Tag: PU Election

  • PU चुनाव में बवाल के बाद बड़ा फैसला, छात्रों को वोट डालने के लिए अतिरिक्त समय

    PU चुनाव में बवाल के बाद बड़ा फैसला, छात्रों को वोट डालने के लिए अतिरिक्त समय

    चंडीगढ़.

    पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में छात्र संघ चुनाव के लिए सोमवार को मतदान जारी है। वोटिंग करने को लेकर छात्रों में उत्साह है। पीयू प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हुए हैं। प्रत्याशी और उनके संगठन के समर्थक वोटर्स को अपने पक्ष में वोट करने के प्रयास में जुटे हैं।

    इसी बीच पीयू के लॉ डिपार्टमेंट के बाहर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि वोटिंग का समय सुबह 11 बजे तक था, लेकिन गेट को सुबह 10 बजे ही बंद कर दिया गया। छात्रों का कहना है कि कई विद्यार्थी दूर-दराज से आए थे और रास्ते में जाम में फंसने के कारण समय पर नहीं पहुंच पाए। गेट समय से पहले बंद होने के चलते वे मतदान नहीं कर सके, जिससे छात्रों में रोष फैल गया। छात्रों ने मौके पर नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। पुलिस लॉ डिपार्टमेंट से मत पेटी लेकर जाने लगी थी, जिसकाे विद्यार्थियों ने जाने नहीं दिया। हंगामा बढ़ता देख विद्यार्थियों की मांग मान ली गई और उन्हें वोट करने का अतिरिक्त समय दिया गया।

    एबीवीपी-सोई गठबंधन से दिलचस्प हुआ छात्र चुनाव
    छात्र परिषद चुनाव से पहले रविवार शाम एबीवीपी और सोई ने गठबंधन कर लिया। दोनों संगठनों के साथ आने की चर्चा पिछले कुछ समय से कैंपस में चल रही थी, लेकिन औपचारिक गठबंधन के बाद चुनावी समीकरण तेजी से बदलने की चर्चा शुरू हो गई है। गठबंधन से एबीवीपी को चुनावी मैदान में मजबूती मिलने के साथ मुकाबला और कड़ा होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक जानकार इस गठजोड़ को छात्र राजनीति से आगे पंजाब की सियासत के नजरिए से भी महत्वपूर्ण मान रहे हैं। छात्र संगठनों की गतिविधियां लंबे समय से बड़े राजनीतिक दलों की रणनीति और युवाओं तक पहुंच से जुड़ी रही हैं। ऐसे में एबीवीपी और सोई का साथ आना आगामी विधानसभा चुनाव के राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

    गठबंधन के बाद दोनों संगठनों के कार्यकर्ता और समर्थक संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार करेंगे। इससे अन्य छात्र संगठनों के सामने चुनौती बढ़ सकती है। कैंपस में इस गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि गठबंधन का वास्तविक प्रभाव चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन फिलहाल पीयू छात्र परिषद चुनाव में मुकाबला पहले से अधिक रोचक हो गया है। साथ ही युवा राजनीति के बदलते रुझानों को लेकर भी इस गठजोड़ पर नजरें टिक गई हैं। 

  • PU Election की जंग डिजिटल हुई, नेता-खिलाड़ी और गायकों के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रचार तेज

    PU Election की जंग डिजिटल हुई, नेता-खिलाड़ी और गायकों के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रचार तेज

    चंडीगढ़.

    पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) छात्रसंघ चुनाव के लिए शनिवार को प्रचार का आखिरी दिन रहा। कैंपस में कई दिनों से चल रहा चुनावी शोर थम गया, लेकिन इंटरनेट मीडिया पर कैंपेनिंग जारी है। अब सोमवार को मतदान होगा।

    मतदान के बाद आने वाले परिणाम ही तय करेंगे कि इस बार पीयू छात्रसंघ की कमान किस संगठन और किस उम्मीदवार के हाथ में जाएगी। क्योंकि यह चुनाव पंजाब विधानसभा चुनाव की जमीन तय करने में अहम माना जाता है। इसलिए पंजाब-हरियाणा के नेताओं समेत इंटरनेशनल खिलाड़ियों और मशहूर गायकों ने भी अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा। हरियाणा से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर पीयू में पहुंचे। मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, गजेंद्र फोगाट और 2012 लंदन ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाले इंटरनेशनल खिलाड़ी योगेश्वर दत्त इंटरनेट मीडिया के जरिये कैंपेनिंग में जुटे हैं।

    मतदान प्रतिशत बढ़ाना संगठनों के लिए बड़ी चुनौती
    इस बार 16,448 छात्र मतदान के लिए पात्र हैं। पिछले वर्ष यह संख्या 16,124 थी। पिछले चुनाव में करीब 59 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाना सभी छात्र संगठनों के लिए बड़ी चुनौती है। रक्षाबंधन के कारण घर गए छात्रों की वापसी और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को होने वाले मतदान के बीच यह देखना अहम होगा कि कितने छात्र समय पर कैंपस पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। इस बार मतदान के अगले दिन छुट्टी भी नहीं है।

    140 सुरक्षाकर्मी और 450 पुलिस जवान संभालेंगे मोर्चा
    चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कैंपस में 140 विश्वविद्यालय सुरक्षा कर्मियों के साथ 450 चंडीगढ़ पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर कैमरों से निगरानी की जाएगी और अतिरिक्त सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। कैंपस में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।