Category: खेल

  • टॉप ऑर्डर ध्वस्त—सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे आउट, मुश्किल हालात में भारत

    टॉप ऑर्डर ध्वस्त—सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे आउट, मुश्किल हालात में भारत

    नई दिल्ली
    इंडिया वर्सेस पाकिस्तान अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 सुपर-6 का 12वां मैच क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया है। वैभव सूर्यवंसी और आरोन जॉर्ज ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। टीम इंडिया को पहला झटका वैभव सूर्यवंशी के रूप में लगा जो 30 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान आयुष म्हात्रे खाता भी नहीं खोल पाए। अब आरोन जॉर्ज का साथ देने वेदांत त्रिवेदी आए हैं। बता दें, दोनों टीमों में एक-एक बदलाव हुआ है। सेमीफाइनल में जगह बनाने का यह दोनों टीमों के पास आखिरी मौका है। भारत के पास पाकिस्तान से एशिया कप फाइनल में मिली हार का हिसाब चुकता करने का सुनहरा मौका है। भारतीय टीम ने जारी टूर्नामेंट में अपने सभी मुकाबले जीते हैं। वहीं पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना मुकाबला गंवाया था। विश्व कप में भारत का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। टीम ने अमेरिका पर 6 विकेट से जीत दर्ज कर अपने अभियान की शुरुआत की थी और फिर बांग्लादेश, न्यूजीलैंड की टीमों को शिकस्त दी। अपने पहले सुपर सिक्स मैच में मेजबान जिम्बाब्वे को 204 रनों से हराया था।

    भारत के 50 रन पूरे
    लगातार तीन विकेट खोने के बाद टीम इंडिया के 50 रन पूरे हो गए हैं। विहान मल्होत्रा के साथ वेदांत त्रिवेदी क्रीज पर मौजूद हैं।

    47 रन पर भारत ने खोए बैक टू बैक तीन विकेट
    टीम इंडिया को ये क्या हुआ! वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर आयुष म्हात्रे आउट हुए। वहीं 9वें ओवर की पहली गेंद पर आरोन जॉर्ज भी पवेलियन लौटे।

  • दिल्ली की मुंबई पर बढ़त, जुरैल की यूपी को मिली हार, ओडिशा मजबूत स्थिति में

    दिल्ली की मुंबई पर बढ़त, जुरैल की यूपी को मिली हार, ओडिशा मजबूत स्थिति में

    नई दिल्ली
    रणजी ट्रॉफी 2025-26 के ग्रुप-स्टेज का आज अंतिम दिन है, जहां कई टीमों की किस्मत का फैसला होना है। बंगाल और मुंबई जैसी टीमें पहले ही नॉकआउट के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं, जबकि सौराष्ट्र ने चंडीगढ़ को पारी से हराकर अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। आज की मुख्य नजरें विदर्भ और पुडुचेरी जैसे नजदीकी मुकाबलों पर रहेंगी, जहां रोमांचक जीत की उम्मीद है। ध्रुव जुरैल, लोकेश राहुल, मोहम्मद शमी, देवदत्त पडिकल जैसे बड़े खिलाड़ी आज के मैच में आकर्षण का केंद्र हो सकते हैं। बने रहिए हमारे साथ लाइव अपडेट के लिए।

    दिल्ली ने मुंबई के खिलाफ बनाई बड़ी बढ़त, ये टीमें भी आगे
    दिल्ली की टीम मुंबई के खिलाफ 242 रनों की बढ़त के साथ काफी मजबूत स्थिति में है। झारखंड को ओडिशा के खिलाफ जीत के लिए अभी 171 रनों की दरकार है, जबकि रेलवे की टीम सर्विसेज के विरुद्ध 140 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही है। पंजाब कर्नाटक के खिलाफ 209 रनों की बढ़त के साथ खेल रहा है और गुजरात ने त्रिपुरा पर 87 रनों की बढ़त बना ली है। इसी बीच, हनुमा विहारी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जबकि उनकी टीम आंध्र प्रदेश के खिलाफ नागालैंड अभी 36 रनों से आगे है।

  • जयसूर्या का नया सफर: श्रीलंका से रिटायर होकर USA टीम जॉइन, T20 वर्ल्ड कप में करेंगे कमाल

    जयसूर्या का नया सफर: श्रीलंका से रिटायर होकर USA टीम जॉइन, T20 वर्ल्ड कप में करेंगे कमाल

       नई दिल्ली
      टी20 वर्ल्ड कप 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. 7 फरवरी से इसका आगाज होगा और 8 मार्च को फाइनल खेला जाएगा. इसी बीच शुक्रवार (30 जनवरी) को अमेरिका (USA) ने अपनी टीम का ऐलान किया. 

    इस टीम में 9 तो भारतीय मूल के क्रिकेटर थे. टीम की कप्तानी ही मोनांक पटेल कर रहे हैं, जो गुजरात के आणंद में पैदा हुए. वो इससे पहले साल 2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम की कमान संभाल चुके हैं. मोनांक पटेल, शुभम रंजन, जेसी सिंह, मिलिंद कुमार,  साईतेजा मुक्कामाला , संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्तुष केंजीगे, सौरभ नेत्रवलकर इन सभी की मूल जड़े भारत से जुड़ी हुई हैं. वहीं टीम में   पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी 3 ख‍िलाड़ी शायन जहांगीर , अली खान, मोहम्मद मोहसिन हैं. 

    कौन हैं शेहान जयसूर्या 
    वहीं इस टीम में श्रीलंका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके शेहान जयसूर्या भी हैं. 8 जनवरी 2021 को जयसूर्या ने श्रीलंका में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की. जून 2021 में खिलाड़ियों के ड्राफ्ट के बाद उन्हें संयुक्त राज्य अमेरिका में माइनर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए चुना गया था. 2023 में वह मेजर लीग क्रिकेट के उद्घाटन सत्र के लिए सिएटल ऑर्कास में शामिल हुए और अब वो अमेरिका की टीम में चुने गए हैं. 34 साल के शेहान श्रीलंका के लिए 12 वनडे (195 रन, 3 विकेट) और 18 टी20 इंटरनेशनल (241 रन, 3 विकेट) मैच 2015 से 2020 के बीच खेले. 

    शेहान की बात की जाए तो उनका जन्म 12 स‍ितंबर 1991 को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में हुआ था. वो 89 फर्स्ट क्लास मैचों में 6072 रन भी बना चुके है और यहां उनके नाम 200 विकेट भी हैं. 140 ल‍िस्ट ए में उनके नाम 4432 रन और 116 विकेट हैं. वहीं वो 92 टी20 मैचों में 1840 रन और 53 विकेट झटक चुके हैं. 

         वहीं अमेरिका की इस टीम में एंड्रीज गौस और शैडली वैन शल्कविक भी हैं, जो साउथ अफ्रीकी मूल के हैं. कल म‍िलाकर  अमेर‍िका की इस टी20 वर्ल्ड कप वाली टीम में 9 भारतीय मूल के, 3 पाकिस्तानी मूल के और 1 श्रीलंका के मूल और 2 साउथ अफ्रीकी मूल के ख‍िलाड़ी हैं. 

    USA T20 वर्ल्ड कप 2026 का स्क्वॉड: मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह (उप-कप्तान), एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर , साईतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्तुष केंजीगे, शैडली वैन शल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजन

    टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए USA का ग्रुप स्टेज शेड्यूल 
    7  फरवरी 2026: भारत vs USA, मुंबई
    10 फरवरी 2026: पाकिस्तान vs USA, कोलंबो
    13 फरवरी 2026: नीदरलैंड्स vs USA, चेन्नई
    15 फरवरी 2026: न्यूजीलैंड vs USA, चेन्नई

     

  • सीरीज का क्लाइमेक्स मैच: सैमसन की लय और अक्षर की सेहत तय करेगी भारत की रणनीति

    सीरीज का क्लाइमेक्स मैच: सैमसन की लय और अक्षर की सेहत तय करेगी भारत की रणनीति

    तिरुवनंतपुरम
    खिताब का प्रबल दावेदार भारत टी20 विश्व कप से पहले शनिवार को यहां जब न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने के लिए उतरेगा तो उसे उम्मीद रहेगी कि संजू सैमसन अपने घरेलू दर्शकों के सामने फॉर्म में वापसी करने और अक्षर पटेल फिटनेस हासिल करने में सफल रहेंगे।

    विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया तथा ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। भारत यह मैच हार गया था लेकिन इससे श्रृंखला के परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि भारतीय टीम पहले ही इसे अपने नाम कर चुकी थी।

    जैसा कि श्रृंखला के पिछले मैचों में देखा गया, भारत अपने गेंदबाजी विभाग में एक बार फिर फेरबदल कर सकता है। भारतीय टीम प्रबंधन पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है।

    बल्लेबाजी विभाग में शायद ज्यादा बदलाव न हों, लेकिन टीम प्रबंधन सैमसन पर नजर रखेगा। अपनी निर्भीक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सैमसन इस श्रृंखला में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उनकी फॉर्म के बजाय उनकी तकनीकी कमजोरी चिंता का विषय है जिससे उनका आत्मविश्वास भी डगमगा गया है। वह सात फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे।

    सैमसन अब अपनी गृह नगर में खेलेंगे और यहां के अपने समर्थकों के सामने शायद वह अपनी खोई हुई लय को फिर से प्राप्त कर लें। टीम के आगमन के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा साझा किए गए एक वीडियो से यह स्पष्ट हो गया कि वह देश के इस हिस्से में सुपरस्टार हैं।

    कप्तान सूर्यकुमार यादव को हवाई अड्डे के निकास द्वार पर अपने ‘चेट्टा’ (बड़े भाई) के लिए मजाक में रास्ता साफ करते हुए देखा गया, जहां सैकड़ों प्रशंसक सैमसन और उनके साथियों की एक झलक पाने के लिए कतार में खड़े थे।

    ईशान किशन के रूप में भारतीय टीम के पास सैमसन का मजबूत विकल्प मौजूद है। उन्होंने इस श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अज्ञात चोट के कारण पिछले मैच से बाहर बैठना पड़ा था।

    ऑलराउंडर अक्षर भी नागपुर में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उंगली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी।

    भारत टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच सात फरवरी को मुंबई में खेलेगा और वह उससे पहले जीत हासिल करना चाहेगा। इस तरह से देखा जाए तो भारत इस मैच को औपचारिकता नहीं मानेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत से शैली, ताकत और गहराई से भरपूर टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ेगा।

    न्यूजीलैंड की टीम बिल्कुल यह नहीं चाहेगी कि ऐसा हो। उसकी टीम पहले तीन मैचों में वे भारत के आक्रामक रवैये के सामने बेबस नजर आई, लेकिन विशाखापत्तनम में उन्होंने भारत के प्रमुख बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में कामयाबी हासिल की।

    अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव को आउट करने के बाद, न्यूजीलैंड के गेंदबाज शिवम दुबे की तूफानी बल्लेबाजी के बावजूद बाकी बल्लेबाजों को रोकने में सफल रहे। अब उन्हें पता चल गया है कि यह भारतीय टीम अजेय नहीं है और 3-2 का अंतर उन्हें आगामी बड़े मुकाबलों से पहले मानसिक रूप से मजबूत करेगा।

    ग्रीनफील्ड स्टेडियम में ढेरों रन बनते रहे हैं। भारत ने यहां खेले गए अपने चार टी20 मैचों में से तीन जीते हैं, जिसमें 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता गया एक मैच भी शामिल है। लेकिन जैसा कि कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, कीवी टीम अब जानती है कि भारत को हराने के लिए क्या करना जरूरी है। ऐसे में यहां एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।

    सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट के टीम में शामिल होने से न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को काफी मजबूती मिली है। न्यूजीलैंड की टीम हालांकि गेंदबाजी में सुधार की उम्मीद कर रही होगी। उसके प्रमुख तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन टीम में शामिल है लेकिन वह अंतिम एकादश में जगह बना पाते हैं या नहीं, यह उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।

    टीम इस प्रकार हैं:
    भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।

    न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), जैकब डफी, जैक फाक्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन।

    मैच शाम सात बजे शुरू होगा।