिवारों को प्रशासन के साथ ही अन्य आवश्यक सामग्री देने वाले स्वैच्छिक सहयोगियों से प्राप्त सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाए।
    •  स्थानीय निवासियों के साथ ही जो श्रद्धालु इस समय चित्रकूट आए हुए हैं, उन्हें भी आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।