धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने की तैयारी, बिचौलियों पर नजर रखेंगे 5 चेकपोस्ट

बीजापुर.
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले प्रशासन ने किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है. 15 नवंबर से शुरू होने वाली खरीदी 15 जनवरी 2027 तक चलेगी. जिले के 31 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
इस वर्ष 18 हजार 641 पंजीकृत किसान अपने 36 हजार 389.55 हेक्टेयर रकबे की उपज बेच सकेंगे. किसानों के लिए प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान विक्रय की सीमा निर्धारित की गई है. कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. टोकन के लिए किसानों को केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, वे ‘तुम्हर टोकन’ मोबाइल एप से घर बैठे ऑनलाइन टोकन ले सकेंगे.
वहीं अवैध धान परिवहन और भंडारण रोकने के लिए तीमेड, तारलगुड़ा, पामेड़, नेलसनार और बीजापुर में पांच चेकपोस्ट बनाए गए हैं. इसके अलावा सभी सात तहसीलों में उड़नदस्ता दल तैनात रहेंगे, जो अवैध परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे. प्रशासन ने केंद्रों पर बारदाने, पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि खरीदी पारदर्शी रहे और स्थानीय किसानों के हक पर कोई दूसरा कब्जा न कर सके.



