Tag: Pakistan cricket

  • ब्रॉडकास्टर्स ने दिखाई बेरुखी, पाकिस्तान क्रिकेट के राइट्स खरीदने वाला सिर्फ एक बोलीदाता

    ब्रॉडकास्टर्स ने दिखाई बेरुखी, पाकिस्तान क्रिकेट के राइट्स खरीदने वाला सिर्फ एक बोलीदाता

    नई दिल्ली
    पाकिस्तान क्रिकेट के लिए मैदान के बाहर से भी बुरी खबर आई है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपने घरेलू इंटरनेशनल मैचों के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स रिजर्व प्राइस से करीब आधी कीमत में बेचने पड़े हैं. 60 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के रिजर्व प्राइस के मुकाबले सिर्फ 35 करोड़ रुपये की बोली आई और राज्य प्रसारक पाकिस्तान टेलीविजन कॉरपोरेशन (PTV) अकेला बोलीदाता रहा.

    PCB ने हाल ही में 25 घरेलू इंटरनेशनल मैचों के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के लिए टेंडर जारी किया था. बोर्ड ने इन राइट्स के लिए 600 मिलियन पाकिस्तानी रुपये का रिजर्व प्राइस तय किया था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में किसी कंसोर्टियम को बोली लगाने की इजाजत नहीं दी गई. नतीजा यह रहा कि बाजार में मौजूद संभावित खरीदारों की संख्या बेहद सीमित रह गई.

    60 करोड़ की उम्मीद, 35 करोड़ में सौदा
    एक विश्वसनीय सूत्र के मुताबिक PTV ने 350 मिलियन पाकिस्तानी रुपये की बोली लगाई, जो PCB के तय रिजर्व प्राइस से काफी कम थी. इसके बावजूद PTV अकेला बोलीदाता होने के कारण राइट्स हासिल करने में सफल रहा.

    इस समझौते में पाकिस्तान के 25 घरेलू इंटरनेशनल मैच शामिल हैं. इनमें पांच टेस्ट, 14 वनडे और छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हैं.

    पाकिस्तान को इस महीने श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं. इसके बाद इंग्लैंड के साथ सात मैचों की त्रिकोणीय वनडे सीरीज प्रस्तावित है. अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच भी खेले जाने हैं.

    ब्रॉडकास्टर्स क्यों हुए दूर?
    PCB के सामने सबसे बड़ी परेशानी सिर्फ कम बोली नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम के हालिया प्रदर्शन ने भी ब्रॉडकास्टिंग बाजार को प्रभावित किया है. सूत्र का कहना है कि टीम के प्रदर्शन के उम्मीद के मुताबिक नहीं रहने से स्पॉन्सर्स और विज्ञापनदाता फिलहाल पाकिस्तान क्रिकेट से दूरी बनाए हुए हैं.

    यानी मैदान पर खराब प्रदर्शन का असर अब सीधे क्रिकेट की कमाई पर दिखाई देने लगा है.

    इसके अलावा पुराने ब्रॉडकास्टिंग सौदों का बकाया भी PCB के लिए बड़ी समस्या बन गया है.कम से कम तीन ब्रॉडकास्टर्स पर पिछले समझौतों का पैसा अभी बाकी बताया जा रहा है.ये कंपनियां पहले कंसोर्टियम के जरिए पाकिस्तान क्रिकेट के राइट्स हासिल करती रही हैं.

    दिलचस्प बात यह है कि इन कंपनियों को इस बार बोली प्रक्रिया से बाहर नहीं किया गया था.उन्होंने खुद ही टेंडर में हिस्सा नहीं लिया.पाकिस्तान क्रिकेट के राइट्स खरीदने वाली एक प्रमुख कंपनी ने भी इस बार कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई.

    PSL में भी नहीं मिला था मनमाफिक रिस्पॉन्स
    PCB के लिए परेशानी सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट तक सीमित नहीं है.इस साल पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स को लेकर भी बोर्ड को उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी.

    PSL में दो नई टीमों के जुड़ने के बावजूद ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के लिए बाजार में वैसा उत्साह नहीं दिखा, जिसकी PCB को उम्मीद थी.पिछले साल के PSL राइट्स खरीदने वाला एक ब्रॉडकास्टर अब भी बोर्ड का अरबों पाकिस्तानी रुपये बकाया है.

    अगले राइट्स पर भी सवाल
    मौजूदा समझौते में जनवरी 2027 में आयरलैंड के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल और उसके बाद आयरलैंड तथा जिम्बाब्वे के साथ सात मैचों की त्रिकोणीय सीरीज भी शामिल है. हालांकि जिम्बाब्वे ने अपने क्रिकेट बोर्ड से जुड़े अंदरूनी मसलों के कारण पाकिस्तान दौरे पर जाने में असमर्थता जताई है.

    ऐसे में PCB के सामने चुनौती सिर्फ राइट्स बेचने की नहीं, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट के लिए ब्रॉडकास्टर्स, स्पॉन्सर्स और विज्ञापनदाताओं का भरोसा दोबारा हासिल करने की भी है.

    60 करोड़ का रिजर्व प्राइस और सिर्फ 35 करोड़ की बोली का यह अंतर पाकिस्तान क्रिकेट के मौजूदा कमर्शियल हालात की तस्वीर जरूर दिखाता है.

  • पाकिस्तान टीम को ‘रिमोट कंट्रोल’ से चला रहा PCB? राशिद लतीफ ने उठाए बड़े सवाल

    पाकिस्तान टीम को ‘रिमोट कंट्रोल’ से चला रहा PCB? राशिद लतीफ ने उठाए बड़े सवाल

    नई दिल्ली
     पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) में जारी उथल-पुथल और अजीबोगरीब फैसलों को लेकर पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट मैचों में मिली शर्मनाक हार के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बीच सीरीज वापस भेजने के कदम पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पीसीबी के रवैये की कड़े शब्दों में आलोचना की है।

    टीम को रिमोट कंट्रोल से चला रहे हैं- लतीफ
    एक्स पर अपनी भड़ास निकालते हुए राशिद लतीफ ने बोर्ड की मंशा और कार्यशैली को घेरा। लतीफ ने सवाल उठाया, 'अगर टीम को रिमोट कंट्रोल से ही चलाना था तो फिर सरफराज और उमर गुल को वापस क्यों भेजा गया? गैरी कर्स्टन और जेसन गिलेस्पी से चयन के अधिकार क्यों छीन लिए गए?' उनका मानना है कि विदेशी कोचों और सहयोगी स्टाफ को दरकिनार कर बोर्ड खुद ही सारे फैसले थोप रहा है।

    अगला नंबर बाबर आजम का है
    टीम के अंदर कप्तानी और अनुशासन को लेकर चल रही खींचतान पर लतीफ ने बोर्ड से सीधा सवाल पूछा। उन्होंने लिखा, 'और अगर कप्तान बाबर आजम बात नहीं मान रहे थे तो उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए था। उनकी जगह सरफराज और उमर गुल को वापस क्यों भेजा गया? क्या अब बाबर आजम ही अगला निशाना हैं?' लतीफ का यह इशारा साफ तौर पर दिखाता है कि पीसीबी में मैनेजमेंट के इस फेरबदल के बाद बाबर की कप्तानी पर तलवार लटक रही है।

    7 खिलाड़ियों को भेजा गया घर
    इंग्लैंड दौरे के बीच में ही 7 खिलाड़ियों को अचानक बदलने और मोहम्मद रिजवान व सलमान अली आगा को स्वदेश वापस भेजने के फैसले पर पूरी दुनिया के क्रिकेट जगत में रोष है। तीसरे और अंतिम टेस्ट के लिए अचानक माइक हेसन को कमान सौंपने पर रमीज राजा, बासित अली और शाहिद अफरीदी के अलावा माइकल एथरटन और नासिर हुसैन जैसे दिग्गजों ने भी चिंता जताई है। पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि इस तरह के उतावले फैसलों से पाकिस्तान क्रिकेट में अस्थिरता और ज्यादा बढ़ेगी।

  • इंग्लैंड से लगातार हार के बाद PCB का बड़ा एक्शन, रमीज राजा ने उठाए सवाल

    इंग्लैंड से लगातार हार के बाद PCB का बड़ा एक्शन, रमीज राजा ने उठाए सवाल

    नई दिल्ली 
    पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का इंग्लैंड का दौरा अब तक बेहद निराशाजनक रहा है. टीम को शुरुआती दोनों ही मुकाबलों में बुरी तरह शिकस्त का सामना करना पड़ा है. खिलाड़ियों के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक बड़ा फैसला ले लिया है.

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कुछ ऐसा किया है जिसे देखकर हर कोई हैरान है. बोर्ड ने बीच सीरीज में ही हेड कोच सरफराज अहमद, बॉलिंग कोच उमर गुल और मोहम्मद रिजवान समेत 7 खिलाड़ियों की छुट्टी कर दी है.

    इस अजीबोगरीब फैसले पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पीसीबी के पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा का गुस्सा फूट पड़ा है. बीबीसी के एक पॉडकास्ट में बात करते हुए रमीज राजा ने कहा कि क्रिकेट के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ. उन्होंने पीसीबी के इस फैसले को पैनिक बटन दबाना बताया है. 

    पीसीबी पर रमीज राजा का फूटा गुस्सा
    रमीज ने तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान ने तो सच में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. क्रिकेट में ऐसा नहीं होता. यह तो फुटबॉल जैसा हो गया है, जहां बीच सीजन में ही मैनेजर को निकाल दिया जाता है. सीरीज अभी चल रही है, बोर्ड आसानी से 10 दिन और इंतजार कर सकता था.

    5 नए खिलाड़ियों की अचानक टीम में एंट्री
    रमीज राजा इस बात से बहुत खफा हैं कि तीसरे टेस्ट मैच से ठीक पहले टीम में इतनी बड़ी उथल-पुथल मचा दी गई. 7 नए खिलाड़ियों को बुलाया गया है, जिनमें से 5 ने तो कभी टेस्ट क्रिकेट खेला ही नहीं है. रमीज ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के बर्ताव से उन खिलाड़ियों का भी मनोबल टूटेगा जिन्हें बाहर निकाला गया है और जो नए आए हैं, वो भी डरे रहेंगे. इससे टीम में स्वार्थ बढ़ेगा और हर कोई सिर्फ अपनी जगह बचाने के लिए खेलेगा.

    सरफराज अहमद और उमर गुल जैसे दिग्गजों को जिस तरह से बाहर का रास्ता दिखाया गया है, उस पर रमीज ने गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि ये वो खिलाड़ी हैं जिन्होंने सालों तक पाकिस्तान का नाम रोशन किया है, लेकिन उन्हें अचानक ऐसे बाहर कर दिया गया. अगर आप अपने दिग्गजों की इज्जत नहीं करेंगे तो भविष्य में पाकिस्तान क्रिकेट के साथ कोई नौकरी क्यों करना चाहेगा?

    जब रमीज राजा से पूछा गया कि पाकिस्तान क्रिकेट का ये पूरा सिस्टम कैसे सुधरेगा तो उन्होंने बेबसी जताते हुए कहा कि मुझे सच में कोई आइडिया नहीं है. सब कुछ बेपटरी हो चुका है. मुझे लगता है कि आने वाले एक-दो साल भी ऐसे ही उथल-पुथल वाले रहने वाले हैं.

    इंग्लैंड में पाकिस्तान पहला टेस्ट मैच एक पारी और 103 रन से हारा था, जबकि लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से शिकस्त मिली थी. अब तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच 9 सितंबर से बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाना है.