Tag: India’s hockey

  • भारत का हॉकी में जलवा, पाकिस्तान पर 19-0 की ऐतिहासिक जीत; सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

    भारत का हॉकी में जलवा, पाकिस्तान पर 19-0 की ऐतिहासिक जीत; सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

    नई दिल्ली
    विमेंस हॉकी जूनियर एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है. गुरुवार (10 सितंबर) को चीन के मोकी में आयोजित क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19-0 से हराया. भारतीय टीम के लिए पूजा मलिक ने सबसे ज्यादा तीन गोल (27वें, 49वें और 51वें मिनट) किए. वहीं चंद्रकांत सानिका माने (13वें और 23वें मिनट), मधु सिदार (16वें और 39वें मिनट), सुप्रिया (40वें और 54वें मिनट) और ऐंद रोशनी (9वें और 60वें मिनट) ने दो-दो गोल दागे.

    पूजा साहू (7वें मिनट), दिनेश तुनश्री काडू (11वें मिनट), सुखवीर कौर (13वें मिनट), गीता यादव (18वें मिनट), तनुजा टोप्पो (25वें मिनट), पूर्णिमा यादव (33वें मिनट), कृष्णा शर्मा (48वें मिनट) और बिनिमा धन (55वें मिनट) भी एक-एक गोल करने में सफल रहीं. सेमीफाइनल में भारत का सामना मलेशिया और कोरिया के बीच होने वाले चौथे क्वार्टरफाइनल के विजेता से होगा. सेमीफाइनल मुकाबले 12 सितंबर को खेले जाने हैं.

    इस मुकाबले में भारत का दबदबा पूरी तरह रहा और पाकिस्तानी खिलाड़ी कुछ नहीं कर पाईं. शुरुआती दो क्वार्टर में भारत ने कुल 10 गोल दागे. यानी हाफटाइम तक भारत 10-0 से आगे रहा. फिर तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान को थोड़ी राहत मिली, जहां भारत ने सिर्फ 3 गोल किए. आखिरी क्वार्टर भारत के लिए फिर दमदार रहा और छह गोल दागे गए. सात गोल भारत के पेनल्टी कॉर्नर से आए, जबकि दो गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर हुए. बाकी के 11 गोल जो भारत ने किए, वो फील़्ड गोल रहे.

    भारत ने दो बार जीता है खिताब
    भारत और चीन ने एलीट पूल चरण का अंत 10-10 अंकों के साथ किया. हालांकि, बेहतर गोल अंतर के कारण भारत एलीट पूल में शीर्ष स्थान पर रहा. भारत ने जापान, कोरिया और मलेशिया के खिलाफ मुकाबले जीते, जबकि चीन से ड्रॉ खेला. पाकिस्तानी टीम की बात करें तो उसने चैलेंजर पूल में चार मैच खेलकर सात अंक हासिल किए थे और तीसरा स्थान प्राप्त किया था. चैलेंजर पूल में बांग्लादेश पहले और कजाखस्तान दूसरे नंबर पर रहा था.

    विमेंस हॉकी जूनियर एशिया कप का ये 10वां संस्करण है. भारतीय टीम डिफेंडिंग चैम्पियन है. 2024 में मस्कट में आयोजित प्रतियोगिता में भारत ने चीन को हराकर लगातार दूसरी बार खिताबी जीत हासिल की थी. साउथ कोरिया इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है. उसने चार बार (1992, 1996, 2000 और 2008) खिताब जीते. जबकि चीन ने 3 बार (2004, 2012, 2015) खिताबी जीत दर्ज की.

  • जापान के खिलाफ भारत का गोल्डन शो, 7 गोल दागकर जूनियर महिला हॉकी टीम ने दर्ज की शानदार जीत

    जापान के खिलाफ भारत का गोल्डन शो, 7 गोल दागकर जूनियर महिला हॉकी टीम ने दर्ज की शानदार जीत

    नई दिल्ली
     सीनियर एशियान कप 2026 में हरमन सेना ने कमाल का प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल में एंट्री मार ली है। दूसरी ओर, महिला जूनियर एशिया कप में भारतीय टीम का जलवा बरकरार है। जापान के खिलाफ 7-0 के अंतर से बड़ी जीत दर्ज कर भारत ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए मंगलवार को अपने तीसरे एलीट पूल मैच में जापान के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत से भारत के तीन मैचों में 9 अंक हो गए हैं और वह एलीट पूल में शीर्ष पर है।

    भारत बुधवार को पूल के अपने आखिरी मैच में चीन का सामना करेगा। इस मुकाबले के नतीजे के आधार पर पूल में टॉप पर रहने वाली टीम तय होगी। चीन के अभी दो मैचों में छह अंक हैं। इस मैच को जीतकर चीन के भी भारत के बराबर अंक हो जाएंगे और चीन की टीम टेबल टॉपर बन सकती है।

    कृष्णा शर्मा ने किया पहला गोल
    भारत ने कोरिया के खिलाफ 4-1 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद मलेशिया के खिलाफ 11-1 से बड़ी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने जापान के खिलाफ मुकाबले में अपनी आक्रामक लय को बरकरार रखा और शुरुआत से ही मुकाबले पर नियंत्रण बना लिया। भारत के शुरुआती दबाव का फायदा उसे पांचवें मिनट में मिला जब कृष्णा शर्मा ने गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

    भारत ने पहले क्वार्टर में ली 3 गोल की बढ़त
    भारत को नौवें मिनट में जापानी डिफेंडर के सर्कल के अंदर फाउल करने से पेनल्टी मिली। सुप्रिया ने इसे गोल में बदलकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। भारत ने अपना दबदबा बनाए रखते हुएर पहले क्वार्टर के आखिरी क्षणों में तीसरा गोल दागा। पूर्णिमा यादव ने 14वें मिनट में मैदानी गोल किया जिससे भारत ने पहले क्वार्टर में 3-0 की अच्छी बढ़त हासिल कर ली। दूसरे क्वार्टर में जापान ने अधिक आक्रामक रुख अपनाया और मैच में वापसी की कोशिश की। भारत ने भी अपनी बढ़त मजबूत करने की कोशिश की लेकिन दोनों में से कोई भी टीम इस क्वार्टर में गोल नहीं कर सकी। इस तरह से भारत हाफटाइम तक 3-0 से आगे था।

    5 मिनट में 3 गोल दागे
    जापान ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में आक्रमण करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस के सामने उसकी एक नहीं चली। इसके बाद भारत ने पांच मिनट के भीतर तीन गोल दाग दिए। गीता यादव ने 41वें मिनट में मैदानी गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया। गीता ने 45वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके तुरंत बाद पूर्णिमा ने भी अपना दूसरा गोल किया और तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत को 6-0 की बढ़त दिला दी। भारतीय टीम ने अंतिम क्वार्टर में भी अपना आक्रामक रुख बरकरार रखा और 50वें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने के गोल से टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत सुनिश्चित की।