Tag: Recruitment

  • स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती

    स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती

    रायपुर

     छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री  विष्णु देव साय द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के क्रम में विभाग द्वारा व्याख्याता पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है।

    लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार व्याख्याता के कुल 854 पदों में ई-संवर्ग की शालाओं में 424 पद तथा टी-संवर्ग की शालाओं में 430 पद भरे जाएंगे।विषयवार रिक्त पदों में हिन्दी के 120, अंग्रेजी के 120, संस्कृत के 120, भौतिकी के 94, राजनीति शास्त्र के 100, इतिहास के 100, भूगोल के 100 तथा अर्थशास्त्र के 100 पद शामिल हैं।

    भर्ती के लिए आवश्यक शैक्षणिक अर्हता, आयु सीमा एवं अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी भर्ती विज्ञापन में दी जाएगी। भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। विस्तृत विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

    व्याख्याता पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) द्वारा किया जाएगा। भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन भरने की तिथि एवं अन्य आवश्यक जानकारी CGSSB द्वारा पृथक से जारी की जाएगी।

  • सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, उत्तराखंड में समूह ‘ग’ के पदों पर भर्ती

    सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, उत्तराखंड में समूह ‘ग’ के पदों पर भर्ती

    देहरादून.

    उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-तृतीय और आशुलिपिक ग्रेड-2/ स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के 101 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

    आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती में आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के सर्वाधिक 22 पद हैं। उत्तराखंड वन विकास निगम में 10, आयुक्त कुमाऊं मंडल में आठ, ग्राम्य विकास विभाग में आठ, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग में सात, उच्च शिक्षा विभाग में छह और उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में पांच पद शामिल हैं।

    आयोग के सचिव एनएस डुगरियाल के अनुसार अभ्यर्थी के नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र के साथ हाईस्कूल प्रमाण-पत्र तथा आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। आरक्षण से संबंधित श्रेणी का प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा। जिन पदों के लिए अनुभव प्रमाण-पत्र अनिवार्य है, उनके लिए संबंधित प्रमाण-पत्र भी देना होगा।

    संशोधन का मौका 17 से 19 अक्टूबर तक
    आयोग की वेबसाइट पर आवेदन पत्र में संशोधन 17 से 19 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 20 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन संबंधी सहायता के लिए आयोग ने टोल फ्री नंबर 9520991172 और वाट्सऐप नंबर 9520991174 पर अभ्यर्थी संपर्क कर सकते हैं।

  • सहकारी बैंकों में 4,500 से ज्यादा पद रिक्त, IBPS से 886 पदों पर भर्ती की तैयारी

    सहकारी बैंकों में 4,500 से ज्यादा पद रिक्त, IBPS से 886 पदों पर भर्ती की तैयारी

    चंडीगढ़
     हरियाणा के सहकारी बैंकों में कर्मचारियों की भारी कमी सामने आई है। विधानसभा में मुलाना की कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने 23 अगस्त 2026 की स्थिति के आधार पर बैंकों में स्वीकृत पदों, कार्यरत नियमित कर्मचारियों और रिक्त पदों का ब्योरा दिया है।

    आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के सहकारी बैंकों में कुल 5,148 स्वीकृत पदों में से 582 पर ही नियमित कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 4,566 पद खाली हैं।

    सरकार के जवाब के अनुसार हरको बैंक में 591 स्वीकृत पद हैं। इनमें 207 कर्मचारी नियमित रूप से कार्यरत हैं, जबकि 108 पद रिक्त हैं।

    वहीं हरियाणा राज्य के जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों की स्थिति कहीं अधिक गंभीर है। यहां 4,557 स्वीकृत पदों में सिर्फ 375 कर्मचारी नियमित रूप से कार्यरत हैं और 4,182 पद खाली हैं।

    हरको बैंक में श्रेणी-ए के 45 स्वीकृत पदों में 33 कर्मचारी कार्यरत और 12 पद रिक्त हैं। श्रेणी-बी के 139 पदों में 80 कर्मचारी कार्यरत और 59 पद रिक्त हैं। श्रेणी-सी में 287 पदों में 69 कर्मचारी कार्यरत और 218 पद रिक्त हैं। श्रेणी-डी के 120 पदों में 25 कर्मचारी कार्यरत और 95 पद रिक्त हैं।

    जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों में श्रेणी-सी के 3,087 स्वीकृत पदों में 333 कर्मचारी कार्यरत और 2,754 पद रिक्त हैं। इसी तरह श्रेणी-डी के 1,470 पदों में केवल 42 कर्मचारी कार्यरत हैं और 1,428 पद खाली हैं।

    886 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
    बैंकों में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए सरकार ने फिलहाल 886 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। मंत्री के जवाब के अनुसार यह भर्ती आइबीपीएस (इंस्टीट्यूट आफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन) के माध्यम से की जा रही है।

    इसमें हरको बैंक तथा प्रदेश के 17 जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के 33 सीनियर अकाउंटेंट, 116 जूनियर अकाउंटेंट तथा 737 क्लर्क के पद शामिल हैं। इन पदों को शीघ्र भरने की बात सरकार ने कही है। आइबीपीएस बैंकिंग क्षेत्र में भर्ती और चयन प्रक्रिया संचालित करने वाली संस्था है।

    इस भर्ती से तत्काल स्तर पर बैंकों में मानव संसाधन की कमी को कुछ हद तक दूर करने की उम्मीद है। हालांकि आंकड़ों से स्पष्ट है कि 4,566 रिक्त पदों के मुकाबले फिलहाल 886 पद ही भर्ती प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं। यानी बड़ी संख्या में पदों पर अभी भी नियुक्ति की जरूरत बनी हुई है।

    आंकड़ों की नजर में सहकारी बैंकों की स्थिति
        कुल स्वीकृत पद: 5,148
        नियमित कार्यरत कर्मचारी: 582
        कुल रिक्त पद: 4,566
        हरको बैंक में स्वीकृत पद: 591
        हरको बैंक में कार्यरत: 207
        हरको बैंक में रिक्त: 108
        जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों में स्वीकृत पद: 4,557
        जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों में कार्यरत: 375
        जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों में रिक्त पद: 4,182
        तत्काल भर्ती प्रक्रिया: 886 पद
        इनमें सीनियर अकाउंटेंट: 33
        जूनियर अकाउंटेंट: 116
        क्लर्क: 737

     

  • 76,000 शिक्षकों की बंपर भर्ती का ऐलान! राजस्थान में गेस्ट फैकल्टी को मिलेगा ₹21 हजार से ₹30 हजार तक मानदेय

    76,000 शिक्षकों की बंपर भर्ती का ऐलान! राजस्थान में गेस्ट फैकल्टी को मिलेगा ₹21 हजार से ₹30 हजार तक मानदेय

    जयपुर
    राजस्थान के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की किल्लत को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. प्रदेश भर के विभिन्न जिलों में शिक्षकों की कमी को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों और आंदोलनों के बीच सरकार ने 'विद्या संबल योजना' के तहत बड़े पैमाने पर भर्ती का फैसला लिया है. इस योजना के जरिए प्रदेश के सभी स्कूलों में कुल 76,000 गेस्ट फैकल्टी (शिक्षकों) की तैनाती की जाएगी। 

    शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए गाइडलाइन तय की है. योजना के मुताबिक, विभाग हर एक खाली पद के लिए तीन आवेदनों को शॉर्टलिस्ट करेगा. इसके बाद आवेदकों की योग्यता और मेरिट के आधार पर सबसे योग्य उम्मीदवार को शिक्षक के रूप में स्कूल में नियुक्त किया जाएगा। 

    कक्षा के हिसाब से तय हुआ मानदेय 
    विद्या संबल योजना के तहत नियुक्त होने वाले शिक्षकों को प्रति घंटे (Hourly Basis) के हिसाब से मानदेय दिया जाएगा, जिसकी अधिकतम मासिक सीमा भी तय की गई है:

    कक्षा 1 से 8वीं (प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक): ₹300 प्रति घंटा (अधिकतम ₹21,000 प्रति माह)

    कक्षा 9वीं और 10वीं (माध्यमिक): ₹350 प्रति घंटा (अधिकतम ₹25,000 प्रति माह)
    कक्षा 11वीं और 12वीं (उच्च माध्यमिक): ₹400 प्रति घंटा (अधिकतम ₹30,000 प्रति माह)

    आंदोलनों के बीच सरकार का बड़ा फैसला
    गौरतलब है कि राजस्थान के कई इलाकों में सरकारी स्कूलों में विषय अध्यापकों के पद खाली होने के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी. इसे लेकर स्थानीय स्तर पर अभिभावक और छात्र लगातार विरोध-प्रदर्शन और तालाबंदी कर रहे थे. सरकार के इस फैसले से जहां एक तरफ स्कूलों में शिक्षकों की कमी तुरंत पूरी होगी, वहीं दूसरी तरफ युवाओं को रोजगार का मौका भी मिलेगा। 

  • UP में भर्ती प्रक्रिया को मिली रफ्तार, 1828 पदों के लिए 1643 अभ्यर्थी चयनित; पारदर्शिता पर जोर

    UP में भर्ती प्रक्रिया को मिली रफ्तार, 1828 पदों के लिए 1643 अभ्यर्थी चयनित; पारदर्शिता पर जोर

    योगी सरकार में निष्पक्ष-पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जारी, 1828 पदों पर 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन

    सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित

    यूपीएसएसएससी ने जारी की चयनित अभ्यर्थियों की सूची और कटऑफ

    आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची तथा विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ वेबसाइट पर की अपलोड

    सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थियों का किया गया चयन

    सहायक लेखाकार के 950 विशेष चयन पदों के सापेक्ष 866 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित

    आयोग ने लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 206 अभ्यर्थियों का चयन किया

    लखनऊ,
     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने विज्ञापन संख्या-03-परीक्षा/2024 के तहत आयोजित सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 1828 विज्ञापित पदों के सापेक्ष 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची तथा विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ लिस्ट अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी हैं।

    668 सामान्य चयन पदों पर 570 अभ्यर्थी चयनित
    आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 570 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 387, अन्य पिछड़ा वर्ग के 117 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 66 अभ्यर्थी शामिल हैं। अनुसूचित जाति के 88 और अनुसूचित जनजाति के 10 पदों के सापेक्ष संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण इन पदों को नियमानुसार अग्रनीत किया गया है।

    950 विशेष चयन पदों में 866 अभ्यर्थियों को मिली सफलता
    सहायक लेखाकार के 950 विशेष चयन पदों के सापेक्ष 866 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए हैं। इनमें अनुसूचित जाति के 341, अनुसूचित जनजाति के 12 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 513 अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत विज्ञापित 190 पदों के सापेक्ष सभी 190 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

    लेखा परीक्षक के 209 पदों पर 206 चयनित
    आयोग ने लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पदों के सापेक्ष 206 अभ्यर्थियों का चयन किया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के 96, अनुसूचित जाति के 28, अनुसूचित जनजाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 58 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं।
    महिला क्षैतिज आरक्षण के तहत 41 पदों के सापेक्ष सभी 41 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

    विधिक सेवा प्राधिकरण के पद पर भी चयन
    उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार के एक पद पर भी एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। यह पद अनारक्षित श्रेणी का था।

    68 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक
    आयोग ने 68 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से अंतिम चयन परिणाम में शामिल किया है। इनका अंतिम चयन प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमाण पत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण के बाद आयोग और संबंधित अधियाचनकर्ता विभाग के निर्णय पर निर्भर होगा।
    आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अंतिम चयन परिणाम संबंधित उच्च न्यायालय में विचाराधीन रिट याचिकाओं/विशेष अपीलों तथा भविष्य में दायर होने वाले संबंधित मामलों में पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेगा।

    पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर सरकार का जोर
    योगी सरकार लगातार प्रदेश में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने पर जोर दे रही है। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के साथ चयन आयोगों के माध्यम से परिणाम जारी किए जा रहे हैं। सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के इन पदों पर चयन से बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा। 

    वेबसाइट पर चयन सूची और कटऑफ उपलब्ध
    यूपीएसएसएससी ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक की सूची और श्रेणीवार कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। अभ्यर्थी अपने परिणाम एवं चयन से संबंधित विवरण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

  • बिहार में शिक्षक बनने का सुनहरा मौका! BPSC TRE-4 के लिए 32,388 पदों की सूची भेजी गई, जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

    बिहार में शिक्षक बनने का सुनहरा मौका! BPSC TRE-4 के लिए 32,388 पदों की सूची भेजी गई, जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

    पटना 

    बिहार में TRE-4 नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया है कि TRE-4 के अंतर्गत 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग द्वारा अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी गई है. इसके साथ ही सीएम सम्राट चौधरी ने भर्तियों का आंकड़ा भी जारी कर दिया है. इसमें बताया गया है कि कौन सी कक्षा के लिए कितने पदों पर भर्ती की जाएगी. इसके बाद अब कभी भी नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। 

    सीएम ने किया पोस्ट 
    लाखों अभ्यर्थियों को ये बड़ी जानकारी देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने लिखा, TRE-4 के अंतर्गत 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग द्वारा अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी गई है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। 

    पदों का पूरा ब्योरा

        कक्षा 1–5: 3,847
        कक्षा 6–8: 8,563
        कक्षा 9–10: 3,877
        कक्षा 11–12: 16,101
        कुल पद : 32,388

    लंबे समय से बिहार के अभ्यर्थी लगातार टीआरई-4 को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, इसी बीच सीएम की तरफ से ये बड़ा ऐलान किया गया है. इस ऐलान के साथ ही सम्राट चौधरी ने लिखा कि हमारी सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। 

  • सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! राजस्थान में 24,752 सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती, बिना परीक्षा मिलेगा चयन; अनपढ़ भी पात्र

    सरकारी नौकरी का बड़ा मौका! राजस्थान में 24,752 सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती, बिना परीक्षा मिलेगा चयन; अनपढ़ भी पात्र

    जयपुर 

    राजस्थान में 24752 पदों पर सफाई कर्मचारियों के पदों पर भर्ती निकाली गई है। राज्य सरकार की ओर से प्रदेश की 183 से नगरीय निकायों (नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम) में संविदा (कॉन्ट्रेक्ट) के तहत यह भर्ती निकाली है। इस भर्ती के आवेदन 15 अगस्त 2026 से आवेदन लिए जाएंगे। एप्लाई करने की आखिरी तारीख 28 सितंबर है। आवेदन एसएसओ (SSO) आईडी या राजस्थान स्वायत्त शासन निदेशालय की वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकेंगे। आवेदन के समय लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। चयन लॉटरी से होगा। परीक्षा और इंटरव्यू नहीं होंगे। कोई भी अभ्यर्थी अपनी इच्छानुसार केवल एक ही नगरीय निकाय से आवेदन कर सकेगा। एक से अधिक निकायों में आवेदन करने पर अभ्यर्थी के सभी आवेदन पत्र निरस्त (रद्द) कर दिए जाएंगे। 5 साल तक संविदा पर काम करने और संतोषजनक सेवा देने के बाद इन कर्मचारियों को स्थाई (नियमित) कर दिया जाएगा।

    आयु सीमा और योग्यता
    आयु: 1 जनवरी 2027 के अनुसार आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। महिला अभ्यर्थियों और आरक्षित श्रेणियों (SC, ST, OBC, MBC, EWS) को अधिकतम आयु सीमा में 5 से 10 वर्ष तक की छूट मिलेगी।

    शैक्षणिक योग्यता: इस भर्ती के लिए कोई न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। यानी अनपढ़ भी योग्य है।

    मूल निवास: आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
    सबसे अधिक पदों वाले नगर निकाय:

    जयपुर: 4,811 पद

    कोटा: 1,357 पद

    बीकानेर: 1,084 पद

    जोधपुर: 890 पद

    सीकर: 480 पद

    भरतपुर: 450 पद

    अलवर: 426 पद

    भिवाड़ी: 350 पद

    धौलपुर: 340 पद

    चूरू: 320 पद

    उदयपुर: 300 पद

    भीलवाड़ा: 296 पद

    अजमेर: 290 पद

    झुंझुनूं: 287 पद

    पाली: 287 पद

    अनुभव कितना होना चाहिए
    अभ्यर्थी को राज्य के किसी भी नगरीय निकाय, केंद्र/राज्य सरकार के उपक्रम, या अधिकृत ठेकेदार/संस्था में न्यूनतम 1 वर्ष का सफाई कार्य का व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए।

    अनुभव प्रमाण-पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित होना चाहिए और यह 1 अगस्त 2026 के बाद का जारी किया हुआ ही मान्य होगा।

    चयन प्रक्रिया
    कोई परीक्षा या इंटरव्यू नहीं: इस भर्ती में ना तो कोई लिखित परीक्षा होगी और ना ही इंटरव्यू लिया जाएगा।

    लॉटरी सिस्टम से होगा चयन
    चयन प्रक्रिया ऑनलाइन लॉटरी के जरिए होगी, जिसे सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) के सॉफ्टवेयर के माध्यम से निकाला जाएगा। लॉटरी से पहले दस्तावेजों की जांच होगी।

    प्राथमिकता
    सबसे पहले उसी निकाय के अनुभवी स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

    आवेदन शुल्क
    सामान्य वर्ग के लिए 600 रुपये।

    आरक्षित वर्ग और दिव्यांगों के लिए 400 रुपये।

    वेतन और नौकरी की शर्तें (स्थायीकरण)
    यह भर्ती 'राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022' के तहत की जा रही है। संविदा के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को 7,410 रुपये प्रतिमाह का नियत मानदेय दिया जाएगा।

    आरक्षण की व्यवस्था
    भर्ती में महिलाओं के लिए 30% क्षैतिज आरक्षण तय किया गया है।

    इसके अलावा दिव्यांगों के लिए 4% और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2% आरक्षण का प्रावधान है।

    SC, ST, OBC, MBC और EWS वर्गों को नियमानुसार आरक्षण मिलेगा।

  • MP पुलिस भर्ती का प्रस्ताव तैयार, 10 हजार पदों पर होगी नियुक्ति, परीक्षा को लेकर सस्पेंस बरकरार

    MP पुलिस भर्ती का प्रस्ताव तैयार, 10 हजार पदों पर होगी नियुक्ति, परीक्षा को लेकर सस्पेंस बरकरार

    भोपाल

    भोपाल में 11 मई को केएफ रुस्तम जी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस आरक्षकों सहित पुलिस में 10 हजार पदों पर शीघ्र भर्ती किए जाने की घोषणा की। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि भर्ती कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) से होगी या पुलिस भर्ती बोर्ड से। पुलिस मुख्यालय भी भ्रम की स्थिति में है। मुख्यालय ने भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इसमें 1,041 पद उप निरीक्षक और सूबेदारों के भी हैं।

    भर्ती बोर्ड के गठन का प्रस्ताव अब भी लंबित
    भर्ती प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद चयन की प्रक्रिया प्रारंभ होनी है। पुलिस मुख्यालय के अधिकारी चाहते हैं कि इसके पहले भर्ती बोर्ड गठित हो जाए जिससे तेज गति से इन पदों पर भर्ती की जा सके।

    मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष अप्रैल में पुलिस मुख्यालय में एक बैठक के दौरान पुलिस भर्ती बोर्ड बनाने के लिए कहा था, जिससे भर्तियों में देरी नहीं हो। घोषणा के एक माह बाद पुलिस मुख्यालय ने शासन को प्रस्ताव भी भेज दिया था, पर तब से परीक्षण ही चल रहा है।

    गृह विभाग करेगा व्यवहार्यता का अध्ययन
    अब गृह विभाग के नए एसीएस संजय शुक्ला प्रस्ताव का परीक्षण करेंगे। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) और विधि विभाग के साथ बैठक कर प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, गृह विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बोर्ड बनाने के संबंध में व्यवहार्यता (फिजिबिलिटी) अध्ययन किया जा रहा है। शीघ्र ही गठन को लेकर निर्णय हो जाएगा।

    अन्य राज्यों की तर्ज पर तैयारी
    बता दें, मुख्यमंत्री ने प्रतिवर्ष 7500 पदों के मान से तीन वर्ष में 22,500 पदों पर भर्ती करने के लिए कहा है। ईएसबी में अन्य परीक्षाओं का दबाव होने के कारण कई बार लिखित परीक्षा आयोजित कराने में देरी होती है। इसी कारण पुलिस भर्ती बोर्ड बनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, आंध्र प्रदेश सहित 15 से अधिक राज्यों में पुलिस की भर्ती के लिए अलग भर्ती बोर्ड बने हुए हैं।

     

  • 700 पदों के लिए छत्तीसगढ़ शासकीय महाविद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया शुरू

    700 पदों के लिए छत्तीसगढ़ शासकीय महाविद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया शुरू

    छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ

    सहायक प्राध्यापक के 625, ग्रंथपाल के 50 एवं क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर होगी नियुक्ति

    रायपुर
    मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की विशेष पहल पर राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण एवं सहायक सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न शैक्षणिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विभाग द्वारा सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद तथा क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों सहित कुल 700 पदों पर भर्ती की जाएगी।

    उच्च शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य शासन के प्रचलित नियमों के अनुसार आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्तियों का निर्धारण करते हुए उनका विस्तृत रोस्टर ब्रेक-अप भी तैयार कर लिया है। भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को 24 फरवरी 2026 को विस्तृत जानकारी के साथ पत्र भी भेजा जा चुका है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र एवं प्राणीशास्त्र के 50-50 पदों, अर्थशास्त्र, इतिहास, भूगोल के 25-25 पदों, कम्प्यूटर एप्लीकेशन के 15, वाणिज्य के 75, विधि के 10 पदों पर भर्ती के साथ ही क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद तथा ग्रंथपाल के 50 पदों सहित कुल 700 पदों पर भर्ती की जाएगी।

    विभाग द्वारा इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों की संख्या, परीक्षा हेतु पाठ्यक्रम तथा विज्ञापन प्रारूप भी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को प्रेषित कर दिया गया है। आयोग द्वारा आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के पश्चात भर्ती संबंधी विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इन पदों पर नियुक्ति से राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी।

    यह भी उल्लेखनीय है कि राज्य के महाविद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग द्वारा प्रत्येक स्वीकृत पद के विरुद्ध अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था सहायक प्राध्यापक एवं प्राध्यापक पदों के साथ-साथ ग्रंथपाल तथा क्रीड़ा अधिकारी के पदों पर भी लागू है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की शैक्षणिक बाधा का सामना न करना पड़े। विभाग द्वारा नियुक्त अधिकांश अतिथि शिक्षक पीएच.डी. उपाधिधारी हैं तथा नेट एवं सेट जैसी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षाओं से योग्य हैं। ये शिक्षक वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण प्रदान कर रहे हैं तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।