Tag: Punjab Assembly

  • पंजाब विधानसभा में आज गरमाएगा सदन, 8 विधेयकों पर चर्चा के बीच नशे और पेपर लीक पर विपक्ष का हंगामा

    पंजाब विधानसभा में आज गरमाएगा सदन, 8 विधेयकों पर चर्चा के बीच नशे और पेपर लीक पर विपक्ष का हंगामा

    चंडीगढ़.

    पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के सोमवार आखिरी दिन की कार्रवाई शुरू हो गई है। आज का दिन काफी अहम रहने वाला है। सदन में सरकार की ओर से कुल आठ विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें जीएसटी में संशोधन, शिक्षकों व गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सेवा, ठेका कर्मियों की नीति, विश्वविद्यालयों और पंचायत व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।

    शुरुआत से पहले ही कांग्रेस का प्रदर्शन देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस ने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए उसे ‘झूठ का पुलिंदा’ और ‘गप्पे मारने वाली सरकार’ करार दिया। विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार सदन में प्रश्नकाल के बाद गैर-सरकारी कार्य होगा। इसके बाद नियम 16 के तहत प्रस्ताव और फिर विधायी कामकाज लिया जाएगा। सरकार की ओर से कुल आठ विधेयक पेश करने और उन्हें विचार-विमर्श के बाद पारित कराने का प्रस्ताव है। कार्यसूची के अनुसार प्रश्नकाल में विभिन्न सदस्यों की ओर से जल संसाधन, किसानों और पीएसपीसीएल से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।

    विधायक उठाएंगे विभिन्न मुद्दे
    राणा इंदर प्रताप सिंह की ओर से जल संसाधन मंत्री का ध्यान पंजाब के किसानों और सतलुज दरिया से जुड़े मुद्दे की ओर दिलाया जाएगा। इसके अलावा जसविंदर सिंह खिलपुर की ओर से रोपड़ जिले में पेयजल से जुड़ी समस्या तथा किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया जाएगा। गुरमीत सिंह की ओर से पीएसपीसीएल के बकाया बिजली बिलों के निपटारे के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम (ओटीएस) लागू करने की मांग से संबंधित ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके बाद नियम 16 के तहत सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर कार्रवाई होगी।

    इन विधेयकों पर होगी कार्रवाई –
    आज विधानसभा में कुल 8 विधेयक पेश किए जाएंगे। जिन्हें दो चरणों में पेश किया जाएगा। 

    पहले चरण में-

    • विधायी कामकाज के तहत सबसे पहले पंजाब कामन इंटरडिस्ट्रिक्ट ट्रांसफर (रेगुलेशन एंड सिलेक्शन) सर्विस बिल, 2026 को पेश करने और विचार के बाद पारित करने का प्रस्ताव है।
    • इसके बाद पंजाब गवर्नमेंट एंड टीचर्स एंड नान-टीचिंग एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस (सेवा) बिल, 2026 पर कार्रवाई होगी।
    • इसके अलावा कल्याण विभाग से संबंधित विधेयक, 2026 पर कार्य होगा।
    • पंजाब एमेच्योर डिजिटल यूनिवर्सिटी विधेयक, 2026 पेश होंगे।
    • विश्वविद्यालयों से संबंधित विधेयक, 2026 भी सदन में पेश किए जाएंगे।

    दूसरे चरण में-

    • पंजाब गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (संशोधन) बिल, 2026 पेश् होगा।
    • पंजाब राज्य आउटसोर्समेंट पालिसी/ट्रांजिशन टू कांट्रैक्चुअल एंगेजमेंट बिल, 2026 पर कार्य होगा।
    • पंजाब पंचायत राज (संशोधन) बिल, 2026 पेश किए जाने का प्रस्ताव कार्यसूची में शामिल है।

    इस तरह आज सदन में प्रश्नकाल के साथ ही किसानों, बिजली उपभोक्ताओं और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के अलावा कर व्यवस्था, संविदा नियुक्तियों, विश्वविद्यालयों और पंचायत व्यवस्था से जुड़े विधायी प्रस्तावों पर सरकार और विपक्ष के बीच चर्चा होने के आसार हैं।

  • पंजाब विधानसभा में फिर गूंजा बरगाड़ी-बहबल कलां मामला, चौथे दिन विपक्ष ने सरकार को घेरा

    पंजाब विधानसभा में फिर गूंजा बरगाड़ी-बहबल कलां मामला, चौथे दिन विपक्ष ने सरकार को घेरा

    चंडीगढ़.

    पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को प्रश्नकाल शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर बैनर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।

    नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के नेतृत्व में विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बरगाड़ी बेअदबी तथा बहबल कलां गोलीकांड के मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार से सवाल किया कि "बरगाड़ी बेअदबी कांड के गुनहगार कहां हैं?" और "बहबल कलां गोलीकांड के दोषियों को सजा कब मिलेगी?" विपक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने इन मामलों में जल्द न्याय दिलाने का वादा किया था, लेकिन आज तक दोषियों को सजा नहीं मिल सकी।

    लोगों को गुमराह करने के आरोप
    नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार केवल पंजाब के लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का हर वर्ग सरकार से निराश है। कर्मचारियों की मांगें लंबित हैं, किसान परेशान हैं, युवा रोजगार को लेकर चिंतित हैं और आम लोगों के मुद्दों का समाधान नहीं हो रहा।

    मुद्दों से भटकाने का प्रयास
    उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि जनता जवाब चाहती है। बाजवा ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा के भीतर भी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी। प्रदर्शन के बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए विधानसभा के भीतर पहुंचे।

  • पंजाब विधानसभा के तीसरे दिन विपक्ष का हंगामा, प्रश्नकाल के बीच कांग्रेस के नारे; बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का बड़ा एजेंडा

    पंजाब विधानसभा के तीसरे दिन विपक्ष का हंगामा, प्रश्नकाल के बीच कांग्रेस के नारे; बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का बड़ा एजेंडा

     चंडीगढ़
     पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन बुधवार को सुबह 10 बजे शुरू होगा। दिन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल से शुरुआत होगी, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े सदस्यों के सवालों के जवाब सरकार देगी।

    इसके बाद ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत विधायक बलकार सिंह सिद्धू बठिंडा जिले के भाई रूपा स्थित लेहरा थर्मल प्लांट से आने वाली 66 केवी बिजली लाइन पर बढ़ते ओवरलोड का मुद्दा उठाएंगे। वह इस संबंध में बिजली मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे।

    सदन में टेबल पर विभिन्न वार्षिक रिपोर्टें भी रखी जाएंगी। इनमें पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वर्ष 2023-24 की वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट शामिल है। इसके अलावा अमृतसर होटल लिमिटेड की वर्ष 2020-21 और 2021-22 की वार्षिक रिपोर्ट एवं लेखे सदन में पेश किए जाएंगे।

    इसी प्रकार नीम चमेली टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स लिमिटेड की वर्ष 2020-21 और 2021-22 की वार्षिक रिपोर्ट एवं लेखे भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा बठिंडा विकास प्राधिकरण की वर्ष 2022-23 की वार्षिक रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी।

    विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सरकार पंजाब कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर (रेगुलेशन एंड मेंटेनेंस) संशोधन विधेयक, 2026 को सदन में विचार के लिए पेश करेगी। सरकार इस विधेयक पर चर्चा के बाद इसे पारित कराने का भी प्रस्ताव रखेगी।

    तीसरे दिन की कार्यवाही में प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्टों की प्रस्तुति और संशोधन विधेयक पर चर्चा प्रमुख आकर्षण रहेंगे। राजनीतिक दलों के सदस्यों की ओर से विभिन्न जनहित और क्षेत्रीय मुद्दों पर सरकार को घेरने की भी संभावना है।

    कांग्रेस विधायकों ने लगाए नारे, प्रश्नकाल जारी

    पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेसी विधायकों ने रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कांग्रेस विधायकों ने काम रोको प्रस्तावों पर सरकार से स्टेटस मांगा जिस पर स्पीकर में कहा कि जो प्रस्ताव कांग्रेसी विधायकों की तरफ से दिए गए हैं उन्हें स्वीकार किया जाता है। अब विधानसभा का प्रश्नकाल जारी है। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह ने कहा कि खादों को लेकर सरकार की तरफ से कार्रवाई की जाती है। विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि अगर खाद चेक के दौरान नकली पाई जाती है तो रिटेलर के खिलाफ कारवाई नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों के खिलाफ कारवाई जाती है। अगर मामलों में किसी बड़ी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उसकी भी जानकारी दी जानी चाहिए। कृषि मंत्री ने कहा कि दो बड़ी कंपनियों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। साथ ही दो नोटिस भी दिए गए हैं। जहां कही भी अनदेखी सामने आती है तो कारवाई की जाती है।  

    विधायकों का आरोप- उन्हें धक्के मारे गए

    पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। कांग्रेस विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। विपक्ष के विधायक पहले की तरह गले में काले पटके पहनकर सदन पहुंचे। उनका आरोप था। 

    इस पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि सदन सभी विधायकों का सम्मान करता है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने भी कहा कि यदि किसी विधायक के सम्मान को ठेस पहुंची है तो मामले की जांच होगी।

    वहीं, स्पीकर ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, विधायक बिक्रमजीत सिंह चौधरी समेत अन्य कांग्रेस विधायकों की ओर से दो 'काम रोको' प्रस्ताव दिए गए थे, जिन्हें नियमों के तहत अस्वीकार कर दिया गया।

    पुलिस ने धक्के मारे, शीशा तक टूटा

    नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायकों ने सुबह साढ़े नौ बजे विधानसभा के प्रवेश द्वार पर पंजाब की कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदर्शन करने का कार्यक्रम रखा था। इस मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए दो काम रोको प्रस्ताव भी स्पीकर को भेजे गए थे।

    बाजवा ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस विधायक तख्तियां लेकर विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे, तब पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया और उनके साथ धक्कामुक्की की। विधानसभा परिसर में प्रवेश के दौरान भी स्टाफ ने विधायकों के साथ धक्के दिए, जिससे उन्हें चोट भी लगी। बाजवा ने कहा कि विधायकों के कपड़ों तक पर हाथ डाला गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।

    उन्होंने कहा कि विधानसभा का संरक्षक (कस्टोडियन) स्पीकर होता है। स्पीकर ने उनकी बात सुनी, लेकिन उन्हें इस मामले में कार्रवाई का स्पष्ट भरोसा नहीं मिला। बाजवा ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, उन्होंने कहा कि सीएम जनरल डायर की आत्मा आ गई है। क्योंकि वह जालंधर में उनके घर में रहते हैं।

    जवाब गोलमोल है, मंत्री बोले- गेस्ट फैकल्टी को निकाल दे

    कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से जुड़े एक सवाल पर सरकार से जवाब मांगा। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इसका उत्तर दिया, लेकिन ढिल्लों ने जवाब को अधूरा और गोलमोल बताते हुए आपत्ति जताई। इस दौरान स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने विधायक से कहा कि वह अपना सवाल पूछें। इस पर काला ढिल्लों ने कहा, "मुझे बोलने का मौका मिलेगा, तभी तो मैं सवाल पूछ पाऊंगा।"

    जवाब में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, "क्या कांग्रेस चाहती है कि गेस्ट फैकल्टी को निकाल दिया जाए?" इसके बाद सदन में कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक का माहौल बना रहा।

     

  • पंजाब विधानसभा में आज जनहित के 3 प्रमुख मुद्दे छाए रहेंगे, महत्वपूर्ण चर्चाओं पर सबकी नजर

    पंजाब विधानसभा में आज जनहित के 3 प्रमुख मुद्दे छाए रहेंगे, महत्वपूर्ण चर्चाओं पर सबकी नजर

    चंडीगढ़.

    पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही का केंद्र जनहित से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दे और सरकार का विधायी एजेंडा रहेगा। ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के माध्यम से विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में उठाएंगे, जबकि सरकार एक संशोधन विधेयक भी विचारार्थ और पारित कराने के लिए पेश करेगी।

    सदन में सबसे पहले संगरूर की विधायक नरिंदर कौर भराज ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री का ध्यान संगरूर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में तालाबों के ओवरफ्लो होने से पैदा हो रही समस्याओं की ओर आकर्षित करेंगी। इसके बाद जगराओं की विधायक सरबजीत कौर मानुके वन एवं वन्य जीव संरक्षण मंत्री के समक्ष जगराओं और बेट क्षेत्र में जंगली सूअरों तथा नीलगायों की बढ़ती संख्या का मुद्दा उठाएंगी।

    वहीं, बठिंडा के विधायक जगरूप सिंह गिल स्थानीय निकाय मंत्री से बठिंडा नगर निगम की सीमा से बाहर कूड़ा प्रबंधन संयंत्र स्थानांतरित करने के मुद्दे पर जवाब मांगेंगे। इन तीनों ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर संबंधित मंत्री सरकार का पक्ष रखेंगे। सदन में विभिन्न विभागों और संस्थाओं की वार्षिक रिपोर्ट एवं लेखे भी पटल पर रखे जाएंगे। इनमें पंजाब स्टेट कंटेनर एंड वेयरहाउसिंग कारपोरेशन की 2022-23 की वार्षिक रिपोर्ट, डी-सिल्टिंग से संबंधित खरीद प्रक्रिया में दी गई छूट का विवरण, पंजाब स्टेट बस स्टैंड मैनेजमेंट कंपनी की वर्ष 2015-16 और 2016-17 की वार्षिक रिपोर्ट तथा पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के वर्ष 2021-22 और 2022-23 के वार्षिक लेखे शामिल हैं।

    विधायी कार्य के तहत सरकार पंजाब कामन इंफ्रास्ट्रक्चर (रेगुलेशन एंड मेंटेनेंस) संशोधन विधेयक, 2026 को सदन में विचारार्थ प्रस्तुत करेगी। इसके साथ ही सरकार इसी दिन इस विधेयक को पारित कराने का प्रस्ताव भी रखेगी। इस प्रकार विधानसभा के दूसरे दिन की कार्यवाही में स्थानीय समस्याओं पर सरकार से जवाब, विभागीय रिपोर्टों को सदन के पटल पर रखना और महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक पर चर्चा प्रमुख आकर्षण रहेंगे। गौरतलब है कि विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन में विपक्ष ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरा था।

    प्रश्नकाल के दौरान सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में खाली पड़े शिक्षकों के पदों का मामला जोरदार ढंग से उठा। इसके अलावा विपक्ष ने हालिया पेपर लीक प्रकरण को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए सदन में हंगामा किया और मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस तथा स्वास्थ्य मंत्री डा बलबीर सिंह के इस्तीफे की मांग की। विपक्ष के विरोध के चलते पहले दिन सदन का माहौल काफी गर्म रहा। ऐसे में दूसरे दिन भी सरकार और विपक्ष के बीच जनहित के मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक टकराव जारी रहने के आसार हैं।

  • LPG और पेट्रोल-डीजल की कमी पर गरमाई पंजाब विधानसभा, केंद्र सरकार के खिलाफ AAP का निंदा प्रस्ताव

    LPG और पेट्रोल-डीजल की कमी पर गरमाई पंजाब विधानसभा, केंद्र सरकार के खिलाफ AAP का निंदा प्रस्ताव

    चंडीगढ़.

    पंजाब विधानसभा में आज ईरान-अमेरिका और इजराइल युद्ध को लेकर पेट्रोल-डीजल व एलपीजी गैस की कमी को लेकर खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटरूचक्क केंद्र सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेकर आए। दो दिन में विधानसभा में केंद्र सरकार के खिलाफ लाया गया यह दूसरा निंदा प्रस्ताव है। बीते मंगलवार को पंजाब विधान सभा में अमेरिका के साथ भारत के हुए ट्रेड समझौते के खिलाफ निंदा प्रस्ताव सर्व सम्मति से पास हुआ था।

    निंदा प्रस्ताव पेश करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार की गलत विदेश नीति के कारण यह यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में गेहूं की खरीद का सीजन शुरू होने वाला है। पेट्रोल डीजल की कमी का असर उस पर भी पड़ सकता है। पंजाब के गोदाम भरे हुए है। ढुलाई नहीं हो पा रही है। नई फसल रखने में दिक्कत आएगी। वहीं, कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि गैस की कमी के कारण नंगल और बठिंडा में सीएफएल के प्लांट बंद हो गए, जिससे यूरिया की कमी हो जाएगी। मंत्री ने केंद्र सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि पानीपत यूनिट को पूरी गैस सप्लाई दी जा रही है लेकिन पंजाब के यूनिट को नहीं।

    मंत्री ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर महंगे कर दिए गए हैं। कॉमर्शियल सप्लाई रोक दी गई है। मेट्रो सिटी में पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइने लग रही हैं। कहा तो यह गया था कि कोई दिक्कत नहीं आएगी। बैंस ने कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति विफल हो चुकी है। अगर एलपीजी और एलएजी का संकट होता हैं तो लोगों से लेकर किसानों तक इसका फर्क पड़ेगा। वहीं, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक द्वारा लाए गए प्रस्ताव से वित्तमंत्री हरपाल चीमा अनभिज्ञ दिखे। चीमा ने कहा कि यह गंभीर मुद्दा है। देश की विदेश नीति पूरी तरह से विफल रही है। केंद्र सरकार न तो देश के हितों की रक्षा कर रही है और न ही लोगों के हितों की रक्षा कर रही है।

    चीमा ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चला रहे हैं या डोनाल्ड ट्रंप। क्योंकि जब भारत पाकिस्तान युद्ध हो रहा था तब युद्ध रुकने की जानकारी भी ट्रंप ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालकर दी थी। अत: इस पर लंबी चर्चा होनी चाहिए। वित्तमंत्री ने स्पीकर से इस मुद्दे पर वीरवार को बहस रखने की मांग की, जिसे स्पीकर ने स्वीकार कर लिया। यह गुरुवार को यह निंदा प्रस्ताव पास होता हैं तो यह संभवत: पहला मौका होगा कि तीन दिन के भीतर केंद्र सरकार के खिलाफ दो निंदा प्रस्ताव पास होंगे।