मुरैना
शहर के वार्ड क्रमांक 24, 28 और 29 में गंदे पानी की निकासी और लगातार जलभराव की समस्या को लेकर रविवार को कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गजेंद्र जाटव ने मौके पर नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र धाकरे को बुलाकर वार्डवासियों की समस्या से अवगत कराया।
वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या बनी हुई है। इसको लेकर कई बार महापौर शारदा सोलंकी से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। नागरिकों का आरोप है कि शिकायत करने पर उन्हें निगम आयुक्त से संपर्क करने की बात कही गई।
मौके पर पहुंचे निगम आयुक्त ने वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं और निराकरण के लिए सात दिन का समय मांगा। आयुक्त के आश्वासन के बाद कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो शहर जिला कांग्रेस कमेटी आंदोलन करेगी।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र जाटव ने कहा कि वार्डों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। यदि सात दिन में समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
इस दौरान पूर्व शहर जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, संगठन महासचिव कुलदीप यादव, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप रजक, ब्लॉक अध्यक्ष दक्षिण आसिफ कुरैशी, वार्ड 29 के पार्षद बलवीर दोनेरिया, पूर्व पार्षद नरेश यादव, पूर्व पार्षद नरेश कारखुर, अरुण प्रताप सिंह कुशवाह, ब्रजेश पिरोंजी, मदन मोहन कुलश्रेष्ठ, आकाश घनघोरिया, हमीद खां, ओमप्रकाश खस, शिव सिंह खटीक सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tag: Municipal Corporation
-

महापौर पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप, कांग्रेस ने 7 दिन में समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
-

प्रॉपर्टी टैक्स वसूली के लिए छुट्टी भी निरस्त! सोमवार तक मिलेगा 6 प्रतिशत की छूट का लाभ
भोपाल
राजधानी भोपाल में रक्षाबंधन जैसे महापर्व के मौके पर अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। नगर निगम भोपाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। कर्मचारियों, अधिकारियों की शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टी रद्द कर दी गई है। दोनों दिन नगर निगम भोपाल के सभी वार्ड और जोन ऑफिस खुले रहेंगे। प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने के लिए यह कदम उठाया गया है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार भोपाल में टैक्स में 6 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। साप्ताहिक छुट्टी वाले दिन यानि शनिवार और रविवार को भी यह छूट मिलेगी।
निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने निगम के सभी जोन और वार्ड कार्यालय खोलने के निर्देश दिए
मध्यप्रदेश में प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने के लिए सख्ती की जा रही है। इसके लिए भोपाल नगर निगम में शनिवार, रविवार के अवकाश निरस्त किए गए हैं। निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने निगम के सभी जोन और वार्ड कार्यालय खोलने के निर्देश दिए हैं। संबंधित कर्मचारियों, अधिकारियों से दफ्तरों में मौजूद रहने को कहा है।प्रॉपर्टी टैक्स में मिलेगी छूट:
अवकाश के दिन नगर निगम भोपाल के सभी जोन-वार्ड ऑफिस खुलेंगे और यहां प्रॉपर्टी टैक्स में निर्धारित 6 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। सोमवार को भी राहत मिलेगी। प्रॉपर्टी टैक्स में छूट के अब महज तीन ही दिन बचे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के संपत्ति कर में यह छूट दी जा रही है। निगम ने छूट का लाभ उठाने के लिए करदाताओं की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार का अवकाश निरस्त करने का फैसला किया है।रविवार को कर संग्रह अधिक
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, संपत्ति कर भुगतान को सुविधाजनक बनाने के लिए यह सुविधा दी जा रही है। कई लोग कार्यदिवसों में बीएमसी कार्यालयों में नहीं जा पाते हैं। पूर्व में रविवार को कर संग्रह अधिक भी रहा है।बता दें कि भोपाल नगर निगम (बीएमसी) के कार्यालय बुधवार को बंद रखकर और रविवार को कार्य करने की संभावना पर भी विचार चल रहा है। इसके लिए नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने सभी नोडल अधिकारियों, अतिरिक्त आयुक्तों, उपायुक्तों, सहायक आयुक्तों और राजस्व अधिकारियों (आरओ) से सुझाव भी बुलाए हैं। फिलहाल वार्ड प्रभारी और अन्य निचले स्तर के कर्मचारियों के साथ इस व्यवस्था पर चर्चा की जा रही है हालांकि इसका विरोध ज्यादा हो रहा है।
-

नगर निगम जांच में अपर बाजार की दुकानों में अवैध हस्तांतरण और कब्जे उजागर
रांची
राजधानी के सबसे बड़े और पुराने व्यावसायिक केंद्र अपर बाजार के पुनर्विकास की कवायद के बीच रांची नगर निगम की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। निगम की 4.39 एकड़ भूमि पर संचालित 608 दुकानों के सर्वे और अभिलेखों की जांच में करीब 180 दुकानों का संचालन मूल आवंटियों के बजाय अन्य लोगों या उनके रिश्तेदारों द्वारा किए जाने का मामला सामने आया है।वहीं 30 दुकानों के अवैध हस्तांतरण का भी पता चला है। इसके अलावा कई दुकानों में बिना अनुमति स्थायी और बहुमंजिला निर्माण तथा वर्षों से किराया बकाया रहने जैसी अनियमितताएं भी चिन्हित की गई हैं।
व्यवसायियों और नगर निगम अधिकारियों की बैठक
गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में झारखंड चैंबर ऑफ कामर्स, ट्रेड यूनियन, अपर बाजार के व्यवसायियों और नगर निगम अधिकारियों की बैठक हुई।बैठक में अपर बाजार के सुनियोजित पुनर्विकास, व्यापारिक सुविधाओं और भविष्य की विकास योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर निगम ने व्यवसायियों से सात दिनों के भीतर समाधान आधारित सुझाव देने को कहा है।
608 दुकानों का विस्तृत सर्वे
नगर आयुक्त ने बताया कि निगम ने अपर बाजार स्थित अपनी 4.39 एकड़ भूमि पर संचालित 608 दुकानों का विस्तृत सर्वे और अभिलेखों का परीक्षण कराया है। इसका उद्देश्य वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान निकालते हुए क्षेत्र को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करना है।बैठक के दौरान चेंबर आफ कामर्स और व्यवसायियों ने पार्किंग, यातायात, अग्निशमन व्यवस्था, जर्जर भवनों, स्वामित्व विवाद और व्यापारिक जरूरतों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि पुनर्विकास की अंतिम योजना सभी हितधारकों के सुझाव, विधिक प्रावधानों और जनहित को ध्यान में रखकर तैयार की जाएगी।
व्यवसायियों के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आए तथ्यों को साझा करने का उद्देश्य किसी को भयभीत करना नहीं, बल्कि वास्तविक स्थिति से सभी पक्षों को अवगत कराना है। नियमों का पालन करने वाले व्यवसायियों के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी, जबकि सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ी अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।बैठक में चेंबर और ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधियों ने नगर निगम की संवाद आधारित पहल का स्वागत करते हुए पुनर्विकास में सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से व्यापक चर्चा के बाद व्यवहारिक और समाधान आधारित सुझाव तय समय के भीतर निगम को उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, झारखंड चेंबर आफ कामर्स, ट्रेड यूनियन तथा अपर बाजार के बड़ी संख्या में व्यवसायी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
झारखंड चैंबर आफ कामर्स, ट्रेड यूनियन और व्यवसायी प्रतिनिधि सात दिनों के भीतर पुनर्विकास पर विस्तृत एवं समाधान आधारित सुझाव नगर निगम को देंगे।31 मार्च 2026 तक के बकाया किराये की वसूली के लिए बिहारी धर्मशाला में विशेष शिविर लगाया जाएगा।
सुझावों और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर अपर बाजार के पुनर्विकास की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स, ट्रेड यूनियन तथा अपर बाजार के बड़ी संख्या में व्यवसायी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
-

राज्य चुनाव अधिकारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस: पंजाब में नगर निगम और काउंसिल चुनाव की संभावना
चंडीगढ़
पंजाब में नगर निगम और नगर काउंसिल चुनाव को लेकर आज आधिकारिक घोषणा की जाएगी। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जो दोपहर 3:30 बजे चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में आयोजित होगी। माना जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया और मतदान की संभावित तारीखों की जानकारी साझा की जाएगी। राज्य में लंबे समय से स्थानीय निकाय चुनावों का इंतजार किया जा रहा था और अब प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। राजनीतिक दलों ने भी चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है।पंजाब में इस बार नौ नगर निगमों और 102 नगर काउंसिलों में चुनाव कराए जाने हैं। राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से वार्डबंदी समेत जरूरी प्रक्रियाएं पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। जिन शहरों में चुनाव होने हैं वहां राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला और मोहाली जैसे प्रमुख शहरी इलाकों में राजनीतिक दल लगातार बैठकें कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर संभावित उम्मीदवारों ने भी जनता के बीच सक्रियता बढ़ा दी है।
पार्टियों ने शुरू की चुनावी तैयारी
नगर निकाय चुनाव को देखते हुए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने-अपने ऑब्जर्वर तैनात कर दिए हैं। कई इलाकों में संभावित उम्मीदवारों ने पोस्टर और बैनर लगाने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों के चयन पर मंथन कर रहे हैं। राजनीतिक दलों का फोकस खासतौर पर शहरी वोट बैंक पर बना हुआ है क्योंकि इन चुनावों का असर आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर भी पड़ सकता है।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अलग-अलग जिलों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है और संवेदनशील इलाकों की पहचान की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चुनाव संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। चंडीगढ़ और मोहाली सहित कई शहरों में चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें भी बनाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी तैयारियां पूरी की जाएंगी।
स्थानीय निकाय मंत्री की गिरफ्तारी के बीच चुनाव
यह चुनाव ऐसे समय में हो रहे हैं जब पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री को हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद विभाग का अतिरिक्त प्रभार अब तक किसी अन्य मंत्री या अधिकारी को नहीं सौंपा गया है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि सरकार आगे इस विभाग की जिम्मेदारी किसे देगी। विपक्षी दल इस मुद्दे को चुनाव प्रचार में उठाने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि सरकार प्रशासनिक कामकाज प्रभावित न होने का दावा कर रही है।
2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे चुनाव
राजनीतिक जानकार इन नगर निकाय चुनावों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा संकेत मान रहे हैं। चूंकि चुनाव शहरी क्षेत्रों में हो रहे हैं, इसलिए इन्हें सरकार के प्रदर्शन की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पिछले दो महीनों में उन अधिकांश शहरों का दौरा कर चुके हैं जहां चुनाव प्रस्तावित हैं। आम आदमी पार्टी इन चुनावों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है, जबकि विपक्ष इसे सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का अवसर मान रहा है। पिछले चुनावों में सत्ताधारी दल को फायदा मिलता रहा है, लेकिन इस बार मुकाबला कड़ा होने की संभावना जताई जा रही है।
-

नगर निगम चुनाव में Panchkula पर फोकस: Bharatiya Janata Party की सूची जारी, Gyan Chand Gupta का प्रभाव कायम
पंचकूला.
भाजपा ने नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत पंचकूला नगर निगम के लिए पार्षद उम्मीदवारों की वार्डवार आधिकारिक सूची जारी कर दी है। अधिकांश उम्मीदवारों को पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का समर्थक माना जा रहा है। खास तौर पर उनके पौते पार्थ गुप्ता को वार्ड-6 से टिकट दिए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
यह सूची केंद्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद जारी की गई है। वार्ड नंबर 1 से 20 तक उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। पार्टी ने इस बार महिला उम्मीदवारों को भी संतुलित प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। पूर्व पार्षद रितु गोयल, ओमवती पूनिया, सोनिया सूद और सुशील गर्ग नरवाना को टिकट दिया गया है। सूची जारी होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। सभी उम्मीदवारों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पार्टी अब बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर काम कर रही है।
वार्डवार उम्मीदवारों की सूची
वार्ड नंबर उम्मीदवार का नाम
1 परमजीत कौर
2 पमरजीत कौर
3 सुरेश वर्मा
4 भारत हितैषी
5 जय कौशिक
6 पार्थ गुप्ता
7 ज्योति प्रसाद
8 राजकुमार जैन
9 हरेंद्र मलिक
10 शेखर पांडेय
11 अनुराधा पुरी
12 राकेश जगोता
13 दीपक गर्ग
14 राकेश गोयल
15 प्रियंका
16 निर्मल देवी
17 सुदेश बिडला
18 पूजा देवी
19 मनीषा रानी
20 गौतम राणा