Tag: Air Show

  • नमो घाट एयर शो के चलते वाराणसी में नॉनवेज दुकानें रहेंगी बंद, बर्ड हिट से लड़ाकू विमानों को बचाने की तैयारी

    नमो घाट एयर शो के चलते वाराणसी में नॉनवेज दुकानें रहेंगी बंद, बर्ड हिट से लड़ाकू विमानों को बचाने की तैयारी

    वाराणसी
    वाराणसी नगर निगम ने भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ पर नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल के 30 किलोमीटर के दायरे में मीट, मांस और मछली की बिक्री पर रोक लगा दी है. यह रोक 19 से 26 अक्टूबर तक लागू रहेगी. लड़ाकू विमानों को 'बर्ड हिट' के खतरे से बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है. राज्य सरकार द्वारा 'स्टेट इवेंट' घोषित इस कार्यक्रम में 22, 23 और 25 अक्टूबर को मुख्य एयर शो होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे. पशु चिकित्सा अधिकारी और नगर निगम टीमों को दुकानें बंद कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। 

    लड़ाकू विमानों की सुरक्षा के लिए फैसला
    नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि उड़ने वाले लड़ाकू विमानों की सुरक्षा के दृष्टिगत बर्ड हिट की आशंका को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया है. संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे दुकानदारों को नोटिस जारी करें और व्यक्तिगत रूप से जाकर दुकानें न खोलने की सख्त हिदायत दें. 26 अक्टूबर को स्टैंडबाय दिन रखा गया है। 

    नमो घाट पर 20 लाख लोगों के आने का अनुमान

    इस ऐतिहासिक एरियल डिस्प्ले-2026 को देखने के लिए गंगा घाटों पर लगभग 20 लाख दर्शकों के जुटने की उम्मीद है. इतनी बड़ी भीड़ और जल सुरक्षा को देखते हुए गंगा के गहरे पानी वाले क्षेत्रों में प्रभावी बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं. दर्शकों को अनियंत्रित होकर गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए संवेदनशील रास्तों पर बैरियर भी लगाए जाएंगे। 

    स्वच्छता और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
    कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए 20 से 26 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. इसके अलावा श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए जा रहे हैं. आवारा पशुओं पर नियंत्रण और मोबाइल टावर की व्यवस्था भी नगर निगम द्वारा की जा रही है। 

     

  • नमो घाट पर दिखेगा वायुसेना का शानदार एयर शो, CM योगी ने परखी तैयारियां; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    नमो घाट पर दिखेगा वायुसेना का शानदार एयर शो, CM योगी ने परखी तैयारियां; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    काशी के नभ में गूंजेगा वायुसेना का शौर्य: नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक एयर शो

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परखीं तैयारियां, सेक्टरवार तैनात होंगे मैजिस्ट्रेट व पुलिस बल

    25 अक्टूबर के मुख्य समारोह में पीएम मोदी और रक्षा मंत्री के शामिल होने की संभावना

    भीड़ व यातायात प्रबंधन की बने एकीकृत कार्ययोजना, मॉकड्रिल कराने के निर्देश

    काशी
    देवाधिदेव महादेव की पावन नगरी काशी भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और सामर्थ्य की साक्षी बनने जा रही है। गंगा की अविरल धारा के किनारे बसी काशी में जब आसमान भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना से गूंजेगा, तो यह दृश्य देश के सामरिक सामर्थ्य और काशी की सनातन सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। वाराणसी के नमो घाट पर आगामी 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित भव्य एयर शो की तैयारियों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की। 25 अक्टूबर को प्रस्तावित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की गरिमामयी उपस्थिति संभावित है।

    समीक्षा बैठक में भारतीय वायुसेना के अधिकारियों, वाराणसी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष एयर शो की तैयारियों और संपूर्ण कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर दर्शक दीर्घाओं, ग्रैंड स्टैंड, विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित क्षेत्र, मीडिया एरीना, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा जांच केंद्र तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। नमो घाट के साथ गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों को जोन और सेक्टर में विभाजित कर व्यवस्थित प्रबंधन की कार्ययोजना से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस एयर शो को लेकर आम नागरिकों में भी उत्सुकता है और बड़ी संख्या में लोग भारतीय वायुसेना के प्रदर्शन को देखने के लिए पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट, सुगम यातायात, पार्किंग और जोनवार स्थल चिन्हांकन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। दर्शकों के आवागमन के मार्ग स्पष्ट और सुगम हों तथा प्रत्येक क्षेत्र में पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध रहें। उन्होंने प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ प्रत्येक सेक्टर के लिए मैजिस्ट्रेट की सुनियोजित तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन के दौरान नमो घाट के साथ काशी के प्रमुख घाटों और आसपास के क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में घाटों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग तथा जल और थल मार्ग से आवागमन की व्यवस्थाओं को एकीकृत कार्ययोजना के साथ संचालित किया जाए। संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास भी कराया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सभी संबंधित टीमें तत्काल समन्वित कार्रवाई कर सकें।

    मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एयर शो के दौरान आसपास के जनपदों से आने वाले लोगों की आवाजाही को देखते हुए आवश्यक मानव संसाधन और अन्य व्यवस्थाओं का समुचित समन्वय किया जाए। भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करें, ताकि काशी आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

  • चंडीगढ़ के आसमान में दमदार प्रदर्शन: वायुसेना के एयर शो में दिखा सुखोई-राफेल का जलवा

    चंडीगढ़ के आसमान में दमदार प्रदर्शन: वायुसेना के एयर शो में दिखा सुखोई-राफेल का जलवा

    चंडीगढ़.

    भारतीय वायु सेना द्वारा आयोजित दो-दिवसीय एयर शो (जो 27 और 28 मार्च के लिए निर्धारित है) आज चंडीगढ़ की सुखना लेक पर शुरू हो गया है। 'सूर्य किरण' एरोबैटिक टीम इस समय झील के ऊपर शानदार हवाई प्रदर्शन कर रही है। इस कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को देखते हुए, सुखना झील को 26 मार्च से लेकर 28 मार्च की दोपहर तक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है।

    सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात के सुचारू प्रवाह को बनाए रखने के लिए, शहर भर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। यातायात पुलिस ने इन उपायों के संबंध में एक एडवाइजरी जारी की है। दोनों ही दिन, सुखना झील के आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, दर्शकों की सुविधा के लिए, एक शटल बस सेवा उपलब्ध कराई गई है। आगंतुकों को निर्धारित पिकअप पॉइंट्स पर पहुंचने और इन शटल बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक जाने की आवश्यकता है।

    एयर शो की तैयारी :
    चंडीगढ़ डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने कहा कि शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक पर असर पड़ेगा, इसलिए लोगों को पहले से प्लान करके निकलने की सलाह दी गई है. एयर शो की तैयारियों को देखते हुए 26 मार्च से ही सुखना लेक को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है. ये पाबंदी 28 मार्च दोपहर 1:30 बजे तक जारी रहेगी.

    1300 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात :
    एसएसपी कंवरदीप कौर के अनुसार, सुरक्षा के लिए करीब 1300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है, जिसका पालन करने की अपील की गई है. साथ ही फायर सेफ्टी के भी पूरे इंतजाम किए गए हैं. लेक और आसपास के इलाकों में खास नजर रखी जाएगी ताकि भीड़ को सही तरीके से संभाला जा सके. शहर को 7 जोन में बांटा गया : भीड़ और ट्रैफिक को संभालने के लिए शहर को 7 हिस्सों में बांटा गया है. अलग-अलग जगहों से लोगों को पिक-अप और ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी. करीब 300 बसें लोगों को लेक तक पहुंचाने के लिए चलेंगी.

    बिना टिकट एंट्री नहीं :
    एयर शो देखने के लिए पहले से टिकट लेना जरूरी है. टिकट बुक करते समय लोगों को अपना पिकअप पॉइंट चुनना होगा और उसी के हिसाब से उन्हें एंट्री मिलेगी.

    पहले से निकलें, रूट चेक करें :
    प्रशासन का कहना है कि अगर आप एयर शो देखने जा रहे हैं, तो समय से पहले घर से निकलें और ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें, ताकि रास्ते में परेशानी ना हो.

    क्या ले जा सकते हैं, क्या नहीं :

    1. 6 साल से कम उम्र के बच्चों को एंट्री नहीं होगी
    2. सिर्फ पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति है
    3. बैग और खाने-पीने का सामान ले जाना मना है
    4. एंट्री केवल रिस्ट बैंड के जरिए ही मिलेगी