Tag: campaign

  • नशे से जंग अभियान में यमुनानगर मैराथन में उमड़ा जनसैलाब

    नशे से जंग अभियान में यमुनानगर मैराथन में उमड़ा जनसैलाब

    यमुनानगर
     नजर जहां तक गई, वहां तक धावक ही धावक दिखाई दिए। मटका चौक से निकली पांच और 10 किलोमीटर की मैराथन में हजारों युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर दौड़ लगाई।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नशे से जंग, यमुनानगर के संग' अभियान के तहत मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद वह स्वयं भी कुछ दूर तक धावकों के साथ दौड़े। मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर अन्य अतिथियों ने करीब 1.50 क्विंटल फूल बरसाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। पूरे मार्ग पर तालियों और नारों के बीच धावकों का स्वागत हुआ।

    दौड़ शुरू होने से पहले मटका चौक पर प्रतिभागियों की एक किलोमीटर से अधिक लंबी कतार लग गई। सड़क का हर हिस्सा सफेद रंग टी-शर्ट पहने धावकों से भर गया। हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से आए खिलाड़ियों ने भी मैराथन में भाग लिया। पांच और 10 किलोमीटर की दौड़ में हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

    प्रतियोगिता में बाहरी राज्यों के खिलाड़ियों का दबदबा भी रहा। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में दो पुरस्कार उत्तर प्रदेश के धावकों ने जीते, जबकि महिला वर्ग में एक पुरस्कार लखनऊ की धाविका के नाम रहा। इससे प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

    मैराथन के दौरान देशभक्ति गीतों और हरियाणवी धुनों ने माहौल को जोश से भर दिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। पंजाबी गायक सती संतविंद्र ने 'छोरा हरियाणा का गीत सुनाया तो युवा झूम उठे। ढोल-नगाड़ों की थाप और तालियों की गूंज पूरे मार्ग पर सुनाई देती रही।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। इससे मुकाबला जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश भी दिया।

    मैराथन मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल, चिकित्सा टीमें और एंबुलेंस पूरे रूट पर तैनात रहीं। जगह-जगह पेयजल, फल और अन्य खाद्य सामग्री के स्टाल लगाए गए थे। स्वयंसेवकों ने धावकों की हर संभव सहायता की।

  • दिल्ली में आज दिखेगा अनोखा नजारा, हजारों लोग एक साथ उतरेंगे मैदान में

    दिल्ली में आज दिखेगा अनोखा नजारा, हजारों लोग एक साथ उतरेंगे मैदान में

    नई दिल्ली
     यमुना सफाई के लिए दिल्ली सरकार रविवार को बड़ा जन-अभियान शुरू करने जा रही है। सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में 'मां यमुना तट स्वच्छता अभियान' के तहत यमुना के 28 घाट, तटों और रिवरफ्रंट क्षेत्रों में एक साथ सफाई और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 'एक संकल्प-स्वच्छ यमुना' थीम पर आधारित इस अभियान में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद-मंत्री समेत आम लोग, स्वयंसेवक और सामाजिक संगठन श्रमदान करेंगे।

    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह 6 बजे गीता कॉलोनी स्थित ठोकर नंबर-14 घाट पर अभियान का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय धरोहर है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। इसी सोच के साथ इस पहल को जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।

    • उन्होंने कहा कि पीएम के स्वच्छ भारत विजन से प्रेरित यह अभियान यमुना संरक्षण को जनभागीदारी का आंदोलन बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 'मेरी यमुना, मेरा कर्तव्य' अभियान के तहत 12 टन से अधिक कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया गया था। इस बार अभियान को और व्यापक स्वरूप दिया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए यमुना को स्वच्छ और जीवनदायिनी बनाया जा सके।
    • यमुना सफाई अभियान के तहत चिल्ला गांव घाट, निजामुद्दीन घाट, गांधी नगर घाट, पुराना लोहे पुल घाट, सिग्नेचर ब्रिज-वजीराबाद घाट, सोनिया विहार के विभिन्न घाट, निगम बोध घाट, यमुना बैंक, कालिंदी कुंज समेत 28 प्रमुख स्थलों पर एक साथ सफाई अभियान चलाया जाएगा। करीब 500 सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों भी इस अभियान में भागीदार होंगे।
    • इस दौरान दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट समेत दिल्ली सरकार के मंत्री अलग-अलग घाटों पर मौजूद रहकर अभियान का नेतृत्व करेंगे। नागरिकों को यह संकल्प भी दिलाया जाएगा कि वे पूजा सामग्री, प्लास्टिक, कचरा और अन्य अपशिष्ट यमुना में नहीं डालेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।