Tag: leopard

  • घर में घुसा तेंदुआ, मच गई चीख-पुकार; 6 लोगों पर हमला, 3 की हालत नाजुक

    घर में घुसा तेंदुआ, मच गई चीख-पुकार; 6 लोगों पर हमला, 3 की हालत नाजुक

    महासमुंद.

    महासमुंद जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात करीब डेढ़ बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ यादव परिवार के घर में घुस गया। तेंदुए ने परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

    घायलों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं, इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकलीं। इसी दौरान उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उत्तरी बाई पर हमला कर दिया। इसके बाद तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। हमले में सरजू यादव (60 वर्ष), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। घायलों में उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है। सुनीता यादव के आंख और चेहरे पर चोट बताई जा रही है, जबकि मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। तेंदुए के हमले के बाद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाई। जनक यादव और उत्तरी बाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि घर में उस समय करीब 10 सदस्य मौजूद थे।

    घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां गंभीर रूप से घायल 3 लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया है। तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग ने रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई है। फिलहाल, तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है, और वन विभाग की टीम उसके रेस्क्यू में जुटी हुई है।

  • शिकार के लिए खेत के आसपास लगाए गए फंदे में फंस कर हुई थी तेंदुए की मौत, शिकार के लिए बिछाया था फंदा, 24 घंटे में दो शिकारी गिरफ्तार, इस तरह खुला राज…

    शिकार के लिए खेत के आसपास लगाए गए फंदे में फंस कर हुई थी तेंदुए की मौत, शिकार के लिए बिछाया था फंदा, 24 घंटे में दो शिकारी गिरफ्तार, इस तरह खुला राज…

    कटनी

     जिले के रीठी वन परिक्षेत्र में तार के फंदे में फंसकर तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    दरअसल, देवरी-पटो‍हा तालाब के जंगल में एक किसान के खेत के पास करीब 3 से 4 वर्ष उम्र के नर तेंदुए का शव मिला था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आशंका जताई गई कि जंगली सूअर और हिरण के शिकार के लिए खेत के आसपास तार का फंदा बिछाया गया था, जिसमें तेंदुआ फंस गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने उच्च अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत और पूछताछ के बाद टीम ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, इस शिकार की घटना में और कितने लोग शामिल हैं, इसकी जांच वन विभाग द्वारा अभी जारी है। त्वरित कार्रवाई के लिए वन विभाग के उच्च अधिकारियों ने रीठी वन अधिकारी और पूरी टीम की सराहना की है।