Tag: cm rekha gupta

  • SIR को लेकर सियासी घमासान तेज, CM रेखा गुप्ता ने कांग्रेस-विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

    SIR को लेकर सियासी घमासान तेज, CM रेखा गुप्ता ने कांग्रेस-विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

    नई दिल्ली
    चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े हालिया विवाद के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर हमला बोला है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष देश में एक ऐसा झूठा माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, जिसका हकीकत से कोई दूर-दूर तक वास्ता नहीं है.

    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया और कहा कि उनका एकमात्र मकसद जनता को भ्रमित करना है.  उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए.

    उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी नाकामियों, देश के खिलाफ किए गए कृत्यों और चल रहे विकास कार्यों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे बेतुके मुद्दे खड़े कर रहा है, जिनका कोई आधार नहीं है.

    सीएम रेखा ने सवाल उठाया कि आज विपक्ष चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठा रहा है, उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है और गिरफ्तारियों की मांग कर रहा है, जबकि उनके अपने शासनकाल में चुनाव आयोग कैसे काम करता था, ये किसी से छिपा नहीं है. उस दौर में आयोग पूरी तरह से सरकारों के इशारों पर चलता था.

    पारदर्शी तरीके से काम कर रहा है चुनाव आयोग
    चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आयोग पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रहा है. वर्तमान व्यवस्था में आयोग के तीनों कमिश्नर हर फैसले पर पूरी तरह से एकमत होकर फैसला लेते हैं.

    चुनाव आयोग ने पहले ही सभी तथ्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ जनता के सामने रख दिया है, जिससे ये साफ हो जाता है कि हर फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है. आयोग का कामकाज बेहद तारीफ के काबिल और निष्पक्ष है.

    राहुल गांधी पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग
    विपक्ष के तेवर पर नाराजगी जताते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने सीधे तौर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी नेताओं पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं द्वारा जिस तरह की गतिविधियां चलाई जा रही हैं और अनर्गल बयान दिए जा रहे हैं, वो देशद्रोह से कम नहीं है.

    मुख्यमंत्री ने मांग की है कि ऐसे नेताओं के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए ताकि देश की संस्थाओं पर उंगली उठाने वालों को कड़ा संदेश मिल सके.

  • सत्य निकेतन हादसे पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, घायलों को मिलेगा ₹5 लाख मुआवजा

    सत्य निकेतन हादसे पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, घायलों को मिलेगा ₹5 लाख मुआवजा

    नई दिल्ली
     दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने हादसे के पास स्थित एक अन्य इमारत को भी ध्वस्त करने का आदेश दिया है। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों को 5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

    मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बिल्डिंग हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात के लिए एम्स के ट्रामा सेंटर पहुंची थी। घायलों से मुलाकात के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि घायलों की आर्थिक मदद के लिए राहत कोष से 5 लाख रुपये की मदद की जाएगी।

    साथ ही सीएम ने प्रशासन को आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच करने और जरूरत पड़ने पर खतरनाक बिल्डिंगो को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

    MCD के 4 अधिकारी सस्पेंड
    इमारत ढहने की घटना के बाद नगर निकाय अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसके तहत एमसीडी के दक्षिण जोन के उपायुक्त राकेश कुमार और चार इंजीनियरों अधीक्षण अभियंता रणबीर सिंह, अधिशासी अभियंता ललित कुमार गोयल, सहायक अभियंता सुनील चौहान और कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार को निलंबित कर दिया गया।

    एमसीडी ने पूरी दिल्ली में इमारतों, विशेष रूप से ऊंचाई और मंजिल सीमाओं का उल्लंघन करने वाली संरचनाओं के निरीक्षण का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अधिकारियों को शहर में सभी पांच मंजिला ढांचों को सील करने का निर्देश दिया है।

    बिल्डिंग गिरने से 7 लोगों की मौत
    सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर को इस इमारत के गिरने से सात लोगों के मौत हो गई थी। जबकि 3 लोग अभी भी अस्पताल में गंभीर है। इस इमारत का इस्तेमाल पेइंग गेस्ट व्यवस्था के रूप में किया जा रहा था। पुलिस ने FIR दर्ज कर इस बिल्डिंग के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पुलिस अब उस ठेकेदार की तलाश कर रही है जो बेसमेंट में रिसाव की समस्या दूर करने के लिए मरम्मत का काम करा रहा था।

  • लक्ष्मी योजना में 17 लाख महिलाओं को लाभ, सरकार ने 5100 करोड़ रुपये किए आवंटित

    लक्ष्मी योजना में 17 लाख महिलाओं को लाभ, सरकार ने 5100 करोड़ रुपये किए आवंटित

    नई दिल्ली
    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लक्ष्मी योजना के तहत तीन बच्चों की सीमा का बचाव करते हुए बड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि महिला बच्चे पैदा करने की मशीन नहीं है और उसकी सेहत सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। दिल्ली विधानसभा में बोलते हुए, रेखा गुप्ता ने कहा कि बार-बार गर्भवती होने से महिला की सेहत पर बुरा असर पड़ता है। उन्होंने तर्क दिया कि तीन बच्चों की शर्त का मकसद महिलाओं की सुरक्षा करना था, न कि किसी समुदाय के साथ भेदभाव करना।

    रेखा गुप्ता ने क्या कहा
    रेखा गुप्ता ने कहा, 'बीजेपी सरकार उस सोच का समर्थन नहीं करती जिसमें महिलाओं को बेटा पाने की उम्मीद में ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए मजबूर किया जाता है। यह शर्त सभी महिलाओं पर समान रूप से लागू होती है, चाहे उनका धर्म या सामाजिक पृष्ठभूमि कुछ भी हो।' उन्होंने आगे कहा कि महिलाएं खुद ऐसा प्रावधान चाहती थीं ताकि वे योजना के फायदों और अपनी सेहत के बीच संतुलन बना सकें।

    'लक्ष्मी योजना में 5100 करोड़ रुपये आवंटित'
    मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने इस योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और पहले तीन साल के चरण में 17 लाख महिलाओं को इसका फायदा देने का लक्ष्य रखा है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि विपक्ष में बैठे कुछ लोग, जो खुद को महिलाओं का हितैषी बताते हैं, उनमें सरकार का जवाब सुनने की हिम्मत नहीं थी जब इस मुद्दे पर चर्चा हो रही थी। इसीलिए वे सदन से बाहर चले गए।

    '1000 रुपये डिजिटल वॉलेट में, 1500 FD/RD में'
    वित्तीय लाभ देने के तरीके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 1,000 रुपये डिजिटल वॉलेट के जरिए दिए जाएंगे और 1,500 रुपये FD/RD में जमा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सोच-समझकर बनाई गई नीति है ताकि महिलाओं के पास घर के खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पैसे हों, जबकि 1,500 रुपये बचत के तौर पर जमा होते रहें।

    पिंक कार्ड पर ये बोलीं दिल्ली की सीएम
    पिंक कार्ड के सिर्फ दिल्ली की महिलाओं के लिए होने पर उठाए गए सवालों पर रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार के लोग दिल्ली में रहते थे लेकिन पूरे देश में राजनीति करते थे। मौजूदा सरकार ऐसे काम नहीं करती। उसका मानना ​​है कि दिल्ली के लोगों का पैसा दिल्ली में ही खर्च होना चाहिए और इसका फायदा दिल्ली के लोगों को ही मिलना चाहिए।

    लड़कियों की साइकिल योजना पर ये बोलीं
    लड़कियों को साइकिल देने की योजना पर विपक्ष की कथित टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे नेताओं को लड़कियों की शिक्षा, भविष्य और जरूरतें नहीं दिखतीं। उन्हें सिर्फ चुनावी प्रचार दिखता है। इस योजना का मकसद 'विद्या वाहिनी' के जरिए लड़कियों को आसानी से स्कूल पहुंचाने, उनकी शिक्षा जारी रखने और स्कूल छोड़ने की दर को कम करने में मदद करना है।

     

  • दिल्ली में जुटेंगे 25 देशों के खिलाड़ी, आज से शुरू टेबल टेनिस चैंपियनशिप

    दिल्ली में जुटेंगे 25 देशों के खिलाड़ी, आज से शुरू टेबल टेनिस चैंपियनशिप

    नई दिल्ली
     22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी से एक दिन पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमावर को राजधानी वासियों से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से स्टेडियम पहुंचकर मुकाबलों का लाइव रोमांच देखने और इस मेगा खेल आयोजन का भरपूर लुत्फ उठाने का आग्रह किया

    27 जुलाई से शुरू हो रही चैंपियनशिप
    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "27 जुलाई से दिल्ली 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी करेगी। सात दिनों तक, त्यागराज स्टेडियम में 25 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ी विश्व-स्तरीय टेबल टेनिस, बेहतरीन कौशल और खेल उत्कृष्टता का प्रदर्शन करेंगे। दिल्लीवासियों को इस एक्शन को लाइव देखने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया जाता है, क्योंकि राजधानी कॉमनवेल्थ के प्रमुख खेल आयोजनों में से एक की मेजबानी कर रही है।"

    14 जुलाई को सीएम गुप्ता ने किया था अनावरण
    14 जुलाई को मुख्यमंत्री ने 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक मैस्कॉट (शुभंकर) 'मयूर' का अनावरण किया था। समारोह के दौरान, उन्होंने चैंपियनशिप के बहुप्रतीक्षित आधिकारिक ट्रेलर को भी लॉन्च किया।

    सीएम ने बताया शुभंकर का महत्व
    मैस्कॉट के प्रतीकात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि 'मयूर' भारत के राष्ट्रीय पक्षी से प्रेरित है और यह ऊर्जा, उत्साह, जीवंतता और सकारात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मोर के पंखों में सभी हिस्सा लेने वाले देशों के राष्ट्रीय झंडों को खूबसूरती से शामिल किया गया है, जो 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना और खेल भावना के संदेश को दर्शाता है।

    आयोजन में कौन कौन हुआ शामिल
    इस भव्य आयोजन में दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) और कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के पदाधिकारी, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, खेल जगत के प्रतिष्ठित सदस्य और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।

    दिल्ली ने बना रखा ये रिकॉर्ड
    दिल्ली को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी मिलने पर गर्व जताते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय राजधानी के आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे, बेहतरीन आयोजन क्षमता और वैश्विक खेलों के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स से लेकर कॉमनवेल्थ गेम्स तक, दिल्ली ने बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी का शानदार रिकॉर्ड कायम किया है।