Tag: Kajol

  • काजोल ने 30 साल बाद नो-किस पॉलिसी तोड़ी, क्या है इसके पीछे की असली वजह?

    काजोल ने 30 साल बाद नो-किस पॉलिसी तोड़ी, क्या है इसके पीछे की असली वजह?

    मुंबई 

    एक्ट्रेस काजोल, पिछले तीन दशकों से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं. उन्होंने 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'कभी खुशी कभी गम' और 'कुछ कुछ होता है' जैसी कई आइकॉनिक फिल्मों में काम किया है. 2023 में उन्होंने ओटीटी की दुनिया में कदम रखा था. उस समय उनकी पहली सीरीज 'द ट्रायल – प्यार, कानून, धोखा' रिलीज हुई. इसी शो में उन्होंने अपनी ऑनस्क्रीन 'नो-किसिंग पॉलिसी' को भी तोड़ा. शो में उन्होंने अपने को-एक्टर जिशू सेनगुप्ता के साथ किसिंग सीन दिया. अब आखिरकार काजोल ने बताया है कि ऐसा करने के पीछे क्या वजह थी। 

    लिली सिंह के पॉडकास्ट में बात करते हुए काजोल से उनकी 'नो-किसिंग पॉलिसी' छोड़ने के फैसले के बारे में पूछा गया. इस सवाल को सुनकर वे कुछ सेकंड के लिए रुक गईं. फिर उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो ये उस किरदार का सीजन था जिसे मैं प्ले कर रही थी. इसमें बहुत कुछ किरदार और उसकी पहचान से जुड़ा था. ये सिर्फ एक किस नहीं थी, ये इस बात से जुड़ा था कि वो क्या सोचती है, क्या चाहती है कि हो, और क्या नहीं हुआ उसके साथ. वो क्या मानती थी, किस चीज पर उसका विश्वास था और किस पर वो विश्वास नहीं कर पा रही थी. ये पूरी स्क्रिप्ट का एक अभिन्न अंग था, इसलिए मैं इसे काट नहीं सकती थी बिना पूरे किरदार के एक जरूरी हिस्से को काटे। 

    असहज थीं काजोल

    जब होस्ट लिली ने पूछा कि क्या काजोल खुद भी एक इंसान के रूप में बदल गई थीं, जिसकी वजह से उन्हें ये करने में ठीक लगा, तो काजोल ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं इससे असहज थी. मैं इस विचार से बहुत-बहुत असहज थी, जब तक कि मैं सेट पर खड़ी नहीं हो गई. मुझे ये थ्योरी में पसंद था, लेकिन मुझे यकीन नहीं था कि मैं ये असल में करूंगी या फिर उन्हें बोल दूंगी 'कट. ये होने वाला नहीं है.' लेकिन मुझे सच में लगता है कि ये सिर्फ एक प्रोफेशनल कॉल था, जहां मैंने महसूस किया कि आज मैं ये फैसला ले सकती हूं। 

    काजोल ने एक्टर के रूप में अपने फैसलों को लेकर बिना किसी पछतावे के बात भी की. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने शुरुआत की थी तो वो बहुत युवा थीं और जो करना चाहती थीं, उसके बारे में बहुत ईमानदार थीं. भले ही वो हमेशा अच्छा ना लगता हो, लेकिन काजोल ने कहा कि उन्हें इससे ज्यादा मुश्किल नहीं हुई क्योंकि वो अपने फैसलों के बारे में ज्यादा नहीं सोचती थीं और सिर्फ अपने काम पर फोकस रखती थीं। 

    काजोल ने 'द ट्रायल – प्यार, कानून, धोखा' में नोयोनिका सेनगुप्ता का रोल प्ले किया था. नोयोनिका, एक हाउसवाइफ हैं जो अपने पति के स्कैंडल के बाद वकालत में वापस लौटती हैं. यह कोर्टरूम ड्रामा, हॉलीवुड शो 'द गुड वाइफ' का इंडियन वर्जन है. सुपर्ण वर्मा के निर्देशन में बने इस शो में अली खान और शीबा चड्ढा भी नजर आए थे. शो का दूसरा सीजन पिछले साल रिलीज हुआ था. यह जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है। 

  • पर्सनैलिटी राइट प्रोटेक्शन : बिना इजाजत काजोल की फोटो-वीडियो इस्तेमाल करना अपराध

    पर्सनैलिटी राइट प्रोटेक्शन : बिना इजाजत काजोल की फोटो-वीडियो इस्तेमाल करना अपराध

     

    मुंबई,

    साल 2025 में बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने पर्सनैलिटी राइट्स के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था, लेकिन अब उनकी पत्नी काजोल के लिए भी कोर्ट ने पर्सनैलिटी राइट का प्रोटेक्शन दिया है।

    पर्सनैलिटी राइट्स को सुरक्षा देते हुए कोर्ट ने साफ किया है कि अब बिना अनुमति के अभिनेत्री के नाम, फोटो और वीडियो का इस्तेमाल करना अपराध होगा।

    दिल्ली हाई कोर्ट ने पर्सनैलिटी राइट के प्रोटेक्शन का आदेश देते हुए अभिनेत्री के विरुद्ध प्रकाशित अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री को हटाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही न्यायालय ने एआई और डीपफेक जैसी तकनीकों के माध्यम से काजोल के नाम, छवि अथवा व्यक्तित्व के किसी भी प्रकार के दुरुपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। उच्च न्यायालय ने विभिन्न प्रतिवादी संस्थाओं को यह भी निर्देश दिया कि वे काजोल की तस्वीर या पहचान का प्रयोग कर किसी भी प्रकार के व्यावसायिक उत्पादों की बिक्री न करें। साथ ही अश्लील सामग्री को हटाने का आदेश दिया है।

    एआई और डीपफेक के जरिए इन दिनों सोशल मीडिया पर अवैध तरीके से उत्पादों के प्रचार और अश्लील साइटों पर अभिनेता और अभिनेत्रियों की तस्वीरों का इस्तेमाल बढ़ गया है। कुछ साइट बिना इजाजत के धड़ल्ले से एआई की आड़ में सेलिब्रिटीज की वीडियो का इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा, भ्रामक जानकारी फैलाने के लिए डीपफेक फोटो और वीडियो का भी चलन बढ़ गया है। ऐसे में इसे किसी भी अभिनेता या अभिनेत्री की छवि पर सीधा हमला माना गया है। अभिनेता विवेक ओबरॉय के मामले में कोर्ट ने साफ कहा था कि तकनीक का इस्तेमाल कर किसी की छवि को नुकसान पहुंचाना भी अपराध है।

    काजोल के अलावा, अजय देवगन ने भी बीते साल पर्सनैलिटी राइट्स के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में अपील की थी। कोर्ट ने अभिनेता के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सभी अवैध साइट और एआई-जनरेटेड डीपफेक वीडियो को हटाने का आदेश दिया था और आगे भी इस्तेमाल पर रोक लगाई थी।

    पर्सनैलिटी राइट्स के मामले में हिंदी सिनेमा से लेकर दक्षिण भारतीय सिनेमा के सेलेब्स कोर्ट का रुख कर चुके हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा से आंध्र प्रदेश के डिप्टी चीफ मिनिस्टर पवन कल्याण, नागार्जुन और जूनियर एनटीआर को कोर्ट ने पर्सनैलिटी राइट्स सुरक्षा प्रदान की है और हिंदी सिनेमा से आर माधवन, विवेक ओबरॉय, सलमान खान, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन भी पर्सनैलिटी राइट्स मामले में कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं।