Tag: Asian Para Game

  • एशियन पैरा गेम्स: महिला से कथित दुर्व्यवहार के मामले में भारतीय खिलाड़ी पर कार्रवाई, जापान से भेजा वापस

    एशियन पैरा गेम्स: महिला से कथित दुर्व्यवहार के मामले में भारतीय खिलाड़ी पर कार्रवाई, जापान से भेजा वापस

      नागोया

    जापान में एशियन पैरा गेम्स के दौरान भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख गंभीर आरोपों में घिर गए हैं. 40 वर्षीय शेख पर एक महिला होटल कर्मचारी के यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं. शिकायत के बाद जापानी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और मंगलवार को भारत वापस भेज दिया. अब पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) उनके खिलाफ आजीवन बैन लगाने पर विचार कर रही है। 

    भारतीय दल के एक सूत्र के मुताबिक, कथित घटना सोमवार को उस होटल में हुई, जहां भारतीय पैरा स्विमिंग टीम ठहरी हुई थी. बताया गया है कि महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी शेख के कमरे में अपना काम कर रही थी, तभी कथित घटना हुई. इसके बाद शिकायत स्थानीय आयोजन समिति और भारतीय दल के अधिकारियों तक पहुंची. आयोजन समिति ने भी भारतीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। 

    शिकायत के बाद जापानी पुलिस ने शेख को हिरासत में लिया. इसके अगले दिन मंगलवार को उन्हें भारत भेज दिया गया. शेख को एशियन पैरा गेम्स में निर्धारित स्पर्धाओं में हिस्सा लेना था, लेकिन वह किसी भी इवेंट में उतरे बिना ही लौट गए। 

    PCI लगा सकता है आजीवन बैन
    इस मामले में PCI सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार कर रहा है. इसमें शेख पर आजीवन बैन लगाने का प्रस्ताव भी शामिल बताया जा रहा है. हालांकि, अभी इस संबंध में अंतिम फैसला नहीं हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, खेलों के बाद मामले की समीक्षा की जाएगी और उसके बाद औपचारिक निर्णय लिया जा सकता है। 

    कौन हैं मोहम्मद शम्स आलम शेख?
    बिहार के रहने वाले मोहम्मद शम्स आलम शेख भारतीय पैरा स्विमिंग के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं. वर्ल्ड पैरा स्विमिंग के रिकॉर्ड के मुताबिक, वह पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई S5 और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 कैटगरी में वर्ल्ड  नंबर-1 रैंकिंग हासिल कर चुके हैं। 

    शेख ने 2018 में जकार्ता में हुए एशियन पैरा गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. वहां उन्होंने 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीते थे. इसके अलावा, 2025 में रेक्याविक इंटरनेशनल गेम्स में उन्होंने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में गोल्ड जीता था और भारतीय तथा एशियाई रिकॉर्ड बनाए थे। 

    नागोया में हो रहे 2026 एशियन पैरा गेम्स में शेख लगातार तीसरी बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन आरोपों के बाद उन्हें प्रतियोगिता से लौटना पड़ा। 

  • Asian Para Games 2026: भारत ने तीसरे दिन जीते 3 स्वर्ण पदक, मेडल टैली में 48 पदकों के साथ पांचवें नंबर पर

    Asian Para Games 2026: भारत ने तीसरे दिन जीते 3 स्वर्ण पदक, मेडल टैली में 48 पदकों के साथ पांचवें नंबर पर

    नागोया
    जापान का नागोया शहर में खेले जा रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है. तीसरे दिन, 21 अक्टूबर को भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने तीन गोल्ड मेडल के साथ दिन की शानदार शुरुआत की. ये तीनों गोल्ड हाई जंप और शॉट पुट में आए। 

    इसके अलावा, आज भारतीय खिलाड़ी अब तक 13 मेडल पर मुहर लगा चुके हैं. जिसके साथ भारत के कुल मेडल की संख्या 48 हो गई है और वो मेडल टैली में 12 गोल्ड, 18 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज के साथ 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं. नीचे आज के दिन मेडल जीतने वालों के बारे में जानकारी दी गई है। 

    जैवलिन थ्रो में मिला सिल्वर मेडल
    मंजीत व्यास ने पुरुषों के जैवलिन थ्रो F13 इवेंट में सिल्वर मेडल जीता. उन्होंने 61.03 मीटर की दूरी तय करते हुए अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और पोडियम पर जगह बनाई. उन्होंने अपने चौथे प्रयास में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया. जापान के युता वाकोह ने 59.66 मीटर के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि उनके हमवतन केंटा वाकोह ने 58.60 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। 

    पॉवरलिफ्टर कस्तूरी राजमणि ने जीता सिल्वर
    कस्तूरी राजामणि ने महिलाओं के 67 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता. तमिलनाडु की रहने वाली कस्तूरी ने अपने तीसरे और अंतिम प्रयास में 108 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया. उन्होंने दक्षिण कोरिया की किम ह्योंगहुई को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 107 किलोग्राम वजन उठाया था. उज्बेकिस्तान की रुखशोना उक्तामोवा ने 127 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता. कस्तूरी 42 वर्ष की है और उनके दोनों पैरों में पोलियो है. उन्होंने बचपन में ही अपनी मां को खो दिया था और उनका पालन पोषण उनकी दादी ने किया था। 

    सचिन खिलारी ने जीत गोल्ड
    सचिन सरजेराव खिलारी ने पुरुषों के शॉट पुट एफ46 मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता. खास बात ये है कि इस इवेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने क्लीन स्वीप किया है. यानी कि तीनों मेडल भारत की झोली में गए. सचिन ने अपने छठे और अंतिम थ्रो में 15.87 मीटर फेंककर पहला स्थान हासिल किया और 15.67 मीटर के खेलों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया. इसके अलावा मोहम्मद यासर ने तीसरे प्रयास में 15.06 मीटर का थ्रो करके सिल्वर मेडल जीता, जबकि परवीन 14.94 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे. बात दें कि सचिन ने पेरिस पैरालंपिक में सिल्वर और पिछले एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था. एफ46 श्रेणी उन एथलीटों के लिए है जिनका कोहनी के ऊपर या नीचे एक हाथ कटा होता है, या वे ऊपरी अंग से दिव्यांग होते हैं। 

    प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड
    प्रवीण कुमार ने पुरुषों को हाई जंप टी44/64 मुकाबले में खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता. जबकि बंटी ने इसी मुकबलें में सिल्वर मेडल हासिल किया. प्रवीण ने 2.05 मीटर की कूद लगाकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि बंटी 1.92 मीटर की कूद के साथ दूसरे स्थान पर रहे. उज्बेकिस्तान के तेमुरबेक गियाजोव 1.86 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 

    आयुष वर्मा ने जीता गोल्ड
    आयुष वर्मा ने पुरुषों की शॉट पुट एफ53 मुकाबले में गोल्ड मेडल जीतकर अपने खाते में दूसरा पदक जोड़ा. आयुष ने अपने पांचवें प्रयास में 8.16 मीटर का थ्रो करके पहला स्थान हासिल किया. ईरान के अलीरेजा हेमामी 8.09 मीटर के साथ दूसरे, जबकि कजाकिस्तान के मखाम्बेट सेरिक्कालियेव 6.81 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे. आयुष ने इससे पहले मंगलवार को पुरुषों की भाला फेंक एफ53/एफ54 मुकाबले में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। 

    शीतल देवी और पायल की जोड़ी ने सिल्वर मेडल जीता
    शीतल देवी और पायल नाग की भारतीय महिला युगल जोड़ी महिवला कंपाउंड तीरंदाजी डबल के फाइनल में हारने के कारण सिल्वर मेडल हासिल किया. उन्हें फाइनल में चीन की जोड़ी से 141-150 से हार का सामना करना पड़ा. खास बात ये है कि शीतल ने इस मुकाबले में लगातार दूसरा सिल्वर मेडल जीता है. पिछले एशियाई पैरा खेलों में उन्होंने सरिता देवी के साथ जोड़ी बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया था. व्यक्तिगत स्पर्धा में भी वह स्वर्ण पदक की दावेदार हैं। 

    भाग्यश्री जाधव ने जीता सिल्वर
    भाग्यश्री जाधव ने महिलाओं के शॉट पुट F34 इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है. भारतीय एथलीट ने अपने तीसरे प्रयास में 8.19 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया. वह चीन की जू लिजुआन के बाद दूसरे स्थान पर रहीं, जिन्होंने 9.07 मीटर के गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता। 

    राकेशभाई भट्ट को ब्रॉन्ज मेडल
    राकेशभाई भट्ट ने पुरुषों की 100 मीटर T37 मुकबाले में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. भारतीय स्प्रिंटर ने 11.50 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और साथ ही अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (पर्सनल बेस्ट) भी दर्ज किया। 

    अनुभव चौधरी को ब्रॉन्ज मेडल
    अनुभव चौधरी ने पुरुषों की 100 मीटर T35 मुकबाले के फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. भारतीय एथलीट ने 12.72 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और साथ ही अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (पर्सनल बेस्ट) भी दर्ज किया। 

  • Asian Para Games: भारत को मिले दो गोल्ड और सिल्वर, प्रवीण कुमार के गेम्स रिकॉर्ड से चमका देश का नाम

    Asian Para Games: भारत को मिले दो गोल्ड और सिल्वर, प्रवीण कुमार के गेम्स रिकॉर्ड से चमका देश का नाम

     नागोया (जापान)

    एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. बुधवार को प्रवीण कुमार ने पुरुषों की हाई जंप T44/64 स्पर्धा में गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि इसी इवेंट में बंटी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. वहीं, आयुष वर्मा ने पुरुषों की शॉट पुट F53 स्पर्धा में गोल्ड जीतकर भारत की पदक तालिका में एक और स्वर्ण पदक जोड़ दिया। 

    प्रवीण का गेम्स रिकॉर्ड, हाई जंप में भारत का 1-2
    भारत के प्रवीण कुमार ने पुरुषों की हाई जंप T44/64 स्पर्धा में 2.05 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इस दौरान उन्होंने गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया. भारत के ही बंटी ने 1.92 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता. बंटी का यह व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। 

    उज्बेकिस्तान के तेमुरबेक गियाजोव 1.86 मीटर की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर रहे. इस तरह हाई जंप स्पर्धा में भारत ने गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल जीतकर शानदार 1-2 फिनिश दर्ज की। 

    T44 और T64 कैटेगरी के खिलाड़ी अक्सर संयुक्त स्पर्धा में हिस्सा लेते हैं. T64 कैटेगरी में निचले अंग में कृत्रिम पैर का इस्तेमाल करने वाले खिलाड़ी शामिल होते हैं. वहीं, T44 कैटेगरी में निचले अंगों में दिव्यांगता वाले ऐसे खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं, जो बिना कृत्रिम अंग के अपने प्राकृतिक पैरों का इस्तेमाल करते हैं। 

    आयुष वर्मा ने शॉट पुट में जीता गोल्ड
    भारत के आयुष वर्मा ने पुरुषों की शॉट पुट F53 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. आयुष ने अपने पांचवें प्रयास में 8.16 मीटर का थ्रो करके पहला स्थान हासिल किया। 

    ईरान के अलीरेजा हेमामी ने 8.09 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कजाखस्तान के मखाम्बेट सेरिक्कलियेव 6.81 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 

    आयुष का इन खेलों में यह दूसरा पदक है. उन्होंने इससे पहले मंगलवार को पुरुषों की जैवलिन थ्रो F53/F54 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. इस तरह आयुष ने अब तक एक गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है। 

    F53 कैटेगरी में ऐसे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जिनके धड़ और पैरों की गतिविधियां काफी हद तक प्रभावित होती हैं, जबकि हाथों की पकड़ अपेक्षाकृत कम प्रभावित होती है. इस कैटेगरी के खिलाड़ी बैठकर थ्रो करते हैं और छाती, पीठ के ऊपरी हिस्से तथा कंधों की ताकत के सहारे प्रदर्शन करते हैं। 

    भारतीय खिलाड़ियों के इन प्रदर्शनों ने एशियन पैरा गेम्स में देश के अभियान को मजबूती दी है. प्रवीण का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन, हाई जंप में भारत का गोल्ड-सिल्वर और आयुष का दूसरा पदक इस दिन की प्रमुख उपलब्धियां रहीं।