Tag: Kranti Gaur

  • एशियन गेम्स की जीत के बाद क्रांति गौड़ ने लिया आशीर्वाद, बागेश्वर धाम में बाबा से की मुलाकात

    एशियन गेम्स की जीत के बाद क्रांति गौड़ ने लिया आशीर्वाद, बागेश्वर धाम में बाबा से की मुलाकात

    छतरपुर
     मध्य प्रदेश के छतरपुर की महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर सीधा बागेश्वर धाम दर्शन करने पहुंचीं. यहां क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने बाबा बागेश्वर से आशीर्वाद लेकर बाला जी के दर्शन किए और पूजा अर्चना की. बड़े मैच से पहले क्रिकेटर क्रांति गौड़ बागेश्वर धाम के दर्शन करने जरूर जाती हैं और खेल के बाद भी बाबा बागेश्वर का आशीर्वाद लेने पहुंचती हैं। 

    मंदिर में गर्भगृह में शीश नवाया
    एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत में क्रांति गौड़ ने अहम भूमिका निभाई है. देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारत लौटीं स्टार क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने शुक्रवार को बागेश्वर धाम पहुंचीं. धाम पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले बालाजी सरकार के मुख्य मंदिर में दर्शन किए और विधिवत पूजन-अर्चन कर देश और अपनी टीम की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। 

    पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से शिष्टाचार भेंट
    अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराकर देश लौटीं होनहार बेटी को अपने बीच पाकर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया. मंदिर में मौजूद लोगों ने तालियों और नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. बालाजी के दर्शन के उपरांत क्रांति गौड़ ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से शिष्टाचार व आत्मीय भेंट की. मुलाकात के दौरान क्रिकेटर ने अपनी ऐतिहासिक खेल यात्रा और अंतरराष्ट्रीय मैदान के अनुभवों को साझा किया। 

    मैदान में बालाजी सरकार का आशीर्वाद बरकरार
    मुलाकात के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उन्हें स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए अंगवस्त्र व प्रसाद भेंट किया. इसके साथ ही भविष्य में भी भारतीय क्रिकेट और राष्ट्र का मान अंतरराष्ट्रीय पटल पर बढ़ाने का शुभाशीष प्रदान किया. वहीं, महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय ईश्वरीय कृपा और देश के 140 करोड़ नागरिकों के प्यार को दिया. उन्होंने कहा, '' मैदान पर हर गेंद और हर ओवर में देशवासियों की दुआएं और बालाजी सरकार का आशीर्वाद साथ रहता है। 

    छतरपुर के घुवारा गांव निवासी महिला क्रिकेटर क्रांति गोंड ने युवाओं और खासकर बेटियों से खेल में पूरे समर्पण से आगे बढ़ने का आह्वान किया. उन्होंने बेटियों से आह्वान करते हुए कहा, "अटूट विश्वास और निरंतर कठोर परिश्रम से किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है, बस हौसला रखो और लगातार प्रयास करते रहो। 

  • लॉर्ड्स में भारतीय महिला क्रिकेट का गौरव, क्रांति गौड़ ने बनाया रिकॉर्ड

    लॉर्ड्स में भारतीय महिला क्रिकेट का गौरव, क्रांति गौड़ ने बनाया रिकॉर्ड

     नई दिल्ली
    क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान के ऑनर बोर्ड पर नाम लिखवाना हर किसी का सपना होता है। महान सचिन तेंदुलकर भी ये काम नहीं कर पाए, लेकिन अपना दूसरा ही टेस्ट मैच खेल रहीं भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने ये काम कर दिया।

    लॉर्ड्स के ऑनर बोर्ड पर उन खिलाड़ियों का नाम आता है जो टेस्ट में शतक या पांच विकेट लेते हैं। सचिन ने अपने पूरे करियर में लॉर्ड्स पर टेस्ट मैच में शतक नहीं जमाया इसलिए उनका नाम नहीं आया, लेकिन भारतीय महिला टीम की गेंदबाज क्रांति गौड़ ने अपनी शानदार गेंदबाजी अपना नाम जरूर लिखवा लिया।

    रच दिया इतिहास
    टेस्ट मैच के दूसरे दिन क्रांति ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। पूरी इंग्लैंड टीम 170 रनों पर ढेर हो गई। इसमें क्रांति ने अंग्रेजों की पांच बल्लेबाजों को आउट किया। क्रांति ने 17 ओवरों में 37 रन देकर पांच विकेट लिए। इसी के साथ उनका नाम लॉर्ड्स के ऑनर बोर्ड पर आ गया। वह टेस्ट में इस बोर्ड पर नाम लिखवाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं। इस मैदान पर 142 साल बाद पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है और ऐसे में क्रांति ने ये उपलब्धि हासिल कर बड़ा काम किया है।

    ये उनका दूसरा ही टेस्ट मैच है। उन्होंने इसी साल वाका में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मार्च में खेले गए टेस्ट मैच में डेब्यू किया था। उनकी इस गेंदबाजी ने भारत को मजबूती में ला दिया।

    मंधाना ने भी किया कमाल
    क्रांति के बाद इंग्लैंड को स्मृति मंधाना ने परेशान किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 154 रन बना लिए हैं। मंधाना 124 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से 69 रन बनाकर खेल रही हैं। उनके साथ यास्तिका भाटिया 39 रन बनाकर डटी हुई हैं। भारत ने इंग्लैंड पर 269 रनों की मजबूत बढ़त लेकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।