Tag: cm Nayab saini

  • गेस्ट टीचर्स होंगे पक्के? CM नायब सैनी का सकारात्मक रुख, जल्द अधिकारियों संग होगी अहम बैठक

    गेस्ट टीचर्स होंगे पक्के? CM नायब सैनी का सकारात्मक रुख, जल्द अधिकारियों संग होगी अहम बैठक

    चंडीगढ़
     हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पिछले 20 वर्षों से सेवाएं दे रहे अतिथि अध्यापकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।

    मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार देर रात अतिथि अध्यापकों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एक हाई लेवल मीटिंग की। विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद विधानसभा सचिवालय के भीतर आधी रात तक चली इस बैठक के बाद से ही गेस्ट टीचर्स को पक्का किए जाने को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।

    शिक्षा मंत्री भी थे शामिल
    इस बैठक में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथि अध्यापकों के मीडिया प्रभारी डॉ. अजय लोहान ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने स्वयं मुख्यमंत्री के समक्ष गेस्ट टीचर्स का पूरा मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

    मुख्यमंत्री ने मामले पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया है कि जल्द ही अधिकारियों के साथ एक औपचारिक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें इस समस्या के अंतिम समाधान पर फैसला लिया जाएगा।

    2014 की नीति की सभी शर्तें पूरी करते हैं गेस्ट टीचर
    प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गेस्ट टीचर्स 2014 की नीति के तहत तय सभी नियमों और शर्तों को पूरा करते हैं। डॉ. लोहान के अनुसार, कॉलेज लेक्चरर और गेस्ट टीचर्स के नियम व शर्तें बिल्कुल एक समान थीं।

    कॉलेज लेक्चरर 2014 में ही पक्के किए जा चुके हैं, जबकि सरकारी स्कूलों में 21 वर्षों से सेवाएं दे रहे गेस्ट टीचर आज भी अपने नियमितीकरण का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 में बीजेपी ने सरकार बनने पर पहली कलम से गेस्ट टीचर्स को नियमित करने का वादा किया था।

    अतिथि अध्यापकों के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे लगातार उनकी मांगों को लेकर गंभीर हैं और मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी के सकारात्मक रुख के बाद अब हजारों गेस्ट टीचर्स में जल्द पक्के होने की उम्मीद जग गई है।

  • हर्ष एनकाउंटर पर बवाल, बिगड़े माहौल के चलते CM नायब सैनी की तरावड़ी रैली टली

    हर्ष एनकाउंटर पर बवाल, बिगड़े माहौल के चलते CM नायब सैनी की तरावड़ी रैली टली

    करनाल.

    हर्ष एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच का मामला गरमाता जा रहा है। इधर, सरकार ने विधानसभा सत्र का हवाला देते हुए 30 अगस्त को तरावड़ी में होने वाली मुख्यमंत्री नायब सैनी की रैली को स्थगित कर दिया है। खुद नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने इसकी जानकारी दी है।

    वहीं, सरकार के इस फैसले के बाद रोड़ समाज ने भी अपनी 101 सदस्यीय कमेटी की बैठक बुधवार को बुलाई है। इस बैठक में समाज अपनी अगली रणनीति तय करेगा। खास बात ये है कि इस बैठक में इसके साथ ही रोड़ महासभा के प्रधान बलकार ने भाजपा सरकार में शामिल समाज के लोगों को आने का आह्वान किया है। एक वीडियो जारी कर अखिल भारतीय रोड़ महासभा के प्रधान बलकार सिंह ने कहा कि हर्ष एनकाउंटर मामले को लेकर 101 सदस्यों की कमेटी बनाई हुई है। उस कमेटी की बुधवार को बैठक होगी। इस बैठक में निर्णय लिया जाएगा कि सरकार ने उनकी मांग 30 अगस्त तक नहीं मानी तो आगे की क्या रणनीति रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में रोड़ समाज के जितने भी पदाधिकारी हैं।

    रोड़ समाज के साथ गलत हुआ
    वह चाहे ब्लाक स्तर पर हो, जिला स्तर पर हो या प्रदेश स्तर पर हो। वे सभी इस बैठक में पहुंचे, वह भी समाज का हिस्सा हैं। उन्हें चाहिए कि वह सरकार से न्याय दिलाने में समाज की मदद करें। सरकार को बताएं कि रोड़ समाज के साथ गलत हुआ है। बता दें कि 24 अगस्त को रोड़ समाज के लोगों ने हजारों की संख्या में एकत्रित होकर रोड़ धर्मशाला से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय में डीसी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा था। जिसमें तीन मुख्य मांगे रखी गई थी। इसके साथ ही समाज के लोगों ने सरकार को चेताया था कि 30 अगस्त को तरावड़ी में होने वाली भाजपा रैली का वह विरोध करेंगे। अब सरकार ने इससे आगे निकलकर रैली ही स्थगित कर दी है। देखना यह है कि अब रोड़ समाज का अगला फैसला क्या होगा।

    नीलोखेड़ी विधायक पर साधा निशाना
    प्रधान बलकार ने कहा कि हर्ष का गांव काला माजरा नीलोखेड़ी विधानसभा में आता है। पिछले कई दिनों से हर्ष का मामला चला हुआ है। इसके बावजूद भी नीलोखेड़ी के विधायक ने तरावड़ी में सरकार की रैली कराने की तैयारी कर ली। क्या विधायक के लिए यह उचित है। उसकी विधानसभा क्षेत्र में एक नौजवान का फर्जी एनकाउंटर कर दिया और उसका समाज सरकार से न्याय मांगने के लिए सड़क पर उतर रहा है।

  • हरियाणा में हर 20 किमी पर कॉलेज- AI हब का प्लान, CM नायब सैनी ने किया बड़ा ऐलान

    हरियाणा में हर 20 किमी पर कॉलेज- AI हब का प्लान, CM नायब सैनी ने किया बड़ा ऐलान

    हिसार.

    कालेज में आने से पहले बेटियां पढ़ाई से ड्राप न करे। हर 20 किलोमीटर में एक राजकीय कालेज खुलेगा। साथ ही हर जिले में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस माडल संस्कृति महाविद्यालय तैयार किया जाएगा, ताकि स्कूल से उत्तीर्ण होने के बाद बेटियां आगे भी शिक्षा जारी रख सके।

    यहीं नहीं, प्रदेश स्तर पर सुपर-100 योजना के तहत अब 500 होनहारों का चयन किया जाएगा, जबकि पहले 400 का चयन होता था। यह बात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कही। वे रविवार को उद्योगपति ओपी जिंदल के 96वें जन्मदिवस पर रविवार को ओपी जिंदल माडर्न स्कूल में आयोजित नवनिर्मित भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। मंच पर उनके संग हरियाणा सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, मेयर प्रवीण पोपली, विधायक सावित्री जिंदल, सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम, नलवा के विधायक रणधीर पनिहार व हांसी के विधायक विनोद भयाना सहित कई राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहे।

    पंचकूला व गुरुग्राम में एआइ हब स्थापित होगा
    मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत पंचकूला व गुरुग्राम में एआइ हब की स्थापना की जाएगी, ताकि बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी से जोड़ा जा सके। इसी कड़ी में प्रदेश के 55 हजार स्कूलों को वाइ-फाई, हर 10 किलोमीटर में माडल संस्कृति स्कूल व हर पांच किलोमीटर बाद मुख्यमंत्री उत्कृष्टता और प्रारंभिक अंग्रेजी विद्यालय खोलने पर जोर दिया जा रहा है।

    कामनवेल्थ गेम में 39 मेडल आने पर जताई खुशी
    सीएम ने कामनवेल्थ गेम में कुल 39 मेडल जीतने पर खुशी जताई। हरियाणा के सात मेडल में से पांच बेटियों की ओर से गोल्ड जीतने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। वीसी की मीटिंग बुलाकर शोध पर जोर के दिए आदेशमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों मैंने हरियाणा के विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलर की मीटिंग बुलाई थी, जिसमें मैंने विद्यार्थियों के आइडिया पर शोध करने के आदेश दिए हैं। इस पर 20 करोड़ रुपये का बजट देने की भी घोषणा कर चुके हैं, ताकि बच्चे उद्यमिता की राह पर चलकर खुद को कौशल बना सकें और रोजगार लेने वाले नहीं देने वाले बन सकें।

    इस दौरान नलवा के विधायक रणधीर पनिहार, हांसी के विधायक विनोद भयाना, आदमपुर के पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. आशा खेदड़, मेयर प्रवीण पोपली, जनरल डीपी वत्स, वन विभाग के अध्यक्ष रवि सैनी, पूर्व मंत्री अनूप धानक, उपायुक्त महेंद्रपाल, पुलिस महानिरीक्षक हिसार रेंज कुलदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन व हिसार मिलिट्री स्टेशन के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल रोहित तेओतिया मौजूद रहे।

  • Haryana News: CM नायब ने परखी पीएम मोदी कार्यक्रम की तैयारियां, 17 जुलाई को पहली हाइड्रोजन ट्रेन का होगा शुभारंभ

    Haryana News: CM नायब ने परखी पीएम मोदी कार्यक्रम की तैयारियां, 17 जुलाई को पहली हाइड्रोजन ट्रेन का होगा शुभारंभ

    जींद.

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 17 जुलाई हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जींद की पावन धरा पर आकर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।

    इससे हरियाणा के आधारभूत ढांचे, परिवहन और विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री बुधवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने जींद पहुंचे। सीएम को पंचकूला से हेलीकाप्टर में दोपहर करीब सवा दो बजे जींद पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के चलते सड़क मार्ग से करीब साढ़े चार बजे जींद पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली इको फ्रेंडली होगी, जिसमें इलेक्ट्रिक बसों का प्रयोग होगा।

    मिलकर काम करेगी हरियाणा की टीम
    लोग सीएनजी गाड़ियों, ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिक स्कूटी व साइकिल से रैली में पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत में कटौती करने का आह्वान किया था। उसी आह्वान पर हरियाणा की टीम मिलकर काम करेगी। प्रदेशभर में कई स्थानों पर कार्यकर्ता एलईडी लगाकर प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुनेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर 17 जुलाई तक शहर का रूट प्लान डायवर्ट किया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद की गई हैं। साथ ही मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बुधवार को जींद पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की।

    रेलवे जंक्शन व रैली स्थल का किया निरीक्षण
    मुख्यमंत्री ने सबसे पहले जींद रेलवे जंक्शन व हाइड्रोजन प्लांट का निरीक्षण किया। जहां करीब आधे घंटे तक रुके और अधिकारियों के साथ चर्चा की। उसके बाद एकलव्य स्टेडियम में रैली स्थल का जायजा लिया। फिर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे बैठक की। इस बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, रैली संयोजक संजय भाटिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, मंत्री रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी, डा. अरविंद शर्मा, कृष्ण पंवार, विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी मौजूद रहे

    चानौत को पानी दिया जाएगा
    चानौत के लोगों द्वारा 17 जुलाई को प्रधानमंत्री से मिलने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चानौत के लोग उनसे मिले थे। सराकर का लक्ष्य प्रदेश में हर घर को पानी देना है। प्रदेश में करीब 450 जलघर हैं, जहां सेम की समस्या के कारण नीचे से पानी आया है, जिनको ठीक करवाया जाएगा। सीधे पाइपलाइन लगाकर चानौत को पानी दिया जाएगा। पानी की कमी नहीं रहने देंगे।

  • CM नायब सैनी, जेपी नड्डा और डॉ. अर्चना के अंबाला पहुंचते ही जुटी भारी भीड़, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

    CM नायब सैनी, जेपी नड्डा और डॉ. अर्चना के अंबाला पहुंचते ही जुटी भारी भीड़, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

    अम्बाला.

    अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अम्बाला आगमन पर उनका पूर्व मंत्री असीम गोयल ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।

    गोयल ने सभी वरिष्ठ नेताओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनके साथ सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का अम्बाला आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है तथा इससे संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भी नेताओं के आगमन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

  • पंजाब की राजनीति पर CM सैनी का हमला, बोले- जनता AAP को करेगी बाहर

    पंजाब की राजनीति पर CM सैनी का हमला, बोले- जनता AAP को करेगी बाहर

     चंडीगढ़

    हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने पंजाब और हरियाणा के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दोनों राज्यों के संबंध को सिर्फ पड़ोसी राज्यों का रिश्ता नहीं, बल्कि “नाखून और उंगली” जैसा बताया। मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पंजाब की राजनीति को लेकर भी लगातार चर्चा तेज है।

    एक इंटरव्यू के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पंजाब को करीब से समझने और देखने का मौका मिला है। उन्होंने बताया कि पंजाब ओबीसी मोर्चा का प्रभारी रहते हुए उन्होंने पूरे प्रदेश का दौरा किया और शायद ही कोई ऐसा चुनाव रहा हो, जहां उन्हें जाने का अवसर न मिला हो। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने पंजाब और हरियाणा के सामाजिक व सांस्कृतिक जुड़ाव को बेहद मजबूत बताया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा की जमीन एक है, छत एक है और दोनों का सफर भी एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, “पंजाब-हरियाणा का रिश्ता सामान्य नहीं है, यह नाखून और उंगली का रिश्ता है।” उनके इस बयान को दोनों राज्यों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जुड़ाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

    हालांकि, मुख्यमंत्री ने राजनीतिक स्तर पर पंजाब की मौजूदा सरकार पर निशाना साधने से भी परहेज नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की सोच आम आदमी पार्टी से अलग है। मुख्यमंत्री का आरोप था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने आम लोगों को अपमानित करने का काम किया है।

    उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जागरूक जनता भ्रष्टाचार में लिप्त आम आदमी पार्टी को बाहर का रास्ता दिखाएगी। साथ ही कहा कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सुनिश्चित की जाएगी।

    मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान हरियाणा की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और कहा कि प्रदेश ने खेल, कृषि, उद्योग और विकास के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। वहीं, पंजाब और हरियाणा के रिश्ते पर दिया गया उनका “नाखून और उंगली” वाला बयान अब राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बना हुआ है।